बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • होली पर्व के मद्देनज़र रायपुर पुलिस की व्यापक कार्यवाही...

    04-Mar-2026

     

    रायपुर। होली त्यौहार के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक कार्यवाही की गई।
     
     थाना माना, मंदिर हसौद, आरंग, धरसींवा, अभनपुर, गोबरानवापारा, राखी, विधानसभा, खरोरा एवं तिल्दा नेवरा क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान संभावित शांति भंग की स्थिति को रोकने हेतु प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कुल 129 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
     
    इसी क्रम में आर्म्स एक्ट के तहत 02 प्रकरण दर्ज कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 02 नग चाकू बरामद किए गए।
     
    आबकारी एक्ट के अंतर्गत 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
     
    कोटपा एक्ट के तहत 07 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।
     
    साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई।
     
    रायपुर पुलिस (ग्रामीण) द्वारा स्पष्ट किया गया है कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु इसी प्रकार सघन चेकिंग, पेट्रोलिंग एवं वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
  • स्व-सहायता समूह की दीदियों ने कलेक्टोरेट और जिला पंचायत में लगाया प्राकृतिक रंगों से बने गुलाल का स्टॉल...

    04-Mar-2026
     
    जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में हर्बल गुलाल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समूह की महिलाओं के लिए कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर में स्टॉल लगाया गया। इस पहल से स्व सहायता समूह की महिलाओ को सशक्त करते हुए "वोकल फॉर लोकल" को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं द्वारा लगाए स्टॉल से अधिकारी कर्मचारियों ने अपने परिवार के लिए गुलाल खरीदा और समूह को शुभकामनाएं दी।
     
    जांजगीर-चांपा जिले के तहसील बलौदा अंतर्गत ग्राम चारपारा की प्रगति स्व सहायता समूह एवं ग्राम नवापारा ख के नैना स्व सहायता समूह की महिलाओं ने अपने हुनर और आत्मनिर्भरता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। समूह की महिलाओं ने कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर में अपने द्वारा तैयार किए गए हर्बल गुलाल का स्टॉल लगाकर आकर्षण का केंद्र बनाया। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए महिलाओं ने प्राकृतिक सामग्री चुकंदर, पालक, गेंदा, पलास के फूल से तैयार हर्बल गुलाल का निर्माण किया है, जो त्वचा के लिए सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल है। इस पहल का उद्देश्य रासायनिक रंगों के दुष्प्रभाव से बचाव के साथ-साथ स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। स्टॉल में विभिन्न प्राकृतिक रंगों से बने गुलाल की बिक्री की गई, जिसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित आम नागरिकों ने भी सराहा। लोगों ने हर्बल गुलाल की गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए खरीदारी कर स्व सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही जनपद पंचायतों, हाट बाजारों में स्टॉल लगाकर गुलाल विक्रय कर रही हैं।
     
    स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि वे शासन की योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से प्रेरित होकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य कर रही हैं। इस प्रकार के आयोजनों से उन्हें बाजार उपलब्ध होता है और उनकी आय में भी वृद्धि होती है। जिला प्रशासन ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्व सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
  • 'पेड्डी' का दूसरा गाना आउट: 'रई रई रा रा' में दिखा राम चरण का इलेक्ट्रिफाइंग अवतार...

    04-Mar-2026

     

    मुंबई। 'पेड्डी' के पहले गाने 'चिकिरी चिकिरी' के 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज पार करने के बाद, मेकर्स ने अब इसका जोश से भरा दूसरा सिंगल "रई रई रा रा" रिलीज कर दिया है। 
     
    'पेड्डी' 2026 की सबसे चर्चित और मोस्ट-अवेटेड फिल्मों में से एक है, जिसमें ग्लोबल स्टार राम चरण लीड रोल में हैं। विज़नरी डायरेक्टर बुची बाबू सना के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में जाह्नवी कपूर और जगपति बाबू भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। जब से इस प्रोजेक्ट का एलान हुआ है, तब से ही दुनिया भर में इसे लेकर जबरदस्त बज और एक्साइटमेंट बना हुआ है। फिल्म का पहला गाना, 'चिकिरी चिकिरी', इंटरनेट पर छा गया और देखते ही देखते फैन्स का फेवरेट बन गया। सभी प्लेटफॉर्म्स पर 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज पार करने के साथ ही, यह साल के सबसे बड़े गानों में से एक बनकर उभरा है।
     
