बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • वनविभाग ने मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल सफारी में छोड़ा...

    21-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव द्वंद्व को कम करने की दिशा में वन विभाग ने एक और सराहनीय कार्य किया है। बलौदाबाजार जिले के ग्राम हरदी में तालाब में फंसे एक विशाल मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित रूप से जंगल सफारी, नवा रायपुर में नया आश्रय दिया गया।
     
    वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) श्री अरुण कुमार पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। ग्राम हरदी के ग्रामीण तालाब में सामूहिक रूप से मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनके जाल में एक मगरमच्छ फंस गया। ऐसी स्थिति में घबराहट या किसी दुर्घटना की आशंका हो सकती थी, लेकिन ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
     
    सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी श्री धम्मशील गणवीर के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। परिक्षेत्र सहायक गितेश बंजारे और टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को जाल से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सकों द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों की सलाह पर उसे जंगल सफारी, नवा रायपुर में सुरक्षित छोड़ा गया, जहां उसके लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।
     
    ग्राम हरदी के लोगों ने पहले भी अक्टूबर 2025 में हाथी के रेस्क्यू के दौरान जिम्मेदारी निभाई थी। इस बार भी उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाते हुए वन विभाग का पूरा सहयोग किया। वन विभाग के कर्मचारियों नेहरू निषाद, भागी यादव, पीलू निषाद, राकेश ध्रुव तथा हरदी वन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने मिलकर इस अभियान को सफल बनाया।
     
    राज्य शासन की वन्यजीव संरक्षण संबंधी योजनाओं और जागरूकता अभियानों का ही परिणाम है कि अब ग्रामीण तत्काल सूचना देकर वन्यजीवों की सुरक्षा में भागीदार बन रहे हैं। इससे न केवल वन्यजीवों की जान बच रही है, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में भी कमी आ रही है। वन विभाग ने कहा है कि वन्यजीवों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और शासन के निर्देशानुसार ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
     
    यह सफलता की कहानी बताती है कि जब शासन, प्रशासन और ग्रामीण मिलकर कार्य करते हैं, तो वन्यजीव संरक्षण का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा होता है।
     
     
     
     
  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना : निर्मित सड़क का गुणवत्ता निरीक्षण, सुधार हेतु 15 दिवस की समय-सीमा निर्धारित

    21-Feb-2026
     
    धमतरी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में धमतरी जिले में निर्मित सड़क T-10 सकरी–परस्टी से धुमा PWD मेनरोड तक के मार्ग का गुरुवार को गुणवत्ता निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में राज्य गुणवत्ता समन्वयक हरिओम शर्मा एवं अधीक्षण अभियंता, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (परियोजना मंडल रायपुर) कमल साहू उपस्थित थे।
     
    निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय गुणवत्ता निरीक्षक द्वारा पूर्व में दिए गए सुधारात्मक निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। स्थल परीक्षण में पाया गया कि कुछ बिंदुओं पर आवश्यक सुधार कार्य लंबित है। इस पर संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप 15 दिवस की समय-सीमा के भीतर समस्त सुधार कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
     
    अधिकारियों द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि सड़क के नियमित संधारण (मेंटेनेंस) कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा मार्ग की टिकाऊपन और यातायात सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। सड़क की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
     
    कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) ने बताया कि निरीक्षण दल द्वारा चेतावनी दी गई कि निर्धारित समयावधि में सुधार कार्य पूर्ण नहीं किए जाने की स्थिति में ठेकेदार योगेश सोनी की बैंक गारंटी के नगदीकरण (Encashment) की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए है ।
     
    उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को सर्व-ऋतु (All Weather) सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आवागमन सुगम हो, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले तथा ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाजार जैसी मूलभूत सुविधाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके।
     
    जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य संपादित किया जाएगा।
  • कलेक्टर उइके ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण...

