बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे रायपुर...

    27-Jan-2026

     

    रायपुर। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुँचने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी एवं सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग उपस्थित रहे।

  • थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध शराब के साथ 01 शराब कोचिया गिरफ्तार...

    27-Jan-2026

     

    रायपुर। विवरण यह है कि पुलिस अधीक्षक महोदय श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा (ग्रामीण), एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत शुक्ला,अटल नगर नवा रायपुर,एवं नगर पुलिस अधीक्षक महोदय श्री तुलसी राम लेकाम,अटल नगर नवा रायपुर के दिशानिर्देश व मार्गदर्शन में तथा निरीक्षक थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल गोबरा नवापारा के नेतृत्व में अवैध शराब बिक्री पर पूर्णरूपेण अंकुश लगाने हेतु एवं अवैध शराब बिक्री संचालित करने वालो पर लगाम लगाने कि नियत से मुखबीर से सूचना मिली कि छांटा रोड़ राधास्वामी सत्संग व्यास के पास नवापारा के पास एक व्यक्ति काई रंग का टी शर्ट व हल्का हरा रंग का लोवर पेंट पहना है और एक सफेद रंग के प्लास्टिक बोरी में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री करने हेतु खड़ा है कि मुखबिर सूचना पर हमराह स्टाफ व गवाहान के मुखबिर के बताये स्थान नवापारा छांटा रोड़ राधास्वामी सत्संग व्यास के पास पहुँचकर मुखबिर के बताएं व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ करने पर अपना नाम धीरज दरयानी पिता प्रकाश दरयानी उम्र 22 वर्ष साकिन बस स्टैंड नवापारा जिला रायपुर का रहने वाला बताया उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक प्लास्टिक के बोरी में 31 पौवा देशी मंदिरा मशाला शराब शोले सील बंद कुल मात्रा 05.580 बल्क लीटर किमती करीबन 3100/ रुपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक - 36/2026 धारा- 34 (2) आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही कर रिमाण्ड पर रायपुर न्यायालय भेजा गया। 
     
    गिरफ्तार आरोपी...
     
    01. धीरज दरयानी पिता प्रकाश दरयानी उम्र 22 वर्ष साकिन बस स्टैंड नवापारा थाना गोबरा नवापारा जिला रायपुर(छग)
     
    कार्यवाही में थाना गोबरा से प्रआर० 1173 बलराम ध्रुव, आरक्षक 467 हुलास साहू की अहम भूमिका रही
  • अवैध रूप से गांजा बिक्री करने ग्राहक तलाशते पकड़ा गया युवक...

    27-Jan-2026

     

     
    आरोपी युवक से एक प्लास्टिक की थैला में मादक पदार्थ गांजा 4.437 कि.ग्रा. किमती 70,000 रू किया गया जप्त।
    आरोपी युवक के विरूद्ध पूर्व में मारपीट एवं अवैध शराब बिक्री के भी प्रकरण थाने में दर्ज है।
    नाम आरोपी - विशाल उर्फ गंगा यादव s/o देवेन्द्र यादव उम्र - 26 वर्ष सा. सुभाष नगर वृद्धा आश्रम के पास थाना तेलीबांधा रायपुर (छ.ग.)
     
    रायपुर। विवरण यह है कि दिनांक - 27/01/26 के मध्य रात्री मुखबीर सूचना मिली कि अवंति विहार शीतला तालाब के पास एक संदिग्ध युवक के द्वारा गांजा बिक्री हेतु ग्राहक तलाश कर रहा है। मुखबीर की सूचना के आधार पर तेलीबांधा पुलिस टीम मौके पर पहूँची। पुलिस की टीम को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गए युवक का नाम पता पूछे जाने पर अपना नाम विशाल उर्फ गंगा यादव पिता देवेन्द्र यादव उम्र 26 वर्ष सा. सुभाष नगर वृद्धा आश्रम के पास थाना तेलीबाधा रायपुर (छ.ग.) बताया गया। आरोपी युवक के तलाशी लिए जाने पर एक सफेद प्लास्टिक का थैला मिला, जिसकी चेकिंग किए जाने पर संदिग्ध युवक की कब्जे से मादक पदार्थ गांजा वजन 4.437 किलो ग्राम किमती 70,000 रू मिलने से समक्ष गवाहन जप्तकर आरोपी का कृत्य धारा 20 (B) NDPS act का पाये जाने से आरोपी के विरुद्ध अप. क. - 27/26 धारा 20 (B) NDPS act सदर का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी युवक को न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया है।
  • पुरंदर मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ...

    27-Jan-2026

    आयुर्वेदिक चिकित्सा से जनसेवा की अनूठी पहल, पुरंदर मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का किया शुभारंभ

    आयुर्वेद की खुशबू संग जनसेवा का संकल्प, पुरंदर मिश्रा ने शिविर का किया उद्घाटन

    रायपुर। श्री श्रेयन आयुर्वेद एवं पंचकर्म चिकित्सालय, पुणे की ओर से डॉ. पल्लवी श्रीरसागर (एम.डी. आयुर्वेद) के मार्गदर्शन में गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित एक दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेदिक जांच एवं उपचार शिविर का शुभारंभ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरंदर मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
    इस अवसर पर श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है, जो आज भी जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। ऐसे निःशुल्क शिविर समाज के हर वर्ग को स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
    शिविर में यूरिक एसिड, त्वचा रोग, अस्थि रोग, पीसीओडी सहित विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच की गई तथा पंचकर्म उपचार हेतु विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की गईं। बड़ी संख्या में आमजन ने शिविर में पहुंचकर आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ लिया।
    इस दौरान सह चिकित्सक के रूप में चंद्रकांता साहू, अदिति श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगी साथी उपस्थित रहे। यह शिविर एक दिवसीय रहा, जिसमें आम नागरिकों को निःशुल्क एवं प्रभावी आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
    कार्यक्रम के अंत में श्री पुरंदर मिश्रा ने आयोजक संस्था के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
  • रायपुर नगर निगम द्वारा निगम क्षेत्र में एनिमल बर्थ कण्ट्रोल ( एबीसी) कार्यक्रम का निरन्तर प्रभावी क्रियान्वयन...

