बड़ी खबर

Dantewada

  • प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम से परिवार को मिला आर्थिक सहयोग

    19-Feb-2026
     
    दंतेवाड़ा। साधारण बीमा कराये जाने सभी परिवारों के लिए अनिवार्य हो चला है। इससे हितग्राही परिवार को आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिलती है जो परिवार का मानसिक सबंल के लिए पर्याप्त होती है। इस क्रम में जिले के ग्राम पंचायत धुरली की निवासी स्वर्गीय पार्वती मरकाम के निधन उपरांत उनके परिवार को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
     
    योजना के अंतर्गत नामांकित हितग्राही भीमा मरकाम को 2 लाख रुपये की बीमा दावा राशि का चेक केनरा बैंक शाखा भांसी द्वारा प्रदाय किया गया। बीमा क्लेम की संपूर्ण प्रक्रिया में बैंक एवं एनआरएलएम टीम का सराहनीय एवं पूर्ण प्रयास रहा, जिसके परिणामस्वरूप हितग्राही परिवार को समय पर आर्थिक सहयोग प्राप्त हो सका। चेक वितरण के अवसर पर ग्राम पंचायत धुरली के सरपंच विजय कुमार, एलडीएम शिवराम बघेल, केनरा बैंक भांसी के शाखा प्रबंधक, तथा एनआरएलएम की टीम उपस्थित रही। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शासन की इस जनकल्याणकारी योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए आमजन से अधिक से अधिक योजना से जुड़ने का आह्वान किया। इस संबंध में दिवंगत हितग्राही के परिजनों ने शासन, बैंक एवं एनआरएलएम टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
  • मूलभूत सेवा प्रदाय को उत्कृष्ट बनाने नोडल अधिकारी गंभीरता से दायित्वों का निर्वहन करें : कलेक्टर

    13-Sep-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के द्वारा सभी ग्रामों में आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत कलस्टर का आयोजन कर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रत्येक ग्राम के जन तक पहुंचाना है। 

    ज्ञात हो कि अभियान के अतंर्गत आदिसेवा पर्व/पखवाड़ा (17 सितंबर से 02 अक्टूबर) जिले के सभी ग्राम पंचायतों में मनाया जायेगा। शासन के निर्देशानुसार जिला कार्यालय द्वारा अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के तहत जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त कर दायित्व सौंपे गए है। इस संबंध में संपूर्ण अभियान की रूपरेखा निर्धारण के संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा आज जिला पंचायत सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में अभियान पर प्रकाश डालते हुए कलेक्टर ने कहा कि जनजातीय गांवों में विजन निर्माण एवं परिवर्तनकारी प्रक्रिया है जो जनजातीय समुदायों को अपनी आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और विकास की दिशा में एक स्थायी मार्ग निर्धारित करने में सक्षम बनाती है। इसमें सामूहिक लक्ष्यों की पहचान करने, स्थानीय चुनौतियों का समाधान करने और प्रगति के लिए पारंपरिक ज्ञान का लाभ उठाने हेतु सहभागी संवाद को बढ़ावा देना शामिल है। इसके तहत ब्लॉक टीम का गठन, गांव के दौरे के लिए रोस्टर, सामुदायिक लामबंदी के लिए जिले के द्वारा सीएसओ की पहचान, सीएसओ द्वारा प्रवेश बिंदु गतिविधि,ट्रांसेक्ट वॉक की घोषणा, प्रारूप भरना, संसाधन मानचित्रण, विजन निर्माण तथा सीएसओ और ब्लॉक टीम द्वारा गांव की जरूरतों को सारणीबद्ध किये जाने जैसे व्यापक चरण शामिल रहेगें।
     
    नागरिक समाज संगठन (सीएसओ) इस प्रक्रिया में सुविधा प्रदाता के रूप में कार्य करके, समुदायों और बाहरी संसाधनों के बीच के अंतरालों को पाटकर और समावेशी नीतियों की हिमायत (एडवोकेसी) करके महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। क्षमता निर्माण पहलों, जागरूकता सृजन और सहयोगात्मक साझेदारियों के माध्यम से, नागरिक समाज संगठन जनजातीय गाँवों को आत्मनिर्भर, समतामूलक और सांस्कृतिक रूप से निहित विकास योजनाओं की कल्पना करने और उन्हें साकार करने के लिए सशक्त बनाएंगे।
     
    गांव के मानचित्रण के तहत आवास,पानी,बिजली जैसे सेवाओं की उपलब्धता, सामुदायिक संस्थान,पहुंच सेवाएं,आजीविका के संसाधन को सम्मिलात किया जायेगा। जल संसाधन के तहत झरने, तालाब, नदी,नाला,कुएं,बावड़ी, बांध, सिंचाई में सुधार की संभावनाएं परिवर्तन को प्रमुखता से इंगित किये जायेगे। साथ ही आवास,जलापूर्ति,स्वास्थ्य एवं पोषण देखभाल, शिक्षा,सड़क एवं परिवहन, बिजली,सामुदायिक एवं धार्मिक सुविधाएं, संचार, बाजार और व्यापार जैसी मूलभूत सेवाओं में आगामी 5 वर्षों में महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी फीडबैक पर भी नोडल अधिकारियों के सुझाव भी शामिल होगें। 
  • दूसरे राज्य से बाइक चुराकर खपा रहे थे दंतेवाड़ा में, गिरोह पकड़ाया