    'चिकिरी चिकिरी' की जबरदस्त कामयाबी के बाद, मेकर्स ने अब दूसरा गाना "रई रई रा रा" रिलीज कर दिया है। यह ट्रैक एक और हाई-एनर्जी एंथम है, जिसमें राम चरण ने एक बार फिर अपने बेमिसाल डांस मूव्स, स्टाइल और स्वैग का जलवा बिखेरा है। इसे देखकर हर किसी को याद आ गया कि उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन डांसर्स में क्यों गिना जाता है। इस जादू को और बढ़ा रहा है ए. आर. रहमान का म्यूजिक, जिनकी वाइब्रेंट कंपोजिशन ने इस गाने को एक दमदार और थिरकने पर मजबूर कर देने वाला नंबर बना दिया है।
     
    'चिकिरी चिकिरी' के पहले सिंगल ने रिलीज होते ही काफी धूम मचा दी थी, और सुनने वालों ने इसके रिफ्रेशिंग वाइब और ए. आर. रहमान के सिग्नेचर स्टाइल की खूब तारीफ की है। यह ट्रैक अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोर चुका है, जो फिल्म के म्यूजिक को लेकर बढ़ते क्रेज को साफ दिखाता है। अब दूसरा गाना भी इंटरनेट पर छा जाने और चार्टबस्टर हिट बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
     
    बुची बाबू सना द्वारा लिखित और निर्देशित 'पेड्डी' में राम चरण टाइटल रोल में हैं, साथ ही फिल्म में शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू जैसे कलाकार भी नज़र आएंगे। वेंकट सतीश किलरू द्वारा अपने बैनर वृद्धि सिनेमास के तहत और मशहूर प्रोडक्शन हाउस माइश्री मूवी मेकर्स के सहयोग से बनी यह फिल्म 30 अप्रैल, 2026 को रिलीज होने वाली है।
  • कलेक्टर ने एनएच-06 से बेलटुकरी मार्ग व महासमुंद-तुमगांव रोड का किया निरीक्षण...

    04-Mar-2026

     

    महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को एनएच-06 से बेलटुकरी तक जाने वाले मार्ग एवं महासमुंद-तुमगांव रोड का निरीक्षण किया तथा संबंधित निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए।
     
    कलेक्टर लंगेह ने एनएच-06 से बेलटुकरी मार्ग के निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, और भारी वाहनों के कारण हो रही क्षति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर लंगेह ने जिला खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश एवं पीएमजेएसवाई के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संचालित फर्सी पत्थर एवं अन्य खनन उद्योगों की सहायता से सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाए। उन्होंने कहा कि खनिज परिवहन में लगे भारी वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खनन कंपनियां अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सड़क की मरम्मत, गड्डों की भराई तथा आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करें। साथ ही, निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं राहगीरों को सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समय-सीमा तय कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
     
    तत्पश्चात कलेक्टर लंगेह ने महासमुंद-तुमगांव निर्माणाधीन सड़क के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 9.65 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और इसे जून 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभाग एवं ठेकेदार एजेंसी को दिए।
     
    निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की गुणवत्ता, बेस लेयर, डामरीकरण की मोटाई, जल निकासी व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मानकों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समय-सीमा का सख्ती से पालन करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सी.एस. चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी मौजूद थे।
  • नारी शक्ति का रंग’ : ’जिले की महिलाओं ने हर्बल गुलाल से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी’

    04-Mar-2026

     

    कोरिया। कोरिया जिला के बैकुंठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम डकईपारा की 11 महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल पेश की है। उजाला महिला स्व सहायता समूह की इन महिलाओं ने होली पर्व के अवसर पर 100 किलो से अधिक हर्बल गुलाल तैयार कर न केवल हरित होली का संदेश दिया है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम भी बढ़ाया है।
     
    कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के सहयोग से शुरू हुई इस पहल ने अल्प समय में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मात्र 10 दिनों में तैयार उत्पाद को स्थानीय बाजार सहित ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
     
    'प्राकृतिक संसाधनों से स्वरोजगार की ओर' :
     
    महिलाओं ने चुकंदर, हल्दी, पलाश, पालक, लाल भाजी एवं एसेंशियल ऑयल जैसे प्राकृतिक अवयवों से त्वचा के अनुकूल एवं पर्यावरण हितैषी गुलाल तैयार किया है। रासायनिक रंगों के विकल्प के रूप में यह उत्पाद सुरक्षित होली का संदेश दे रहा है। 300 रुपये प्रति किलो की दर से विक्रय किए जा रहे इस हर्बल गुलाल से मात्र तीन दिनों में 5 हजार रुपये से अधिक की आय अर्जित की जा चुकी है। बढ़ती मांग को देखते हुए समूह की महिलाएं उत्पादन कार्य में निरंतर जुटी हुई हैं।
     
