पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान, कल सिर्फ़ एक दिन का ब्रेक है, हम आगे निर्देशानुसार काम करेंगे…

लोक जगत, रायपुर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास पर चाय पर हुई बैठक में शामिल होने के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “राहुल गांधी ने पहले ही सब कुछ कह दिया है। कल सिर्फ़ एक दिन का ब्रेक है। हम आगे के निर्देशों के अनुसार काम करेंगे।”
जानते चलें कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के 30 से ज्यादा विधायक इन दिनों नई दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। सभी विधायकों ने कल नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में दिल्ली प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया। कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने बताया कि अभी पार्टी का निर्देश है अत: नईदिल्ली में ही तीन चार दिन रहने की योजना है। कल सिर्फ़ एक दिन का ब्रेक है। हम आगे के निर्देशों के अनुसार काम करेंगे।”

दूसरी ओर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए जारी आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं, विपक्षी सांसदों, छात्र संगठनों और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों को चाय पर चर्चा के लिए अपने आवास पर बुलाया। इस बैठक में तमाम नेताओं का आना शुरू हो चुका है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी के आवास पर इंडिया ब्लॉक की बैठक के बाद कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन सफल रहा है और दिल्ली में पहली बार बड़ी संख्या में लोग जुटे। इसके बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा।
वहीं, राहुल गांधी ने कहा, ”हम यहां एकजुट होकर खड़े हैं। यह अलग-अलग नहीं, एक ही आंदोलन है। यह लोकतंत्र को फिर से बहाल करने वाला आंदोलन है। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही हमारा लक्ष्य है। इस देश में लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया को बर्बाद कर दिया गया है।”
राहुल गांधी ने साधा मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार पर निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ”जिन लोगों ने ऐसा किया है, जिनमें इसके मुख्य सूत्रधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इसे लागू करने वाले अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और अन्य लोग शामिल हैं, उन्हें समझना चाहिए कि अब उनके चारों ओर घेरा कसता जा रहा है। ऐसा नहीं हो सकता कि आप भारतीय संविधान को नष्ट कर दें और बचकर निकल जाएं”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *