बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • लगातार चाकूबाजी के विरोध में मुजगहन थाने का कांग्रेसजनों ने किया घेराव...

    29-Jan-2026
     
    रायपुर। राजधानी में लगातार बढ़ते अपराध अवैध जुआ, सट्टा एवं बढ़ते नशा कारोबार के विरोध में बुधवार को कांग्रेसजनों ने मुजगहन थाने का घेराव किया। सैंकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 
     
    रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण नशे की सामाग्री लोगों को आसानी से मिल रही है, जिसके कारण अपराध में लगातार बढोतरी हो रही है और पुलिस सांठगांठ करके मामले को वहीं दबा देती है, लगातार वारदात होना पुलिस की नाकामी की निशानी है, तथा इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिये।
     
    छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन को निशाने पर लेते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण शाम होते ही असामाजिक तत्व खुलेेआम नशाखोरी करते है और उनके पास चाकू पिस्तौल जैसे हथियार रखना आम बात हो गई है। नशाखोरी के कारण छोटे छोटे विवाद भी चाकू और हथियार के इस्तेमाल तक पहुंच गए है। इन असामाजिक तत्वों पर समय रहते सख्त कार्यवाही न करने से लूट चोरी चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ गई है। उन्होने 26 जनवरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मुजगहन थाने के अंतर्गत दो स्थानों में चाकूबाजी की घटनाएं हुई लेकिन पुलिस ने 24 घंटे तक एफआईआर दर्ज ही नहीं की। पुलिस की ठोस और कड़ी कार्यवाही नही होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए है और वे लगातार अपराध को अंजाम दे रहें है, जिसके कारण आमजनता में भारी आक्रोश है। 
     
    जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पु बंजारे ने कहा कि पुलिस की अक्षमता के कारण रायपुर जिला अब चाकूपुर कहला रहा है। बिना किसी रोकटोक के नशे की अवैध बिक्री से युवाओं में संवेदनशीलता कम हो रही है, तथा उनका सामाजिक और नैतिक संतुलन बिगडता जा रहा है, जिसके कारण अपराध में लगातार बढोतरी हो रही है और पुलिस विफल हो रही है। हथियार और नसे की सामाग्रियां जहां से मिलती है पुलिस वहां सख्त कार्यवाही करे।
     
    कांग्रेसजनों ने मौके पर उपस्थित सीएसपी से मांग की है कि पुलिस नियमित दबिश और गश्त में बढ़ाई कर संदिग्ध लोगो पर सख्त कार्यवाही करे। जिससे असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों में खौफ उत्पन्न हो ल, ताकि रायपुर को अपराध मुक्त बनाया जा सके।
     
    मुजगहन थाना के घेराव में प्रमुख रूप से बीरगांव नगर पालिक निगम के महापौर नंदलाल देवांगन, ब्लाक अध्यक्ष हिरेन्द्र देवांगन, सहदेव व्यवहार, जयंत साहू, महेंन्द्र चंद्राकर आस मोहम्मद, नरेन्द्र साहू, चंपालाल देवांगन, योगेन्द्र सोलंकी, चंद्रहास निर्मलकर, सुरेश धीवर, राजा बंजारे, राजू साहू, तीरथ यादव, धीरज जैन, लखनलाल साहू, प्रवेश पांडे, नम्मू निषाद, नंदलाल धनकर, सतीष साहू, जितेन्द्र यादव, रामेश्वर साहू, लोकेष साहू, अरविंद सिंह, मुकेश साहू, गायत्री साहू, राकेश टंडन, गोपाल बाजपेयी, प्रकाश बंदे, कृणाल सिन्हा, मनीष मानिक, जसमीत सेठी, सौरभ पलीत, परमानंद साहू, सजमन बाघ, गोपाल दीवान, लक्की धीवर आदि प्रमुख रूप से 
  • आंदोलन रसोईया दुलारी यादव और रुक्मणी सिन्हा की मौत के लिए भाजपा सरकार दोषी - दीपक बैज

    29-Jan-2026

    आंदोलन कर्मियों की मांगों को पूरा करें और पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा दे सरकार

    रायपुर। विगत एक महीने से अधिक समय से अनशन पर बैठे मध्यान भोजन रसोईया संघ के दुलारी यादव और रुक्मणी सिन्हा की मौत को सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासन की निर्ममता का परिणाम है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि यह सरकार कर्मचारियों की मांगे सुनने के बजाय बर्बरता पर उतर आई है, ये साधारण मौत नहीं हत्या है, पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा और रसोईया संघ की मांगों को पूरा करे सरकार। 100 दिन के भीतर सभी अनियमित, संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा करके सत्ता में आयी भाजपा की सरकार अहंकारी हो गई है, क्रूरता पूर्वक दमन पर उतर आई है।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के चलते छत्तीसगढ़ में हर वर्ग आंदोलित है। 86 हजार से अधिक मध्यान भोजन रसोईयों में ज्यादातर ग्रामीण महिलाएं हैं जो छोटे-छोटे दुधमुंहे बच्चों को लेकर खुले आसमान के नीचे भरी ठंड में सवा महीने से आंदोलित हैं, तूता धरना स्थल पर जानबूझकर शौचालय, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं बाधित कर दी गई है, आंदोलनकारियों को जिम्मेदार नेता, मंत्री, और विधायक से मिलने से रोका जा रहा है, धक्का-मुक्की और मारपीट की जा रही है, अनशन के दौरान तबियत बिगड़ने पर एंबुलेंस तक की व्यवस्था नहीं किया जा रहा है। यह सरकार आंदोलनकारियों को डराने, धमकाने में लगी है, गोल-मोल जवाब देकर झूठे दावे किए जा रहे हैं।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि सत्ता के अहंकार में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आंदोलनकारियों को अपमानित कर रही है। भाजपा का पद और मोदी की गारंटी दोनों फेल हो चुकी है पिकअप 2 महीने की भीतर मोहला मानपुर के किसान सोमेन साहू आत्महत्या करने मजबूर हुए, महासमुंद जिले के सेंधभाठा के किसान मनबोधगाड़ा को गला रेतने मजबूर होना पड़ा, कोरबा जिला के किसान बैसाखू मरकाम जहर खाने मजबूर हुए, रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक के बघेली के किसान कृष्ण कुमार गबेल ने टोकन नहीं काटने से व्यथित होकर कीटनाशक पी लिया और भाजपा सरकार हकीकत से दूर अन्य कारण बताने बहानेबाजी में जुटी रही। इसी तरह मध्यान भोजन रसोईया संघ के दुलारी यादव और रुक्मणी सिन्हा की मौत पर भी यह सरकार परदेदारी करने साज़िश रच रही है। बहाने बाजी छोड़कर सरकार को संवेदनशीलता दिखाना चाहिए, कर्मचारी संघ से तत्काल चर्चा कर समाधान निकाले और पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ मुआवजा दे सरकार।
  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के दो दिवसीय महाअधिवेशन का भव्य शुभारंभ...

    29-Jan-2026

     मुख्यमंत्री ने सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की

    मुख्यमंत्री श्री साय को कुमारी अंकिता प्रजापति और श्री दुर्गेश चक्रधारी ने भेंट की उनकी पेंटिंग

    रायपुर। छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के दो दिवसीय राज्य स्तरीय महाअधिवेशन का शुभारंभ नवागांव, अभनपुर में भव्य रूप से हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर कुम्भकार समाज की परंपरागत कला, संस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला। श्री साय ने समाज के विकास हेतु सर्व सुविधायुक्त भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
     
    कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय को प्रतीक चिन्ह के रूप में कुम्हार समाज की कला एवं संस्कृति को दर्शाता हुआ चाक गढ़ता कुम्हार भेंट किया गया, जो कुम्भकारी कला की पहचान और श्रम-साधना का प्रतीक है।
     
    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के महाअधिवेशन, युवक-युवती परिचय सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन की शुरुआत महाराष्ट्र के दिवंगत उप राष्ट्रपति स्वर्गीय अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की और ईश्वर से उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने परिचय सम्मेलन में शामिल युवक-युवतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मेलन समाज के बेटा-बेटियों को योग्य जीवन-साथी चुनने का सशक्त मंच प्रदान करता है।
     
    मुख्यमंत्री ने समाजजनों से अपील की कि वे अपने समाज के प्रत्येक बेटा-बेटी को शिक्षा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि एक सफल, संस्कारित और जिम्मेदार मानव जीवन जीने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है और इन 25 वर्षों में प्रदेश ने सड़क, बिजली, पानी, खाद्यान्न, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
     
    उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव को डामर सड़कों से जोड़ा गया है। प्रदेश में महाविद्यालयों की संख्या में वृद्धि हुई है तथा मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की उपलब्धता भी अब व्यापक स्तर पर हो गई है, जिससे युवाओं को अपने ही राज्य में उच्च शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्तमान सरकार ने मात्र दो वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा कर दिया है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ तेज़ी से किया जा रहा है और किसानों को बोनस राशि चार किश्तों में नहीं, बल्कि एकमुश्त उनके खातों में अंतरित की जा रही है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना से माताओं-बहनों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 40 हजार से अधिक रामभक्त अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में सुरक्षाबलों ने साहस और दृढ़ता के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। अब नक्सलवाद अंतिम चरण में है और 31 मार्च 2026 तक देश से इसके पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब विकास की नई यात्रा शुरू हो चुकी है और सुरक्षा कैंपों की स्थापना से क्षेत्र में शांति और विश्वास का माहौल बना है।
    मुख्यमंत्री श्री साय ने नई उद्योग नीति की सराहना करते हुए कहा कि इस नीति को देश-विदेश में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और नया रायपुर में कई उद्योगों की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
     
    महाअधिवेशन के अंतर्गत आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन में समाज के लगभग 300 युवक-युवतियों का पंजीयन किया गया। इसके साथ ही समाज की आंतरिक गतिविधियों से संबंधित बैठकों का आयोजन भी किया गया, जिनमें सामाजिक संगठन, शिक्षा, रोजगार, कला संरक्षण और भविष्य की योजनाओं पर विमर्श हुआ।
     
    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय को समाज के युवा, कुमारी अंकिता प्रजापति एवं श्री दुर्गेश चक्रधारी ने, उनकी पेंटिंग भेंट की।कार्यक्रम में विधायक श्री इंद्रकुमार साहू, छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री नंदकुमार चक्रधारी, उपाध्यक्ष श्री आत्माराम प्रजापति, महामंत्री श्री हेमलाल कौशिक, श्री सूरज कुम्भकार सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
  • मीडिया से रूबरू हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह, कहा - साइबर अपराध पर सख्ती, अवैध धंधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति

    28-Jan-2026

    रायगढ़। पुलिस को नया नेतृत्व मिलने के बाद जिले की पुलिसिंग को लेकर स्पष्ट विजन सामने आया है। नव पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज जिले के पत्रकारों के साथ सौजन्य भेंट एवं परिचयात्मक बैठक कर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।

     
    पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में आयोजित इस बैठक के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संवाद किया। उन्होंने अपने सेवाकाल का परिचय देते हुए बताया कि वर्ष 1997 में डीएसपी चयन के बाद राज्य के विभिन्न जिलों और बटालियन में उन्होंने जिम्मेदारियां निभाई हैं, बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का मुख्य दायित्व अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना है। रायगढ़ पुलिस इसी लक्ष्य के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। एसएसपी ने कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा, ताकि पुलिस जनता की सेवा का भरोसेमंद माध्यम बन सके। उन्होंने साइबर अपराध को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए रायगढ़ जिले को नया साइबर पुलिस थाना मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस यह थाना साइबर फ्रॉड पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
     
    पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अवैध जुआ, सट्टा और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही मीडिया और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने कहा कि पुलिस, समाज और मीडिया के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित और अपराध-मुक्त रायगढ़ का निर्माण संभव है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक सुशांतो बनर्जी सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
  • महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया गहरा शोक...

    28-Jan-2026

     

    रायपुर। महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य लोगों के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताया।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री अजित पवार जी का सम्पूर्ण जीवन कृषक कल्याण, जनसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित रहा। उनका असमय देहावसान न केवल उनके परिजनों और समर्थकों के लिए, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने पवार के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया...

    28-Jan-2026
     
    रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के असमय निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है।
     
    अपने शोक संदेश में श्री देव ने कहा कि यह स्तब्धकारी और पीड़ादायी हादसा है जिससे महाराष्ट्र समेत देश की राजनीति में शून्य आ गया है। इसकी कभी भरपाई नहीं हो सकेगी। श्री देव ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में हमने एक सशक्त, मुखर, अनुभवी और जनसमर्पित नेतृत्व के धनी व्यक्तित्व को खो दिया है। महाराष्ट्र ही नहीं, अपितु राष्ट्रीय राजनीति की दिशा के निर्धारण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। श्री देव ने पवार सहित विमान हादसे में प्राण खोने वाले पाँच अन्य मृतकों को भी अपनी श्रद्धांजलि दी है। श्री देव ने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य व सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
  • विमान हादसे में अजित पवार के निधन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया गहरा शोक...

    28-Jan-2026

    रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता अजित पवार निधन पर शोक जताया है। 

     
    उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता श्री अजित पवार जी के निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद, पीड़ादायक एवं स्तब्ध करने वाला है। उनका असमय जाना न केवल महाराष्ट्र की राजनीति बल्कि पूरे देश के सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
     
    सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि श्री अजित पवार जी एक अनुभवी, कर्मठ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित जननेता थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए महाराष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व सरल, स्पष्ट एवं निर्णयक्षम था, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।
     
    उन्होंने इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों, समर्थकों एवं सहयोगियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
  • महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में असामयिक निधन...

    28-Jan-2026

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।

    मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब अजित पवार (66) का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। अजित राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई।
     
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु पर शोक जताते हुए कहा कि उनका असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पवार को महाराष्ट्र के विकास खासकर सहकारी क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
     
    पीएम मोदी ने जताया शोक
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अजित पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे और एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ तथा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका समर्पण भी उल्लेखनीय था। उनकी असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उनके परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।” प्रधानमंत्री ने मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अजित पवार के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की।
     
    वहीं, एनसीपी-एससीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के बारामती में विमान दुर्घटना में निधन की खबर सुनकर स्तब्ध रह गए और भावुक हो गए।
  • मुख्यमंत्री साय से क्रेडाई और रियल एस्टेट के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात...

    28-Jan-2026

    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में क्रेडाई और रियल एस्टेट के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। 

     
    इस दौरान क्रेडाई प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय को आने वाले माह में विकसित भारत 2047 की थीम पर राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले नेशनल कन्वेशन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सफल आयोजन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
     
    इस अवसर पर क्रेडाई के अध्यक्ष श्री पंकज लाहोटी, श्री संजय रहेजा, श्री अभिषेक बछावत सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
  • रसोईयों की हड़ताल से जुड़ी खबरें भ्रामक और तथ्यहीन...

    28-Jan-2026

    लोक शिक्षण संचालनालय ने कहा तूता धरना स्थल का दो रसाईयों मृत्यु से कोई वास्ता नहीं

    रायपुर। कुछ ऑनलाइन न्यूज चैनलों द्वारा यह भ्रामक खबर प्रसारित की जा रही है कि तूता धरना स्थल पर हड़ताल में बैठे रसोईयों में से दो की तबीयत बिगड़ने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा इस संबंध में तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि यह जानकारी पूर्णतः भ्रामक एवं तथ्यहीन है।
     
    लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार हड़ताल पर बैठे रसोईयों के प्रतिनिधियों की संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय एवं सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग से चर्चा हुई थी। इस दौरान शासन द्वारा रसोईयों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके मानदेय में 25 प्रतिशत की वृद्धि, अर्थात 500 रूपए की वृद्धि किए जाने की कार्यवाही की जानकारी दी गई थी तथा हड़ताल समाप्त कर अपने-अपने निवास स्थान लौटने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद कुछ रसोईयों द्वारा धरना स्थल पर बने रहने का निर्णय लिया गया।
     
    समाचार चैनलों में जिन दो रसोईयों की मृत्यु की खबर प्रसारित की जा रही है, उनमें से एक रसोईया बालोद जिले की निवासी थी, जो 20 एवं 21 जनवरी को धरना स्थल पर उपस्थित रही थी, किंतु बाद में अपने निवास स्थान लौट गई थी। वहां उसकी तबीयत खराब होने पर उसे दल्ली राजहरा स्थित शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान आज उसकी मृत्यु हो गई। दूसरी महिला रसोईया बेमेतरा जिले के बेरला विकासखण्ड की निवासी थी, जो पहले से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उन्हें भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई।
     
    लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दोनों ही मामलों में संबंधित रसोईयों की मृत्यु का धरना स्थल अथवा हड़ताल से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। राज्य शासन सभी रसोईयों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को लेकर सजग है। शासन द्वारा रसोईयों के हित में आवश्यक निर्णय एवं कार्यवाही लगातार की जा रही है।
  • सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मिले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान...

