बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • भाजपा सरकार के मंत्री और नेताओ को दो साल की काली कमाई असम चुनाव में खर्च करने की जिम्मेदारी...

    16-Feb-2026

     

    रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने असम चुनाव में भाजपा सरकार के मंत्री एवं नेताओ को जिम्मेदारी मिलने पर तंज कसा कहा कि दो साल में भ्रष्टाचार से की गई काली कमाई को असम चुनाव में खर्च करने की जिम्मेदारी दी गई है भाजपा सरकार ने प्रदेश को अवैध उगाही का चारागाह बना दिया है।हर योजना में गड़बड़ी घोटाला किया जा रहा है सरकारी खजाने को लूटा जा रहा है भाजपा के बड़े नेता प्रदेश से 1500 करोड़ की मांग किये है।बड़े नेताओं की मांग को पूरा करने जम्बूरी घोटाला,कन्या विवाह में घोटाला,शराब घोटाला,चांवल घोटाला,पीडब्ल्यूडी विभाग में घोटाला,वन विभाग में घोटाला ,जेम पोर्टल खरीदी में घोटाला धान खरीदी दवा खरीदी में घोटाला किया गया है।प्रदेश की जंगलों की कटाई की अनुमति देकर मोटी रकम वसूली की गई है।ये सब पैसा अब प्रदेश के बाहर होने वाले विधानसभा चुनाव में खर्च किये जायेंगे।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा मोदी गारंटी के नाम से छत्तीसगढ़ में जनता को ठगा गया है ऐसे ठगों का चरित्र को असम की जनता पहचानती है जो मंत्री प्रदेश की जनता किये वादा पूरा नही कर पाये वो क्या असम में जाकर बताएंगे कि पुर्वर्ती सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंदकर जन वसूली योजना शुरू की है बिजली बिल हाफ योजना में 400 यूनिट छूट खत्म कर महंगी बिजली दी जा रही है।रजिस्ट्री में 30 % छूट खत्म कर जमीन गाईड लाईन दर में800% वृद्धि कर लूट मचाई गई।महतारी वंदन योजना में महिलाओं को 1000 रु देकर उनके घरों से 5000 रु हर महीना बसूली की जा रही है।स्कूल में परीक्षा शुल्क में वृद्धि किया गया।कानून व्यवस्था चोपट हो गई है।ये इस सरकार की बड़ी नकामी है 
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के मंत्री औऱ नेता तो प्रदेश की जनता को मुहं दिखाने लायक नही है असम में क्या जनता को बताएंगे इन्हें सिर्फ काली कमाई असम के चुनाव में लुटाने भेजा गया है।
  • 4 लाख की हेरोइन जब्त, आमानाका और कबीर नगर में पकड़ाए तस्कर...

    15-Feb-2026
    रायपुर। नशे के विरुद्ध सतत अभियान के क्रम में लगातार बड़ी कार्रवाई है, 18.81 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोईन(चिट्ठा) जब्त किया गया है, पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वेस्ट जोन अंतर्गत थाना आमानाका एवं थाना कबीर नगर क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थ की सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ जारी है। आमानाका में 4 आरोपी गिरफ्तार ▪️ जसकरण सिंह (23 वर्ष) ▪️ ऋषि साहू (26 वर्ष) ▪️ विशाल बिशेन (35 वर्ष) ▪️ भूपेन्द्र सिंह (42 वर्ष) ───────────────── थाना कबीर नगर में 2 आरोपी गिरफ्तार - दांत वाटिका, हीरापुर क्षेत्र में कार्रवाई। गिरफ्तार आरोपी ▪️ धर्मेन्द्र सिंग उर्फ बिक्का (38 वर्ष) ▪️ संतोष सिंग सिदार (29 वर्ष)
  • ऑनलाईन सट्टा संचालित करते लाखों रूपये नगदी रकम के साथ आरोपी जितेन्दर बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला गिरफ्तार

    15-Feb-2026

     

    रायपुर। ऑनलाईन सट्टा संचालित करते लाखों रूपये नगदी रकम के साथ आरोपी जितेन्दर बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला गिरफ्तार हो गया है। थाना तिल्दा नेवरा पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि तिल्दा नेवरा क्षेत्रांतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान में एक व्यक्ति द्वारा टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। प्राप्त सूचना को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी को तत्काल सूचना की तस्दीक कर आरोपी की पतासाजी करते हुए वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा के नेतृत्व में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की टीम द्वारा उक्त मकान में रेड कार्यवाही किया गया। रेड के दौरान मकान में एक व्यक्ति उपस्थित मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके मोबाईल फोन को चेक करने पर उसकेे द्वारा ऑनलाईन बैटिंग साईट्स 777 GRAND EXCHANGE एवं JMD BET आई.डी. के माध्यम से ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा खेलना/खिलाना पाया गया, साथ ही उसके पास लाखों रूपये नगदी रकम भी बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से *नगदी रकम 1,80,000 रुपये, 03 नग मोबाईल फोन कीमती 75,000/रू, 20 नग बैंक पासबुक, 10 नग चेकबुक, 14 नग एटीएम कार्ड, 02 नग आधार कार्ड, 01 नग पैन कार्ड, 01 नग ड्रायविंग लाईसेंस, सट्टा से संबंधित हिसाब किताब का कापी 06 नग, 01 नग डाट पेन तथा 01 नग कैलकुलेटर कुल जुमला कीमती 2,55,000/-रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 धारा छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) का अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी से जप्त बैंक खाताओं की जांच की जा रहीं है साथ ही आरोपी से प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर उनके विरूद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। गिरफ्तार आरोपी जितेन्दर बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला पिता हुकम सिंह उम्र 43 साल स्थायी पता - माजरा थाना अरबन जिला रोहतक हरियाणा। हाल पता - हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एलआईजी म0नं0 45-बी, कोहका किराये का मकान थाना तिल्दा नेवरा जिला रायपुर।
  • क्लब मिथ्या का मैनेजर गिरफ्तार, लाइसेंस भी सस्पेंड...

