बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • कोरबावासियों ने किया स्वच्छता का स्वर्ण हस्ताक्षर...

    07-Feb-2026

     

    महासंकल्प 2026 अभियान में 15,500 से अधिक हस्ताक्षरों के साथ शहर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
    ऐतिहासिक पल में शामिल होने आमनागरिको में दिखा उत्साह
     
    कोरबा। कोरबा ने आज स्वच्छता के इतिहास में एक अभूतपूर्व अध्याय जोड़ते हुए पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। “महासंकल्प 2026” अभियान के तहत कोरबावासियों ने न केवल स्वच्छता की शपथ ली, बल्कि स्वच्छता शपथ बैनर पर हस्ताक्षर कर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जिसने शहर का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया। इस रिकॉर्ड से पहले शहर की सड़कों पर सुबह से ही नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। हर आयु, हर वर्ग और हर समुदाय के लोग हाथों में संकल्प लिए हुए इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने पहुँचे थे। आखिरकार सभी की सहभागिता से महासंकल्प 2026 सफल रहा। इस उपलब्धि के लिए कोरबा को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के एशिया हेड डॉ मनीष विश्नोई, शशांक वर्मा द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
     
    रविशंकर शुक्ल रोड पर बनाए गए 280 मीटर लंबे विशाल बैनर ने आज कोरबा की एकता और जागरूकता को साकार रूप दिया। 14 जोन और 70 सेक्टर में विभाजित इस स्थान पर लगातार बढ़ती भीड़ में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। युवा, महिलाएँ, बुजुर्ग, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र, समाजसेवी संगठन, औद्योगिक संस्थान और आम नागरिक, सभी ने बढ़-चढ़कर हस्ताक्षर किए। यहां सामूहिक रूप से नारों की गूंज और जोश से भरे वातावरण ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।
     
    मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस रिकॉर्ड को कोरबा के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, यह सामुदायिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वच्छ छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने में कोरबा एक मजबूत कदम आगे बढ़ा है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कचरा निर्धारित वाहनों में ही डालें। उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई।
     
    स्वच्छता महाभियान में कैबिनेट मंत्री देवांगन सहित, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, आमनागरिकों ने हस्ताक्षर कर अभियान की सफलता में अपनी भूमिका निभाई।
     
    महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अभियान की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि कोरबा वासियों की एकजुटता और जागरूकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने नगर निगम और अभियान में शामिल सभी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
     
    कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाना ही इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने इस रिकॉर्ड को केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का अध्याय बताते हुए कहा कि अब प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि इस संकल्प को प्रतिदिन के व्यवहार में उतारे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब नागरिक स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ।
     
    नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि महासंकल्प 2026 अभियान शहर को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुँचाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की अभूतपूर्व भागीदारी से यह स्पष्ट है कि कोरबा स्वच्छता को लेकर सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने रिकॉर्ड-निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 1 घंटे की अवधि में 15 हजार 500 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर नया इतिहास रच दिया।
     
    इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, वन विभाग, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, रेडक्रॉस सोसाइटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, पुलिस विभाग, बैंकों, स्वास्थ्य संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने व्यापक उपस्थिति दर्ज कराई। एनटीपीसी, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में इस अभियान का हिस्सा बने। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के प्रतिनिधि डॉ मनीष विश्नोई, शशांक वर्मा भी उपस्थित रहें।
  • रायपुर के कंकाली तालाब में मिली लाश...

    07-Feb-2026

     

    रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कंकाली तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सुरक्षित निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस को शव के पास कोई पहचान पत्र या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। इस बारे में पुलिस हत्या, आकस्मिक गिरावट या अन्य किसी कारण के सभी पहलुओं पर विचार कर रही है। थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह ने बताया है कि सूचना मिली तो जिसपर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची है।
  • 7 फ़रवरी को होगा भूतपूर्व छात्र छात्राओं का महामिलन तैयारी जोरो पर मुख्य अतिथि के रूप मे शामिल होंगे कलेक्टर अविनाश मिश्रा पंडित यशवर्धन पुरोहित...

    06-Feb-2026
     
    रायपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावा मे 7 फ़रवरी को भूतपूर्व छात्र छात्राओं का मिलन समारोह का आयोजन किया गया है जिसकी तैयारी जोरो से चल रही है इस समारोह को संगी मिलन नाम दिया गया है समारोह को सफल बनाने के लिए समिति का गठन किया गया है जिसके अध्यक्ष शैलेन्द्र धेनुसेवक उपाध्यक्ष रामाराव बघेल है इस सम्मेलेन मे 1972 से लेकर 2025 तक के छात्र शामिल है 700 से ज्यादा पूर्व विधार्थियो ने पंजीयन कराया है शाला प्राचार्य एस आर साहू ने बताया की इस संगी मिलन समारोह मे आकर विधार्थी अपनी याद ताजा करेंगे इसकी जानकारी मिडिया प्रभारी तरुण निषाद, अभिनव अवस्थी, देवेंद्र मिश्रा जितेंद्र साहू ने दी है।
  • माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बढ़ाई हाईस्कूल-हायर सेकेंडरी परीक्षा फीस...

