तलवारनुमा चाकू से लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लहराकर आम नागरिकों के बीच दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से एक खतरनाक तलवारनुमा चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कारी तालाब के पास एक युवक हाथ में तलवारनुमा हथियार लेकर आम रास्ते पर घूम रहा है। वह राहगीरों को धमकाकर इलाके में भय का माहौल पैदा कर रहा था।
सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक की एक विशेष टीम तुरंत हरकत में आई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस बल ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
वैध दस्तावेज नहीं कर सका पेश
पकड़े गए युवक से जब हथियार के संबंध में लाइसेंस या वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहा।
पछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हर्ष साहू उर्फ समीर (उम्र 20 वर्ष), पिता जगदीश साहू, निवासी- चंगोराभाठा, अमर पब्लिक स्कूल के पास (थाना डीडी नगर क्षेत्र, रायपुर) के रूप में बताई है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से तलवारनुमा चाकू को विधिवत जप्त कर लिया है। थाना आजाद चौक में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 267/26 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि आम जनजीवन को प्रभावित करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *