बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • पूर्व मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत...

    03-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में आरोपी पूर्व मंत्री कवासी लखमा को जमानत मिल गई है। इस मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत देने का आदेश दिया है। ED ने कवासी लखमा को 15 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था।
     
  • सूरजपुर पहुँची मशाल यात्रा, कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना...

    03-Feb-2026

     

    सूरजपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) द्वारा जनजातीय युवाओं एवं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ की मेजबानी में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन 14 फरवरी से किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित आयोजन का आधिकारिक शुभंकर “मोरवीर” रखा गया है, जो जनजातीय संस्कृति, साहस और खेल भावना का प्रतीक है।
     
    इसी क्रम में आज खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मशाल यात्रा सूरजपुर जिले में पहुँची, जहाँ कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले ने हरी झंडी दिखाकर मशाल रैली का शुभारंभ किया। इसके पश्चात मशाल यात्रा को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता हेतु रवाना किया गया।
     
    इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स न केवल जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देगा। मशाल यात्रा के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं और खिलाड़ियों को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग के अधिकारी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
  • फाइलेरिया मुक्त समाज के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने कसी कमर...

    03-Feb-2026

     

    विश्रामपुर में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित
     
    सूरजपुर। कलेक्टर एस. जयवर्धन, सूरजपुर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन अभियान की तैयारी को लेकर विश्रामपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
     
    यह प्रशिक्षण 02 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिश्रामपुर में विकासखंड सूरजपुर के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, मितानिनों एवं मितानिन प्रशिक्षकों को प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अभियान को सफल बनाना है।
     
    फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिला सूरजपुर के तीन विकासखण्ड- सूरजपुर, रामानुजनगर एवं प्रेमनगर में 10 से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
     
    अभियान के प्रथम चरण में 10 से 12 फरवरी तक आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। इसके पश्चात 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर दवा खिलाएंगे। वहीं 23 से 25 फरवरी तक अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा। अभियान अवधि में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी के समीप बूथ संचालित रहेंगे।
     
    गर्भवती महिलाओं, दो वर्ष से कम आयु के बच्चों एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी पात्र व्यक्तियों को स्वास्थ्य कर्मियों के समक्ष दवा सेवन करना अनिवार्य होगा। इस अभियान को सफल बनाने हेतु शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सहभागिता से शत-प्रतिशत दवा सेवन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
     
    प्रशिक्षण का संचालन विनय शर्मा (प्रशिक्षण समन्वयक) एवं डीएमसी धीरज कुमार सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. अमित भगत, बीपीएम सुरेश वर्मा, एमटीएस सी.के. माहेश्वरी, बीईईओ डी.के. पैकरा, सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, मितानिन एवं मितानिन प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
  • जर्जर नहर पुल से परेशान, पुनर्निर्माण की मांग, जनदर्शन में कुल 165 आवेदन हुए प्राप्त...

    03-Feb-2026

     

    दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 165 आवेदन प्राप्त हुए।
     
    इसी कड़ी में भिलाई चरोदा नगर निगम के वार्ड 39 ग्राम मोरिद निवासियों ने नहर के पुल को पुर्ननिर्माण कराने आवेदन दिया। ग्रामवासियों ने बताया कि नहर पुल दुर्घटनाओं का कारण बन गया है। सड़क सीमेटीकरण के बाद पुल सड़क के बराबर हो गया है, जिसके कारण दुर्घटना होते रहती है। पुल पुराना और संकरा होने के साथ ही कचरे से भरा है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है और नहर का पानी सड़क पर बह रहा है। स्थानीय लोगों ने पुल के पुनर्निर्माण की मांग की है। इसी प्रकार उप स्वास्थ्य केन्द्र मोरिद में बुनियादी सुविधाओं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि केन्द्र में एकमात्र ए.एन.एम. की ड्यूटी के कारण सप्ताह में कई दिन ओपीडी बंद रहती है। स्वास्थ्य केंद्र में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। शुगर व बीपी की दवाइयाँ लंबे समय से उपलब्ध नहीं है। बीपी मापने की मशीन छह माह से खराब है, वहीं शुगर जांच की स्ट्रिप्स न होने से मरीजों को परेशानी हो रही है, जिससे गरीब तबके के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने को कहा।
     
