बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • बालोद, केशकाल गैंगरेप की घटना सरकार के माथे पर कलंक...

    06-Mar-2026

     

    रायपुर। प्रदेश में एक दिन के अंदर दो-दो गैंगरेप की घटनाये चिंता का विषय है। यह घटना सरकार के माथे पर कलंक है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि राज्य में जब से भाजपा की सरकार बनी है, महिलाये असुरक्षित हो गयी है। बालोद जिले के दल्लीराजहरा में एक नाबालिक लड़की से सामूहिक दुराचार के बाद पीड़िता का वीडियो बनाकर प्रचारित करने का दुस्साहस आरोपियो ने किया। इसी प्रकार केशकाल में भी एक 19 वर्षिय युवती के साथ गैंगरेप की घटना हो गयी। इस युवती के घर में घुसकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। यह घटनाये बताती है कि प्रदेश में महिलाये अपने घरों अपने गांव में भी सुरक्षित नहीं है। साय सरकार महिलाओं को जीवन जीने के लिये सुरक्षित वातावरण देने में नाकामयाब हो गयी है।
     
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ की बहन बेटियों को भय मुक्त वातावरण देने में पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। विगत दो वर्ष भीतर ही प्रदेश में दुष्कर्म के 6191 प्रकरण दर्ज किए गए, अर्थात रोज 9 महिला या बच्चियों से दुष्कर्म की घटनाएं घट रही हैं, हर 3 घंटे में कोई ना कोई महिला रेप का शिकार होने मजबूर है, कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। सबसे ज्यादा दुष्कर्म और चाकूबाजी राजधानी रायपुर में ही हो रही हैं, बिलासपुर और कोरबा दूसरे और तीसरे स्थान पर है। भाजपा सरकार के रिकॉर्ड में ही बीते 2 साल के दौरान प्रदेश में 2114 हत्याएं हुई, 1458 लूट की घटनाएं कारित की गई, अपहरण के 5644, प्रकरण, चोरी के 7960 मामले और डकैती के 56 प्रकरण दर्ज हैं। अपराधी बेलगाम है और छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ भाजपा की सरकार आने के बाद से लगातार बढ़ रहा है जरा भी नैतिकता है तो गृह मंत्री स्वयम इस्तीफा दे या साय सरकार उन्हें तत्काल बर्खास्त करें।
  • रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे में हुए सड़क हादसे के घायलों से मिलने मेकाहारा अस्पताल पहुंचे मंत्री टंक राम वर्मा...

    06-Mar-2026

    घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी - मंत्री टंक राम वर्मा

     
    रायपुर। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर सिमगा के समीप हुए बस हादसे के बाद राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मेकाहारा हॉस्पिटल पहुंचे। मंत्री ने घायलों एवं उनके परिजनों से एक-एक बेड पर जाकर बात कीं और हादसे की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने घायलों को हर संभव मदद करने का भी भरोसा दिया। 
     
    इस दौरान चिकित्सकों ने मंत्री को अब तक किए गए इलाज और मरीजों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
     
    राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि यह एक हृदयविदारक घटना है।सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
  • जुनेजा परिवार ने कुष्ठ रोगियों के साथ खेली होली...

    06-Mar-2026

     

    रायपुर। उत्तर के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा ने अपने परिवार सहित कुष्ठ बस्ती में निवासरत कुष्ठ रोगियों के साथ सादगी और अपनत्व के साथ होली मनाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ रंग-गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं।
     
    श्री जुनेजा पिछले कई वर्षों से हर वर्ष होली का पर्व कुष्ठ बस्ती के साथियों के साथ मनाते आ रहे हैं। उनका कहना है कि त्योहार खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देता है।
     
    इस अवसर पर जुनेजा परिवार के सदस्यों ने कुष्ठ बस्ती के निवासियों के साथ समय बिताया और सभी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
  • होली का जश्न: चार दिनों में रायपुर के शराब प्रेमियों ने गटक दी 58 करोड़ 10 लाख की शराब...

    06-Mar-2026
     
    रायपुर। होली त्योहार का हुआ मानों शौकिनों के लिए मश्ती-मजा का मौका हो गया। होली के दौरान महज चार दिनों में रायपुर के शराब प्रेमी 58 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब गटक गए। पिछले साल की तुलना में इस बार 91 लाख रुपए की शराब लोगों ने ज्यादा पी है।
     
    होली खत्म होने के बाद आबकारी विभाग ने रायपुर जिले में हुई शराब बिक्री का आंकड़ा जारी किया है। यह आंकड़ा होली के दौरान शराब दुकान बंद होने से तीन दिन पहले और एक दिन बाद का है। कुल मिलाकर चार दिनों का यह आंकड़ा बेहद दिलचस्प है, जो शराब के अर्थशास्त्र को बताता है।
    होली के दिन याने 4 मार्च को शराब दुकान बंद थी, लेकिन होली की खुमारी अगले दिन भी छाई रही, नतीजतन शौकिनों ने 5 मार्च को महज 8 करोड़ 31 लाख रुपए की ही शराब पी. लेकिन असली खरीदारी तो होली के पहले हुई. होली के एक दिन पहले लोगों ने 21 करोड़ 73 लाख रुपए की शराब पी. इसके एक दिन पहले याने 2 मार्च को शराब खरीदी का आंकड़ा 15 करोड़ 94 लाख रुपए का रहा, और उसके एक दिन पहले होली के तीन दिन पहले 1 मार्च को लोगों ने 12 करोड़ 11 लाख रुपए की शराब पी।
     
