बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक विजय दुबे 4.5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

    16-Sep-2025

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में आज रायगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए ACB की टीम ने एनटीपीसी में उप महाप्रबंधक (DGM) पद पर तैनात विजय दुबे को साढ़े चार लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद ACB द्वारा की गई अब तक की सबसे बड़ी ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है। शिकायत और जांच की पृष्ठभूमि  प्रार्थी सौदागर गुप्ता निवासी तिलाईपाली, थाना तमनार, जिला रायगढ़ ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके ग्राम तिलाईपाली स्थित मकान का मौखिक बंटवारा कर तीन हिस्से किए गए थे, जिसमें वे और उनके दो पुत्र अलग-अलग हिस्सों में निवास कर रहे हैं। एनटीपीसी द्वारा मकान और जमीन का अधिग्रहण किए जाने पर उन्हें मुआवजा राशि मिल चुकी थी, लेकिन पुनर्वास के लिए उनके पुत्रों को करीब 30 लाख रुपये और मिलना था। इसमें से 14 लाख रुपये पहले ही प्राप्त हो चुके थे, जबकि शेष 16 लाख रुपये दिलाने के एवज में आरोपी उप महाप्रबंधक विजय दुबे ने 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने पहले ही 50,000 रुपये अग्रिम के रूप में ले लिया था। लेकिन वे रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे, बल्कि आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहते थे। शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसीबी ने आज 16 सितंबर को ट्रैप कार्रवाई की। इसमें प्रार्थी से 4.50 लाख रुपये लेते हुए आरोपी को पकड़ लिया गया। अपराध छिपाने के लिए आरोपी ने प्रार्थी को एक पेट्रोल पंप के पास बुलाकर रिश्वत की रकम ली थी।  
    ACB की कार्रवाई और कानूनन प्रावधान ACB की टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB ने आरोपी की अन्य संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल आरोपी के खिलाफ है, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश में चल रही व्यापक अभियान का हिस्सा है। राज्य में अब तक की सबसे बड़ी ट्रैप कार्रवाई  ACB सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी राशि की ट्रैप कार्रवाई है। इससे पहले इतनी बड़ी रिश्वत की रकम के साथ किसी अधिकारी को नहीं पकड़ा गया था। इसके साथ ही ACB की टीम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पिछले एक वर्ष में रायगढ़ जिले में यह ACB बिलासपुर की आठवीं ट्रैप कार्रवाई है। वरिष्ठ अधिकारियों का बयान एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए राज्य सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है। अधिकारी ने कहा कि “भ्रष्टाचार से समाज और प्रशासन दोनों प्रभावित होते हैं। ऐसी कार्रवाइयाँ आम जनता में विश्वास बढ़ाने और प्रशासन को पारदर्शी बनाने में मदद करती हैं।” अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दौरान आरोपी की अन्य संपत्तियों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ACB ने जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाए तो उसकी जानकारी एसीबी को दी जाए। अधिकारियों ने कहा कि “जनभागीदारी और प्रशासनिक सतर्कता से ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।

  • छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव: 1200 से अधिक श्रमिकों का हुआ नि:शुल्क परीक्षण

    16-Sep-2025

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर वर्ष 2025 को रजत जयंती वर्ष घोषित किया गया है। इस अवसर पर जिले में आज श्रम विभाग, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, ईएसआईसी और ईएसआईएस के संयुक्त तत्वावधान में श्रमिक स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। रायगढ़ के न्यू ऑडिटोरियम हॉल, पंजरी प्लॉट में आयोजित इस शिविर में लगभग 1200 श्रमिकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें रक्तचाप, मधुमेह, हिमोग्लोबिन, नेत्र परीक्षण सहित महिला श्रमिकों के लिए  विशेष स्त्री रोग परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर जीवर्धन चौहान ने श्रमिकों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर की सराहना की एवं श्रमिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुखलाल चौहान, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रामश्याम डनसेना, भगत, सुखलाल चैहान, सोहन चौधरी, अतिरिक्त औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा राहूल पटेल, उप संचालक एवं सहायक श्रमायुक्त, घनश्याम पाणिग्राही उपस्थित रहे। सहायक श्रमायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता बढ़ाने की दृष्टि से श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम आयोजित किया गया।  
     इसके अलावा 18 बड़े कारखानों के द्वारा निकटवर्ती ग्रामों में स्वास्थ्य जॉच शिविर का आज आयोजन कर 3000 से अधिक श्रमिकों को स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ प्रदाय किया गया। कर्मचारी राज्य बीमा निगम रायगढ़ शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि नियोक्ताओं और कर्मचारियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा लागू SPREE योजना के तहत् पंजीकरण कराने वाले नियोक्तओं के लिए कवरेज से पहले की अवधि में कोई निरीक्षण या कानूनी कार्यवाही नहीं की जाएगी। इसके साथ ही व्यक्ति (कवरेज) नियोक्ताओं द्वारा घोषित तिथि से मानी जाएगी। कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने SPREE योजना के अंतर्गत 01 जुलाई से 31 दिसम्बर 2025 तक की विशेष पंजीकरण विंडो आरंभ की है। इस पहल का उदे्श्य ऐसे सभी नियोक्ताओं को ई.एस.आई.सी में व्याप्त करना है जो अभी तक ईएसआईसी के अधिनियम के दायरे में नहीं आए है। योजना के तहत नियोक्ता श्रम सुविधा पोर्टल या एमसीए पोर्टल के माध्यम से स्वयं बहुत ही आसानी के साथ पंजीकरण कर सकते है। साथ ही ईएसआईसी से मिलने वाले नगद हितलाभ एवं चिकित्सा हितलाभ से संबंधित जानकारी दी गई।

  • ट्रेन से नशे की तस्करी, दो आरोपी कफ सिरप के साथ गिरफ्तार

    16-Sep-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के सामान की तस्करी का नया तरीका सामने आया है। पुलिस ने दो युवकों को प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है, जो मध्यप्रदेश के कटनी से ट्रेन द्वारा नशीली दवाओं की सप्लाई कर युवाओं को बेचते थे। ट्रेन को तस्करों ने सस्ता और सुलभ साधन बना लिया है, जिससे नशे का कारोबार फैल रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेवरा निवासी धरमदास यादव (30) और सुनील साहू (38) के रूप में हुई है। दोनों आसपास के गांवों में नशे का सामान बेचते हैं और पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।  
    टीआई तोप सिंह नवरंग ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में मध्यप्रदेश के कटनी से नशे के सामान की सप्लाई की खबर मिल रही थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तैनात किए। सोमवार को पुलिस को जानकारी मिली कि दो युवक कटनी से ट्रेन द्वारा नशीली दवा लेकर बिलासपुर आ रहे हैं और कलमीटार स्टेशन पर उतरेंगे। सूचना मिलते ही पुलिस ने कलमीटार स्टेशन के पास घेराबंदी की और अंडरब्रिज के पास तस्करों को पकड़ने की योजना बनाई। हालांकि, जैसे ही तस्करों ने पुलिस वाहन देखा, वे भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके पास से कुल 39 शीशी कफ सिरप बरामद किया। यह कफ सिरप नशीली दवा के रूप में युवाओं में लोकप्रिय है और इसके दुरुपयोग से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
    पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कटनी से ट्रेन द्वारा नशे का सामान लाते हैं। ट्रेन उनके लिए सस्ता और आसानी से उपलब्ध साधन है। ट्रेन से आकर वे आसपास के गांवों के युवकों को यह कफ सिरप बेचते हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी कटनी से लगातार सप्लाई करते थे और क्षेत्र में युवाओं को नशे की लत लगाकर अवैध व्यापार कर रहे थे। टीआई नवरंग ने कहा कि इस नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस सतर्क है और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने मौके से गिरफ्तार युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस यह भी जांच रही है कि यह नेटवर्क और कितने लोगों तक फैला हुआ है।  
    पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रेन से नशे का सामान लाकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेचा जा रहा है, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। इससे न केवल उनकी सेहत खराब हो रही है बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कटनी से ट्रेन द्वारा सप्लाई किए जाने का तरीका तस्करों के लिए बेहद सुविधाजनक है। कम खर्च में अधिक मात्रा में नशीला पदार्थ लाना और उसे दूरस्थ क्षेत्रों में बेचना उनकी रणनीति का हिस्सा है। पुलिस अब रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य मार्गों पर निगरानी बढ़ा रही है ताकि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सके।