    'प्रशिक्षण से आत्मविश्वास तक'
     
    राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के मास्टर ट्रेनर द्वारा महिलाओं को निर्माण एवं पैकेजिंग का प्रशिक्षण दिया गया। समूह ने इस कार्य की शुरुआत आंतरिक ऋण से की, जिसे योजनागत सहयोग और मार्गदर्शन ने सफल उद्यम में परिवर्तित कर दिया।
     
    जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिलेवासियों से स्थानीय उत्पादों को अपनाकर नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने का आवाहन किया।
     
    डकईपारा की ये महिलाएं आज यह संदेश दे रही हैं कि अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण नारी शक्ति न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज और अर्थव्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।
  • त्योहारी सीजन के चलते की जा रही खाद्य सामग्रियों की जा रही जांच...

    04-Mar-2026

     

    कोण्डागांव। होली पर्व के शुभ अवसर पर आम जन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं नियन्त्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के आदेशानुसार तथा अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोण्डागांव के मार्गदर्शन में जिले में विशेष सघन निरीक्षण एवं नमूना जॉच अभियान संचालित किया गया।
     
    अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार नन्द द्वारा जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों सुनीता होटल, मिष्ठठी होटल, संगम होटल, मिठी ट्रेडर्स, साहू होटल एवं सोम किराना स्तोर का ओचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, भंडारण की स्थिति, उपयोग में लाये जा रहे तेल की गुणवत्ता, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा लाइसेंस, पंजीयन की वैधता की गहन जॉच किया गया।
     
    जॉच के दौरान आटा, सूजी, बेसन, नमकीन, सोयाबीन तेल एवं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल 15 नमूने विधिवित संकलित कर सीलबंद किये गये तथा परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किये गये हैं। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रीम वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
     
    निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों को स्वच्छता मानकों में सुधार, खाद्य सामग्री को ढककर सुरक्षित रखने, बासी एवं एक्सपायरी उत्पादों का विक्रय न करने तथा स्वच्छ तेल के उपयोग संबंधी आवश्यक निर्देश दिये गये। खाद्य व्यवसाय संचालकों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने हेतु भी निर्देशित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी एवं अस्वच्छ खाद्य सामग्री के विरूद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
  • ’’होली पर मध्यप्रदेश के शराब के तस्कर को आबकारी ने भेजा जेल’’

    04-Mar-2026

     

     कोरिया। छत्तीसगढ़ शासन की आबकारी सचिव आर. संगीता और कलेक्टर कोरिया चंदन संजय त्रिपाठी द्वारा अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी पर सख्ती से कार्यवाही करने आबकारी विभाग को निर्देशित किया गया है।

    जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार के मार्गदर्शन में लगातार कार्यवाही की जा रही है। प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अमरपुर ढोड़ीबहरा निवासी हरिचरण आ० रामसिंह के कब्जे से 39 पाव गोवा व्हिस्की 7.02 लीटर मध्य प्रदेश निर्मित शराब बरामद कर जप्त किया गया।
     
    छ.ग आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) क 34(2), 36 व 59क के तहत प्रकरण कायम कर आरोपी को जिला न्यायालय बैकुण्ठपुर में न्यायिक रिमाण्ड हेतु प्रस्तुत किया गया, माननीय न्यायाधीश द्वारा आरोपी को 14 दिनों के लिये जेल भेजने का आदेश दिया गया। 4680/- की शराब को अमरपुर से होली में 6000/- में बेचने के लिये लाया था।
     
    उपरोक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सपना सिन्हा, आबकारी उप निरीक्षक रामसनेही यादव, मुख्य आरक्षक बबुआ राम, किशुन राम, आरक्षक नरेन्द्र राजवाड़े और हेमंत राजवाड़े, एवं नगर सैनिक इंद्रकुमारी की महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
     
    उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में संचालित शराब दुकानों में उपलब्ध मदिरा के ब्राण्ड स्टॉक और विक्रय दर की जानकारी मोबाईल पर प्लेस्टोर से ष्मनपसंदष् एप्प डाउनलोड़ कर मनपसद एप्प में राज्य की सभी मदिरा दुकानों में उपलब्ध देशी और विदेशी मदिरा के बोतल, अद्धी और पाव के ब्राण्ड लेबल का नगवार विवरण एवं विक्रय दर अंकित रहता है, मदिरा दुकान के शिकायत या अवैध शराब की सूचना के संबंध में टोल फ्री नम्बर 14405 और मोबाईल नं. 9424102102 पर व्हाटसप पर सूचना दी जा सकती है।
  • अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, अंतरराज्यीय लेवल की मदिरा जप्त...

    04-Mar-2026

     

    अम्बिकापुर। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन एवं संग्रहण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त आर. संगीता एवं कलेक्टर अजित वसंत के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी एल.के. गायकवाड के मार्गदर्शन में विशेष कार्रवाई की गई।
     
     
    मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी वृत्त केदारपुर, अम्बिकापुर क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी सरप्रीत सिंह (30 वर्ष), निवासी केदारपुर वार्ड क्रमांक 24, थाना कोतवाली अम्बिकापुर, के कब्जे से मध्य प्रदेश एवं हरियाणा राज्य का लेबल लगी विभिन्न ब्रांड की कुल 16.260 लीटर विदेशी मदिरा जप्त की गई।
     
     
    प्रारंभिक जांच में अवैध रूप से मदिरा का संग्रहण किया जाना पाया गया। प्रकरण में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
     
    इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शीला बड़ा, आबकारी उप निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता सहित विभागीय टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
     
    जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
  • मुख्यमंत्री निवास में होली के रंगों की बौछार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों-कर्मचारियों संग खेली होली..

    04-Mar-2026

     

    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पूरे उत्साह और उमंग के साथ होली का पर्व मनाया। पारंपरिक फाग गीतों और हर्षोल्लास के वातावरण में रंग और उल्लास से सराबोर इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री श्री साय को गुलाल लगाकर उन्हें बधाई दी, वहीं मुख्यमंत्री श्री साय ने भी आत्मीयता के साथ सभी को गुलाल लगाकर रंगोत्सव की शुभकामनाएँ दीं और स्नेह, विश्वास तथा आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मकता की भावना को सुदृढ़ करता है तथा जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में सभी से आत्मीय भेंट कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, साथियों और प्रदेशवासियों के साथ स्नेह, विश्वास और अपनत्व के रंग साझा करना इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही जनसेवा के उनके संकल्प को और अधिक सशक्त बनाता है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा का संचार करे तथा हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करता रहे। 
     
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार, रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सहित मुख्यमंत्री सचिवालय एवं निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
  • विशाल रजवानी ने दी प्रदेशवासियों होली की शुभकामनाएँ...

    04-Mar-2026

     

    रायपुर। होली के पावन पर्व के अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव विशाल रजवानी ने सभी प्रदेशवासियों को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं हैं। होली को जारी अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि रंगों का यह उत्सव हमारे जीवन में आनंद, उमंग और भाईचारे का संदेश लेकर आता है। यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है।
  • रंगोत्सव में सामाजिक समरसता और आत्मीयता का संदेश — पुरंदर मिश्रा

    03-Mar-2026

    होली हमारी सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक आनंद का उत्सव : पुरंदर मिश्रा

    रायपुर उत्तर के विधायक ने प्रदेशवासियों को दी शुभेच्छाएँ
     
      रायपुर। पुरंदर मिश्रा ने फाल्गुन पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले रंगोत्सव होली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के समस्त नागरिकों तथा रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को हार्दिक मंगलकामनाएँ दी हैं।
     
    अपने संदेश में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि होली भारतीय परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जो सामाजिक एकजुटता, पारस्परिक सद्भाव और आत्मीय संबंधों को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। यह त्योहार जीवन में उमंग, उल्लास और नई ऊर्जा का संचार करता है तथा समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
     
    उन्होंने कहा कि रंगों का यह उत्सव हमें भेदभाव और कटुता को त्यागकर अपनत्व की भावना को प्रबल करने का संदेश देता है। होली का पर्व समाज में सहयोग, विश्वास और समर्पण की भावना को मजबूत बनाता है तथा विभिन्न वर्गों के बीच सौहार्द स्थापित करने का माध्यम बनता है।
     
    विधायक पुरंदर मिश्रा ने आगे कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर में होली का विशेष स्थान है। यह उत्सव भारतीय जीवन मूल्यों और विविधताओं के बीच एकता के आदर्श को साकार रूप देता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर आपसी दूरी मिटाते हैं और नए सिरे से संबंधों की शुरुआत करते हैं।
     
    उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि होली को संयम, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाएं। जल की बचत करें, प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का प्रयोग करें तथा समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें।
     
    अंत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कामना की कि यह रंगोत्सव प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए तथा प्रदेश में प्रगति, सद्भाव और भाईचारे की भावना निरंतर सुदृढ़ होती रहे।
  • प्रेम और सद्भाव के रंगों से सराबोर हो होली:मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ...

