बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • साय कैबिनेट की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले

    30-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सरकारी कर्मचारियों, दिव्यांगजन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण मंत्रिपरिषद ने शासकीय सेवकों की आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से वेतन के विरूद्ध अल्पावधि ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इस संदर्भ में बैंकों और वित्तीय संस्थाओं से प्रस्ताव प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वित्त विभाग को इस संबंध में आगे की कार्यवाही करने और पात्र पाए जाने वाले बैंक या वित्तीय संस्थाओं से एमओयू के प्रारूप को संपादित करने का अधिकार दिया गया। दिव्यांगजनों के लिए बड़ा फैसला मंत्रिपरिषद ने राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) से राज्य के दिव्यांगजनों को प्राप्त बकाया ऋण राशि ₹24,50,05,457/- को एकमुश्त माफ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। यह राशि राज्य के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार और शिक्षा के लिए न्यूनतम 3 प्रतिशत ब्याज दर पर प्रदान किए गए ऋणों की थी। इस फैसले से दिव्यांगजनों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें स्वरोजगार व शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को अपनाने में मदद मिलेगी।  
    स्पेशल एजुकेटर पदों पर सीधी भर्ती मंत्रिपरिषद ने स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भर्ती के नियमों में एक बार के लिए छूट प्रदान की। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राज्य में 100 स्पेशल एजुकेटर की भर्ती की अनुमति दी गई है। इस निर्णय के अनुसार, भर्ती परीक्षा आयोजित किए बिना मेरिट के आधार पर सीधे चयन करने का अनुमोदन दिया गया। यह फैसला विशेष रूप से उन बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है जो विशेष शिक्षा के तहत पढ़ाई कर रहे हैं।  
    मुख्य सचिव का विदाई और स्वागत बैठक में 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा  अधिकारी और वर्तमान मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन को भावभीनी विदाई दी गई। उनके प्रशासनिक कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें मंत्रालय में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नए मुख्य सचिव श्री विकास शील   का स्वागत किया गया। उनके नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों को और सशक्त बनाने की उम्मीद जताई गई। मंत्रिपरिषद के ये निर्णय राज्य के कर्मचारियों और आम जनता के लिए महत्वपूर्ण हैं। शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण सुविधा, दिव्यांगजनों के ऋण माफ करने का कदम और शिक्षा क्षेत्र में स्पेशल एजुकेटर पदों पर भर्ती के नियमों में सुधार से सामाजिक और प्रशासनिक कार्यों में सुधार की दिशा में बड़ा योगदान मिलेगा।

  • फर्जी कॉर्पोरेट डोनेशन देने का झांसा देकर 20.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

    30-Sep-2025

    दुर्ग। एनजीओ को 5 करोड़ रुपए का कॉर्पोरेट डोनेशन दिलाने का झांसा देकर 20.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी संतोष तिवारी (37 वर्ष) को दुर्ग पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी इंटेलिजेंस और ट्रेसिंग के माध्यम से उसे बक्सर जिले के पैतृक गांव से दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, पद्मनाभपुर निवासी कृष्णकांत शर्मा ने पुरानी भिलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इंदौर स्थित एक एनजीओ को डोनेशन दिलाने के नाम पर संतोष तिवारी ने उनसे संपर्क किया। तिवारी ने खुद को कॉर्पोरेट कंपनियों से जुड़ा बताया और दावा किया कि वह 5 करोड़ रुपए का फंड एनजीओ के लिए दिलवा सकता है। इसके एवज में तिवारी ने स्कैनर कोड और यूपीआई ट्रांजेक्शन का माध्यम इस्तेमाल करते हुए 20.50 लाख रुपए ले लिए। पैसे लेने के बाद न तो तिवारी ने एनजीओ को कोई डोनेशन दिलाया और न ही राशि वापस की।   जब पीड़ित ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया। शिकायत पर थाना पुरानी भिलाई में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस की टीम दिल्ली और बिहार रवाना हुई। निशानदेही के आधार पर आरोपी के दिल्ली पते पर छानबीन की गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सुरागों का पीछा किया और अंततः संतोष तिवारी को उसके पैतृक गांव आशा पड़री, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में तिवारी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसे 30 सितंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर भिलाई लाया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी समाजसेवा और एनजीओ को निशाना बना रहा था। कई एनजीओ को बड़ी कंपनियों से डोनेशन दिलाने का झांसा देकर लोगों को भरोसे में लेता था। वह खुद को कॉर्पोरेट कंपनियों से जुड़ा बताता और करोड़ों रुपये का फंड दिलाने का दावा कर मोटी रकम वसूल करता था। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से अब अन्य एनजीओ और लोगों को ठगी के शिकार होने से बचाया जा सकेगा। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और पुलिस उसके अन्य संपर्कों और पुराने मामलों की जांच में जुटी है।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व नवा में रायपुर के अटल नगर में अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन

    30-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर, देश के पहले नवा रायपुर के अटल नगर में अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।  उनकी रजिस्ट्री को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में कैशलेस भुगतान कराकर प्रदर्शित किया गया।  
    इस अवसर पर रायपुर की वीणा देवांगन ने सेल डीड कराई और डिजिटल भुगतान किया। पीपीपी मॉडल पर आधारित झ्र रजिस्ट्री अब होगी तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक यह कार्यालय पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य नागरिक सेवाओं को तेज, पारदर्शी और आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाना है।  आधुनिक सुविधाओं से लैस झ्र नागरिकों को मिलेगा बेहतर अनुभव नए स्मार्ट पंजीयन कार्यालयों को नागरिकों को सुखद और सुविधाजनक अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी मुख्य विशेषताओं में अत्याधुनिक और वातानुकूलित परिसर शामिल है, जहाँ नागरिक आराम से अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे।
    अब मकान, दुकान या जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए भीड़-भाड़ वाले सरकारी दफ्तरों में जाने की बजाय, नागरिक 12 से 15 मिनट में पासपोर्ट और एयरपोर्ट कार्यालय जैसे माहौल में अपनी रजिस्ट्री करा सकेंगे। यहाँ फ्री वाई-फाई और चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं, ताकि लोग अपने समय का सदुपयोग कर सकें। क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड की मदद से लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा और दस्तावेजों व शुल्क की जानकारी तुरंत मिल जाएगी। प्रशिक्षित हेल्पडेस्क स्टाफ हर कदम पर नागरिकों की सहायता करेंगे। स्वच्छ पेयजल और एयरपोर्ट-स्टाइल वाशरूम से स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।  117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य छत्तीसगढ़ सरकार ने अगले एक वर्ष के भीतर प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में 10 कार्यालयों को विकसित किया जा रहा है, जिनमें से नवा रायपुर का यह कार्यालय पूरी तरह तैयार हो चुका है। इस मॉडल की सफलता को देखते हुए भारत सरकार भी इसी तर्ज पर देशभर में पंजीयन कार्यालयों को विकसित करने पर विचार कर रही है।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय प्रदेश में सुशासन और नागरिक सुविधाओं के नए युग की शुरूआत है। यह पहल छत्तीसगढ़ को एक कल्याणकारी राज्य के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि नागरिक सुविधा ही सुशासन का मूल आधार है। उप मुख्यमंत्री द्वय ने इस मौके पर विभागीय मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में नागरिक सुविधाओं का एक नया मॉडल है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालय में इतनी अत्याधुनिक सुविधाएँ निश्चित ही छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव और सुशासन की नई दिशा को दशार्ती हैं। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नागरिक सेवाएँ हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और स्मार्ट पंजीयन कार्यालय सरकार की सुशासन तथा नागरिक सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह राज्य न केवल पंजीयन सेवाओं में बल्कि अन्य नागरिक सेवाओं में भी देश का नेतृत्व करेगा। स्मार्ट पंजीयन कार्यालय नागरिकों के जीवन में सहजता, पारदर्शिता और विश्वास लाएँगे तथा सुशासन की एक नई पहचान स्थापित करेंगे।

  • गरबा महोत्सव में शामिल हुए सीएम साय, मातारानी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

    30-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री साय नवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार रात्रि राजधानी के विभिन्न गरबा समारोहों में शामिल हुए। उन्होंने मातारानी का दर्शन कर प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर रायपुर शहर गरबा के रंग में सराबोर दिखाई दिया और हर तरफ़ उत्सव का उल्लास वातावरण में व्याप्त था।

    मुख्यमंत्री साय भानपुरी स्थित कच्छ कड़वा पाटीदार समाज, आशीर्वाद भवन में गुजराती लोहाणा महाजन समाज द्वारा आयोजित "झणकारो 2025", इनडोर स्टेडियम में "रंगीलो रास 2025" तथा ओमाया पार्क में "रास गरबा उत्सव" में सम्मिलित हुए। इन आयोजनों में समाजजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक कच्छ पगड़ी पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। गरबा की धुनों और रंगारंग माहौल में मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने जनसमूह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
     
    प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि उत्साह, उमंग और सद्भावना बढ़ाने का पर्व है। यह पर्व सामाजिक समरसता को और मजबूत करता है तथा जन-जन में ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में देवी को विभिन्न स्वरूपों में पूजा जाता है और मातृशक्ति के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर है।
     
    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी, धमतरी में मां अंगारमोती एवं बिलईमाता, सरगुजा और रतनपुर में मां महामाया, डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी जैसे अनेक स्वरूपों में माता प्रदेश में विराजमान हैं। इन सभी शक्तिपीठों का आध्यात्मिक महत्व न केवल प्रदेश की आस्था को मजबूत करता है बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के रूप में भी छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है।
  • बिलासपुर-कोरबा के बीच आज से दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

    30-Sep-2025

    बिलासपुर। भारतीय रेलवे की ओर से यात्रिओं के लिए एक गुड न्यूज आ रही है। एक्सप्रेस के बाद रेलवे पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चला रही है। इसी के तहत बिलासपुर से कोरबा के बीच 30 सितंबर से पूजा पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन तीन अक्टूबर तक ही चलेगी। इस ट्रेन के परिचालन से नवरात्र व दशहरा पर्व पर होने वाली भीड़ कम होगी और यात्री आसानी से अपने गंतव्य पर पहुंच सकते हैं।

    जानें ट्रेन का रूट और समयसारिणी 
    तीन अक्टूबर तक चलने वाली इस ट्रेन का परिचालन समय के साथ जिन स्टेशनों में यह ट्रेन ठहरेगी, उसकी सूची रेलवे ने जारी कर दी है, ताकि यात्रियों को किसी की परेशानी न हो। 08203 बिलासपुर-कोरबा पूजा स्पेशल ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से प्रतिदिन 18:00 बजे रवाना होगी और गतौरा 18:11 बजे, जयरामनगर 18:20 बजे, कोटमी सोनार 18:28 बजे, अकलतरा 18:37 बजे, कापन 18:48 बजे, जांजगीर-नैला 18:56 बजे, चांपा 19:11 बजे, बालपुर हाल्ट 19:30 बजे, कोठारी रोड 19:37 बजे, मड़वारानी 19:44 बजे, सरगबुंदिया 19:52 बजे, उरगा 20:01 बजे और 20.30 बजे कोरबा स्टेशन पहुंचेगी।
     
    डोंगरगढ़-इतवारी के मध्य 
    डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित नवरात्र मेले को देखते हुए 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक डोंगरगढ़ और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी के बीच डेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन डोंगरगढ़ से दोपहर दो बजे छूटकर आठ बजे इतवारी स्टेशन पहुंचेगी। वहीं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी से शाम चार बजे छूटकर डोंगरगढ़ शाम छह बजे पहुंचेगी।
  • राजधानी में 2 और 21 अक्टूबर को मांस-मटन बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध

    30-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और महावीर निर्वाण दिवस 21 अक्टूबर 2025 के अवसर पर नगर पालिक निगम ने मांस-मटन के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग और जोन अधिकारी इस आदेश के पालन को सुनिश्चित करेंगे और उल्लंघन करने वाले दुकानदारों व होटलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर पालिक निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और महावीर निर्वाण दिवस 21 अक्टूबर 2025 को रायपुर नगर पालिक निगम के सम्पूर्ण क्षेत्र में स्थित पशु वध गृह एवं समस्त मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
     
    महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और महावीर निर्वाण दिवस 21 अक्टूबर 2025 को नगर पालिका निगम रायपुर के जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, जोन स्वच्छता निरीक्षकगण मांस-मटन के विक्रय पर प्रतिबंध के आदेश का व्यवहारिक पालन सुनिश्चित करवाएंगे और इसके लिए अपने-अपने संबंधित जोन क्षेत्रों में मांस-मटन की दुकानों का सतत् निरंतर पर्यवेक्षण करेंगे।
  • सीबीएसई प्राइवेट स्टूडेंट्स के आवेदन की अंतिम तिथि आज

    30-Sep-2025

    रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 30 सितंबर को कक्षा 10वीं और 12वीं के प्राइवेट छात्रों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया बंद कर देगा, हालांकि जिन छात्रों ने अभी तक आवेदन नहीं अक्टूबर तक फॉर्म भर सकते हैं। यह पंजीकरण प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू हुई थी और छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि कोई एक विषय की परीक्षा देना चाहता है तो 320 रुपए का भुगतान करना होगा।

  • शीतला तालाब में मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप

    30-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी के सड्डू इलाके के शीतला तालाब में मंगलवार सुबह एक लाश मिली है. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है. शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस जुटी हुई है जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है. जहां आज सुबह एक लाश मिली है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. आसपास के लोगों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। 

  • ईडी के खिलाफ आधी रात को थाने में कांग्रेसी ने दर्ज कराई शिकायत

    30-Sep-2025

    रायपुर। कांग्रेसी ने बीती रात कोतवाली थाने में ईडी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित हेमंत चंद्राकर ने अपनी लिखित शिकायत में पूछताछ के नाम पर ईडी अधिकारी पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित और मारपीट का करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि ईडी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य लोगों के खिलाफ गवाही देने का दबाव बना रही है। राजधानी के रोहणीपुरम स्थित कंचनगंगा कॉलोनी के निवासी हेमंत चंद्राकर ने पुलिस को दिए अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वह 29 सितंबर को सुबह 10.30 बजे प्रवर्तन निदेशालय के रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए गया था। पूछताछ रात 8.30 बजे तक चला, जिसके बाद मुझे अगले दिन फिर से आने को कहा ।

     
     
    चंद्राकर ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने के साथ मानसिक तौर पर दबाव डाला कि वह यह स्वीकार करे कि भूपेश बघेल के लोग विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला और उनके एजेंट आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर, सतपाल सिंह छाबड़ा को कमीशन देकर कार्य किया गया है।
     
    इसके साथ ईडी अधिकारी पर जानबूझकर खुद के साथ अपने परिवार को उत्पीड़ित करते हुए अवैधानिक तरीके से बयान लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए संबंधित अधिकारी के
     
    खिलाफ विधिसम्मत उचित कार्रवाई की मांग की है। हेमंत चंद्राकर की शिकायत पर कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने कहा कि कल रात आवेदन प्राप्त हुआ है। इस मामले में जांच की जा रही है। जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वो की जाएगी।
  • मनोरा तहसील एवं जनपद पंचायत कार्यालय का एसडीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण

    29-Sep-2025

    जशपुरनगर। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जशपुर विश्वास राव मस्के द्वारा शनिवार को तहसील परिसर मनोरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी द्वारा जर्जर शौंचालय एवं तहसील कार्यालय के पीछे अधूरे पड़े गाटरवाल की स्थिति को देख कर जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शाखाओं के शाखा प्रभारियों एवं लिपिकों की समीक्षा बैठक ली एवं कार्यालय में लम्बित प्रकरणों की स्थिति पर प्रकरणवार चर्चा कर लम्बित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने संचालित गिरदावरी कार्यों की भी समीक्षा की।

     
     
    इस अवसर पर एसडीएम ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनोरा का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को आवश्यक साफ-सफाई एवं समय पर कार्यालय पहुंचने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
  • मुख्यमंत्री के निर्देश पर फरसाबहार में बन रहा है सर्वसुविधायुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का नवीन भवन