  • करंट लगने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम

    16-Sep-2025

    मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला जिले में करंट हादसे से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में माता, पिता और बेटा शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    कैसे हुआ हादसा
    घटना पाटन खास थाना क्षेत्र के पागरी गांव की है। रविवार रात को सुरतराम बोगा (62) अपनी बाड़ी में काम करने गए थे। इसी दौरान वह बिजली करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने पहुंचे बेटे रूपलाल बोगा (27) और बाद में पत्नी भागबती बाई (58) भी करंट से चिपक गईं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
     
    गांव में पसरा मातम
    जब देर रात तक पिता-पुत्र घर नहीं लौटे, तो महिलाएं उन्हें खोजने पहुंचीं और हादसे का मंजर देखकर दहाड़ मारकर रो पड़ीं। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
     
    पुलिस की कार्रवाई
    सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
  • ED ने युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और सोनू सूद को पूछताछ के लिए बुलाया

    16-Sep-2025

    नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच तेज करते हुए पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और अभिनेता सोनू सूद को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह केस विवादित ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़ा है।

     
    क्या है मामला?
    ED का कहना है कि कई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स करोड़ों रुपये की ठगी और टैक्स चोरी में शामिल हैं। इन ऐप्स के जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका है। जांच एजेंसी उन क्रिकेटरों और फिल्मी सितारों की भूमिका खंगाल रही है जिन्होंने ऐसे प्लेटफॉर्म्स का प्रचार किया है।
     
    पूछताछ का शेड्यूल
    रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को, युवराज सिंह को 23 सितंबर को और सोनू सूद को 24 सितंबर को दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। इनके बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज होंगे।
     
    बड़े नामों की एंट्री
    इससे पहले ED सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पूछताछ कर चुकी है। अब युवराज, उथप्पा और सोनू सूद का नाम जुड़ने से केस और हाईप्रोफाइल हो गया है।
     
    फिल्मी सितारे भी रडार पर
    इस जांच में अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और अभिनेता अंकुश हाजरा पहले ही बयान दर्ज करा चुके हैं। वहीं, 1xBet की इंडिया ब्रांड एंबेसडर उर्वशी रौतेला को भी नोटिस भेजा गया है, लेकिन वह अब तक पेश नहीं हुई हैं।
     
    भारत में ऑनलाइन बेटिंग का जाल
    रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में ऑनलाइन बेटिंग बाजार का आकार 100 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा है और करीब 22 करोड़ लोग ऐसे ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। सरकार 2022 से जून 2025 तक 1,524 अवैध प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक कर चुकी है।
  • फर्जी सिम बेचने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, सैकड़ों प्री-एक्टिवेटेड सिम बरामद

    16-Sep-2025

    रायपुर। रेंज पुलिस महानिरीक्षक रायपुर कार्यालय के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 आरोपी महाराष्ट्र निवासी हैं। आरोपियों से 100 से ज्यादा प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

     
    साइबर फ्रॉड में होता था इस्तेमाल
    पुलिस ने बताया कि इन फर्जी सिम कार्ड्स का उपयोग टेलीग्राम रिव्यू टास्क, ऑनलाइन जॉब, पहचान की चोरी, फेक शेयर ट्रेडिंग और कम दाम में सामान बेचने जैसे बहाने से साइबर ठगी में किया जा रहा था। अब तक की जांच में 18.52 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।
     
    मामला और जांच
    थाना सिविल लाइन, रायपुर में अपराध क्रमांक 290/25 धारा-317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस और 42(3) टेलीग्राफ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 41 सिम कार्ड साइबर अपराध में संलिप्त पाए गए। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों तक पुलिस पहुंची।
     
    गिरफ्तार आरोपी
    शिवानंद चौहान, 34 वर्ष, देवला, नासिक (महाराष्ट्र)
    प्रियेष यादव, 23 वर्ष, कामटी, नागपुर (महाराष्ट्र)
    जगमोहन भारती, 39 वर्ष, डूण्डा थाना मुजगहन (रायपुर)
    नागेश्वर चक्रधारी, 25 वर्ष, निमोरा राखी (रायपुर)
    निखिल चावला, 33 वर्ष, अमलीडीह (रायपुर)
    बॉबी खत्री, 27 वर्ष, ओम विहार तेलीबांधा (रायपुर)
     
    सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। बरामद सिम कार्ड्स का पुलिस द्वारा तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
  • रोजगार मेला हुआ आयोजित

    16-Sep-2025

    कोरबा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के द्वारा रजत जयंती के उपलक्ष्य में दिनांक 12 सितम्बर 2025 को शासकीय ई.व्ही पी.जी.कॉलेज कोरबा एवं 13 सितम्बर 2025 को कमला नेहरू कॉलेज कोरबा में जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। रोजगार मेला में कुल 08 नियोजक सम्मिलित हुए जिसमें जिफसा कोरबा, वेक्टर फायनेंस प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, आईसेक्ट पी.एम.के.के. कोसाबाड़ी कोरबा, टाटा.ए.आई.ए.लाईफ इंश्योरेंस कंपनी लिमि. वेदांता कोरबा, सोनी मल्टी सर्विसेस, स्पंदना स्फूर्ति फायनेंशियल लिमि0 जांजगीर, रिफ्लेक्शन मैनेजमेंट सर्विस कोरबा सम्मिलित हुए। कंपनियों द्वारा कुल 550 पद के लिए रोजगार मेला का आयोजन किया गया। साक्षात्कार हेतु 588 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिसमें नियोजकों द्वारा प्रारंभिक रूप से 212 अभ्यर्थियों काएवं अंतिम रूप से 97 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

  • विदेशी मदिरा ज़ब्त, आरोपी गिरफ्तार

    16-Sep-2025

    रायपुर। जिला आबकारी विभाग रायपुर द्वारा अवैध शराब और आबकारी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सचिव सह आबकारी आयुक्त एवं प्रबंध संचालक श्रीमती आर. शांगिता तथा कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में रविवार को बड़ी कार्रवाई की गई।

    आदित्य फार्म हाउस में हुई कार्रवाई में आरोपी प्रलय सोना पिता मोहन सोना को गिरफ्तार कर उसके कब्ज़े से 02 बोतल डबल ब्लैक लेबल, 03 बोतल ब्लैक लेबल, 4 बोतल वोडका एवं 12 कैन बीयर कुल 14 ब्लाक लीटर मदिरा जब्त की गई जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 36,320 आंकी गई है।
     
    इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती ज्योति शर्मा, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र दुबे, आरक्षक योगेश्वर तिवारी, आरक्षक योगेन्द्र पाण्डेय और आरक्षक बृजेश कुमार की टीम शामिल रही।
     
    अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले में अवैध शराब के व्यापार और तस्करी पर सख्ती से नज़र रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
  • जौनपुर में हादसा: छत्तीसगढ़ के 4 श्रद्धालुओं की मौत, 9 घायल...