    आंकड़े बताते हैं कि इस साल शराब प्रेमी होली के दौरान कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे, इसलिए तीन दिन पहले ही शराब का स्टॉक कर लिया। तीन दिन पहले बिक्री का आंकड़ा बीते साल की तुलना में 30.3 प्रतिशत ज्यादा शराब पी, क्या करें कि शराब खरीदी। वहीं अगले दो दिन और होली के बाद अगले दिन लोगों ने बीते साल की तुलना में कम शराब पी. हालांकि, यह अंतर अधिकतम 5.6 प्रतिशत का ही है।
     
    आबकारी विभाग के आंकड़े बताते हैं कि देशी की बजाए विदेशी शराब की मांग बढ़ती जा रही है। चार दिन के आंकड़ों में 1 मार्च को छोड़कर बाकी के तीनों दिन बीते साल की तुलना में देशी शराब की बिक्री कम रही। जिस दिन बीते साल की तुलना में बिक्री बढ़ी भी तो महज 7.7 प्रतिशत। वहीं बिक्री के हिसाब से भले ही विदेशी स्प्रिट और देशी शराब की तुलना में तीसरे पायदान पर हो, लेकिन सबसे ज्यादा वृद्धि यहीं देखने को मिली है। 60 प्रतिशत तक इसकी तुलना में विदेशी स्प्रिट बिक्री के मामले में देशी और विदेशी माल्ट की तुलना में सर्वाधिक रही।
  • यात्रीगण कृपया ध्यान दें! 30 मार्च से 11 अप्रैल तक घर से निकलने से पहले देख लें ये खबर, रद्द हो गई हैं कई ट्रेनें...

    06-Mar-2026

     

    बिलासपुर। रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आ रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में चल रहे चौथी लाइन निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहने वाला है। हावड़ा–मुंबई मुख्य रेल लाइन पर स्थित बिलासपुर– झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में बिलासपुर–चांपा सेक्शन के बीच अकलतरा स्टेशन में यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के कारण 30 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है।
    रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें –
    31 मार्च से 11 अप्रैल तक बिलासपुर–रायगढ़ मेमू, रायगढ़–बिलासपुर मेमू, गेवरा रोड–रायपुर मेमू, बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू और बिलासपुर–कोरबा मेमू समेत कई ट्रेनें रद्द रहेंगी।इसके अलावा 30 मार्च से 10 अप्रैल तक रायपुर–कोरबा पैसेंजर और रायपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर भी रद्द रहेगी।
    आंशिक रूप से प्रभावित ट्रेनें 
    31 मार्च से 11 अप्रैल तक गोंदिया–झारसुगुड़ा पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन में ही समाप्त होगी। वहीं झारसुगुड़ा–गोंदिया पैसेंजर बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी और झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच सेवा रद्द रहेगी।
    यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कोरबा–रायपुर–कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को 31 मार्च से 11 अप्रैल तक कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES या 139 पर गाड़ी की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
  • बलौदा बाजार तहसील कार्यालय में भीषण आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की कई गाड़ियां; सामान जलकर खाक...

    06-Mar-2026

     

    बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से बड़ी सामने आ रही है। शुक्रवार सुबह अचानक तहसील कार्यालय में भीषण आग (Balodabazar Tehsil Office Fire) लग गयी। आगजनी के बाद अफरा तफरी मच गयी. हालाँकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
    घटना बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय की है। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे की है। शुक्रवार सुबह अचानक एसडीओपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग में आग लग गयी। उस समय ऑफिस में कर्मचारी नहीं थे। आग धीरे धीरे तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम तक पहुंच गयी।
    तहसील ऑफिस से आग की लपटें और धुआं उठते देखा स्थानीय लोगों को पता चला इसकी सूचना जिसला प्रशासन और दमकल विभाग की टीम को दी गयी। सूचना के बाद अधिकारी व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। साथ ही स्थनीय लोगों की मदद से दस्तावेजों और राजस्व रीकॉर्ड को बाहर निकाला गया।
    घंटों बाद कड़ी मशक्कत से आग पर तो काबू पा लिया गया लेकिन ऑफिस के चेयर-फर्नीचर जल गए। हालाँकि जरूरी डाक्यूमेंट्स को बचा लिया गया है। फ़िलहाल अभी कितने का नुक्सान हुआ है इसकी जानकारी नहीं है।
    तहसील ऑफिस में आग कैसे लगी
    आग किस वजह से लगी है अभी इसका पता नहीं चल सका है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.ल। जाँच के बाद ही आग लगने का कारण सामने आएगा।
  • धारदार तलवार के साथ आतंकित करने वाले आरोपीयो को किया गया गिरफ्तार...