    29-Sep-2025

    जशपुरनगर। फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। जशपुर जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अनुसूचित जनजातीय छात्रों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ने, उनके शैक्षिक व सह-पाठ्यचर्या कौशल के विकास और उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश पर फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए 37.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह भवन आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त होगा, जिसमें विद्यार्थियों के लिए शिक्षा से लेकर जीवन कौशल विकास तक की सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।      एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 6वीं से 12वीं तक के छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। वर्तमान में फरसाबहार में 8 वीं तक शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिसे आगे बढ़ाकर 12 वीं तक करने की योजना है। 37.80 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह विद्यालय विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा। यह भवन सर्वसुविधायुक्त होगा और इसमें आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध होंगे। यहां पर आधुनिक लैब, निःशुल्क शिक्षा, गणवेश, पुस्तकें, भोजन, छात्रावास की सुविधा, खेल मैदान, कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कंप्यूटर, विकलांग बच्चों के लिए सुलभ भवन आदि की सुविधाएँ होंगी। इसके साथ ही छात्रों को कैरियर मार्गदर्शन, जीवन कौशल विकास और ई-लर्निंग की सुविधा मिलेगी। 

  • बागबाहरा रोड में भालू टहलता दिखा

    29-Sep-2025

    महासमुंद। बागबाहरा महासमुंद की सड़क पर रविवार देर शाम भालू देखा गया। चंडी माता का दर्शन कर लौट रहे श्रदालुओं ने रास्ता पार करते हुए भालू को देखा। भालू को देखते ही श्रद्धालुओं ने उसे फोन में कैद किया

    बागबाहरा में घुंचापाली गांव में स्थित मां चंडी देवी की प्राकृतिक प्रतिमा विराजमान है। यहां प्रतिवर्ष चैत्र और शारदीय नवरात्र में भक्तों का तांता लगता है। बागबाहरा तहसील मुख्यालय से मात्र 4 किमी दूर ग्राम घुंचापाली के पास जंगलों के बीच चंडी पहाड़ी श्रृंखला पर मां चंडी देवी का भव्य मंदिर है। इस मंदिर में प्राकृतिक रूप से बनी पत्थर की 23 फीट ऊंची प्रतिमा है। माँ चंडी देवी के दरबार में हर रोज आरती के समय भालू पहुँचते है। ये हिंसक भालू माँ चंडी के भक्त बन जाते हैं।
     
    इस चमत्कार को देखने आये श्रद्धालुओं का कहना है कि ये माता के भक्त ही हैं। जो किसी को नुकसान पहुंचाए बिना ही प्रसाद खाकर वापस चले जाते है।
  • सुकमा में CRPF जवानों ने मनाया टीम इंडिया की जीत का जश्न

    29-Sep-2025

    सुकमा। सुकमा में 74 बटालियन CRPF के जवानों ने टीम इंडिया की एशिया कप 2025 में शानदार जीत का जश्न बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया। भारतीय क्रिकेट टीम ने दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौंवीं बार एशियाई चैंपियनशिप अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत से पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ देश के जवानों के बीच भी खुशी की लहर दौड़ गई है।

    इस जीत पर सुकमा के 74 बटालियन CRPF के जवानों ने अपने-अपने ठिकानों पर राष्ट्रीय उत्साह से टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। जवानों ने इस सफलता को देश के लिए गर्व का क्षण बताया और इसे अपने मनोबल और प्रेरणा का स्रोत माना। जवानों ने देशभक्ति के गीत गाए और नारे लगाकर भारतीय टीम को सलाम किया।
  • 24 लाख की ठगी, ऑफिस बंद कर रातों-रात फुर्र हुए शातिर

    29-Sep-2025

    बिलासपुर। होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार के बहाने बुलाकर लोगों से 24 लाख रुपये निवेश कराए गए। इसके बाद साइट हैक होने का झांसा देकर जालसाज भाग निकले। जब धोखाधड़ी की जानकारी हुई तब पीड़ितों ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

