बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • कार का शीशा तोड़ने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, रायपुर पुलिस की कार्रवाई...

    10-Feb-2026

     

    रायपुर। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने सहित सुरक्षा व शांति व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन क्षेत्रांतर्गत थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना के बलों के साथ लगातार आसमाजिक तत्वो, गुण्डा बदमाशें, चाकूबाजों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 05-06/01/2026 की दरम्यानी रात्रि को थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत रामनगर वार्ड क्र 024 में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा चारपहिया वाहन के शिशे को तोड़ने की जानकारी प्राप्त हुई। जिस पर पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) द्वारा घटना को गंभीरता तथा प्रकरण पर स्वतः संज्ञान में लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम द्वारा सभी संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी करते हुए प्ररकण में आरोपी धनेश्वर सोनवानी, शिव सिंह ठाकुर तथा उकेश बघेल पकड़ा गया। सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है। गिरफ्तार आरोपी (1) धनेश्वर सोनवानी पिता फूलसिंह सोनवानी उम्18 साल ग्राम गीदपुरी थाना गीदपुरी जिला बलौदाबाजार हाल रावत पूरा फ़ेस 01 टिकरापारा रायपुर। (2)शिव सिंह ठाकुर पिता दीपक सिंह ठाकुर उम्र 24 साल पता रावत पूरा फ़ेस 02 टिकरापारा थाना टीकरापारा रायपुर। (3) उकेश बघेल पिता राधेश्याम बघेल उम्र 22 वर्ष पता रावतपूरा फेस 01 स्थाई पता ग्राम चकवे पोस्ट आरंग रायपुर।
  • रायपुर के होटल में कुत्ते को खाना देने पर हुआ झगड़ा, मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर की हत्या...

    10-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी के धरसींवा थाना क्षेत्र में देर रात हत्या कर दी गई। होटल में खाना खाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। जिसमें मप्र अनुपपुर निवासी शिव प्रसाद ध्रुव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
     
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब चार बजे की है। मृतक की पहचान शिव प्रसाद ध्रुव, निवासी मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होटल में खाना खाते समय कुत्ते को खाना देने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर कहासुनी बढ़ गई और आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
  • लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास नोटिस, राहुल ने नहीं किए हस्ताक्षर...

    10-Feb-2026

     

    नई दिल्ली। भारतीय संसदीय इतिहास में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। विपक्षी दलों ने संयुक्त रूप से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंपा है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ही इस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत लाए गए इस प्रस्ताव ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव को और तेज कर दिया है।
     
    राहुल गांधी और TMC की दूरी बनी चर्चा का विषय...
    इस राजनीतिक घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हस्ताक्षर न होने को लेकर है। जहां कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल स्पीकर पर पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं, वहीं राहुल गांधी के साइन न होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों ने भी नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, जिससे विपक्षी एकजुटता की तस्वीर कमजोर नजर आ रही है। हालांकि कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने कहा कि यह प्रस्ताव संख्या बल के लिए नहीं, बल्कि “लोकतंत्र बचाने का संदेश” देने के लिए है। वहीं कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि स्पीकर को पद से हटाने के नोटिस पर नेता प्रतिपक्ष का हस्ताक्षर करना संसदीय लोकतंत्र में सही नहीं है। इसी वजह से राहुल गांधी ने नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं करने का फैसला किया।
     
    स्पीकर पर लगाए गए चार प्रमुख आरोप...
    अविश्वास नोटिस में लोकसभा स्पीकर के कार्यशैली को लेकर चार गंभीर आरोप लगाए गए हैं—
    बोलने से रोकने का आरोप: 2 फरवरी को राहुल गांधी को सदन में बोलने का अवसर न देना।
    सांसदों का निलंबन: 3 फरवरी को 8 सांसदों के निलंबन को एकतरफा कार्रवाई बताया गया।
    दोहरा मापदंड: सत्ता पक्ष के सांसद द्वारा पूर्व प्रधानमंत्रियों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कार्रवाई न करना।
    महिला सांसदों के प्रति टिप्पणी: विपक्षी महिला सांसदों को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर नाराजगी।
     
    संख्या कम, फिर भी विपक्ष का संदेश...
    विपक्षी सांसदों का कहना है कि वे स्पीकर के व्यक्तिगत सम्मान पर सवाल नहीं उठा रहे, बल्कि चेयर की निष्पक्षता को लेकर चिंता जता रहे हैं। विपक्ष को यह भी पता है कि सदन में प्रस्ताव पारित कराने के लिए उनके पास पर्याप्त संख्या नहीं है, लेकिन वे जनता तक यह संदेश पहुंचाना चाहते हैं कि संसद में उनकी आवाज को दबाया जा रहा है।
     
    उधर, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस की विस्तृत जांच के निर्देश लोकसभा सचिव जनरल को दे दिए हैं और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की बात कही है।
  • होटल की आड़ में चल रहे Sex Racket का भंडाफोड़, पुलिस की रेड से मची भगदड़, संचालक और दलाल समेत 3 गिरफ्तार...

    10-Feb-2026

     

     दुर्ग। जिले के छावनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए होटल संचालक, दलाल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पावर हाउस बस स्टैंड स्थित होटल छाया इन में की गई, जहां पुलिस की अचानक छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
     
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई DIG विजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी चित्रा वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा सहित थाना स्टाफ के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
    पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल छाया इन में लंबे समय से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं, जहां से देह व्यापार में लिप्त युवतियों और दलालों को मौके पर ही पकड़ा गया।
     
    जांच में सामने आया कि होटल संचालक की मिलीभगत से यह रैकेट संचालित किया जा रहा था। दलाल ग्राहकों को उपलब्ध कराने और युवतियों को होटल तक लाने-ले जाने की भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
     
    छावनी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
  • चाकू से कटी मुख्य धमनी, सबक्लेवियन आर्टरी को जोड़कर बचाया युवक का हाथ...