    06-Mar-2026

     

    रायपुर। दिनांक 05.03.26 को कुछ व्यक्तियों के द्वारा ताजनगर क्षेत्र में तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका कर आतंकित करने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर थाना सिविल लाईन के द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्यवाही की जा रही है l
     
    आरोपी...
    01. अरबाज खान पिता शेख जमलुद्दीन उम्र 24 साल पता तक नगर पंडरी पुलिस चौकी के पास थाना सिविल लाइन।
    02. ⁠दुर्गेश साहू उर्फ़ जरहा पिता देवानंद साहू उम्र 26 साल पता काली नगर पुलिस चौकी के पास थाना सिविल लाइन।
    03. ⁠नंदन राय पिता स्वर्गीय अमल कृष्ण राय उम्र 40 साल पता पंडरी गांधीनगर चंद्राकर किराना स्टोर के पास थाना सिविल लाइन।
  • फाफाडीह में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने वाले मामले का खुलासा...

    06-Mar-2026

    घर से घुमाने साथ लेकर गया दोस्त ही निकला कातिल, 12 घंटे के भीतर पुलिस ने पकड़ा आरोपी।

    एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्यवाही।
     
    रायपुर। दिनांक 05.03.2026 को प्रातः लगभग 10 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी, फाफाडीह के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही मध्य जोन डीसीपी और एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी समेत थाने के पुलिस अधिकारी एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक पंचनामा एवं साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।
    जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी चूना भट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों द्वारा बताया गया कि मृतक सुबह लगभग 08:00 बजे घर से किसी परिचित युवक के साथ बाहर जाने की बात कहकर निकला था।
    मामले की जांच के दौरान मृतक के निवास स्थान के आसपास एवं घटना स्थल कॉलोनी के पीछे होटल लाइन के बैक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का क्रमबद्ध अवलोकन किया गया। प्राप्त फुटेज के आधार पर यह पुष्टि हो गई कि परिजनों के बताए अनुसार चुनाभट्ठी निवासी युवक बिट्टू यादव उम्र 19 वर्ष जो घर से राजा साहू को साथ लेकर निकला था, वही अपनी मृतक राजा साहू घटना स्थल पर भी मौजूद था जिसके बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पतासाजी कर घेराबंदी करते हुए को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी बिट्टू और मृतक राजा साथ घूमना फिरना करते थे और कुछ दिन पहले राजा से बिट्टू की गाड़ी में हुई टूट फूट का पैसा आरोपी मृतक से मांग रहा था और बार बार पैसे मांगने पर भी न मिलने से नाराज था इसी बात को लेकर जब सुबह दोनों की बहस बढ़ी तो आवेश में आरोपी ने मृतक पर हमला कर दिया और वह मौके पर से भाग गया ।
    फिलहाल आरोपी हिरासत में है और उससे पूछताछ कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।
     
    डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में सीसीटीवी अवलोकन आरोपी पताशाजी और एविडेंस कलेक्शन के लिए पृथक पृथक टीम बनाकर घटना के महज 12 घंटे के भीतर प्रकरण का खुलासा और आरोपी की धर पकड़ में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है।
  • बलवा तथा हत्या की घटना को अंजाम देने वाले 07 आरोपी तथा विधि के साथ संघर्षरत 01 बालक सहित कुल 08 गिरफ्तार...

    06-Mar-2026

    आपसी विवाद बना हत्या का कारण

     
    रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी मोनू ठाकुर ने थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराया की दिनांक 04.03.2026 को वह मोहल्ले में दूर्गा चौक के पास होली खेल रहा था उसी समय नीरज लोधी अपने मो.सा. क्रमांक CG04HR6547 से आया चाय पीने चलते है बोला तब निलेश लोधी के साथ मो.सा. में बैठे नीरज लोधी मो.सा. चला रहा था, जैसे ही केंवसी साहू पारा संदीप किराना स्टोर के पास 11.30 बजे पहुंचे थे वही पर ध्रुव निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू एवं योगेन्द्र ऊर्फ बीरू व अन्य खड़े थे जो रंग गुलाल लगाने के लिये रोके और मो.सा. कि चाबी निकाल लिये जिस पर नीरज लोधी द्वारा रंग गुलाल मत लगाओ बोलने पर ध्रुव निषाद एवं उसके साथी द्वारा तीनो को बाईक से गिरा दिया गया, जिसके बाद मोनू ठाकुर व नीलेश लोधी भागने लगा तो ध्रुव निषाद ने मोनू ठाकुर को पकड कर मारने लगा जिसे महेन्द्र वर्मा द्वारा बीच बचाव कर छुड़ाया तभी संजू निषाद एवम उसके साथियों द्वारा अपने पास रखे चाकू से नीरज लोधी के सीना, पीठ एवं कमर पर वार कर उसकी हत्या कर दिया गया। जिस पर आरोपियों के विरुद्ध थाना आरंग में अप क्र 134/2026 धारा 126(2), 103(1), 189, 190, 191(3) बी एन एस का अपराध पपंजीबद् किया गया। 
     
           वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी आरंग के नेतृत्व में थाना आरंग पुलिस की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी करते हुए प्रकरण में आरोपी मनीष कुमार निषाद, योगेंद्र निषाद, गौतम कुमार साहू, भोजराम निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू, धनेश निषाद तथा 01 बालक जो विधि के साथ संघर्षरत है को गिरफ्तार कर उनके *कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा चूड़ा जप्त* कर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही किया गया है । 
     
    गिरफ्तार -
    1. मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू पिता संतोष कुमार निषाद उम्र 21 वर्ष निवासी आरंग रायपुर।
    2. योगेन्द्र निषाद उर्फ बीरू उर्फ बाऊ पिता बिन्देश निषाद उम्र 24 वर्ष निवासी थाना आरंग रायपुर।
    3. गौतम कुमार साहू पिता योगेन्द्र कुमार साहू उम्र 23 वर्ष निवासी थाना आरंग रायपुर।
    4. भोजराम निषाद उर्फ भोजू उर्फ भोज पिता पुनेश निषाद उम्र 24 वर्ष निवासी थाना आरंग रायपुर।
    5. राहुल साहू पिता सुशील साहू उम्र 23 वर्ष निवासी थाना आरंग रायपुर।
    6. नेमीचंद साहू पिता सुशील साहू उम्र 19 वर्ष निवासी थाना आरंग रायपुर।
    7. धनेश निषाद पिता कांशीराम निषाद उम्र 30 वर्ष निवासी थाना आरंग रायपुर।
    8. विधि के साथ संघर्षरत 01 बालक।
  • हत्या की घटना को अंजाम देने वाले 02 भाई गिरफ्तार...

    06-Mar-2026
    मृतक तथा आरोपियान है आपस में भाई।
    पारिवारिक विवाद बना हत्या का कारण।
     
    रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी लोकनाथ विश्वकर्मा ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराया की दिनांक 04.03.2026 की सुबह 09.00 बजे उसके पुत्र कमलेश विश्वकर्मा के बच्चे की तबियत खराब होने पर दिनेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा उसके बच्चे को अस्पताल लें जाया गया था, जिस पर कमलेश विश्वकर्मा तथा अखिलेश विश्वकर्मा द्वारा दिनेश विश्वकर्मा से तुम अस्पताल क्यों ले गए पूछते हुए विवाद करने लगे तथा दिनेश विश्वकर्मा से हाथ मुक्का तथा डंडा से मारपिट करते हुए उसकी हत्या कर दिए। जिस पर आरोपियों के विरुद्ध थाना विधानसभा में अप क्र 81/2026 धारा 103(1), 3(5) बी एन एस का अपराध पपंजीबद् किया गया। 
     
           वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में थाना विधानसभा की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रकरण में आरोपी कमलेश विश्वकर्मा तथा अखिलेश विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर उनके *कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त* कर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही किया गया है । 
     
    गिरफ्तार आरोपी -
    01. कमलेश विश्वकर्मा पिता लोकनाथ विश्वकर्मा उम्र 27 साल निवासी ग्राम मटिया थाना विधानसभा रायपुर।
    02. अखिलेश विश्वकर्मा पिता लोकनाथ विश्वकर्मा उम्र 32 साल निवासी ग्राम मटिया थाना विधानसभा रायपुर।
  • छात्रवृत्ति समर्पण भाजपा सरकार का नया षडयंत्र, पालकों से छात्रवृत्ति नहीं लेने सहमतिपत्र का दबाव...

    05-Mar-2026

     

    रायपुर। सरकार पर स्कूली छात्रों से छात्रवृत्ति समर्पण के लिए जबरिया दबाव बनाकर फर्जी सहमति लिखवाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि इस शिक्षण सत्र में सरकार का एक नया षड्यंत्र उजागर हुआ है। जटिल प्रक्रिया, पोर्टल के अव्यावहारिक शर्ते और त्रुटिपूर्ण व्यवस्था से परेशान छात्र और पालको से छात्रवृत्ति समर्पण की सहमति पत्र लिखवाई जा रही है, ताकि उसके आधार पर छात्रों को छात्रवृत्ति की राशि से वंचित किया जा सके। जैसे धान खरीदी में किसानों से जबरिया रकबा समर्पण करवाया गया उसी तर्ज पर आरक्षित वर्ग के छात्रों से छात्रवृत्ति समर्पण करवाया जा रहा है।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि पूर्व में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूली छात्रों के पालकों के बैंक अकाउंट में छात्रवृत्ति भेजने की व्यवस्था थी लेकिन अब नाबालिक बच्चों के भी नाम का ही अकाउंट होना चाहिए, तीसरी से आठवीं कक्षा के बच्चों के लिए बैंक अकाउंट खोलना बेहद कठिन हैं, बैंक के चक्कर काटते पालक थक चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं निकला गया। आरक्षित वर्ग के गरीब बच्चों के लिए छात्रवृत्ति के एक राशि ही नहीं बल्कि पढ़ाई के एक व्यवस्था है, आर्थिक मदद है जिससे बच्चे अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को जारी रख पाते हैं, शैक्षणिक सत्र ख़त्म होने को है लेकिन इस साल के छात्रवृत्ति मद का पैसा बच्चों को नहीं मिला।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ छात्रवृत्ति पोर्टल में किए गए व्यवहारिक बदलाव के चलते लाखों की संख्या में छात्र छात्रवृत्ति की राशि से वंचित कर दिए गए हैं। यह सरकार बिना तैयारी के जन कल्याणकारी योजनाओं में इसी तरह से लगातार अव्यावहारिक शर्ते दुर्भावना पूर्वक लगाए जा रही है ताकि पात्र हितग्रहियों को योजनाओं के लाभ से वंचित किया जाए।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि राशन कार्ड में आधार लिंक की अनिवार्यता और बैंक खाता से आधार लिंक के साथ ही सभी दस्तावेजों में से किसी में मामूली स्पेलिंग मिसमैच भी पोर्टल में अमान्य कर दिया जा रहा है, जिसे सुधरवाने के लिए कोई सुविधा पृथक से छात्रों को उपलब्ध नहीं है, बैंकों में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। आधार कार्ड और राशन कार्ड में अपडेट करवाने छात्र, पालक और शिक्षक सभी परेशान हैं।
  • प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृ स्वास्थ्य को मिला संबल...

