बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • रायपुर में अब नहीं फसेगा ट्रैफिक! निगम का बड़ा फैसला, इन 18 सड़कों से हटेगा अतिक्रमण..

    14-Feb-2026

     

    रायपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने हाथ मिला लिया है, जिसके तहत शहर की 18 प्रमुख सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने का कड़ा निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में सड़कों की रोड इंजीनियरिंग में सुधार और नए बायपास निर्माण के जरिए जाम की समस्या को जड़ से खत्म करने का रोडमैप तैयार किया गया।
    यह फैसला रायपुर के आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा, क्योंकि पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर और बूढ़ापारा जैसे क्षेत्रों में लगने वाले घंटों के जाम से मुक्ति मिलेगी। व्यवस्थित ट्रैफिक और चौड़े रास्तों से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि राजधानी में व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
     
    बैठक में मुख्य रूप से पंडरी कपड़ा बाजार के पीछे की सड़क को खोलने पर सहमति बनी है, जिससे मुख्य मार्ग का दबाव काफी कम हो जाएगा। इसके अलावा, कंकालीपारा से बूढ़ापारा और संतोषी नगर की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए निगम विशेष फंड जारी करेगा। महापौर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप ने स्पष्ट किया है कि चौक-चौराहों की डिजाइन में तकनीकी बदलाव किए जाएंगे ताकि वाहनों का प्रवाह बिना रुके बना रहे।
     
    इस अभियान के दौरान एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला और एसीपी सतीश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस बल और निगम की टीम अवैध कब्जे हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करेगी। शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर रोड इंजीनियरिंग के जरिए बॉटलनेक को खत्म करना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।
  • रेरा को खत्म कर देना चाहिए, सुप्रीम कोर्ट की बिल्डर लॉबी और RERA पर अब तक की सबसे तीखी टिप्पणी...

    13-Feb-2026
     
    नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (RERA) के कामकाज पर बेहद सख्त टिप्पणी करते हुए इसके अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। सीजेआई सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि जिन लोगों (घर खरीदारों) के लिए रेरा बनाया गया था, वे आज ‘पूरी तरह निराश और हताश’ हैं और यदि इस संस्था को खत्म भी कर दिया जाए, तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
     
    छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई जैसे शहरों में हजारों घर खरीदार रेरा के चक्कर काट रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी उन पीड़ितों के लिए बड़ी उम्मीद है जो बिल्डरों की मनमानी और रेरा के ढीले रवैये से परेशान हैं। इससे आने वाले समय में रेरा के नियमों में सख्ती और रिकवरी की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है।
     
    बेअसर साबित हो रहा रेरा, कोर्ट की तीखी फटकार...
    हिमाचल सरकार के खिलाफ एक याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि राज्यों को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर रेरा का गठन क्यों किया गया था? कोर्ट के मुताबिक, यह संस्था अपने मूल उद्देश्य में विफल रही है और अब यह पीड़ितों के बजाय डिफॉल्टर बिल्डरों का सुरक्षा कवच बनती जा रही है।
    हाई कोर्ट के वकील और रेख विशेषज्ञ अपूर्व जैन तारण के अनुसार, रेरा के पास आदेश देने की शक्ति तो है, लेकिन उन्हें जमीन पर लागू करवाने का कोई ठोस तंत्र नहीं है।
     
    जानकारों की मानें तो रेरा कानून में आदेश मनवाने की कोई सीधी प्रक्रिया नहीं है। रिकवरी के मामले कलेक्टर को भेजे जाते हैं, जो फाइलों में दबे रह जाते हैं। बिल्डरों पर नकेल कसने के लिए कोई मजबूत और व्यवस्थित सिस्टम विकसित नहीं हो पाया। धारा 8 के तहत प्रोजेक्ट समय पर पूरा कराने का अधिकार है, लेकिन जांच के लिए रेरा के पास पर्याप्त अमला (Staff) ही नहीं है। हर राज्य ने रेरा की मूल भावना के विपरीत अपने-अपने अलग नियम बना लिए हैं।
     
    सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद केंद्र और राज्य सरकारों पर रेरा कानून में संशोधन करने का दबाव बढ़ेगा। उम्मीद की जा रही है कि रेरा को अब सिविल कोर्ट की तरह सीधे कुर्की और गिरफ्तारी जैसे कड़े अधिकार देने पर विचार किया जा सकता है, ताकि घर खरीदारों को वास्तविक न्याय मिल सके।
  • शनि प्रदोष व्रत कब है? शिव जी के साथ शनि देव की कृपा पाने के लिए ऐसे करें पूजा...

