रायपुर के उरला इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग, टला बड़ा हादसा…

लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र उरला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। यहाँ स्थित पोरवाल टार प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट) में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग का यह मंजर इतना डरावना था कि आसमान में कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का घना गुबार और तेज लपटें दिखाई दीं, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

टार लीक होने से फैली आग…
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना कारखाने के अंदर टार के रिसाव (Leakage) के कारण शुरू हुई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान या गंभीर रूप से घायल होने की कोई आधिकारिक खबर सामने नहीं आई है।

दमकल और पुलिस की तत्परता से पाया गया काबू…
जानकारी मिलते उरला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया, जिससे एक बड़ा संकट टल गया।
पुलिस बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया था। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह काबू में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल
क्षेत्र के स्थानीय रहवासियों और जानकारों का कहना है कि इसी प्लांट में कुछ ही महीनों के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। इस बार-बार होने वाले हादसों ने यहाँ के औद्योगिक सुरक्षा और नियमों के पालन पर गहरे सवालिया निशान लगा दिए हैं। फिलहाल, प्रशासन और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है, ताकि आग लगने के असली कारणों और सुरक्षा मानकों में हुई चूकों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *