बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर शाहिद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा नेत्र प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन

    09-Oct-2025

    रायपुर - विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर, शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय बीरगांव, रायपुर छ.ग. में छात्रों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में, रेड क्रॉस यूथ सोसायटी और एन.एस.एस. के संयुक्त तत्वावधान में 8 अक्टूबर, 2025 को एक दिवसीय नेत्र प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दृष्टि के महत्व पर जागरूकता बढ़ाना, छात्रों की नेत्र समस्याओं का प्रारंभिक चरण में पता लगाना तथा उन्हें उचित परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस महत्वपूर्ण आयोजन में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर के रेटिना विशेषज्ञ और अन्य प्रतिष्ठित नेत्र विशेषज्ञों का दल उपस्थित रहा। नेत्र जांच शिविर से पहले, विशेषज्ञ दल द्वारा एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने छात्रों को स्वस्थ जीवन शैली और डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले जोखिमों के बारे में विस्तार से समझाया, जिससे नेत्र स्वास्थ्य को लेकर छात्रों में महत्वपूर्ण जागरूकता का संचार हुआ। शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों को नेत्र स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।डॉ. विनीत शाह,एमएस, आप्थाल्मालॉजी,रेटीना स्पेशलिस्ट,असिस्टेंट प्रोफेसर ने संबंधित सामान्य बीमारियों, उनके कारणों और विशेष रूप से चश्मे की आवश्यकता पर एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। डॉ. ललित कुमार पाटकर,नेत्र सहायक अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बीरगांव ने छात्रों को संबोधित करते हुए आँख से संबंधित विभिन्न समस्याओं से सचेत रहने की बात कही। उन्होंने नेत्र की बीमारियों, उनके लक्षणों और निदान के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. संजय शर्मा आप्थाल्मिक असिस्टेंट,रेटीना स्पेशलिस्ट्स ने छत्तीसगढ़ी भाषा में छात्रों के साथ जीवंत संवाद स्थापित किया। उन्होंने नेत्र से संबंधित सभी छोटी व बड़ी समस्याओं के लक्षण और उनसे बचने के उपाय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एक प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित की और सही जवाब देने वाले छात्रों को इनाम स्वरूप पेन प्रदान किए, जिससे कार्यक्रम की रोचकता बनी रही। विशेषज्ञों के व्याख्यान के पश्चात् महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा ने अपना प्रेरक वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि "स्वस्थ तन में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है," और इसलिए स्वास्थ्य, विशेषकर नेत्रों की देखभाल सर्वोपरि है। उन्होंने बीमारी, उसके लक्षण, दिक्कतों और रोकथाम के लिए जागरूक रहने पर बल दिया और सभी से नेत्र शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। नेत्र यंत्र का विमोचन किया गया। जिसे छात्रों में वितरित किया गया। व्याख्यान की समाप्ति के तुरंत बाद नेत्र जांच शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में महाविद्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं की नेत्र जांच की गई। नेत्र विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक व्यक्ति का नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान छात्रों में पाई जाने वाली आम तकलीफें जैसे कि दृष्टि दोष (पावर से संबंधित समस्याएं), कलर ब्लाइंडनेस (रंगों को न पहचान पाने की समस्या), तथा मोतियाबिंद (Cataract) जैसी समस्याओं का पता लगाया गया। जांच के उपरांत, जिन छात्रों को किसी भी प्रकार की नेत्र संबंधी परेशानी या तकलीफ थी, उन्हें व्यक्तिगत परामर्श दिया गया। पावर से संबंधित समस्या वाले छात्रों को आवश्यक चश्मे के नंबर और उसके उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। गंभीर मामलों वाले कुछ बच्चों को मेडिकल कॉलेज में आगे के उपचार के लिए रेफर (संदर्भित) किया गया, जिससे उन्हें समय पर उचित इलाज मिल सके। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रोसमीना कुजूर द्वारा किया। विशेषज्ञ दल के सहयोग से, महाविद्यालय के सदस्यों और छात्रों को न केवल उनकी आँखों की स्थिति के बारे में जानकारी मिली, बल्कि उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी सफल रहा। इस आयोजन ने सभी को अपनी दृष्टि के प्रति अधिक सजग और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। विशेषज्ञ दल में डॉ. विनीत शाह,डॉ. संजय शर्मा, डॉ. मनोरंजन चारा,डॉ. वैष्णवी हटवार,डॉ. ललित कुमार पाटकर,डॉ. कालीचरण गोरे,सहायक गणों में श्रीमती गरिमा साहू, श्री हेमंत देवांगन, गोस्वामी सर, महाविद्यालय परिवार से प्राचार्य डॉ प्रीति शर्मा, रेड क्रॉस प्रभारी डॉ.युगबोध पटले, एनएसएस अधिकारी डॉ कविता कोसरिया, समस्त प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दी।

