सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने सूरजपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जुगेश्वर राजवाड़े नामक बाबू एक किसान से भूमि नामांतरण के नाम पर ₹25,000 की रिश्वत ले रहा था।
सूरजपुर। शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बसदेई में मत्स्य बीज उत्पादन कार्य का निरीक्षण कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू द्वारा किया गया। सहायक संचालक मछली पालन एम.एस. सोनवानी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को प्राप्त लक्ष्य स्पान उत्पादन 400 लाख एवं स्टैण्डर्ड फ्राई उत्पादन 80 लाख से अवगत कराया गया। इसके विरुद्ध में वर्तमान तक 120 लाख स्पान उत्पादन, प्राप्त कर लिया गया है और आगे भी कार्य जारी है। कलेक्टर द्वारा मत्स्य बीज उत्पादन हैचरी, स्पॉनिंग पूल, इनक्यूवेशन पूल, प्रजनक पोखर, संवर्धन पोखरों का अवलोकन कर स्पॉन, फ्राई, फिंगरलिंग की उपलब्धि के संबंध में जानकारी लिया गया। सहायक संचालक ने बताया कि जिले के मछुआ सहकारी समिति, मछुआ समूह एवं व्यक्तिगत मत्स्य कृषकों को माह अगस्त के प्रथम सप्ताह में 50 प्रतिशत अनुदान पर मत्स्य बीज फिंगरलिंग वितरण करना प्रारंभ कर दिया जायेगा। शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजना के तहत पंचायत के तालाबों को 10 वर्षीय लीज पर पट्टे में लेकर मछली व्यवसाय करने वाले महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़े सदस्यों के साथ कलेक्टर द्वारा चर्चा किया गया। जहां समूह के सदस्यों ने मौसमी तालाबों में मछली का उत्पादन कम एवं आमदनी 2000 रू0 होना बताया गया जो कि काफी कम है। तालाब डबरियों में कतला, रोहू, मृगल, ग्रास कार्प, कामन कार्प मछलियों के वृद्धि हेतु कम से कम 1 से 1.50 कि0ग्रा0 होने पर ही बाजार में विक्रय करें जिससे 50000 से 100000 तक की आमदनी में वृद्धि हो सके साथ ही एन.आर.एल.एम. के तहत आजीविका गतिविधियां बढ़ाने हेतु प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत पोण्ड लाईनर निर्माण कर पंगेशियस एवं तिलापिया प्रजाति का पालन कर मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु प्रेरित किया गया। संगता सहभागी ग्रामीण विकास संस्थान को निर्देशित करते हुये कम से कम 100 किसानों को आजीविका गतिविधि से जोड़कर नारी शक्ति को बढ़ावा देने मत्स्य पालन को व्यवसायिक स्तर तक ले जाने तथा अपने पास जो संसाधन है उसको और बेहतर कैसे करें जिससे अधिक से अधिक कृषकों लाभान्वित कर सकें। इसकी कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा जानकारी दी गई कि मनरेगा योजनान्तर्गत चयनित 981 डबरियां एवं मोर गांव मोर पानी के तहत निर्मित 90 जल संरचना और अमृत सरोवर तालाबों में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ तालाब/डबरियों के मेढ़ पर सब्जी एवं फलदार पौधे लगाने हेतु कार्य योजना तैयार किया जायेगा। संगता सहभागी ग्रामीण विकास संस्थान के फाउण्डर भूपेन्द्र बहादूर सिंह एवं नेचुरल फार्मिंग जल जीवन मिशन से सौरभ देवदत्त के द्वारा जानकारी दी गई कि विकासखण्ड प्रतापपुर में 391 भैयाथान में 175 एवं ओड़गी में 134 डबरियों का मत्स्य उत्पादन बढ़ाने हेतु चिन्हांकित किया गया है। जिसमें कलस्टर तैयार कर मत्स्य कृषकों द्वारा मत्स्य बीज फिंगरलिंग संचयन किया जावेगा। जिससे कृषि, बागवानी, पशुपालन के साथ-साथ मिश्रित खेती से उनके जीवन स्तर में बदलाव लाया जा सकेगा।
सरगुजा। सरगुजा जिले में 19 जून की शाम मैनी नदी में बहे दूसरी महिला का शव रविवार को बरामद किया गया है। महिला का शव घटना स्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर मिला। एक महिला का शव शनिवार सुबह नदी के बीच चट्टानों में फंसा मिला था। लापता बच्चों का अब तक पता नहीं चल सका है। पानी कम होने के बाद रेस्क्यू में तेजी आई है। दरअसल, सीतापुर थाना क्षेत्र के ढोढ़ागांव निवासी सोमारी (45), उसकी पोती अंकिता (8), पड़ोसी महिला बीनावती (27) और उसका मासूम बेटा आयरस (3) 19 जून की दोपहर मैनी नदी पार कर जंगल में पूटू बीनने गए थे। शाम को जब वे वापस लौट रहे थे, तो जशपुर जिले में हुई बारिश के कारण मैनी नदी का जलस्तर बढ़ गया था। नदी को पार करने के दौरान चारों बह गए। शनिवार को ग्रामीणों ने सोमारी का शव बहे स्थान से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर नदी के बीच चट्टानों में फंसा देखा था। एसडीआरएफ की टीम ने उफनती मैनी नदी से सोमारी का शव रस्सी से बांधकर बाहर खींचा। वहीं, लापता बीनावती और दो बच्चों की तलाश की जा रही थी। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी रेस्क्यू अभियान में शामिल हुए। लापता महिला और बच्चों की तलाश के लिए जशपुर और सरगुजा एसपी से बातचीत की।