    21-Feb-2026

     

    गरियाबंद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा की जिले में सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण शुरुआत हुई। पहले दिन भौतिकी एवं भूगोल विषय की परीक्षाएं संपन्न हुईं। जिले में इस बार 10वी में 7 हजार 408 तथा 12वीं में 5 हजार 507 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बोर्ड परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षकों को बोर्ड के गाइडलाइन के कड़ाई से पालन के निर्देश जारी किए गए हैं तथा औचक निरीक्षण हेतु विभिन्न स्तर पर उड़नदस्ता टीम गठित किए गए हैं।
     
    कलेक्टर बीएस उइके ने आज गरियाबंद के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जाकर परीक्षा व्यवस्था व इंतजाम का जायजा लिया और परीक्षा को पूर्ण गोपनीयता और नियमानुसार संचालन के निर्देश दिए। आज जिले में प्रथम दिन 12वी की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुआ, जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया, जिससे परीक्षा व्यवस्था की सख्ती और पारदर्शिता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
     
    जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें गरियाबंद ब्लॉक में 10, छुरा में 17, फिंगेश्वर में 19, मैनपुर में 13, तथा देवभोग में 09 केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों में गोपनीयता बनाए रखने, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा समयबद्ध संचालन के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है।
     
    कलेक्टर बीएस सिंह उइके के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की थी। परीक्षा के दौरान सतत निगरानी रखी गई और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उड़न दस्ते सक्रिय रहे और विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखा गया। केंद्रों पर पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों से आगामी परीक्षाओं के लिए समय पर केंद्र पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर को परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा। जिला शिक्षा अधिकारी धीर ने रसेला, रूवाड़, कनसिंघी, कोसमी, फुलकर्रा, पिपरछेड़ी और दुल्ला सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
  • पलारी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब "बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान" के जयघोष के साथ भव्य स्वागत...

    21-Feb-2026

     

    आरंग/पलारी/लवन। सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर युवराज गुरु धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नेतृत्व में निकली 'विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा' का पलारी पहुंचने पर ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। समाजजनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के अपार उत्साह ने इस यात्रा को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया है। ढोल-नगाड़ों और पंथी नृत्य की गूंज के बीच फूलों की वर्षा कर पदयात्रियों का अभिनंदन किया गया, जो क्षेत्र में एकजुटता और आपसी भाईचारे की एक नई मिसाल पेश कर रहा है।
     
    तृतीय दिवस की यात्रा राजागुरु, धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी के सानिध्य में बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान" का आह्वान करते हुए पदयात्रा कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के नेतृत्व में गिरौदपुरी धाम के लिए आगे बढ़ रही है। गांव गांव में नागरिकगण परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प ले रहे है। गुरु खुशवंत साहेब ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा: "परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के आदर्शों से प्रेरित यह यात्रा मात्र एक पदयात्रा बस नहीं है बल्कि जन-जन को हृदय से जोड़ने का अभियान है। आज पूरा हिंदुस्तान एक ही स्वर में 'मनखे-मनखे एक समान' का संदेश उद्घोष कर रहा है। सद्भाव, समानता और संगठन की जो ज्योति हमने जलाई है, वह अब छत्तीसगढ़ के हर गांव और हर घर की चौखट तक पहुँच चुकी है।"
     
     
    चौथे दिन की यात्रा का आगाज़ पलारी से हुआ। भक्ति और उत्साह के साथ पदयात्री अमेरा, कंजी और डोटोपार जैसे ग्रामीण अंचलों से होते हुए गुज़रेगा। वही यात्रा का चौथा दिन नगर पंचायत लवन में समाप्त होगा, जहाँ सामूहिक भोज और रात्रि विश्राम का आयोजन किया गया है। यहाँ भी गुरु दर्शन के लिए बड़ी संख्या में अनुयायियों के जुटने की संभावना है।
     
    अंतिम पड़ाव (पंचम दिवस): पांचवें दिन यात्रा लवन से प्रस्थान कर बाबा गुरु घासीदास की पावन तपोभूमि, पवित्र गिरौदपुरी धाम पहुँचेगी। इस भव्य पदयात्रा का समापन गिरौदपुरी धाम में गुरु के चरणों में मत्था टेकने और आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ होगा। यात्रा मार्ग में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ता मुस्तैद हैं।
  • मिर्जा एजाज बेग बने राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष, गरीब नवाज मस्जिद में समाजजनों ने किया स्वागत...