    28-Jan-2026

     

    सांसद बृजमोहन अग्रवाल का कार्यालय बना मॉडल, केंद्रीय मंत्री ने अपनाने के दिए निर्देश
    सांसद बृजमोहन अग्रवाल की कार्यप्रणाली से प्रभावित हुए शिवराज सिंह चौहान
    जनसेवा और सुशासन का उदाहरण है सांसद बृजमोहन अग्रवाल का कार्यालय: शिवराज सिंह चौहान
    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के कार्यालय की सराहना की, बताया “वेल मैनेज्ड और अनुकरणीय”

    रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल के निवास पहुँचे और उनसे सौजन्य भेंट की साथ ही परिवार के सदस्यों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना।
     
    इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के कार्यालय का अवलोकन किया तथा उसकी कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। कार्यालय में अपनाई गई व्यवस्थाओं, अनुशासित कार्यशैली और सुव्यवस्थित संचालन को देखकर उन्होंने विशेष रूप से प्रशंसा की।
     
    केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल का कार्यालय पूरी तरह “वेल मैनेज्ड” है और यह प्रशासनिक दृष्टि से एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने अपने निज सहायक को भी निर्देशित किया कि यहाँ अपनाई गई अच्छी कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेस) को अपने कार्यालय में लागू किया जाए।
     
    माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के कार्यों, जनसेवा के प्रति समर्पण और कुशल संगठन क्षमता की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यशैली जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
     
    इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
    इस अवसर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, मंत्री श्री राम विचार नेताम, मंत्री श्री गजेंद्र यादव , विधायक श्री अजय चंद्राकर, विधायक श्री सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
  • कांग्रेस की मनरेगा बचाओ समन्वय समिति की बैठक संपन्न...

    28-Jan-2026


    30 जनवरी को धान खरीदी की तिथि बढ़ाने को लेकर चक्का जाम।
    31 जनवरी से 7 फरवरी तक सभी जिला कलेक्ट्रेट में मनरेगा को लेकर प्रदर्शन।
     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं मनरेगा बचाओ समन्वयक उमेश पटेल के उपस्थिति में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश स्तर पर गठित समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुआ। बैठक में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला, ब्लाक, मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
     
     
    बैठक के माध्यम से मनरेगा बचाओ आंदोलन को और अधिक प्रभावी, सशक्त एवं जनहितकारी बनाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश तय किये गये, तथा मनरेगा बचाओ संग्राम की आगामी रणनीति, कार्यक्रमों के समन्वय तथा संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही धान खरीदी की अव्यवस्था और किसानों की परेशानी पर आंदोलन का निर्णय लिया गया।
     
     
    बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में धान ख़रीदी को लेकर किसानों को हो रही परेशानी को लेकर तथा धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर 30 जनवरी को प्रदेश, जिला और ब्लॉक में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश कांग्रेस 31 जनवरी से 7 फरवरी तक सभी जिलों के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे।
     
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी रखी है, लेकिन 10 दिन पहले से ही टोकन जारी करना बंद कर दिया है, जिन किसानों को टोकन जारी हुआ है उनका धान भी नहीं खरीदा जा रहा है, हर संग्रहण केंद्र में उठाव नहीं होने से तौलाई की समस्या बनी हुई है, कई किसानों के तो एक बार भी टोकन नहीं कटे हैं, ऐसे में अब धान बेचने के लिए किसानों के पास महज 3 दिन ही बचे हैं और इस सरकार की दुर्भावना के चलते किसानों की समस्या जस की तस बनी हुई है, प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रभावित किसानों के साथ उनकी मांगों के समर्थन में आगामी 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में चक्का जाम करके इस किसान विरोधी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
     
     
    बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं मनरेगा बचओ समन्वयक उमेश पटेल, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिहं गैदू, सदस्यगण जें.पी श्रीवास्तव, बीरेश ठाकुर, संदीप साहू, अमरजीत चावला, दीपक दुबे, भुनेश्वर बघेल, प्रमोद दुबे, विजय केशरवानी, शैलेश नितिन त्रिवेदी, संजीव शुक्ला उपस्थित थे।
  • शहीद राजीव पाण्डेय शासकीय महाविद्यालय के वार्षिक स्नेह सम्मेलन “अनुगूंज” में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल...