    सुपेला निवासी ने सहारा कंपनी में जमा राशि दिलाने आवेदन दिया। सहारा कंपनी में वर्ष 2015 में जमा की गई एफडी की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उसने कुल 8 एफडी में 1.50 लाख रुपये जमा किए थे। कंपनी में ऑनलाइन आवेदन किया गया था, जिसमें 45 दिनों के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया गया था। लेकिन आवेदन के कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक एक भी पैसा नहीं मिला है। बार-बार ऑनलाइन स्टेटस चेक करने पर केवल प्रोसेस में है बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और कर्ज लेकर जीवनयापन कर रहा है। लगातार आर्थिक दबाव के कारण वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने संबंधित नोडल अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
     
  • छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंसनर्स कल्याण संघ ने पंडित रवि, शुक्ल वि वि के सेवानिवृत विभागाध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति डा एच आर सिंह जी को दी श्रद्धांजलि - प्रदीप मिश्र

    03-Feb-2026

     

    रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सांख्यिकी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर हरिराम सिंह जी का 31/01/2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। आप रविशंकर विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे हैं और यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन सांख्यिकी के पेपर सेटर भी थे।
     
    आपने रविशंकर विश्वविद्यालय के सभी एडमिनिस्ट्रेटिव विभागों में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया था। आपने अकादमी काउंसिल के और माननीय कार्य परिषद के सदस्य के साथ साथ विश्वविद्यालय कोर्ट के सदस्य के दायित्व का बखूबी निर्वहन किये हैं । 
    आप विश्वविद्यालय के अधिकांशत: इंस्पेक्शन कमेटी में अध्यक्ष के रूप में कार्य किए थे। वे कइ बार सेंट्रल वालुएशन के ईन्चार्ज और लगभग तीन साल अधिष्ठाता छात्र कल्याण भी थे।
     
     रविशंकर विश्वविद्यालय में कंप्यूटर में पीजी डिप्लोमा खुलने पर उसके सर्वप्रथम इंचार्ज भी रहे थे। सर्वप्रथम उन्होंने ही अपने डिपार्टमेंट में रविशंकर विश्वविद्यालय के कंप्यूटर को शुरू किया था। उन्होंने आई आई टी खड़कपुर से पीएचडी की थी ।पहले डिब्रूगढ़ यूनिवर्सिटी असम मे थे और वहां से प्रोफेसर होकर के रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आए धे , साख्यिकी विभाग पहले बायो सांइस विभाग में लगता था । उन्ही के कार्यकाल में सांख्यकीय विभाग का अलग से अध्ययन शाला बना।
     
     आप बड़े ही धार्मिक विचार के व्यक्ति थे और प्रतिदिन पूजा-पाठ करते थे । आप समय के बड़े पाबन्द थे। वे सभी की नियम के अनुसार सहायता करने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनका भरा पूरा खुशहाल परिवार है ।उनके दो पुत्र और एक पुत्री है। पिछले साल ही उनकी धर्मपत्नी का स्वर्गवास हुआ था। उनके सभी बच्चे वेल सेटल्ड हैं
     
    छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंसनर्स कल्याण संघ के साथ साथ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के समस्त कर्मचारीगण डॉक्टर हरिराम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
  • यह बजट जनता के लिए खाली डिब्बे जैसा - सोलंकी

    02-Feb-2026

     

    रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इकरामुद्दीन सोलंकी ने बजट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बजट को 'खाली डब्बा' करार दिया। उन्होंने ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार पुराने वादों को नई पैकेजिंग में पेश करेगी, लेकिन इस बार तो पुराने वादों का जिक्र तक नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में जनता के लिए कोई ठोस राहत नहीं है और न ही इसमें महंगाई, बेरोजगारी या आम आदमी की समस्याओं का समाधान नजर आता है। कांग्रेस नेता सोलंकी के मुताबिक, यह बजट पूरी तरह से खोखले दावों से भरा हुआ है और इसमें कहीं भी योजना नहीं है।
     