    27-Jan-2026
    चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्षेत्र में जनशिकायत मिलते ही आवारा श्वानों को पकड़ा गया
    समस्त जोनों अंतर्गत सभी वार्डों में श्वानों के लिए फीडिंग स्थल चिन्हाँकित, सूचना बोर्ड चस्पा किये गए

    रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा एनिमल बर्थ कण्ट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम को निरंतर एवं प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत प्रतिदिन औसतन 15-20 आवारा श्वानों को पकडकर उनका टीकाकरण, नसबंदी (डिवार्मिंग / स्टेरिलाईजेशन) किया जा रहा है, जिससे आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रण में लायी जा सके तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।चंद्रशेखर आजाद वार्ड के सम्बंधित क्षेत्र से शिकायत प्राप्त होते ही नगर पालिक निगम, रायपुर की डॉग कैचिंग टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवारा श्वानों को पकड़ा गया, जिनका नियमानुसार टीकाकरण /बधियाकरण / डिवार्मिंग की कार्यवाही की जायेगी।
    निगम को निदान 1100, आमजन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उक्त कार्यवाही माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पूर्ण परिपालन में की जा रही है।
     इसी क्रम में नगर पालिक निगम, रायपुर के समस्त जोनों के अंतर्गत सभी वार्डों में श्वानों के लिए फीडिंग स्थल चिह्नांकित कर लिए गए हैं तथा संबंधित स्थलों पर सूचना बोर्ड भी चस्पा कर दिए गए हैं, ताकि निर्धारित स्थानों पर ही भोजन व्यवस्था सुनिश्चित हो एवं अनियंत्रित भोजन वितरण से उत्पन्न समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
    नगर पालिक निगम, रायपुर द्वारा यह सतत प्रयास किया जा रहा है कि पशु कल्याण के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं जनसुविधा बनी रहे। भविष्य में भी उक्त कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए सतत रूप से जारी रखा जाएगा।
  • जिला मुख्यालय बालोद में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह...

    27-Jan-2026
    कैबिनेट मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
    बाल विवाह रोकथाम हेतु दिलाई गई सामूहिक शपथ

    रायपुर। जिला मुख्यालय बालोद में आज राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह हर्ष, उल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। समारोह का आयोजन प्रातः 09 बजे स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली।
     
    तत्पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। इस दौरान शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। बाल विवाह मुक्त जिला बनने पर प्रसन्नता, दिलाई गई शपथ मुख्य अतिथि गुरू खुशवंत साहेब ने बालोद जिले को राज्य का पहला बाल विवाह मुक्त जिला बनने का सौभाग्य प्राप्त होने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
     
    इस अवसर पर उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को बाल विवाह के रोकथाम हेतु सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई तथा इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन हेतु निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति समारोह में संजारी बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पवन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
     
    आकर्षक परेड, मार्चपास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम...
    समारोह में सशस्त्र बल, पुलिस बल एवं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। परेड के दौरान हर्षफायर किया गया तथा “राष्ट्रपति की जय” के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके अतिरिक्त स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य एवं गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
     
    शहीद जवानों के परिजनों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान...
    मुख्य अतिथि गुरू खुशवंत साहेब द्वारा जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों के बलिदान को नमन किया। साथ ही जिला स्तर पर अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 
     
    प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित...
    परेड प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग)
    परेड सीनियर वर्ग में 21वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, करकाभाट को प्रथम स्थान, जिला पुलिस बल (पुरुष) को द्वितीय स्थान एवं जिला पुलिस बल (महिला) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
    परेड प्रतियोगिता (जूनियर वर्ग)
    जूनियर वर्ग में एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, बालोद को प्रथम स्थान, एनसीसी ब्लेज एकेडमी, उमरादाह को द्वितीय स्थान तथा गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
     
    उत्कृष्ट परेड संचालन...
    उत्कृष्ट परेड संचालन हेतु परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा एवं परेड टू आईसी एसआई मनीष शेंडे को सम्मानित किया गया।
     
    विभागीय झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम...
    शासन की योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली झांकियों में कृषि विभाग को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय तथा आदिवासी विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ब्लेज एकेडमी, उमरादाह को प्रथम, गुरुकुल विद्यापीठ, बालोद को द्वितीय एवं संस्कार शाला, बालोद को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
  • अज्ञात व्यक्ति ने पोल्ट्रीफार्म में घुसकर मुर्गियों-बतखों को मारा, ग्रामीणों में आक्रोश

    11-Oct-2025

    बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ क्षेत्र के गगोरीटांडा गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पोल्ट्रीफार्म में रखी गई लाखों की मुर्गियों और बतखों को अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

     
    पोल्ट्रीफार्म संचालक विजय कुमार कमल ने बताया कि वे अपनी आजीविका चलाने के लिए गांव में पोल्ट्रीफार्म संचालित करते हैं, जिसमें करीब 150 देशी मुर्गियां और 50 बतखें थीं। उन्होंने बताया कि रात में दाना खिलाकर घर लौटने के बाद, किसी ने अंधेरे का फायदा उठाकर फार्म में घुसकर सभी मुर्गियों और बतखों को मार डाला।
     
     
     
    सुबह जब वे फार्म पहुंचे तो चारों ओर मृत मुर्गियां और बतखें पड़ी थीं। यह दृश्य देखकर गांव में सनसनी फैल गई। संचालक ने आशंका जताई है कि यह कृत्य गांव के ही कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा द्वेषवश किया गया है।
     
     
     
    इस घटना से संचालक को लगभग दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, शासन-प्रशासन से मुआवजे और सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
     
    ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
  • रायगढ़ के ललित दुबे ने रचा इतिहास, ‘राम’ नाम से बनाई दुनिया की सबसे लंबी रामायण पेंटिंग

    11-Oct-2025

    रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ललित कुमार दुबे ने अपनी अनोखी कला से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच दिया है। उन्हें लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (London Book of World Records) द्वारा “Longest Typographic Painting of Ramayana” का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।