    10-Feb-2026

     

    रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा), रायपुर के डॉक्टरों ने एक बार फिर जटिल और जानलेवा केस की जटिल एवं सफलतापूर्वक सर्जरी कर घायल मरीज के हाथ को कटने से बचाया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि मरीज को समय पर इस प्रकार की जटिल शल्य- चिकित्सा की सुविधा नहीं मिलती तो मरीज के हाथ कटने की नौबत आ जाती और मरीज दिव्यांग हो जाता। हार्ट- चेस्ट और वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू के नेतृत्व में एक युवक के कंधे पर चाकू से हुए हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त मुख्य रक्त नली (सबक्लेवियन आर्टरी) को जोड़कर डॉक्टरों की टीम ने न केवल मरीज की जान बचाई, बल्कि उसका हाथ कटने से भी बचा लिया। इस सर्जरी की एक और विशेष बात यह रही कि इसमें ऑर्थोपेडिक सर्जन भी शामिल रहे जिनकी मदद से कॉलर बोन को काटा गया एवं ऑपरेशन के बाद वापस प्लेट लगाकर जोड़ दिया गया। इस केस की विस्तृत जानकारी देते हुए विभागाध्यक्ष (हार्ट- चेस्ट और वैस्कुलर सर्जरी) डॉ. कृष्णकांत साहू ने बताया कि :- अम्बेडकर अस्पताल के ट्रॉमा यूनिट में 34 वर्षीय एक मरीज अत्यधिक रक्तस्राव और मरणासन्न अवस्था में लाया गया। मरीज इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी में काम करता है और अमलेश्वर का निवासी है। परिजनों के अनुसार, मरीज अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल से रायपुर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी इलेक्ट्रिक रिक्शा से टक्कर हो गई। विवाद के दौरान रिक्शा चालक ने मरीज के बाएं कंधे पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। घाव इतना गहरा था कि कंधे की हड्डी (क्लेविकल बोन) के पीछे से गुजरने वाली मुख्य धमनी सबक्लेवियन आर्टरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चोट लगते ही धमनी से खून का तेज फव्वारा निकलने लगा और कुछ ही देर में मरीज बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे अम्बेडकर अस्पताल के आपातकालीन विभाग पहुंचाया, जहां घाव में कॉटन गॉज भरकर रक्तस्राव को अस्थायी रूप से रोका गया। हालांकि रक्तस्राव रुकने के साथ ही बाएं हाथ में रक्त प्रवाह भी बंद हो गया, जिससे हाथ काला पड़ने लगा और ताकत खत्म होने लगी। समय पर ऑपरेशन न होने की स्थिति में हाथ काटने की नौबत आ सकत प्रारंभिक उपचार के बाद मरीज के परिजन उसे अपनी इच्छा से अन्य अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन चोट की गंभीरता और धमनी के क्षतिग्रस्त होने के कारण अन्य अस्पतालों ने इलाज से मना कर दिया। इसके बाद मरीज को पुनः अम्बेडकर अस्पताल के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग में लाया गया, जहां मेरे (डॉ. कृष्णकांत साहू के) नेतृत्व में तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। अत्यंत जटिल और चुनौतीपूर्ण सर्जरी सबक्लेवियन आर्टरी की सर्जरी विशेष रूप से उसके दूसरे भाग (सेकंड पार्ट) में बेहद चुनौतीपूर्ण होती है, क्योंकि यह धमनी छाती के भीतर कॉलर बोन के पीछे स्थित रहती है। पट्टी हटाते ही अत्यधिक रक्तस्राव की आशंका बनी हुई थी, जिसके लिए वैस्कुलर कंट्रोल अत्यंत आवश्यक था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्णय लिया गया कि मरीज की कॉलर बोन को काटकर धमनी तक पहुंच बनाई जाए। कॉलर बोन को काटने के बाद पाया गया कि धमनी लगभग 3 सेमी तक पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुकी थी। इसे जोड़ने के लिए 7×30 मिमी. साइज का डेक्रॉन ग्राफ्ट (कृत्रिम नस) लगाया गया। सर्जरी के दौरान लगभग 5 यूनिट रक्त चढ़ाया गया और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाथ में पुनः रक्त प्रवाह शुरू हो सका। इस दौरान ब्रैकियल प्लेक्सस (तंत्रिका तंत्र) को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया, क्योंकि इसमें क्षति होने पर हाथ में स्थायी लकवे की संभावना रहती है। ऑपरेशन के बाद कॉलर बोन को प्लेट लगाकर वापस जोड़ दिया गया अब पूरी तरह स्वस्थ, काम पर लौटा मरीज सफल ऑपरेशन और समय पर उपचार के चलते मरीज का हाथ बच गया और गैंगरीन की स्थिति टल गई। वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और अपने रोजमर्रा के कार्यों में वापस लौट चुका है। इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम में हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जन डॉ. कृष्णकांत साहू, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. प्रणय श्रीवास्तव, डॉ लोमेश साहू, एनेस्थेटिस्ट डॉ. संकल्प दीवान, डॉ. बालस्वरूप साहू, जूनियर डॉक्टर - डॉ. आयुषी खरे, ख्याति, , आकांक्षा साहू, संजय त्रिपाठी, डॉ. ओमप्रकाश शामिल रहे। नर्सिंग स्टाफ में राजेन्द्र, नरेन्द्र, मुनेश, चोवा, दुष्यंत तथा एनेस्थेसिया तकनीशियन भूपेन्द्र और हरीश ने अहम भूमिका निभाई। यह सफलता न केवल अम्बेडकर अस्पताल बल्कि सभी के लिए गर्व का विषय है, जो यह साबित करती है कि समय पर सही निर्णय, समेकित प्रयास और विशेषज्ञ चिकित्सा से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। डॉ. विवेक चौधरी, डीन, पं. नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर यह सर्जरी अत्यंत जटिल और जोखिम भरी थी। सबक्लेवियन आर्टरी जैसी बड़ी और महत्वपूर्ण धमनी की मरम्मत प्रत्येक अस्पताल में संभव नहीं होती। अम्बेडकर अस्पताल के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग, ट्रॉमा यूनिट और एनेस्थेसिया टीम के समन्वित प्रयास से यह संभव हो सका। यह प्रयास यह दर्शाती है कि सरकारी अस्पतालों में भी उच्चस्तरीय और जीवन रक्षक उपचार सुविधा उपलब्ध है। डॉ. संतोष सोनकर, अधीक्षक, अम्बेडकर अस्पताल
  • रील्स से सीखी चोरी: हिस्ट्रीशीटर समेत 7 गिरफ्तार...