  • बच्चों ने चलाया ट्रैफिक जागरूकता अभियान, वाहन चालकों को दी नियम पालन की सीख

    08-Oct-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार और रायपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा अक्टूबर माह में चलाए जा रहे रोड सेफ्टी अभियान को एक नई दिशा मिली, जब टाइनी टॉट्स प्ले स्कूल देवेंद्र नगर और सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाई। नन्हे बच्चों ने सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

     
    इस अनोखी पहल में बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, रेड लाइट पर वाहन बंद करने और सावधानी से ड्राइव करने की अपील की। गुजराती स्कूल के पास करीब 50 से अधिक वाहन चालकों को बच्चों ने अपने नन्हे हाथों से गुलाब भेंट किया और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का निवेदन किया।
     
    कार्यक्रम में सुधा फाउंडेशन के चेयरमैन जी.के. भटनागर ने बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर टाइनी टॉट्स स्कूल के निदेशक सतपाल भटनागर सहित स्टाफ सदस्य सुमी राजपूत, जस्सू, राधा और पूनम उपस्थित रहे।
     
    कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्लोगन और प्लेकार्ड्स के माध्यम से ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता फैलाई। उनके कुछ प्रेरक नारे थे —
    “धीरे चलाओ, जिंदगी बचाओ”
    “सावधानी से चलाओ, सुरक्षित रहो”
    “जान है तो जहान है”
    “रफ्तार काबू में हो, जिंदगी आपके साथ हो”
     
    जी.के. भटनागर ने कहा, “बच्चों की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। इससे न सिर्फ ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।”
     
    इस पहल की वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की और बच्चों से वादा किया कि वे अब सड़क पर नियमों का पालन अवश्य करेंगे। 
  • रामलला दर्शन के लिए रवाना हुए श्रद्धालु, सांसद बृजमोहन ने दिखाई झंडी

    08-Oct-2025

    रायपुर। 'राम काज कीने बिनु, मोहि कहाँ विश्राम...' के नारे के साथ सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में रायपुर रेलवे स्टेशन से रामलला दर्शन यात्रा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।

     
    इस अवसर पर स्टेशन परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और "जय श्रीराम” के उद्घोष से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। सांसद अग्रवाल ने प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हुए सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
     
    उन्होंने कहा कि, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का स्मरण ही हमें धर्म, त्याग और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। अयोध्या धाम की यह यात्रा न केवल श्रद्धा की अभिव्यक्ति है, बल्कि हमारे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जीवन का उत्सव भी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या धाम का पुनरुत्थान भारत की आत्मा को पुनः जागृत करने वाला ऐतिहासिक कार्य है। आज हर हृदय में राम बसते हैं और हर दिशा में राम राज्य की भावना साकार हो रही है।
     
    उन्होंने सभी यात्रियों के लिए मंगलकामना करते हुए कहा कि “प्रभु श्रीराम की कृपा से यह यात्रा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में शांति, सुख और अध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करे।
     
    इस अवसर पर छ.ग. पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू समेत अनेक राम भक्त उपस्थित रहे।
  • उच्च न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों का तबादला

    08-Oct-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में उच्च न्यायिक सेवा से जुड़े पदाधिकारियों का तबादला और नियुक्तियां की गई है। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। 

     
    आदेशानुसार उच्च न्यायिक सेवा के सदस्य और वर्तमान में विधि एवं विधायी कार्य विभाग के प्रमुख सचिव रजनीश श्रीवास्तव को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से उच्च न्यायालय के स्थापना में महापंजीयक के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
     
    इसी तरह उच्च न्यायिक सेवा के सदस्य और वर्तमान में उच्च न्यायालय की स्थापना में महापंजीयक के पद पर पदस्थ, मनीष कुमार ठाकुर को अब कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से उच्च न्यायालय की स्थापना में महापंजीयक (सतर्कता) के पद पर नियुक्त किया है।
     
    आदेश के अनुसार उच्च न्यायिक सेवा के सदस्य और वर्तमान में उच्च न्यायालय स्थापना में रजिस्ट्रार (सतर्कता एवं सूचना एवं अधिकार) के पद पर कार्यरत मंसूर अहमद को उच्च न्यायालय स्थापना में रजिस्ट्रार (सूचना एवं अधिकार) के पद पर नियुक्त किया गया हैं।
  • पीएम मोदी का 31 को रायपुर दौरा: राज्योत्सव-2025 का करेंगे शुभारंभ

    08-Oct-2025

    रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को देर शाम इंडियन एयरफोर्स के विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे। उनका छत्तीसगढ़ दौरा इस बार बेहद खास रहेगा, क्योंकि वे राज्य स्थापना की रजत जयंती (25वीं वर्षगांठ) के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव-2025 के मुख्य अतिथि होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवनिर्मित भवन, ट्राइबल म्यूजियम और ब्रह्मकुमारी आश्रम का लोकार्पण करेंगे।

