लोक जगत, रायपुर। शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन को लेकर यातायात पुलिस ने 4 और 5 नवंबर को विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी (यातायात) डॉ. अर्चना झा के नेतृत्व में चलाई गई इस मुहिम के तहत तेलीबांधा, भाटागांव, टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और पंडरी सहित प्रमुख क्षेत्रों में चेकिंग पॉइंट बनाए गए थे।

दो दिवसीय इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। पूर्व में की गई कार्यवाहियों को मिलाकर अब तक कुल 392 वाहनों पर गाज गिर चुकी है।
कार्रवाई के प्रमुख बिंदु
0 नाबालिग चालकों पर सख्ती: बिना वैध लाइसेंस गाड़ी लेकर स्कूल आने वाले नाबालिग छात्रों पर कार्रवाई की गई और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
0 ओवरलोडिंग पर लगाम: क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाने वाले ऑटो व वैन चालकों को हिदायत देते हुए उन पर जुर्माना लगाया गया।

0 सुरक्षा मानकों का निरीक्षण: स्कूल बसों में सीसीटीवी, अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के साथ-साथ फिटनेस, परमिट, बीमा और पीयूसी जैसे दस्तावेजों की बारीकी से जांच हुई।
0 स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन: चालकों और परिचालकों के लाइसेंस तथा पुलिस सत्यापन को परखा गया। साथ ही रैश ड्राइविंग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
0 स्कूल प्रबंधन को निर्देश: पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधकों से मिलकर वाहनों की नियमित निगरानी करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली वाहनों की यह चेकिंग आगे भी निरंतर जारी रहेगी।







Leave a Reply