    15-Sep-2025

    उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपी पुलिस ने यह जानकारी दी। 

     
    पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुई, जब अयोध्या से वाराणसी जा रही पर्यटक बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस के अनुसार इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
     
    छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु बस में थे सवार
    जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि यह घटना लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव में हुई। बस में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना के समय बस में करीब 50 लोग थे। उन्होंने बताया कि बस चालक जैसे ही ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, वह पास के ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
     
    दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने बस और ट्रक को जब्त कर लिया है।
  • ट्रांसफर ब्रेकिंग: 13 सीसीएफ की नवीन पदस्थापना

    15-Sep-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में भारतीय वन सेवा अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। सूची को वन विभाग के अवर सचिव डीआर चंद्रवंशी ने जारी किया है। जारी सूची में 13 सीसीएफ स्तर के अधिकारियों का नाम शामिल है। 

     
    जारी आदेश के अनुसार राजेश कुमार चंदेले, एस वेंकटाचलम, डॉ. के. मैचियो, माथेश्वरन व्ही., एम मर्सिबेला, मनोज कुमार पांडेय, आलोक कुमार तिवारी, अमिताभ वाजपेयी, रमेश चंद्र दुग्गा, दिलराज प्रभाकर, अभिषेक कुमार सिंह, मनिवासगन एस. और स्टायलस मंडवी को नई जिम्मेदारी दी गई है।
  • कैदियों के बीच गैंगवार, जिला जेल में हड़कंप

    14-Sep-2025

    राजनांदगांव। जिले की जिला जेल में एक सनसनीखेज घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल के अंदर कैदियों के बीच भड़की गैंगवार में युवराज राजपूत नामक कैदी पर 4-5 अन्य कैदियों ने धारदार हथियारों से क्रूर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवराज के चेहरे और पीठ पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद युवराज के साथी कैदी और परिजन कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

    प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हमला जेल में चल रही गुटबाजी और पुरानी रंजिशों का परिणाम है। दोनों पक्षों के कैदी आदतन अपराधी माने जाते हैं, और यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। जेल प्रशासन ने घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है, जबकि पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
     
    घटना दोपहर करीब 2 बजे राजनांदगांव जिला जेल के एक बैरक में घटी। सूत्रों के अनुसार, युवराज राजपूत, जो एक आपराधिक मामले में जेल में बंद था, अपने बैरक से बाहर निकला था, तभी एक प्रतिद्वंद्वी गुट के 4-5 कैदियों ने अचानक उन पर धारदार हथियारों (स्टील ग्लास को काटकर बनाये गए हथियार) से हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवराज के चेहरे पर कम से कम तीन वार किए, जबकि पीठ पर 2-3 गहरे घाव दिए। हमले के दौरान अन्य कैदी चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन जेल स्टाफ को सूचना मिलने में थोड़ा विलंब हुआ। युवराज को तत्काल जेल के अंदर उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की गई।
  • भारत में महिला पायलटों की संख्या बढ़ रही है: सिंधिया

    14-Sep-2025

    नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि भारत दुनिया के उन गिने-चुने देशों में शामिल है जहां महिला पायलटों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने इसे क्रांतिकारी बदलाव का संकेत बताया

    केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जहां अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित देशों में महिला पायलट अपेक्षाकृत कम हैं, वहीं भारत में 15 प्रतिशत पायलट महिलाएं हैं। वह यहां एक डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र भवन की आधारशिला रखने और सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 38 लड़कियों को पासबुक वितरित करने के बाद एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
     
    आगामी डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि मुरैना और श्योपुर ज़िलों के साथ-साथ पड़ोसी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के निवासियों को पहले पासपोर्ट सेवाओं के लिए ग्वालियर, गुना, भोपाल या दिल्ली जाना पड़ता था लेकिन अब यह सुविधा मुरैना में ही उपलब्ध होगी।
     
    उन्होंने कहा,‘‘30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला प्रस्तावित भवन मुरैना लोकसभा क्षेत्र के निवासियों को पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करेगा। प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित करने का निर्णय नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।’’
     
    उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक परिवर्तन का वाहक बनकर उभरा है। सुकन्या समृद्धि योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं तथा इन योजनाओं ने वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाया है।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण संस्थागत भागीदारी को मजबूत कर रहा है।
  • विज्ञान की जटिल अवधारणाएं सरल और मनोरंजक ढंग से समझेेंगे

    14-Sep-2025

    रायपुर। साइंस पार्क बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है। धमतरी जिले का गंगरेल क्षेत्र पहले से ही एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है। साइंस पार्क के माध्यम से यहां शिक्षा और पर्यटन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य है कि जिले के बच्चे विज्ञान को केवल किताबों में न पढ़ें, बल्कि उसे छूकर, देखकर और प्रयोग करके समझें। यह पार्क न केवल विद्यार्थियों बल्कि आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए भी एक प्रेरणादायी स्थल बनेगा। साइंस पार्क से आने वाली पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित होगी, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

     
    धमतरी जिले के पं. रविशंकर जलाशय परियोजना गंगरेल स्थित बरूवा गार्डन में साइंस पार्क का निर्माण किया जा रहा है। गंगरेल जलाशय प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में सैलानी और विद्यार्थी भ्रमण के लिए आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विज्ञान को रोचक और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने के लिए साइंस पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इस पार्क में 28 आउटडोर और 40 इनडोर उपकरण लगाए गए हैं। स्वचालित और इंटरेक्टिव होने के कारण यह न केवल विद्यार्थियों बल्कि आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
     
    मॉडल को छूकर, घुमाकर, प्रयोग कर विद्यार्थी देख सकेंगे
     
    ओपन-एयर प्रदर्शनी, गुरुत्वाकर्षण, प्रकाश, ध्वनि, ऊर्जा परिवर्तन, लीवर और पुली जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझाने वाले मॉडल खुले वातावरण में लगाए गए हैं, जिससे विज्ञान में रूचि लेने वाले बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र होगा। यहां ऐसे मॉडल हैं जिन्हें छूकर, घुमाकर या प्रयोग करके विद्यार्थी विज्ञान की मूल अवधारणाओं को अनुभव कर सकेंगें। पर्यावरण अनुकूल वातावरण हरियाली से घिरे इस उद्यान में विद्यार्थी खेल-खेल में सीख सकेंगे। यहां प्रसिद्ध वैज्ञानिकों की प्रतिमाएं, कृत्रिम उपग्रह का चलित मॉडल, तरंग गति, कंकाल तंत्र, अनंत पथ, ब्लैक होल का प्रदर्शन, ध्वनि संचरण, मानव नेत्र की कार्यप्रणाली और रंगों का मिश्रण जैसे विषयों पर आधारित मॉडल यहाँ स्थापित किए गए हैं।
     
    जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
     
    यह साइंस पार्क शैक्षणिक भ्रमण और अध्ययन यात्राओं के लिए बेहद उपयोगी होगा। यहां विज्ञान की जटिल अवधारणाएं सरल और मनोरंजक ढंग से समझ में आएंगी। इससे छात्रों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह पार्क धमतरी जिले के पर्यटन को भी नई पहचान देगा। बरूवा गार्डन स्थित साइंस पार्क धमतरी जिले के लिए ज्ञान, मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र बनने जा रहा है। कलेक्टर धमतरी ने बताया कि विज्ञान को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत करने की यह पहल न केवल बच्चों को प्रेरित करेगी, बल्कि जिले को शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। आने वाले समय में यह पार्क धमतरी ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र साबित होगा।
  • जय स्तंभ चौक में कार ने रौंदा, स्कूटी सवार की हालत गंभीर

    14-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर से हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ़्तार कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल स्कूटी सवार को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

     
    मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना राजधानी के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक में हुई है। यहां एक कार चालक ने लापरवाही से तेज रफ़्तार में गाड़ी चलाते हुए स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही गोल बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया है।
  • शराब के लिए पैसे न मिलने पर युवक ने की वृद्धा की हत्या