    21-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के सदस्य मिर्जा एजाज बेग को छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी का अध्यक्ष चुना गया है। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर स्थित पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई है। हज कमेटी अधिनियम 2002 की धारा 21 की उपधारा (1) के तहत नामांकित सदस्यों ने सर्वसम्मति से उनका चुनाव किया।
     
    चयन के बाद राज्य शासन ने अधिसूचना जारी कर उन्हें विधिवत अध्यक्ष घोषित किया। उनके अध्यक्ष बनने की खबर से मुस्लिम समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल है। लोगों ने इसे समाज के लिए गौरव का क्षण बताया और शुभकामनाएं दीं।
     
    जुमा नमाज के बाद हजरत गरीब नवाज मस्जिद, संजय नगर में मुतवल्ली मोहम्मद अली, मस्जिद कमेटी के सदस्यों और समाजजनों ने मिर्जा एजाज बेग का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और पार्टी के वरिष्ठ जनों का आभार व्यक्त किया।
  • सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी, युवा बदलेंगे भारत का भविष्य” – राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा

    20-Feb-2026

    बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास से सम्पन्न

     
    रायपुर। धमतरी स्थित बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज वार्षिक स्नेह सम्मेलन उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
         कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसमें शिक्षा और स्वास्थ्य की निर्णायक भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास की आधारशिला है और आज का युवा नई तकनीकों का कुशल उपयोग कर स्वयं को ऊँचाइयों तक पहुंचा रहा है। एक सकारात्मक विचार जीवन की दिशा बदल सकता है। विचार ही सामान्य व्यक्ति को असाधारण बनाते हैं।उन्होंने युवाओं से नकारात्मकता से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार घोषणाओं से अधिक कार्यों में विश्वास रखती है।
           इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने विद्यार्थियों के आग्रह पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोकगायक लक्ष्मण मस्तुरिया का लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए।
           महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि धमतरी विधानसभा क्षेत्र में बीते दो वर्षों में लगभग 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 500 सीटर नालंदा परिसर, विधि विभाग भवन, हाईटेक बस स्टैंड, प्रमुख मार्गों का उन्नयन, ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम, विद्युत स्टेशन तथा सिहावा चौक से कोलियरी और रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
            प्राचार्य श्री विनोद पाठक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं खेल उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
  • राज्य सरकार जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध - मुख्यमंत्री साय

    20-Feb-2026

    जल संरक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने, जल संरचनाओं की रक्षा और जल के प्रति जिम्मेदार सोच अपनाने का मुख्यमंत्री ने किया आह्वान

    मुख्यमंत्री श्री साय और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल की संयुक्त अध्यक्षता में “जल संचय-जन भागीदारी 2.0” अभियान के क्रियान्वयन की हुई गहन समीक्षा
    केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और नवाचारों की सराहना की
    31 मई तक 10 लाख जल संरचनाओं का लक्ष्य, जल सुरक्षा को मिलेगा नया आधार
    डबरी निर्माण से बढ़ेगा भू-जल स्तर, किसानों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ
     
    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल की संयुक्त अध्यक्षता में आज नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश में “जल संचय-जन भागीदारी 2.0” अभियान के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री श्री पाटिल इस बैठक में वर्चुअली शामिल हुए और बैठक को संबोधित किया। इस दौरान बिलासपुर, दुर्ग और सूरजपुर जिले के कलेक्टरों ने अपने-अपने जिलों में अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जल संकट 21वीं सदी की केवल गंभीर पर्यावरणीय ही नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और विकासात्मक चुनौती भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को स्थायी और प्रभावी बनाने के लिए जनभागीदारी अनिवार्य है।उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उस संदेश का उल्लेख किया, जिसमें पानी के उपयोग को प्रसाद के समान मानते हुए जल के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर राज्य सरकार जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभियान के पहले चरण में छत्तीसगढ़ ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा विभिन्न जिलों को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले। पहले चरण में सामुदायिक भागीदारी के मॉडल पर कार्य करते हुए बड़े पैमाने पर बोरवेल रिचार्ज, रूफटॉप रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज शाफ्ट, सोक पिट और ओपनवेल रिचार्ज जैसी संरचनाओं का निर्माण किया गया। श्री साय ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 5 क्रिटिकल और 21 सेमी-क्रिटिकल भू-जल ब्लॉक चिन्हित हैं। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में इनमें से 5 ब्लॉकों में भू-जल निकासी में कमी और भू-जल स्तर में सुधार दर्ज किया गया है, जो जल संरक्षण प्रयासों के सकारात्मक परिणामों का संकेत है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभियान के दूसरे चरण “जल संचय-जन भागीदारी 2.0” के अंतर्गत तकनीक आधारित और अधिक परिणाममूलक रणनीति अपनाई जा रही है। राज्य सरकार ने 31 मई 2026 तक 10 लाख जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने इसे जल सुरक्षा की दिशा में प्रदेश का ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर एक विशेष पहल के तहत 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले चार लाख से अधिक किसानों को अपने खेतों में डबरी निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस कार्य में जिला प्रशासन के साथ-साथ औद्योगिक समूहों का सहयोग भी लिया जा रहा है। इन डबरियों से भू-जल स्तर में वृद्धि के साथ किसानों को सिंचाई एवं मछली पालन जैसी अतिरिक्त सुविधाएँ मिलेंगी।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे चरण में सभी जल संरचनाओं की जियोटैगिंग, ग्राम पंचायतों के वॉटर बजट तथा जल सुरक्षा योजनाओं के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही गांवों के युवाओं को “जल मित्र” के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि अभियान को गति मिल सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि क्रिटिकल और सेमी-क्रिटिकल ब्लॉकों पर विशेष फोकस रखते हुए सेमी-क्रिटिकल ब्लॉकों में 40 प्रतिशत तथा क्रिटिकल ब्लॉकों में 65 प्रतिशत जल संरक्षण कार्यों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, जल संरचनाओं की रक्षा करने और जल के प्रति जिम्मेदार सोच अपनाने का आह्वान भी किया।
     
    केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल ने छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गत वर्ष जल संरक्षण के प्रयासों में छत्तीसगढ़ देशभर में दूसरे स्थान पर रहा, जो राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2024 को सूरत से ‘जल संचय जन भागीदारी अभियान’ की शुरुआत की थी और ‘कर्मभूमि से मातृभूमि के लिए जल संचयन में सहयोग’ का आह्वान किया था। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है।
     
    केंद्रीय मंत्री श्री पाटिल ने प्रदेश के समस्त कलेक्टरों से मनरेगा के तहत जल संचय कार्यों के लिए प्राप्त राशि का पूर्ण और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजनांदगांव प्रवास के दौरान एक महिला सरपंच द्वारा स्वयं के प्रयासों से जल संचयन के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने जल संचय में व्यापक जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
     
    बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश सुकुमार टोप्पो तथा जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री कांताराव और छत्तीसगढ़ के समस्त कलेक्टर वर्चुअली उपस्थित थे।
  • खेल आपसी सद्भाव, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम - राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा

    20-Feb-2026

    स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट स्पर्धा: इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन बनी चैम्पियन

     
    रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का खिताब इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने अपने नाम कर लिया।
          समापन समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और जब वे खेल के मैदान में उतरते हैं तो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश समाज तक पहुंचता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराने की अपेक्षा जताई।
         नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेले गए फाइनल में विस्तार न्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 60 रन बनाए। जवाब में संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन ने 7.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। हेमंत डोंगरे (14 रन), तिलक साहू (12 रन) और लक्ष्मण लेखवानी (17 रन) की पारियों ने टीम को जीत दिलाई। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हेमंत डोंगरे को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए संजय सिंहदेव को प्लेयर ऑफ द सीरीज सम्मान मिला।
           विजेता टीम के कप्तान मोहन तिवारी ने ट्रॉफी के साथ 51,000 रुपये का प्रतीकात्मक चेक और स्वर्ण पदक ग्रहण किए। उपविजेता टीम को 41,000 रुपये का चेक एवं रजत पदक प्रदान किए गए। सेमीफाइनल में उपविजेता रही एस. जरनो और IBC 24 की टीमों को 21,000-21,000 रुपये के प्रतीकात्मक चेक एवं कांस्य पदक दिए गए।
          पूरे टूर्नामेंट में रवि मिरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, ऋषि नेताम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, लविंद्र पाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा मुकेश दरयाब को सर्वश्रेष्ठ कैच के लिए सम्मानित किया गया। शतक लगाने वाले प्रमोद मिश्रा, योगेश मिश्रा और संदीप प्रधान को “शतक वीर” तथा 10 खिलाड़ियों को “अर्धशतक वीर” की ट्रॉफी प्रदान की गई।
         इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व प्रताप तोमर, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, राज्य सूचना आयोग के सदस्य शिरीष मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
          आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी और क्रिकेट के बाद शीघ्र ही इंडोर गेम्स की शुरुआत होगी। पूरे आयोजन में पत्रकारों की खेल भावना और आपसी सौहार्द की सराहना की गई।
  • विधायक अनुज शर्मा ने निभाया अपना वादा : बरौदा कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता टीम को वितरित किए ट्रैक सूट...