    13-Feb-2026

     रायपुर। पंडित यशवर्धन पुरोहित... संक्षेप: महाशिवरात्रि से ठीक एक दिन पहले 14 फरवरी 2026 को शनिवार के दिन शनि प्रदोष व्रत रखा जाएगा। शिव पुराण और अन्य ग्रंथों में शनि प्रदोष को कष्ट निवारण, न्याय, धन प्राप्ति और जीवन में स्थिरता लाने का सर्वोत्तम अवसर बताया गया है। आइए जानते हैं इस व्रत के बारे में।

     
    14 फरवरी 2026 को शनिवार के दिन शनि प्रदोष व्रत रखा जाएगा। यह व्रत महाशिवरात्रि से ठीक एक दिन पहले पड़ रहा है, जो अपने आप में एक दुर्लभ और अत्यंत शुभ संयोग है। प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा करने से शनि देव भी प्रसन्न हो जाते हैं। शिव पुराण और अन्य ग्रंथों में शनि प्रदोष को कष्ट निवारण, न्याय, धन प्राप्ति और जीवन में स्थिरता लाने का सर्वोत्तम अवसर बताया गया है। आइए जानते हैं इस व्रत की तिथि, महत्व और पूजा विधि।
     
    शनि प्रदोष और महाशिवरात्रि का दुर्लभ संयोग...
    शनिवार को प्रदोष व्रत का संयोग महाशिवरात्रि से ठीक पहले पड़ना बहुत ही दुर्लभ है। शनिवार शनि देव का दिन होता है और प्रदोष काल शिव पूजा का समय। इस दिन शिव की पूजा करने से शनि देव स्वयं प्रसन्न हो जाते हैं। शास्त्रों में कहा गया है कि शनि देव महादेव के परम भक्त और मानस पुत्र हैं। इस संयोग में व्रत और पूजा करने से शनि दोष, साढ़ेसाती, ढैय्या और अन्य ग्रह पीड़ा से मुक्ति मिलती है। साथ ही जीवन में स्थिरता, न्याय और धन की प्राप्ति के योग बनते हैं।
     
    शनि प्रदोष व्रत का महत्व और लाभ
    शनि प्रदोष व्रत रखने से शनि देव के कष्ट, देरी, मुकदमे, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव दूर होते हैं। यह व्रत विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है, जिनकी कुंडली में शनि कमजोर या पीड़ित हो। इस दिन व्रत रखने से शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या का प्रभाव कम होता है। करियर, व्यापार और नौकरी में स्थिरता आती है। कानूनी मामले और विवादों में विजय मिलती है। आत्मविश्वास और धैर्य बढ़ता है। महाशिवरात्रि से पहले शनि दोष मुक्ति से शिव कृपा और भी शीघ्र प्राप्त होती है।
     
    शनि प्रदोष पर महादेव और शनि देव की पूजा विधि
    14 फरवरी को प्रदोष काल में पूजा इस प्रकार करें:
     
    शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
    शिव मंदिर या घर के मंदिर में शिवलिंग और शनि यंत्र स्थापित करें।
    शिवलिंग पर जल, दूध, दही, घी, शहद से अभिषेक करें।
    बेलपत्र, धतूरा, भांग और फूल चढ़ाएं।
    'ॐ नमः शिवाय' और 'ॐ शं शनैश्चराय नमः' मंत्र का 108 बार जप करें।
    शनि चालीसा या शनि स्तोत्र का पाठ करें।
    शाम को पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
    गरीबों को काले चने या उड़द की दाल दान करें।
    व्रत के नियम और सावधानियां
    शनि प्रदोष व्रत में दिन भर फलाहार या सात्विक भोजन करें। नमक, अनाज, चावल और तामसिक भोजन से परहेज करें। क्रोध, झूठ और नकारात्मक सोच से दूर रहें। व्रत का पारण अगले दिन सूर्योदय के बाद करें। अगर कुंडली में शनि पीड़ित है, तो ज्योतिषी से सलाह लेकर विशेष उपाय करें।
     
    संयोग का विशेष फल...
    14 फरवरी का शनि प्रदोष और 15 फरवरी की महाशिवरात्रि का संयोग दुर्लभ है। इस दिन व्रत और पूजा करने से शनि दोष से छुटकारा के साथ-साथ शिव कृपा भी प्राप्त होती है। रुके हुए कार्यों में गति आती है और जीवन में स्थिरता व सुख बढ़ता है। इस संयोग का लाभ उठाएं।
     
    शनि प्रदोष व्रत से शनि देव और महादेव दोनों प्रसन्न होते हैं। इस दिन पूजा और दान करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
  • छत्तीसगढ़ 5 की मौत, रायपुर समेत इन जिलों में सड़क हादसे हुए...