     
    यह उपलब्धि उन्होंने रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को शब्द “राम” से उकेरते हुए हासिल की है। यह पेंटिंग विभिन्न रंगों की पेन से बनाई गई है, जिसकी लंबाई 10 मीटर और चौड़ाई 56 सेंटीमीटर (कुछ अंशों में 75 सेंटीमीटर) है। इस रिकॉर्ड की पुष्टि 3 दिसंबर 2021 को की गई थी और औपचारिक प्रमाणपत्र उन्हें 8 अक्टूबर 2025 को प्रदान किया गया।
     
     
     
    ललित कुमार दुबे की इस अद्भुत कलाकृति को विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का प्रतीक माना जा रहा है। प्रमाणपत्र पर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के इंटरनेशनल चेयरमैन डॉ. अविनाश डी. सकुंडे और यूरोप यूनियन हेड डॉ. इवान गासिना के हस्ताक्षर हैं।
     
    ललित दुबे ने इस सम्मान को छत्तीसगढ़ और भारत की कला और संस्कृति को समर्पित करते हुए कहा कि “राम के नाम में जो ऊर्जा और आस्था है, वही इस कला का मूल प्रेरणा स्रोत रही।”
     
     
     
    यह रिकॉर्ड न केवल कला की उत्कृष्टता का उदाहरण है, बल्कि भारतीय अध्यात्म और भक्ति परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने वाला क्षण भी है। 
  • दुर्ग में युवक की निर्मम हत्या, शव के पास मिली बिना नंबर का बाइक

    11-Oct-2025

    दुर्ग। दुर्ग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नयापारा पंचशील नगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। घटना स्थल से बिना नंबर की एक दुपहिया वाहन बरामद हुआ है, जिससे पुलिस को शक है कि वाहन मृतक या हत्यारे का हो सकता है।

     
    जानकारी के अनुसार, घटना स्थल एक खाली भूखंड है, जहां सुबह लोगों ने युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि युवक की हत्या भारी पत्थर से सिर कुचलकर की गई है।
     
    मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
  • वित्तमंत्री ने अहिवारा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का किया शुभारंभ

    11-Oct-2025

     दुर्ग। प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में आज दुर्ग जिले के अहिवारा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कार्यालय नगर पालिका परिषद अहिवारा के रैन बसेरा परिसर में फीता काट कर नवीन उप पंजीयक कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, अहिवारा के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के जनता की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हुई है। नवीन उप पंजीयक कार्यालय में अहिवारा क्षेत्र के नगर पालिका परिषद के समस्त वार्ड तथा राजस्व निरीक्षक मंडल अहिवारा एवं मुरमुंदा के अंतर्गत आने वाले कुल 56 ग्रामों की रजिस्ट्रियां पूर्व में उप पंजीयक कार्यालय धमधा एवं भिलाई में होती थी। अब नवीन उप पंजीयक कार्यालय अहिवारा में 10 अक्टूबर 2025 से इन सभी क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली अचल संपत्तियों से संबंधित समस्त दस्तावेजों का पंजीयन होगा। जिससे पक्षकारों को पंजीयन कार्य में सीधे लाभ मिलेगा, उनका समय एवं संसाधनों की बचत होगी।

     
     
    मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में विकास के कार्य को आगे बढ़ाने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी को क्रमशः पूरा कर रही है। चाहे वह किसानों का 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदी हो अथवा 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश सरकार 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये महतारी वंदन की राशि जारी कर रही हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि रायपुर से राजनांदगांव को जोड़ कर इंटीग्रेटेड प्लान के साथ विकास किया जाएगा। मेट्रो रेलवे लाईन का सर्वे हो चुका है। उन्होंने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री कार्य में आमूलचूल परिवर्तन कर नई पद्धति लागू की गई है। इसके लिए एक्ट में परिवर्तन किया गया है। वर्तमान में सुगम ऐप के माध्यम से रजिस्ट्री कार्य क्रेता-विक्रेता दोनों के मौजूदगी में किया जा रहा है। ई-स्टाम्प, पेपरलेस प्रक्रिया, स्वतः पंजीयन का प्रावधान से नामांतरण हो रहा है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने क्षेत्र की जनता को पंजीयन के नये पद्धति से लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने अहिवारा में आदर्श पंजीयन कार्यालय एक वर्ष में तैयार करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव की मांग पर कहा कि अहिवारा में पूर्व निर्मित मकान को नियमितीकरण करने शासन स्तर से प्रयास किया जाएगा।
     
    स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अहिवारा वासियों को नवीन उप पंजीयक कार्यालय शुभारंभ पर बधाई दी। मंत्री श्री यादव ने रजिस्ट्री के पुरानी पद्धति और नई पद्धति से अवगत कराते हुए इस पद्धति का पूरा श्रेय वित्त मंत्री को दिया। उन्होंने विधायक श्री कोर्सेवाड़ा की मांग पर अहिवारा में केंद्रीय विद्यालय खोलने का भरोसा दिलाया। मंत्री श्री यादव ने अहिवारा में मकान नियमित कराने वित्त मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट किया। सांसद विजय बघेल ने अहिवारा को उप पंजीयक कार्यालय की सौगात के लिये वित्त मंत्री का आभार माना। उन्होंने वित्त मंत्री जी की प्रशासनिक क्षमता और निर्णय का सराहना किया।
     
    विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने कहा कि क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। उन्होंने शासन प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए क्षेत्र के विकास में आगे भी सहयोग की अपेक्षा की। विधायक कोर्सेवाड़ा ने मंत्री द्वय से अहिवारा में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि नवीन उप पंजीयक कार्यालय से 56 गांव के लोगों को सुविधाये उपलब्ध होगी। इस अवसर पर नगर पालिका के अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा, उपाध्यक्ष अशोक बाफना, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष नटवर लाल ताम्रकार एवं पार्षदगण, एसडीएम महेश राजपूत, जिला पंजीयक सुश्री प्रियंका श्रीरंगे सहित अन्य अधिकारी तथा महंत लीलाधर साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे। 
  • धान खरीदी की आरंभिक तैयारी के लिए शासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी

    11-Oct-2025

    राजनांदगांव। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी के लिए आरंभिक तैयारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए है। जारी निर्देश अनुसार किसानों का नवीन पंजीयन तथा पंजीकृत फसल व रकबे में संशोधन की कार्रवाई की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक पूर्ण की जाएगी। शासन के निर्देशों के तारतम्य में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने धान उपार्जन केन्द्रों में धान की बिक्री करने के लिए पहुंचने वाले किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान विक्रय के इच्छुक कृषकों को अनिवार्य रूप से एग्रीस्टैक पोर्टल एवं एकीकृत किसान पोर्टल दोनों पर पंजीयन कराना होगा। धान के रकबे का तहसील एवं जिला स्तर के अधिकारियों द्वारा पीवी एप के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। खरीद कार्यों में पारदर्शिता के लिए गत वर्ष की तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में भी आधार आधारित बायोमेट्रिक खरीद प्रणाली लागू रहेगी। किसान स्वयं या उनके द्वारा पंजीकृत नामिनी (परिवार के नामित सदस्य व करीबी रिश्तेदार) के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण द्वारा धान विक्रय कर सकते हैं। इसके लिए किसान पंजीयन अवधि के दौरान नॉमिनी का पंजीयन कराना आवश्यक है। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण विफल होने की संभावित स्थितियों के निराकरण हेतु प्रत्येक खरीदी केंद्र पर कलेक्टर द्वारा विश्वसनीय व्यक्ति की नियुक्ति की जाएगी।

     
     
    कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बारदाने की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान उपार्जन केंद्र में गेट एवं फेंसिंग, सुगम पहुंच मार्ग और खरीदी एवं संग्रहण हेतु पर्याप्त स्थान की व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने धान खरीदी इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों में नमी की जांच हेतु आद्र्रतामापी यंत्र चालू अवस्था में रखे जाए और उनका कैलीब्रेशन धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व करने के लिए कहा। विद्युत व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, चालू हालत में कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर, यूपीएस एवं जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। धान उपार्जन केंद्र स्तर पर धान के सुरक्षित संग्रहण हेतु आवश्यक संख्या में पॉलिथीन कवर और डेनेज सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा। धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त संख्या में कर्मचारी एवं श्रमिकों की व्यवस्था करने के लिए कहा।
  • शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का गायनिक ऑपरेशन थियेटर आगामी आदेश तक सील

    11-Oct-2025

    राजनांदगांव। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला मुख्यालय राजनांदगांव स्थित निजी चिकित्सालय शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल राजनांदगांव में ग्राम रिवागहन जिला बालोद निवासी मरीज श्रीमती दौपदी साहू को 24 सितम्बर 2025 को भर्ती किया गया था। जिसके बाद मरीज के बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया। मरीज को टांका खुलवाने के लिए 6 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3.50 बजे भर्ती किया गया था, जिसकी ईलाज के दौरान 9 अक्टूबर 2025 को सुबह 11.30 बजे मृत्यु हो गई। मरीज की मृत्यु के पश्चात मरीज के परिजनों द्वारा मरीज के ईलाज में लापरवाही होने के कारण मृत्यु होने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर का घेराव किया गया।

     
     
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन एवं टीम ने मरीज के परिजनों से बात की एवं शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की जांच की गई। 9 अक्टूबर 2025 को ही विशेषज्ञों की पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन कर सात दिवस के भीतर घटना की जांच कर अभिमत सहित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। जिला स्तरीय गठित जांच दल द्वारा 10 अक्टूबर 2025 को शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचकर सबसे पहले गायनिक ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण कर क्लचर जांच हेतु सैंपल लिया गया हैं, जिसे जांच हेतु एआईआईएमएस रायपुर हेतु भेजा जाएगा। सैंपल लेने के बाद शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के गायनिक ऑपरेशन थियेटर को आगामी आदेश तक के लिए सील किया गया है। जिसके पश्चात मरीज श्रीमती दौपदी साहू के ऑपरेशन में शामिल तीनों डॉक्टरों एवं सहायक दो ओटी स्टॉफ का बयान लिया गया एवं मरीज के ईलाज की समस्त दस्तावेजों की फोटोप्रति जांच दल द्वारा आगामी जांच हेतु लिया गया है। शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल राजनांदगांव के विरूद्व प्राप्त शिकायत की जांच प्रक्रियाधीन है। जिला स्तरीय गठित जांच दल द्वारा प्राप्त शिकायत की जांच कर अभिमत सहित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने पर संबंधितों के विरूद्व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
  • दीवाली पूर्व ग्रेच्युटी और एरियर्स की मांग

    09-Oct-2025

     छत्तीसगढ़ राज्य के विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स उच्च शिक्षा मंत्री माननीय टंक राम वर्मा जी से सातवें वेतनमान के आधार पर पेंशन आदेश और तेरह सेवानिवृत कर्मचारियों के लगभग 18 माह से लंबित ग्रेच्युटी एवं एरियर्स राशि दीपावली एवं 25 वीं राज्योंत्सव के पूर्व आदेश जारी करवाने के लिए लगाई गुहार- प्रदीप मिश्र 

     
    छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप मिश्र और सचिव शिरीष त्रिवेदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त सेवानिवृत विश्वद्यालयीन कर्मचारियों को शासन द्वारा छठवें वेतनमान के आधार पर पेंशन दिया जा रहा है जबकि ये सेवानिवृत विश्वद्यालयीन कर्मचारीगण सातवें वेतनमान के आधार पर वेतन लेते हुए सेवानिवृत होते हैं उन्हे छठवें वेतनमान के आधार पर पेंशन दिया जाता है जोकि छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय कर्मचारियों की भाँति
     एक समान पद - समान वेतन, 
    एक समान काम - एक समान वेतन,
     एक समान शासकीय नियमों को पालन करने की - एक समान बाध्यता होती है l 
     तो फिर पेंशन देने में छत्तीसगढ़ राज्य के विश्वविद्यालयीय पेंशनर्स को शासन क्यो वंचित करता है l  
     इन्ही मुद्दों को ध्यान में रख कर हमारे प्रदेश के शिक्षा जगत में शिक्षकीय कार्य को बखूबी निभा चुके विद्वत शिक्षाविद हमारे शिक्षामंत्री माननीय टंक राम वर्मा जी से मिल कर पेंशनरों की समस्या से अवगत कराये आपने हमारी समस्या को बड़े ध्यान से सुना और तत्काल अपने निज सहायक / पी ए जी को बुला कर निर्देश दिए निज सहायक / पी ए जी ने भी तत्परता दिखाते हुए हमारे सामने ही तत्काल उच्च शिक्षा विभाग में फोन पर पेंशन आदेश और ग्रेच्युटि के साथ साथ एरियर्स राशि के लिए चर्चा कर हमें बताये कि आप लोगों का ग्रेच्युटि और एरियर्स लगभग एक सप्ताह में मिल जायेगा पेंशन आदेश के लिए फाइल चल रही है थोड़ा समय लगेगा वो भी जल्द ही हो जायेगा ऐसा आश्वाशन दिये प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री जी और उनके निज सहायक / पी ए
    जी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किये l 
     