    03-Mar-2026
     
    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह उल्लास, उमंग और आत्मीयता का महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को सशक्त बनाने का अवसर है। यह पर्व समाज में समरसता, सद्भाव और एकता की भावना को प्रगाढ़ करता है तथा हमें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
     
    उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय, अहंकार पर विनम्रता की जीत और वैमनस्य पर प्रेम की प्रधानता का संदेश देता है। होली के रंग हमें स्मरण कराते हैं कि विविधताओं से परिपूर्ण हमारे समाज की वास्तविक शक्ति परस्पर विश्वास, अपनत्व और सामूहिक सहयोग में निहित है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास, संयम और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाएँ। प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ भी इस उत्सव की खुशियाँ साझा करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
  • गौरेला पेंड्रा मरवाही में 4 मार्च को सभी मदिरा दुकान बंद रखने आदेश जारी...

    03-Mar-2026

     

    रायपुर। गौरेला पेंड्रा मरवाही में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाने के लिए होली के दिन शुष्क दिवस घोषित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आबकारी विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार होली पर्व 4 मार्च बुधवार को (जिस दिन रंग खेला जाएगा) के अवसर पर जिले में संचालित समस्त कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान एफ.एल.1 (घघ कम्पोजिट) एवं एफ.एल.1 (ख-कम्पोजिट अहाता) को पूर्णतः बंद रखने के आदेश जारी किए है। होली के दिन मदिरा का संव्यवहार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस आदेश का कड़ाई से पालन करने कहा गया है। 
  • गरियाबंद कलेक्टर ने होली त्यौहार के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने दिए जरूरी आदेश...

    03-Mar-2026

     

    गरियाबंद। कलेक्टर श्री बीएस उइके ने होली त्यौहार के दौरान 02 मार्च को होलिका दहन एवं 04 मार्च को होली का त्यौहार के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के संबंध में जरूरी निर्देश जारी किये हैं। इस संबंध में तहसील गरियाबंद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री चितेश कुमार देवांगन, नायब तहसीलदार सुश्री अवंतिका गुप्ता एवं योगेन्द्र कुमार देवांगन का ड्यूटी लगाया गया है।
     
    इसी प्रकार तहसील छुरा के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री गैंदलाल साहू, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री डोनेश्वर साहू, तहसील राजिम के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री मयंक अग्रवाल एवं नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री तारेन्द्र कुमार ठाकुर, तहसील फिंगेश्वर के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्रीमती डिंपल धुरव, तहसील मैनपुर के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री रमेश मेहता, तहसील अमलीपदर के लिए प्रभारी तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री सुशील कुमार भोई तथा तहसील देवभोग के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी श्री अजय कुमार चंद्रवंशी को शांति व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है।
  • भाजपा की वादाखिलाफी से प्रदेश का हर वर्ग व्यथित - कांग्रेस

    03-Mar-2026

     