    20-Feb-2026

     

    बरौदा। खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम बरौदा में आयोजित भव्य कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता टीम को ट्रैक सूट वितरित कर अपना वादा पूरा किया। हाल ही धरसीवां विधानसभा के ग्राम में बरौदा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। खेल के प्रति युवाओं का उत्साह देखकर उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया था और मौके पर ही घोषणा की थी कि विजेता टीम को उनकी ओर से विशेष ट्रैक सूट प्रदान किए जाएंगे। अपनी घोषणा को पूरा करते हुए, विधायक ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रैक सूट भेंट किए। इस दौरान खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
    इस अवसर पर विधायक नें कहा कि खेल हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत है। मेरा प्रयास है कि हर खिलाड़ी को आवश्यक संसाधन मिलें ताकि वे क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
    विधायक श्रीं शर्मा द्वारा त्वरित रूप से वादा पूरा करने पर ग्राम बरौदा के खेल प्रेमियों और आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।विजेता टीम के खिलाड़ियों ने कहा कि विधायक जी ने हमारा मान बढ़ाया है। ट्रैक सूट मिलने से अब हमारी टीम एक पेशेवर लुक में नजर आएगी, जिससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ेगा।इस तरह के प्रोत्साहन से स्थानीय युवाओं का रुझान खेलों की ओर और अधिक बढ़ेगा।
    गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अक्सर घोषणाएं केवल तालियों तक सीमित रह जाती हैं, लेकिन अनुज शर्मा ने इसे पूरा कर युवाओं का दिल जीत लिया है।ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे प्रोत्साहन से गांव के अन्य युवा भी मोबाइल और नशे की लत छोड़कर मैदान की ओर आकर्षित होंगे।
  • बच्चों के आधार कार्ड के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट...

    20-Feb-2026

     

    दुर्ग। केंद्र सरकार ने सभी बच्चों के आधार कार्ड के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) पर जोर दिया है। 5 वर्ष की आयु में पहला और 15 वर्ष की आयु में दूसरा अपडेट करना अनिवार्य है। बच्चों के बायोमेट्रिक डेटा में फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो शामिल हैं। ई.डी.एम. ने बताया कि इस अपडेट की प्रक्रिया 5 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क रहेगी। अभिभावकों से आग्रह है कि वे समय पर यह अपडेट कराएं, ताकि उनके बच्चों का आधार कार्ड सक्रिय और अपडेटेड रहे। न करने पर बच्चों को स्कूल, परीक्षा और कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंच में बाधा आ सकती है। अपडेट करवाने के लिए बच्चे अपने निकटतम आधार नामांकन केंद्र, स्कूलों में आयोजित शिविर या बैंक और पोस्ट ऑफिस आधार सेवा केंद्रों का उपयोग कर सकते हैं। आधार अपडेट से बच्चों को मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसी सुविधाओं तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित होती है।
  • अधूरे सड़क को पक्का कराने की मांग, ग्रामवासी पहुंचे जनदर्शन...

    20-Feb-2026

    स्टेडियम परिसर के दुकानदारों ने किया स्थायी व्यवस्थापन की मांग

     
    दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा एवं उत्तम ध्रुव ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 136 आवेदन प्राप्त हुए।
     
    इसी कड़ी में स्टेडियम परिसर के दुकानदारों ने स्थायी व्यवस्थापन के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि बी.सी.सी.आई. द्वारा स्टेडियम निर्माण की चर्चाओं के बीच दुकानदारों में बेदखली को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिसर में डीजल इंजन, टूल मशीनरी, वाहन मरम्मत, टाइपिंग-प्रिंटिंग, फोटोकॉपी, ऑनलाइन सेवा व खेल सामग्री की दुकानें संचालित हो रही हैं। अचानक बेदखली से उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने व्यवसाय के अनुरूप वैकल्पिक स्थायी स्थान उपलब्ध कराने आवेदन दिया। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
     
    ग्राम ढौर के ग्रामवासियों ने अधूरे सड़क निर्माण को पूरा कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत कासीन-ढौर क्षेत्र में पांच वर्ष पहले बनाई गई सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण ग्रामवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क बासीन गांव के स्कूली बच्चों और आम नागरिकों के लिए दो किलोमीटर का सीधा मार्ग है, लेकिन बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता है। बारिश के समय उन्हें यू-टर्न लेकर लगभग आठ किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ता है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना ईई को आवश्ययक कार्यवाही करने को कहा।
     