    14-Sep-2025

    सूरजपुर। ओड़गी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार सुबह शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक ने 64 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। नृशंस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना के महज दो घंटे बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे खैरवारी पारा की है। यहां रहने वाली कौशिल्या बाई पति स्वर्गीय रिचक खैरवार अकेले घर में रहती थी, जबकि उनका बेटा रामभरोस गांव में ही अलग रहता है।
     
    पुलिस के मुताबिक, मोहल्ले का ही 30 वर्षीय कुंवर सिंह शनिवार सुबह कौशिल्या बाई के घर पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगे। महिला ने मना किया तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद टांगी से महिला के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कौशिल्या की मौके पर ही मौत हो गई। उसी समय उनका बेटा रामभरोस वहां पहुंचा और मां को खून से लथपथ हालत में देखकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
  • नेता निजी अहंकार त्याग बिहार में राजगन की जीत करें सुनिश्चित : नड्डा

    14-Sep-2025

    बिहार। विधानसभा चुनाव तैयारियों की संगठनात्मक समीक्षा करने पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी पार्टी के नेताओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत अहंकार को त्याग कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को सर्वोपरि रखें।

    राजकीय अतिथिशाला में नड्डा ने बिहार भाजपा के शीर्ष नेताओं, नीतीश सरकार में भाजपा कोटे के मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभावार सम्मेलन आदि बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सामाजिक पकड़ मजबूत बनाने के साथ ही राजग के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने पर बल दिया।
     
    बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय चुनाव समिति एवं कोर ग्रुप के सचिव प्रेम रंजन पटेल तथा अन्य वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए।
     
    नड्डा ने विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नया नामाकरण किया। उन्होंने राजद का मतलब समझते हुए कहा कि ‘रा’ का मतलब ‘रंगदारी’, ‘ज’ का मतलब ‘जंगलराज’ और ‘द’ का मतलब ‘दादागिरी’ है।
     
    उन्होंने कहा कि आज मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के लोग विकास देख रहे हैं। केंदीय मंत्री ने कहा,‘‘ 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी और आज क्या है। 2005 से पहले तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और सत्ता समर्थित अपराध की राजनीति थी। आज राजग सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है।’’
     
    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम आज 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं तथा इस तरह अत्यधिक गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा, “मोदी ने 14 करोड़ से अधिक घरों में नल के माध्यम से पानी और चार करोड़ से अधिक गरीब लोगों को आवास प्रदान किया है।
  • अंतरराज्यीय गांजा तस्करों का भंडाफोड़, 27 किलो गांजा बरामद

    13-Sep-2025

    गरियाबंद। जिले में फिंगेश्वर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय आर्य और पवन, जो मध्यप्रदेश के निवासी हैं, तथा फिरोज, जो महाराष्ट्र का निवासी है, शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर कार के माध्यम से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई कर रहे थे। तस्करों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए कार में विशेष चेंबर बनाकर गांजा छिपाकर रखा था। यह चेंबर कार की सीटों और बूट में छिपाकर तैयार किया गया था, जिससे तलाशी के दौरान पकड़ से बचा जा सके। लेकिन पुलिस तक मुखबिर से सूचना पहुँच गई, जिसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।   तलाशी के दौरान विशेष चेंबर से 27 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में मौजूद आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने ओडिशा से गांजा लाकर पड़ोसी राज्यों में खपाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि ये गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी कर रहा था। गिरोह का नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस की सतर्कता से तस्करों के भागने का प्रयास नाकाम रहा। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, तस्करों ने कार को तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। फिलहाल आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

