बड़ी खबर

Mahasamund

  • प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृ स्वास्थ्य को मिला संबल...

    05-Mar-2026

     

    महासमुंद। केंद्र सरकार द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जिले में महिलाओं के लिए एक सहारा साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण, स्वास्थ्य जांच और देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह योजना देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित करना है।
     
    महासमुंद जिले में इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में अब तक 4928 हितग्राही नामांकित हैं। योजना के अंतर्गत प्रथम संतान के लिए 3914 महिलाओं को प्रथम किस्त की राशि प्रदान की जा चुकी है, जबकि 3532 महिलाओं को द्वितीय किस्त का भुगतान भी किया गया है। इसके साथ ही योजना के प्रावधानों के अनुसार द्वितीय बालिका के जन्म पर 812 महिलाओं को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना अंतर्गत पंजीयन के बाद गर्भावस्था के सातवें माह में 3000 रुपए और प्रसव के बाद साढ़े तीन माह बाद बच्चे को टीका लगने के पश्चात 2000 रुपए प्रदान किए जाते हैं। वहीं डिलीवरी में यदि बालिका जन्म लेती है, तो माताओं को 6000 रुपए की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाती है, एक पहल जो बेटियों के जन्म को सम्मान और सुरक्षा देती है।
     
    जिले में योजना अंतर्गत इस वर्ष प्रथम संतान के लिए जारी प्रथम किस्त की भुगतान राशि से 3914 महिला हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इस क्रम में महासमुंद शहरी क्षेत्र की 292 महिला हितग्राही, महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र की 822 हितग्राही, बागबाहरा विकासखण्ड की 860 हितग्राही, पिथौरा विकासखण्ड की 579 हितग्राही, बसना विकासखण्ड की 764 हितग्राही तथा सरायपाली विकासखण्ड की 597 महिला हितग्राहियों को प्रथम किस्त की राशि प्रदान की गई है। इसी तरह योजना अंतर्गत द्वितीय किस्त के भुगतान से 3532 महिला हितग्राही लाभान्वित हुई हैं। इसमें महासमुंद शहरी क्षेत्र की 214 महिला हितग्राही, महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र की 615 हितग्राही, बागबाहरा विकासखण्ड की 796 हितग्राही, पिथौरा विकासखण्ड की 492 हितग्राही, बसना विकासखण्ड की 763 हितग्राही तथा सरायपाली विकासखण्ड की 652 महिला हितग्राहियों को द्वितीय किस्त की राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा द्वितीय बालिका के जन्म पर प्रोत्साहन स्वरूप योजना के अंतर्गत भुगतान किए गए हितग्राहियों में महासमुंद शहरी क्षेत्र की 72 महिला हितग्राही शामिल हैं। वहीं बागबाहरा विकासखण्ड की 171, पिथौरा विकासखण्ड की 96, बसना विकासखण्ड की 160 तथा सरायपाली विकासखण्ड की 100 महिला हितग्राहियों को योजना के तहत निर्धारित राशि का भुगतान कर लाभान्वित किया गया है।
     
    योजना से लाभान्वित माताओं ने कहा कि इस आर्थिक सहयोग से गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखभाल करना आसान हुआ है। इससे न केवल माताओं का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है बल्कि नवजात शिशुओं के सुरक्षित जन्म और स्वस्थ भविष्य को भी मजबूती मिली है।
     
    महिला बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगातार पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराया जा रहा है तथा उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। शासन की मंशानुरूप जिले की प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
  • कलेक्टर ने एनएच-06 से बेलटुकरी मार्ग व महासमुंद-तुमगांव रोड का किया निरीक्षण...

    04-Mar-2026

     

    महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को एनएच-06 से बेलटुकरी तक जाने वाले मार्ग एवं महासमुंद-तुमगांव रोड का निरीक्षण किया तथा संबंधित निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए।
     
    कलेक्टर लंगेह ने एनएच-06 से बेलटुकरी मार्ग के निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, और भारी वाहनों के कारण हो रही क्षति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर लंगेह ने जिला खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश एवं पीएमजेएसवाई के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संचालित फर्सी पत्थर एवं अन्य खनन उद्योगों की सहायता से सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाए। उन्होंने कहा कि खनिज परिवहन में लगे भारी वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खनन कंपनियां अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सड़क की मरम्मत, गड्डों की भराई तथा आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करें। साथ ही, निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं राहगीरों को सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समय-सीमा तय कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
     
    तत्पश्चात कलेक्टर लंगेह ने महासमुंद-तुमगांव निर्माणाधीन सड़क के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 9.65 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और इसे जून 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभाग एवं ठेकेदार एजेंसी को दिए।
     
    निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की गुणवत्ता, बेस लेयर, डामरीकरण की मोटाई, जल निकासी व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मानकों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समय-सीमा का सख्ती से पालन करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सी.एस. चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी मौजूद थे।
  • एक एकड़ में सवा लाख रुपए का मुनाफा देने वाला पाम ऑयल की खेती...