    25-Jul-2025
    दंतेवाड़ा। जिले में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के लोग हैदराबाद से 5 सोल्ड बाइकों की चोरी किए। फर्जी तरीके से किसी भी कार का नंबर लगाकर, फर्जी RC बनाकर बेचने की तैयारी में थे।हालांकि, पुलिस ने इस गिरोह के 3 लोगों को पकड़ लिया है। इनके पास से 7 लाख 50 हजार रुपए की 5 बाइकें और प्रिंटर मशीनें बरामद की हैं। हैदराबाद के 1 मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। मामला जिले के गीदम थाना क्षेत्र का है। दरअसल, एक दिन पहले गीदम पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक लाल रंग की स्प्लेंडर बाइक को रुकवाया। बाइक चालक ने अपना नाम गुलशन नाहटा निवासी गीदम बताया। बाइक में CG 17 C 1880 RTO नंबर प्लेट लगा हुआ था। वहीं जब इससे गाड़ी से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो इसने नहीं दिया। 
    तभी पुलिस को इसपर शक हुआ और ऑनलाइन बाइक नंबर की डिटेल्स निकाली। पुलिस को पता चला कि ये बाइक का नंबर नहीं बल्कि महेश राम बघेल के नाम से रजिस्टर अल्टो कार का नंबर है। जिसके बाद पुलिस को शक हुआ की चोरी की बाइक है। पुलिस ने गुलशन को हिरासत में लिया। जिसके बाद उससे और पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गाड़ी हैदराबाद से चोरी कर लाई गई है। उसके गैराज में 4 और बाइकें जिसमें 2 बुलट, 1 पल्सर और 1 स्प्लेंडर खड़ी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन बाइकों को भी बरामद किया। जिसके बाद पूछताछ में गुलशन ने अपने अन्य तीन साथी रिज्जू के. जे., प्रवीण गोलछा, कैलाश निषाद के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस ने कैलाश निषाद और रिज्जू के.जे. को भी पकड़ा। हालांकि, प्रवीण गोलछा हैदराबाद में है जिसकी तलाश जारी है। 
  • एक युवती के साथ कई होटलों में रेप, गवाही देने का झांसा देकर ले गया था दरिंदा

    24-Jul-2025
    दंतेवाड़ा। गीदम पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी दिनेश राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गवाही के बहाने युवती को अपने साथ वारंगल ले जाकर वहां से दिल्ली होते हुए हरियाणा के पानीपत पहुंचाया जहां उसने पीड़िता के साथ जबरदस्ती की। पीड़िता के परिजनों द्वारा गीदम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। लोकेशन ट्रेस कर हरियाणा के पानीपत से पीड़िता को सकुशल दस्तयाब किया गया। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने युवती को झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ कई स्थानों पर दुष्कर्म किया। 
  • दंतेवाड़ा जिला कार्यालय की बढ़ाई गई थी सुरक्षा

    29-May-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा किरंदुल से दंतेवाड़ा तक चार दिवसीय छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा आयोजित की गई। यात्रा के अंतिम दिन गुरुवार को कांग्रेसियों का काफिला दंतेवाड़ा पहुंचा। न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य बस्तर के जल जंगल और जमीन का संरक्षण करना है। इस यात्रा की दूरी 40 किलोमीटर है। बस्तर के संसाधनों की सुरक्षा के उद्देश्य से यह यात्रा शुरू की गई थी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी की रैली दोपहर को दंतेवाड़ा पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा नरेंद्र मोदी होश में आओ - साय सरकार होश में आओ और उद्योगपतियों को पहाड़ बेचना बंद करो के नारे लगाए जा रहे थे। इस रैली में हजारों कार्यकर्ता शामिल थे। पुलिस प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखना पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मुख्य द्वार पर अभेद्य बैरिकेडिंग की गई थी, वहीं बड़ी संख्या में पुलिस अफसर और जवान किए गए थे। जिससे किसी प्रकार की शांति भंग न हो सके।

  • 31 नक्सलियों ने किया सरेंडर, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

    07-Apr-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल विरोधी अभियान को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय 26 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है। इन नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव रॉय के सामने आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वालों में कई नक्सली कई वर्षों से संगठन से जुड़े थे और विभिन्न हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं। सबसे खास बात यह रही कि आत्मसमर्पण करने वालों में तीन नक्सलियों पर कुल 4 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनका नाम सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में शामिल था।   पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आवश्यक सहायता और सुविधा प्रदान की जाएगी। SP गौरव रॉय ने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा बलों और प्रशासन की संयुक्त रणनीति का परिणाम है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने भी स्वीकार किया कि वे हिंसा और भटकाव से तंग आकर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं। पुलिस और प्रशासन ने सभी का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य का आश्वासन दिया है। इधर नारायणपुर में भी 5 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, सभी नक्सलियों पर 1-1 लाख का इनाम था। जो कि कुतुल और परलकोट एरिया कमेटी के सदस्य रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। वहीं एक अन्य घटना में नारायणपुर में IED की चपेट में आने से टिपर ड्राइवर घायल हो गया है। नारायणपुर- कुतुल मार्ग पर IED लगाया था। जोकि जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह IED लगाया गया था। आपको बत दें कि तीन दिन पहले IED की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत हुई थी।