     
    शहर में रहने वाले मनीराम पटेल ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कंपनी में निवेश करने पर प्रतिदिन एक प्रतिशत मुनाफे का विज्ञापन यूट्यूब और अन्य साइट पर आता था। जब उन्होंने कंपनी के बताए नंबर पर संपर्क किया तो जूम मीटिंग में जोड़कर आनलाइन मुनाफा समझाया गया। साथ ही प्रतिदिन एक प्रतिशत मुनाफा होने की बात कही गई।
     
    इसके कुछ दिन बाद ही 24 जून को कंपनी के सादाब अंसारी, जफर इमाम, गंगाधर कुमार, दिलेश्वर मुंडा, आकाश कुमार और शुभम सिंह शहर आए। उन्होंने होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार किया।
     
    इसमें मनीराम के साथ ही उनके साथी नेहल मिश्रा, रवि साहू, अक्षय कुमार टेकाम और राम स्वरूप साहू भी शामिल हुए। सादाब और उसके साथियों ने बताया कि उनकी कंपनी डिजिटल करंसी पर निवेश करती है। इसमें मोटा मुनाफा होता है। कंपनी अपना कमिशन काटकर निवेशकों को प्रतिदिन एक प्रतिशत का मुनाफा देती है। उनकी बातों में आकर मनीराम और उसके साथियों ने करीब 24 लाख रुपये निवेश कर दिए।
     
    कुछ दिनों तक उन्हें रोज एक प्रतिशत मुनाफा होता रहा। बाद में उन्हें रुपये मिलने बंद हो गए। जब उन्होंने कंपनी के लोगों से पूछताछ की तो गोलमोल जवाब मिलता रहा। इसके कुछ दिन बाद कंपनी के साफ्टवेयर हैक हो जाने के कारण सारे रूपये डूब जाने की बात कही गई। इधर कंपनी का प्रचार करने वाले अपना घर छोड़कर भाग निकले। जब निवेशकों को इसका पता चला तो तारबाहर थाने में घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
  • कैबिनेट बैठक लेंगे CM विष्णुदेव साय

    29-Sep-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज दोपहर 3:30 बजे राज्य मंत्रीपरिषद (कैबिनेट) की बैठक मंत्रालय (महानदी भवन) अटल नगर, नवा रायपुर मे आयोजित होगी।

  • छत्तीसगढ़ में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

    29-Sep-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून जाते-जाते तांडव मचा रहा है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत अन्य कई जिलों में पिछले दिनों से लगातार बारिश हो रही है।

    लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वहीं लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को होने वाली बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है।
     
    मौसम विभाग ने रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
     
    इसके साथ ही मौसम विभाग ने गरज-चमक की भी आशंका जताई है। वहीं मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि, आज कोरबा, रायगढ़ और बलरामपुर जिले के लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।
     
    इसके साथ ही छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बिजली गिरने के साथ गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने की भी संभवना जताई है। मौसम विभाग ने जनता से बेवजह घर से निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बारिश के दौरान खुले में ना रहने की सलाह भी लोगों को दी है।
  • बिलासा इंजीनियरिंग गैराज से चोरी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

    29-Sep-2025

    बिलासपुर। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बिलासा इंजीनियरिंग गैराज से कार का सिलेंडर हेड और एल्युमिनियम पिस्टन चोरी करने वाले तीन आरोपियों को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

    चोरी गए माल की कीमत लगभग ₹40,000 आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सैयद आरिफ, निवासी तालापारा ने 20 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके गैराज का ताला तोड़कर कीमती पिस्टन चोरी कर लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस ने स्थानीय मुखबिर की सूचना के आधार पर 28 सितंबर को कार्रवाई की। पुलिस ने प्रदीप कौशिक और अजय यादव को एक्टिवा में लोहे का सामान ले जाते हुए पकड़ा।
     
    आरोपियों की गिरफ्तारी और कबूलनामा
    पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी दीनानाथ रजक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। चकरभाठा पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का उदाहरण है।
     
    चोरी की आर्थिक हानि और सुरक्षा दृष्टिकोण
    इस चोरी में गैराज के मालिक को लगभग ₹40,000 की आर्थिक हानि हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। ऐसी घटनाएं अक्सर व्यवसायिक स्थलों पर सुरक्षा उपायों की कमी के कारण होती हैं। इसलिए व्यापारियों को अपने गैराज, दुकान या गोदाम की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
     