    सोलंकी ने आगे कहा कि यह बजट गांव गरीब मिडिल क्लास क्लास के ऊपर से निकल गया स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार नहीं दिया गया यह बजट से पूंजीपतियों के लिए जो 5% पूंजीपति है उन्हीं लोगों के लिए बनाया हुआ बजट है और उन्हीं को फायदा पहुंचाएगा बजट सत्र के दौरान बजट पेश करते हुए आज संसद में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों का चेहरे इस तरह उतरे हुए थे कि हम अबजनता के में क्या मूह ले कर जाएंगे।
  • माघ पूर्णिमा पर त्रिवेणी संगम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

    02-Feb-2026

    गरियाबंद।  माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार 01 फरवरी को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक नगरी राजिम में स्थित त्रिवेणी संगम पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पैरी, सोढूर और महानदी के पवित्र संगम में तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान कर माघी स्नान का लाभ प्राप्त किया। इसी के साथ ऐतिहासिक राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ।

    नदी तट पर आस्था के दीप...

    प्रदेश के कोने-कोने सहित अंचलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सूर्याेदय पूर्व संगम में डुबकी लगाकर स्वयं को धन्य किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार माघ पूर्णिमा पर प्रातः काल किया गया पुन्नी स्नान विशेष पुण्यदायी माना जाता है। स्नान उपरांत कई महिलाओं एवं युवतियों ने तीनों नदियों में स्नान के पश्चात नदी की रेत में शिवलिंग का निर्माण कर नारियल, बेलपत्र, धतूरा, दूध अर्पित कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही नदी की धार में दीपदान कर श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण संगम क्षेत्र दीपों की पंक्तियों से आलोकित होता नजर आया।

    धार्मिक स्थलों में दर्शन को उमड़ी भीड़...

    श्रद्धालुओं ने दीपदान कर श्री राजीव लोचन मंदिर एवं कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दोनों मंदिरों के अतिरिक्त लोमश ऋषि आश्रम, राजिम भक्तिन माता मंदिर, मामा-भांचा मंदिर, राजराजेश्वर, दानदानेश्वर एवं बाबा गरीबनाथ महादेव के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।

    12 ज्योतिर्लिंग और पंचकोशी धाम थीम पर आधारित कुंभ...

    इस वर्ष राजिम कुंभ कल्प मेले का स्वरूप विशेष रूप से आकर्षक है। मेले की थीम बारह ज्योतिर्लिंग एवं पंचकोशी धाम पर आधारित रखी गई है, जो श्रद्धालुओं को भारतीय सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का भव्य अनुभव कराएगी। मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, संत समागम एवं आध्यात्मिक संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। देशभर से साधु-संत, कथा वाचक और श्रद्धालु इस कुंभ कल्प में शामिल होंगे।

    15 फरवरी महाशिवरात्रि को होगा समापन...

    आज 01 फरवरी प्रारंभ हुए 15 दिवसीय राजिम कुंभ कल्प मेला का समापन 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर होगा। मेले के दौरान 10 फरवरी से 15 फरवरी तक संत समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे संत-महात्मा श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन प्रदान करेंगे। कुंभ मेले में माघ पूर्णिमा के अलावा 09 फरवरी को जानकी जयंती तथा 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पर्व स्नान का पुण्य लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।

    श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक व्यवस्था...

    मेला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, पार्किंग, ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

  • गरियाबंद: दुतकैयां गांव में हिंसा, 6 पुलिसकर्मी घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार...

    02-Feb-2026

    गरियाबंद।  जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुतकैयां गांव रविवार को हिंसा की चपेट में आ गया। एक पुराने मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों द्वारा स्थानीय युवकों पर रॉड से किए गए हमले के बाद दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया और झड़पें शुरू हो गईं। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव हुआ, जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

    पुलिस के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले गांव के एक मंदिर में मूर्ति तोड़ने के मामले में आरिफ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी कथित तौर पर ग्रामीणों को धमका रहे थे और मंदिर प्रकरण से जुड़े गवाहों को परेशान कर रहे थे। रविवार सुबह आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने का आरोप लगाते हुए चार से छह युवकों पर रॉड से हमला किया, जिससे आक्रोश फैल गया।

     
    घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों का घेराव कर आगजनी की। कुछ वाहनों को भी आग के हवाले किया गया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि हिंसा में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
  • रायगढ़ में देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार...