    13-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। राजधानी रायपुर के विधानसभा रोड में गुरुवार रात बाइक सवार युवक ने साइकिल सवार पति पत्नी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि तीनों दूर दूर तक फेंका गए। तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों मौके पर पहुंचे। जहां तीनों सड़क पर खून से लथपथ थे। इनमें 2 युवकों ने अचानक आखिरी सांस के बाद दम तोड़ दिया। महिला की भी मौत हो गई। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। दूसरी घटना कोरबा के कटघोरा की है, जहां किसी अज्ञात गाड़ी ने ओवरटेक के दौरान दो कारों को टक्कर मारी। घटना में दोनों कारें डिवाइडर से जा टकराई। इसमें एक कार में सामने बैठे 2 लोगों की मौत हुई है। जबकि अन्य 5 लोग घायल हुए है। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मोरगा चौकी इलाके की है।
  • छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स का विस्तार: शैलेष अग्रवाल और अजय देवांगन बने मंत्री...

    13-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को और अधिक गतिशील और मजबूत बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने अपनी टीम का विस्तार किया है। इस नई घोषणा में रायपुर के दो प्रमुख व्यापारियों शैलेष अग्रवाल (रसोई पात्र भंडार, रायपुर) और अजय देवांगन (अजय मेटल स्टोर्स, रायपुर) को प्रदेश मंत्री के पद पर मनोनीत किया गया है।
     
    प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इन नए नियुक्त मंत्रियों के अनुभव का लाभ चैम्बर को मिलेगा
  • ड्रग्स सप्लायर आरक्षक से पूछताछ के बाद एक और गिरफ्तार...

    13-Feb-2026
     
    रायपुर। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशानुसार थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विक्रय पर अंकुश लगाने हेतु सख्त आपराधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के निर्देशन में सूखे नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल एवं सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चैक इशु अग्रवाल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा एवं आजाद चौंक की संयुक्त पुलिस टीम को दिनांक 11.02.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक सीजी 04 PW 1372 में बैठकर प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा विक्रय हेतु ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन, पिता चैतुराम बर्मन, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, हाल पता जनता कॉलोनी पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई, जिसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेकर आरोपी हिमांशु बर्मन से पूछताछ किया गया जिनके द्वारा लक्की सिंह पिता स्व0 प्रीतम सिंह उम्र 28 साल पता- कुकरी पारा सुभाष नगर थाना पुरानीबस्ती रायपुर हाल पता रूद्र विहार अमलेश्वर दुर्ग को हाल ही में 6 ग्राम चिट्टा हिरोईन विक्रय करना बताये जाने पर लक्की सिंह का पता तलाश कर गिरफ्तार कर पूछताछ किया गया जिसमें आरोपी लक्की सिंह द्वारा आरक्षक हिमांशु बर्मन से 6 ग्राम चिट्टा हिरोईन क्रय करना जिसमें से आधा ग्राम का सेवन करना एवं शेष 5.5 ग्राम को अपने पास रखना बताया पुलिस द्वारा तस्दीक करने पर उसके पास से 01 नग कारतूस मिला जिस पर प्रकरण में धारा 21बी, 29 एनडीपीएस एवं 25 आर्म्स एक्ट जोडकर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया। मामले में एंड टू एंड अग्रिम विवेचना जारी है तथा मादक पदार्थ के स्रोत से गंतव्य तक (Source to Destination) की कड़ी में गहन जांच कर अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। लक्की सिंह पिता स्व0 प्रीतम सिंह उम्र 28 साल पता- कुकरी पारा सुभाष नगर थाना पुरानीबस्ती रायपुर हाल पता रूद्र विहार अमलेश्वर दुर्ग।
  • VIP रोड पर बारात निकली तो मैरिज पैलेस संचालकों पर होगी कार्रवाई...

    13-Feb-2026

     

    रायपुर। एयरपोर्ट को शहर से जोड़ने वाली वीआईपी रोड पर हर साल शादी के मौसम में हालात बिगड़ जाते हैं। बारात, डीजे और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों की वजह से लंबा जाम लगता है। कई बार यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने में भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने का फैसला किया है।
     
    गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला ने वीआईपी रोड स्थित करीब 30 होटल और मैरिज पैलेस संचालकों की बैठक ली। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्थिति में बारात मुख्य सड़क पर नहीं निकलेगी। पूरी गतिविधि होटल या मैरिज पैलेस के कैंपस के भीतर ही होगी।
     
    बैठक में मौजूद सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सतीश ठाकुर ने बताया कि फरवरी से मई के बीच समारोहों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे यातायात पर दबाव बढ़ता है। इसलिए सभी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि पार्किंग की व्यवस्था परिसर के अंदर ही सुनिश्चित करें।
     
    पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क पर गाड़ियां खड़ी मिलीं या जाम की स्थिति बनी, तो संबंधित होटल संचालक और आयोजक दोनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुख्य मार्ग पर खड़ी गाड़ियों को तत्काल क्रेन से हटाया जाएगा और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।
     
