रायगढ़ : जिले के खरसिया इलाके छाल रोड़ के भालूनारा के करीब तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे विद्युत मंडल के 2 जूनियर इंजीनियर सहित 4 लोगों की मौत हो गई। घटना बुधवार की रात की है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पिकअब सवाल विद्युत विभाग के कर्मियों को करीब 3 घंटे तक किसी तरह की मदद नहीं मिल पाई और वे पिकअप में ही फंसे रह गए, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि छाल में बेरहामार और देहजरी इलाके में हाथियों की आवाजाही की सूचना पर बिजली सप्लाई बंद की गई थी। देर रात सप्लाई को बहाल कर चंद्रपुर निवासी जेई सुशील सिदार (42), कोरबा निवासी जेई अमल एक्का 30 वर्ष, परस्कोल, खरसिया निवासी लाइनमैन राजेंद्र सिदार (43) और पुरानी बस्ती खरसिया निवासी चालक भार्गव वैष्णव (28) पिकअप से लौट रहे थे। विद्युत अमला रात करीब 9.30 बजे छाल रोड के भालूनारा के नजदीक पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नई पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे क बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। करीब 3 घंटे बाद रात 12.30 बजे घटना का पता चला। इसके बाद किसी तरह पिकअप सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
Adv