    02-Feb-2026

    रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बीती रात नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में देह व्यापार के एक मामले का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने केलो बिहार कॉलोनी में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करवा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान भेजा। पाइंटर से संकेत मिलते ही थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा।

    छापेमारी के दौरान मकान से तीन महिलाएं, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड को पकड़ा गया।

    मौके से देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि डिंपी किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति करवाता था और स्वयं इसका संचालन करता था।

     

    पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • रतनजोत खाने से 24 से अधिक बच्चे बीमार, 7 की हालत गंभीर...

    02-Feb-2026

    धमतरी। जिले के बोरझरा गांव में रविवार को एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई, जब खेल-खेल में बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए।

    इसके बाद 24 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद सात बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

     

    स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय बच्चे गांव के पास खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आसपास उगे रतनजोत के पेड़ के बीज तोड़कर खा लिए, जिनके जहरीले और हानिकारक प्रभाव की उन्हें जानकारी नहीं थी।

    कुछ ही देर में बच्चों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।

     

    घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया।

    चिकित्सकों के मुताबिक अधिकांश बच्चों की हालत अब स्थिर है, हालांकि सात बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे जहरीले पौधों से दूर रखने की अपील की है।

  • अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का डंप और प्रेशर कुकर IED बरामद...

    02-Feb-2026

    नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है, जिसमें भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री के साथ एक प्रेशर कुकर IED भी शामिल है। बम निरोधक दस्ते ने IED को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

    यह संयुक्त कार्रवाई 31 जनवरी 2026 को 53वीं वाहिनी आईटीबीपी, नारायणपुर पुलिस और डीआरजी द्वारा अंजाम दी गई। ऑपरेशन आईटीबीपी सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन में और उप सेनानी तेजवीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच घने जंगलों में चलाया गया। सुरक्षाबलों की टीम ने कई घंटों तक इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।

    तलाशी के दौरान ग्राम भोटोर के पास जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बड़ा डंप मिला। यहां से बड़ी संख्या में डेटोनेटर, खाली बड़े ड्रम, राशन सामग्री, कपड़े और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं। बरामद सामान से यह संकेत मिलता है कि नक्सली लंबे समय से इस इलाके को ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।

    डंप से एक प्रेशर कुकर IED मिलने के बाद क्षेत्र में तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई। आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए IED को वहीं नष्ट कर दिया, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई।

    पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी जवान सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि या क्षति की सूचना नहीं है। कार्रवाई पूरी होने के बाद संयुक्त टीम बरामद सामग्री के साथ सुरक्षित कैंप लौट आई। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप: पुलिस पर पथराव, आगजनी के बाद तीन गिरफ्तार...

    02-Feb-2026

    गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मंदिर तोड़े जाने से जुड़े पुराने विवाद ने रविवार को उग्र रूप ले लिया। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम बकली में दो समुदायों के बीच शुरू हुआ तनाव देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर पथराव किया, जिसमें कई जवान घायल हो गए। हालात इतने बिगड़ गए कि उपद्रवियों ने वाहनों और एक घर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, वहीं किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर रखा गया है। पथराव के दौरान एक पुलिस जवान बेहोश हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    पुराने विवाद से भड़की हिंसा

    जानकारी के अनुसार, चार महीने पहले हथखोज गांव की एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग राहगीरों से मारपीट और लूटपाट करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद फिंगेश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हाल ही में जमानत पर रिहा होकर लौटे आरोपियों ने रविवार सुबह करीब 11 बजे बकली गांव में शिकायतकर्ता से मारपीट शुरू कर दी, जिससे तनाव और बढ़ गया।

    मारपीट की यह घटना जल्द ही दो समुदायों के बीच संघर्ष में तब्दील हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी और रास्ते में खड़े वाहनों को भी जला दिया।

    मंदिर तोड़ने का मामला भी जुड़ा
    ग्रामीण जितेंद्र का आरोप है कि हमलावरों ने ही करीब डेढ़ साल पहले गांव के शिव मंदिर को तोड़ा था, जिसका मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। उनका कहना है कि इसी विवाद को लेकर हाल के दिनों में गांव में लगातार तनाव बना हुआ है और अब जमानत पर छूटे आरोपियों द्वारा फिर से हिंसा फैलाई जा रही है।

    पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • चाकू दिखाकर धमकी देने वाला थाना धरसीवां का गुण्डा बदमाश राजेश सिसोदिया गिरफ्तार...