     
    पीएम मोदी के पांच प्रमुख कार्यक्रम
    प्रधानमंत्री का पूरा कार्यक्रम नवा रायपुर में निर्धारित किया गया है, जिससे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में प्रशासन को अधिक परेशानी नहीं होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर की शाम रायपुर आगमन के बाद पीएम सत्य साईं हॉस्पिटल का दौरा करेंगे। इसके बाद वे राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे।
     
    1 नवंबर की सुबह, प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे ट्राइबल म्यूजियम और ब्रह्मकुमारी आश्रम का उद्घाटन करेंगे। शाम को वे राज्योत्सव के मुख्य समारोह में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री लगभग 90 मिनट तक राज्योत्सव कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे, जिसके बाद वे रात आठ बजे के करीब नई दिल्ली या बिहार के लिए रवाना होंगे।
     
    सुरक्षा में तैनात होगी एसपीजी टीम
    प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए एसपीजी की टीम जल्द ही रायपुर पहुंचेगी, जो पांचों कार्यक्रम स्थलों का मुआयना और सुरक्षा मूल्यांकन करेगी। प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों को एक ही क्षेत्र में सीमित रखकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सहज बनाने की रणनीति अपनाई है।
     
    बदलाव की संभावना
    सूत्रों के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के कारण प्रधानमंत्री के रायपुर प्रवास में कुछ फेरबदल की संभावना बनी हुई है। वे रायपुर से सीधे बिहार भी रवाना हो सकते हैं। हालांकि फिलहाल, प्रधानमंत्री का राज्योत्सव और लोकार्पण कार्यक्रम तय है।
  • बालोद पहुंचे सीएम साय

    08-Oct-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की पुण्यभूमि माता कौशल्या की जन्मस्थली होने के साथ-साथ प्रभु श्रीराम का ननिहाल भी है। यह सभी के लिए परम सौभाग्य और गर्व का विषय है। प्रभु श्रीराम ने अपने चौदह वर्षों के वनवास काल का अधिकांश समय इसी पावन छत्तीसगढ़ की धरती पर व्यतीत किया। जिससे यह भूमि भक्ति, त्याग और मर्यादा की दिव्यता से आलोकित हुई।

     
    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बड़े जुंगेरा स्थित माँ कौशल्या धाम, जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संत रामकृष्णदास महात्यागी और संत श्री रामजानकीदास महात्यागी के समाधि स्थल पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोनों संत महापुरुषों के राष्ट्र, समाज और अध्यात्म के प्रति योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग, तप और सेवा से छत्तीसगढ़ की यह भूमि आज भी आलोकित है। 
  • गारावंडी आंगनबाड़ी के बच्चों का वीडियो वायरल, शिक्षा के प्रति उत्साह ने जीता दिल

    08-Oct-2025

    फरसगांव। छत्तीसगढ़ के फरसगांव विकासखंड के ग्राम गारावंडी के आंगनबाड़ी केंद्र का एक प्रेरणादायक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नन्हे बच्चे शिक्षा के प्रति जबरदस्त उत्साह और आत्मविश्वास का परिचय देते नजर आ रहे हैं।

     
    वीडियो में बच्चे न सिर्फ अपने माता-पिता के नाम बता रहे हैं, बल्कि अपने गांव, जिला, विधायक, मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति तक के नाम स्पष्ट और आत्मविश्वास से बोल रहे हैं। उनकी तेज़ और सटीक जवाबदेही देखकर हर कोई दंग रह गया है।
     
    लोग सोशल मीडिया पर इन बच्चों और उनके शिक्षकों की मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूज़र्स ने लिखा कि ग्रामीण क्षेत्रों से इस तरह की सकारात्मक झलक प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक प्रेरक उदाहरण है।
     
    बताया जा रहा है कि यह वीडियो केशकाल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गारावंडी आंगनबाड़ी केंद्र का है, जहां शिक्षक बच्चों को खेल-खेल में ज्ञान दे रहे हैं। इस पहल से न सिर्फ बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ रहा है, बल्कि ग्रामीण शिक्षा स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
  • रायपुर प्रेस क्लब में नई सदस्यता पर रोक, 60 दिन में चुनाव कराने के निर्देश

    08-Oct-2025

    रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में नई सदस्यता को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद पर अब पंजीयक फर्म्स एवं सोसायटी ने हस्तक्षेप करते हुए विराम लगा दिया है। पंजीयक ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि जब तक क्लब की नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न नहीं हो जाता, तब तक कोई भी नया सदस्य नहीं जोड़ा जाएगा। साथ ही, सदस्यता शुल्क में की गई मनमानी बढ़ोतरी को भी अवैध घोषित किया गया है।