    15-Feb-2026

    रायपुर। कमिश्नरेट लागू होने के बाद पुलिस द्वारा होटल ,ढाबा ,बार, कैफे, क्लब ,पब संचालकों का विभिन्न स्तरों पर मीटिंग लेकर शासन द्वारा जो दिशा निर्देश तय किए गए हैं। उनसे अवगत कराते हुए उन दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने हेतु हिदायत दिया गया है। उक्त दिशा निर्देशों में क्लब संचालकों को रात्रि 12:00 बजे तक अपने संस्थानों को बंद करने हेतु सख्ती से निर्देशित किया गया था। जिसके पालन हेतु थाना तेलीबांधा क्षेत्र के सभी संस्थानों को पुलिस द्वारा निर्धारित समय में बंद कराया जाता है15/02/26 के रात्रि चेकिंग के दौरान व्हीआईपी रोड स्थित रेस्टोरेंट क्लब मिथ्या रात्रि करीबन 12.50 बजे तक संचालित होना पाया गया। संस्था के मैनेजर फैकी महु पिता पीयुष महु उम्र 29 वर्ष साकिन जी 14 विशाल नगर तेलीबांधा रायपुर के विरुध्द प्रतिबंधात्मक धारा - 170/125,135, 3 (1) बीएनएसएस में गिरफतार कर इस्तगाशा तैयार कर एसडीएम न्यायालय रायपुर में पेश किया गया। तथा उक्त संस्थान के गुमाश्ता लायसेंस निरस्त करने प्रतिवेदन तैयार किया गया है । जिसे वरिष्ठ कार्यालय के माध्यम से लायसेंस निरस्तीकरण हेतु भेजा जाता है। चेकिंग के दौरान उपरोक्त क्लब का संचालक अपने संस्थान को समय अवधि से अधिक संचालन करना पाए जाने से उक्त संस्थान के गुमाश्ता लायसेंस निरस्त करने प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया है।

  • समाज के संगठित और जागरूक होने से विकास को मिलती है मजबूती : मुख्यमंत्री साय

    15-Feb-2026

     

    रायपुर। महाशिवरात्रि पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समाज जब संगठित और जागरूक होता है, तब विकास को वास्तविक मजबूती मिलती है। साहू समाज की एकजुटता, शिक्षा और समर्पण प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पूर्व एकमुश्त प्रदान की जाएगी। लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
     
    इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री साय ने कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा जी एवं भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। 
     
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 16 फरवरी 1998 से पूज्य सत्यनारायण बाबा खुले आकाश के नीचे निरंतर तपस्या में लीन हैं। तीनों ऋतुओं में 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अत्यंत अद्वितीय और प्रेरणादायक है। यह धाम सामाजिक समरसता, आस्था और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बन चुका है।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा जी के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद रहने का अवसर मिला और आज मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ एवं बाबा सत्यनारायण से प्रदेशवासियों पर निरंतर कृपा बनाए रखने की कामना की।
    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण के लिए ₹50 लाख की घोषणा की। साथ ही उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को अयोध्या सहित देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।
     
    समारोह में समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए त्रिभुवन साहू, भरत लाल साहू, कपिल नाथ, अरुणा साहू, मनोज साहू एवं वेदराम साहू को सम्मानित किया गया। कोरबा जिला साहू संघ की पत्रिका तथा बाबा सत्यनारायण चालीसा का विमोचन भी किया गया।
     
    उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज की एकजुटता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कोसमनारा धाम के विकास हेतु लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित जिला साहू संघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
     
    कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, कसडोल विधायक श्री संदीप साहू, जैजैपुर विधायक श्री बालेश्वर साहू, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, श्री डिग्रीलाल साहू सहित बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित पदाधिकारी, बाबा सत्यनारायण की माता हंसमती देवी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
  • सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजनों में 10,577 खिलाड़ियों ने की भागीदारी...

    15-Feb-2026

     

    सरगुजा। छत्तीसगढ़ में पहली बार हो रहे सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में संभाग के सभी 6 जिलों के कुल 10 हजार 577 खिलाड़ियों ने अपने दमखम और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर आयोजित स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों ने अपने-अपने जिला मुख्यालयों में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह, जोश और जज्बे के साथ हिस्सेदारी की। सरगुजा संभाग के सभी जिला मुख्यालयों में 5 फरवरी से 13 फरवरी के बीच अलग-अलग तिथियों में इनका आयोजन किया गया
     
    सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजनों में 12 खेलों में 10 हजार 577 खिलाड़ियों ने अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें कोरिया जिले के 510, जशपुर के 3126, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 706, सरगुजा के 1797, बलरामपुर-रामानुजगंज के 2424 तथा सूरजपुर जिले के 2014 खिलाड़ी शामिल थे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता अब संभाग स्तरीय आयोजन में अपनी चमक बिखेरेंगे। सरगुजा ओलंपिक के संभाग स्तरीय विजेताओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य में संचालित खेल अकादिमों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही उन्हें यूथ आइकॉन भी घोषित किया जाएगा। ये यूथ आइकॉन बच्चों व युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
     
    सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजनों में खिलाड़ियों ने 5 व्यक्तिगत और 7 दलीय खेलों में हिस्सेदारी की। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती और कराटे शामिल रहे। वहीं दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल शामिल हैं। सभी प्रतियोगिताएं जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष, बालक/बालिका) तथा सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक, महिला/पुरुष) में आयोजित की गईं।
     
    सरगुजा ओलंपिक के पहले चरण में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने सरगुजा संभाग के सभी 32 विकासखंडों के कुल 3 लाख 49 हजार 370 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया था। इनमें एक लाख 59 हजार 712 पुरुष और एक लाख 89 हजार 658 महिला खिलाड़ी शामिल थीं।
  • लोकसंगीत और बॉलीवुड सुरों से सजा मैनपाट महोत्सव का दूसरा दिन...