    25-Feb-2026

     

    महासमुंद। पाम ऑयल उत्पादन में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने, आयात पर निर्भरता कम करने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल - ऑयल पाम योजना महासमुंद जिले के किसानों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। इस योजना के माध्यम से किसान अपनी बंजर भूमि को उपजाऊ बनाकर लाखों रुपये की वार्षिक आय अर्जित कर रहे हैं और अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। जिले में इस योजना तहत लगभग 400 किसान लगभग 450 हेक्टेयर क्षेत्र में ऑयल पाम की खेती कर रहे हैं।
     
    इसी क्रम में सरायपाली भलेसर गांव के उन्नत किसान मुकेश चंद्राकर, जिन्होंने वर्षों से बंजर पड़ी अपनी 33 एकड़ भूमि पर वर्ष 2016 में ऑयल पाम की खेती प्रारंभ की। वे शासन की योजना से पाम खेती के लिए प्रेरित हुए और अपनी पूरी भूमि पर लगभग 1900 पौधे लगाए। योजना के अंतर्गत उन्हें पौध प्रदाय, फेंसिंग, रखरखाव तथा ड्रिप सिंचाई जैसी सुविधाएं अनुदान पर मिला। तीन से चार वर्षों में उत्पादन प्रारंभ हुआ, जो लगभग 35 वर्षों तक लगातार फल देता रहेगा। वर्तमान में चंद्राकर एक पौधे से औसतन 3000 रुपये वार्षिक आय अर्जित कर रहे हैं। प्रति एकड़ लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
     
    इसके अतिरिक्त, उन्होंने पाम पौधों के बीच अंतरवर्तीय फसल के रूप में पहले केले की खेती की, जिससे उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपए का लाभ हुआ। वर्तमान में वे कोको की खेती कर निजी कंपनियों को उत्पाद विक्रय कर रहे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। चंद्राकर बताते है कि कम पानी, कम खाद एवं कम कीटनाशक में अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ मिलने के कारण किसानों को पाम की खेती अपनानी चाहिए। चंद्राकर न केवल आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि अपने खेतों में दो दर्जन से अधिक लोगों को स्थायी रोजगार भी प्रदान कर रहे हैं। स्थानीय मजदूरों के अनुसार, पहले रोजगार के लिए भटकना पड़ता था, जबकि अब वर्षभर यहीं नियमित कार्य उपलब्ध हो रहा है।
     
    सहायक संचालक उद्यानिकी विभाग पायल साव ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य पाम ऑयल उत्पादन में भारत को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके अंतर्गत किसानों को अनुदान, तकनीकी मार्गदर्शन एवं विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें उत्पादन एवं विक्रय में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। जिले में पाम ऑयल की खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। यहां किसानों के रूझान और भूमि की प्रकार को देखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने भी किसानों से अधिकाधिक संख्या में पाम की खेती करने अपील की है।
     
    गौरतलब है कि खाद्य पदार्थों, साबुन, शैम्पू, सौंदर्य प्रसाधन तथा औषधि निर्माण में इसका व्यापक उपयोग होता है। ऐसे में जिले में कम लागत, कम श्रम, कम पानी एवं अधिक आय देने वाली पाम खेती किसानों की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। यह पहल फसल चक्र परिवर्तन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हो रही है।
  • जिला सलाहकार समिति की बैठक 16 फरवरी को

    12-Feb-2026

     

    महासमुंद। गर्भधारण पूर्व और प्रसूति पूर्व निदान तकनीक (पीसीपीएनडीटी एक्ट) लिंग चयन प्रतिषेध अधिनियम 1994 की धारा (17) अंतर्गत गठित जिला सलाहकार समिति की बैठक 16 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद में आयोजित की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आई. नागेश्वर राव ने समिति के सदस्यों को निर्धारित समय पर उपस्थित होने आग्रह किया है।
  • RTO चालान के भुगतान के लिए वेबसाइट का उपयोग किए जाने की अपील

    07-Sep-2025

    महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य में हाल ही में नकली आरटीओ ई-चालान से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं।आम नागरिकों को ट्रैफिक नियम तोड़ने का डर दिखाकर मोबाइल पर संदिग्ध मैसेज भेज रहे हैं, जिनमें लिंक या apk फाइल दी जाती है। इन लिंक पर क्लिक करते ही लोगों की निजी जानकारी व बैंक खाते से पैसे चुराए जा रहे हैं।परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें। असली चालान की जानकारी केवल विभाग की अधिकृत वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर ही उपलब्ध होती है।  इसके लिए वेबसाइट पर पे ऑनलाइन विकल्प पर क्लिक कर चालान नंबर और कैप्चा डालना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी डालकर चालान विवरण देखा जा सकता है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब भी कोई वास्तविक ई-चालान किया जाता है, तो उसके संबंध में टेक्स्ट मैसेज केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही भेजा जाता है। उन्होंने लोगों की जागरूकता के लिए अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें, अनजान व्यक्ति को कभी भी ऑनलाइन भुगतान न करें तथा किसी भी धोखाधड़ी वाले कॉल, संदेश या ऐप की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाने में दर्ज कराएं।