    चकरभाठा पुलिस ने बताया कि इलाके में चोरी की घटनाओं पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें। पुलिस ने चोरी के दौरान प्रयुक्त वाहन, उपकरण और आरोपी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की है। इसके अलावा, चोरी की गई सामग्री की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है।
     
     
  • पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के छः शिक्षकों के विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत साइंटीस्टों में शामिल हुए उन्हे बधाई और शुभकामनाएं दिये - प्रदीप मिश्र

    28-Sep-2025

    रायपुर- छतीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र और सचिव शिरीष त्रिवेदी ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल वि वि के सेवानिवृत कर्मचारियों ने 

     विश्वविद्यालय के छः शिक्षकों को अमेरिका के स्टेन फोर्ड द्वारा तैयार अल्सेवियर के प्रकाशित वैश्विक डाटाबेस में विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत साइंटीस्टों में शामिल हुए उन्हे उनके विभागों में जाकर बधाई और शुभकामनाएं दिये जिनमें से रवि शंकर शुक्ल वि वि के फ़ार्मेषी विभाग के ही पांच शिक्षक हैं जिनमें से सर्व श्री प्रो. डा शैलेंद्र सराफ सर जी जो फ़ार्मेषी विभाग के पूर्व एच ओ डी और दुर्ग वि वि के पूर्व कुलपति का दायित्व निभा चुके हैं अभी वर्तमान में आप अहमदाबाद के राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मे कार्य कर रहे हैं l 
                 इसी विभाग की प्रो. स्वर्ण लता सराफ भी विभाग प्रमुख रह चुकी हैं इसके साथ ही इसी विभाग के डा दीपेंद्र सिंह और डा मंजु सिंह जी ने भी अपने शोध कार्य में इजाफा करते हुए विज्ञान के क्षेत्र में वृहद कार्य करते हुए विश्व के श्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में नाम जुड़वाने मे कामयाब हुए हैं 
                        इसी विभाग के डा अम्बर ब्यास जी जो कि इसी वि वि मे कुलसचिव का दायित्व निभा रहे हैं आपके मार्ग दर्शन मे वि वि को नेक के ग्रेडेशन टीम ने A+ प्रदान किया है रवि शंकर वि वि अपने उचाईयों के ग्राफ को डा अम्बर ब्यास के नेतृत्व में और बढ़ाते हुए अम्बर की और उचाईयों को छुते रहे इसके लिए वि वि के कुलसचिव जी की जितनी भी तारीफ की जाये वो उतनी ही कम होगी आपका ब्यक्तित्व बहुत ही सरल है आप सकारात्मक सोच के साथ ही वि वि को और भी आगे की ओर ले जाने का ज्जबा रखते हैं l
                  रवि शंकर वि वि के ही डा कमलेश श्रीवास रसायन शास्त्र विभाग से हैं आप विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत युवा वैज्ञानिकों के श्रेणि में आने के लिए पूरा वि वि परिवार बहुत बहुत बधाई देता है l
             विश्वविद्यालय के इन छः शिक्षकों के विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत साइंटीस्टों की श्रेणि शामिल होने से पंडित रवि शंकर शुक्ल वि वि की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर में मान सम्मान में निश्चित रूप से बढ़ोतरी हुई है इन सभी साइंटीस्टों के उज्जवल भविष्य की हम कामना करते हैं आप सभी इसी प्रकार वि वि का नाम रोशन करते रहें आप सभी को वि वि के समस्त 
    कर्मचारियों और प्रदेश की जनता की ओर से पुन्ह ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देते हैं l
    आप सभी से मिलने के लिए छतीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र सचिव शिरिष त्रिवेदी उनके विभागों में जाकर बधाई दिये थे,,l
  • कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, आश्रम, छात्रावासों के संचालन हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