     
    वरिष्ठ पत्रकारों की आपत्ति के बाद आया आदेश
    दरअसल, 16 सितंबर को पंजीयक द्वारा रोक लगाने के बावजूद 25 सितंबर से प्रेस क्लब प्रबंधन ने नई सदस्यता प्रक्रिया फिर शुरू कर दी थी। इसमें लगभग 253 नए सदस्यों को जोड़े जाने की तैयारी थी और पुराने सदस्यों के शुल्क ₹500 से बढ़ाकर ₹1000 तक कर दिए गए थे। इस निर्णय का कई वरिष्ठ पत्रकारों ने विरोध किया और पंजीयक को शिकायत भेजी।
     
    पूर्व महासचिव संदीप पुराणिक, मोहन तिवारी, सनत तिवारी, शिव वर्मा, दामु अंबाडरे, विजय वर्मा, टीकम वर्मा और प्रदीप चंद्रवंशी ने पुराने आदेशों की अवहेलना पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
     
    केवल 17 फरवरी 2024 तक के वैध सदस्य ही देंगे वोट
    पंजीयक ने अब स्पष्ट कर दिया है कि आगामी चुनाव प्रक्रिया में केवल वही सदस्य भाग ले सकेंगे जो 17 फरवरी 2024 तक वैध रूप से पंजीकृत थे। जिन 125 सदस्यों के नाम पूर्व में हटाए गए थे, उन्हें भी राहत दी गई है — अब वे फिर से वैध सदस्य माने जाएंगे और मतदान में भाग ले सकेंगे।
     
    60 दिनों में चुनाव कराने के निर्देश
    पंजीयक ने प्रेस क्लब को सख्त निर्देश जारी करते हुए 60 दिनों के भीतर नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न कराने को कहा है। नई सदस्यता जोड़ने या शुल्क संशोधन से संबंधित कोई भी निर्णय अब केवल निर्वाचित कार्यकारिणी ही ले सकेगी।
     
    चुनावी हलचल हुई तेज
    पंजीयक के आदेश के बाद रायपुर प्रेस क्लब में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चूंकि अब मतदान 2024 की पुरानी सूची से होना तय है, ऐसे में संभावित प्रत्याशी और पैनल फिर से अपनी रणनीतियां तय करने में जुट गए हैं।
     
    वरिष्ठ पत्रकारों ने पंजीयक के इस कदम को “निष्पक्षता और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा निर्णय” बताया है।
  • बिजली विभाग की लापरवाही से दो मवेशियों की मौत

    08-Oct-2025

    बिलाईगढ़। जिले के रायकोना गांव में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांव में ट्रांसफार्मर से जुड़े खुले तारों में करंट फैल जाने से दो मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत बिजली विभाग से की, लेकिन विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

     
    ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास खुले तार लटक रहे हैं, जिनमें लगातार करंट दौड़ता रहता है। यह स्थिति ग्रामवासियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं करता, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
     
    इसके साथ ही ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव का एक और ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे उन्हें बिजली की भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतें करने के बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है।
     
    ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से मवेशियों की जान गई है, और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग तत्काल खुले तारों को दुरुस्त करे और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
  • 2 महिला समेत 3 इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

    06-Oct-2025

     गरियाबंद । नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दो महिला सहित तीन नक्सलियों ने गरियाबंद पुलिस के सामने हथियार सहित आत्मसमर्पण किया है। तीनों नक्सलियों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित था और लंबे समय से सक्रिय थे। तीनों ने सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है।

     
    आत्मसमर्पण करने वालों में नागेश, जैनी और मनीला शामिल है। तीनों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। तीनों पिछले 7-8 साल से गरियाबंद, धमतरी और नुआपड़ा डिवीजन में सक्रिय थे। साथ ही बड़े नक्सली नेताओं के सहयोगी के रूप में काम किया करते थे और कई बड़ी वारदातों में भी शामिल थे।
     
     
     
    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली नागेश, जैनी और मनीला ने सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत इलाके में सक्रीय नक्सलियों की संख्या घटकर 30 रह गई है। वहीं इस मामले में गरियाबंद पुलिस अधिक्षक का कहना है कि यह नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धी है। इससे क्षेत्र में शांती स्थापना को नई दिशा मिलेगी।
     
    एक साथ 103 नक्सलियों ने किया था आत्मसमर्पण
    बता दें कि छत्तीसगढ़ में सरेंडर करने वाले नक्सलियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पहले बीजापुर में 2 अक्टूबर को 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। सरेंडर करने वाले 5 नक्सलियों पर 8-8 लाख का इनाम घोषित था। इसके अलावा सभी नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।
  • नवंबर माह में शुरू होगी धान खरीदी, कृषि मंत्री ने दी जानकारी...