  • जिले के 5 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 5 पदक

    03-Sep-2025

    महासमुंद। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 14वीं जूनियर एवं सब-जूनियर नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 29 से 31 अगस्त तक अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र, ग्वालियर में किया गया। इसमें महासमुंद जिले की समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त संस्था फॉर्च्यून फाउंडेशन कर्मापटपर बागबाहरा के 05 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर 05 पदक जीते। संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षक और मैनेजर निरंजन साहू ने बताया कि दल में 3 बालक एवं 2 बालिका खिलाड़ी शामिल थे। इनके साथ कोच मैनेजर व गाइड रनर देवेंद्र ठाकुर और मेघराज यादव, सहायक स्टाफ दिव्य लोचन और रश्मि साहू भी मौजूद रहे।  जिसमें टी-11 कैटेगरी, जूनियर पुरुष वर्ग में सुखदेव ने 400 मीटर व 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किए। टी-12 कैटेगरी में निखिल कुमार यादव ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार टी-2 कैटेगरी में नोशन लाल पटेल ने 1500 मीटर दौड़ में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया तथा सब-जूनियर महिला वर्ग टी-12 कैटेगरी में नीलम टंडन ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। टी-11 कैटेगरी में देवमोती ने लॉन्ग जम्प में कांस्य पदक हासिल किया। बतादें कि सुखदेव ने इससे पहले 7वीं ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 11-12 जुलाई 2025, बेंगलूरु में भी 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं द।

  • छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष पर ग्राम बेमचा में महतारी मेगा हेल्थ कैम्प आयोजित

    30-Aug-2025

    महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग शहरी परियोजना महासमुंद द्वारा ग्राम पंचायत बेमचा में महतारी मेगा हेल्थ कैम्प का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाओं से सीधे जोड़ना और कुपोषण उन्मूलन के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के दौरान कुल 60 किशोरी बालिकाओं का सिकलिंग एवं हीमोग्लोबिन टेस्ट किया गया, जिससे उनके स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति का  आकलन किया जा सके। वहीं 29 गंभीर कुपोषित बच्चों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। इसके अलावा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं सहित 204 हितग्राही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर जनपद सदस्य संगीता राहुल चंद्राकर सारेंच देवेंद्र चंद्राकर ,परियोजना अधिकारी श्री शैल नाविक मौजूद थे। जनपद सदस्य श्रीमती संगीता राहुल चंद्राकर इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का रजत जयंती वर्ष हमारे लिए विशेष महत्व रखता है।इस अवसर पर हम यह प्रयास कर रहे हैं कि स्वास्थ्य सेवाएँ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। बेमचा में आयोजित महतारी मेगा हेल्थ कैम्प इसी संकल्प का हिस्सा है। हमारी प्राथमिकता है कि किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध हो।  
    कार्यक्रम में सुपरवाइजर शीला प्रधान एवं कुंती यादव, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं एएनएम मौजूद रहे। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया। शिविर का लाभ लेने पहुंचे हितग्राहियों ने कैंप की सराहना की। यहां आए किशोरियों और माताओं ने बताया कि ऐसे शिविरों से उन्हें न केवल स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलती है बल्कि सही समय पर परामर्श और उपचार भी प्राप्त होता है। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से गाँव की महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य स्तर बेहतर होगा। ग्राम पंचायत बेमचा में आयोजित यह शिविर राज्य शासन की उस भावना को भी प्रकट करता है जिसके अंतर्गत स्वस्थ छत्तीसगढ़ – समृद्ध छत्तीसगढ़ का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है।
     

  • 155 तस्कर गिरफ्तार, 7 महीने में दुर्ग पुलिस ने की ये कार्रवाई

    27-Aug-2025

    भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशा तस्करों के चेन को तोड़ते हुए अब तक 71 मामले में केस दर्ज कर कुल 155 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है. इसमें 21 महिलाएं भी शामिल है जो नशा बेचते हुए पकड़ायी है. पुलिस ने सबसे ज्यादा कार्रवाई सूखा नशा गांजे पर कार्रवाई की है. वहीं हेरोइन, ब्राउन शुगर, टेबलेट और सिरप भी जब्त की है। 

    दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी को रोकते हुए नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. अभियान के तहत 1 जनवरी से 31 जुलाई तक जिले में नशा तस्करों के खिलाफ 71 मामले दर्ज करते हुए 155 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है. उन्होंने बताया कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की है. मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में दुर्ग पुलिस की कार्रवाई अच्छी खासी रही.
     
    एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष मात्र 7 महीनों में बीते वर्ष की गिरफ्तारियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है. एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाया, जिसमें ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है. अग्रवाल के मुताबिक जिले के साथ-साथ बाहरी राज्यों के नशा कारोबारियों और तस्करों पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है. पुलिस थानों सहित क्राइम ब्रांच की टीम को भी इस दिशा में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश हैं.
  • रैम्प योजना के तहत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

    02-Aug-2025
    महासमुंद- जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रैम्प योजना अंतर्गत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन स्वर्ण होटल में किया गया। यह कार्यक्रम एमएसएमई योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बैंकिंग और वित्तीय सहायता से जोड़ना है।
    कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त संचालक, उद्योग संचालनालय श्री शिव कुमार राठौर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में जिले के दर्जनों उद्यमियों के साथ-साथ पीएमएफएमई व पीएमईजीपी योजना के लाभार्थियों ने भी सहभागिता की। संयुक्त संचालक श्री राठौर ने कार्यक्रम में औद्योगिक विकास नीति 2024-30 की प्रमुख बातें साझा करते हुए उद्यमियों के विभिन्न शंकाओं का समाधान किया और उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
      इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रमुख बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठनों के सदस्य और स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे। भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य प्रमुख बैंकों के अधिकारियों ने उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और एमएसएमई योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में उद्यमियों को बैंक अधिकारियों से प्रत्यक्ष संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं को साझा किया, जिन पर बैंक अधिकारियों द्वारा तत्काल समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, श्री मोहन लाल साहू ने बताया कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों का आभार प्रकट किया।
  • महासमुंद में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किया आकांक्षा हाट का शुभारम्भ

    01-Aug-2025
    महासमुंद। केंद्रीय नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला अंतर्गत जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन आज जिला पंचायत में किया गया। इस अवसर पर आयोजित आकांक्षा हाट का शुभारंभ आज महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा जिला पंचायत परिसर में फीता काटकर किया गया। समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नीति आयोग का मूल स्वरूप वर्ष 2015 में तैयार किया गया था, किंतु इसे वास्तविक रूप से 2020 में अस्तित्व में लाया गया। इसका उद्देश्य शासन एवं प्रशासन के समन्वय से सभी क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित करना है। विधायक श्री सिन्हा ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देशभर में कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत देश के 112 जिलों एवं 500 विकासखंडों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की यह पहल प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक क्षेत्र के समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक विकास हो रहा है। बच्चों के जन्म से लेकर टीकाकरण तक तथा महिलाओं के पोषण, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता तक सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड के रूप में पिथौरा विकासखण्ड का चयन किया गया था। जिससे जिले में विकास का द्वार खुला है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, टीकाकरण आदि में बेहतर प्रदर्शन किया गया हैं। उन्होंने जिले को सिल्वर मेडल चयन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।  
    इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार की संयुक्त पहल से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। इस क्रम में आकांक्षा हाट जैसे आयोजन जिनके माध्यम से महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इन प्रयासों में भागीदार बनें एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहयोग करें। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल ने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड के तहत बेहतर कार्य किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शासन एवं प्रशासन को बधाई दी। साथ ही कहा कि स्थानीय उत्पाद के विक्रय के लिए यह अच्छा अवसर है, आयोजन वोकल फॉर लोकल अभियान को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस हाट में सम्मिलित होकर स्थानीय उत्पादों की खरीदी करें और महिला समूहों को प्रोत्साहित करें। बागबाहरा जनपद अध्यक्ष श्री केशव नायक राम चंद्राकर ने कहा कि पूरे जिले को आकांक्षी जिला बनाने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा। शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि की भागीदारी सुनिश्चित करना होगा। 
     कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के प्रतिवेदन में बताया गया कि पिथौरा ब्लॉक में 6 संकेतांक में से 5 संकेतांकों को पूर्ण कर लिया गया है। जिसमें 30 वर्ष से अधिक सभी नागरिकों की डायबिटीज और हाइपरटेशन की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत एएनसी जांच, महिला बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार का वितरण एवं स्वॉयल हेल्थ कार्ड के माध्यम से कार्ड जनरेट करना शामिल है। इसके अलावा माध्यमिक स्तर के सभी स्कूलों में बिजली व्यवस्था एवं सबसे महत्वपूर्ण 9 से 11 महीने के सभी बच्चों को जीवन रक्षक टीके दिए गए। यह आंकड़े जुलाई से सितम्बर 2024 तक शामिल है। 
  • महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की 8 मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