     रायपुर। भाजपा सरकार पर वादाखिलादी का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि इस सरकार ने मोदी की गारंटी के नाम पर हर वर्ग को ठगा है, किसान अपना पूरा धान बेच नहीं पाए, विगत दो वर्षो की एमएसपी में वृद्धि का लाभ भी प्रदेश के किसानों को नहीं मिला, 2622 करोड़ रू. किसानों के हक और अधिकार का इस सरकार ने डकार लिया। युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं, महिलाएं महंगाई से त्रस्त हैं, महिला समूहों को काम नहीं मिल रहा है, 26 महीनों की भाजपा सरकार से हर वर्ग को केवल निराशा हाथ लगी है। कानून व्यवस्था बदहाल है, वर्ग संघर्ष चरम पर है, यह सरकार छत्तीसगढ़ को एक और मणिपुर में बदलने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने आबादी के हर वर्ग को ठगा हुआ और अपमानित महसूस कराया है।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में हसदेव, तमनार, धरमजयगढ़, मैनपाट से लेकर बैलाडीला, बीजापुर, कांकेर तक संसाधनों की लूट के लिए जंगलों की कटाई पर ही इस सरकार का फोकस है। आज कोई भी जाति, वर्ग या समाज ऐसा नहीं बचा है जो भाजपा सरकार के शासन में अपमानित महसूस न कर रहा हो। आदिवासियों से जल, जंगल, जमीन के अधिकार छीने जा रहे हैं, संसाधनों की लूट मची है, बलौदाबाजार मामले में सतनामी समाज को प्रताड़ित किया गया, अमरगुफा में पवित्र जैतखाम काटने वाले असल गुनाहगार कौन हैं? यह अब भी स्पष्ट नहीं हुआ, लोहारीडीह में साहू समाज के सैकड़ों लोग जेल भेजे गए, तमनार में आदिवासी समुदाय को निशाना बनाया गया, पेसा कानून के प्रावधान और वन अधिकार अधिनियम के तहत आदिवासियों को प्राप्त अधिकार कुचले जा रहे है, इसी से ध्यान भटकाने के लिए वर्ग संघर्ष को बढ़ावा दिया जा रहा है।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि विगत चार वर्षो से आरक्षण का विधेयक भाजपा के इशारे पर राजभवन में लंबित है। एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा करके सरकार में आई, भाजपा अब वादाखिलाफी पर उतर आई है, नई नौकरी तो दूर, संविदा और अनियमित कर्मचारी निकाले जा रहे हैं, जिनसे 100 दिन के भीतर नियमितीकरण का वादा था। स्कूल बंद करके नई-नई शराब दुकाने खोली जा रही है, सी-मार्ट की जगह प्रीमियम दारू दुकान खुल रहा है। आंगनवाड़ी वर्कर, रसोईया संघ, बी.एड., डी.एड. अभ्यर्थी सहित प्रदेश के तमाम सरकारी कर्मचारी अधिकारी आंदोलन की राह पर हैं, जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बर्बरतापूर्वक कुचला जा रहा है, प्रशासनिक आतंक और दमन चरम पर है, भ्रष्टाचार और कुशासन से जनता त्रस्त है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में पूरी तरह से फेल हो चुकी है।
  • होली त्यौहार में मितानिनों को वेतन नहीं देना दुर्भाग्यजनक...

    03-Mar-2026

     

    रायपुर। मितानिनो को होली त्यौहार में वेतन के लिये आंदोलन की विवशता को भाजपा सरकार की नाकामी करार देते हुये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मितानिनो को होली त्यौहार में अपने वेतन भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ रहा हैं, ये बेहद दुर्भाग्यजनक है, ये भाजपा सरकार की तानाशाही हैं, बीते कई माह से मितानिन वेतन भुगतान में देरी को लेकर शिकायत कर रहे तीन-तीन, चार-चार माह बाद उनको एक-दो माह का वेतन दिया जाता हैं, उनसे काम पूरा लिया जाता हैं, ऐसे में उन्हें घर खर्च और अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिये कर्ज लेना पड़ता हैं।
     
    प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि इस सरकार की दुर्भावना के चलते मितानिन बहनों को अपने वेतन के लिये ही बार-बार गिड़गिड़ाना पड़ता हैं। प्रदेश में मितानिन कार्यक्रमों को संचालन करने वाली विकासखंड समन्वयक, मितानिन हेल्पडेस्क फैसिलिटेटर, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, एरिया कॉडिनेटर एवं मितानिन प्रशिक्षक बेहद आक्रोशित है, सरकार की उपेक्षा से व्यथित मितानिन बहनें बस्तर, सरगुजा, गरियाबंद, महासमुंद, दंतेवाड़ा और कवर्धा सहित छत्तीसगढ़ से कोने-कोने से रायपुर आकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर है। सवाल है कि सरकार में बैठे लोग मितानिनो का समस्या का निराकरण क्यों नहीं कर रहे है?
     
    प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मितानिन ज़ब एनएचएम के दफ्तर पहुँचे तो एमड़ी का बर्ताव मितानिनों के साथ ठीक नहीं था, उन्हें जिस प्रकार से एमडी ने पुलिस बुलाने की धमकी दी, ये उचित नहीं। सरकार को एमडी पर कड़ी कार्यवाही करना चाहिए। एनएचएम की जिम्मेदारी हैं कि मितानिनों को समय पर वेतन मिले। वेतन नहीं मिलने से मितानिनो के घरों में होली की खुशियाँ फीकी पड़ गा है। क्या मितानिनों के बच्चों को होली में रंग-गुलाल खरीदने का अधिकार नहीं? मितानिनों को आखिर वेतन के लिए हर बार आंदोलन करना क्यों पड़ता है? सरकार उनसे काम लेकर उनके मेहनताना देने पर पीछे क्यों हटती है सरकार सुनिश्चित करें कि मितानिनों का बकाया वेतन एकमुश्त मिले और हर माह एक निश्चित तारीख को उनके वेतन का भुगतान हो।
  • बढ़े बिजली बिल ने त्योहार के समय आम जनता का बजट बिगाड़ दिया - कांग्रेस