    06-Oct-2025

     रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। राज्य सरकार ने इस साल की धान खरीदी की पूरी तैयारी पूरी कर ली है। कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने जानकारी दी कि नवंबर माह से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की जाएगी। सरकार अपने वादे के अनुरूप 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किसानों से धान खरीदेगी।

     
    मंत्री नेताम ने बताया कि इस बार राज्य में 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी की संभावना है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार ने व्यापक स्तर पर व्यवस्था की है।
     
     
     
    टोकन व्यवस्था होगी ऑनलाइन, “तुहर एप” से जारी होंगे टोकन
     
     
    धान खरीदी में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इस बार किसानों को ऑनलाइन टोकन दिए जाएंगे। टोकन “तुहर एप” के माध्यम से जारी किए जाएंगे, जिससे किसान तय तारीख पर आसानी से अपना धान बेच सकेंगे।
     
    राज्य सरकार की मंत्रिमंडलीय उप समिति ने बीते वर्ष सामने आई समस्याओं — जैसे बारदाना की कमी, टोकन वितरण में देरी और खरीदी केंद्रों की भीड़ — को ध्यान में रखते हुए इस बार नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
     
    छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता
    धान बेचने के लिए इस बार पहला अवसर छोटे और सीमांत किसानों को दिया जाएगा। इनमें वे किसान शामिल होंगे जिनके पास 2 से 10 एकड़ तक कृषि भूमि है। सरकार का उद्देश्य है कि सीमित संसाधनों वाले किसानों को पहले सुविधा मिले और उनकी उपज समय पर बिक सके।
     
    खरीदी केंद्रों पर सख्त मॉनिटरिंग
    सूत्रों के अनुसार, खरीदी केंद्रों पर इस बार रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। इससे खरीदी की प्रगति और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुँच सकेगी।
     
    कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों से किए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार की खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए सबसे सुगम और पारदर्शी होगी।
  • जवानों ने बरामद कर नष्ट किया 5 किलो का प्रेशर कुकर बम

    06-Oct-2025

     दंतेवाड़ा। जिले में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है। जवानों ने सातधार-मालेवाही मार्ग पर प्लांट किया गया 5 किलो का प्रेशर कुकर बम बरामद कर मौके पर ही विस्फोट कर नष्ट कर दिया।

     
    जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने इस मार्ग पर जवानों को निशाना बनाने के इरादे से IED बम लगाया था। CRPF की 195वीं बटालियन, बारसूर और मालेवाही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान इस बम को बरामद किया। बम डिस्पोजल स्क्वाड ने इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
     
    बताया जा रहा है कि प्रेशर कुकर में करीब 5 किलो विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी। सौभाग्य से समय रहते इसे निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
     
    गौरतलब है कि इसी इलाके में सितंबर महीने में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में दो CRPF जवान घायल हुए थे। 11 सितंबर को हुए ब्लास्ट के बाद से सुरक्षा बल लगातार इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान मिली खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने यह कार्रवाई की।
     
    सुरक्षा बलों ने आशंका जताई है कि नक्सली त्यौहारी सीजन में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की साजिश रच सकते हैं। इसलिए इलाके में सर्च ऑपरेशन और भी तेज कर दिया गया है।
  • NGO घोटाला: CBI का समाज कल्याण विभाग के दफ़्तर पर छापा

    06-Oct-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित IAS-NGO घोटाले की जांच में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने सोमवार को राजधानी रायपुर में माना स्थित समाज कल्याण विभाग के दफ़्तर पर छापा मारा। भोपाल से पहुंची चार सदस्यीय टीम ने विभाग से घोटाले से जुड़ी कई अहम फाइलें और दस्तावेज़ ज़ब्त किए।

     
    दो घंटे तक चली छापेमारी, उप संचालक से पूछताछ
    सूत्रों के मुताबिक, CBI की टीम सुबह करीब 10 बजे विभाग के दफ़्तर पहुंची और लगभग दो घंटे तक तलाशी और दस्तावेज़ों की जांच की।
    इस दौरान विभाग की संचालक अनुपस्थित रहीं, लेकिन CBI अधिकारियों ने उप संचालक से विस्तृत बातचीत कर फंड आवंटन और NGO से जुड़े मामलों की जानकारी ली।
  • मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की

    06-Oct-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू को अवगत कराया कि वर्ष 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने रजत जयंती वर्ष के विशेष अवसर पर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी।

     
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू को छत्तीसगढ़ आगमन हेतु सादर आमंत्रित किया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह उपस्थित थे।
  • कस्तूरबा विद्यालय रजपुरीकला पहुंचे राज्यपाल रमेन डेका

    06-Oct-2025

    रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका सरगुजा जिला प्रवास के दौरान सोमवार को विकासखण्ड लखनपुर के रजपुरीकला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां बालिकाओं से मिलकर कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है। राज्यपाल श्री डेका ने इस दौरान विद्यालय को 5 कम्प्यूटर सिस्टम प्रदान करने की घोषणा की।जब राज्यपाल श्री डेका ने बच्चों से पूछा कि भविष्य में क्या बनना चाहती हैं, तो बच्चों ने अपनी-अपनी इच्छा जाहिर की। राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि आप जो सपना देख रहें हैं, उसे साकार करने के लिए कडी मेहनत करनी होगी। अपना लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी के साथ आगे बढ़े, मन लगाकर पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी। श्री डेका ने शिक्षकों सेे कहा कि शिक्षक बच्चों को राह दिखाते हैं, इसलिए शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को समझें, बच्चों के प्रति अच्छा व्यवहार रखें। उन्होंने बच्चों को शिक्षक के साथ अच्छा व्यवहार करने, उनका आदर करने कहा। उन्होंने कहा कि हमें गिरने पर खड़े होने की ताकत शिक्षक से ही मिलेगी। इसी प्रकार उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने माता-पिता का सम्मान करें, आवश्यकतानुसार ही मोबाइल का उपयोग करें। 

  • दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को खांसी की सिरप देना अब प्रतिबंधित

    06-Oct-2025

    रायपुर। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक अहम एडवाइजरी जारी करते हुए स्पष्ट कहा है कि दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार की खांसी या सर्दी-जुकाम की सिरप नहीं दी जानी चाहिए। यह निर्णय छोटे बच्चों में इन दवाओं से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों को रोकने और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

     
    एडवाइजरी में यह भी उल्लेख किया गया है कि पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को भी ये दवाएं सामान्यतः अनुशंसित नहीं हैं और इनका उपयोग सिर्फ चिकित्सकीय परामर्श पर ही किया जाए।
     
    छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई
    केंद्र की गाइडलाइन जारी होते ही छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) और सिविल सर्जनों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
     
    सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को आदेश दिया गया है कि वे केंद्र सरकार की इस एडवाइजरी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
     
    आयुक्त, स्वास्थ्य सेवाएं ने इस संबंध में एक उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी बच्चे को खांसी या सर्दी की दवा बिना डॉक्टर की सलाह के न दी जाए।
     
    डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न दें: विशेषज्ञ
    विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकांश मामलों में बच्चों में खांसी-जुकाम जैसी सामान्य बीमारियाँ अपने आप ठीक हो जाती हैं और इसके लिए सिरप या एंटीबायोटिक दवाओं की जरूरत नहीं पड़ती।
     
  • सीएसआर फंड से जशपुर को 61 करोड़ रूपए मिला पहली बार

    06-Oct-2025

    रायपुर।पहली बार सीएसआर फंड से 61 करोड़ की राशि विकास कार्याे के लिए जशपुर जिले को आबंटित की गई है। इस राशि से जिले में स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा और खेल के बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए उपयोग किया जा रहा है। लगभग दो साल पहले जब जशपुर के बगिया के लाल विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पदभार सम्हाला था तो जिलेवासियों को पिछड़ेपन से मुक्ति की नई उम्मीद जागी थी। मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले जिला प्रवास के दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को वायदा भी किया था कि जिले के विकास की ऐतिहासिक रोडमैप तैयार की जाएगी। अपने इस वायदे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने तेजी से कदम बढ़ा रहे है।

     
    35 करोड़ की लागत से जिला मुख्यालय जशपुर में सौ बिस्तर की क्षमता वाली अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। निर्माणाधीन स्व. जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय को संचालित करने की जिम्मेदारी वनवासी कल्याण आश्रम को दी गई है। इस अस्पताल भवन के निर्माण का कार्य रायगढ़ रोड में कल्याण आश्रम अस्पताल के प्रांगण में तेजी से चल रहा है। स्वीकृत राशि मेें से 17 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अगले साल 2026 तक इस भवन का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार 18 करोड़ की राशि इस आधुनिक अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों और भौतिक संसाधन जुटाने के लिए किया जाएगा। इस अस्पाताल में मरीजों के लिए सीटीस्कैन, एमआरआई, आईसीयू, आईसीसीयू, डायलिसिस, आपातकालीन चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अस्पताल के लिए चिकित्सक, नर्सिंग और प्रशासनिक स्टाफ के लिए भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है। अस्पताल के चालू हो जाने से जिलेवासियों को उपचार के लिए अंबिकापुर, रांची, झारसुगड़ा, रायपुर जैसे दूरस्थ शहर की दौड़ लगाने से मुक्ति मिल सकेगी। 
     
    जिले में तीरंदाजी केंद्र के निर्माण के लिए सीएसआर फंड से 20.53 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी गई है। एनटीपीसी के सीएसआर फंड से इस तीरंदाजी केंद्र के निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने सन्ना में जमीन तय कर ली है। इस आवासीय तीरंदाजी केंद्र में खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधनों के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षक उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का लक्ष्य दिवंगत कुमार दिलीप सिंह जूदेव के सपने का मूर्त रूप देते हुए पहाड़ी कोरवाओं के धर्नुविद्या को निखार कर राष्ट्रीय ओैर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं येाग्य बनाना है। वर्तमान में खनिज न्यास निधि के सहयोग से एकलव्य अकादमी का संचालन किया जा रहा है। इस अकादमी में तीरंदाजी के साथ ताईक्वांडो और तैराकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सन्ना में तीरंदाजी केंद्र के शुरू हो जाने से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधनों से लैस बड़ी सुविधा मिल सकेगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा की चमक बिखेरने का अवसर मिल सकेगा। 
     