    मंत्री जी को सातवे वेतनमान लागू करवाने / आदेश जारी करवाने के लिए ज्ञापन पत्र सौपा गया उक्त पत्र देने के लिए श्री प्रदीप कुमार मिश्र, शिरिष त्रिवेदी, राकेश शुक्ला , श्रवण सिंह ठाकुर और अलख राम साहू और गणेश राम यादव जी थ
  • केन्द्र सरकार की अतिरिक्त सचिव ने किया मावा मोदोल व श्रवण बाधितार्थ विद्यालय का दौरा

    09-Oct-2025

    उत्तर बस्तर कांकेर। भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव कैरेलिन खोंगवार देशमुख (भा.प्र.से. 1996) ने आज आकांक्षी जिला कांकेर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन की विशेष पहल पर स्थापित किए गए मावा मोदोल कोचिंग संस्थान और सेंट्रल लाइब्रेरी कांकेर का अवलोकन किया। तदुपरांत वे ग्राम कोदाभाट स्थित शासकीय श्रवण बाधितार्थ विशेष विद्यालय में जाकर निःशक्त बच्चों से रूबरू हुईं और उनसे चर्चा की।

     
     
    नीति आयोग के निर्देशानुसार भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव देशमुख आज सुबह 11 बजे जिला मुख्यालय कांकेर पहुंचीं, जहां से उन्होंने सेंट्रल लाइब्रेरी का कार्य देखा। इस दौरान कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उन्हें बताया कि स्थानीय युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण एवं स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेंट्रल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है, जहां प्रतिदिन महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन करते हैं। इस पर अतिरिक्त सचिव ने जिला प्रशासन की उक्त पहल की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने लाइब्रेरी के विजिटर्स रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर भी किए। इसके बाद मावा मोदोल कोचिंग संस्थान के अध्ययन कक्ष में जाकर विद्यार्थियों से चर्चा की। कलेक्टर ने उन्हें बताया कि सुदूर आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर ढंग से तैयारी करने व कैरियर गाइडेंस देने के लिए इसकी स्थापना की गई है। 
     
    उन्होंने यह भी बताया कि कांकेर जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को सीजी पीएससी, एसएससी, व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के योग्य तैयार करने जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अतिरिक्त सचिव देशमुख ने उक्त कार्य की सराहना करते हुए मौके पर उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जिला प्रशासन की बहुत ही उत्कृष्ट और सराहनीय पहल है, जहां युवाओं को समुचित ढंग से गढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। यहां के विद्यार्थियों का न सिर्फ प्रदेश की लोक सेवाओं में चयन हो, बल्कि अपनी मेहनत और संस्थान के उच्च मार्गदर्शन में देश और विदेशों में भी सेवाओं के जरिए अपनी पहचान स्थापित करें। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से उनके भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।  
     
    मूक-बधिर विद्यार्थियों के बीच गुजारा समय : 
     
    कांकेर प्रवास के दौरान भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव देशमुख मावा मोदोल कोचिंग संस्थान के भ्रमण पश्चात ग्राम कोदाभाट स्थित शासकीय श्रवण एवं दृष्टि बाधितार्थ विशेष विद्यालय पहुंचीं, जहां पर विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों ने साइन लैंग्वेज के साथ स्वागत किया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने स्वागत गीत गाया तथा खुद के द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स उन्हें भेंट की। इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण क्षमा शर्मा द्वारा विद्यालय से संबंधित जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 50 सीटर उक्त विद्यालय में बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित हैं तथा कुल 45 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें 33 श्रवण बाधित और 12 दृष्टिबाधित बच्चे सम्मिलित हैं। यह भी बताया गया कि विशेष विद्यालय परिसर में सभी छात्रों के लिए निःशुल्क आवासीय एवं भोजन सुविधा उपलब्ध है तथा निकट भविष्य में जिला प्रशासन के सहयोग से स्मार्ट क्लासेस संचालित करने की योजना है। 
     
    इस दौरान अतिरिक्त सचिव ने यहां उपलब्ध साधनों एवं संसाधनों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की रूचि के अनुरूप विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण देने की बात कही, ताकि यहां के बच्चे बड़े होकर आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, संयुक्त सचिव आदिवासी विकास अनुपम त्रिवेदी, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
  • अतिरिक्त सचिव कैरेलिन खोंगवार देशमुख ने किया आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रमों में प्रगति की समीक्षा

    09-Oct-2025

    उत्तर बस्तर कांकेर। भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अपर सचिव कैरेलिन खोंगवार देशमुख ने आज जिला कार्यालय कांकेर में बैठक लेकर भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं बुनियादी ढांचा जैसे प्रमुख विषयों पर सूचकांकवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा किया। 