    15-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ के नाम से विख्यात मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का दूसरा दिन सांस्कृतिक वैभव, उत्साह और जनसैलाब के नाम रहा। सुरों की मधुर गूंज, रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां और मेले की चहल-पहल ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। मशहूर छत्तीसगढ़ी लोकगायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार की शानदार प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
     
    लोकसंगीत की मधुर सरिता में डूबा मैनपाट...
    कार्यक्रम की शुरुआत अलका चंद्राकर की भक्तिमय जसगीत प्रस्तुति से हुई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके बाद ददरिया, सुवा गीत और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकधुनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी सुमधुर आवाज और मंच पर सहज प्रस्तुति ने लोकसंस्कृति की छटा बिखेर दी।
     
    बॉलीवुड धुनों पर थिरके कदम...
    वैशाली रायकवार ने अपने दमदार स्वर और लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की श्रृंखला से महफिल में जोश भर दिया। एक के बाद एक प्रस्तुत गीतों पर दर्शक झूमते रहे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। युवा दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
     
    स्थानीय कलाकारों- आँचल मदलियार, मनप्रीत, दिलबाग सिंह, माही जायसवाल और हर्ष पूरी - ने भी अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
     
    शास्त्रीय और बाल प्रतिभाओं की झलक...
    नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय, अंबिकापुर की छात्राओं ने कत्थक नृत्य की सुंदर प्रस्तुति देकर शास्त्रीय कला की गरिमा को मंच पर जीवंत किया। वहीं स्कूली बच्चों ने गीत और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।
     
    मेले की रौनक, बोटिंग और दंगल का रोमांच...
    सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव स्थल पर सजे भव्य मेले में देर शाम तक भारी भीड़ उमड़ती रही। झूले, खानपान और विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बोटिंग का भरपूर आनंद लिया। दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक और दमदार मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों में विशेष उत्साह देखा गया। हर दांव-पेच पर तालियों और उत्साहवर्धन की आवाजें गूंजती रहीं।
     
    गरिमामयी उपस्थिति...
    कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो, जनपद उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, श्री रजनीश पाण्डेय, श्री राम यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
     
    मैनपाट महोत्सव का दूसरा दिन सांस्कृतिक एकता, लोकपरंपरा और आधुनिक मनोरंजन का जीवंत उदाहरण बना। संगीत, नृत्य और रोमांच से सजी यह शाम लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी।
  • श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा धाम: मुख्यमंत्री साय

    15-Feb-2026

     

    रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात एक बजे ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश वासियों को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 
     
    इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला खनिज न्यास मद के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम एवं भोजन के लिए शेड निर्माण, शौचालय परिसर भवन का निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। उन्होंने इन कार्यों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
     
    उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं। वर्ष 2003 में उन्हें 'श्री श्री 108' की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और अधिक बढ़ी। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीतकृतीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर रहकर भगवान भोलेनाथ की साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान बन चुकी है। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
  • मरीन ड्राइव के आसपास की गलियों में पुलिस का छापा...

    15-Feb-2026

     

    रायपुर। BSUP कालोनी मरीन ड्राईव में सरप्राईज चेकिंग की गई। विवरण यह है कि बीएसयुपी कालोनी मरीन ड्राईव में कुल 40 ब्लाक व 640 क्वाटर हैं । आज दिनांक - 15/ 02/26 के प्रातः करीब 04.00 बजे 36 की संख्या में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी (महिला) के द्वारा बीएसयुपी कालोनी मरीनड्राईव का सघन चेकिंग कर वहां निवासरत लोगों का वेरिफिकेशन किया गया तथा परिवार में कितने लोग हैं कहां से आए है क्या - क्या काम करते है। सभी का जानकारी लिया गया साथ ही वहां निवासरत लोगों की गाड़ियों का नाम नंबर नोट कर गाड़ियों का कागजात थाना लाकर दिखाने हेतु नोटिस दिया गया । संवाद से समाधान कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसयुपी कालोनीवासियों की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) श्री तारकेश्वर पटेल व सहायक पुलिस आयुक्त श्री रमाकांत साहू (मध्य जोन) तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा द्वारा बैठक लेकर उनकी समस्याओं को सुना गया था।जिसमे कालोनीवासियों ने 03 समस्याएं बतायी थी 01 कालोनी व देवारपारा के बीच का दीवार टुटा होना जिससे असामाजिक तत्वों का कालोनी में प्रवेश होता है। 02 शिकायत करने हेतु कोईसंपर्क नंबर का न होना। 03 सीसीटीवी कैमरे लगवाना। उपरोक्त शिकायतों में से (01 व 02) शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है। सीसीटीवी कैमरा लगाने हेतु प्रयास जारीहै। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस की सक्रियता लगातार पेट्रोलिंग व असामाजिक तत्वोंपर लगातार कार्यवाही, नशे के खिलाफ लगातार अभियान होने के कारण प्रातः चेकिंग के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु व व्यक्ति नहीं मिला।
  • GATE परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल कराने का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार...

    15-Feb-2026

     

    रायपुर। राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने हेतु नकल कराने की योजना बनाए जाने की विश्वसनीय सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में, एसीपी पुरानी बस्ती और क्राइम के नेतृत्व में थाना डीडी नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई।
    पुलिस टीम द्वारा परीक्षा केंद्र के आसपास गोपनीय निगरानी रखी गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम ने परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल जोन, सरोना के पास कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पाया। पूछताछ एवं तलाशी लेने पर उनके पास नकल कराने में प्रयुक्त उपकरण पाए गए, जिसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अंदर परीक्षा दे रहे साथियों का नाम बताया , बताए नाम के परीक्षार्थियों के संबंध में परीक्षा केंद्र से संपर्क कर संदेहियों की तलाशी लेने पर ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिला l जिन्हें पूछने पर बताया कि ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा केंद्र में बैठे अभ्यर्थी द्वारा प्रश्न को पढ़े जाने से केंद्र के बाहर बैठे साथी द्वारा गूगल सर्च कर प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने की योजना थी l पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को विशेष इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उपलब्ध कराए थे। परीक्षा के दौरान बाहर बैठा सहयोगी प्रश्न प्राप्त कर उनके उत्तर तैयार करता था और ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षार्थी तक पहुंचाता था। इसके बदले आरोपियों द्वारा अभ्यर्थियों से मोटी रकम ली जाती थी। थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/ 2026 धारा 318(2) ,61(2)bns , 66 IT act 10(1), लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही कर गिरफ़्तारी कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है l
    बरामदगी:
    – 03 नग ब्लूटूथ ईयर डिवाइस (सूक्ष्म/छिपाने योग्य)
    – 04 नग ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
    – ⁠08 नग मोबाइल फोन
    – 03 नग सिम कार्ड
    – अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
    – नकल कराने से संबंधित सामग्री
    गिरफ्तार आरोपी :
    प्रकरण में पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर निम्न आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है –
    1. दर्शन सहवाग पिता सुरेन्द्र सहवाग, उम्र 26 साल, साकिन छुडानी बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा l
    2. सुमित सहवाग पिता जय भगवान, उम्र 30 साल, पता छुडानी थाना बादली तहसील बहादुरगढ़ जिला झज्जरl
    3. लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की पिता ओमप्रकाश वर्मा, उम्र 36 साल, पता भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा l
    4. अमर पिता सुभाषचन्द्र, उम्र 32 साल, ग्राम भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा l
    5. नरेंद्र कुमार पिता सुभाषचन्द्र, उम्र 29 वर्ष, ग्राम निगानी खेड़ा तहसील व थाना सदर हिसार जिला हिसार हरियाणा l
    6. बंटी कुमार पिता शंकर लाल, उम्र 38 साल, पता ग्राम भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा 
    उक्त प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी संकलित की जा रही है।
  • शराब बंदी की बात करने वाली भाजपा शराब की काली कमाई में डूब गई है - कांग्रेस