    05-Mar-2026

     

    महासमुंद। केंद्र सरकार द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जिले में महिलाओं के लिए एक सहारा साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण, स्वास्थ्य जांच और देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह योजना देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित करना है।
     
    महासमुंद जिले में इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में अब तक 4928 हितग्राही नामांकित हैं। योजना के अंतर्गत प्रथम संतान के लिए 3914 महिलाओं को प्रथम किस्त की राशि प्रदान की जा चुकी है, जबकि 3532 महिलाओं को द्वितीय किस्त का भुगतान भी किया गया है। इसके साथ ही योजना के प्रावधानों के अनुसार द्वितीय बालिका के जन्म पर 812 महिलाओं को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना अंतर्गत पंजीयन के बाद गर्भावस्था के सातवें माह में 3000 रुपए और प्रसव के बाद साढ़े तीन माह बाद बच्चे को टीका लगने के पश्चात 2000 रुपए प्रदान किए जाते हैं। वहीं डिलीवरी में यदि बालिका जन्म लेती है, तो माताओं को 6000 रुपए की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाती है, एक पहल जो बेटियों के जन्म को सम्मान और सुरक्षा देती है।
     
    जिले में योजना अंतर्गत इस वर्ष प्रथम संतान के लिए जारी प्रथम किस्त की भुगतान राशि से 3914 महिला हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इस क्रम में महासमुंद शहरी क्षेत्र की 292 महिला हितग्राही, महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र की 822 हितग्राही, बागबाहरा विकासखण्ड की 860 हितग्राही, पिथौरा विकासखण्ड की 579 हितग्राही, बसना विकासखण्ड की 764 हितग्राही तथा सरायपाली विकासखण्ड की 597 महिला हितग्राहियों को प्रथम किस्त की राशि प्रदान की गई है। इसी तरह योजना अंतर्गत द्वितीय किस्त के भुगतान से 3532 महिला हितग्राही लाभान्वित हुई हैं। इसमें महासमुंद शहरी क्षेत्र की 214 महिला हितग्राही, महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र की 615 हितग्राही, बागबाहरा विकासखण्ड की 796 हितग्राही, पिथौरा विकासखण्ड की 492 हितग्राही, बसना विकासखण्ड की 763 हितग्राही तथा सरायपाली विकासखण्ड की 652 महिला हितग्राहियों को द्वितीय किस्त की राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा द्वितीय बालिका के जन्म पर प्रोत्साहन स्वरूप योजना के अंतर्गत भुगतान किए गए हितग्राहियों में महासमुंद शहरी क्षेत्र की 72 महिला हितग्राही शामिल हैं। वहीं बागबाहरा विकासखण्ड की 171, पिथौरा विकासखण्ड की 96, बसना विकासखण्ड की 160 तथा सरायपाली विकासखण्ड की 100 महिला हितग्राहियों को योजना के तहत निर्धारित राशि का भुगतान कर लाभान्वित किया गया है।
     
    योजना से लाभान्वित माताओं ने कहा कि इस आर्थिक सहयोग से गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखभाल करना आसान हुआ है। इससे न केवल माताओं का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है बल्कि नवजात शिशुओं के सुरक्षित जन्म और स्वस्थ भविष्य को भी मजबूती मिली है।
     
    महिला बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगातार पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराया जा रहा है तथा उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। शासन की मंशानुरूप जिले की प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
  • अजीत जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता 8 मार्च को...