     
    सूचकांकों में प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले की रैंकिंग में और सुधार लाने के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। नवाचार और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाए, दूरस्थ अंचलों तक सेवाओं की पहुँच को और मजबूत करने के लिए विभागीय समन्वय और निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ किया जावे। दूर दराज इलाकों में जन जागरूकता अभियान चलाया जाकर लोगों को शासन के कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जावे। हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विद्यार्थियों के ड्रॉप आउट के दर को कम करने का प्रयास किया जावे तथा स्कूल-स्तर पर निगरानी और परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला स्वसहायता समूहों को खाद्य एवं वनोपज के पैकेजिंग व ब्रांडिंग के लिए कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर उन्हें बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जावे। अपर सचिव ने देशमुख ने आकांक्षी ब्लॉक दुर्गूकोंदल एवं कोयलीबेड़ा में किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की तथा कोयलीबेड़ा के दूरस्थ अंचल में नेटवर्क की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए नेटवर्क पहुंच वाले स्थानों में जाकर पोषण ट्रेकर में जानकारी भरने की समझाईश संबंधित अधिकारियों को दिए। बाल विवाह को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने भी कहा गया। आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार जब मैं कांकेर आई थी और अब की तुलना में जिले के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की और आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
     
    कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कांकेर जिले की भौगोलिक स्थिति, प्रशासकीय ढांचा एवं जिले के जनसंख्या में लिंगानुपात की जानकारी देते हुए बताया कि कांकेर जिले की लिंगानुपात बहुत अच्छा है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की जनसंख्या में एक हजार पुरूषों पर एक हजार छह महिलाओं का लिंगानुपात है। आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम को जिले में बेहतर ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि भारत सरकार के नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत लक्षित सूचकांकों- स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांकेर जिले को रजत पदक प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक विकास के सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोयलीबेड़ा ब्लॉक को स्वर्ण पदक तथा दुर्गूकोंदल ब्लॉक को रजत पदक से सम्मानित किया गया है। उन्होंने जिले में संचालित बेस्ट प्रैक्टिस “मावा मोदोल ” की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से जिले के छात्रों को प्रतयोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है। शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए हमर लक्ष्य अभियान संचालित की जाती है, जिसके परिणामस्वरूप बोर्ड परीक्षाओं में कांकेर जिले का बेहतर प्रदर्शन रहा है।
     
    बैठक में संयुक्त सचिव आदिवासी विकास विभाग रायपुर अनुपम त्रिवेदी, डीएफओ भानुप्रतापपुर हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नीति आयोग के अधिकारीगण मौजूद थे।
  • मनोविकास केंद्र के 5 छात्रों का पर्पल फेस्ट-25 के लिए चयन

    09-Oct-2025

    रायपुर। मनोविकास केन्द्र बलौदाबाजार के 5 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित पर्पल फेस्ट 2025 में भाग लेने के लिए हुआ है। यह आयोजन 9 से 12 अक्टूबर तक गोवा मे किया जा रहा है। फेस्ट में हिस्सा लेने गोवा रवाना होने से पहले गुरुवार को कलेक्टर दीपक सोनी से चयनित बच्चों ने मुलाक़ात की। कलेक्टर श्री सोनी ने मनोविकास केंद्र के बच्चों का फेस्ट के लिए चयन होने पर जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनायें दी।

     
    मनोविकास केन्द्र के नोडल अधिकारी आशा शुक्ला ने बताया कि केंद्र के छात्र कुलदीप निर्मलकर, तुषार सेन पुष्कर कुमार साहू,लोकेश कुमार वर्मा एवं किशन यादव का चयन पर्पल फेस्ट 2025 में भाग लेने के लिए हुआ है। इनके साथ योग शिक्षक ललित कुमार साहू तथा केन्द्र प्रमुख दुर्गा शंकर पटनायक भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।चयनित विद्यार्थी मनोविकास केन्द्र एवं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए 15 मिनट का योग प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे जो दिव्यांगजनों की क्षमताओं और समावेशन की भावना को उजागर करेगा। यह भागीदारी मनोविकास पहल और जिला प्रशासन के लिए गर्व का क्षण होग़ा तथा इन विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अनुभव प्रदान करेगी।
     
    पर्पल फेस्ट 2025 को दिव्यांगजनों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सशक्तिकरण के एक जीवंत उत्सव के रूप में देखा जा रहा है। यह आयोजन भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग,गोवा सरकार के राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन कार्यालय, तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय एवं संयुक्त राष्ट्र भारत के सहयोग से किया जा रहा है।पर्पल फेस्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों के समावेशन, पहुंच और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह महोत्सव समाज में जागरूकता फैलाने, उनकी प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने और एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करता है जहां प्रत्येक व्यक्ति को गरिमा और समान अवसरों के साथ जीवन जीने का अधिकार हो।उल्लेखनीय है कि कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास और पुनर्वास हेतु जिला प्रशासन द्वारा बलौदाबाजार में सीएसआर मद से मनोविकास केंद्र संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र में 45 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षा, चिकित्सा सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और समग्र विकास की सुविधाएं प्रदान किया जा रहा है। यह केंद्र जनवरी 2025 से शुरू हुआ है और अल्प समय मे ही बेहतर परिणाम सामने आने लगा है। विशेष शिक्षा, थेरेपी सेवाएं व्यावसायिक प्रशिक्षण,मनोवैज्ञानिक परामर्श और खेल व सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जा राही हैं। साथ ही बच्चों को आत्मनिर्भर बनने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाता है।
  • दलहन मिशन और नेचुॅरल फॉरमिंग मिशन का 11 अक्टूबर को पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

    09-Oct-2025

    रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कृषि के क्षेत्र में कम उत्पादकता वाले जिले, मध्यम फसल तीव्रता वाले जिले और औसत से कम ऋण वाले जिले के संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए 11 अक्टूबर को देश के किसानों के लिए दलहन मिशन और नेचुॅरल फॉरमिंग मिशन का शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के मंत्रियों से चर्चा कर तैयारियों का जाएजा लिया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए।

     
     
    गौरतलब है कि भारत के कृषि क्षेत्र को उत्पाकता में कमी, सिंचाई की सीमित उपलब्धता, ऋण सुविधा की कमी और फसल कटाई के बाद भंडारण की कमजोर व्यवस्था जैसी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इन कमियों को दूर करने हेतु प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना प्रारंभ की जा रही हैै। जिसके अतंर्गत देश में 100 आकांक्षी जिलों को चयन किया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ के 3 जिलों दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा को शामिल किया गया है। इन जिलों में कृषि उत्पादकता बढ़ाने फसल विविधीकरण, सतत् खेती, सिंचाई सुधार और कृषि ऋण की सुलभता सुनिश्चित की जाएगी। 
     