    06-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की फीस में बढ़ोतरी कर दी है। इस संबंध में मंडल की सचिव पुष्पा साह साहू ने आदेश जारी किया है। आदेश में वित्त समिति की 14 अक्टूबर 2025 तथा कार्यपालिका समिति की 23 दिसंबर 2025 की बैठक का हवाला देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से परीक्षा शुल्क बढ़ाने का निर्णय बताया गया है।
     
    जारी आदेश के अनुसार, माशिमं ने न सिर्फ परीक्षा शुल्क बल्कि परीक्षा से पहले और बाद की प्रक्रियाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों से जुड़े शुल्क में भी वृद्धि की है।
     
    हाईस्कूल / हायर सेकण्डरी परीक्षा शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27
     
    नियमित परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी
    अब हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की नियमित परीक्षा के लिए कुल शुल्क 460 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है। इसमें अंकसूची शुल्क 100 रुपये और प्रायोगिक परीक्षा शुल्क प्रति विषय 80 रुपये शामिल हैं।
     
    इसके अलावा:
    नामांकन शुल्क 80 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये
    अतिरिक्त विषय शुल्क 110 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये कर दिया गया है।
    विषयवार व अन्य शुल्क में इजाफा
     
    मंडल द्वारा जारी आदेश में विभिन्न श्रेणियों के लिए शुल्क इस प्रकार तय किए गए हैं:
    एक विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा): 280 से बढ़ाकर 400 रुपये
    दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा): 340 से बढ़ाकर 600 रुपये
    दो से अधिक विषय (क्रेडिट योजना): 640 से बढ़ाकर 1000 रुपये
     
    स्वाध्यायी छात्रों के लिए नई दरें
    छत्तीसगढ़ राज्य व राज्य के बाहर के स्वाध्यायी छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क सहित: 1540 से बढ़ाकर 2000 रुपये
    स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के लिए: 560 से बढ़ाकर 800 रुपये
    स्वाध्यायी संपूर्ण विषय परीक्षा: 1230 से बढ़ाकर 1600 रुपये
    स्वाध्यायी एक विषय: 280 से बढ़ाकर 500 रुपये
    स्वाध्यायी दो विषय: 340 से बढ़ाकर 600 रुपये
     
    अन्य शुल्क भी बढ़े
    ग्राह्यता शुल्क: 310 से बढ़ाकर 500 रुपये
    परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क: 240 से बढ़ाकर 400 रुपये
    विषय/माध्यम/संकाय परिवर्तन (प्रति विषय): 200 से बढ़ाकर 400 रुपये
    विलंब शुल्क (स्वाध्यायी): 770 से बढ़ाकर 1000 रुपये
    विशेष विलंब शुल्क: 1540 से बढ़ाकर 2000 रुपये
     
    विलंब से आवेदन पर भारी शुल्क
    आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियमित आवेदन पत्र निर्धारित समय में जमा नहीं करने पर प्रति परीक्षा 31 दिसंबर तक 2000 रुपये शुल्क देना होगा।
     
    माशिमं ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन मदों में शुल्क वृद्धि नहीं की गई है, वे पूर्ववत रहेंगे। नई बढ़ी हुई दरें शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।
  • पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के डॉ.कोमल राठौर बिहार में हुए सम्मानित - प्रदीप मिश्र

    06-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंसनर्स कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष प्रदीप मिश्र एवं सचिव शिरीष त्रिवेदी ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि रायपुर के सेवानिवृत सेक्शन आफिसर डॉ. कोमल राठौर बिहार में हुए सम्मानित आप पटना में आयोजित दो दिवसीय बिहार साहित्य महोत्सव, 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 को देश भर के साथ साथ नेपाल से आए कवियों, कथाकारों के बीच संपन्न हुआ। 
     
         कार्यक्रम के आयोजक एवं अध्यक्ष श्री कमल किशोर वर्मा, सचिव नसीम अख्तर, कोषाध्यक्ष श्रीमती सीमा रानी जी के आयोजन में बिहार की विभिन्न आंचलिक भाषाओं भोजपुरी, मगही, अंगिका, बज्जिका, और मैथिली के साथ ही हिंदी उर्दू की साहित्यिक गतिविधियों पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम में स्मारिका एवं पुस्तक विमोचन, वैचारिक चर्चा, काव्य गोष्ठी एवं गज़ल पाठ के साथ ही प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि मुजफ्फरपुर के डॉ. संजय पंकज जी ने बिहार की भाषाओं और हिन्दी उर्दू के अवदान पर प्रकाश डाला।
     
               वहीं अध्यक्षता कर रहे श्री भगवती प्रसाद द्विवेदी जी ने साहित्य के विभिन्न आयामो पर सार्थक उद्बोधन दिया। प्रथम दिवस लघु कथाओं के वाचन रहा। इसके साथ ही दूसरे दिवस के कार्यक्रम में गजलों के विकास पर डॉ सुनील चम्पारणी ने प्रकाश डाला। 
     