    पुलिस का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य आम लोगों को राहत देना और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों का समय बचाना है। आने वाले दिनों में नियमों के पालन को लेकर सख्त निगरानी की जाएगी।
  • हवाबाजी की निकली हवा: सोशल मीडिया पर फायरिंग का टशन दिखाना पड़ा महंगा, रीलबाज चढ़े पुलिस के हत्थे

    13-Feb-2026

     

    दुर्ग। पिस्टल नुमा हथियार से फायरिंग कर रील्स बनाकर सोशल मीडिया मेंअपलोड करने वाले एक आरोपी सहित दो सहयोगियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस के द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
    दअरसल, आरोपियों ने यह वीडियो 2019 में बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। आरोपी दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवको को न सिर्फ गिरफ्तार किया है बल्कि उन्हें भविष्य में इस तरीके की घटना को न किए जाने का भी निर्देश दिया है। उनसे कान पकड़वाकर माफी भी मंगवाई गई है।
    रील बनाने के चक्कर में आजकल युवा इस तरीके के नए-नए तरीके अपना रहे हैं और इसको देखकर दूसरे युवक भी प्रेरित होते हैं जिसके कारण दुर्ग पुलिस इस तरह की कार्रवाई लगातार कर रही है।
  • भाजपा नेताओं ने आदिवासियों पर प्राण घातक हमला किया उस पर आपराधिक प्रकरण दर्ज है उसे राजनीतिक बताकर वापस लेना पीड़ितों के साथ अन्याय - दीपक बैज

    13-Feb-2026
     
    हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। बालोद जिला में भाजपा नेताओं पर दर्ज आपराधिक प्रकरण को राजनीतिक बताकर वापस लिए जाने को पीड़ितों के साथ अन्याय करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार अपने नेताओं पर दर्ज आपराधिक प्रकरण को राजनीतिक बताकर वापस ले रही है, ये पीड़ित आदिवासी वर्ग के साथ अन्याय है। प्रकरण वापस होने की खबर के बाद आक्रोशित आदिवासी समाज ने बालोद कलेक्टर का घेराव कर विरोध जताया, न्याय की मांग की। 1 मई 2022 को आदिवासी समाज जो अपनी परम्परा का निर्वहन कर रहे उन पर भाजपा नेताओं ने समूह बनाकर हमला किया था। आरोपियों पर तुएगोंदी गांव के आदिवासी वर्ग के साथ तलवार, चाक़ू, लाठी लेकर मारपीट करने, जान से मारने, गम्भीर चोट पहुँचाने, हत्या का प्रयास करने का गम्भीर आरोप है, जिस पर बालोद जिला के थाना मुंगघुवा में दर्ज अपराध क्रमांक 16/22 प्रकरण क्रमांक 58/23 जिस पर धारा 307, 120बी, 147, 148, 149, 294, 323, 506, 25, 27, आर्म्स एक्ट, एवं 3(2)(ट) एससी/एस टी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आदिवासी वर्ग के साथ अत्याचार करने वाले अपराधी किस्म के लोगों को जिसे न्यायालय सजा देगी। ऐसे में सरकार इस प्रकरण को राजनीतिक प्रकरण घोषित कर कैसे वापस ले सकती है, ये पीड़ितों के साथ अन्याय है। आपराधिक प्रकरण वापसी की सूचना मिलने से आक्रोशित तुएगोंदी गांव के पीड़ित आदिवासी समाज के लोगों ने बालोद कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर विरोध जताया। आपराधिक प्रकरण के तहत कार्यवाही की मांग की। भाजपा आखिर अपराधियों को क्यों बचाना चाहती है? क्या भाजपा सरकार को राजनीतिक प्रकरण और आपराधिक प्रकरण में अंतर नहीं मालूम? जब आपराधिक प्रकरण ऐसे ही वापस लिए जाएंगे फिर अपराधी किस्म के लोगों को संरक्षण मिलेगा। कांग्रेस मांग करती है, तुएगोंदी के आदिवासी के साथ मारपीट करने वालो को कड़ी सजा मिले, उनका प्रकरण राजनीतिक मानकर समाप्त न किया जाये।
  • जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का भव्य समापन आज 13 फरवरी को...