    सीएसपीटीसीएल के सीएसआर फंड से जिले में 8 स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 6 करोड़ 19 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें फरसाबहार ब्लाक में पंडरीपानी, गारीघाट, कंदईबहार, कांसाबेल ब्लाक में बांसबहार, कुनकुरी ब्लाक में गिनाबहार, लोधमा, बगीचा ब्लाक में टटकेला और दुलदुला में नया स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। इन स्कूल भवनों के निर्माण से जिले के छात्रों को बेहतर सुविधा के साथ गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सकेगी।
  • नेता समेत 4 फ्रॉड गिरफ्तार, 22 लाख की ठगी मामले में एक्शन

    05-Oct-2025

    दुर्ग। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 8 बेरोजगारों से 22 लाख की ठगी हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी राजनीतिक पार्टी का नेता है। नेता ने अपनी पहुंच का रौब दिखाते हुए युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा दिया और पैसे लिए।

    मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने खाद निरीक्षक, पर्यवेक्षक और चपरासी जैसे पदों पर नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले नेता समेत 4 आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने व्हाटसऐप पर फर्जी लेटर भी भेजा था।
    पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बेरोजगार युवाओं को व्हाटसऐप के माध्यम से फर्जी दस्तावेजों से फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर भेजे।
     
     
    नियुक्ति पत्र में जिस तारीख की ज्वाइनिंग डेट होती थी वे उसे ज्वाइनिंग डेट से कुछ दिन पहले बदल देते थे। ज्वाइनिंग डेट आगे बढ़ाने की वजह कभी कैबिनेट की बैठक, कभी आचार संहिता तो कभी राज्य में केंद्रीय मंत्रियों का दौरा जैसे बहाने बनाते थे।
     
    पुलिस ने गैंग के मास्टर माइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि इस पूरे ठगी का मास्टरमाइंड मनोज साहू था। मनोज साहू ने नेता मुकेश वर्मा और उसके भांजे रजत वर्मा के साथ मिलकर बेरोजगार युवाओं को खाद निरीक्षक, पर्यवेक्षक, चपरासी जैसे पदों के लाखों रुपए की वसूली करते थे। पुलिस का कहना है कि किसी भी नियुक्ति प्रक्रिया में पैसे की मांग पूरी तरह अवैध है।
     
     
    महमरा के रहने वाले दीपेश कुमार निषाद (26 साल) ने 2 अक्टूबर को थाना पुलगांव (अंजोरा) में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि गांव के ही मनोज साहू ने अपने साथी मुकेश वर्मा और भांजे रजत वर्मा के साथ मिलकर खाद निरीक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया।
     
    आरोपियों ने चार लाख रुपए की मांग की, जिसमें से दीपेश ने दो लाख रुपए नगद और ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें व्हाटसऐप पर फर्जी नियुक्ति आदेश भेजा गया। लेकिन जब नौकरी नहीं मिली और आरोपियों ने रकम भी वापस नहीं की, तब पीड़ित ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
     
    पुलिस की जांच में सामने आया है कि फर्जी नौकरी के नाम पर झांसा देने के लिए पूरा रैकेट काम कर रहा था। इसमें लोगों को जानकारी देने का काम मनोज साहू कर रहा था। इसके बाद नेता मुकेश वर्मा और उसका भांजा रजत वर्मा अपनी पहुंच दिखाता था।
    झांसे में आने के बाद जब बेरोजगार युवा पैसे दे देते थे, उसके बाद उनका फर्जी ज्वाइनिंग लेटर सेक्टर-6 के ए मार्केट स्थित टाइपिंग सेंटर में टाइप किया जाता था। यह काम महेश हिराव कर रहा था। ज्वाइनिंग लेटर में बार-बार डेट बदलने का काम भी महेश की जिम्मेदारी थी। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने अब तक 8 से ज्यादा आवेदकों से करीब 22 लाख रुपए ऐंठे थे।
     
    मनोज साहू इस रैकेट का मास्टरमाइंड था। वह लोगों को सरकारी नौकरी का लालच देता और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा देता। फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में भिलाई के महेश हिरावं, जो टाइपिंग सेंटर चलाता है, की बड़ी भूमिका थी। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल किया। उनके पास से फर्जी नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
     
    मनोज कुमार साहू (40 वर्ष) - अंजोरा, पुलगांव दुर्ग
    रजत वर्मा (25 वर्ष) - भिलाई नगर
    मुकेश वर्मा (53 वर्ष) - भिलाई नगर
    महेश हिरावं (63 वर्ष) - हरिनगर, मोहन नगर
  • संविदा भर्ती के लिए वॉक इन इंटरव्यू कल