  • 29 सालों से नक्सल संगठन में सक्रिय थी रेणुका

    31-Mar-2025

    दंतेवाड़ा. सुरक्षा बलों को आज फिर बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स ने 45 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली गुम्माडिवेली रेणुका उर्फ भानु उर्फ चैते उर्फ सरस्वती उर्फ दमयंती को मुठभेड़ में मार गिराया। रेणुका पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 25 लाख और तेलंगाना सरकार ने 20 लाख का इनाम घोषित किया था। वह प्रतिबंधित नक्सली संगठन सीपीआई (माओवादी) की सेंट्रल रीजनल ब्यूरो (सीआरबी) प्रेस टीम इंचार्ज और प्रभात पत्रिका की संपादक थी।  दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा से लगे नेलगोड़ा, इकेली और बेलनार गांवों के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच आज मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में महिला नक्सली गुम्माडिवेली रेणुका ढेर हो गई। घटना स्थल से जवानों ने एक इंसास रायफल, मैगजीन और गोला-बारूद लैपटॉप, नक्सली साहित्य विस्फोटक सामग्री एवं अन्य दैनिक उपयोगी सामान बरामद किया है। 1996 में नक्सली संगठन में भर्ती हुई थी। 2003 में डीवीसीएम, 2006 में सीसीएम दुला दादा के साथ काम किया। 2020 में डीकेएसजेडसीएम बनाकर सीआरबी प्रेस टीम इंचार्ज बनाई गई। भाई जीवीके प्रसाद उर्फ सुखदेव ने 2014 में आत्मसमर्पण किया था। 2005 में उसकी शादी सीसीएम शंकामुरी अप्पाराव उर्फ रवि से हुई, जो 2010 में आंध्रप्रदेश के नलमल्ला मुठभेड़ में मारा गया।रेणुका नक्सली पत्रिकाओं प्रभात, महिला मार्गम, आवामी जंग, पीपुल्स मार्च आदि के प्रकाशन से जुड़ी थी। 

  • दंतेवाड़ा में कई नक्सलियों ने किया सरेंडर, मुख्यधारा से जुड़ेंगे

    29-Mar-2025

    दंतेवाड़ा. सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर नक्सली लगातार हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं. दंतेवाड़ा जिले में आज 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. लोन वर्राटू अभियान के तहत 15 माओवादी मुख्यधारा में लौटे, जिसमें 9 RPC मिलिशिया सदस्य शामिल हैं. समर्पित माओवादियों को 25,000 रुपए की सहायता राशि और पुनर्वास की अन्य सुविधाएं दी जाएगी. बता दें कि अब तक 927 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. आत्मसमर्पित माओवादियों में 09 बेचापाल आरपीसी मिलिशिया, सीएनएम एवं डीएकेएमएस सदस्य, 01 पोटाली आरपीसी जनताना सरकार अध्यक्ष, 02 पल्लेवाया आरपीसी मिलिशिया व डाॅक्टर टीम सदस्य, 03 हुर्रेपाल आरपीसी मिलिशिया एवं सीएनएम सदस्य के पद पर सक्रिय थे. आत्मसमर्पित सभी माओवादी अपने-अपने क्षेत्र में रोड खोदने एवं नक्सली बैनर, पोस्टर लगाने की घटना में शामिल थे. जिला दंतेवाड़ा में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक दन्तेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप, पुलिस उप महानिरीक्षक सीआरपीएफ दन्तेवाड़ा रेंज राकेश कुमार, पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूजा कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान और छग शासन की ‘‘पुनर्वास नीति’’ के तहत जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ भटके हुए माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए लगातार संपर्क एवं संवाद कर शासन की नक्सल पुनर्वास नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक कर रही है. इसके प्रभाव में लगातार शीर्ष माओवादियों सहित भटके हुए माओवादी आत्मसमर्पण कर रहे. आज 15 नक्सलियों ने सरेंडर किया है. उक्त माओवादियों को आत्मसमर्पण कराने में आरएफटी (आसूचना शाखा) दन्तेवाड़ा, 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ, 195 वीं वाहिनी सीआरपीएफ, 230वीं वाहिनी सीआरपीएफ, एवं 231वीं वाहिनी सीआरपीएफ दन्तेवाड़ा का विशेष योगदान रहा। बता दें कि लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 221 ईनामी सहित कुल 927 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं.

  • बस्तर पंडूम: हमारी संस्कृति, हमारी पहचान: मंत्री नेताम

    22-Mar-2025

    दंतेवाड़ा। आज जिला दंतेवाड़ा के प्रतिष्ठित मेनका डोबरा मंदिर परिसर में आयोजित जिला स्तरीय बस्तर पंडूम प्रतियोगिता में जिला पंचायत अध्यक्ष नंद लाल मोड़ामी जी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सौभाग्य मिला। इस भव्य आयोजन में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करने के साथ-साथ, परिसर में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर वहां की गतिविधियों का जायजा लिया। इन स्टॉलों में बस्तर की समृद्ध लोककला, हस्तशिल्प और पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली।  बस्तर पंडूम केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का उत्सव है। यह आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। आइए, हमारी संस्कृति को सहेजें, संवारें और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