    14-Feb-2026

     

    रायपुर। भाजपा सरकार ने निर्णय लिया है कि अब 1 अप्रैल से फाइबर की बोतल में शराब मिलेगी। साथ ही 35 नई दुकाने भी खोली जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि शराब बंदी की बात करने वाली भाजपा शराब की खपत बढ़ाने में लगी है। शराब की काली कमाई के लालच में भाजपा की सरकार ने पिछले दो वर्षों में आधा दर्जन बार आबकारी नीति में परिवर्तन किया है। पूर्व में संचालित लगभग 700 दुकानों में कंपोजिट व्यवस्था लागू करके अंग्रेजी में देसी और देसी शराब दुकानों में अंग्रेजी शराब भी बेचने का निर्णय लिया अर्थात पुरानी दुकानों की क्षमता दुगनी होकर 400 हो गयी। इस सरकार ने पिछले साल 67 नई शराब दुकानें खोले, जिसका जमकर विरोध हुआ, अब नई नीति में 35 और शराब दुकान खोले जा रहे हैं।
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि भाजपा की सरकार हर तरफ से शराब की बिक्री बढ़ाने में लगी है। विगत दिनों अंबिकापुर में सी-मार्ट को बंद कर प्रीमियम शराब दुकान खोली गई, अब नई शराब नीति के तहत और भी प्रीमियम दुकान खोलने का फैसला भाजपा की सरकार ने लिया है। पिछले 2 साल में सीमावर्ती पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उड़ीसा से शराब की तस्करी बढ़ी है। कोचियों और बिचौलियों का कारोबार बेख़ौफ़ चल रहा है, नाबालिक बच्चों तक अवैध नशे की सामग्री पहुंच रही है।
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि साय सरकार में शराब की कोचियागिरी बड़े पैमाने पर जारी है। नकली सरकारी होलोग्राम लगाकर शराब बेचा जा रहा है। राजनांदगांव, मुंगेली सहित प्रदेश के अनेकों स्थानों से लगातार खबरे आ रही है सरकारी शराब दुकानों से 200 रू. प्रति पेटी अतिरिक्त लेकर गली, मुहल्लों में कोचिये शराब पहुंचा रहे है। हाल ही में डोंगरगढ़ में बाटलिंग प्लांट यूनिट में पानी मिलाते रंगे हाथों पकड़े गये। दूसरे राज्यों की शराब बस्तर, सरगुजा सहित मैदानी क्षेत्रों में निर्बाध पहुंच रहे है। नकली और अवैध शराब का धंधा सत्ता के संरक्षण में तेजी से फल-फूल रहा है। भाजपा की सरकार बनने के बाद अवैध शराब की बिक्री बढ़ गई, दूसरे प्रांतो से शराब तस्करी कर के आ रही, बिना होलोग्राम, नकली होलोग्राम के शराब सरकारी दुकानों से बेची जा रही। पूरी सरकार शराब की काली कमाई में डूबी हुई है।
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि साय सरकार के द्वारा लगातार शराबखोरी को संरक्षण देने वाले निर्णयों से प्रमाणित है कि भाजपा का शराबबंदी के लिए प्रदर्शन केवल राजनैतिक पाखंड था। साय सरकार का शराब प्रेम मनपसंद ऐप और 67 नई शराब दुकान खोलने के निर्णय से स्पष्ट है। भाजपा नेताओं का फोकस केवल कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार में है और इसके लिए प्रदेश को नशे में डूबोने का षड़यंत्र रचा है।
  • शिक्षा विभाग में सेटअप 2008 संशोधन की मांग: लेक्चरर की याचिका पर हाईकोर्ट ने डीपीआई को दिए निर्देश...

    14-Feb-2026

     

    बिलासपुर। विज्ञान विषय के लेक्चरर एलबी लालबहादुर साहू ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर भौतिकी और रसायन व शास्त्र के व्याख्याता को कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को अन्य विषयों सहित पढ़ाने के लिए हाई स्कूल में पदस्थापना करने व इसके लिए सेटअप, 2008 में संशोधन के लिए राज्य सरकार को जरुरी दिशा निर्देश देने की मांग की है। मामले की सुनवाई के बाद जस्टिस पीपी साहू ने याचिकाकर्ता के अभ्यावेदन पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने का निर्देश डीपीआई को दिया है।
     
    याचिकाकर्ता लाल बहादुर साहू गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, अनवारी, ब्लॉक कुरुद, जिला धमतारी, छत्तीसगढ़ में भौतिक विज्ञान विषय के लेक्चरर (एल.बी.) के रूप में कार्यरत है। अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर कर 2008 के सेटअप में संशोधन करने की मांग की है। याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में बताया है कि सेटअप में संशोधन करने और विज्ञान विषय के लेक्चरर को अन्य विषय पढ़ाने की अनुमति को लेकर मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा सचिव, डीपीआई को पत्र लिखा है। याचिकाकर्ता ने विभाग में दिए गए दस्तावेजों को अपने पास मंगाने की भी मांग की है। याचिकाकर्ता ने हाई कोर्ट से मांग की है, वे राज्य शासन को सेटअप, 2008 संशोधन की अनुमति दें, ताकि भौतिकी और रसायन विज्ञान के व्याख्याता को कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को अन्य विषयों सहित पढ़ाने के लिए हाई स्कूल में पदस्थ किया जा सके।
     