             दूसरे सत्र में हिंदी कविता एवं गजलों की प्रस्तुति ने समा बांध दिया। मुख्य अतिथि बिहार मंत्रालय के अवर सचिव श्री परवेज आलम ने रायपुर से पधारे डॉ. कोमल प्रसाद राठौर, नेपाल के किशन पौडेल, राजबाबू पहाड़ी, डी बी बरतौला के साथ ही सभी प्रतिभागियों को शाल मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती अनुपमा सिंह किया।
     
    छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंसनर्स कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष प्रदीप मिश्र एवं सचिव शिरीष त्रिवेदी एवं 
    कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष दव्य श्रवण सिंह ठाकुर और सुनील नामदेव के अलावा सेवानिवृत कर्मचारी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों में राधेश्याम साहू, राकेश शुक्ला, तीर्थ राम यादव, सुरेंद्र वर्मा, अलख राम साहू, गणेश राम यादव, विष्णु राम वर्मा लक्ष्मी नारायण तिवारी, सोनसाय ठाकुर, कृष्ण कुमार वर्मा, मो अकिल, बी यस राजपूत, रूप चंद साहू, बृजमोहन यादव आदि ने कोमल राठौर जी के बिहार में सम्मानित होने के साथ साथ पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि का नाम रौशन करने के लिए 
    बधाई दिये और उनके उज्जवल भविष्य की कामना किये।
  • रिटायर्ड आईपीएस कमलोचन कश्यप को नई जिम्मेदारी, पीएच क्यू में बनाये गए ओएसडी...

    06-Feb-2026
     
    रायपुर। राज्य सरकार ने रिटायर डीआईजी को संविदा नियुक्ति का आदेश जारी किया है। छत्तीसगढ़ शासन ने रिटायर्ड आईपीएस कमलोचन कश्यप को नई जिम्मेदारी दी है। उन्हें संविदा नियुक्ति के तहत पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के पद पर पदस्थ किया गया है। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
    गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में लिखा है, कमलोचन कश्यप, (सेवानिवृत्त पुलिस उप महानिरीक्षक) को छग सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के नियम 4 (4) में विहित प्रावधान के तहत् कार्यभार ग्रहण करने के दिनांक से विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी), पुलिस मुख्यालय, छग रायपुर के रिक्त असंवर्गीय पद के विरूद्ध 01 वर्ष की अवधि अथवा आगामी आदेश तक जो भी पहले हो, के लिए संविदा नियुक्ति प्रदान करता है। जारी आदेश में कहा गया है, संविदा की सेवा शर्ते पृथक से जारी की जाएगी।
  • बीच सड़क बाघिन और उसके शावक की अठखेलियां, पर्यटक हुए रोमांचित...

    06-Feb-2026

     

    पेंड्रा। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे जलेश्वर–अमरकंटक वन क्षेत्र में एक बाघिन अपने शावक के साथ विचरण करते हुए पर्यटकों के कैमरे में कैद हुई है। यह दुर्लभ और रोमांचक दृश्य सामने आने के बाद क्षेत्र में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों में उत्साह का माहौल है। बाघिन और उसके शावक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
     
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी की रात जलेश्वर से अमरकंटक के बीच जंगल क्षेत्र में कार से भ्रमण कर रहे पर्यटकों ने सुरक्षित दूरी से बाघिन और उसके शावक को देखा। पर्यटकों ने कार के भीतर से ही मोबाइल कैमरे के माध्यम से इस दृश्य को रिकॉर्ड किया। वीडियो में बाघिन अपने शावक के साथ बेहद शांत और स्वाभाविक अंदाज में जंगल में घूमती दिखाई दे रही है।
    वन्यजीव संरक्षण के लिए सकारात्मक संकेत वन विभाग से जुड़े जानकारों का मानना है कि यह घटना क्षेत्र में बाघों की मौजूदगी का एक सकारात्मक संकेत है। जलेश्वर–अमरकंटक क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिज़र्व और बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व से जुड़ा हुआ है, जिससे बाघों की आवाजाही यहां स्वाभाविक मानी जा रही है। बाघिन के साथ शावक का दिखना इस बात का संकेत है कि जंगल का पारिस्थितिक तंत्र अनुकूल और सुरक्षित बना हुआ है।
     
    सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत
    अमरकंटक एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, ऐसे में बाघों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग के लिए सतर्कता बढ़ाना आवश्यक हो गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण दोनों को संतुलित रखते हुए निगरानी और जागरूकता जरूरी है, ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष की स्थिति न बने।
  • राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से शिक्षा को रोजगारोन्मुख, नवाचारपरक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा रहा है - उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा

    06-Feb-2026

     

    राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन
    रायपुर में हुई उच्च स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला
     