  • पंचायत निर्वाचन के सफल क्रियान्वयन के लिए सेक्टर अधिकारियों की बैठक संपन्न

    14-Feb-2025

    दंतेवाड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण में गीदम, दंतेवाड़ा में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के संबंध में दिनांक 14 फरवरी 2025 नियुक्त सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत किए गए प्रारंभिक तैयारी से निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण होने तक अपने सेक्टर के चुनाव प्रबंधन एवं दायित्व के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया।   इसके लिए मतदान केन्द्र पर मौजूद मूलभूत सुविधाओं यथा-पानी, विद्युत व्यवस्था, पहुंच मार्ग, छाया, रैम्प, प्रसाधन, मोबाइल नेटवर्क इत्यादि की जानकारी के साथ ही मतदान दिवस पर समय-समय पर मतदान का प्रतिशत प्रतिवेदित करना, मतदान दिवस पर शिकायतों का निराकरण, मतपेटी की सीलिंग और मतदान दल द्वारा तैयार अन्य प्रपत्रों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मूलचंद चोपड़ा, और पंचायत निर्वाचन से जुड़े समस्त सेक्टर अधिकारी उपस्थित थे। 

  • IED ब्लास्ट में CRPF जवान की हालत नाजुक

    11-Feb-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी है. इस बीच दंतेवाड़ा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, यहां नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गए आईईडी की चपेट में आने से CRPF का एक जवान घायल हो गया है. घायल जवान को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया जा रहा है. एएसपी आर.के बर्मन ने इसकी पुष्टि की है. जानकारी के अनुसार, यह घटना दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर क्षेत्र स्थित कमलपोस्ट के पास हुई है, जब सुरक्षा बलों के जवान सर्चिंग पर निकले थे. इस दौरान CRPF 231 बटालियन का एक जवान IED की चपेट में आ गया, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल जवान को इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल लाया जा रहा है. 

  • DMF घोटाले मामलें में सिविल सर्जन और सहायक एकाउंटेट गिरफ्तार

    01-Feb-2025

    दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में डीएमएफ/सीएसआर मद से 66.75 लाख की चपत लगाने के मामले में पुलिस दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपियों में सिविल सर्जन सह जिला अस्पताल का अधीक्षक और एसबीआई में पदस्थ सहायक एकाउंटेट शामिल है। मालूम हो कि इसके पहले दंतेवाड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह चौहान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब दो और आरोपियों को पकड़ा गया है। दरअसल, जिला अस्पताल दंतेवाड़ा के सिविल सर्जन ने लिखित  शिकायत में डीएमएफ/ सीएसआर मद में आये राशि 66,75,850 रू के आहरण भुगतान में अनियमितता की शिकायत की। इस शिकायत पर थाना दंतेवाड़ा में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गौरव राय ने पुलिस अधिकारियों व थाना सिटी कोतवाली के नेतृत्व में जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह चौहान के साथ अन्य आरोपी अर्पणा चौहान, सौरभ सुद, मोहम्मद तौसिफ रजा के विरूद्ध पूर्व में कार्रवाई की गई थी। साथ ही डीएमएफ घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों की जांच में जुट गई। प्रकरण की जांच के दौरान भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा दंतेवाड़ा के सीनियर मैनेजर निशांत ठाकुर पिता स्व0 रामचन्द्र ठाकुर (38 वर्ष) निवासी चितालंका बारसापारा व सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ एकाउंटेट सहायक सुतापा कुन्डू पिता शंकर कुन्डू (33 वर्ष) निवासी न्यू मार्केट बचेली को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों की संलिप्तता पाये जाने पर कार्रवाई करते हुए 1 फरवरी को कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय भेजा गया है। साथ ही मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में उनि. किशोर कुमार जोशी, उनि. रामकुमार श्याम, सउनि. सुनिता साहू, सउनि. पंकज धर, मप्रआर 121 डोमनी बघेल व थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 

  • जगदलपुर पहुंचे सीएम साय भूमिपूजन कार्यक्रम में हुए शामिल

    02-Jan-2025

    दंतेवाड़ा। जगदलपुर पहुंचे सीएम साय भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य के चावल निर्यातकों को मिलेगी मंडी शुल्क में छूट सीएम विष्णु देव साय के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ सरकार ने छत्तीसगढ़ के चावल उद्योग को प्रोत्साहित करने तथा राज्य से गैर-बासमती चावल के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए चावल निर्यातकों को मण्डी शुल्क और कृषक कल्याण शुल्क से पूर्णतः छूट देने का निर्णय लिया है। यह छूट उन निर्यातकों को मिलेगी जो राज्य के राइस मिलर्स और मंडियों के माध्यम से खरीदे गए धान से तैयार गैर-बासमती चावल का निर्यात करेंगे। शुल्क में छूट देने का उद्देश्य छत्तीसगढ़ से गैर बासमती चावल निर्यात को बढ़ावा देना और राज्य के किसानों तथा चावल मिलर्स को अधिक लाभ दिलाना है। सरकार के इस फैसले से छत्तीसगढ़ के चावल उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी।  छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मंडी शुल्क एवं किसान कल्याण में छूट दिए जाने की अधिसूचना को राजपत्र में प्रकाशन के लिए जारी कर दिया गया है। यह छूट अधिसूचना प्रकाशन के दिनांक से लेकर एक वर्ष तक के लिए होगी। उक्त दोनों शुल्कों में छूट के लिए चावल निर्यातकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके शिपिंग बिल में चावल के कार्गाे का मूल स्थान छत्तीसगढ़ लिखा हो। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ का वस्तु एवं सेवा कर विवरण, लदान बिल, और बैंक री-कॉसिलेशन स्टेटमेंट की प्रति संबंधित मंडी में प्रस्तुत करनी होगी। राज्य के पंजीकृत चावल निर्यातकों और राइस मिलर्स को एक घोषणा पत्र देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट रूप से दर्शाया गया हो कि चावल छत्तीसगढ़ से खरीदे गए धान से तैयार किया गया है। राइस मिलर्स को मंडी अधिनियम के तहत चावल निर्यातकों को परमिट जारी करना होगा। 