रविवार को रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रविवार शाम को बीनावती का शव बहे स्थल से करीब 3.5 किलोमीटर से 4 किलोमीटर दूर नदी में तैरता मिला। दोनों महिलाओं के साथ बहे बच्चे अंकिता (8 साल) और आयरस (3 साल) का अब तक पता नहीं चल सका है। मैनी नदी जशपुर के मैनी से निकलकर सरगुजा से होकर वापस जशपुर में जाकर ईब नदी में मिल जाती है। आशंका है कि दोनों बच्चे बहकर दूर निकल गए हैं। एसडीआरएफ और पुलिस टीमें ग्रामीणों के साथ दोनों बच्चों की तलाश में जुटी है।
सूरजपुर/प्रतापपुर- जनपद पंचायत प्रतापपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बंशीपुर में रेत परिवहन के नाम पर की जा रही अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। खबर के प्रकाशन के बाद एसडीएम प्रतापपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए, जिसके तहत नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े के नेतृत्व में एक जांच दल का गठन किया गया।
सोमवार को नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े ने पटवारी के साथ बंशीपुर पहुंचकर मौके पर जांच की। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, समिति सदस्य, ट्रैक्टर मालिकों और स्थानीय ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। विशेष रूप से उस ग्राम समिति के सदस्यों से पूछताछ की गई, जिनके ऊपर रेत परिवहन करने वाले वाहनों से ₹200 प्रति ट्रैक्टर की अवैध वसूली का आरोप है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में हलचल मच गई। ग्राम पंचायत परिसर में तहसील प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों ने खुलकर बयान दिए और बताया कि यह वसूली किसके कहने पर और किस उद्देश्य से की जा रही थी। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह कार्य ग्राम पंचायत की जानकारी में होते हुए भी अनियमित रूप से संचालित किया जा रहा था।
नायब तहसीलदार ने समिति के सभी सदस्यों के बयान अलग-अलग दर्ज किए और पूरी प्रक्रिया का पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही रेत घाट से जुड़े ट्रैक्टर चालकों एवं मालिकों से भी पूछताछ कर उनका पक्ष जाना गया।
नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े ने बताया कि सभी बयानों एवं साक्ष्यों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अवैध वसूली की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम से यह साफ हो गया है कि क्षेत्रीय मीडिया की सजगता से शासन-प्रशासन सक्रिय हो रहा है और ग्रामीण स्तर पर हो रही अनियमितताओं पर अंकुश लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
सरगुजा। सरगुजा अंचल में ‘तेंदू पान’ के नाम से विख्यात तेंदूपत्ता का संग्रहण ग्रामीण क्षेत्र में कृषि के बाद लघु वनोपज संग्रहण ग्रामीणों के लिए अतिरिक्त आय का एक पूरक स्रोत है। राज्य के लाखों ग्रामीण प्रतिवर्ष तेंदूपत्ता संग्रहण में करते हैं, जिससे उन्हें खेती के अलावा अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिलता है। सरकार की पहल बनी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा तेंदूपत्ता दर में की गई 1500 रुपये प्रति बोरा वृद्धि ने संग्राहकों को आर्थिक मजबूती दी है। पहले जहां प्रति मानक बोरा की दर 4000 रुपए मिलता था, अब इसे बढ़ाकर 5500 रुपए कर दिया गया है। इस 1500 रुपए की वृद्धि से संग्राहकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इससे वन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी और ग्रामीण परिवारों को खेती के अतिरिक्त आमदनी का सशक्त स्रोत मिला है।
तेंदूपत्ता संकलन में सरगुजा जिला आगे, अब तक 97.28% लक्ष्य प्राप्त जिले में तेंदूपत्ता संग्रगण का कार्य तीव्र गति से जारी है। मिली रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कुल 36,200 मानक बोरा के लक्ष्य में से अब तक 35,217.129 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संकलन किया जा चुका है, जो कि कुल लक्ष्य का 97.28% है। दरिमा क्षेत्र के बरगवां समिति में तेंदूपत्ता बेचने आईं फूलेश्वरी ने बताया कि वे 2019 से तेंदूपत्ता संग्रहण कर रही हैं। उनका पूरा परिवार इस कार्य में सहभागी है। खेती-किसानी के साथ-साथ तेंदूपत्ता संग्रहण से उन्हें अच्छी आमदनी हो जाती है। फूलेश्वरी कहती हैं कि पहले की तुलना में अब काफी बेहतर मूल्य मिल रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और अन्य जरूरतों में आर्थिक सहायता मिल जाती है। तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत और सरकार