    इसी प्रकार ग्राम ढौर के ही कृषक ने खसरा नंबर में त्रुटि सुधार की मांग की। किसान ने बताया कि तीन खेत एक ही खसरा नम्बर होने के कारण तीनों खेतों को डूबान में अर्जित कर दिया है। उसकी एक जमीन डूबान क्षेत्र में नहीं आती, फिर भी उसे अर्जित दिखा दिया गया है, जिससे उसे बिजली कनेक्शन, खाद-बीज और धान बिक्री जैसी सरकारी सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। कृषक ने अपने गैर-डूबान भूमि दर्शाते हुए को पुनः अपने नाम दर्ज करने की मांग की है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
  • स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 पदों पर होगी भर्ती, जल्द जारी होगा विज्ञापन

    20-Feb-2026

     

    रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र ही जारी किया जा रहा है। शासन ने परीक्षा आयोजन के लिये छत्तीसगढ़ व्यापम को अधिकृत किया है एवं विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने संबंधी सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण कर आवश्यक प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके साथ ही सीधी भर्ती 2023 की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
     
    छत्तीसगढ़ सरकार स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया फरवरी 2026 में शुरू करने जा रही है। इन पदों के लिए चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद, यह भर्ती राज्य के विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए की जा रही है। शिक्षा विभाग के इस फैसले से राज्य भर के सरकारी स्कूलों में टीचरों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी । भर्ती प्रक्रिया के बारे में डिटेल्ड गाइडलाइंस आने वाले दिनों में जारी की जाएगी। 
     
    छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के माध्यम से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। खास बात यह है कि इसमें व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे कई पद शामिल किए जा रहे हैं, जिससे अलग-अलग योग्यता वाले उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा।
     
    ज्ञातव्य है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक सीधी भर्ती 2023 अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण की भर्ती प्रक्रिया में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किये गये 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थापन पर डी.एड. अर्हताधारियों अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।
     
     
  • शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोपी कृषि मंडी अधिकारी गिरफ्तार...

    20-Feb-2026

     

    कोरबा। कटघोरा में पदस्थ रहे कृषि मंडी अधिकारी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर आरोपी अधिकारी राहुल साहू को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
     
    पीड़िता ने बताया कि राहुल साहू, जो उस समय कृषि मंडी कटघोरा में पदस्थ था, ने उससे दोस्ती की और शादी का वादा कर करीब एक वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाए। महिला के अनुसार वह लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा और इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी। लेकिन अचानक उसने फोन बंद कर संपर्क तोड़ दिया। बाद में संपर्क होने पर उसने शादी से इनकार करते हुए धमकी भी दी।
     
    कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने मामला दर्ज कर एसआई राजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। जांच में राहुल साहू के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में पदस्थ होने की जानकारी मिली। पुलिस ने वहां से उसे गिरफ्तार कर कटघोरा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
  • एक दर्जन छात्राएं बीमार, दो एम्स में भर्ती...

    20-Feb-2026

     

    रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पानी पीने से एक दर्जन से अधिक छात्राएं पीलिया (जॉन्डिस) से ग्रसित हो गई हैं। इनमें से दो छात्राओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में भर्ती कराया गया है।
     
    जानकारी के अनुसार मूल विज्ञान केंद्र की कई छात्राएं पिछले कुछ दिनों से उल्टी, कमजोरी और पीलिया जैसे लक्षणों से पीड़ित थीं।
     
    जांच में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उनका उपचार शुरू किया गया। संक्रमण फैलने की आशंका के चलते कई छात्राएं एहतियातन अपने घर लौट गई हैं।
     
    छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रबंधन ने नियमित सफाई और तकनीकी जांच पर ध्यान नहीं दिया।
     
    वाटर कूलरों की सफाई और पानी की लैब जांच नहीं होने से संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। इधर एनएसयूआई ने पेयजल की तत्काल जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
  • कबीरधाम प्रेस क्लब का गठन, डिप्टी सीएम शर्मा से मिले नवनियुक्त सदस्य...