    27-Jan-2026

    विद्यार्थी जीवन मजबूत भविष्य की नींव, बिना तनाव के करें परीक्षा की तैयारी: सांसद बृजमोहन अग्रवाल


    रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल मंगलवार को शहीद राजीव पाण्डेय शासकीय महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन “अनुगूंज” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन वास्तव में जीवन का सबसे यादगार और मजबूत नींव रखने वाला समय होता है।
     
    उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला, संस्कृति एवं अन्य एक्स्ट्रा-करिकुलर गतिविधियाँ व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ये गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को विकसित करती हैं।
     
    परीक्षाओं का समय नजदीक होने का उल्लेख करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे बिना किसी तनाव के, आत्मविश्वास के साथ और पूरी लगन से अपनी तैयारी करें। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
     
    उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें समझें, प्रोत्साहित करें और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। बच्चों की सफलता में अभिभावकों का सहयोग, स्नेह और विश्वास सबसे बड़ी शक्ति होता है।
     
    कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, उत्साह और उमंग ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को निखारते हैं, बल्कि जीवन भर साथ रहने वाली यादें भी गढ़ते हैं।
     
    इस अवसर पर डॉ. लोकनाथ वर्मा द्वारा लिखित भारतीय अर्थव्यवस्था तथा मत्स्य पालन, उत्पादन एवं विपणन विषयक दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि ये पुस्तकें शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी।
     
    सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने जल्द ही महाविद्यालय के अपने इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की घोषणा की है उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार हेतु कंप्यूटर लैब के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं विधायक श्री सुनील सोनी ने सौर ऊर्जा हेतु सोलर पैनल लगाने के लिए 10 लाख रुपए तथा समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री कमलेश जैन ने 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
     
    कार्यक्रम में विधायक श्री सुनील सोनी जी, समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री कमलेश जैन जी, प्राचार्या डॉ. रेणु माहेश्वरी जी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
     
    सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने महाविद्यालय परिवार को “अनुगूंज” जैसे सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
  • युवाओं की ऊर्जा ही राष्ट्र की असली ताकत – उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा

    27-Jan-2026

     

    डीके कॉलेज बलौदाबाजार में राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर का हुआ समापन


    रायपुर। दाऊ कल्याण शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार में आयोजित 7 दिवसीय राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का मंगलवार को गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
     
         राज्य स्तरीय इस शिविर में प्रदेश के 9 विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों के कुल 270 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। सात दिनों तक चले शिविर के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
     
          मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा होती है और यदि इस ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाए तो राष्ट्र को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस जैसे शिविर युवाओं को अनुशासन, संयम और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं, जो जीवन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
     
          उन्होंने संगत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छी संगत व्यक्ति के व्यक्तित्व को सकारात्मक रूप से गढ़ती है, इसलिए युवाओं को सदैव अच्छे विचारों और मूल्यों से जुड़ना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का स्मरण कराते हुए उन्होंने युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई पहल कर रही है, ताकि प्रदेश के युवाओं को यहीं उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा एवं संस्थान उपलब्ध हो सकें।
     
         समापन समारोह में पूर्व विधायक श्री प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष श्री विजय केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र महले सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
     कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए।
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की सौजन्य मुलाकात...

    27-Jan-2026

     

    रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री शिवराज सिंह चौहान का बस्तर आर्ट प्रतीक चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान से छत्तीसगढ़ के किसानों के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
  • गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार है प्रतिबद्ध - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    27-Jan-2026