की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि न केवल ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि राज्य की वानिकी अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य हर साल गर्मी के मौसम में होता है और इस दौरान हजारों ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, जंगलों से तेंदू पत्तों का संग्रहण कर समितियों को बेचती हैं। राज्य सरकार द्वारा तय की गई 5500 रुपए की नई दर ने न केवल तेंदूपत्ता संग्राहकों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाया है, बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाया है। तेंदूपत्ता जैसी लघु वनोपज को उचित मूल्य मिलने से वन क्षेत्र से जुड़े लोग आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं।
सूरजपुर। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे। रविवार को सूरजपुर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर उठाईगिरी की घटनाएं सामने आई, जिसमें तीन महिलाओं को ठगों ने अपना शिकार बनाया। पहली घटना सूरजपुर के मानपुर इलाके की है, जहां ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को बर्तन साफ करने का झांसा देकर उसकी सोने की चेन पार कर दी। वहीं दूसरी वारदात प्रतापपुर में हुई, जहां दो महिलाओं से सोने की अंगूठी और चेन की ठगी की गई।
जानकारी के अनुसार, ठगों ने पीतल और कांसे के बर्तन साफ करने के बहाने महिलाओं को अपने झांसे में लिया और मौका देखकर उनका कीमती सोने का सामान लेकर चंपत हो गए। दोनों ही वारदातों को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल में बैठकर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं।
सूरजपुर।जिले में अवैध खनिज संपदा का खनन संग्रहण व परिवहन काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन की ताजा कार्रवाई में छोटे स्तर के वाहनों को निशाना बनाकर अपनी सक्रियता का ढोल पीटा जा रहा है, जबकि बड़े तस्करों पर नकेल कसने में प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। यह स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब बलरामपुर जिले के सनवाल थाना क्षेत्र में रेत माफियाओं द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा हमले में आरक्षक शिवबचन सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई।
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार अभियान के तहत जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सख्त रुख अपनाया है। समस्याओं के समय पर समाधान न करने वाले गैरजिम्मेदारों पर एक्शन लेते हुए कलेक्टर ने पांच विभागों के छह अधिकारियों/कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार, पीएचई, स्वास्थ्य, नगरपालिका, क्रेडा और तहसील कार्यालय से संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का समाधान नहीं कर पाए। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने सभी को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सूरजपुर। जिले में 'गांव चलो अभियान' के तहत आज ग्राम पंचायत घुईडीह में मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने क्षेत्र की देवतुल्य जनता से आत्मीय मुलाकात कर सीधा संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश तिवारी, जनपद सदस्य गौरी सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण भी उपस्थित रहे। मंत्री रजवाड़े ने कहा कि 'हर गांव, हर नागरिक तक विकास की किरण पहुँचाना ही हमारी सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।' उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार विकास के हर आयाम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान इसी दिशा में एक सशक्त पहल है।
सरगुजा. मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में जच्चे और बच्चे दोनों की मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, जशपुर की युवती को डिलीवरी के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जच्चे-बच्चे की मौत हो गई. इस मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज अधीक्षक आरसी आर्य ने कहा, जशपुर से 19 वर्षीय अविवाहित युवती मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी. डॉक्टर ने जांच के दौरान फाउल स्पेलिंग डिस्चार्ज होने पर तत्काल सपोर्टिव ट्रीटमेंट देने के बाद ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के दौरान बच्चे की मौत पहले से हो चुकी थी. वहीं मरीज की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया था. मरीज को बचाने के लिए पूरा प्रयास किया गया, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका.