    20-Jul-2025

    महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस व सायबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सचिन कुमार चंद्राकर निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रमनटोला, अम्बेडकर चौक, महासमुंद ने 13 जुलाई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी KTM 200 DUKE मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 QB 3167) को अज्ञात चोर उसके घर के नीचे से चोरी कर ले गया। पुलिस ने इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।  
    जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साथ ही मुखबिरों से भी सुराग जुटाए। इसी बीच सूचना मिली कि ग्राम चिंगरौद निवासी भरत साहू नामक युवक एक KTM बाइक को बेचने की फिराक में चिंगरौद नाले के पास खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर भरत साहू (उम्र 20 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में भरत साहू ने न केवल बाइक चोरी करना स्वीकार किया, बल्कि खुलासा किया कि उसने अपने साथी विकास ध्रुव (उम्र 20 वर्ष) के साथ मिलकर पिछले दो-तीन महीनों में कई स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी की हैं।  
    आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं: KTM 200 DUKE – काला रंग TVS स्पोर्ट – काला रंग पल्सर NS 125 – काला रंग एचएफ डीलक्स – काला रंग (2 नग) पैशन प्रो – काला रंग होण्डा साइन – काला रंग एक अन्य HF डीलक्स – काला रंग इन सभी वाहनों के इंजन व चेचिस नंबर भी पुलिस द्वारा सत्यापित किए गए हैं, जिनमें से एक बाइक पर नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा। आरोपी भरत साहू व विकास ध्रुव को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने टीम की तत्परता और प्रयासों की सराहना की है।

  • जिले महासमुंद में अब तक 329.3 मिलीमीटर औसत वर्षा

    11-Jul-2025

    महासमुंद। जिले में चालू मानसून के दौरान 01 जून 2025 से अब तक 329.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

    भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक औसत वर्षा पिथौरा तहसील में 391.4 मिलीमीटर, सरायपाली में 375.2 मिलीमीटर, महासमुंद में 316.9 मिलीमीटर, बागबाहरा में 311.4 मिलीमीटर, बसना में 309.3 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 272.0 मिलीमीटर कोमाखान तहसील में दर्ज की गई।
     
    आज 11 जुलाई को 13.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। जिले के तहसीलवार वर्षा में पिथौरा तहसील में 23.3 मिलीमीटर, सरायपाली में 12.8 मिलीमीटर, महासमुंद में 12.4 मिलीमीटर, बागबाहरा में 12.2 मिलीमीटर, बसना में 10.5 मिलीमीटर एवं कोमाखान तहसील में 8.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
  • बारिश के चलते धंसा नाले में बना स्टॉप डैम, मौके पर मौजूद बुजुर्ग मुरूम में दबा, 24 घंटों से रेस्क्यू जारी…

    04-Jul-2025

     महासमुंद। सिंघोडा थाना क्षेत्र के रक्सा गांव में बारिश के चलते एक बुजुर्ग मरूम में दब गया. वह नाले पर बने स्टॉप डैम पर खड़ा था. लेकिन पानी के तेज बहाव और भीतरी रिसाव के चलते स्टॉप डैप का मुरूम अचानक अंदर धंस गया. मौके पर खड़ा बुजुर्ग शोभा राम मुरुम के साथ ही जमीन के अंदर धंस गया. आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने जैसे ही यह देखा उन्होंने अधेड़ को ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं दिखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

    सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अधेड़ को ढूंढने की कोशिश की और ओडिशा से  NDRF की टीम बुलाई गई. घटना के 24 घंटे बाद भी अब तक अधेड़ को नहीं ढूंढा जा सका है. गोताखोर नाले के अंदर जाकर भी अधेड़ को खोजने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
     
    इस मामले में सराइपाली SDM नम्रता चौबे ने कहा कि पानी का बहाव तेज है. घटना स्थल के आसपास पानी रोकने का प्रयास जारी है. 24 घन्टे से लगातार हम प्रयास कर रहे हैं. बाहर से NDRF की टीम बुलाई गई है. अधेड़ की 15 से 20 फिट निचे दबे होने की आशंका है. पोकलेन मशीन की सहायता से मिट्टी हटाया जा रहा है. ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारी कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं.
     
    वहीं घटना के बाद से गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बचाव कार्य में अवरोध न डालें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
  • पॉश कालोनी से टीचर की बाइक चोरी, केस दर्ज

    14-Jun-2025

    महासमुंद। महासमुंद के मवेचा में स्थित एक कालोनी से शिक्षक की मोटरसायकल चोरी होने की खबर सामने आई है, जिसकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। मचेवा महासमुंद निवासी व नांदगांव के शिक्षक कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि 10 जून 2025 को रात्रि 8 बजे वह घर के नीचे ग्राउड फ्लोर में अपनी मोटर सायकल होण्डा सीबी साईन क्र0 CG 06 GR 1287 को कालोनी में अन्य लोगो के मोटर सायकल के साथ लाक कर खड़ी किया था, तथा रात्रि में खाना खाकर सो गया।  
    इसके बाद उसके दुसरे दिन 11 जून 2025 के सुबह 05 बजे सो कर उठा और टहलने जाने के लिऐ नीचे उतरा तो देखा की मोटर सायकल जहां खड़ी किया था वहा पर नहीं था, जिसका उसने आस पास पता तलाश किया तो कोई पता नहीं चला। मोटर सायकल होण्डा सीबी साईन क्र0 CG 06 GR 1287 चेचिस नम्बर ME4JC652HKD017923 इंजन नम्बर JC65ED0167925 की कीमती 15000 रूपये बताई गई, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी लिया गया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा 303(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। 