    02-Feb-2026

     

    आरोपी राजेश सिसोदिया थाना गुण्डा बदमाश है जिसके विरूद्ध थाना धरसींवा में मारपीट, बलवा, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, नारकोटिक एक्ट सहित 01 दर्जन से अधिक अपराधों रह चुका है जेल निरूद्ध

    रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी हेमन्त साहू ने पुलिस सहायता केन्द्र सिलतरा चौकी थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ग्राम सिलतरा धरसींवा में रहता है तथा अंग्रेजी शराब दुकान ग्राम सिलतरा में सेल्समेन का कार्य करता है। प्रार्थी दिनांक 01.02.2026 को भी प्रतिदिन की तरह सुबह 10.00 बजे अंग्रेजी शराब दुकान खोलकर शराब की बिक्री कर रहा था लगभग 12.00 बजे सिलतरा शिकारीपारा निवासी राजेश सिसोदिया, जो शराब दुकान का दरवाजा बल पूर्वक खोलकर अंदर प्रवेश कर प्रार्थी के पास आकर उससे पैसे व शराब की मांग करने लगा तथा प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर उसके द्वारा प्रार्थी को अश्लील गाली गलौज करते हुए अपने पास कमर में छिपाये हुए चाकू को दिखाकर धमकाने लगा प्रार्थी द्वारा उक्त के संबंध में अपने सुपरवाईजर को बताने पर राजेश सिसोदिया वहां से फरार हो गया। जिस पर आरोपी राजेश सिसोदिया के विरूद्ध थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 70/26 धारा 119(1), 296, 333, 351(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। 
     
     घटना को पुलिस अधीक्षक महोदया श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण तथा थाना प्रभारी धरसीवां एवं चौकी प्रभारी सिलतरा को आरोपी की जल्द से जल्द पतासाजी कर गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा चौकी प्रभारी सिलतरा के नेतृत्व में चौकी सिलतरा पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी तथा उसके सुपरवाईजर से विस्तृत पूछताछ करते हुए प्ररकण में संलिप्त आरोपी राजेश सिसोदिया के छिपने के हर संभावित ठिकानों में रेड कार्यवाही करते हुए आरोपी राजेश सिसोदिया को पकड़कर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। 
     
     जिस पर आरोपी राजेश सिसोदिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 नग चाकू जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है। 
     
     आरोपी राजेश सिसोदिया थाना धरसींवा का गुण्डा बदमाश है जो पूर्व में मारपीट, बलवा, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, नारकोटिक एक्ट सहित 01 दर्जन से अधिक प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है।
     
    गिरफ्तार आरोपी - राजेश सिसोदिया पिता स्व. जहर सिंह सिसोदिया उम्र 43 साल निवासी पारधी मोहल्ला सिलतरा थाना धरसींवा रायपुर।
  • थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला मिली है जो अपने घर का पता नहीं बता पा रही है...

    02-Feb-2026
     
    रायपुर। थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला मिली है जो अपने घर का पता नहीं बता पा रही है जिसकी उम्र करीब 70 वर्ष अकेले बैठे मिली जिन्हें पूछने पर अपना नाम लक्ष्मी यादव पति तीरथ यादव बताई किन्तु अपने घर का पता नहीं बता पा रही थी।
     
    गुढ़ियारी पुलिस द्वारा बुजुर्ग महिला के घर परिवार का क्षेत्र में पता तलास किया गया किंतु कहीं पता नहीं चलने पर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित रखने के लिए संजीवनी वृद्धा आश्रम कोटा से संपर्क कर सुरक्षार्थ रखवाया गया है।
     
    इनके परिजन का पता का पता चलाने पर थाना गुढ़ियारी से संपर्क करे। मोबाइल नंबर 9479191040
  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ

    02-Feb-2026

    सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज जल्द ही स्वीकृत होगी

    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके अंतर्गत आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
     
           सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ अवसर पर आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय उक्त बात कही हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने किया।
     
               मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें। उन्होंने जिलेवासियों को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी के तट पर स्थित श्री गंधेश्वर महादेव के आशीर्वाद से यह क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सिरपुर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है।
     