    05-Mar-2026

     

    एमसीबी। खेल व युवा कल्याण विभाग से मिली जानकारी अनुसार 8 मार्च अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के बालिका एवं महिलाओं को खेल के प्रति उत्साहित एवं बढ़ावा देने के उद्देश्य से 01 दिवसीय जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबाल, कबड्डी, शतरंज (इंडोर एवं आउटडोर गेम्स) को शामिल किया गया है। जिसमें आयु सीमा 12 वर्ष से ऊपर की बालिकाएं एवं महिलाएं भाग ले सकती है।
     
    उन्होने बताया कि जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता 8 मार्च प्रातः 10 से स्वामी आत्मानंद विद्यालय मनेन्द्रगढ़ खेल मैदान में किया जाना है। इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन एवं खेल युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है।
  • बैगा-बिरहोर आदिवासियों के गांव पहुंचे राज्यपाल, योजनाओं का जाना हाल...

    05-Mar-2026
     
    बिलासपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान कोटा विकासखंड के शिवतराई पहुंचकर बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने उनकी जीवनशैली, पारंपरिक संस्कृति तथा शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने आर्चरी के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खिलाड़ियों को लोकभवन रायपुर आने का निमंत्रण दिया तथा कलेक्टर को उनके आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
     
    राज्यपाल डेका ने करका की लखपति दीदी प्रमिला बैगा से चर्चा की। उन्होंने बताया कि वे गोंदा स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह की रश्मि मरावी ने बताया कि उनके समूह द्वारा सिलाई-मशीन का काम, अचार-पापड़ निर्माण सहित अन्य आजीविका गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बैगा महिलाओं द्वारा बांस से विभिन्न उपयोगी उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन, पीएम जनमन योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। औरापानी की मंगली ने बताया कि उन्हें आवास योजना का लाभ मिला है। शिवतराई की ममता खुसरो ने बताया कि उन्हें आयुष्मान कार्ड के साथ महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से अपना अल्सर का ऑपरेशन भी कराया है।
     
    राज्यपाल ने कहा कि बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उनकी पहचान हैं। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति को सहेजकर रखने का आग्रह करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ते हुए भी अपनी परंपराओं को विलुप्त न होने दें। उन्होंने कहा कि बांस के उत्पाद और पारंपरिक गहने बनाना सिखाने के लिए प्रशिक्षक की भी व्यवस्था की जाएगी। राज्यपाल ने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया। इस दौरान सरपंच ने बताया कि यहां पीएम जनमन योजना के तहत 265 आवास स्वीकृत हुए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में पीवीटीजी समुदाय के लगभग 6400 लोग 54 बसाहटों में निवासरत हैं। पीएम जनमन योजना के तहत लगभग 900 आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 21 सड़कों का निर्माण किया गया है। टाटीधार में बहुद्देशीय केंद्र बनाया गया है। पीवीटीजी बसाहटों में 3 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
     
    राज्यपाल ने निर्देश दिए कि पीएम जनमन योजना का अधिक से अधिक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए तथा नियमित रूप से मेडिकल कैंप लगाए जाएं। उन्होंने टीबी मरीजों के पोषण के लिए उन्हें गोद लेने की पहल को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी को मोतियाबिंद की समस्या है तो वे एम्स आ सकते हैं, वहां उनके ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। राज्यपाल ने बैगा समाज के लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं और उन्हें उपहार भी प्रदान किया। इस अवसर पर बैगा समाज के प्रमुख लुमन सिंह बैगा ने पलाश के फूलों की माला पहनाकर राज्यपाल का स्वागत किया तथा बैगा महिलाओं ने खुमरी पहनाकर उनका पारंपरिक स्वागत किया। कार्यक्रम में एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे, एडीएम शिव कुमार बनर्जी सहित बड़ी संख्या में बैगा आदिवासी समाज के लोग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
  • जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में आई तेजी...

    05-Mar-2026

     

    राजनांदगांव। जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है। इस योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को अधिकतम 1 लाख 8 हजार रूपए तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे सोलर रूफटॉप स्थापना आम नागरिकों के लिए अधिक किफायती और सुलभ हो गई है। जिले में अब तक कुल 8 हजार 416 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 3 हजार 727 लाभार्थियों ने वेंडर का चयन कर लिया है। वहीं 1 हजार 584 घरों में सोलर पैनलों की स्थापना पूरी हो चुकी है तथा 991 उपभोक्ताओं को सब्सिडी राशि का वितरण भी किया जा चुका है। फरवरी माह में योजना के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान 721 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 433 घरों में सोलर पैनलों की स्थापना पूर्ण की गई। जिले में योजना के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और नागरिक सक्रिय रूप से इससे जुड़ रहे हैं।
     
    प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। सोलर पैनल लगने से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आई है। कई घरों में बिजली बिल शून्य अथवा नकारात्मक भी आ रहा है, यानी उपभोक्ता अतिरिक्त उत्पादित सौर ऊर्जा को ग्रिड में आपूर्ति कर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं। इससे न केवल परिवारों को आर्थिक लाभ मिल रहा है, बल्कि वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवारों तक शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण सोलर इंस्टॉलेशन, समयबद्ध सब्सिडी वितरण और उपभोक्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ लेकर अपने घरों को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा से सशक्त बनाएं।
  • संबल बनी महतारी वंदन योजना : पवड़िया को मिला सहारा, बॉबी बाई ने खरीदे घर के जरूरी सामान...