  • SP ने गुम हुए मोबाइलों को उनके मालिकों को वापस लौटाया

    01-Jan-2025

    दंतेवाड़ा। नववर्ष 2025 के आगमन पर दंतेवाड़ा पुलिस ने आमजन को उनके गुम हुए मोबाइल को CEIR पोर्टल से तलाश कर ‘‘इया आपलो सामान निया’’ कार्यक्रम के माध्यम से मोबाइल धारकों को वापस किया. पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन (रापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला (भापुसे), सायबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे गुम मोबाइल तलाश अभियान के तहत् आज 30 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5,66,370 रुपए है। दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों की सुगमता के लिए सायबर हेल्पलाइन नम्बर 9479151665 भी जारी किया है. भारत सरकार द्वारा जारी 1930 हेल्पलाइन नम्बर एवं cybercrime@gov.in में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सायबर हेल्पलाइन दन्तेवाड़ा के नाम से व्हाटसप अकाउंट भी बनाया गया है। जिसमें आम नागरिक अपने शिकायत व्हाटसप के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं. सायबर अपराध होने की स्थिति में 24X7 सायबर हेल्पलाइन दन्तेवाड़ा 9479151665 एवं क्यूआर कोड को स्केन कर घर बैठे अपने साथ हुए किसी भी तरह के सायबर अपराध की शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्रार्थी को व्हाटसप के माध्यम से ही एकनालेजमेंट नंबर  प्रदाय कर दिया जाएगा। एसपी गौरव राय ने बताया, जिला दंतेवाड़ा के आम जन को सायबर अपराध व इसके रोकथाम के लिए जागरूक करने ‘‘सायबर संगवारी दन्तेवाड़ा’’ नामक व्हाटस्अप चैनल बनाया गया है, जिसमें प्रत्येक दिन सायबर अपराध एवं उसके रोकथाम संबंधी जानकारी दी जा रही है. सायबर संगवारी चैनल से जुड़ने के लिए क्यू आर कोड को स्कैन कर सकते हैं. साथ ही अननोन काल, संदिग्ध व्हाटसप काल, मेसेज, लिंक या आपके बैंक अकाउंट या सोशल मीडिया अकाउंट पर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि होने पर साइबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा 9479151665 से संपर्क कर शिकायत कर सकते हैं. सुरक्षा ही सावधानी है और सावधानी ही सायबर अपराध से बचाव है। 

  • धर्मांतरण के विरोध में चल रही थी बैठक, जमकर हुई मारपीट

    30-Oct-2024

    दंतेवाड़ा । धर्मांतरण के मुद्दे पर कुआकोंडा ब्लॉक के श्यामगिरी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गया. घटना में विशेष समुदाय के चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं. स्थिति को देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल, गांव में स्थिति नियंत्रण में है. जानकारी के अनुसार, गांव में धर्मांतरण के विरोध में बैठक रखी गई थी, जिस पर गांव में विवाद शुरू हो गया. एक गुट ने दूसरे गुट के सदस्यों पर हमला कर दिया, जिसमें चार लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं.

     
    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल गांव के लिए भेजा गया, लेकिन जवानों की कम संख्या देख ग्रामीणों ने उपद्रव मचाना शुरू कर दिया. इस पर आंसू गैस और तमाम सुरक्षा सामग्रियों के साथ बड़ी संख्या में जवानों को तैनात कर घायलों को गांव से बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया. फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
  • सुकन्या समृद्धि योजना अन्तर्गत जिले में बालिकाओं का खोला जा रहा है खातें

    23-Oct-2024

    दंतेवाड़ा, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार व श्री जयंत नाहटा अनुविभागीय अधिकारी दंतेवाड़ा , नोडल अधिकारी महिला एवं बाल विकास के मार्गदर्शन में सुकन्या समृद्धि योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 2015 से लागू किया गया है इस योजना में 10 वर्ष कम आयु वर्ग के बालिकाओं का बचत खाता खोला जाता है 14 वर्ष तक प्रीमियम राशि जमा होगा । 5 वर्ष मैच्योरिटी समय होगा 18 वर्ष बाद जमा राशि का 8.5 ब्याज के साथ राशि वापस हितग्राही को दिया जाएगा।

     
    यह खाता पोस्ट आफिस व राष्ट्रीयकृत बैंक में आसानी से खोला जा सकता है जिसमें आधार कार्ड, पेन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। आज 23 अक्टूबर 2024 को विकास खण्ड दंतेवाड़ा में 1500, कुआकोंडा में 1200 , कटे कल्याण में 1000 बालिकाओं का खाता खोला जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से खोले जा रहे खाते में प्रथम किस्त के रूप में 500 रुपये जमा किया जाएगा। इस शिविर में महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी मौजूद थे। 
  • नक्सली दंपती सहित चार ने डाले हथियार, एसपी के सामने सरेंडर