    वीडियों कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में बताया गया कि देश में दलहन उत्पादकता का बढ़ाना दलहन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना वर्ष 2024-25 में 244.93 लाख टन से बढ़ाकर 2030-31 तक 350 लाख टन दलहन का उत्पादन करना है। वहीं दलहन की खेती का रकबा बढ़ाकर 310 लाख टन करना है। बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान के कहा कि दलों की आयात की जरूरत को समाप्त करते हुए आत्मनिर्भरता की आगे बढ़ना है। साथ ही बेहतर मूल्य स्थिरता के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि करना।
  • फत्तेगंज में गौशाला की जमीन से मुरूम खनन

    09-Oct-2025

     जिले भर में अवैध मुरूम, रेत परिवहन की कार्रवाई मानों लालबहादुर नगर फत्तेगंज क्षेत्र में नहीं?

     
    राजस्व, खनिज, वन विभाग व पुलिस विभाग को अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर भी कार्रवाई करने से कतराते नजर आए?
     
    लालबहादुर नगर - विकासखंड लालबहादुर क्षेत्र के फत्तेगंज में गौशाला की जमीन से मुरूम खनन कर अन्य जगह बेचा जा रहा है। लेकिन इस तरफ खनिज विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग व तहसीलदार ध्यान नहीं देना बहुत कुछ प्रश्न चिन्ह दर्शाता है वहीं पुलिस विभाग भी पीछे नहीं जबकि जिले से मिले फरमान पर अवैध मुरूम, रेत पर कार्यवाही कर विभाग अपनी पीठ थपथपाई जिसके बाद अब जानकारी देने पर भी कार्रवाई करने विभाग सामने न आना मानों अवैध परिवहन करने वालों पर क्षेत्र की विभाग का भरपूर, संरक्षण प्राप्त हो? जिसके कारण ही परिवहन करने वालों के हौसले बुलंद हैं और लगे हाइवा, जेसीबी, माज़दा के मालिक दिन दहाड़े मुरूम खनन कर पटाव के लिए अन्य क्षेत्र में ले जाया जा रहा है। बागनदी थाना क्षेत्र के फत्तेगंज में गौशाला की जमीन से मुरूम खनन कर पटाव कार्य में लाया जा रहा है। 
     
    अवैध कारोबार परिवहन करने वाले को नहीं डर कार्यवाही का अधिकारी भी मौन?
    बता दें कि फोन के माध्यम से राजस्व विभाग लालबहादुर नगर तहसीलदार को अवैध मुरूम परिवहन होने की जानकारी देने पर साफ शब्दों में कहा गया इस बात की जानकारी खनिज विभाग को दें जो एक प्रश्न चिन्ह उत्पन्न करता है वह जिसके बाद फिर दोबारा मुरूम परिवहन पर राजस्व विभाग और खनिज विभाग को कॉल लगाने पर फोन कॉल बंद आता है। अधिकारियों को कॉल लग भी गया तो किसी कारण वश बाहर होना बताते हैं आखिर सूचना देने पर मानों तीनों विभाग मौन की स्थिति में हो जबकि एक विभाग ऐसा होता है जो क्षेत्र में होने वाली हर घटना पर अपनी नजर लगाए हुए रहती है। वहीं अवैध कारोबार कार्यवाही पर पुलिस थाना प्रभारी ने भी बाहर होना बताया लेकिन ऐसा नहीं के अपने पुलिस थाने से किसी अन्य स्टॉफ को भेजकर जांच परख कर कार्रवाई करने की बात न कहकर ऐसे अवैध कारोबारियों को बढ़ावा देते हुए दिखाई दिए जबकि विभागों को जानकारी देने के बाद घंटों इंतजार करने के बाद भी कोई नहीं जांच कर कार्यवाही कर सके मानों इन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को न आने पहले ही कह दिया हो? क्योंकि जो अवैध खनन कर परिवहन करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र में तीन रसूखदार से कम नहीं जो अमूमन नियम कानून को दरकिनार कर दिन दहाड़े हो या रात के अंधेरे में ऐसे अवैध परिवहन कर सकता है जिसका भरपूर संरक्षण विभाग दे तो समझ सकते हैं कितना दमदार होगा जिससे साफ इन्कार नहीं किया जा सकता कि खनिज, राजस्व, वन विभाग, व पुलिस विभाग का संरक्षण न हो। आपको बता दें वाहन किसी बीजेपी, कांग्रेस से जुड़े हुए तीन मुरूम, रेत माफिया बंधुओं का होना बताया गया जिसके द्वारा क्षेत्र में लगातार आए दिन मुरूम, रेत की चोरी कर अन्य जगह खपाया जाता है तीन मुरूम, रेत चोर बंधुओं को शासन प्रशासन का कोई डर नहीं। और दिन दहाड़े मुरूम, रेत का परिवहन करते देखा गया। सूत्र बताते हैं इनके द्वारा गांव क्षेत्र जंगल से मुरूम, रेत निकाल कर बाहरी क्षेत्र की ओर खपाया जाता है राजनीतिक धौंस दिखाकर खुलेआम मुरूम, रेत चोरी की जा रही है। अवैध कारोबार करने वालों को राजनीतिक संरक्षण और अधिकारियों की सांठगांठ के चलते विभागीय अधिकारी कार्रवाई करने मौन है और अवैध कारोबार मुरूम, रेत चोरी पर कार्यवाही नहीं हो रही है।
  • विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर शाहिद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा नेत्र प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन

    09-Oct-2025

    रायपुर - विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर, शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय बीरगांव, रायपुर छ.ग. में छात्रों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में, रेड क्रॉस यूथ सोसायटी और एन.एस.एस. के संयुक्त तत्वावधान में 8 अक्टूबर, 2025 को एक दिवसीय नेत्र प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दृष्टि के महत्व पर जागरूकता बढ़ाना, छात्रों की नेत्र समस्याओं का प्रारंभिक चरण में पता लगाना तथा उन्हें उचित परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस महत्वपूर्ण आयोजन में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर के रेटिना विशेषज्ञ और अन्य प्रतिष्ठित नेत्र विशेषज्ञों का दल उपस्थित रहा। नेत्र जांच शिविर से पहले, विशेषज्ञ दल द्वारा एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने छात्रों को स्वस्थ जीवन शैली और डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले जोखिमों के बारे में विस्तार से समझाया, जिससे नेत्र स्वास्थ्य को लेकर छात्रों में महत्वपूर्ण जागरूकता का संचार हुआ। शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों को नेत्र स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।डॉ. विनीत शाह,एमएस, आप्थाल्मालॉजी,रेटीना स्पेशलिस्ट,असिस्टेंट प्रोफेसर ने संबंधित सामान्य बीमारियों, उनके कारणों और विशेष रूप से चश्मे की आवश्यकता पर एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। डॉ. ललित कुमार पाटकर,नेत्र सहायक अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बीरगांव ने छात्रों को संबोधित करते हुए आँख से संबंधित विभिन्न समस्याओं से सचेत रहने की बात कही। उन्होंने नेत्र की बीमारियों, उनके लक्षणों और निदान के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. संजय शर्मा आप्थाल्मिक असिस्टेंट,रेटीना स्पेशलिस्ट्स ने छत्तीसगढ़ी भाषा में छात्रों के साथ जीवंत संवाद स्थापित किया। उन्होंने नेत्र से संबंधित सभी छोटी व बड़ी समस्याओं के लक्षण और उनसे बचने के उपाय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एक प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित की और सही जवाब देने वाले छात्रों को इनाम स्वरूप पेन प्रदान किए, जिससे कार्यक्रम की रोचकता बनी रही। विशेषज्ञों के व्याख्यान के पश्चात् महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा ने अपना प्रेरक वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि "स्वस्थ तन में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है," और इसलिए स्वास्थ्य, विशेषकर नेत्रों की देखभाल सर्वोपरि है। उन्होंने बीमारी, उसके लक्षण, दिक्कतों और रोकथाम के लिए जागरूक रहने पर बल दिया और सभी से नेत्र शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। नेत्र यंत्र का विमोचन किया गया। जिसे छात्रों में वितरित किया गया। व्याख्यान की समाप्ति के तुरंत बाद नेत्र जांच शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में महाविद्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं की नेत्र जांच की गई। नेत्र विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक व्यक्ति का नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान छात्रों में पाई जाने वाली आम तकलीफें जैसे कि दृष्टि दोष (पावर से संबंधित समस्याएं), कलर ब्लाइंडनेस (रंगों को न पहचान पाने की समस्या), तथा मोतियाबिंद (Cataract) जैसी समस्याओं का पता लगाया गया। जांच के उपरांत, जिन छात्रों को किसी भी प्रकार की नेत्र संबंधी परेशानी या तकलीफ थी, उन्हें व्यक्तिगत परामर्श दिया गया। पावर से संबंधित समस्या वाले छात्रों को आवश्यक चश्मे के नंबर और उसके उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। गंभीर मामलों वाले कुछ बच्चों को मेडिकल कॉलेज में आगे के उपचार के लिए रेफर (संदर्भित) किया गया, जिससे उन्हें समय पर उचित इलाज मिल सके। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रोसमीना कुजूर द्वारा किया। विशेषज्ञ दल के सहयोग से, महाविद्यालय के सदस्यों और छात्रों को न केवल उनकी आँखों की स्थिति के बारे में जानकारी मिली, बल्कि उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी सफल रहा। इस आयोजन ने सभी को अपनी दृष्टि के प्रति अधिक सजग और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। विशेषज्ञ दल में डॉ. विनीत शाह,डॉ. संजय शर्मा, डॉ. मनोरंजन चारा,डॉ. वैष्णवी हटवार,डॉ. ललित कुमार पाटकर,डॉ. कालीचरण गोरे,सहायक गणों में श्रीमती गरिमा साहू, श्री हेमंत देवांगन, गोस्वामी सर, महाविद्यालय परिवार से प्राचार्य डॉ प्रीति शर्मा, रेड क्रॉस प्रभारी डॉ.युगबोध पटले, एनएसएस अधिकारी डॉ कविता कोसरिया, समस्त प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दी।

  • बच्चों ने चलाया ट्रैफिक जागरूकता अभियान, वाहन चालकों को दी नियम पालन की सीख

    08-Oct-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार और रायपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा अक्टूबर माह में चलाए जा रहे रोड सेफ्टी अभियान को एक नई दिशा मिली, जब टाइनी टॉट्स प्ले स्कूल देवेंद्र नगर और सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाई। नन्हे बच्चों ने सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

     
    इस अनोखी पहल में बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, रेड लाइट पर वाहन बंद करने और सावधानी से ड्राइव करने की अपील की। गुजराती स्कूल के पास करीब 50 से अधिक वाहन चालकों को बच्चों ने अपने नन्हे हाथों से गुलाब भेंट किया और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का निवेदन किया।
     
    कार्यक्रम में सुधा फाउंडेशन के चेयरमैन जी.के. भटनागर ने बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर टाइनी टॉट्स स्कूल के निदेशक सतपाल भटनागर सहित स्टाफ सदस्य सुमी राजपूत, जस्सू, राधा और पूनम उपस्थित रहे।
     
    कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्लोगन और प्लेकार्ड्स के माध्यम से ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता फैलाई। उनके कुछ प्रेरक नारे थे —
    “धीरे चलाओ, जिंदगी बचाओ”
    “सावधानी से चलाओ, सुरक्षित रहो”
    “जान है तो जहान है”
    “रफ्तार काबू में हो, जिंदगी आपके साथ हो”
     
    जी.के. भटनागर ने कहा, “बच्चों की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। इससे न सिर्फ ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।”
     
    इस पहल की वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की और बच्चों से वादा किया कि वे अब सड़क पर नियमों का पालन अवश्य करेंगे। 
Top