    मुख्यमंत्री ने गौमाता पर बनी पहली फिल्म-'गोदान' का किया ट्रेलर लॉन्च

    मुख्यमंत्री ने की फिल्म-'गोदान' को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गौमाता पर बनी पहली फिल्म-'गोदान' का ट्रेलर लॉन्च किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। गौमाता ना सिर्फ आध्यात्मिक रूप से पूजनीय हैं बल्कि गाय का आर्थिक और वैज्ञानिक दृष्टि से भी बहुत महत्व है। मुख्यमंत्री श्री साय ने फिल्म-'गोदान' को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किए जाने की घोषणा की। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने फिल्म-'गोदान' के ट्रेलर लॉन्च के अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में गौ संवर्धन के लिए बहुत कार्य हो रहा है। गौशाला में गायों के चारा के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को 20 रुपए से बढ़ाकर 35 रुपए किया गया है साथ ही गौशाला को अब 25 लाख रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गोधाम भी बनाए जा रहे हैं जहां घुमंतू गौवंश की उचित देखभाल की जा रही है। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी- देवताओं का वास रहता है। हर अनुष्ठान से पहले पंचगव्य का उपयोग किया जाता है। ये बहुत खुशी की बात है कि गौमाता पर केंद्रित पहली फिल्म-'गोदान' का आज ट्रेलर लॉन्च किया जा रहा है। इस फिल्म के माध्यम से सभी को गौमाता के महत्व को और बेहतर तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। मैं इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं। 
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमें गौमाता के महत्व के प्रति जन-जन को जागरूक करना है। गाय के गोबर से बनी जैविक खाद ही ऑर्गेनिक खेती का आधार है। दो घंटे 9 मिनट की इस फिल्म के माध्यम से गौ संवर्धन का संदेश दर्शकों तक पहुंचेगा। फिल्म का माध्यम एक बहुत सशक्त माध्यम है जिसके द्वारा एक बड़े दर्शक वर्ग तक सकारात्मक संदेश को पहुंचाया जा सकता है।
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने फिल्म के पोस्टर तथा गीत ' गौमाता के प्राणों को बचा लो देशवासियों' का भी लॉन्च किया। उन्होंने पंचगव्य उत्पाद के गिफ्ट पैक का भी विमोचन किया। गौमाता की महत्ता को अभिव्यक्त करने वाली कामधेनु फिल्म प्रोडक्शंस की फिल्म गोदान 6 फरवरी को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 
     
    इस अवसर पर अजीत महापात्र, शांतनु शुक्ला, फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक विनोद चौधरी, डॉ आईपी सिंह, सुबोध राठी सहित अन्य गणमान्यजन और मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
  • धान खरीदी व्यवस्था ने बदली महिला किसान चौती बाई की ज़िंदगी...

    27-Jan-2026
     
    रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी के साथ ही छत्तीसगढ़ के गांवों में सिर्फ धान नहीं, बल्कि भरोसे, संतोष और आत्मविश्वास की नई फसल भी लहलहा उठी है। शासन की किसान-हितैषी नीतियों का जीवंत प्रमाण हैं धमतरी जिले के ग्राम संबलपुर की महिला किसान श्रीमती चौती बाई साहू, जिनकी कहानी संवेदनशील शासन और सुशासन की सशक्त मिसाल बनकर सामने आई है।
     
          अब तक परिवार में धान विक्रय की जिम्मेदारी चौती बाई के पति निभाते रहे थे, लेकिन इस वर्ष स्वास्थ्य कारणों से यह दायित्व उन्होंने स्वयं संभाला। यह उनके लिए केवल धान बेचने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की एक नई यात्रा थी। पूर्व निर्धारित तिथि पर कटे टोकन के अनुसार वे 57 क्विंटल धान लेकर खरीदी केंद्र पहुँचीं। पहली बार इतनी बड़ी जिम्मेदारी निभाने के बावजूद चौती बाई के चेहरे पर किसी तरह की घबराहट नहीं, बल्कि संतोष और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र की सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-मैत्री व्यवस्था ने पूरे अनुभव को आसान और सम्मानजनक बना दिया। केंद्र में बारदाना, हमाल, डिजिटल तौल मशीन, प्रशिक्षित ऑपरेटर, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध थीं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
     
         धान विक्रय से प्राप्त राशि से चौती बाई अपने पति का बेहतर इलाज कराने की योजना बना रही हैं। उनकी आवाज़ में सरकार के प्रति आभार स्पष्ट महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का निर्णय किसानों के लिए संबल साबित हुआ है। इससे खेती न केवल लाभकारी बनी है, बल्कि ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सुरक्षा भी मिली है।
     
    चौती बाई मानती हैं कि बढ़े हुए समर्थन मूल्य से उनके परिवार के जीवन में स्थिरता आई है। घर के खर्च, इलाज और भविष्य की जरूरतों को लेकर अब पहले जैसी चिंता नहीं रही। उन्होंने धान खरीदी केंद्र के कर्मचारियों, हमालों और प्रशासनिक अमले की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने सहयोग, संवेदनशीलता और सम्मान के साथ कार्य किया।
     