    मामले की सुनवाई जस्टिस पीपी साहू के सिंगल बेंच में हुई। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कोर्ट के समक्ष पैरवी करते हुए कहा, याचिकाकर्ता ने इस रिट याचिका में उठाई गई अपनी शिकायत के निवारण के लिए डीपीआई के समक्ष पहले ही अभ्यावेदन प्रस्तुत कर दिया है, जो विचाराधीन है, अतः डीपीआई को निर्देश जारी किया जाए कि वह याचिकाकर्ता द्वारा प्रस्तुत अभ्यावेदन पर निर्धारित समय सीमा के भीतर शीघ्र निर्णय ले। राज्य शासन की ओर से पैरवी करते हुए कहा, याचिकाकर्ता के वकील द्वारा की गई सीमित प्रार्थना को देखते हुए, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। मामले की सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने डीपीआई को, याचिकाकर्ता के लंबित अभ्यावेदन पर कानून के अनुसार निर्णय लेने निराकरण करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कोर्ट ने याचिका को निराकृत कर दिया है।
     
    याचिकाकर्ता लालबहादुर साहू ने डीपीआई को पत्र में लिखा है, हाई स्कूल विषय (9वीं, 10 वीं) में भौतिक और रसायन PG योग्यताधारी, व्याख्याता की नियुक्ति, पदोन्नति करने सेटअप में आंशिक सुधार कर राजपत्र में प्रकाशन के बाद बायो व गणित वाले का स्थानांतरण व्याख्याता में नई नियुक्ति व पदोन्नति करने की मांग की है।
     
    भौतिक और रसायन PG का भी हाई स्कूल विषय विज्ञान (9 वीं और 10 वीं) में बायों (अन्य विषय) की तरह लेक्चरर एल बी/व्याख्याता का पद सृजित कर नियुक्ति व पदोन्नति की मांग की है। जिला कार्यालय शासन स्तर का होने के कारण कई जिलों में हाई स्कूल विषय:- विज्ञान (9 वीं और 10 वीं) में भौतिक और रसायन शास्त्र विषय में नियुक्ति व पदोन्नति नहीं की जा रही है। council for indian school certificate examination पाठ्यक्रम के अनुसार विज्ञान भौतिक, रसायन और बायो का समग्र विषय है। तीनों का समानुपातिक महत्व है (तीनों को प्रशिक्षण भी देते है), विज्ञान में श्रौतिक, रसायन और बायो तीनों को नियुक्ति व पदोन्नति की मांग की है। याचिकाकर्ता लेक्चरर ने डीपीआई को लिखे पत्र में इस बात का भी हवाला दिया है, हाई स्कूल विषय:- सामाजिक विज्ञान (9 वीं और 10 वी) में पाठ्यक्रम के अनुसार अर्थशास्त्र, राजनीति, भूगोल व इतिहास विषय के लेक्चरर की नियुक्ति व पदोन्नति का प्रावधान है।
     
    याचिकाकर्ता ने लिखा है, गणित विषय के शिक्षक का पद रिक्त रहने या गणित शिक्षक की अनुपस्थिति पर बायो समूह के शिक्षकों में गणित अध्यापन करने की क्षमता ही नहीं होती हैं, जिससे छात्रों का अहित होता है। जबकि भौतिक व रसायन शास्त्र वाले लेक्चरर में गणित और विज्ञान दोनों में अध्यापन करने की क्षमता होती है। अचरज की बात है, भौतिक व रसायन शास्त्र वाले शिक्षकों का हाई स्कूल विषय-विज्ञान,गणित में नियुक्ति, पदोन्नति, स्थानांतरण का प्रावधान ही नहीं है।
     
    इनको मिल रहा दोहरा लाभ...
    भौतिक, रसायन और काॅमर्स लेक्चरर के अलावा सभी लेक्चरर के लिए हायर सेकेंडरीऔर हाई स्कूल विषय दोनों में पद सृजित है, जिसके कारण उन्हें हायर सेकेंडरी और हाई स्कूल विषय दोनों में नियुक्ति व पदोन्नति का दोहरा लाभ मिल रहा है।
     
    भौतिक रसायन व्याख्याता को कॉमर्स की तरह (कॉमर्स के शिक्षक सिर्फ 11वीं, 12वीं कक्षाओं का अध्यापन करते हैं) सिर्फ हायर सेकेंडरी विषय में नियुक्ति देते हैं। हाई स्कूल विषय विज्ञान/गणित (9वीं 10 वीं) में नहीं, जबकि कई संस्थाओं में प्राचार्य/जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा इन विषयों का अध्यापन कार्य करवाया जाता है।
  • वनपाल के तबादले पर हाईकोर्ट सख्त, CCF के आदेश पर लगाई अंतरिम रोक, याचिकाकर्ता के आरोपों पर सुनवाई...

    14-Feb-2026

     

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर वन मंडल के बेलतरा में रेंज सहायक के पद पर कार्यरत वेदप्रकाश शर्मा ने मुख्य वन संरक्षक CCF द्वारा जारी तबादला आदेश के खिलाफ अधिवक्ता जितेंद्र पाली के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले की सुनवाई के बाद जस्टिस पीपी साहू ने तबादला आदेश पर रोक लगाते हुए राज्य शासन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता रेंज सहायक ने मुख्य वन संरक्षक पर अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर आदेश जारी करने का आरोप लगाया था।
     
    बिलासपुर वन मंडल के बेलतरा में रेंज सहायक के पद पर कार्यरत एक कर्मचारी का तबादला 04 फरवरी .2026 के आदेश के तहत मुंगेली वन मंडल में कर दिया गया है। उन्होंने तर्क दिया कि यह आदेश मुख्य वन संरक्षक द्वारा पारित किया गया है, जिन्हें किसी कर्मचारी का एक मंडल से दूसरे मंडल में तबादला करने का कोई अधिकार नहीं है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने इस संबंध में समय-समय पर पत्र लिखे हैं, याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने पीसीसीएफ द्वारा जारी पत्र को कोर्ट के सामने पेश किया। अधिवक्ता जितेंद्र पाली ने कहा, मुख्य वन संरक्षक ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाते हुए तबादला आदेश जारी किया है। उनको आदेश जारी करने का अधिकार नहीं है।
     
    लिहाजा जारी तबादला के आदेश पर रोक लगाई जाए। राज्य शासन की ओर से पैरवी करते हुए शैलजा शुक्ला ने जवाब पेश करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा। मामले की सुनवाई जस्टिस पीपी साहू के सिंगल बेंच में हुई। राज्य शासन के अधिवक्ता की मांग को स्वीकार करते हुए कोर्ट ने जवाब पेश करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। कोर्ट ने यााचिकाकर्ता को राहत देते हुए अगली सुनवाई तक तबादला आदेश पर अंतरिम रोक लगा दिया है। कोर्ट ने अपने आदेश में लिखा है, मुख्य वन संरक्षक द्वारा 04 फरवरी 2026 के आदेश के प्रभाव और संचालन अगली सुनवाई की तारीख तक स्थगित रहेगा। याचिका की अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने 23 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है।
  • टिकरापारा से लापता लड़की की लाश राजिम के पास मिली...