     
    रायपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विमर्श के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग द्वारा न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस रायपुर में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।    
          कार्यशाला में उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को केवल कागज़ों तक सीमित न रखकर प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुँचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का कुलपति, कुलसचिव, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापक स्वयं अध्ययन करें।उन्होंने राज्य स्तर पर संचालित समितियों द्वारा नियमित समीक्षा, जिला क्लस्टर व्यवस्था, टास्क फोर्स की बैठकें तथा विश्वविद्यालय स्तर पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में समावेशित कर विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, विरासत और मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। स्थानीय लोक कला और शिल्प कला को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।भारतीय ज्ञान परंपरा पर विद्यार्थियों के बीच ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित कर उनमें जागरूकता बढ़ाई जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से शिक्षा को रोजगारोन्मुख, नवाचारपरक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा रहा है। मंत्री श्री वर्मा ने भविष्य में इस प्रकार की विस्तृत एवं बहुदिवसीय कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
     
          कार्यशाला में विशेष अतिथि के रूप में भारतीय शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के अध्यक्ष श्री अतुल कोठारी, राष्ट्रीय सह संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, निदेशक आईआईटी भिलाई डॉ. राजीव प्रकाश, शिक्षाविद श्री दिलीप केशरवानी, डॉ. नारायण गवांडकर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक उपस्थित रहे।
     
       इस अवसर पर उच्च शिक्षा आयुक्त डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।मुख्य वक्ता श्री अतुल कोठारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने, क्रेडिट सिस्टम, मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट सिस्टम तथा टास्क फोर्स के गठन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। वहीं डॉ. राजीव प्रकाश ने नीति के व्यावहारिक क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। इसी तरह श्री ओम प्रकाश शर्मा ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।
         कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। जिसमें प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
  • प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी: मुख्यमंत्री साय

    06-Feb-2026

     

    शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की अहम भूमिका
    मुख्यमंत्री श्री साय प्रेस क्लब रायपुर के पदभार ग्रहण समारोह में हुए शामिल, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई
     
    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज शाम रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी सहित समस्त कार्यकारिणी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
     
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब का इतिहास अत्यंत समृद्ध रहा है। यह देश के पुराने एवं प्रतिष्ठित प्रेस क्लबों में से एक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी प्रेस क्लब की गरिमा और प्रतिष्ठा को और ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं। पत्रकार समाज के प्रति सजग रहते हुए साहस के साथ गरीबों, वंचितों और आमजन की आवाज को बुलंद करते हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र की डबल इंजन सरकार ने सुदृढ़ रणनीति के साथ नक्सलवाद के विरुद्ध लगातार निर्णायक सफलता हासिल की है। बीते दो वर्षों में हमारे सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और पराक्रम के कारण नक्सलवाद आज समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्णतः खात्मा किया जाएगा, जो निश्चित रूप से शीघ्र साकार होगा।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार पत्रकार कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। हमारी बहन-बेटियाँ भी पत्रकारिता के क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी और साहस के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं, जो समाज के लिए गर्व का विषय है।
     
    उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सदैव चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और अधिकारों की पक्षधर रही है। गत वर्ष के बजट में पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पत्रकारों के विभिन्न समूहों को अध्ययन एवं भ्रमण के लिए देश के अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया, जिसमें महिला पत्रकार भी शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा लौटकर साझा किए गए अनुभव अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक रहे।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने फेक न्यूज़ के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर विषय है, जिस पर विचार और समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस दिशा में पत्रकार समुदाय द्वारा सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों के साथ राज्य सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष द्वारा रखी गई मांगों पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।
     
    उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज के अभिन्न अंग हैं। पत्रकारों द्वारा उठाए गए विषय सदैव समाजहित से जुड़े होते हैं और उनसे शासन-प्रशासन को समाज की वास्तविक जरूरतों को समझने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार हर विषय पर पत्रकारों के साथ है और रायपुर प्रेस क्लब के सुदृढ़ विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने भी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
     
    इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री हिमांशु द्विवेदी एवं प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।कार्यक्रम के दौरान श्री बसंत वीर उपाध्याय की पुस्तक “आईएएस की तैयारी और श्रीरामचरितमानस” का विमोचन भी किया गया।
     
    इस मौके पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री कृष्णा दास सहित श्री प्रशांत शर्मा, श्री मोहित साहू, श्री संदीप पौराणिक, श्री अंशुमान शर्मा तथा रायपुर के अनेक वरिष्ठ पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
  • मदर टेरेसा वार्ड में विकास का नया अध्याय, विधायक पुरंदर मिश्रा के हाथों 16 लाख के कार्यों का भूमिपूजन...