          मुख्यमंत्री ने बताया कि आज जिले को लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल , पर्यटन, पेयजल एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज यहां मलेशिया,कोरिया, जापान के बौद्ध विचारक पधारे है, उनका मैं स्वागत करता हूं।उन्होंने कहा कि सिरपुर में सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का विस्तार हुआ, यह संस्कृति का अदभुत संगम है। सिरपुर में पर्यटन के विकास की संभावनाओं को देखते हुए सरकार इसे विश्व धरोहरों में शामिल करने गंभीरता से प्रयास कर रही है। देश दुनिया में सिरपुर का नाम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज की स्वीकृति भी जल्दी होगी। सिकासेर जलाशय से कोडार जलाशय में पानी लाने के लिए योजना पर शीघ्रता से कार्य जारी है। इससे क्षेत्र के किसानों को लगातार सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
     
        खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव आज जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव के माध्यम से जिले को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। इससे युवाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है और स्थानीय प्रतिभाओं को नई दिशा प्राप्त हो रही है। प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीब वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
    विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि आज इस पावन धरती सिरपुर में इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महोत्सव का साक्षी बनने का अवसर मिला है। यह वही भूमि है जहाँ धर्म, कला और ज्ञान का अद्भुत संगम हुआ है। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि आज हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सिरपुर के संरक्षण, विकास और वैश्विक पहचान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, बिजली, जल, पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं के विकास से यह क्षेत्र नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।
     
          इस अवसर पर विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक बसना श्री संपत अग्रवाल, साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष महासमुंद श्री निखिल कांत साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, नगर पंचायत अध्यक्ष बसना डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपडा, राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट एवं गाइड संघ श्री इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी,कलेक्टर श्री विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, साडा के सीईओ श्री धम्म शील गणवीर ,जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार सहित, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
  • छत्तीसगढ़ के शांति प्रिय धरा में कबीरपंथ का है व्यापक प्रभाव -मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    02-Feb-2026

    डबल इंजन की सरकार से लोगों को मिल रहा है फायदा, विकसित प्रदेश बनने छत्तीसगढ़ तेजी से अग्रसर

    संत समागम समारोह की राशि 50 लाख से बढाकर 75 लाख करने की घोषणा
    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सतगुरु कबीर संत समागम समारोह दामाखेड़ा में हुए शामिल

    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब,पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस दौरान संत समागम समारोह की राशि 50 लाख रूपये से बढाकर 75 लाख रूपये करने की घोषणा की।
    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय माघ पूर्णिमा की शुभकामनायें देते हुए कहा कि कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर साल भव्य होते जा रहा है जो लोगों में बढ़ते आस्था का प्रतीक है।
    कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव है इसलिए यहां के लोग शांति प्रिय है। 
    श्री साय ने कहा कि वे बचपन से ही कबीर पंथ से परिचित है और उनके गांव बगिया में भी 8-10 कबीर पंथी परिवार है। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर करने के संबंध में बताया कि राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम प्रक्रिया जारी है।
    श्री साय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है। अब छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छतीसगढ़ के विकास की बाधा की नक्सलवाद अब जल्द ही जड़ से समाप्त होने वाला है।31 मार्च 2026 तक प्रदेश से समूल नष्ट होग़ा। हमने जनता से किया वादा को तेजी से पूरा किया है। डबल इंजन की सरकार का फायदा लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को बहुत आगे ले जाना है और विकसित प्रदेश के रूप में खड़ा करना है।
     
    उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब का चादर तिलक अद्भुत और अलौकिक रहा। पंथ श्री ने वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रहे है। आज के कार्यक्रम में पंथ श्री का दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कबीर आश्रम के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर हमेशा चिंतित रहते है और शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते है। कार्यक्रम को खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, भाटापारा विधायक श्री इंद्र साव ने भी सम्बोधित किया। 
     
    समारोह में पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष माघ मेला के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के नये संवाहक 16 वें वंशाचार्य पंथीश्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया की इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतो के साथ ही विदेशो से भी कबीरपंथी संत समागम मेला में आये हैं। समारोह को शासन प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने मेला संत समागम समारोह की राशि 50 लाख रूपये से 75 लाख रूपये करने पर मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
     