    13-Feb-2026

     

    कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब होंगे मुख्य अतिथि
     
    रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र जर्वेे, जांजगीर में 11, 12 एवं 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है l जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का समापन समारोह 13 फरवरी को सायं 5 बजे किया जाएगा। समापन कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
     
             कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं जांजगीर- चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इसके साथ ही विधायक जांजगीर- चांपा श्री ब्यास कश्यप, विधायक अकलतरा श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह, विधायक पामगढ़ श्रीमती शेषराज हरवंश, विधायक जैजैपुर श्री बालेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष खनिज विकास निगम श्री सौरभ सिंह, पूर्व संसदीय सचिव श्री अम्बेश जांगड़े, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल एवं नगर पालिका परिषद चांपा के अध्यक्ष श्री प्रदीप नामदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
     
    सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केन्द्र...
     जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला के समापन अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। अपरान्ह 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत की जाएंगी। शाम 5 बजे से 6 बजे तक मल्लखंभ, पंथी नृत्य एवं स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक छत्तीसगढ़ी पारंपरिक लोक गायिका आरू साहू अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से सारेगामा विजेता एवं बॉलीवुड गायिका इशिता विश्वकर्मा अपनी सुरीली प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
     
            जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 के माध्यम से कृषि नवाचार, तकनीकी जागरूकता और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे किसानों, युवाओं एवं आमजन को लाभान्वित होने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
  • राजधानी में 94 शीशी प्रतिबंधित सिरप के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार...

    13-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना डी.डी. नगर क्षेत्रांतर्गत सुन्दर नगर स्थित दशहरा मैदान से प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 94 शीशी Glankof-T सिरप बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10,000 रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 102/26, धारा 21(सी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 फरवरी 2026 को एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि सुन्दर नगर दशहरा मैदान के पास कुछ व्यक्ति प्रतिबंधित सिरप की बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने मौके पर जाकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की और घेराबंदी कर तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भानू रजक, अनुराग लिल्हारे और सौरभ पाठक के रूप में हुई। टीम ने आरोपियों के पास रखे थैले की तलाशी ली, जिसमें प्रतिबंधित सिरप Glankof-T बरामद हुआ। आरोपियों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए और पुलिस को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया। इस पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सभी 94 शीशी सिरप जब्त किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में आगे की विस्तृत जांच जारी है और अन्य आरोपी तक पहुंचने के लिए टीम लगातार कार्यरत है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है: भानू रजक पिता संतोष रजक, उम्र 28 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा, शांति निकेतन पब्लिक स्कूल के पीछे, संजय प्रोविजन के पास, थाना डी.डी. नगर, रायपुर। अनुराग लिल्हारे पिता ढालचंद लिल्हारे, उम्र 28 वर्ष, निवासी अग्रवाल किराना स्टोर्स के पास, सेक्टर 04, शिवानंद नगर, थाना खमतराई। सौरभ पाठक पिता गणेश पाठक, उम्र 30 वर्ष, निवासी राम मंदिर के पास, टिल्लू चौक, लाखेनगर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगामी जांच में इनके नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे इस प्रतिबंधित नशीली सिरप के अवैध कारोबार का पूरा खुलासा हो सके। इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लगे गिरोहों को संदेश मिला है कि पुलिस और एण्टी क्राइम टीम लगातार निगरानी में हैं और प्रतिबंधित पदार्थों के व्यापार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
  • CG में प्रेमी जोड़े का दिल दहला देने वाला सुसाइड: गर्लफ्रेंड ने लगाई फांसी, बॉयफ्रेंड ने भी जान दी, वजह हैरान कर देगी...

    13-Feb-2026
     
    गौरेला पेंड्रा मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही में एक प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली है। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, फिर भी शादी में हो रही देरी के चलते उन्होंने अपनी जान दे दी। पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरु कर दी है। यह पूरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
     
    पेंड्रा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद उसके बॉयफ्रेंड ने उसे फांसी के फंदे से उतारकर अपनी भी जान दे दी। बॉयफ्रेंड ने 15 फीट ऊंचे पेड़ में फांसी का फंदा बनाया और झूल गया। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरु कर दी है।
     
    जानकारी के मुताबिक, पनकोटा गांव में रहने वाले कृष्णा भैना (18) का प्रेम प्रसंग गांव की ही अनिता भैना (21) से चल रहा था। दोनों परिजनों की सहमती से एक घर में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। कृष्णा की उम्र कम थी, इसलिए उसके परिजन शादी के लिए कुछ समय रुकने की बात कर रहे थे। शादी में देरी से नाराज अनिता ने बुधवार-गुरुवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
     
    घटना की जानकारी जैसे से कृष्णा को लगी, तो उसने अनिता को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसने पास के ही एक 15 फीट ऊंचे पेड़ में चढ़कर फांसी लगा ली। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है।
  • ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़...