सूरजपुर। दूसरे चरण के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है. सूरजपुर जिले के प्रेमनगर रघुनाथपुर मतदान केंद्र में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी से नगर सैनिक ने मारपीट की. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, नगर सैनिक नशे में धुत था और उसने मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी से विवाद के बाद मारपीट कर दी. घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
सूरजपुर। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा को अच्छी सफलता मिली है। सीएम विष्णु देव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी की तीनों जिला पंचायत की सीट भाजपा जीतने में कामयाब रही। पूर्व मंत्री रेणुका सिंह की बेटी सूरजपुर जिले के प्रेमनगर इलाके से जिला पंचायत सदस्य बनने में सफल रही। रेणुका सिंह की बेटी मोनिका सिंह ने दिवंगत पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी शशि सिंह को करीब तीन हजार वोट से हराया। बलरामपुर जिले की दोनों जिला पंचायत की सीट भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। सूरजपुर इलाके में पूर्व सांसद खेलसाय सिंह की पुत्र वधु भी पिछड़ गईं। दूसरे चरण में 138 जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। इसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी अधिकांश जगहों पर जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।
सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर में नेशनल हाईवे के किनारे व्यवसायी के सूने मकान में चोरों ने करीब 3.50 लाख कैश और सोने-चांदी के जेवरात की चोरी की है। व्यवसायी का परिवार महाकुंभ जाने के लिए निकला था। सुबह रिश्तेदारों ने चोरी की सूचना दी। पुलिस डॉग स्क्वायड और आसपास के CCTV फुटेज के जरिए जांच कर रही है। दरअसल, अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सुमन पेट्रोलियम के पास व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल रहते हैं। उनका परिवार कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाने शनिवार रात करीब 9 बजे लखनपुर से रवाना हुआ। रविवार सुबह सुरेंद्र अग्रवाल के घर का ताला टूटा मिला। घर के अलमारी का ताला टूटा मिला। उसके अंदर रखे कैश और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। घटना की सूचना पर लखनपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरेंद्र अग्रवाल के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड को भी पुलिस ने मौके पर बुलाया। डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में कोई बड़ी लीड नहीं मिली है। व्यवसायी के अनुसार, घर की अलमारी में करीब 3.50 लाख रुपए नगद, 12 तोले से अधिक सोने के जेवर और चांदी के जेवर रखे थे। कुल चोरी 12 लाख रुपए से अधिक की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में क्या मिला है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सुरेंद्र अग्रवाल गल्ले का कारोबार करते हैं। घर के महिलाओं के जेवरों की चोरी हुई है। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यवसायी परिवार के लौटने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि, घटना में किन वस्तुओं और जेवरातों की चोरी हुई है।
सरगुजा. अंबिकापुर में जमीन से कब्जा खाली कराने वाले गैंग को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है. अंबिकापुर में हरियाणा के गुर्गे जमीन पर कब्जा खाली कराने का काम करते थे. सीतापुर इलाके में बाइक लूट के बाद गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अमोलक सिंह ढिल्लो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह जमीन माफियाओं के लिए अंबिकापुर में काम करने का प्लान बनाया था. सीतापुर इलाके में बाइक लूट के बाद गिरोह को पकड़ा गया है. ठेकेदार मनीष अग्रवाल के कर्मचारी की बाइक को गिरोह ने लूटा था. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी रोहतक हरियाणा के रहने वाले हैं. आरोपी बाइक लूट के बाद फरार हो गए थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांधीनगर क्षेत्र के सुभाषनगर से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरोह से एक कट्टा, डंडा, स्कॉर्पियो व बाइक जब्त किया गया है. स्कॉर्पियो हरियाणा नंबर की थी इसलिए CG नंबर की बाइक लूटे थे, ताकि लोगों को स्थानीय नंबर की बाइक पर घूमने से शक न हो.