         चौती बाई की कहानी केवल एक महिला किसान की सफलता नहीं, बल्कि यह प्रमाण है कि जब शासन की नीतियाँ ईमानदारी और प्रभावी क्रियान्वयन के साथ जमीन पर उतरती हैं, तो उनका लाभ सीधे अंतिम पंक्ति में खड़े किसान तक पहुँचता है। आज संबलपुर की चौती बाई सिर्फ धान बेचने वाली किसान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की किसान-केंद्रित नीतियों की सशक्त पहचान बन चुकी हैं। जिनकी मुस्कान में व्यवस्था पर भरोसा और बेहतर भविष्य की उम्मीद साफ दिखाई देती है।
  • 77 वे गणतंत्र दिवस पर पूर्व विधायक जुनेजा गंगा कुष्ठ बस्ती,पंडरी स्कुल सहित क्षेत्रों में फहराया झंडा...

    27-Jan-2026
     
    रायपुर। भारत के 77“वे गणतंत्र दिवस पर पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के देवेंद्र नगर, पंडरी स्थित इकरा स्कुल, मोवा गंगा कुष्ठ मोहल्ला, सहित अन्य स्थानों में झंडा फहराया। इस अवसर पर राजीव भवन के ध्वजारोहण कार्यक्रम में भी शामिल हुये। प्रमुख रूप से देवेंद्र नगर ओवर ब्रिज पर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन एवं पूर्व अध्यक्ष गिरीश दुबे के मौजूदगी में झंडा फहराया। ध्वजा वंदन कार्यक्रम में श्री जुनेजा ने प्रदेश वासियो को गणतंत्र दिवस की बधाई व शुभकामनायें दी। कार्यक्रम में उनके साथ पूर्व एल्डरमैन सुनील भुवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष कमल धृतलहरे, वार्ड अध्यक्ष गौतम यादव, माधव छूरा सागर तांडी, जगन्नाथ यादव, विजय सिक्का सहित क्षेत्र के अन्य कार्यकर्त्तागण मौजूद रहें।
  • साइबर ठगी पर कार्यवाही जारी, 3 अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार...

    27-Jan-2026

    ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम से धोखाधड़ी करने वाले कुल 3 अंतर्राज्यीय आरोपी महाराष्ट्र 2, राजस्थान से 1 गिरफ्तार

    गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध देश के विभिन्न 14 थाना/साइबर सेल में रिपोर्ट दर्ज है

    रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा द्वारा रेंज साइबर थाना रायपुर को साइबर अपराधों मे शामिल मुख्य आरोपियों के विरुद्ध तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर गिरफ्तारी करने हेतु निर्देश दिया गया है।
    प्रार्थी पारस कुमार धीवर द्वारा ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के माध्यम से मुनाफा कमाने के नाम पर 24 लाख रुपये की साइबर ठगी होने की सूचना थाना राखी में दी गई थी। उक्त रिपोर्ट पर थाना राखी में अपराध क्रमांक 224/24, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
     
    विवेचना के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों एवं टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। विश्लेषण से प्राप्त तथ्यों के आधार पर प्रकरण में संलिप्त मुख्य आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी हो पुलिस की अलग अलग टिम बनाकर महाराष्ट्र, राजस्थान भेजी गई थी जहां रेड कार्यवाही कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
     
    गिरफ्तार आरोपी...
    1 उत्पल पंचारिया पिता महेश पंचारिया उम्र 21 वर्ष पता मेघवाल बस्ती, पौटा सी रोड आकाश वाणी के पीछे जोधपुर राजस्थान।
    2 रोहित बबन कौलगे पिता बबन दागदू कौलगे उम्र 31 वर्ष पता हरिपुर, दत्त पार्क हरिपुर सांगली महाराष्ट्र।
    3 सुमित श्रीनिवास राठी पिता श्रीनिवास राठी उम्र 41 वर्ष पता आनंदी अपार्टमेंट,चेतना पेट्रोल पंप, जवल, सांगली, महाराष्ट्र।
  • केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे रायपुर...

    27-Jan-2026

     

    रायपुर। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुँचने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी एवं सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग उपस्थित रहे।

Top