    05-Oct-2025

    कवर्धा। जिला खनिज न्यास (डी.एम.एफ.) कबीरधाम अंतर्गत विभिन्न रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति हेतु वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया गया है। कलेक्टर सह अध्यक्ष डी.एम.एफ. कबीरधाम के अनुमोदन पश्चात् डी.एम.एफ. मद अंतर्गत रेडियोलॉजिस्ट, गायनेकोलॉजिस्ट, सर्जन तथा स्टॉफ नर्स के कुल 7 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों पर भर्ती के लिए इच्छुक पात्र अभ्यर्थी अपने समस्त मूल दस्तावेजों सहित 06 अक्टूबर 2025 को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कबीरधाम में आयोजित वॉक-इन-इंटरव्यू में उपस्थित हो सकते हैं।

     
     
    रेडियोलॉजिस्ट, गायनेकोलॉजिस्ट तथा सर्जन के प्रत्येक पद के लिए एक लाख पचास हजार रुपये मासिक मानदेय तथा स्टॉफ नर्स के चार पदों के लिए बारह हजार रुपये प्रतिमाह का पारिश्रमिक डी.एम.एफ. वेतनमान के अनुसार स्वीकृत किया गया है। पंजीयन का समय दोपहर 11:00 से 1:30 बजे तक, पात्र सूची का प्रकाशन दोपहर 3 बजे तक, दावा आपत्ति के लिए 2 बजे से 2.30 तक निर्धारित किया गया है। दावा-आपत्ति निराकरण की प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
  • दुर्गोत्सव झांकियों का भव्य विसर्जन

    05-Oct-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में इस वर्ष दुर्गोत्सव झांकियों के विसर्जन ने पूरे शहर को भक्ति और उत्सव के रंगों में सराबोर कर दिया।

     
    शहर की गलियां देर रात तक रौनक से भरी रहीं। शुक्रवार को बारिश की वजह से जो झांकियां नहीं निकल पाई थीं, उनका विसर्जन शनिवार को किया गया।
     
    लगातार दूसरे दिन झांकियों के निकलने से शहर में फिर से उत्सव जैसा माहौल बन गया। कोतवाली रोड, सदर बाजार, गोल बाजार और जुना बिलासपुर जैसे प्रमुख मार्गों पर झांकियों का आकर्षक नजारा देखने हजारों की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह लोगों ने झांकियों का फूल-मालाओं और नारियल से स्वागत किया।
    पूरे मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से जगमगाया गया था। ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरों में झांकियों की सतरंगी छटा ने सोशल मीडिया पर भी खूब ध्यान खींचा।
     
    झांकियों में देवी दुर्गा के विभिन्न रूपों के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक संदेश देने वाले दृश्य भी शामिल थे। सनाढ्य ब्राह्मण समाज, वंदे मातरम समिति, यादव समाज, अष्टभुजी गणेशोत्सव समिति मसानगंज, दुख भंजन युवा समिति सरकंडा, महामाया फ्रेंड्स क्लब, मां बिलासा केंवट समिति जुना बिलासपुर, महादेव क्लब और बिलासपुर साउंड संघ जैसे कई संगठनों ने भव्य झांकियों के साथ विसर्जन यात्रा में भाग लिया।
     
    नगर विधायक अमर अग्रवाल और कई जनप्रतिनिधियों ने भी झांकियों का दर्शन किया और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। युवाओं की टोलियों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और DJ की धुनों पर देर रात तक नृत्य कर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
    विसर्जन मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
    विसर्जन कार्यक्रम के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई। पुलिस प्रशासन की ओर से कोतवाली रोड से लेकर पचरीघाट विसर्जन स्थल तक यातायात डायवर्जन किया गया था। जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस, आरक्षक और होमगार्ड के जवान तैनात रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला और लगातार निगरानी रखी। बिलासपुर नगर निगम और स्वच्छता कर्मियों ने भी तत्परता से सफाई व्यवस्था संभाली ताकि उत्सव के बाद शहर की सुंदरता बनी रहे।
    भक्तिमय माहौल में समर्पण का भाव
    विसर्जन के दौरान हर ओर ‘जय माता दी’, ‘मां दुर्गा की जय’ के जयकारे गूंजते रहे। देवी की आरती, धुन और नाच-गाने के साथ श्रद्धालु भाव-विभोर होते दिखे। कई जगह महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया।
     
    कोतवाली रोड पर लगी झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जहां देवी दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ महिषासुर वध का दृश्य देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। देर रात तक श्रद्धालु अपने परिवार के साथ झांकियों का आनंद लेते रहे। अंत में सभी प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन पचरीघाट स्थित सरोवर में किया गया। पुलिस, गोताखोर और SDRF की टीम लगातार मौजूद रही ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इस तरह भव्य और सुरक्षित तरीके से बिलासपुर का दुर्गोत्सव समापन की ओर पहुंचा। श्रद्धा, आस्था और अनुशासन का सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने बिलासपुर की सांस्कृतिक एकता को और भी मजबूत कर दिया।
Top