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक गांव में जादू-टोना करने के संदेह में एक परिवार के चार सदस्यों ने 65 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने ओडगी थाना क्षेत्र के सावरवा गांव में 14 नवंबर को हुई हत्या के आरोप में एक दंपति और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान प्राण साईं (59), उनकी पत्नी मुन्नी बाई (57), उनके बेटों मुकेश (18) और मुकुम (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि प्राण साईं के एक अन्य बेटे ने तीन-चार साल पहले आत्महत्या कर ली थी। परिवार का मानना है कि यह मौत पीड़िता नानकी बाई द्वारा किए गए काले जादू का नतीजा है। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को मुकेश ने बुजुर्ग महिला को घर बुलाया और उसे शराब पिलाई, जिसके बाद मुन्नी बाई ने पीड़िता पर जादू-टोना करके उसके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। मुकेश ने महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उसके भाई ने उसका गला घोंट दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसके बाद परिवार शव को पास के जंगल में ले गया और आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे पेड़ से लटका दिया। ग्रामीणों ने 16 नवंबर को शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सूरजपुर। कलेक्टर एस.जयवर्धन ग्राम केरता मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। जहां उन्होंने गन्ना खरीदी और शक्कर उत्पादन के संबंध में उपस्थित संबंधित अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। विगत पेराई सत्र 23-24 के सम्बंध में भी जानकारी ली। जिसमें संबंधित द्वारा बताया गया कि सूरजपुर, अंबिकापुर एवं बलरामपुर के तीनों जिलों के 16 विकासखंड के 9358.509 हेक्टेयर गन्ना रकबा से कुल 2,62,814.624 मीट्रिक टन गन्ना पेराई किया गया है। कलेक्टर ने पूरे कारखाने का बारीकी से अवलोकन किया व कार्यप्रणाली से अवगत हुए। उन्होंने कारखाने में लगे 06 मेगावाट पावर टरबाइन का निरीक्षण भी किया।उन्होंने क्षेत्र के गन्ना उत्पादक कृषकों के जीवन स्तर में सुधार हो और उनकी आय में वृद्धि हो इसके लिए उपस्थित संबंधित अधिकारी को किसान बंधुओं गन्ने के उत्पादन के संबंध में जानकारियां उपलब्ध कराने की निर्देश दिए। जिससे कि वो अच्छी किस्म व उच्च गुणवत्ता वाले गन्ने के उत्पादन का उत्पादन कर अपने जीवन स्तर को सकारात्मक दिशा दे सकें।
मनेंद्रगढ़। सूरजपुर जिले में प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी की सोमवार को बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है. वहीं मंगलवार को मां और बेटी का जनाजा गृह ग्राम मनेंद्रगढ़ से उठाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. इस दौरान पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर जनाजा को कंधा दिया.
सूरजपुर। सूरजपुर हत्याकांड से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है. प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी कुलदीप साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सूरजपुर पुलिस की टीम ने आरोपी को झारखंड से आ रही यात्री बस से गिरफ्तार किया है. पुलिस कर्मी को घायल और दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था. मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी से बलरामपुर साइबर सेल में पूछताछ की जा रही है. पुलिस जल्द ही सूरजपुर हत्याकांड से जुड़े मामले का खुलासा करेगी. बता दें कि रविवार को सूरजपुर के चौपाटी में एक पुलिसकर्मी से कुलदीप साहू ने बहस किया. यह कहकर कि ‘तुम्हारी पुलिस मेरे जीना हराम कर रखी है’. जिसपर आरक्षक ने कहा ‘मैं तो एक आरक्षक हूं, वरिष्ठ अधिकारी जो कर रहे होंगे, मुझे क्या पता’ तो उसने होटल में कढ़ाई में रखा खौलते हुआ तेल फेंक दिया.
Adv