    इस अवसर पर पंथश्री उदित मुनि नाम साहब, गुरूगोसांई भानुप्रताप साहब, विधायक श्रीमती भावना बोहरा, श्री ईश्वर साहु, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित सदगुरू कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कबीरपंथी उपस्थित थे।
  • ट्रंप के टैरिफ को करारा जवाब देने वाला विकसित भारत का बजट - राजेश गुप्ता अग्रहरि

    02-Feb-2026

     

    राजनांदगांव। देश की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा अपने कार्यकाल की 9 वां बजट पेश करते हुए जो ट्रंप की टेरिफ का करारा जवाब दिया है उसकी सराहना करते हुए भाजपा शिक्षा एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी श्री राजेश गुप्ता अग्रहरि ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि वित्त मंत्री निर्मला जी प्रधानमंत्री मोदी जी की सोच के अनुरूप इस बजट को विकसित भारत का लक्ष्य वाला बजट बताया है। 
     
    श्री अग्रहरि ने कहा कि वित्त मंत्री जी के इस 53 लाख करोड़ विकास के लिए खर्च करने वाले बजट में किसान, मजदूर दिव्यांग, महिलाएं विद्यार्थियों सहित मध्यम वर्गीय लोगो का विशेष ध्यान रखा है, क्रेडिट लिंक आजीविका सहारा योजना में जहां महिलाओं को सहायता दी है वहीं युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने युवा योजना बनाई है, दिव्यांगों के लिए दिव्यांग सहारा योजना व किसानों की आमदनी बढ़ाने नए रोजगार पैदा करने किसानों के लिए नए स्कीम चिलगोजा, बादाम, खुमानी के लिए मदद,व मत्स्य किसानों के लिए 500 करोड़ पशुपालन के लिए लोन, गरीबों के लिए गुणवत्ता पूर्ण रोजगार वाला एतिहासिक क्लचरल,खेलों इंडिया मिशन, स्पोर्ट्स साइंस टेक्नोलॉजी आदि प्रमुख हैं।
     
    इसके अलावा 1अप्रैल से नया आयकर टेक्स, विदेश यात्रा सस्ती,टेक्स भरना सरल‌, राज्यों के लिए 1, 4 लाख करोड़ का प्रावधान कर वित्त मंत्री जी ने देश को मजबूत अर्थव्यवस्था वाले तथा तेज गति से विकास करने वाले देश की लाइन में ला खड़ा कर दिया है।
  • बजट में छत्तीसगढ़ का विशेष ध्यान रखा गया है - अरुण साव

    01-Feb-2026

     

    दुर्लभ खनिजों पर सीमा शुल्क में कटौती का सीधा छत्तीसगढ़ को मिलेगा, जिससे राज्य में निवेश की संभावनाएँ बढ़ेंगी

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को संसद में प्रस्तुत बजट प्रस्ताव को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि विकसित भारत की रचना में सबका साथ, सबका विकास की भावना को केंद्र में रखा गया है। बजट प्रस्ताव में छत्तीसगढ़ का विशेष ध्यान रखे जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार मानते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए इस बजट की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा जनजातीय समुदायों के स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी है। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ सहित 8 राज्यों में जनजातीय स्वास्थ्य वेधशालाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में पीवीटीजी बस्तियों को जोड़ने के लिए सड़क निर्माण हेतु अतिरिक्त बजटीय आवंटन किया गया है। राज्य के जनजातीय स्कूलों में खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए वार्षिक रूप से खेल हब विकसित किए जाएंगे। इसी प्रकार राज्य में खनिज परिवहन और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए रेलवे को प्राथमिकता दी गई है। श्री साव ने कहा कि "धान के कटोरे" के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए केंद्र और राज्य की साझा योजनाओं पर भी जोर है। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में 8 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के लिए केंद्रीय सहायता का हिस्सा बढ़ाया गया है। राज्य के किसानों को डिजिटल रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए 'डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर' मिशन को यहाँ तेजी से लागू किया जाएगा। दुर्लभ खनिजों पर सीमा शुल्क में कटौती का सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के खनन उद्योगों को मिलेगा, जिससे राज्य में निवेश की संभावनाएँ बढ़ेंगी।
  • यह बजट शेखचिल्ली का शोरबा है - भूपेश बघेल