    10-Feb-2026
     
    रायपुर, बलौदाबाजार में 8 मामलों का खुलासा, 28 लाख का माल जब्त।
     
    रायपुर। राजधानी रायपुर समेत आसपास के जिलों में ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया रील्स देखकर चोरी के तरीके सीखने वाले इस गिरोह सहित कुल 8 चोरी के प्रकरणों में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नगद राशि और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
     
    यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के सतत मॉनिटरिंग में की गई। कार्रवाई में थाना खम्हारडीह, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, आरंग, पंडरी, विधानसभा रायपुर और जिला बलौदा बाजार के पलारी क्षेत्र की चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
    घरों और ज्वेलरी दुकानों को बनाया निशाना
    जांच में सामने आया कि आरोपी सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने के साथ-साथ ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर आते थे और जेवरात दिखाने के दौरान मौके का फायदा उठाकर फरार हो जाते थे। कई मामलों में आरोपी मोटरसाइकिल से आए और वारदात के बाद तेजी से भाग निकले।
    हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
    थाना खम्हारडीह और डीडी नगर क्षेत्र के मामलों में हिस्ट्रीशीटर एवं शातिर चोर संजय नेताम उर्फ गोलू (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से करीब 18 लाख रुपये के जेवरात, नगदी और चोरी की दोपहिया वाहन जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ पहले से कई थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
     
    पुरानी बस्ती क्षेत्र के मामलों में भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी और करण टांडी को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।
     
    आरंग, पंडरी और पलारी क्षेत्र के मामलों में प्रमोद चतुर्वेदी, रितेश कुर्रे और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया, जिनसे करीब 5 लाख रुपये का माल और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई।
     
    विधानसभा थाना क्षेत्र के एक मामले में रुद्रांश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लगभग 3 लाख रुपये के जेवरात और नगदी बरामद की गई।
    पुलिस की अपील
    पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चोरी के तरीके सोशल मीडिया रील्स देखकर सीखे थे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और ज्वेलरी दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
  • नगरी थाना प्रभारी पर जनपद सदस्य से अभद्रता का आरोप, बेटी की तलाश में पहुँचे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा...

    10-Feb-2026

     

    नगरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी पुलिस थाने में रविवार (8 फरवरी 2026) को भारी हंगामा हुआ। आदिवासी समाज और स्थानीय ग्रामीणों ने थाना प्रभारी (TI) पर एक जनप्रतिनिधि के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया।
     
    मुख्य विवाद और पुलिस की लापरवाही...
    घटना की शुरुआत एक 16 साल की नाबालिग लड़की की गुमशुदगी से हुई। परिजनों के अनुसार, बच्ची मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। जब स्थानीय जनपद सदस्य परिजनों के साथ शिकायत लेकर थाने पहुँचे, तो आरोप है कि थाना प्रभारी ने सहयोग करने के बजाय उनके साथ अशोभनीय और अभद्र व्यवहार किया।
     
    ग्रामीणों का आरोप है कि...
    पुलिस बार-बार जांच शुरू करने का आश्वासन देती रही, लेकिन जमीन पर कोई ठोस खोजबीन शुरू नहीं हुई।
     
    जब जनपद सदस्य ने देरी का कारण पूछा, तो थाना प्रभारी ने उनके साथ गाली-गलौज की।
     
    प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब पुलिस एक जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार कर सकती है, तो आम जनता की सुनवाई वहाँ कैसे होती होगी।
     
    थाने के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन...
    पुलिस प्रशासन की इस कार्यशैली से नाराज पूरा गाँव और आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में थाने के बाहर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने "पुलिस प्रशासन होश में आओ" के नारे लगाए और दोषी थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
     
    प्रशासनिक प्रतिक्रिया...
    मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों द्वारा उचित जांच का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि लापता लड़की की जल्द बरामदगी नहीं हुई और थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
  • नवविवाहिता की कुएँ में मिली लाश, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप...

    10-Feb-2026

     

    बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत कर्रा में नवविवाहिता शीला लकड़ा की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कुएँ में मिली।
     
    घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और संतान न होने को लेकर पारिवारिक तनाव की बात सामने आ रही है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
     
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीला लकड़ा अपने पति के साथ एक दिन पहले ही अंबिकापुर से लौटी थी, जहां वे संतान प्राप्ति की प्रार्थना के लिए गए थे। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
     
    पति के अनुसार, नींद से जागने पर पत्नी बिस्तर पर नहीं मिली। तलाश के दौरान घर का कुत्ता बार-बार कुएँ की ओर जाने लगा। संदेह होने पर जब टॉर्च की रोशनी कुएँ में डाली गई तो शीला का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
     
    सूचना मिलते ही पुलिस फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। शव को कुएँ से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
     
    प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
     
    फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
  • खंडहर मकान से अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप...

    10-Feb-2026

     

    दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के सीएसईबी कॉलोनी स्थित एक खंडहर मकान से अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने खंडहर मकान के पास शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
     
    सूचना मिलते ही पुलिस 112 की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर घटनास्थल को सुरक्षित किया। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए प्रारंभिक जांच शुरू की।
     
    पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव की स्थिति और मौत के कारणों को लेकर हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शव के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस ने आसपास के रहवासियों से पूछताछ की और यह पता लगाने का प्रयास किया कि हाल के दिनों में खंडहर मकान में किसी संदिग्ध की आवाजाही तो नहीं थी।
     
    इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुरानी भिलाई थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
  • ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में विशेष पहचान बनाएगा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

    10-Feb-2026

     

    मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग छत्तीसगढ़ और एसटीपीआई के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता।
    राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की होगी स्थापना।
    प्रदेश में नवाचार, स्टार्ट-अप और कौशल आधारित रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।
    आईटी, आईटीईएस एवं इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है छत्तीसगढ़।
     
    रायपुर। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए। छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस प्रणाली और निवेश-अनुकूल नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ आज आईटी, आईटीईएस एवं इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के मध्य हुए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।  
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि युवाओं में उद्यमिता विकसित करने और उन्हें आईटी एवं आईटीईएस जैसे क्षेत्रों में विश्वस्तरीय अवसर राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल की गई है। इस एमओयू के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान तथा स्मार्ट कृषि जैसे चार महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी, जो प्रति वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण की सुविधाएं प्रदान करेगा।
                  
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे उच्च कौशल वाले युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने एसटीपीआई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से एसटीपीआई का व्यापक अनुभव छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप और नवाचार इकोसिस्टम को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
     
    मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह एमओयू राज्य के आर्थिक विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा।
     
                इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, निदेशक एसटीपीआई श्री रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ श्री प्रभात मलिक सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे
  • 10 से 13 फरवरी तक सहयोग केन्द्र में उपस्थित रहेंगे कैबिनेट मंत्रीगण...