    22-Sep-2024

    दंतेवाड़ा। एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इनामी नक्सली दंपती समेत कुल चार नक्सलियों ने आज एसपी गौरव रॉय के समक्ष सरेंडर किया है। आत्मसमर्पित माओवादी दंपति हुंगा तामो और आयती ताती, रीजनल कंपनी नंबर 02 के सदस्य के रूप में सक्रिय थे, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इनके साथ ही उत्तर सब जोनल ब्यूरो की राजनीतिक टीम की सदस्या देवे वंजाम पर 3 लाख रुपए और क्रांतिकारी आदिवासी महिला संगठन (केएएमएस) की पूर्व अध्यक्ष माड़वी आयते पर 1 लाख रुपए का इनाम था। बताया जाता है कि ये नक्सली लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय रहे हैं। शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने सरेंडर किया है। एसपी गौरव रॉय का कहना है कि सरेंडर के बाद इन्हें शासन की ओर से पुनर्वास नीति का लाभ दिलाया जाएगा। बता दे की छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के सीमावर्ती इलाको में हुए मुठभेड़ों में ये शामिल रहे है। 

  • 6 महीने के बच्चे का अपहरण, शराब लेने के बहाने पहुंचे थे किडनैपर्स

    01-Sep-2024

    दंतेवाड़ा । जिले के पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पोंदूम के लोगों ने कोतवाली पहुंच छः माह के मासूम के अपहरण की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते रात करीब आठ बजे एएसपी आरके बर्मन और डीएसपी समेत अन्य जवानों को पोंदूम रवाना किया। पुलिस रात में ही गांव पहुंच मामले की तफ्तीश में जुट गयी है। बताया जाता है कि पोंदूम बाजार पारा निवासी हिडमो पोडियाम अपने छः माह के मासूम को घर पर झूला झुला रहा था। इस समय हिडमो के साथ उसका 9 वर्षीय बड़ा बेटा भी मौजूद था। इसी दौरान दो अज्ञात बाईक सवार उसके घर पर पहुंचे। दोनों बाइक सवारों ने बच्चे से शराब की व्यवस्था करने को कहा। जिसके लिये हिडमो को किडनैपर्स ने सौ रूपये भी दिये। हिडमो सौ रुपये लेकर शराब की व्यवस्था करने गांव के ही एक अन्य घर में गया। जैसे ही हिडमो अन्य घर में प्रवेश किया, किडनैपर्स ने झूले में लेटे हुए बच्चे को गोद में उठा लिया और अपने साथ बाईक में ले गये। इस बात से हैरान 9 वर्षीय बेटे ने इसकी सूचना अपनी मां को दी। जिसके बाद पीडित की मां ने उसके पिता को यह बताई। 

  • बंद कमरे में मिला युवती का शव, बदबू आने पर मकान मालिक को हुई जानकारी…

    18-Aug-2024

    दंतेवाड़ा :- जिले के कटियाररास इलाके के एक घर में किराये से रहने वाली एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती का शव उसके कमरे में पाया गया, जिसपर पर कई जगहों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच में जुट गई है। घटना के बाद से युवती का पति लापता है, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवती का पति कई दिनों से घर नहीं आया है जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का शक जताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचने से इनकार कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

  • पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख ईनामी पल्लेवाया मिलिशिया प्लाटून कमांडर ढेर

    11-Aug-2024

    दंतेवाड़ा, डीआरजी बस्तर फ़ाइटर्स दंतेवाड़ा की टीम के साथ मुठभेड़ में ने एक लाख के ईनामी पल्लेवाया मिलिशिया प्लाटून कमांडर को मार गया है. सर्चिंग के दौरान मौके से नक्सली के शव के साथ बीजीएल लांचर, बीजीएल सेल, आईईडी और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है. मुठभेड़ में अनेक नक्सलियों के घायल होने की आशंका है.

    ग्राम गुमलनार गिरसापारा करकावाडा के बीच जंगल में इंद्रावती एरिया कमेटी सदस्य सगनु, कृष्णा, मिट्टू सहित 10-15 सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की आसूचना पर आसूचना पर 10 अगस्त को ज़िला दंतेवाड़ा के डीआरजी बस्तर फाइटर्स की स्माल एक्शन टीम एएसपी स्मृतिक राजनाला (भापुसे), डीएसपी राहुल कुमार उइके (रापुसे) के नेतृत्व में नक्सल गश्त सर्चिंग अभियान पर निकली थी.
     
    सर्च अभियान के दौरान 10 अगस्त को डीआरजी बस्तर फाइटर्स दंतेवाड़ा की टीम ग्राम गुमलनार गिरसापारा करकावाडा के बीच जंगल पहाड़ियों में पहुंचे ही थे कि माओवादियों ने सुरक्षाबलों को देखकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस पर सुरक्षाबलों ने मोर्चा सम्भाल कर जवाबी कार्यवाही की.
     
    सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से भाग खड़े हुए. फायरिंग रुकने पश्चात घटनास्थल की सर्चिंग करने पर मौक़े से एक पुरुष माओवादी का शव, बीजीएल लांचर, बीजीएल सेल, विस्फोटक सामग्री, आईईडी, नक्सल वर्दी जूते, चप्पल सहित नक्सल सामग्री बरामद हुआ है. इस मुठभेड़ में और भी नक्सलियों के घायल होने की प्रबल संभावना है.
  • छत्तीसगढ़ में जलप्रलय! कोरबा, बस्तर, सिमगा में भारी बारिश से मची तबाही, घर तक घुस गया मलबा और पानी

    29-Jul-2024

      दंतेवाड़ा जिला में एनएमडीसी के किरंदुल स्थित आयरन ओर प्रोजेक्ट 11- सी में बनाए गए संक टैँक से शनिवार को मलबा और तेज रफ्तार से जलप्रवाह ने पहाड़ी की तराई में बसे बंगाली कैंप व चार नंबर वार्ड को तरबतर कर दिया। सुबह आठ बजे मूसलाधार बारिश ने इस मलबा के प्रवाह को गति दे दी। इसके बाद पूरी रफ्तार से पहाड़ी से उतरे पानी व मलबा घरों के भीतर घुसने लगा।

    लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इधर बीते तीन दिन से यहां सीआरपीएफ व प्रशासन के जो लोग सहायता पहुंचा रहे थे। उन्होंने मौके की भयावहता को समझा व करीब 250 से अधिक घरों से रहवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस मर्तबा भी संक टैँक का मलबा बहता हुआ तराई में बसे बंगाली कैंप व चार नंबर वार्ड व आसपास बने कच्चे-पक्के घरों में घुस आया। घुटनों तक भरे मलबा ने सामानों को खासा नुकसान पहुचाया है। समय पर सभी को घरों से बाहन निकाल लिया गया इससे किसी की जान नहीं गई।
     
    किरंदुल इलाके में शुक्रवार की रात से बहुत अधिक बारिश हो रही है, इससे लौह अयस्क खदान का चूर्ण भी बहता हुआ बस्ती तक पहुंचने लगा। दो घंटे तक बारिश के बाद ढलान वाली सड़कों पर बोल्डर व छोटे बड़े झाड़ तक बहते नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है 21 जुलाई की तुलना में शनिवार को और तेज बारिश हो रही है। इसने बंगाली कैम्प,राय कैम्प,मल्लाप कैम्प, बाजार, कोडेनर ग्राम पंचायत, तालाब पार, सिंगापुर कैम्प,रेलवे स्टेशन, यहां तक कि कोडेनार पटेल पारा के किसानों के खेतों में भी लोहचूर्ण घुस गया है।
     
    कोरबा में जमकर हुई बारिश
     
    सावन में हो रही झमाझम बारिश से कोल इंडिया की सहयोगी कंपनी एसईसीएल का उत्पादन घटकर सामान्य दिनों की तुलना में आधा हो गया है। दुनिया की दूसरी और चौथी कोयला खदान क्रमश: गेवरा और कुसमुंडा में उत्पादन संकट गहरा गया है। रूक-रूक कर हो रही तेज बारिश से खदान की सड़कें गीली हो गई हैं और कोयला लेकर भारी गाड़ियों का खदान के भीतर से आना-जाना बेहद कम हो गया है। कोल इंडिया की मेगा प्रोजेक्ट गेवरा से कोयला उत्पादन 27 जुलाई को 54 हजार 800 टन दर्ज किया गया।
     
    जबकि बारिश शुरू होने से पहले गेवरा से रोजाना एक लाख 32 हजार टन कोयला बाहर निकल रहा था। बारिश का असर गेवरा ही नहीं कुसमुंडा पर भी पड़ा है और यहां से 45 हजार टन कोयला बाहर निकल रहा है, जबकि बारिश शुरू होने से पहले यहां से 90 हजार टन कोयला निकल रहा था। मानसून के सक्रिय होने से कोयला खदानों में जल का स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है और इससे मेगा प्रोजेक्ट दीपका भी अछूता नहीं है। यहां भी 35 से 40 हजार टन कोयला ही निकल पा रहा है।
     
    डैम टूटने से सिमगा के तीन गांव जलमग्न
     
    सिमगा ब्लॉक में दरचुरा गांव से लगा देवरीडीह डैम शुक्रवार को भरभराकर ढह गया। इससे दरचुरा समेत विश्रामपुर और गणेशपुर गांव जलमग्न हो गए। एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पहले दिन 150 और दूसरे दिन शनिवार को भी 37 लोगों को बाहर निकाला गया है। जिनके घर पानी में डूबे हुए हैं या तबाह हो गए, उनके रहने-खाने के लिए गणेशपुर में राहत कैंप बनाया गया है।
  • सुरक्षाबलों ने किया माओवादी कंपनी कमांडर के स्मारक को ध्वस्त

    28-Jul-2024

    दंतेवाड़ा। सुरक्षा बलों के जवानों ने नक्सलियों के शहीद स्मृति स्मारक को ध्वस्त किया है। जवानों ने नक्सलियों के शहीद सप्ताह को नाकाम करने में सफलता हासिल की। नक्सली हर साल 28 जुलाई से 3 अगस्त तक मारे गए नक्सली साथियों की याद में नक्सल शहीद स्मृति सप्ताह मनाते हैं।

     
    28 जुलाई को दंतेवाड़ा के थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम कोसलनार में माओवादी कंपनी कमांडर सतीश की याद में बनाए गए स्मारक और नक्सलियों के शहीद सप्ताह पर आयोजन किए जाने की सूचना सुरक्षा बलों को मिली थी। इस पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बस्तर फ़ाईटर्स के जवान सर्च अभियान के लिए रवाना हुए।
     