    14-Feb-2026

     

    गरियाबंद। जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद पास जाकर देखने पर नहर किनारे युवती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू के मुताबिक, घटना श्यामनगर-देवरी मार्ग की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से उन्हें सूचना मिली कि क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से तेज बदबू आ रही थी। आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने बदबू के स्रोत की तलाश की तो नहर किनारे झाड़ियों के पास एक शव दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की है। बताया जा रहा है कि चंचल 30 जनवरी से बिना बताए घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
  • बागबाहरा में मातृ-पितृ दिवस एवं शिशु नगरी कार्यक्रम आयोजित, बच्चों ने माता-पिता पूजन कर दिया संदेश...

    14-Feb-2026

     

    बागबाहरा। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभाकक्ष में मातृ-पितृ दिवस एवं शिशु नगरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भैया-बहनों में माता-पिता के प्रति कर्तव्य का बोध कराना तथा आधुनिक समाज की बढ़ती कुरीतियों के दुष्प्रभाव से बचाना रहा।
     
    प्राचीन मान्यता के अनुसार, भगवान गणेश ने अपने माता-पिता की पूजा एवं परिक्रमा कर उनकी कृपा प्राप्त की, जिससे वे सर्वदेवों में श्रेष्ठ बने। इसी परंपरा को जीवंत करते हुए 14 फरवरी को माता-पिता पूजन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तोमेश्वरी साहू (आचार्य, कसेकेरा ग्रामीण विद्यालय एवं जिला शिशु वाटिका प्रमुख) रहीं। अध्यक्षता ममता जगत (धर्मपत्नी शिवा जगत, पार्षद वार्ड नं. 14) ने की, जबकि विशेष अतिथि उमा यादव एवं जानकी चंद्राकर उपस्थित रहीं।
     
    मुख्य अतिथि श्रीमती साहू ने अपने उद्बोधन में उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए अत्यंत सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की पाँच अवस्थाएँ होती हैं, जिनमें बाल्यकाल सबसे महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी काल में दिए गए संस्कार व्यक्ति के सम्पूर्ण जीवन की दिशा और दशा निर्धारित करते हैं। यदि बचपन में अच्छे संस्कार मिल जाएँ, तो आगे चलकर वही बालक एक आदर्श नागरिक, श्रेष्ठ परिवार सदस्य और जिम्मेदार समाजसेवी बनता है।
     
    उन्होंने आगे कहा कि पढ़ाई तो लगभग सभी विद्यालयों में कराई जाती है, परंतु केवल पाठ्य पुस्तकों का ज्ञान ही जीवन की सफलता का आधार नहीं बन सकता। वास्तविक शिक्षा वह है, जो ज्ञान के साथ-साथ चरित्र निर्माण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का बोध कराए।
     
    अपने उद्बोधन में उन्होंने विशेष रूप से सशिमं की शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था विद्यार्थियों को केवल अंक प्राप्त करने की दौड़ में नहीं लगाती, बल्कि उन्हें संस्कारवान, विनम्र, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्रप्रेमी बनाने का सतत प्रयास करती है। यहाँ शिक्षा का उद्देश्य केवल बुद्धि का विकास नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और व्यवहारकृतीनों का संतुलित निर्माण है।
     
    अंत में उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे भी विद्यालय के साथ समन्वय बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनें, क्योंकि घर और विद्यालयकृदोनों के संयुक्त प्रयास से ही एक उज्ज्वल, संस्कारित और सशक्त पीढ़ी का निर्माण संभव है।
     
    कार्यक्रम का शुभारंभ सम्माननीय अतिथियों ने मां सरस्वती, ओम एवं मां भारती के फोटो पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। आचार्य मेघा डहरवाल ने उपस्थित अभिभावकों को शिशु वाटिका के बारे में जानकारी दी। मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आचार्य मिथलेश साहू ने संचालित किया।
     
    शिशु नगरी के अंतर्गत छोटे भैया-बहनों ने सुंदर झांकियों का प्रदर्शन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आभार प्रदर्शन आचार्य तोजेश्वरी साहू ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त आचार्यों एवं दीदियों का सहयोग रहा।
  • जिम्बाब्वे की जीत ने मुश्किल कर दी ऑस्ट्रेलिया की राह...

    14-Feb-2026
    सुपर-8 में पहुंचने सिर्फ एक उम्मीद बाकी
     
    टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले जैसे-जैसे आगे बढ़ते जा रहे हैं वैसे-वैसे नए-नए रिकार्ड और समीकरण बनते जा रहे हैं। जो कुछ टीमों के लिए काफी फायदेमंद है, लेकिन कुछ दिग्गज टीमों के लिए चिंता का कारण बनते जा रहा है। 7 फरवरी को शुरू हुए वर्ल्ड कप के मुकाबले में अब तक (13 फरवरी तक) 21 मैच खेले जा चुके हैं। वहीं जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ते जा रहे हैं वैसे-वैसे सभी गुप के अंक तालिका में भी उलटफेर देखने को मिल रहा है। 13 फरवरी को खेले गए ग्रुप बी के जिम्बाब्वे-ऑस्ट्रेलिया मैच की बात करें तो इस मुकाबले में बड़ा उलटफेर करते हुए जिम्बाब्वे ने शानदार 23 रनों से जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही जिम्बाब्वे के पास सुपर-8 में पहुंचने का शानदार मौका है। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की इस जीत से ऑस्ट्रेलियाई टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म होता दिखाई दे रहा है। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने अब तक दो मैच खेले हैं और एक में जीत दर्ज की।
     
