लोक जगत, रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से बैटरियां चुराने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी थाना तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके कब्जे से चोरी की गई बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए आंकी गई है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आजाद चौक थाने में एक वाहन चालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अक्तूबर 2026 को उसके दो ई-रिक्शों (क्रमांक- CG 04 PC 2368 और CG 04 PJ 9147) से अज्ञात चोरों ने कुल 4 बैटरियां पार कर दी हैं। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू कर दी थी।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से खुला राज…
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने खुफिया तंत्र (मुखबिरों) को सक्रिय किया।
तकनीकी साक्ष्यों और लोकल इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस का शक तेलीबांधा के हिस्ट्रीशीटर राजा मेघानी पर गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जब्ती और कार्रवाई…
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक्साइड कंपनी की 4 चोरीशुदा बैटरियां और वारदात में उपयोग किया गया ई-रिक्शा (क्रमांक- CG 04 PF 8961) बरामद कर लिया है।
0 गिरफ्तार आरोपी का विवरण: राजा मेघानी (उम्र 38 वर्ष), पिता – मोहनलाल मेघानी, निवासी – काशीराम नगर, धोबी गली, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







Leave a Reply