    06-Feb-2026

     

    विकास का वादा, ज़मीनी काम—पुरंदर मिश्रा ने मदर टेरेसा वार्ड में किया कार्यों का शुभारंभ
    जहाँ संकल्प है, वहाँ विकास है—पुरंदर मिश्रा की पहल से मदर टेरेसा वार्ड में नई शुरुआत
     
    रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने मदर टेरेसा वार्ड क्रमांक 47 में 16 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्र में विकास की नई सौगात दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
     
    इन विकास कार्यों के अंतर्गत तेलीबांधा कबाड़ी गली में 5 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण, जलविहार श्याम नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्टेज, शेड एवं पेवर ब्लॉक निर्माण तथा तेलीबांधा BSUP कॉलोनी में पाइपलाइन एवं चेंबर मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का लाभ मिलेगा।
     
    भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “जनता की सेवा मेरे लिए सर्वोपरि है। पार्षद और महापौर के अतिरिक्त भी आप मुझसे कभी भी सीधे संपर्क कर सकते हैं। मैं सदैव आपकी सेवा में तत्पर रहूंगा।”
     
    कार्यक्रम में पार्षद एवं जल विभाग अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू, पार्षद श्री प्रदीप वर्मा, महेश ध्रुव, रोहित साहू, संजय गोपुलवार, हरीश ठाकुर, महेश बघेल, आशीष श्रीवास्तव, रतन वलयानी, अजित खुरा, जितेन्द्र साहू, नरेंद्र पोले, पवन सिन्हा, महिला मोर्चा की रजनी शेगेडे, संतोषी यादव, सरिता यादव, शिवानी हरदहा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
     
    क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर विधायक एवं नगर निगम प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे वार्ड के लिए एक ऐतिहासिक और जनहितकारी पहल बताया।
  • 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म : अपहरण, बलात्कार एवं पोक्सो एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज, आरोपी नवीन सोनी गिरफ्तार...

    06-Feb-2026

     

    रायपुर। दिनांक 4 फ़रवरी की रात तेलीबाँधा छेत्र में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उनकी बेटी उम्र 8 वर्ष और उसकी सहेली उम्र लगभग 11 वर्ष, तेलीबांधा चौक के पास खेल रही थी तभी एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने उन दोनों को चलो तुमको खाना खिला कर लाता हूं कह कर ललित महल की ओर ले गया और उसकी बेटी की सहेली को कुछ खाने का सामान लाने के लिए ललित महल के पास भेज दिया और कार को आगे बढ़ा दिया फिर प्रार्थी की बेटी के साथ छेड़खानी कर उसके साथ गलत काम किया।
    प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपहरण, बलात्कार एवं पोक्सो एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी नवीन सोनी उम्र 21 वर्ष निवासी सिलतरा को हिरासत में लिया गया है। आरोपी ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर का काम करता है।
  • जंगल गए ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, कई दिन बाद मिला कंकाल...

    06-Feb-2026

     

    कांकेर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के कोरर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुर्री गांव में तेंदुए के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। कुछ दिनों बाद जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में ग्रामीण का कंकाल और खोपड़ी मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पूरी तरह से औपचारिक पहचान अभी नहीं हो पाई है, हालांकि परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ग्रामीण बांस काटने के लिए पहाड़ी इलाके में गया था, जहां तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। कंकाल के पास बांस मिलने से इस आशंका को बल मिला है।
     
    बताया जा रहा है कि मृतक रविवार 1 फरवरी की शाम अपनी बेटी के घर से भानुप्रतापपुर के पास कोर्राम पारा स्थित अपने घर जाने के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। अगले दिन सुबह परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार दो दिन तक खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई। मंगलवार शाम मृतक के दामाद को पहाड़ी क्षेत्र में कुछ कपड़े दिखाई दिए, जो मृतक के बताए जा रहे हैं। आशंका होने पर परिजनों ने आसपास के इलाके में खोजबीन की, जिसके बाद पहाड़ी पर मानव खोपड़ी बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया।
     
    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोपड़ी को जब्त कर लिया है और उसे जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल के आसपास मृतक के शरीर के अन्य अवशेषों की तलाश कर रही है। साथ ही तेंदुए की मौजूदगी के संकेत मिलने के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। इस घटना के बाद से कुर्री गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में तेंदुए की आवाजाही पहले भी देखी गई थी, लेकिन अब हमला होने के बाद लोग जंगल जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने या इलाके में पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • रायगढ़ में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, नाली में मिला शव...

    06-Feb-2026

     

    रायगढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। गौशाला मार्ग स्थित महिला समृद्धि बाजार के पीछे नाली में युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। उसके शरीर पर केवल बनियान और जांघिया थी, जबकि सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
     
    जानकारी के अनुसार, कुछ युवक समृद्धि बाजार की छत पर चढ़ रहे थे, तभी उनकी नजर नीचे नाली में पड़े व्यक्ति पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर युवक के हिलने-डुलने का कोई संकेत नहीं मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों और पार्षद को सूचना दी गई। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकलवाया।
     
    जांच के दौरान बाजार की छत पर मृतक की शर्ट, पैंट और चप्पल मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह छत से गिरा होगा। हालांकि, यह हादसा था या कोई अन्य कारण, इस पर पुलिस अभी स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
     
    स्थानीय लोगों से पूछताछ में मृतक की पहचान सरिया निवासी अविनाश शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो गौशाला चौक स्थित एक विवाह घर में ड्राइवर का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि वह नशे की हालत में गिरा हो सकता है, लेकिन चोटों को देखते हुए मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई जारी है।
  • अभियान चलाकर एक सप्ताह में 162 वारंटियों को भेजा गया जेल...