    13-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख रुपये नगदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और बड़ी संख्या में एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11.02.2026 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि थाना कबीर नगर क्षेत्रांतर्गत फेस-02 तिरंगा चौक के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं सायबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल तस्दीक और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम की मुस्तैदी और घेराबंदी के चलते सभी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी बताए। मोबाइल फोन की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट्स के माध्यम से मास्टर आईडी तैयार कर सट्टा खेलना और खिलाना कर रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों को कमीशन के आधार पर आईडी उपलब्ध कराते थे और आईडी की बिक्री से अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे। जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया कि आरोपी रकम के लेन-देन के लिए तथाकथित “म्यूल खातों” का उपयोग कर रहे थे। ये खाते किराये पर लिए गए थे, जिनका इस्तेमाल सट्टे की रकम ट्रांसफर करने और असली स्रोत छुपाने के लिए किया जाता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे खाताधारकों की जानकारी एकत्र की जा रही है और शीघ्र ही उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की ज कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,00,000 रुपये नगदी, 07 मोबाइल फोन, 04 बैंक पासबुक, 01 चेकबुक तथा 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 19,70,000 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 44/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ओम खेमानी (थाना आमानाका) और दीपक सचदेवा (थाना खम्हारडीह) पूर्व में भी सट्टा प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुके हैं। इसके बावजूद अवैध गतिविधियों में पुनः संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं सायबर) कार्यालय के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा के कुल 03 प्रकरणों में 14 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में 1,04,85,000 रुपये नगदी, 02 लैपटॉप, 27 मोबाइल फोन, 04 चारपहिया वाहन, बैंक दस्तावेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित कुल लगभग 1,92,20,000 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदलते अपराध स्वरूप को देखते हुए पुलिस की रणनीति भी लगातार बदली जा रही है। आरोपियों की जीवनशैली, गतिविधियों और डिजिटल ट्रांजैक्शन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित अवैध सट्टा नेटवर्क पर तकनीकी विश्लेषण के जरिए अंकुश लगाया जा रहा है। प्रकरण में यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि कई ग्राहक आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए अवैध सट्टा और नशे के कारोबार के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।
  • DCP पश्चिम जोन की क्राइम मीटिंग: अपराध नियंत्रण, त्वरित विवेचना और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश...

    13-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने दिनांक 12.02.2026 को पश्चिम जोन की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक का मुख्य फोकस थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण, प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण, लंबित प्रकरणों की शीघ्र विवेचना तथा रात्रिकालीन अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त आज़ाद चौक इशु अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर उपस्थित रहे। क्राइम मीटिंग में पश्चिम जोन अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख थाना प्रभारियों- आमानाका, आज़ाद चौक, टिकरापारा, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, कबीर नगर, सरस्वती नगर और मुजगहन ने भाग लिया। अधिकारियों के साथ क्षेत्र में अपराध की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और नियंत्रण उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त संदीप कुमार पटेल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में घटित होने वाले अपराधों एवं नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। संज्ञेय अपराधों के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी संदेश जाए। लंबित शिकायतों और प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए विवेचना में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान सघन पेट्रोलिंग और साथी गंभीर रात्रि गश्त को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि रात के समय अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विजिबल पुलिसिंग बढ़ाई जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम रहे। थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने को कहा गया। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त गांजा, सट्टा और अवैध शराब जैसे गैरकानूनी कार्यों पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए। सूखे नशे, नशीली टैबलेट एवं हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर तस्करों एवं अवैध कारोबारियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस उपायुक्त ने गुंडे-बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सतत निगरानी एवं सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक के अंत में सभी थाना प्रभारियों को आमजन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि पश्चिम जोन में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
  • Android यूजर को निशाना बनाकर साइबर फ्रॉड, राजस्थान से ठगों की हुई गिरफ्तारी...

    12-Feb-2026

     

    रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। विनमेट एपीके का प्रयोग कर फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह द्वारा थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि RTOechallan नाम से आए SMS में दिए लिंक पर क्लिक करने पर उनके बैंक अकाउंट से 4.52 लाख रुपए कट गए। उक्त रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 8/26, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता, 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना रेंज साइबर थाना द्वारा प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान गुगल, बैंक, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाता कम्पनी एवं टेलीग्राम एप से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण कियाआरोपियों द्वारा यूट्यूब एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर Task Complete, Instant Bonus, Referral Bonus और गेम खेलने से कमाई जैसे प्रलोभन दिखाकर winmate, wingo जैसे ऐप का प्रचार करते हैं। ऐसे ऐप प्लेस्टोर/ऐप स्टोर पर नहीं होते। इन्हें इंस्टॉल करते ही उपयोगकर्ता को बोनस राशि दिखाई जाती है और SMS Task के नाम पर उसके मोबाइल नंबर से बड़ी संख्या में फर्जी चालान, बोनस लिंक व अन्य संदिग्ध लिंक भेजवाए जाते हैं। फर्जी SMS पर दिए लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल हैक हो जाता है और बैंक खाते अथवा ई वालेट से अवैध रूप से धनराशि निकाल ली जाती है। साइबर अपराधी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy/Instamart जैसे क्विक कॉमर्स के माध्यम से सामान खरीदकर उसकी डिलीवरी अलग-अलग राज्यों में करवाते थे। अपराध में शामिल 2 मुख्य आरोपी पृथ्वी बिश्नोई, नरसिंह सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, सिम कार्ड, बैंक अकाउंट जप्त किया गया है। इससे पूर्व भी इसी तरह के अपराध में WinGo ऐप के माध्यम से साइबर फ्रॉड करने वाले 3 आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा एवं उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों का नाम 1 पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुलपिता हीराराम उम्र 20 वर्ष, पता ग्राम डोलीकला,थाना कल्याणपुर, बाड़मेर, राजस्थान 2 नरसिंह सिंह पिता नैना राम उम्र 24 वर्ष पता भोपालगढ़ जोधपुर राजस्थान
  • रायपुर में बंद बेअसर रहा...