    लिहाजा उसके पास 2 ही अंक है और रन रेट भी 1.100 अंक है। कंगारू टीम को अभी ग्रुप स्टेज में 2 मुकाबले खेलने बाकी हैं, जिसमें दोनों ही मैच उनके लिए काफी अहम हो गए हैं, साथ ही अब उन्हें दूसरे मैचों के परिणाम पर भी नजर रखनी होगी। इसलिए ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए सुपर-8 में पहुंचना काफी कठिन लग रहा है।
     
    ऑस्ट्रेलिया के पास सिर्फ एक उम्मीद...
    ऑस्ट्रेलिया को अभी अपने ग्रुप मैच में दो और मुकाबले खेलने हैं और दोनों में ही जीत दर्ज करनी होगी तभी उसके लिए सुपर-8 में पहुंचना आसान होगा। अन्यथा वह ग्रुप मैच से ही वल्ड कप से बाहर हो जाएगी। ऑस्ट्रेलिया को अपना अगला मुकाबला 16 फरवरी को उन्हें मेजबान श्रीलंका की टीम से मैच खेलना है जो उनके लिए आसान नहीं रहने वाला है। यदि ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में हार मिलती है तो उनके लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर ग्रुप स्टेज के साथ खत्म हो जाएगा। वहीं आखिरी मुकाबला ओमान की टीम के खिलाफ 20 फरवरी को खेलना है। इन दोनों ही मैचों में ना सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत हासिल करनी होगी बल्कि नेट रनरेट को ध्यान में रखते हुए बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम करना होगा। तभी वह सुपर-8 में पहुंच पाएगी।
     
    अहम होगा 19 फरवरी का श्रीलंका-जिम्बाब्वे मैच का परिणाम
     
    अब ऑस्ट्रेलिया टीम की नजर श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच 19 फरवरी को होने वाले मुकाबले के परिणाम पर रहेगी। क्योंकि इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम सुपर-8 के लिए जहां अपनी जगह लगभग पक्की करेगी तो दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम के लिए नेट रनरेट ही महत्वपूर्ण होगा।
     
    श्रीलंका की हार की उम्मीद करेगा ऑस्ट्रेलिया...
    ग्रुप मुकाबले में यदि ऑस्ट्रेलिया टीम श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच में जीत हासिल करती है और उसके बाद जिम्बाब्वे भी श्रीलंका को मात देने में कामयाब होता है तो इस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 में पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा। हालांकि यदि श्रीलंकाई टीम इन दोनों ही मैचों को जीतने में कामयाब होती है तो उस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया का सफर सुपर-8 से खत्म हो जाएगा।
     
    एक जीत और सुपर-8 में पहुंच जाएगा जिम्बाब्वे
     
    जिम्बाब्वे की टीम को अपना अगला मैच 17 फरवरी को आयरलैंड की टीम के खिलाफ खेलना है, जिसमें वह जीत हासिल करते ही सुपर-8 के लिए अपनी जगह को लगभग पक्की लेगी। हालांकि श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच के बाद ही सबकुछ पूरी तरह से तय हो पाएगा।
     
     
  • रायपुर को शहरी बाढ़ के खतरे से सुरक्षित करने की दिशा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की बड़ी पहल...

    14-Feb-2026

     

    ₹220 करोड़ की शहरी बाढ़ जोखिम प्रबंधन योजना को शीघ्र स्वीकृति देने हेतु केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र
     
    नई दिल्ली/ रायपुर। राजधानी रायपुर में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और शहरी बाढ़ की समस्याओं के निपटारे और बाढ़ के बढ़ते खतरे से स्थायी सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक निर्णायक कदम उठाते हुए रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से ₹220 करोड़ के व्यापक 'शहरी बाढ़ जोखिम प्रबंधन कार्यक्रम' (Urban Flood Risk Management Program) को सैद्धांतिक मंजूरी देने का अनुरोध किया है।
     
    श्री अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया कि रायपुर शहर के लिए इस महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत ₹220 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति का प्रस्ताव NDMA को प्रस्तुत किया गया था। 10 नवंबर 2025 को जारी नवीन दिशानिर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा प्रस्ताव में आवश्यक संशोधन किए गए, जिसे 23 जनवरी 2026 को राज्य कार्यकारी समिति से विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
     
    तकनीकी सलाहकार समिति (TAC) द्वारा दिए गए सभी सुझावों एवं टिप्पणियों का समाधान करते हुए अनुपालन रिपोर्ट सहित संशोधित प्रस्ताव पत्र क्रमांक 504/पीडब्ल्यूडी/एनएनआर/2026 के माध्यम से पुनः प्रस्तुत किया गया है। इसके बावजूद अंतिम स्वीकृति लंबित है।
     
    श्री बृजमोहन अग्रवाल का कहना है कि, 
    रायपुर के तेजी से होते शहरीकरण के कारण यहाँ का ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर (निकासी व्यवस्था) पीछे छूट गया है, जिससे मानसून के दौरान गंभीर जलभराव की स्थिति बन जाती है। भाठागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और अवंती विहार जैसे निचले इलाकों के निवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है, जहाँ भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
     
    बृजमोहन अग्रवाल का कहना है कि, "जुलाई 2025 में, रायपुर में 33 घंटों के भीतर 103 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई थी और प्रमुख चौराहे ठप हो गए थे। यह फंड शहर के स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों को दूर करने में महत्वपूर्ण होगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि शहर में कहीं भी जलभराव न हो!"
     
    यह नया ₹220 करोड़ का कार्यक्रम बुनियादी ढांचे की इन कमियों को दूर करने का लक्ष्य रखता है, जिसमें अस्थायी मरम्मत के बजाय एक वैज्ञानिक रूप से डिजाइन किया गया बाढ़ प्रबंधन तंत्र विकसित किया जाएगा जो अत्यधिक भारी बारिश को झेलने में सक्षम होगा।
     
    सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध किया है कि रायपुर जैसे तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र को मानसून के दौरान होने वाली जलभराव और बाढ़ की गंभीर समस्या से बचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्णय लेने के निर्देश दिए जाएं।
     
    यह पहल श्री अग्रवाल की दूरदर्शिता, जनहित के प्रति उनकी संवेदनशीलता और राजधानी रायपुर के सुरक्षित एवं सतत विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। शहरी बाढ़ प्रबंधन योजना के क्रियान्वयन से न केवल नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि शहर के बुनियादी ढांचे को भी दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।
  • नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हुए शामिल