  • चित्रकला प्रतियोगिता एवं सघन चालानी कार्रवाई का आयोजन

    30-May-2025

    महासमुंद। विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2025 के अवसर पर महासमुंद जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विविध जागरूकता गतिविधियों एवं सघन प्रवर्तन कार्यवाहियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "अपील का पर्दाफाश: तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीति का खुलासा" रही, जिसके तहत जनजागरूकता और कानून पालन सुनिश्चित करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया के नेतृत्व, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू घृतलहरे के
    मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी (एनटीपीसी) डॉ. छत्रपाल चंद्राकर के सहयोग से श्याम बालाजी कॉलेज एवं शासकीय जीएनएम कॉलेज में तंबाकू निषेध पर केंद्रित जागरूकता कार्यशालाएं एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यशालाओं के दौरान विद्यार्थियों को कोटपा एक्ट 2003 की प्रमुख धाराओं, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों के मानकों और तंबाकू एवं निकोटीन सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।  
    साथ ही, नशा मुक्ति केंद्रों की सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। प्रत्येक संस्था से दो-दो विद्यार्थियों को एंटी टोबैको वॉलंटियर के रूप में नामांकित किया गया तथा आईईसी सामग्री का वितरण भी किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तंबाकू विरोधी संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट चित्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने नशा उन्मूलन की शपथ ली। इसी कड़ी में 30 मई को जिले के विकासखण्ड सरायपाली एवं बागबाहरा में कोटपा एक्ट 2003 के तहत सघन चालानी कार्यवाही भी की गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धारा 04, 06(अ) एवं 06(ब) के उल्लंघन पर कुल 25 चालान जारी किए। इन धाराओं के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू बेचना तथा शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से तंबाकू का उपयोग न करने एवं अधिनियमों का पालन करने की अपील की है ताकि एक स्वस्थ, नशामुक्त एवं जागरूक समाज की स्थापना की जा सके।

  • जिला पंचायत में निकली वैकेंसी, 23 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए

    13-Apr-2025

    महासमुंद। पंचायत संचालनालय के अंतर्गत रिवाम्पेड राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 एवं संबंधित मार्गदर्शिकाओं के अनुसार संविदा आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिसमें जिला समन्वयक, संकाय सदस्य एवं लेखापाल के एक- एक पद शामिल है। योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र 23 अप्रैल 2025 सायं 5:00 बजे तक केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद (छ.ग.) के नाम पर भेज सकते हैं। आवेदन व्यक्तिगत रूप से, ई-मेल या अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही, अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। रिक्त पदों, निर्धारित योग्यता, सेवा शर्तों एवं आवेदन पत्र के प्रारूप की विस्तृत जानकारी जिला महासमुंद की आधिकारिक वेबसाइट www.mahasamund.gov.in एवं कार्यालय जिला पंचायत महासमुंद के सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है।

  • प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालय सत्र 2025-26, प्राक्चयन परीक्षा रविवार 20 अप्रैल को

    08-Apr-2025

    महासमुंद। प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालयों के सत्र 2025-26 अंतर्गत कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा रविवार 20 अप्रैल 2025 को प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक आयोजित होगी। प्रवेश पत्र विभाग की वेबसाइट http://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail पर 20 अप्रैल 2025 तक डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षा दिवस को प्रत्येक परीक्षार्थी को 01 घंटे पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र मे उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश पत्र के साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज दो फोटो लेकर जाएं।  साथ ही आधार कार्ड व विद्यालय का फोटोयुक्त परिचय पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र अथवा प्रवेश पत्र डाउनलोड के संबंध में समस्या होने पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग महासमुंद से प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः30 बजे तक संपर्क कर सकते है। उक्त संबंध में आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in/ eklavya.cg.nic.inएवं जिले के सहायक, आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय महासमुंद से प्राप्त कर सकते है।

  • ट्रेलर में लगी भीषण आग

    08-Apr-2025

    महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 पर एक बड़ा हादसा हो गया. तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडार के पास एक ट्रेलर पुलिया से टकराकर अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थी कि ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गया. वहीं हादसे में ट्रेलर चालक की जलकर मौत हो गई है, जबकि सह चालक की स्थिति का अब तक पता नहीं चल पाया है. जानकारी के अनुसार, ट्रेलर ओडिशा से रायपुर की ओर जा रहा था और उस पर दो जेसीबी मशीन लदी हुई थी. हादसा इतना  भयानक था कि ट्रेलर पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गया. आग इतनी भीषण थी कि किसी को ट्रेलर के पास जाने का भी साहस नहीं हुआ. हादसे के आधे घंटे बाद तक भी मौके पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाई थी, जिससे आग पर काबू नहीं पाया जा सका. हालांकि पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच चुका है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।