    05-Feb-2026

     

    पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पश्चिम के निर्देशन में वारंटियों पर लगातार की जा रही कार्रवाई।
     
    रायपुर। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं पश्चिम जोन के सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व विगत एक सप्ताह से थाना आज़ाद चौक , सरस्वती नगर , कबीर नगर , आमानाका ,पुरानी बस्ती ,डीडी नगर , टिकरापारा, राजेंद्र नगर , और मुजगहन थाना क्षेत्र के फरार वारंटियों की तामीली हेतु विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की गई।
     
    थानावार की गई कार्यवाही -
     थाना टीकरापारा - स्थायी वारंट - 18, गिरफ्तारी वारंट - 20
    थाना कबीर नगर- स्थायी वारंट - 16, गिरफ्तारी वारंट - 01
    थाना राजेंद्रनगर - स्थायी वारंट - 10, गिरफ्तारी वारंट - 09
    थाना डीडी नगर - स्थायी वारंट - 09, गिरफ्तारी वारंट - 06
    थाना आमानाका- स्थायी वारंट - 09, गिरफ्तारी वारंट - 05
    थाना आजाद चौक- स्थायी वारंट - 07, गिरफ्तारी वारंट - 13
    थाना पुरानी बस्ती - स्थायी वारंट -03, गिरफ्तारी वारंट - 14
    थाना सरस्वती नगर- स्थायी वारंट - 01, गिरफ्तारी वारंट - 15
    थाना मुजगहन - स्थायी वारंट - 01, गिरफ्तारी वारंट - 05
     
    अभियान का सारांश -
    तामील स्थायी वारंट - 74
    तामील गिरफ्तारी वारंट - 88
    कुल कार्यवाही - 162
     
    अभियान कार्यवाही के दौरान चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट एवं अन्य प्रकरणों में लम्बे समय से फरार चल रहे वारंटियों की पतासाजी कर उन्हें वारंट तामिल कर जेल भेजा गया है।यह अभियान लगातार जारी रहेगाl
  • छ.ग. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल के पत्रकार वार्ता के बिन्दु

    05-Feb-2026
     
    मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह आयोजन में हुआ जंबूरी 2.0 घोटाला : सुबोध हरितवाल
    मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े और उनके कार्यालय की भूमिका संदेहास्पदः सुबोध हरितवाल
    राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए है।
     
    रायपुर। प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने बताया कि आगामी 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह का आयोजन साइंस कॉलेज मैदान में प्रस्तावित है जिसे महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में जंबूरी घोटाले की तरह टेंडर और प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही 50 प्रतिशत से अधिक का काम मैदान पर पूरा हो चुका है और अभी तक विभाग ने वर्क ऑर्डर किसी को जारी नहीं किया है।
    ऐसी ही गड़बड़ियां कर घोटाला जंबूरी में किया गया था और आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में किया जा रहा है। ना प्रेजेंटेशन हुआ, ना फाइनेंशियल बिड खुली, ना वर्क ऑर्डर मिला पर जमीन पर काम का हो जाना भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है और इसमें मुख्यमंत्री और मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े पूर्णतः संलिप्त नजर आ रहे है।
     
    प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने पत्रकार वार्ता में सवाल उठाए हैः
    1. टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, उससे पहले टेंट पंडाल कैसे लगा और किसने लगाया?
    2. 5/2/2026 को महिला बाल विकास विभाग ने प्रस्तुतिकरण के लिए 5 फॉर्म आमंत्रित किए है जिन्हें ड्राइंग, डिजाइन, लेआउट के साथ प्रस्तुतिकरण देना है उसके बाद विभाग डिजाइन अप्रूव करेगा और इसके बाद फाइनेंशियल बिड खुलेगी उसके पश्चात् ये तय होगा कि कौन सबसे कम कोट किया है और किसे टेंडर मिलना है, फिर साइंस कॉलेज मैदान में टेंट, पंडाल कौन लगा रहे?
    3. इस प्रक्रिया के शुरू होने से पहले साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में पूरी तैयारियां हो चुकी है जबकि अभी तक घोषणा नहीं हुई है कि वर्क ऑर्डर किसे मिला है?
    4. ये केदार और विपुल कौन है?
    5. ये अभिषेक टेंट हाउस बिलासपुर वाले कौन है जो वहां काम कर रहे है?
    6. किसके इशारे पर वहां काम संचालित हो रहा है?
     
    पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहूजा, निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, प्रवक्ता वंदना राजपूत, सत्यप्रकाश सिंह उपस्थित थे।
  • रेलवे की परीक्षा देने आए युवक की ट्रेन से गिरकर मौत...