    14-Feb-2026
    सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा
     
    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जशपुर प्रवास के दौरान दुलदुला विकास खंड के ग्राम सिरीमकेला स्थित श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के पावन प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देवाधिदेव महादेव से समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के एक दिन पूर्व आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन को उन्होंने श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम सिरीमकेला में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए सुदृढ़ आधार मिलेगा।
     
    मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कल हम सब महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाएंगे और इस अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि सिरीमकेला में भक्तों और अपने परिवारजनों के बीच आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और आनंद की अनुभूति हो रही है। भक्ति और श्रद्धा के इस अनूठे आयोजन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सनातन परंपरा को पुनर्स्थापित करते हुए अयोध्या धाम दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्राएँ करा रही है। श्रवण कुमार के पदचिन्हों पर चलने का प्रयास करते हुए अब तक प्रदेश के 42 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों को श्रीरामलला के दर्शन कराए जा चुके हैं। 
     
    उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या धाम में श्री रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है और हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर आज ध्वज लहरा रहा है। प्रत्येक राम भक्त की आस्था 500 वर्षों तक प्रज्वलित रही — यह एक ऐसा यज्ञ था जिसकी लौ कभी नहीं डगमगाई। हम सब निमित्त मात्र हैं, जो अपने भांचा राम के दर्शन उनके भव्य मंदिर में कर रहे हैं और श्रद्धालुओं को करा पा रहे हैं।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नीलकंठेश्वर महादेव का दर्शन पाकर वे स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। दशहरा पर्व के दिन नीलकंठ के दर्शन को अत्यंत शुभ माना जाता है और आज प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत यहाँ निरंतर दर्शन लाभ मिलना हम सबके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जशपुर में मधेश्वर महादेव स्थित हैं, जिसे लोक मान्यता के अनुसार एशिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग कहा जाता है। सनातन परंपरा में भक्ति का विशेष महत्व है और राज्य सरकार भक्तों का सम्मान करती है। सावन माह में भोरमदेव मंदिर में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर हर वर्ष आस्था प्रकट की जाती है।
     
    मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहे जाने वाले राजिम त्रिवेणी संगम में इन दिनों राजिम कुंभ कल्प का भव्य आयोजन हो रहा है, जहाँ आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव के दर्शन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। राजिम कुंभ कल्प की प्रतिष्ठा को पुनर्स्थापित किया गया है, ऐतिहासिक बस्तर दशहरा की पहचान देश-विदेश तक है तथा छत्तीसगढ़ के पाँच शक्ति पीठों के विकास के लिए कार्य योजना बनाकर सतत कार्य किया जा रहा है।
     
    मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता और प्रकृति संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। 
     
    कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के इस पावन कालखंड में नीलकंठेश्वर महादेव की कृपा हम सभी पर बनी रहे, प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और विकास की नई धाराएँ प्रवाहित हों तथा छत्तीसगढ़ आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक वैभव के साथ निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहे — यही उनकी हार्दिक कामना है।
     
    इस अवसर पर सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जुदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जुदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, श्री कृष्णा राय, श्री पवन साय, श्री भरत सिंह, श्री अरविन्द प्रसाद साय, श्री कपिल देव साय, सरगुजा आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार तथा महादेव मंदिर समिति के सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
  • आमानाका के होटल में युवती से रेप, ब्लैकमेल कर आरोपी ने बनाया शारीरिक संबंध...

    14-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी में एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से छह लाख रुपये ठगने और दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम पुलिस द्वारा रितेश चंद्राकर बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी का खुलासा पुलिस अधिकारी जल्द करेंगे। पुलिस के मुताबिक, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) ने करीब दो वर्ष पहले युवती से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान उसने खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत बताया और वहां के अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। आरोपी ने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स में लगवा देगा। आरोप है कि युवक ने अलग-अलग किस्तों में युवती से करीब छह लाख रुपये ले लिए। युवती ने यह रकम कर्ज लेकर आरोपी को दी थी। विश्वास जमाने के लिए आरोपी ने युवती को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे आमानाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। जब युवती ज्वाइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है। इसके बाद उसने आमनाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
  • वैलेंटाइन डे पर कमिश्नरेट ने बढ़ाई सतर्कता: रायपुर में पार्क, मॉल और मंदिरों में 3 DCP, 3 ADCP और दर्जनों ACP तैनात...

    14-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी रायपुर में वैलेंटाइन डे पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आज सुबह से ही पार्क, गार्डन माॅल और मंदिरों में तैनात है। रायपुर कमिश्नरेट में तीन डीसीपी, तीन एडिशनल डीसीपी, आधा दर्जन से ज्यादा एसीपी और 21 थानों के थानेदारों ने सुबह से ही मोर्चा संभाल रखा है। इस दौरान अगर किसी ने किसी तरह से भी शहर की शांति भंग करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ रायपुर पुलिस सख्त एक्शन लेगी।
    वैलेंटाइन डे पर पुलिस की टीम सुबह से ही प्रमुख बाजार, माॅल, पार्क, गार्डर और मंदिरों पर गश्त कर रही है। शहर के कुछ प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट स्थापित किया गया है, जहां एक काॅल करने पर पुलिस मौके पर तत्काल उपलब्ध हो जाएगी। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को भी ध्यान रखा गया है। महिला पुलिस बल को भी सार्वजनिक स्थानों पर तैनात किया गया है। साथ ही 112 कंट्रोल रूम और थाना पुलिस को अलर्ट मोड में रखा गया है। अगर किसी क्षेत्र में किसी तरह की सूचना मिलती हैं तो बिना देरी किए पुलिस उस स्थान पर तत्काल उपलब्ध हो जाएगी।
    वहीं, वैलेंटाइन डे और पश्चिमी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ बजरंग दल ने शनिवार को शहर के प्रमुख पार्क में जाकर प्रेमी जोड़ों को वैलेंटाइन डे पर अपनी घर में रहने की सलाह दी थी। साथ ही संगठन ने प्यार के नाम पर पार्क, मंदिरों और माॅल में अश्लीलता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।
    कमिश्नरेट पुलिस की सख्त चेतावनी
    इधर, रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कहा है कि व्यवस्था बनाए रखे और किसी तरह का हुड़दंग या अशांति न फैलाए। लोग खुद कानून हाथ में न लें। किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की गई तो ऐसे लोगों के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस सख्त और कड़ी कार्रवाई करेगी।
Top