    20-Feb-2026

     

    कवर्धा। कबीरधाम में प्रेस क्लब का गठन किया गया है। नव नियुक्त पदाधिकारी एवं सदस्यों ने शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से भेंट कर संगठन की भावी रूपरेखा, पत्रकारों की समस्याएं और निष्पक्ष पत्रकारिता की भूमिका पर सार्थक चर्चा की। उप मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रेस क्लब संवाद का सशक्त मंच बनेगा।
     
    नव नियुक्त पदाधिकारियों में जिलाध्यक्ष सूर्या चंद्रवंशी, महासचिव अविनाश ठाकुर, उपाध्यक्ष संतोष भारद्वाज, सचिव प्रदीप गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष शैलू उपाध्याय शामिल हैं। संरक्षक मंडल में महेश मिश्रा, सतीश तंबोली, अजय यादव, मनीष मिश्रा और मन्नू चंदेल समेत वरिष्ठ पत्रकार यशवंत झारिया,चंद्रशेखर शर्मा,सतीश पात्रे , संजय यादव, वेदांत शर्मा, संजू गुप्ता, हेमंत गुप्ता, संजीव पांडेय, जितेंद्र तिवारी,वेद साहू, अशोक निर्मलकर, रवि ग्वाल, उत्तम चंद्रवंशी, पुष्पराज ठाकुर, हिरेंद्र गोप और श्रीकांत उपाध्याय उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर सहमति बनी।
  • हाईवे पर जन्मदिन का जश्न पड़ा भारी, बोनट पर केक कटिंग से यातायात ठप, जाम में फंसी एम्बुलेंस...

    19-Feb-2026

     

    सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर युवकों ने हाईवे जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाया। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर जमकर आतिशबाजी की। कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया। सेलिब्रेशन के चलते हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां जाम में फंसी रही। सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है।
     
    छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद युवकों ने स्टेट हाईवे पर आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाया|
     
    अंबिकापुर के कुछ युवक चठिरमा सीमा क्षेत्र में सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर बने बैरियर के पास स्थित एक ढाबे में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और इसके बाद हाईवे पर आकर सड़क जाम कर दिया। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। जमकर आतिशबाजी की गई और कार की बोनट पर केक काटा। इसके चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई गाड़ियां जाम में फंसी रही। एम्बुलेंस भी जाम में फंसी रही। सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया।
     
    छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट ने स्टंटबाजी, बर्थ-डे सेलिब्रेशन और केक काटने के मामलों पर स्वतः संज्ञान लेकर राज्य शासन से जवाब मांगा था। हाई कोर्ट की नाराजगी के बाद शासन की ओर से जवाब प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और स्टंट में शामिल गाड़ियों को जब्त किया है।
     
    कार मालिकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफ़ारिश भी की गई। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा के नजरिए से की गई ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। ऐसे मामलों में गाड़ियों के मालिकों की पहचान करने के साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
     
    सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि यह दूसरों के लिए सबक बने। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने कहा था कि पुलिस का प्रकोप अक्सर केवल गरीब, मध्यम वर्ग और दलितों पर पड़ता है।
     
    कोर्ट ने कहा था कि संपन्न और बाहुबलियों के खिलाफ पुलिस नख-दंतहीन बाघ बन जाती हैं। ऐसे लोग मामूली जुर्माना भरकर आसानी से छोड़ दिए जाते हैं और उनके वाहन भी वापस कर दिए जाते हैं।
  • फतेहशाह मार्केट में गुंडागर्दी करने वाला बदमाश गिरफ्तार — कोतवाली पुलिस ने जमकर लगाई क्लास

    19-Feb-2026

     

    रायपुर। कमिश्नरेट में डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देशन में गुंडा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख़्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
    इसी क्रम में दिनांक 18.02.2026 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फतेहशाह मार्केट में गुंडा बदमाश वसीम खान उर्फ मम्मा, पिता – मोह. हाफिज खान, निवासी – चांदनी चौक, नेहरू नगर द्वारा नशा करने के लिए दुकानदारों से जबरन पैसे की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर आरोपी द्वारा दुकानदारों के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट कर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।
    प्रकरण में अविलंब अपराध पंजीबद्ध करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना सिटी कोतवाली, रायपुर में अपराध क्रमांक 68/26 धारा 296, 119(1), 115(2), 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
    गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
    गिरफ्तार आरोपी पूर्व से गुंडा हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध कुल 08 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं, जिनमें
    04 प्रकरण थाना सिटी कोतवाली,
    02 प्रकरण थाना टिकरापारा,
    01 प्रकरण थाना तेलीबांधा,
    01 प्रकरण थाना सरस्वती नगर में दर्ज हैं।
    आरोपी के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जा रही है।
    रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर गुंडागर्दी, नशाखोरी एवं आम नागरिकों को भयभीत करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा, तथा आगे भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख़्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
  • होली पर रेल यात्रियों को राहत, 1,410 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलेंगी...