    10-Feb-2026
    सहयोग केन्द्र में कार्यकर्ताओं की समस्याओं का हो रहा निराकरण।
     
    रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश सरकार के मंत्री लगातार कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात उनके आवेदनों का निराकरण कर रहे है। सहयोग केन्द्र में आवेदनों के निराकरण होने से कार्यकर्ताओं एवं आमजनों में भारी उत्साह है।
     
    10 फरवरी को कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव सहयोग केंद्र में समस्याएँ सुनकर समाधान करेंगे। उनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर राव रहेंगे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा 11 फरवरी को सहयोग केंद्र में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के साथ उपस्थित रहेंगे। 12 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नंदन जैन उपस्थित मौजूद रहेंगे। 13 फरवरी को वन मंत्री केदार कश्यप सहयोग केन्द्र में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती के साथ उपस्थित रहेंगे।
  • भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ बना अपराध और नशे का गढ़, स्कूल, पुस्तकालय और अस्पताल तक सुरक्षित नहीं...

    10-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी रायपुर और राजनांदगांव में स्कूली बच्चों पर चाकूबाजी और शिक्षण संस्थानों के आसपास बढ़ते नशे के अवैध कारोबार को भाजपा सरकार की अकर्मण्यता और नाकामी करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा की सरकार में जंगल राज कायम हो गया है। हाल ही में राजधानी के मोवा स्कूल में चाकू लहराते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, अब राजनांदगांव के लाइब्रेरी में चाकूबाजी की घटना हैरान करने वाली है। जिन हाथों में कलम होनी चाहिए उन हाथों में चाकू और जिस पीठ पर बस्ता होना चाहिए उसपर ब्लेड का घाव पड़ रहा है। अस्पतालों के आसपास भी अवैध नशे का कारोबार बेख़ौफ़ फैल रहा है।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ को शांति के टापू से अपराध का गढ़ बना दिया है। गली गली में सुखे नशे का अवैध कारोबार सत्ता के संरक्षण में पनप रहा है। संस्कारधानी राजनांदगांव में ज्ञान के केंद्र लाइब्रेरी के पास स्कूली छात्र पर पीछे से धारदार हथियार से वार किया गया, दिन दहाड़े खुलेआम हथियार लहराकर दहशत फैलाना आम बात हो गया है, प्रदेश की जनता डर भय के माहौल में जीने मजबूर हैं, अब तो बच्चों को स्कूल भेजने में भी पालक डरने लगे हैं, अनहोनी की आशंका से अभिभावक चिंतित हैं।
     
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि पूरे प्रदेश में सरेआम गोगो, हुक्का, ड्रग्स, गांजा, नशीली दवाएं बिक रही है। विगत दो वर्षों में भाजपा की सरकार में 50 हजार से ज्यादा आपराधिक घटनाएं घटित हुई जिनमें से 70 प्रतिशत से अधिक अपराध नशे के कारण हुए। यह सरकार अपनी अक्षमता छुपाने के लिए अवैध नशाखोरी को प्रश्रय दे रही है इसी वजह से अपराध बेलगाम हो गए हैं, अब तो अस्पताल, स्कूल और लाइब्रेरी तक अपराधियों के जद में आ गया है। गृह विभाग पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है।
  • रकम को 100 गुना करने का झांसा देकर ठगी की घटना को अंजाम देने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार...

    10-Feb-2026

     

    डीसीपी उत्तर जोन श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन में गुढ़ियारी पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों के पश्चिम बंगाल फरार होने से पूर्व किया गया गिरफ्तार।
    ठगी की सम्पूर्ण नगदी रकम 03 लाख 50 हजार रूपये की गई जप्त।
    थाना गुढ़ियारी क्षेत्रंातर्गत मंगल बाजार स्थित प्रार्थी के दुकान में दिये थे घटना को अंजाम।
    आरोपी राहुल भारती एवं मयंक दास द्वारा किया गया था लाखो रूपये की ठगी।
     रकम को 100 गुना करने का दिये थे झांसा।
     आरोपी मयंक दास स्वयं को बताया था तांत्रिक।
     आरोपियान घटना को अंजाम देने के पश्चात् होने वाले थे पश्चिम बंगाल फरार।
     आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम 3,50,000/- रूपये किया गया है जप्त।
     घटना में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन एवं मोबाईल फोन भी किया गया है जप्त।
    जप्त मशरूका की कुल कीमत है लगभग 4,20,000/- रूपये।
     आरोपियों के विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में अप.क्र 43/26 धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध किया गया है पंजीबद्ध।
     
    रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी रूस्तम कुर्रे ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह साहूपारा गुढ़ियारी रायपुर में रहता है। प्रार्थी कुछ समय पूर्व सुपेला भिलाई में राहुल भारती से मिला था जिसने प्रार्थी का उससे मोबाईल नम्बर प्राप्त किया था। राहुल भारती द्वारा रायपुर में काम चाहिये करके आये दिन प्रार्थी से सम्पर्क करता था। दिनांक 04.02.2026 से लगातार राहुल भारती लगातार प्रार्थी को कॉल कर रहा था तथा मिलने प्रार्थी के घर आना-जाना कर रहा था। राहुल भारती द्वारा प्रार्थी को बताया कि उसके संपर्क में एक तांत्रिक है जिसका नाम मयंक दास है जो तंत्रमंत्र से रूपयों को 100 गुना कर सकता है, जिस पर प्रार्थी क्षरा उसके बातों पर भरोसा कर लिया गौर और प्रार्थी ने राहुल भारती को उस तांत्रिक को स्वयं के लिये काम करने के लिये कहा जिसके बाद राहुल भारती दिनांक 06.02.2026 के शाम करीब 07.00 बजे प्रार्थी के कार्यालय मंगल बाजार गुढ़ियारी आया और अपने साथ तांत्रिक मयंक दास को लाया एवं पूजा पाठ हेतु सामान को तैयार करवाया। इसके बाद कार्यालय में ही पूजा करने के लिये वह तांत्रिक बैठा, पूजा करने के दौरान तांत्रिक द्वारा प्रार्थी से रूपये मांगा गया जिसपर प्रार्थी द्वारा उसे 03 लाख 50 हजार रूपये नगद दिया गया जिसके बाद तांत्रिक द्वारा प्रार्थी तथा राहुल भारती को बाहर में बैठने बोलकर तांत्रिक कार्यालय अंदर रात करीब 10.30 बजे तक पूजा पाठ किये और फिर शमशान का मिट्टी लाने जा रहे हैं कहकर एक थैला में मुझे रूपया है बोलकर दिया, जिसके बाद राहुल भारती और मयंक दास दोनो अपने दोपहिया वाहन से प्रार्थी के कार्यालय से चले गये। कुछ देर रूकने के बाद जब दोनो वापस नही आये तो प्रार्थी को शंका हुआ एवं तांत्रिक द्वारा दिये गये झोले को अंदर देखने पर उसमें नकली नोट का बंडल होना पाया गया। इस प्रकार राहुल भारती तथा तांत्रिक मयंक दास द्वारा प्रार्थी को रकम को 100 गुना करने का झांसा देकर उसके साथ लाखो रूपये की ठगी कर फरार हो गये थे। जिस पर आरोपी राहुल भारती एवं मयंक दास के विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 43/26 धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। 
     
     ठगी की घटना को पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री मयंक गुर्जर(भा.पु.से) द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी को आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम द्वारा प्रकरण में आरोपी राहुल भारती एवं मयंक दास के छिपने के हर संभावित स्थानों में लगातार रेड कार्यवाही कर प्रकरण मंे आरोपी मयंक दास एवं राहुल भारती को पकड़कर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
     
     जिस पर दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की सम्पूर्ण नगदी रकम 3,50,000/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त 01 नग मोबाईल फोन तथा दोपहिया वाहन जुमला कीती 4,20,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है। 
     
    गिरफ्तार आरोपी -
    01. राहुल भारती पिता हेमेश्वर दास निवासी रिसाली भिलाई।
     02. मयंक दास पिता हेमेश्वर दास निवासी रिसाली भि
  • अब राजस्व सेवाएँ एक क्लिक दूर : भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न सुविधा का हुआ शुभारंभ...

    10-Feb-2026

     

    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस को और अधिक सशक्त बनाते हुए आज नागरिक सुविधा के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण और अभिनव पहल का शुभारंभ किया गया। राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने अपने निवास कार्यालय में भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा तथा ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा का औपचारिक राज्यव्यापी शुभारंभ किया। ये दोनों डिजिटल पहल राज्य में ई-गवर्नेंस, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। इन सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को अब राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और कार्यवाही पूरी तरह सरल, तेज़ और पारदर्शी होगी।
     
    भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा के माध्यम से छत्तीसगढ़ के नागरिक अब अपने मोबाइल फोन पर ही विभिन्न राजस्व सेवाओं की जानकारी और सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यह सेवा नागरिकों को डिजिटल माध्यम से सीधे शासन से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास है, जो राज्य की डिजिटल रूपांतरण यात्रा को नई गति प्रदान करेगी। इस चैटबॉट सेवा के अंतर्गत नागरिकों को जमीन संबंधी जानकारी, राजस्व न्यायालय से संबंधित जानकारी, मोबाइल नंबर जोड़ने की सुविधा, आधार नंबर जोड़ने हेतु ऑनलाइन आवेदन, किसान किताब हेतु आवेदन, नामांतरण हेतु आवेदन सहित अन्य नागरिक हितैषी राजस्व सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक इन सभी सेवाओं का लाभ घर बैठे केवल एक व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से ले सकते हैं। इस सेवा का उपयोग करने के लिए नागरिक 7289056060 नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर व्हाट्सऐप पर संदेश भेज सकते हैं, जिसके पश्चात चैटबॉट तुरंत आवश्यक जानकारी एवं सेवाएँ उपलब्ध कराएगा।
     
    इसी क्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने एक और महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के रूप में ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा का भी शुभारंभ किया। यह सुविधा भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध बनाकर नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।इस नई व्यवस्था के अंतर्गत अब नागरिक बिना किसी कागजी कार्रवाई और कार्यालयों के चक्कर लगाए अपने भूमि उपयोग परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर भूमि चयन से लेकर प्रीमियम एवं शुल्क की गणना तक की पूरी प्रक्रिया स्वचालित और सहज बनाई गई है।
     
    भुगतान प्रक्रिया को सरल और सुरक्षित बनाने के लिए ई-चालान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आवेदन के साथ छह आवश्यक दस्तावेजों का ऑनलाइन अपलोड अनिवार्य किया गया है, जिससे प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
     
    आवेदन जमा होते ही वह स्वतः संबंधित सक्षम अधिकारी के पास परीक्षण हेतु प्रेषित हो जाएगा। सक्षम अधिकारी को 15 दिनों के भीतर आवेदन पर निर्णय लेना अनिवार्य होगा, जिससे अनावश्यक विलंब समाप्त होगा और कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकेगी।
     
    यदि निर्धारित समय सीमा में कोई निर्णय नहीं होता है, तो नागरिक को डिम्ड डाइवर्ज़न प्रमाणपत्र स्वतः जारी कर दिया जाएगा, जिससे नागरिकों को लंबे इंतजार से मुक्ति मिलेगी और शासन की जवाबदेही और अधिक मजबूत होगी।
     