    05-Mar-2026

    हर महीने मिलने वाली राशि से ग्रामीण महिलाओं को मिल रही आर्थिक मजबूती

     
    कोरबा। कोरबा जिले के दूरस्थ गांवों में अब गर्मी का मौसम दस्तक दे चुका है। दिन चढ़ते ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगता है। ऐसे मौसम में भी गांव के आंगनों और घरों की परछियों में बैठी महिलाओं की बातचीत का एक प्रमुख विषय अक्सर महतारी वंदन योजना बन जाता है।
     
    पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम मुकुवा में भी दोपहर के समय घर की परछी में बैठी पवड़िया बाई और बॉबी बाई आपस में बातें कर रही थीं। चर्चा के दौरान बॉबी बाई ने मुस्कुराते हुए बताया कि इस महीने उन्होंने महतारी वंदन योजना से मिली राशि की बचत कर घर के लिए जरूरी सामान खरीदे हैं,
     
    बॉबी बाई बताती हैं कि उनके पति लकवाग्रस्त हैं और काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। गांव में कभी-कभार मिलने वाली मजदूरी से ही घर का खर्च चलता है। ऐसे कठिन समय में महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके लिए बड़ी राहत बन गई है।
     
    वह कहती हैं, हर महीने मिलने वाली यह राशि हमारे लिए सहारे की तरह है। इसी से हम घर की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी कर लेते हैं। इस बार मैंने कुछ जरूरी सामान खरीदे हैं ताकि घर की जरूरतें पूरी हो सकें। बीते ठंड के महीने में कम्बल भी खरीदे थे।
     
    उनकी पड़ोसी पवड़िया बाई भी बताती हैं कि गांव की अधिकांश महिलाओं को इस योजना से हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। यह राशि उनके लिए काफी मददगार साबित हो रही है। कभी राशन लेने में तो कभी कपड़े या घर की अन्य जरूरतों को पूरा करने में यह पैसा काम आता है।
     
    पवड़िया बाई कहती हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी कई बार इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली राशि से कुछ न कुछ राहत मिल जाती है।
     
    दोनों महिलाओं का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई महतारी वंदन योजना से गांव की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। यह योजना न केवल उनकी जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दे रही है।
     
    मुकुवा गांव में अब महतारी वंदन योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन में आए छोटे-छोटे बदलावों और उम्मीदों की कहानी बन चुकी है।
  • महतारी वंदन योजना से महंत परिवार की महिलाओं को मिली आत्मनिर्भरता की नई राह...

    05-Mar-2026

     

    कोरबा। राज्य सरकार की 'महतारी वंदन योजना' महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह योजना महिलाओं की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उनके और उनके परिवार के सुरक्षित भविष्य की नींव भी मजबूत कर रही है।
     
    कोरबा नगर के पोड़ीबहार क्षेत्र में रहने वाले 'महंत परिवार' की महिलाओं के जीवन में भी इस योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले सीमित संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण परिवार की महिलाएं अपने कौशल का सही उपयोग नहीं कर पा रही थीं। घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने का अवसर नहीं मिल पाता था। परंतु 'महतारी वंदन योजना' से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है। परिवार की मुखिया' रथबाई महंत, उनकी बेटी "राधिका महंत' तथा बहुएं 'गुरवारी' और 'उर्मिला देवी' इस योजना का लाभ लेकर अब आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
     
    रथबाई महंत बताती हैं कि इस योजना से उनकी बेटी और बहुओं को अपने हुनर को आगे बढ़ाने का मौका मिला है। इससे न केवल महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। वे कहती हैं कि यह योजना उनके जैसे अनेक परिवारों की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का माध्यम बन रही है।
     
    परिवार की बहुएं गुरवारी और उर्मिला देवी बताती हैं कि पहले उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे स्वयं अपने खर्चों का प्रबंधन कर रही हैं और परिवार की आय बढ़ाने में भी योगदान दे रही हैं। इससे उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है।
     
    उर्मिला देवी का कहना है कि अब घर की सभी महिलाएं मिलकर अपनी आय का एक हिस्सा बैंक में जमा भी कर रही हैं, ताकि भविष्य में परिवार की जरूरतों के समय यह सहारा बन सके। उनके अनुसार इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। वहीं राधिका महंत ने इस योजना से मिली सहायता का उपयोग करते हुए घर पर ही सिलाई-कढ़ाई का काम शुरू कर दिया है। आसपास के लोग उनके पास कपड़े सिलवाने, फॉल पीकू करवाने के लिए आने लगे हैं, जिससे उन्हें नियमित आय होने लगी है। इस काम से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
     
    आज महंत परिवार की महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ’महतारी वंदन योजना’ ने उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता देने के साथ-साथ यह विश्वास भी दिलाया है कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो पूरा परिवार और समाज प्रगति की ओर बढ़ता है।
  • मंत्री लखन लाल देवांगन 6 मार्च को कोरबा प्रवास पर, विभिन्न निर्माण कार्यों का करेंगे भूमिपूजन...