    03-Mar-2026

     

    रायपुर। बढ़े बिजली बिल ने होली त्योहार के समय आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि बेतहाशा बढ़ा बिजली बिल से राज्य का हर नागरिक परेशान है। 200 यूनिट हाफ बिजली योजना से भी जनता को कोई राहत नहीं है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार भूपेश सरकार के समय शुरू की गयी बिजली बिल हाफ योजना को फिर शुरू करें, ताकि जनता को बढ़े बिजली बिल में कुछ राहत मिल सके। बिजली बिल हाफ योजना बंद करने के कारण जनता बिजली के बिल नहीं पटा पा रही उनकी लाईन काटी जा रही। अकेले रायपुर में 2000 लोगों के कनेक्शन कटे है। प्रदेश में हजारो उपभोक्ताओं की बिजली कनेक्शन काट दिया गया है।
     
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि सरकार की नाकामी लापरवाही और मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण प्रदेश के लोगों के लिए बिजली कटौती और मंहगी बिजली बड़ी समस्या बन गई है। राज्य बनने के बाद प्रदेश में बिजली के दाम सबसे ज्यादा वर्तमान समय में है। सरकार ने 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को बंद कर दिया जिससे लोगों के बिजली के बिल दुगुना से भी अधिक आ रहा। महंगी बिजली के बाद भी सरकार जनता को चौबीस घंटे बिजली नहीं उपलब्ध करवा पा रही। ग्रामीण क्षेत्र में आठ-नौ घंटे तक हो रही बिजली कटौती से जनता परेशान हो रही, लोग बिजली कटौती के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर है।
     
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि बिजली उत्पादन का प्रमुख घटक कोयला है। कोयले पर लगने वाला सेस कम हो गया है, जिसके कारण कोयले का दाम न्यूनतम 400 रू. कम हो गया है, अतः सरकार वीसीए (वेरियेबल कास्ट एडजेस्टमेंट) में कटौती के आधार पर बिजली के दाम तुरंत घटाये।
     
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के बिजली के दाम बढ़ाकर भेजने के अन्यायपूर्ण फैसले का विरोध करती है, कोयला हमारा, पानी हमारा, जमीन हमारी और हमें ही महंगे दर पर बिजली बेचा जा रहा है। जनता में बढ़े हुए बिजली बिल के कारण आक्रोश और निराशा है उसके बाद भी सरकार बिजली के दामें पर लूट जारी रखे हुए है।
  • प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है - कांग्रेस

    03-Mar-2026

     

     रायपुर। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में जांच और इलाज नहीं हो पा रहा। प्रदेश नकली दवाओं का केंद्र बन चुका है, राजधानी सहित सभी मेडिकल कॉलेजों में, हर सरकारी अस्पताल में लगातार नकली दवाएं मिल रही है। मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा, मेकाहारा जैसे अस्पताल में एक बेड पर दो प्रसूता को बच्चों के साथ लिटाया जा रहा। स्वास्थ्य मंत्री व्यवस्था सुधारने के बजाय उस पर पर्दा डालने में लगे है। मेकाहारा जैसे अस्पताल में एमआरआई और सीटी स्केन की फिल्म तक नहीं है।

     
    प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि दवा के नाम पर ज़हर दिया जा रहा है, नकली अमानक, गुणवत्ताहीन, फंगस लगे दवा का वितरण मरीजों को किया जा रहा था, इतने गंभीर विषय पर यह सरकार गंभीर नहीं है, महिनो बाद तक न किसी की जिम्मेदारी तय की गई, न ही कोई कार्यवाही हुई। छोटे-छोटे बच्चों को जो कृमि की जो दवाइयां खिलाई गई हैं, जांच में अमानक पाया गया, डायरिया पीड़ित मरीजों को दी गई दवाओं में फंगस मिला, कई एंटीबायोटिक दवाओं से मरीजों को एलर्जी हो रही है, गर्भवती महिलाओं और माताओं को बांटी गई आयरन, सल्फेट और फोलिक एसिड की दवाएं गुणवत्ताहीन पाई गई। सरकारी अस्पतालों में फफूंद लगे ग्लूकोस बोतल चढ़ाने से मरीजों की तबियत खराब हो रही है। पेरासिटामोल से लेकर सर्जिकल ब्लेड तक, एल्बेंडाजोल से लेकर प्रेगनेंसी कीट तक अमानक निकले। यह सरकार उन दवाओं के उपयोग को लेकर मात्र एडवाइजरी जारी करके अपने जिम्मेदारियों से मुक्त होना चाहती है।
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिन दवा कंपनियों के उत्पादों पर देश के विभिन्न राज्यों में प्रतिबंध लगा है, उन्हीं कंपनियों की लगभग वही दवाइयां प्रदेश में धड़ल्ले से बिक रही है। सरकार बताए कि डॉक्टरों की शिकायत के बाद भी सप्लायर कंपनियों पर कोई कार्यवाही अब तक कोई कार्यवाही क्यों नहीं की गई? आखिर गुणवत्ताहीन दवाओं के सप्लायरों को किसका संरक्षण है? कब तक मरीजों के जान से खिलवाड़ होता रहेगा?
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के मिलीभगत या लापरवाही के बिना अस्पतालों में गुणवत्ताविहीन दवाएं नहीं पहुंच सकती। गलती एक या दो जगह हो सकती है, लगातार हर अस्पताल में नकली अमानक दवाएं मिलना बड़े घोटाले की ओर इशारा करते है। पूरे मामले की जांच की जाए और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को तत्काल पद से हटाया जाए।
  • भाजपा बताये छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी कब लागू होगी - दीपक बैज