    05-Feb-2026

     

    रायपुर। मृतक जय राम मांझी पिता कोखसरिया मांझी उम्र 21 वर्ष निवासी गोलाबंध थाना नुआपड़ा जिला नुआपड़ा उड़ीसा का रहने वाला है। कल दिनांक 4/2/26 को रायपुर रेल्वे स्टेशन से 4.00 बजे रायपुर से अभनपुर का टिकट लिया है टिकट मृतक के जेब में मिला है। छबि लाल मांझी मृतक का चाचा है जो बताया कि बालांगीर से रेल्वे का परीक्षा दिलाने आया था सेंटर कलिंग यूनिवर्सिटी में था। घटना को दिखाने पर मृतक सीबीडी रेल्वे स्टेशन में नहीं उतर पाया। और ट्रेन अभनपुर कि ओर आगे बढ़ गया। जल्दबाजी में उतरे समय ट्रेन से गिरने से होना प्रथम दृष्टा दिखाई दे रहा है।
  • 25 मार्च से 10 अप्रैल तक होंगी कक्षा 1 से 11वीं की परीक्षाएं...

    05-Feb-2026
     
    रायपुर। प्रदेश के शासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में सत्र 2025–26 की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं की समय-सारणी जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से जारी की जाएगी।
     
    उपसंचालक लोक शिक्षण द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में परीक्षाओं के सुचारू और पारदर्शी संचालन की पूरी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी की होगी। इसके लिए प्रत्येक जिले में संचालन समिति, प्रश्न पत्र निर्माण समिति और मॉडरेशन समिति का गठन 5 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
     
    निर्देशानुसार कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के लिए निर्धारित ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रश्न पत्र तैयार किए जाएंगे। परीक्षा की तैयारी के तहत सैंपल प्रश्न पत्र बनाकर विद्यार्थियों को अभ्यास भी कराया जाएगा। सभी कक्षाओं का पाठ्यक्रम 28 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर रिवीजन कराया जाएगा, जबकि परियोजना कार्य की वार्षिक परीक्षा 5 मार्च 2026 तक पूरी की जाएगी।
     
    प्रश्न पत्र निर्माण प्रक्रिया के अंतर्गत 15 फरवरी 2026 तक तीन सेट तैयार किए जाएंगे। 20 फरवरी तक मॉडरेशन कार्य पूरा होगा और 25 फरवरी तक प्रश्न पत्र मुद्रण के लिए भेजे जाएंगे। मुद्रक द्वारा सीलबंद लिफाफों में प्रश्न पत्र 15 मार्च 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे जाएंगे। जारी निर्देश सभी शासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होंगे।
  • ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा मयाली - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    05-Feb-2026

     

    स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत जशपुर को मिली पर्यटन विकास की बड़ी सौगात
    होम-स्टे, रिसोर्ट, पाथवे, लैंडस्केपिंग सहित आधुनिक पर्यटक सुविधाओं का होगा विकास

     रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 की उप-योजना सीबीडीडी के अंतर्गत स्वीकृत मयाली-बगीचा विकास परियोजना का मयाली नेचर कैंप में विधिवत भूमिपूजन किया। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित इस परियोजना के तहत मयाली, विश्व प्रसिद्ध मधेश्वर पर्वत (विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग) तथा बगीचा स्थित कैलाश गुफा क्षेत्र में विभिन्न पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
     
     यह परियोजना क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं जनजातीय विरासत के संरक्षण के साथ-साथ समुदाय आधारित पर्यटन को सशक्त बनाएगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जशपुर जिले को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलेगी।
     
     इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मयाली-बगीचा विकास परियोजना जशपुर जिले के पर्यटन विकास के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। आज मयाली के विकास की मजबूत नींव रखी गई है। मयाली अब पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है और आने वाले समय में यह एक वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
     
     मुख्यमंत्री ने कहा कि मयाली की पहचान सदियों से मधेश्वर महादेव से जुड़ी रही है, जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना जाता है। इस विकास परियोजना के माध्यम से मधेश्वर पर्वत के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। परियोजना के अंतर्गत मयाली डेम के समीप पर्यटक रिसोर्ट एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
     
     उन्होंने कहा कि मयाली को एक समग्र इको-टूरिज्म और एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां के जंगल, झरने, पहाड़ और समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाया जाएगा। पर्यटन से होने वाली आय का सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। श्री साय ने कहा इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा होम-स्टे नीति लागू की गई है, जिससे ग्रामीण परिवार पर्यटन गतिविधियों से सीधे जुड़कर आय अर्जित कर सकेंगे और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति को नजदीक से जानने का अवसर मिलेगा।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आई है। स्किल डेवलपमेंट सेंटर में टूर गाइड, होटल सेवा, एडवेंचर स्पोर्ट्स, हस्तशिल्प एवं डिजिटल बुकिंग से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न केवल पर्यटन बल्कि जशपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधताओं को भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
     
    *विकास कार्यों से बदलेगी मयाली की तस्वीर, उभरेगा नया पर्यटन केंद्र*
     
     मयाली क्षेत्र को प्राकृतिक, धार्मिक एवं ग्रामीण पर्यटन के समग्र गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत 5 पर्यटक कॉटेज, कॉन्फ्रेंस एवं कन्वेंशन हॉल, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, भव्य प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल, आधुनिक टॉयलेट सुविधा, लैंडस्केपिंग एवं पाथवे का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं से पर्यटकों के ठहराव एवं विभिन्न आयोजनों की बेहतर व्यवस्था होगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
     