    12-Feb-2026

    रायपुर। रायपुर में ट्रेड ऑफ कॉमर्स और अन्य व्यापारिक संगठनों का समर्थन नहीं मिलने से हड़ताल बेअसर दिखा। रायपुर में मालवीय रोड, एमजी रोड, सदर बाजार, पंडरी कपड़ा मार्केट, लाखे नगर जैसे बड़े मार्केट में दुकान खुली हुईं है। ग्राहक रोजमर्रा की तरह खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इसके अलावा शहर में सड़कों पर भी ट्रैफिक सामान्य बना हुआ है। केंद्र सरकार के चार नए लेबर लॉ के खिलाफ देशभर में श्रमिक संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में बंद का असर मिला-जुला रहा। रायपुर, बिलासपुर और अन्य शहरों में चैंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन नहीं मिलने के कारण दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप, स्कूल और कॉलेज सामान्य रूप से खुले हैं। रायगढ़ जिले में ट्रेड यूनियन के सदस्य छाल कोल खदान के पास प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे जिले की चार कोयला खदानें बंद हैं और कोयला परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है। यूनियन नेताओं का कहना है कि नए कानून से मजदूरों के अधिकार कम होंगे। भिलाई स्टील प्लांट के मेन गेट के बाहर भी ट्रेड यूनियन के सदस्य विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मनेन्द्रगढ़ की हल्दीबाड़ी कोयला खदान में हड़ताल के चलते काम प्रभावित हुआ। एच.एम.एस., एटक, इंटक और सीटू सहित कई संगठनों ने इसे समर्थन देते हुए चार लेबर कोड को मजदूर विरोधी बताते हुए वापस लेने की मांग की। वहीं, कोरबा की दीपका, कुसमुंडा और मानिकपुर खदानों में एक दिवसीय प्रदर्शन से काम प्रभावित हुआ, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने भी श्रमिकों के समर्थन में हिस्सा लिया।

  • फेयरवेल पार्टियों में स्टंटबाजी पर सख्ती, स्कूलों के लिए नया सुरक्षा ढांचा प्रस्तावित...

    12-Feb-2026

     

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूलों के फेयरवेल कार्यक्रमों और अन्य छात्र आयोजनों को लेकर राज्य बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने एहतियाती कदम उठाने की पहल की है। हाल के आयोजनों में छात्रों द्वारा जोखिमपूर्ण गतिविधियों की प्रवृत्ति को देखते हुए आयोग ने संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश लागू करने की सिफारिश की है।
     
    आयोग ने लोक शिक्षण संचालनालय, सभी जिलों के कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि स्कूलों में होने वाले छात्र-आयोजित कार्यक्रमों के लिए स्पष्ट नियम तय किए जाएं। यदि कोई फेयरवेल या अन्य कार्यक्रम विद्यार्थियों की ओर से आयोजित किया जाता है, तो उसकी पूर्व सूचना स्कूल प्रबंधन को देना अनिवार्य हो। साथ ही, कार्यक्रम शिक्षकों की निगरानी में और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही आयोजित किए जाएं।
     
    आयोग का मानना है कि किशोरावस्था में रोमांच की चाह स्वाभाविक होती है, लेकिन यह उत्साह किसी भी सूरत में बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकता। समय रहते नियंत्रण नहीं होने पर ऐसी गतिविधियां गलत परंपरा का रूप ले सकती हैं, जिससे भविष्य में गंभीर हादसों की आशंका बढ़ सकती है।
     
    निर्देशों में यह भी कहा गया है कि यदि किसी स्कूल में जोखिम भरे स्टंट या अनुचित गतिविधि की सूचना मिलती है, तो संबंधित संस्था प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा जाए और भविष्य के लिए चेतावनी दी जाए। इसके अतिरिक्त, आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अधिकारियों को भी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक करने और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए कहा गया है।
     
    आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन सिफारिशों पर की गई कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट 20 फरवरी 2026 तक उपलब्ध कराई जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि स्कूल परिसरों में होने वाले आयोजन सुरक्षित, अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हों।
  • अवैध गुटखा भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख का माल जब्त...