    28-Sep-2025

    बीजापुर। कलेक्टर संबित मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय बीजापुर के इन्द्रावती सभाकक्ष में आश्रम-छात्रावासों के अधीक्षक-अधीक्षिकाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित सभी मण्डल संयोजक, अधीक्षक-अधीक्षिकाएं एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    बैठक में आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। जिसमें स्वास्थ्य जांच सभी छात्रों का महीने में 2 बार स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया। मौसम को देखते हुए मलेरिया टेस्ट करवाने तथा संक्रमित पाए जाने पर दवाई देने और उन्हें पृथक कमरे में रखने के निर्देश दिए गए। छात्रों के स्थायी जाति, निवास प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। स्वीकृत निर्माण कार्यों की गुणवत्तापूर्ण निगरानी अधीक्षक और मण्डल संयोजक द्वारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सुविधाएं दवाईयां प्रत्येक आश्रम-छात्रावास में फर्स्ट -एड बॉक्स अनिवार्य रखने तथा मौसमी बीमारियों की दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं का बस्तर ओलम्पिक में पंजीयन कराने को कहा गया। छात्रों को नाश्ता, मध्यान्ह भोजन और रात्रि भोजन में प्रोटीनयुक्त साग-सब्जियां अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन भोजन की तस्वीरें नोडल अधिकारी को भेजने के निर्देश दिए गए।
     
    नोडल अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक, अधीक्षिका की उपस्थिति अनिवार्य की गई। दशहरा व दीपावली की छुट्टियों में छात्रों को केवल माता-पिता की उपस्थिति में ही घर भेजने के निर्देश दिए गए।
     
    सेवा पखवाड़ा आश्रम-छात्रावासों में निबंध, चित्रकला और खेल गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित कर प्रतिवेदन व फोटोग्राफ कार्यालय भेजने को कहा गया। उत्कर्ष विद्यालयों में प्रवेश की तैयारी हेतु विशेष कक्षाएं चलाने, सामान्य ज्ञान से संबंधित रोजाना 2 जानकारी देने तथा छोटे-छोटे क्विज प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए गए। कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया गया।
     
    कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने कहा कि आश्रम-छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु अधीक्षक-अधीक्षिकाओं को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चैबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री देवेन्द्र सिंह उपस्थित थे।
  • बिना लाइसेंस व हेलमेट ना करें वाहनों का विक्रय : एसडीएम

    28-Sep-2025

    जशपुरनगर। कार्यालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी जशपुर में एसडीएम विश्वास राव मस्के की अध्यक्षता में शनिवार को सभी वाहन शोरूम संचालकों आयोजित की गई। 

    इस बैठक में एसडीएम ने कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशानुसार समस्त नए दोपहिया वाहन केवल लर्निंग लायसेंस या वैध ड्रायविंग लायसेंस धारक को ही विक्रय करने एवं प्रत्येक नए वाहन के साथ कम से कम एक आईएसआई मार्क वाले हेलमेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने दुपहिया वाहन शोरूम संचालकों को शोरूम में दुपहिया एवं चारपहिया वाहन खरीदने आने वालों के दस्तावेजों के साथ लायसेंस अवश्य चेक करने को कहा एवं जिनके पास लाइसेंस नहीं हैं उन्हें आग्रह कर कम से कम लर्निंग लाइसेंस होने पर ही वाहन विक्रय करने को कहा।
     
    एसडीएम ने शोरूम में कार्यरत सभी कर्मचारियों को भी सीटबेल्ट एवं हेलमेट लगाने को कहा गया। सड़क दुर्घटना में वृद्धि को रोकने हेतु सभी शोरूम संचालकों ने निर्देशों का स्वागत करते हुए आम जनता को जागरूक करने हेतु प्रमुख जगहों पर जहां लोगों का आवागमन होता है उन्हें चिन्हांकित कर हेलमेट तथा सीटबेल्ट की अनिवार्यता के संबंध में कैम्प लगाने एवं बैनर पोस्टर के माध्यम से जागरूक करने की पहल की। इस बैठक में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, यातायात प्रभारी सुनेश्वर सिंह पैंकरा, परिवहन लिपिक जशपुर, थाना प्रभारी आशीष तिवारी एवं सभी दोपहिया एवं चारपहिया शोरूम संचालक उपस्थित हुए।
Top