     धार्मिक पर्यटन को सशक्त करने के लिए शिव मंदिर क्षेत्र में प्रवेश द्वार, टॉयलेट सुविधा, लैंडस्केपिंग एवं पाथवे का विकास किया जाएगा। वहीं बगीचा स्थित कैलाश गुफा परिसर में प्रवेश द्वार, पिकनिक स्पॉट, रेस्टिंग शेड, घाट विकास, पाथवे तथा सीढ़ियों एवं रेलिंग का जीर्णाेद्धार किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।
     
     यह समस्त कार्य भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा संचालित स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत मयाली-बगीचा विकास परियोजना के माध्यम से किए जाएंगे। परियोजना के पूर्ण होने से पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक-प्राकृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना है।
     
     इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, विभिन्न बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
  • ठेकेदार के घर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले उड़े चोर...

    05-Feb-2026

     

    दुर्ग। जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चार से अधिक अज्ञात चोरों ने एक बिल्डिंग ठेकेदार के घर में सेंध लगाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुर खम्हरिया रोड का है।
     
    पीड़ित राम स्वरूप साहू ने थाना अमलेश्वर में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि चोर घर के पीछे के दरवाजे से भीतर दाखिल हुए। मुख्य दरवाजे का लॉक सुरक्षित था, लेकिन कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला तोड़कर कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए।
     
    पुलिस के अनुसार चोरी में 34 सोने के जेवर और 14 चांदी के जेवर शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3,18,070 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा लाखों रुपए नकद चोरी होने की भी जानकारी मिली है। पीड़ित ने चोरी हुए जेवरात से संबंधित करीब 18 बिल पुलिस को सौंपे हैं।
     
    पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।
  • स्टाफ की भारी कमी से जूझ रहा डीडी नगर आयुष्मान आरोग्य मंदिर...

    05-Feb-2026

     

    रायपुर। आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डी.डी. नगर रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन की योजना के तहत अस्पताल का संचालन किया जा रहा है, लेकिन वर्तमान में यह अस्पताल गंभीर अव्यवस्थाओं का शिकार होता नजर आ रहा है। शुरुआत में यह स्वास्थ्य केंद्र सुचारु रूप से संचालित हो रहा था और स्टाफ की भी पर्याप्त उपलब्धता थी, लेकिन समय के साथ कर्मचारियों का अन्य स्थानों पर स्थानांतरण कर दिया गया, जबकि रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां नहीं की गईं।
     
    कई सुविधाएं नदारद
    लगभग पिछले एक वर्ष से स्टाफ की कमी और प्रशासनिक उदासीनता के चलते अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। स्थिति यह है कि शुगर जांच के लिए मशीन तो मौजूद है, लेकिन स्ट्रिप्स की अनुपलब्धता के कारण जांच नहीं हो पा रही है। खून जांच की कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं, रायपुर के अन्य वार्डों में स्थित हमर अस्पताल राजा तालाब, सिटी अस्पताल गुड़ियारी, भाटागांव, रामनगर, मठपुरैना और खो-खो पारा जैसे स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाएं डी.डी. नगर अस्पताल में नदारद हैं।
     
    गौर करने वाली बात यह है कि मेकाहारा से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित हमर अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि मेकाहारा से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित डी.डी. नगर जैसे बड़े वार्ड में सुविधाएं बेहद सीमित हैं। आवश्यकतानुसार स्टाफ की कमी के चलते अस्पताल संचालन में भारी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
     
    स्टाफ की कमी में अकेले डॉक्टर के भरोसे अस्पताल
    वर्तमान में अस्पताल में केवल एक डॉक्टर, डॉ. प्रणव कुमार वर्मा, सांध्यकालीन अस्पताल में न सिर्फ चिकित्सकीय सेवाएं दे रहे हैं, बल्कि उन्हें कंपाउंडर, दवा वितरण और कभी-कभी पंजीयन का कार्य भी स्वयं करना पड़ता है। कई बार उन्हें अन्य सामान्य कार्य करते हुए भी देखा गया है। मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच इस तरह की व्यवस्था से दवा वितरण में चूक की आशंका बनी रहती है, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ सकता है। साथ ही, सभी कार्य एक ही डॉक्टर द्वारा किए जाने से मरीजों को अनावश्यक रूप से लंबा इंतजार करना पड़ता है।
     
    राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं की यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई चिकित्सालयों में तय सेटअप से अधिक स्टाफ पदस्थ हैं, जबकि डी.डी. नगर जैसे क्षेत्रों में घोर कमी बनी हुई है। इसे लालफीताशाही, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार से जोड़कर देखा जा रहा है।
     
    शासन की इस लापरवाही से डी.डी. नगर क्षेत्र में आमजन के बीच निराशा और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने शासन से मांग की है कि अस्पताल में तत्काल पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति कर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल की जाएं, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
Top