    सर्चिंग के दौरान फोर्स को कोसलनार ग्राम के उत्तर दिशा में टेंट व नक्सल स्मारक दिखाई दिया, जिसे माओवादियों ने पूर्व में मारे गए माओवादी सतीश की याद में बनाया था। उसके चारों ओर आयोजन के लिए तैयारी की गई थी। डीआरजी बस्तर फ़ाईटर्स के जवानों ने कार्रवाई करते हुए नक्सल स्मारक को ध्वस्त किया और नक्सलियों के शहीद सप्ताह को नाकाम करने में सफलता हासिल की।
  • आईएएस अफसर से विवाद के बाद पटवारी गिरफ्तार, संघ ने बताई एकतरफा कार्रवाई…

    12-Jul-2024

    दंतेवाड़ा :- दंतेवाड़ा जिले में SDM और प्रशिक्षु IAS अधिकारी जयंत नाहटा की शिकायत पर भैरमबंद हल्का के पटवारी किशोर दीवान के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। देर रात पटवारी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उन पर गैर जमानतीय धारा लगी है।

     
    पुलिस अफसरों के अनुसार आज शुक्रवार को पटवारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इन पर शासकीय काम में बाधा डालने और मारपीट का आरोप लगा है। इधर, पटवारी की तरफ से भी काउंटर शिकायत ले ली गई है। लेकिन मामला दर्ज न कर पुलिस इनके आवेदन की जांच करने की बात कह रही है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पटवारी संघ ने इसे पुलिस की एक तरफा कार्रवाई बताया है। बताया जा रहा है कि आज पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी भी दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। इस मामले को लेकर आगे क्या करना है इस पर रणनीति बनाएंगे।
  • पूर्व सरपंच की हत्या करने वाले दो हत्यारे गिरफ्तार

    24-Jun-2024

     दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा के किरंदुल थाना अंतर्गत हिरोली में पूर्व सरपंच नंदा राम की हत्या में पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन में इस वारदात में सफलता हेतु किरंदुल पुलिस का जांच दल गठित किया गया था। पुलिस द्वारा घटना में सफलता हासिल करने हेतु मुखबिर का सहारा लिया गया। पुलिस द्वारा घटना की गहन जांच की गई। इसके फलस्वरुप भूमा कड़ती एवं बुधराम तामो को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पुलिस को जानकारी में बताया कि गांव में पंडुम मनाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्व सरपंच नंदराम से उनका किसी मुद्दे पर विवाद हो गया था। विवाद इतना बड़ा कि दोनों ने दोनों आरोपियों ने मृतक को जान से मारने की योजना बना ली। पंडुम समाप्त होने के उपरांत नंदराम घर जा रहा था। दोनों आरोपियों द्वारा सफेद गमछे से मृतक के गले को कसकर दबा दिया गया। इसके उपरांत उसे घसीटते हुए झाडिय़ां तक ले गए। जहां उसके चेहरे और नाजुक अंगों पर अनेक वार किए गए। जिससे उसने दम तोड़ दिया। घटना के उपरांत मृतक के शव को झाडिय़ां में छिपा दिया गया। दोनों आरोपियों ने हत्या का अपराध स्वीकार किया। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त गमछा और अन्य हथियार भी बरामद कर लिए गये। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।

  • बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग करने वाला युवक गिरफ्तार

    21-May-2024

    अंबिकापुर। जिले के नवापारा मोहल्ले में घर के सामने वॉकर के सहारे चल रही बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्कूटी सवार युवक पता पूछने के बहाने रुका, जैसे ही महिला आगे बढ़ी झपट्टा मारकर गले से चेन छीनकर युवक फरार हो गया। जिसका सीसीटीवी भी सामने आया था। दरअसल, नावापरा के महाकालेश्वर शिव मंदिर के सामने व्यवसायी परिवार की सुमित्रा सोनी 8 मई की रात करीब 9 बजे दुकान से उठकर वॉकर के सहारे घर जा रही थी। उसके पास पहुंचे स्कूटी सवार युवक ने गले में पहने सोने की चेन खींच ली। इससे अनियंत्रित होकर सुमित्रा सोनी गिर गई। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और उसे उठाया। इस मामले की जांच करते हुए गांधीनगर पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के फरार होने के संभावित रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान आरोपी की पहचान कर ली गई। पुलिस ने घेराबंदी कर विकास जायसवाल (26) निवासी बलरामपुर को गिरफ्तार किया। वो हाल ही में भट्टी रोड़ में रह रहा था। आरोपी विकास जायसवाल ने बताया कि, 7 मई को वह नवापारा शिवमंदिर की ओर गया था, जहां उसने वृद्धा को सोने का चेन पहने देखा था। 8 मई को वह फिर से नवापारा स्कूटी से पहुंचा, जहां वृद्ध महिला अकेले वाकर के सहारे आते दिखी। उसने सोने की चेन खींची और महिला को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि उस सोने की चेन को उसने एक अपरिचित व्यक्ति को रुपए की आवश्यकता बताकर 3 हजार रुपए में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 3 हजार रुपए नगद बरामद किया है। महिला ने जो सोने की चेन पहनी थी, वह करीब डेढ़ तोले का था। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी और एक मोबाइल भी जब्त किया है। 

+ Load More
Top