    05-Mar-2026
     
    कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम विभाग के मंत्री लखन लाल देवांगन 06 मार्च को कोरबा जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री देवांगन दोपहर 2.00 बजे बिलासपुर से कोरबा के लिए प्रस्थान करेंगे और अपराह्न 3.30 बजे नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 56 (प्राथमिक शाला अग्रसेन के पास) में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों में नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत 32 शासकीय स्कूलों में बालक-बालिका शौचालय निर्माण कार्य, जिसकी लागत राशि 160 लाख रुपये है, तथा 21 शासकीय स्कूलों में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य, जिसकी लागत राशि 73 लाख रुपये है, शामिल है।
     
    मंत्री देवांगन सायं 4.30 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, सीएसईबी कोरबा पहुंचेंगे। यहां वे नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें वार्ड क्रमांक 19 में सीएसईबी कॉलोनी के पास भवन निर्माण कार्य (अतिथि कक्ष) जिसकी लागत राशि 25 लाख रुपये है, वार्ड क्रमांक 22 में आरा मशीन शिवमंदिर के पास रोड निर्माण कार्य जिसकी लागत राशि 10 लाख रुपये है, वार्ड क्रमांक 24 नेहरू नगर के मेन रोड में गार्डन निर्माण कार्य जिसकी लागत राशि 30 लाख रुपये है तथा वार्ड क्रमांक 21 में ईएसआई कॉलोनी के समीप अतिरिक्त भवन निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य जिसकी लागत राशि 10 लाख रुपये है, शामिल हैं।
  • वनमंडल में अग्नि सुरक्षा हेतु जन जागरूकता अभियान संचालित...

    05-Mar-2026

     

    जशपुरनगर। वनमण्डल में अग्नि सुरक्षा हेतु जन-जागरूकता अभियान संचालित जशपुर वनमण्डल अन्तर्गत समस्त वन परिक्षेत्रों में फायर सीजन को दृष्टिगत रखते हुए व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
     
    इस अभियान के अंतर्गत वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य गण एवं संबंधित ग्रामों के ग्रामीणों की बैठके आयोजित की जा रही हैं। बैठकों में उपस्थित जनसमुदाय को वनों में आग लगने के कारणों, दुष्परिणामों तथा उससे ढोने वाली पर्यावरणीय एवं आर्थिक क्षति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है। ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही हैं कि वे किसी भी परिस्थिति में जानबूझकर अथवा लापरवाहीयज्ञ वन क्षेत्र में आग न लगाएँ। विशेष रूप से मठुआ, तेंदूपता संग्रठण अथवा खेत साफ करने के उद्देश्य से आग लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने हेतु जागरूक किया जा रहा है।
     
    वनों में आग लगने से न केवल बहुमूल्य वृक्ष प्रजातियाँ एवं वन्यजीव प्रभावित होते हैं, बल्कि जैव विविधता, प्राकृतिक पुनर्जनन, मृदा की उर्वरता तथा पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों की आजीविका से जुड़े लघु वनोपज संसाधनों को भी गंभीर क्षति पहुँचती है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि-
     
    वनों में आग न लगाएँ।
     
    यदि किसी भी स्थान पर आग दिखाई दे, तो तत्काल संबंधित वनरक्षक/परिक्षेत्र कार्यालय को
     
    सूचित करो
     
    आग बुझाने के कार्य में वन विभाग को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
     
    वन मण्डल के समस्त परिक्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा दल सक्रिय हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई हैं। वन विभाग, जशपुर समस्त नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करता है कि वे वनों की सुरक्षा को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए आगजनी की घटनाओं की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाएँ। सामूहिक प्रयासों से ही वन संपदा का संरक्षण संभव है।
  • दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा राज्य नीति आयोग : मुख्यमंत्री साय

    05-Mar-2026

    राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में गणेश शंकर मिश्रा ने संभाला पदभार, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएँ।

     
    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज नवा रायपुर स्थित नीति भवन में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास विज़न, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा और गति देने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाएँ और रणनीतियाँ तैयार करने में आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी दृष्टि को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भी छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्युमेंट 2047 तैयार किया गया है, जिससे प्रदेश के समग्र और दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय की जा रही है।
    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग के गठन का निर्णय दूरदर्शी सोच का परिणाम था। आज नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिलों का कार्यक्रम देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ के आकांक्षी जिलों में भी देखने को मिला है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नीति आयोग की विशेषता यह है कि यह क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीति और योजना निर्माण को बढ़ावा देता है। इसी सोच के साथ राज्यों में भी राज्य नीति आयोग का गठन किया गया है, जो विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ प्रदेश में विकास को नई गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
     
    मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गणेश शंकर मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव से राज्य नीति आयोग को नई दिशा और गति मिलेगी। आयोग की ओर से प्राप्त अच्छे सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लेकर प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास करेगी।
     
    राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर और भविष्योन्मुखी नीतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को अधिक समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
     
    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक सुश्री लता उसेंडी, विधायक श्री अमर अग्रवाल, महापौर धमतरी श्री रामू रोहरा, राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रह्मण्यम, सदस्य सचिव श्री आशीष भट्ट, सचिव श्री भुवनेश यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Top