    03-Mar-2026

    शराबबंदी को लेकर भाजपा अपना स्टैंड क्लीयर करे

    भाजपा सरकार शराब की काली कमाई में डूबी है
     
    रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि शराब बंदी को लेकर पांच सालों तक हल्ला मचाने वाले भाजपाई बताएं शराबबंदी कब होगी? भाजपा के हर छोटे बड़े नेता ने जनता के बीच घूम-घूम कर शराबबंदी के लिये बढ़ चढ़कर बातें किया था। सरकार में आने के बाद सरकार और भाजपाइयों दोनों के जुबान पर ताला लग गया है।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य में शराब के नाम पर वसूली की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। दुकानों में कौन सी शराब बिकेगी, कौन से निर्माता के ब्रांड राज्य में बिकेगा, इसके नाम पर कमीशन खेल बड़े पैमाने पर हो रहा है। शराब के इस सुनियोजित घोटाले में उच्च स्तर के लोग संलिप्त है। भाजपा सरकार के राज में शराब की कोचियागिरी शुरू हो गयी है। राजनांदगांव एवं प्रदेश के अनेकों स्थानों से खबरे आई है कि शराब दुकानों से 200 रु. प्रति पेटी अतिरिक्त देकर कोचिये गली मोहल्ले में शराब बेच रहे है और इनको पूरा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार कमीशनखोरी के लालच में बार-बार शराब खरीदी के नियमों में बदलाव किया गया है। एफएल-10 का लाइसेंस निरस्त कर सरकार द्वारा सीधे उत्पादक कंपनियों से शराब इसलिये खरीदने का फैसला लिया गया है ताकि कंपनियों से मोटा कमीशन वसूला जाए। दो माह पहले ही सरकार ने 12 कंपनियों को एफएल-10 का लाइसेंस दिया तथा उनके साथ एक वर्ष तक सप्लाई का एग्रीमेंट किया गया उनसे बांड भी भरवाया गया इसके बाद 10 कंपनियों को एफ एल -बी का लाइसेंस दिया गया उनसे भी एग्रीमेंट किया गया फिर अचानक सरकार ने इन कंपनियों से किये एग्रीमेंट को रद्द क्यों किया गया? इसका जवाब सरकार को देना चाहिये।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने 67 नई शराब दुकाने शुरू कर दिया। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 100 से अधिक शराब दुकानो को बंद किया था। 2018 में कांग्रेस सरकार के पहले छत्तीसगढ़ प्रति व्यक्ति शराब की खपत में देश में गोवा के बाद पहले स्थान पर था। कांग्रेस सरकार के 5 साल में छत्तीसगढ़ प्रति व्यक्ति शराब की खपत में देश में 18वें नंबर पर आ गया था। कांग्रेस राज में शराब की खपत को हतोत्साहित करने अनेक कदम उठाये गये थे। भाजपा सरकार शराबबंदी पर अपना स्टैंड क्लियर करें।
  • मोहम्मद ताजुल ने दी होली की शुभकामनाएँ...

    03-Mar-2026

     

    रायपुर। होली के पावन पर्व के अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला महासचिव मोहम्मद ताजुल ने सभी को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं हैं। होली की पूर्व संध्या को जारी अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि रंगों का यह उत्सव हमारे जीवन में आनंद, उमंग और भाईचारे का संदेश लेकर आता है। यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है।
Top