  • 26 जरूरतमंदों के लिए स्वेच्छानुदान राशि स्वीकृत

    08-Apr-2025

    महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने स्वेच्छानुदान मद से जिले के 26 जरूरतमंदों के लिए स्वेच्छानुदान राशि स्वीकृत की है। इनमें बसना विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बंसुला के रविलाल चौहान, प्रताप साव, ग्राम देवरी की मीरा साव, केंवटापाली के लोकनाथ साव, चोरभट्ठी के हेमचंद साव, बरोली के कमलेश साव, मेदनीपुर के योगेश साव, बिछिया के राजेश गढ़तिया, बोहारपार के चमरा स्वर्णकार, बानीपाली के बसंत पटेल, सिंघनपुर के गिरजाशंकर स्वर्णकार, दिलीप साव, भदरपाली के मोहन पटेल एवं गिधली के शोभित मांझी शामिल हैं। वहीं पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम परसवानी के प्रमोद प्रधान, धरमपुर के कमल साहू, रिखादादर के प्रधान, तिलंजनपुर की किरण पटेल, त्रिलोचन ध्रुव, भगतदेवरी केमुकेश प्रधान, ढाबाखार के श्री किशोर कानूनगो, जामजुड़ा के टीकेशालाल साहू, शंकरपुर के संतोष मांझी, ब्रजेन्द्र प्रधान, पिरदा के उत्तर पटेल एवं ग्राम बैतारी के श्री बसंत साहू के लिए स्वेच्छानुदान राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राशि प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को मतदाता परिचय पत्र, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वयं के दो फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज संबंधित तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने होंगे। इसके बाद स्वीकृत राशि का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा।

  • महिला की जली हुई लाश मिलने से फैली सनसनी

    02-Apr-2025

    महासमुंद। कोडार डैम के पास महिला की जली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस डाग स्क्वायड और फोरेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंची है. घटना स्थल से महिला का अधजला पर्स, लिपिस्टिक, चप्पल आदि बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, लाश को चार दिन पहले जलाया गया होगा। कोडार के वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 52 में महिला की जली हुई लाश मिली है. पुलिस हत्या के बाद लाश को जलाने की आशंका जता रही है. तुमगांव पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी ।

  • चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 संविदा पदों की पात्र, अपात्र सूची जारी

    19-Mar-2025

    महासमुंद। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 महासमुन्द में विभिन्न रिक्त संविदा पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इन पदों में परियोजना समन्वयक, काउंसलर, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाईजर एवं केश वर्कर शामिल थे। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की जांच के उपरांत चयन समिति द्वारा पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई है। यह सूची महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुन्द के सूचना पटल पर तथा महासमुन्द जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.mahasamund.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है।  यदि किसी अभ्यर्थी को पात्र/अपात्र सूची को लेकर कोई आपत्ति है, तो वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 24 मार्च 2025 तक शाम 05ः00 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुन्द में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्रस्तुत की गई आपत्तियों पर चयन समिति द्वारा विचार नहीं किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए महासमुन्द जिले की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

  • प्रधानमंत्री आवास योजना : पात्र परिवारों के लिए सर्वे जारी, 31 मार्च अंतिम तिथि

    17-Mar-2025

    महासमुंद। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आगामी पांच वर्षों (2024-25 से 2028-29) में पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए सर्वेक्षण कार्य जारी है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें “आवास प्लस“ सूची में शामिल किया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र को प्रगणक नियुक्त किया गया है। वे “आवास प्लस“ एप के माध्यम से सर्वेक्षण कर रहे हैं। यदि किसी पात्र परिवार का नाम सूची से छूट जाता है, तो वह संबंधित ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क कर अपना सर्वे निःशुल्क करवा सकता है। केंद्र सरकार ने 31 मार्च को अंतिम तिथि निर्धारित की है। इसके बाद किसी भी परिवार का सर्वे संभव नहीं होगा और न ही कोई दावा-आपत्ति स्वीकार की जाएगी। पात्र हितग्राही स्वयं भी अपना सर्वेक्षण कर सकते हैं। इसके लिए https://pmayg.nic.in/infoapp.html से “आवास प्लस“ एप्लिकेशन डाउनलोड कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। प्रशासन इस योजना के तहत पात्र परिवारों को जल्द से जल्द लाभ दिलाने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। सभी पात्र हितग्राही जल्द से जल्द अपने ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक या आवास मित्र से संपर्क कर अपना नाम सूची में दर्ज करवाएं और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें।   द्वारा शुरू की गई नई योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलेगा जो इसकी पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे। कुछ विशेष श्रेणियों में आने वाले परिवारों को इस योजना से बाहर रखा गया है। जैसे मोटरयुक्त तिपहिया/चौपहिया वाहन वाले परिवार, मशीनीकृत कृषि उपकरण रखने वाले परिवार, 50,000 रुपये या अधिक की ऋण सीमा वाले किसान क्रेडिट कार्ड धारक, सरकारी कर्मचारी का सदस्य होने वाले परिवार, सरकार में पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवार, जिनकी मासिक आय 15,000 रुपये से अधिक है, आयकर या व्यवसाय कर देने वाले परिवार, 2.5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि वाले परिवार और 5 एकड़ या अधिक असिंचित भूमि वाले परिवार शामिल है। अधिक जानकारी के लिए संबंधित सरकारी कार्यालय से संपर्क करें।