    01-Feb-2026

     

    रायपुर। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि यह बजट शेखचिल्ली का शोरबा है.शेखी बघारते रहे कि विश्व में फलां नंबर की अर्थव्यवस्था हो गई, विश्व गुरु हो गए, पर बजट ने कलई खोल कर रख दी.पिछले साल यानी वर्ष 2025-26 में न राजस्व बढ़ा पाए, न टैक्स वसूली मज़बूत हो सकी. इस बार भी निर्मला सीतारमण जी के धुंआधार बजट में धुंआ बहुत है और धार बहुत पतली है.

     
    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि आम जनता के लिए घोर निराशाजनक बजट है। मोदी सरकार के बजट से देश का हर वर्ग निराश है। मिडिल क्लास, लोअर मिडल क्लास, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है। यह बजट पूरी तरह से और अव्यवहारिक, अन्यायपूर्ण और मिडिल क्लास विरोधी है।
     
    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि शेयर बाजार बैठ गया है, निवेशक बाजार से अपना पैसा निकाल रहे हैं। बाजार लगातार गिर रहा है, मोदी सरकार के आर्थिक नीतियों पर से जनता का भरोसा टूट चुका है।
     
    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि मोदी सरकार के इस बजट में युवाओं के रोजगार के लिए कुछ भी नहीं है। निवेशक नए निवेश से घबरा रहे हैं, पूर्व में संचालित उद्योग, व्यापार चलाना मुश्किल हो रहा है और यह सरकार केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखा रही हैं।
     
    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि महिलाओं के लिए बजट में कुछ नहीं। मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में जनकल्याणकारी योजनाएं नहीं है, खाद सब्सिडी, खाद्य सब्सिडी, मनरेगा, एमएसपी की गारंटी, स्वामीनाथन कमेटी के अनुसार एमएसपी और सामाजिक सुरक्षा के मद में कोई विशेष प्रावधान नहीं है।
     
    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि न बढ़ती महंगाई का कोई उपाय, न बढ़ती बेरोज़गारी को रोकने का कोई प्रयास न विदेशी हलचल से बाज़ार पर होने वाले असर को रोकने का कोई संकल्प.यह कटौती का बजट है. मोदी जी अब काटने में लग गए हैं. बांट तो वो पहले ही रहे थे। 
  • बजट से देश का विकास रुकेगा, रोजगार घटेगा - कांग्रेस

    01-Feb-2026

     

    रायपुर। मोदी सरकार की अदूरदर्शिता का प्रमाण है 2026 का केंद्रीय बजट। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि इस बजट ने देश की जनता को निराश किया है। बजट से देश का विकास रुकेगा, रोजगार घटेगा। यह बजट बताता है कि मोदी सरकार के आने वाले साल भी देश की जनता के लिए अच्छा नहीं रहने वाला, बजट में कोई भी दूरदर्शिता नहीं दिख रही। युवा, किसान, मजदूर, महिला सभी इस बजट से खुद को ठगा महसूस कर रहे है।
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश के युवा तो अब रोजगार की उम्मीद भी छोड़ चुके हैं देश की कार्यशक्ति में महिलाओं की भागीदारी लगातार घटती जा रही है किसानों की आय दुगुनी करने की गारंटी दी थी लेकिन किसानों की आमदनी लगातार कम होती जा रही है और कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और लगातार किसानों की आत्महत्या की खबर आ रही है भाजपा की जुमला नीति से महंगाई की मार लगातार बढ़ती जा रही है ना गैस सिलेंडर के दाम कम हुए ना खाद्य पदार्थो के दाम कम करने को लेकर कोई प्रयास इस बजट में नजर आया परिवारों की बचत खाली होती जा रही है अपना घर चलाने के लिए भी लोगो को जद्दोजहद करना पड़ रहा है।
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मनरेगा के बजट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं, मनरेगा मजदूरी बढ़ाने के बारे में कुछ भी नहीं। रोजगार बढ़ाने के लिए कोई प्रावधान नहीं। युवाओं को रोजगार के नये अवसर कैसे बढ़ेंगे। इस बजट में कुछ भी नहीं बताया है।
Top