  • रायपुर में चाय दुकान से लैपटॉप चोरी करने वाला आरोपी सद्दाम अहमद गिरफ्तार

    13-Sep-2025

    रायपुर। उरला क्षेत्र में दुकान में घुसकर लैपटॉप चोरी करने वाले आरोपी सद्दाम अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 सितंबर 2025 की शाम करीब 4 बजे की है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान में घुसकर लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चोरी कर लिया था, जिसकी कीमत लगभग 20,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी गया लैपटॉप बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रार्थी बेनीराम सेन, जो बीरगांव बजरंग नगर नाला के पास गणेश मंदिर के बगल में चाय की दुकान चलाते हैं, ने   थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, दुकान के पास ही रवि सेन का च्वॉइस सेंटर है और दोनों का काउंटर साथ लगा हुआ है। रोज की तरह 11 सितंबर को भी वे अपने चाय दुकान में थे जबकि उनका बेटा खाना खाने घर गया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक स्कूटी जैसे वाहन में दुकान पर आए। एक युवक चाय मंगवाकर पैसा देने के बहाने दुकान के अंदर आया जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर बातों में उलझाने लगा। इसी दौरान अंदर आया युवक च्वॉइस सेंटर के काउंटर से लैपटॉप चोरी कर फरार हो गया।   बेनीराम सेन ने जब चोरी का पता लगाया तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 306/2025 धारा 305, 3(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और सद्दाम अहमद को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने दोस्त बॉबी सिंह के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के घर मौदहापारा से चोरी गया लेनोवो   लैपटॉप बरामद कर लिया। आरोपी सद्दाम अहमद (उम्र 25 वर्ष), जो मौदहापारा थाना क्षेत्र में निसार अहमद के किराये के मकान में रहता है, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से अन्य मामलों की भी जानकारी ली जा रही है और उसके नेटवर्क की तलाश जारी है। उरला थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने में दें। यह मामला एक बार फिर से दर्शाता है कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य अपराधों को सुलझाने में कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं। पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का पर्दाफाश हो सका और आरोपी को पकड़ा गया।

  • रायपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

    13-Sep-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर प्रोफेसर कॉलोनी मार्ग के पास रिंग रोड पर सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने जानकारी दी कि उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क किया जा सके।  
    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह के समय हुआ। युवक सड़क पार कर रहा था तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग दौड़कर मदद के लिए पहुँचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रैफिक विभाग को भी दुर्घटना स्थल पर कार्रवाई के लिए कहा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक को जल्द पकड़ा जाएगा।  
    फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के थानों और अस्पतालों को मृतक की पहचान के लिए अलर्ट कर दिया है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और सड़क पार करते समय विशेष ध्यान देने की अपील की। पुलिस ने दुर्घटना स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय बढ़ाने की योजना भी बनाई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके। यह हादसा राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
     

  • रायपुर में पुलिसकर्मी पर हमला: शराब पीकर हुल्लड़ मचाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

    13-Sep-2025

    रायपुर। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 सितम्बर 2025 की रात्रि अमलीडीह स्थित शराब भट्ठी के पास सेंट जोसेफ कालोनी रोड की है, जहाँ कुछ शरारती युवक शराब पीकर हुल्लड़बाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचा और उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया। लेकिन शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिसकर्मी से वाद-विवाद शुरू कर दिया और उसे अश्लील गालियाँ देने लगे।  आरोपियों ने पुलिसकर्मी से कहा कि “तुम लोग जबरदस्ती परेशान करते हो, हम तुम्हें नहीं जानते।” इसके बाद उन्होंने अपना नाम अरुण चौहान, राजेश यादव, राहुल दीवान और रविन्द्र भगत बताया। आरोप है कि चारों ने पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी, अपने पास रखे कटर को दिखाया, और उसके साथ हाथ, मुक्का तथा हाथ में पहने कड़ा से मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मी को चोट लगी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। इस घटना के बाद पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पर न्यू राजेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 216/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121 (सरकारी कर्मचारी के कर्तव्य में बाधा), 132 (सरकारी कार्य में बाधा डालना), 221 (हथियार दिखाकर धमकी देना), 296 (अश्लील गाली-गलौज), 351(2) (शारीरिक हमला), 115(2) (जान से मारने की धमकी), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की गई।

Top