    19-Feb-2026

     

    रायपुर। होली के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 1,410 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। रोजगार और पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रह रहे लोगों को त्योहार पर घर पहुंचाने के लिए यह बड़ा कदम उठाया गया है।
     
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से 15 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वहीं पटना-चर्लपल्ली रूट पर 7 फेरों की विशेष ट्रेन चलाई जा रही है, जो प्रत्येक सोमवार और बुधवार को पटना से रवाना होगी। यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में ठहराव लेगी।
     
    स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 1 एसएलआर, 2 सामान्य, 4 स्लीपर, 7 एसी श्री और 7 एसी श्री इकोनॉमी कोच शामिल हैं। रेलवे को उम्मीद है कि इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
  • सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र और तोड़फोड़, क्लासरूम में आगजनी से दहशत...

    19-Feb-2026

     

    दुर्ग। दुर्ग के केलाबाड़ी स्थित शासकीय प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र और तोड़फोड़ की सनसनीखेज घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों ने स्कूल की बाउंड्रीवॉल तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और क्लासरूम में लगे पंखे-लाइट तोड़ने के साथ टेबल-कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद छात्रों और शिक्षकों में भय का माहौल है।
     
    पहले भी मिले थे तंत्र-मंत्र के निशान...
    जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पहले भी स्कूल के क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला और गोबर-मिट्टी से तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे। क्लासरूम के अंदर भी इसी तरह के चिन्ह पाए गए थे। शिक्षकों ने उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
     
    फर्नीचर और दस्तावेज जलाए...
    इस बार बदमाशों ने मिडिल स्कूल के बाद प्राइमरी स्कूल को निशाना बनाया। क्लासरूम में रखी टेबल-कुर्सियों के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जला दिया गया। बिजली के बोर्ड, पंखे और लाइटें क्षतिग्रस्त कर दी गईं, वहीं बोरवेल का केबल भी जला दिया गया। इससे पहले बोरसी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में भी तंत्र-मंत्र से जुड़ी घटना सामने आ चुकी है।
     
    बच्चों की पढ़ाई प्रभावित...
    केलाबाड़ी स्कूल परिसर में कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई होती है। लगातार हो रही घटनाओं से छोटे बच्चों में डर का माहौल है और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षक भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
     
    बाउंड्रीवॉल तोड़कर घुस रहे असामाजिक तत्व...
    शिक्षकों के अनुसार, स्कूल की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी गई है, जिससे बंद होने के बाद भी असामाजिक तत्व आसानी से अंदर प्रवेश कर रहे हैं। कई बार क्लासरूम के ताले तोड़कर फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया है।
     
    पुलिस ने दर्ज किया मामला...
    घटना से परेशान शिक्षकों ने पद्मनाभपुर थाने में दोबारा शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • रतनपुर में 8 कछुओं की संदिग्ध मौत, शिकार की आशंका...

    19-Feb-2026

     

    बिलासपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर के कुंड और बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर के तालाब में कछुओं की रहस्यमयी मौत से सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह बूढ़ा महादेव मंदिर के पास स्थित तालाब में एक साथ 8 कछुओं के शव पानी में तैरते मिले। इससे पहले महामाया मंदिर कुंड में भी 2 कछुओं की मौत हो चुकी है। बीते छह दिनों में कुल 10 कछुओं की मौत ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
     
    पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंदरुनी चोट के संकेत...
    दो कछुओं की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसमें अंदरुनी चोट के निशान पाए गए हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कछुओं को लाठी या किसी भारी वस्तु से पीट-पीटकर मारा गया है। मृत कछुओं की उम्र लगभग चार से पांच महीने बताई जा रही है।
     
    वन विभाग ने शुरू की जांच...
    ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू की। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विभाग की टीम मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।
     
    संरक्षित वन्यजीव है कछुआ...
    वन अधिकारियों के अनुसार कछुए अनुसूची-एक के संरक्षित वन्यजीव हैं, जिनकी हत्या गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। यदि शिकार या सुनियोजित हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
     
    लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि संरक्षित वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Top