    नागरिक हितों की सुरक्षा के लिए यह भी प्रावधान किया गया है कि यदि नागरिक द्वारा गणना की गई राशि वास्तविक देय राशि से कम पाई जाती है, तो सक्षम अधिकारी द्वारा इसकी सूचना दी जाएगी। नागरिक को 60 दिनों के भीतर शेष राशि जमा करनी होगी, अन्यथा विलंब की स्थिति में अर्थदंड का प्रावधान लागू होगा। 
     
    नागरिक https://revenue.cg.nic.in/citizenrequest/ पोर्टल के माध्यम से इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
     
    इस अवसर पर राजस्व सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले तथा संचालक राजस्व श्री विनीत नंदनवार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
     
    "तकनीक के माध्यम से शासन को सीधे नागरिकों से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है, ताकि समय, संसाधन और श्रम की बचत हो तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। छत्तीसगढ़ सरकार नागरिकों को तेज़, सरल और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल गवर्नेंस को निरंतर सशक्त बना रही है। भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) जैसी पहल इसी सोच का परिणाम हैं, जिनसे आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ये डिजिटल सेवाएँ छत्तीसगढ़ को सुशासन और डिजिटल रूपांतरण की दिशा में एक नई ऊँचाई प्रदान करेंगी।"-मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
     
    "भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑटो-डाइवर्ज़न व्यवस्था से भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया स्पष्ट समय-सीमा में पूरी होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को त्वरित राहत मिलेगी। यह पहल छत्तीसगढ़ में सुशासन, तकनीकी दक्षता और नागरिक सुविधा को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।" -राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा
     
    "भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा राजस्व सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक सुधार है। इन पहल के माध्यम से नागरिकों को सूचनाओं और सेवाओं तक त्वरित, पारदर्शी और भरोसेमंद पहुँच सुनिश्चित की गई है। ऑटो-डाइवर्ज़न व्यवस्था में तय समय-सीमा, ऑनलाइन भुगतान और डिम्ड डाइवर्ज़न जैसे प्रावधानों से प्रक्रियाओं में जवाबदेही बढ़ेगी और अनावश्यक विलंब समाप्त होगा। यह पहल राजस्व प्रशासन को अधिक कुशल, तकनीकी रूप से सक्षम और नागरिक-अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध होगी।"- राजस्व सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले
  • 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी...

    10-Feb-2026
     
    रायपुर। प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती-2023 के अंतर्गत चयन की प्रक्रिया पूरी करते हुए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। यह सूची छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा एवं दस्तावेज सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है।
         उल्लेखनीय है कि पूर्व में चयनित 251 अभ्यर्थियों में से कुछ अभ्यर्थियों द्वारा लिखित पद त्याग, काउंसलिंग में अनुपस्थिति अथवा नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कार्यभार ग्रहण नहीं करने के कारण 28 प्रयोगशाला तकनीशियन पद रिक्त हुए थे।इन्हीं रिक्त पदों के विरुद्ध प्रतीक्षा सूची से पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
         जारी सूची में सामान्य वर्ग के 21 अभ्यर्थियों एवं भूतपूर्व सैनिक कोटे से 5 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। चयन सूची में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के अभ्यर्थी सम्मिलित हैं। कुछ पद आरक्षित श्रेणी में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण रिक्त रखे गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थापना हेतु काउंसलिंग 12 फरवरी 2026 को कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, संचालनालय, तृतीय तल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर में प्रातः 10:30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
  • मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कल 10 फरवरी को प्रदेश के विभिन्न जिलों में 6,412 जोड़ो का होगा विवाह...

    10-Feb-2026

     

    साइंस कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
    कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का भी होगा शुभारंभ
     
    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कल 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत राज्य स्तरीय विवाह कार्यक्रम से प्रदेशभर के 6 हजार 412 से अधिक जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह में बंधने वाले नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय स्थानीय साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का भी शुभारंभ करेंगे। अभियान के प्रथम चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से होगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर एवं सुकमा जिले शामिल हैं।
     
    इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव, श्री विजय शर्मा, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 
    मुख्य कार्यक्रम राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में प्रातः 11 बजे से 1,316 जोड़ों का विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न होगा। इन विवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 35 हजार रूपए उनके बैंक खातें में सहायता राशि और 15 हजार रूपए की राशि के उपहार सामग्री तथा विवाह के आयोजन में खर्च की जाएगी। इस कार्यक्रम से बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद एवं राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ेंगे। शेष जिलों में जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संबंधित प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। 
     
    मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत राज्य के विभिन्न जिलों में हिंदू रीति से 6,281, मुस्लिम रीति से 3, ईसाई रीति से 113, बौद्ध रीति से 5 तथा बैगा समुदाय के 10 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से राज्य शासन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर रहा है। यह वृहद आयोजन सामाजिक समानता, समरसता एवं जनकल्याणकारी शासन के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाता है।
  • भारत की संस्कृति का आभूषण है बस्तर - केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

    10-Feb-2026

    बस्तर की संस्कृति को नए प्राण देने का कार्य कर रही छत्तीसगढ़ सरकार

    पांच साल में विकसित बनेगा बस्तर
    बस्तर पंडुम के विजेताओं को किया गया सम्मानित
     
    जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर भारत की संस्कृति का आभूषण है। बस्तर पण्डुम के माध्यम से यहां की संस्कृति और गौरवशाली परंपरा को छत्तीसगढ़ सरकार ने नए प्राण देने का काम किया। बस्तर पंडुम 2026 के सभी विजेताओं को केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह और मुख्यमंत्री श्री साय ने सम्मानित किया। केंद्रीय गृहमंत्री ने बताया कि इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले लोक कलाकारों को राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया जाएगा, जहां उन्हें अपनी कला का प्रदर्शन करने और सहभोज करने का अवसर भी मिलेगा।
     
        केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह ने जनजातीय कला एवं संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन तथा जनजातीय प्रकृति व परंपरा का उत्सव बस्तर पण्डुम के तीन दिवसीय संभाग स्तरीय आयोजन के समापन अवसर पर आज जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर संभाग के 07 जिले के 32 जनपद पंचायतों और 1885 ग्राम पंचायतों के 53 हजार से अधिक लोक कलाकारों ने 12 विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन्हीं लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य बस्तर पण्डुम 2026 के माध्यम से राज्य की सरकार द्वारा किया जा रहा है। 
     
    आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक विरासतों को पुनर्जीवित करने धरती आबा योजना...
          श्री शाह ने कहा कि बस्तर जैसी संस्कृति विश्व के किसी देश में नहीं है और इसे प्रभु श्री राम के समय से संजोकर यहां के लोगों ने अक्षुण्ण बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के 700 से अधिक जनजातियों की आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक विरासतों को पुनर्जीवित करने धरती आबा योजना और पीएम जनमन योजना जैसी अनेक योजनाएं लागू की। श्री शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी लड़ाई किसी से नहीं बल्कि यहां की भोली-भाली आदिवासी जनता को सुरक्षा देना है। माओवाद उन्मूलन की समय सीमा अभी भी वही है। जवानों के अदम्य साहस और बहादुरी से 31 मार्च 2026 तक हो माओवाद को घुटने टेकने पड़ेंगे।
     
     
    उन्होंने प्रदेश में संचालित की जा रही नक्सल पुनर्वास नीति की सराहना करते हुए कहा कि पुनर्वास केंद्रों में उन्हें रोजगारमूलक और सृजनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। 
     
    40 गांवों के स्कूलों में गोलियों की आवाज की जगह स्कूल की घंटियां सुनाई देती है
     
            केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना के तहत प्रदेश सरकार लगातार माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में रोडमैप तैयार कर सड़क, पुल पुलिया, मोबाईल टॉवर स्थापित करने के साथ-साथ राशन वितरण, शुद्ध पेयजल, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बना रही है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग के माओवाद प्रभावित गांवों में लाल आतंक के चलते विकास से कोसों दूर थे, वहां के 40 गांवों में स्कूल फिर से खोले गए। अब वहां गोलियों की आवाज की जगह स्कूल की घंटियां सुनाई देती हैं। 
     
     दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले में 02 लाख 75 हजार एकड़ जिले में सिंचाई के लिए 220 मेगावॉट बिजली उत्पादन का कार्य शीघ्र प्रारंभ   
     
         श्री शाह ने मंच से जानकारी दी कि बस्तर जिले में 118 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जाएगा तथा पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले में 02 लाख 75 हजार एकड़ में सिंचाई के लिए 220 मेगावॉट बिजली उत्पादन का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। वहीं दूरस्थ अंचलों को मुख्यालयों से जोड़ने के लिए रेल परियोजनाओं और नदी जोड़ो परियोजना को विस्तार दिया जाएगा।
     
    बस्तर पंडुम एक आयोजन बस नहीं है, यह बस्तर की पहचान का उत्सव - मुख्यमंत्री श्री साय
              मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बस्तर पंडुम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि माता दंतेश्वरी से ही बस्तर की पहचान है। बस्तर पंडुम एक आयोजन बस नहीं है, बल्कि यह बस्तर की पहचान का उत्सव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर के प्रति गृह मंत्री श्री अमित शाह के स्नेह और लगाव के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार भी श्री शाह की मौजूदगी ने बस्तरवासियों का हौसला बढ़ाया था और आज फिर उनकी उपस्थिति ने कलाकारों और यहां के लोगों में नई ऊर्जा भर रही है।
     
    समृद्ध संस्कृति को देश- दुनिया के सामने लाने बस्तर पंडुम का आयोजन...
          श्री साय ने कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति को देश- दुनिया के सामने लाने बस्तर पंडुम में भाग लेने वाले सभी कलाकारों, प्रतिभागियों को बधाईयां। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष 47 हजार कलाकारों ने बस्तर पंडुम में भाग लिया और इस वर्ष 54 हजार से अधिक कलाकारों ने इसमें हिस्सा लिया है और बस्तर की संस्कृति, खान-पान, वेशभूषा, स्थानीय साहित्य, लोकनृत्य, गीत, शिल्प, बस्तरिया पेय, औषधि चित्रकला, वाद्ययंत्र, नाटक की विद्या सहित 12 विद्याओं का प्रदर्शन कलाकारों के द्वारा किया गया। बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर की समृद्ध संस्कृति को देश-दुनिया के समक्ष प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम किया गया।
     
    बस्तर के विकास की चर्चा देश भर में मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बस्तर अब संभावनाओं की भूमि बन चुकी है। यह नए भारत का नया बस्तर है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से बस्तर के विकास की चर्चा देश भर में हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले बस्तर की चर्चा देश भर में माओवादी के नाम से होती थी, किन्तु अब बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और समृद्ध विरासत की चर्चा होने लगी है।
     
    बस्तर तरक्की की एक नई सुबह देखने को मिल रही है...
            मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर की सुंदर धरती लंबे समय तक नक्सलवाद की पीड़ा से गुजरी है। गौर, माड़िया, मुरिया, भतरा, धुरवा, गोंड जैसे विभिन्न नृत्य की लय धीमी पड़ गई थी, मांदर की थाप खामोश हो गई थी, लेकिन आज बस्तर बदल रहा है। यहां तरक्की की एक नई सुबह देखने को मिल रही है। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से खत्म करेंगे। 
     
    आत्म समर्पण नीति के तहत सम्मान के साथ पुनर्वास...
           मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने घने जंगलों में, विपरीत परिस्थितियों में, अपनी जान की परवाह किए बिना नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार कर रहे हैं। नियद नेल्ला नार - (आपका अच्छा गांव) योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं गांव में पहुंचाई हैं। आत्मसमर्पण नीति को और अधिक मानवीय और संवदेनशील बनाया है, जो लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनका सम्मान के साथ पुनर्वास कराया जा रहा है।
     
    पर्यटन के क्षेत्र में बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है...
            मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में संसद में भी बस्तर के विकास की चर्चा की। श्री साय ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है। धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया जाना हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ईको टूरिज्म, होम-स्टे, ट्रेकिंग जैसे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार सतत पर्यत्नशील है, जिससे बस्तर ही नहीं छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, सभ्यता की जानकारी पर्यटकों को मिल सके और पर्यटन छत्तीसगढ़ की ओर आर्कर्षित हो सके। 
     
     उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने बस्तर पांडुम के भव्य आयोजन से बस्तर की समृद्ध और विशिष्ट जनजातीय संस्कृति की सराहना करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और स्थायी शांति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। श्री शर्मा ने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत विश्व में अद्वितीय है। उन्होंने छेरछेरा पंडुम, तिहार और विजा पंडुम जैसे पारंपरिक उत्सवों को जनजातीय जीवन, प्रकृति और कृषि से जुड़ी अमूल्य परंपराएं बताया। नक्सलवाद पर दृढ़ प्रहार की बात दोहराते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बस्तर के दूरस्थ और उपेक्षित क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रीय ध्वज की उपस्थिति पहुँची है, जो विकास और विश्वास की नई शुरुआत है। श्री शर्मा ने बस्तर पांडुम को समाज-नेतृत्वत आयोजन बताते हुए कहा कि इसके असली सूत्रधार मांझी-चालकी, गयाता और पुजारी जैसे पारंपरिक समाज प्रमुख हैं, जिनके सहयोग से बस्तर पंडुम का आयोजन सफल हुआ। उन्होंने इस आयोजन में हिस्सा लेने वाले सभी के प्रति आभार प्रकट किया।
     
     संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने बस्तर पंडुम 2026 के उद्देश्य और 12 विद्याओं पर भाग लेने वाले कलाकारो की विस्तृत जानकारी दी, और कहा कि यह आयोजन बस्तर की समृद्ध संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा जिससे हमारी संस्कृति और सभ्यता की जानकारी लोगों तक पहुंचेगी। 
     
     इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद श्री महेश कश्यप, पद्म श्री अजय मंडावी, श्रीमती बुधरी ताती, श्री हेमचंद मांझी, श्री पंडीराम मांझी, सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी सहित जनप्रतिनिधिगण, गायता, पुजारी, मांझी-चालकी, बस्तर पंडुम के कलाकार, महापौर श्री संजय पांडे, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुन्दरराज पी, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से श्री उदेराम का पक्के मकान का सपना हुआ साकार...

    10-Feb-2026

     

    कच्चे घर से सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी जीवन की ओर बढ़ा कदम
     
    रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण देश के लाखों जरूरतमंद परिवारों को कच्चे और असुरक्षित आवासों से निकालकर पक्के, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत वनांचल ग्राम कल्लूटोला निवासी श्री उदेराम साहू का पक्के मकान का सपना साकार हुआ है।
     
     वर्षों की कठिनाई, अब मिली राहत..
     
    श्री उदेराम साहू ने बताया कि सीमित आय एवं कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे वर्षों तक कच्चे मकान में परिवार सहित रहने को विवश थे। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकना, दीवारों में दरारें और परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। इन परिस्थितियों के कारण स्वास्थ्य एवं सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता था।
     
     1.20 लाख रुपये की सहायता से बना पक्का और टिकाऊ आवास...
    प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत श्री उदेराम साहू को 1 लाख 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता राशि से उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए पक्का, सुरक्षित एवं टिकाऊ आवास का निर्माण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
     
     मनरेगा से मिला रोजगार, बिना ऋण के पूरा हुआ निर्माण...
    आवास निर्माण के दौरान मनरेगा योजना अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी भी उपलब्ध हुई, जिससे उन्हें निर्माण अवधि में रोजगार एवं आय का स्थायी स्रोत मिला। इससे अतिरिक्त ऋण लेने की आवश्यकता नहीं पड़ी और आर्थिक बोझ से राहत मिली।
     
     स्वच्छ भारत मिशन से मिला शौचालय का लाभ...
    इसके अतिरिक्त स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण से परिवार को स्वच्छता, बेहतर स्वास्थ्य एवं गरिमापूर्ण जीवन का लाभ प्राप्त हो रहा है।
     
     जीवन-शैली में आया सकारात्मक बदलाव...
    श्री उदेराम साहू ने बताया कि पक्का आवास बनने के बाद परिवार की जीवन-शैली में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब सुरक्षित आवास, स्वच्छ वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य तथा बच्चों की शिक्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ उपलब्ध हैं। इस योजना के माध्यम से न केवल आवास सुविधा सुनिश्चित हुई है, बल्कि परिवार का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण भी हुआ है।
     *ग्रामीण गरीबों के जीवन में स्थायी सुधार की दिशा में प्रभावी पहल* 
     
    प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों के जीवन स्तर को स्थायी रूप से सुधारने की दिशा में एक प्रभावी, जनकल्याणकारी एवं सफल योजना के रूप में सिद्ध हो रही है।
  • साय केबिनेट की बैठक 11 फरवरी को...

    10-Feb-2026

     

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद् (केबिनेट) की बैठक बुधवार, 11 फरवरी को सवेरे 11 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी। सीएम साय का वीडियो ट्वीट परंपरा, पहचान और गौरव का उत्सव: बस्तर पंडुम 2026 बस्तरिया संस्कृति को विश्व मंच तक पहुँचाने की दिशा में बस्तर पंडुम का भव्य आयोजन किया गया है। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी की गरिमामयी उपस्थिति में इस उत्सव के संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। सुशासन सरकार के संकल्प से यह उत्सव बस्तर की लोक परंपराओं को विश्व स्तर पर नई पहचान दे रहा है। बस्तर आज विश्वास, शांति और विकास का सशक्त प्रतीक बन चुका है। जो कभी उदासीनता और भय की पहचान था, वही बस्तर अब आत्मविश्वास के साथ तेज़ी से प्रगति की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व और माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर अब डर नहीं, बल्कि उम्मीद, सुरक्षा और सुनहरे भविष्य की नई कहानी लिख रहा है।

  • रायपुर PWD ब्रिज के पास एक्सीडेंट, बेकाबू ट्रक डिवाइडर से टकराया...

    10-Feb-2026

     

     रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया। देर रात PWD ब्रिज के पहले एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के सामने के सभी पहिए निकलकर अलग हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर ट्रक और ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से फैल जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पांच पड़ी नाका ओवरब्रिज से लेकर रायपुरा ओवरब्रिज तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस जाम के कारण आम नागरिकों, दफ्तर जाने वालों और आपात सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया जा सका। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और सड़क पर खड़े वाहनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Top