  • कोविड-19 संक्रमण से मृत व्यक्ति के परिजन के लिए 50 हजार रुपए की अनुदान सहायता राशि स्वीकृत

    11-Mar-2025

    महासमुंद। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुमोदन पश्चात कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कोविड-19 संक्रमण से मृत व्यक्ति के परिजन व आश्रित को 50 हजार रुपए की अनुदान सहायता राशि स्वीकृत किया है। इनमें तहसील सरायपाली के ग्राम पलसाभाड़ी निवासी जगबन्धू प्रधान की मृत्यु कोविड-19 संक्रमण से होने पर उनकी पत्नी विजया प्रधान के लिए 50 हजार रुपए की अनुदान सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। राशि भुगतान के पूर्व यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदक को इस मद से कोई अनुदान प्राप्त नहीं हुआ है। यह सहायता राशि कोविड-19 महामारी के कारण प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करने के उद्देश्य दी जा रही है।

  • महासमुंद कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक

    04-Mar-2025

    महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे से साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शासकीय एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं कार्यां की समीक्षा की। कलेक्टर लंगेह ने कहा कि निर्वाचन समाप्ति के पश्चात शासन के सभी कार्य, योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्य के अनुरूप करना सुनिश्चित करें एवं कार्यालय में आने वाले आम जनता की समस्याओं का निराकरण नियमित और सुचारू रूप से किया जाए। कलेक्टर ने वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध का पालन करने कहा है। साथ ही कहा कि बिना अनुमति के डीजे बजाने पर जप्ती की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने माउन्टेड व्हीकल डीजे पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूर्णतः अनुशासित एवं बोर्ड के दिशा निर्देशों के अनुरूप संचालित हो। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा संचालन के दौरान नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।  कलेक्टर लंगेह ने किसान पंजीयन की जानकारी लेते हुए कहा कि इसमें आवश्यक तेजी लाएं। उन्होंने किसानों का एग्रीस्टेक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्रेशन एप्प/पोर्टल में सीएससी और सहकारी समितियों के माध्यम से रजिस्ट्रेशन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं भी एग्रीटेक एप्प के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते है। अभी तक 49000 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। इसी तरह उन्होंने धान उठाव की प्रगति की समीक्षा की। शेष एक लाख 96 हजार क्विंटल धान का उठाव आगामी 13 मार्च तक उठाव करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में राशन कार्ड के ई केवाईसी के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य अधिकारी ने बताया कि राशन कार्ड के ई केवाईसी के लिए 31 मार्च तक का समय सीमा निर्धारित है। उन्होंने वर्तमान में चल रहे बोर्ड परीक्षाओं में किसी भी प्रकार के नकल प्रकरण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।  बैठक में समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समय सीमा पर निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवादों, नामांतरण, बंटवारे और सीमांकन जैसे मुद्दों का प्राथमिकता के साथ निपटारा किया जाए जिससे आम जनों को कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा पीएम आवास, पीएम जनमन, जाति, आयुष्मान कार्ड आदि की समीक्षा की गई एवं उसमें तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री लंगेह ने श्रम एवं उद्योग विभाग को औद्योगिक क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।   इसके अलावा माइनिंग एवं शराब के अवैध परिवहन एवं शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने माननीय हाई कोर्ट एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों को गम्भीरता से लेते हुए समय सीमा में जवाब देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त मांग एवं शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क पर बैठे आवारा मवेशियों को हटाने की कार्रवाई भी निरंतर करने के निर्देश दिए। 

  • महासमुंद जनपद के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र

    26-Feb-2025

    महासमुंद। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी एस. आलोक ने आज 25 फरवरी को जिला पंचायत सभाकक्ष में महासमुंद जनपद पंचायत के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी। महासमुंद जनपद पंचायत में 23 फरवरी को तीसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ था, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई। 25 फरवरी को जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1, 2, 3 व 4 का सारणीकरण कर विजयी प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा की गई। 

+ Load More
Top