    12-Feb-2026

     

    रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से गुटखा भंडारण पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई क्षेत्र में की गई छापामार कार्रवाई में 160 बोरी सितार गुटखा और 300 बोरी तंबाखू जब्त किया गया, जिसकी कीमत 20 लाख रुपए बताई जा रही है। राजधानी में इस बड़ी कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खमतराई इलाके में लंबे समय से अवैध रूप से गुटखा का भंडारण किया जा रहा था। दामों में बढ़ोतरी के बीच कालाबाजारी की आशंका पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 160 बोरी सितार गुटखा और 300 बोरी तंबाखू बरामद की गई। यह पूरी कार्रवाई रायपुर नार्थ के डीसीपी मयंक गुर्जर के नेतृत्व में की गई। स्थानीय पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
    रायपुर नार्थ DCP मयंक गुर्जर ने बताया कि रायपुर क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुटखा भंडारण की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में स्टोरेज रूम में सितार गुटखा और तंबाकू का भंडारण किया जा रहा था, जिसकी सूचना पर टीम ने छापेमार कार्रवाई कर 160 बोरी सितार और 300 बोरी तंबाकू कुल मशरूका 20 लाख रुपए जब्त किया गया है। संबंधित विभागों को भी सूचना दी गई है, ताकि पूरे मामले की जांच आगे बढ़ सके।
  • रायपुर कोर्ट परिसर से दो विचाराधीन कैदी फरार, पुलिस में हड़कंप...

    12-Feb-2026

     

    रायपुर। सेंट्रल जेल में बंद दो विचाराधीन कैदियों के कोर्ट परिसर से फरार होने का मामला सामने आया है। दोनों कैदियों को पेशी के लिए अदालत लाया गया था, लेकिन सुनवाई से पहले ही वे पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
     
    जानकारी के अनुसार फरार कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद थे। बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान वे कोर्ट मोहऱिर की अभिरक्षा में थे और इसी बीच मौका पाकर फरार हो गए।
     
    कैदियों के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेल प्रबंधन और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शहर में नाकेबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
  • हाईकोर्ट ने व्हाट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग को माना वैध साक्ष्य...

    12-Feb-2026

     

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवादों में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य की स्वीकार्यता को लेकर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि पारिवारिक न्यायालय को विवाद के प्रभावी निपटारे के लिए ऐसे दस्तावेज या सामग्री को भी साक्ष्य के रूप में स्वीकार करने का अधिकार है, जो सामान्यतः साक्ष्य अधिनियम के तहत मान्य न हों। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने पत्नी की याचिका खारिज कर दी और फैमिली कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा।
     
    मामला रायपुर निवासी एक दंपत्ति से जुड़ा है। पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर करते हुए पत्नी के अन्य लोगों के साथ कथित व्हाट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग को रिकॉर्ड पर लेने की मांग की थी। पत्नी ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर अवैध रूप से यह सामग्री हासिल की है, जो उसके निजता के अधिकार का उल्लंघन है।
     
    फैमिली कोर्ट ने पति की अर्जी स्वीकार कर ली थी, जिसे पत्नी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। एकलपीठ के न्यायाधीश जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने सुनवाई के दौरान कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त निजता का अधिकार पूर्ण (एब्सोल्यूट) नहीं है। निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार सार्वजनिक न्याय से जुड़ा है और कई परिस्थितियों में यह व्यक्तिगत निजता से ऊपर हो सकता है।
     
    अदालत ने टिप्पणी की कि यदि केवल निजता का हवाला देकर प्रासंगिक साक्ष्य को रोका जाए, तो फैमिली कोर्ट की स्थापना का उद्देश्य ही विफल हो जाएगा। कोर्ट ने फैमिली कोर्ट अधिनियम की धारा 14 का उल्लेख करते हुए कहा कि पारिवारिक न्यायालय को विवाद के समाधान में सहायक किसी भी सामग्री को साक्ष्य के रूप में स्वीकार करने की शक्ति प्राप्त है।
     
    सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि यदि साक्ष्य प्रासंगिक है, तो उसे केवल इस आधार पर अस्वीकार नहीं किया जा सकता कि वह किस प्रकार प्राप्त किया गया। अदालत ने यह भी कहा कि न्यायालय का दायित्व है कि वह दोनों पक्षों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाए रखे।
     
    इन सभी तथ्यों पर विचार करते हुए हाईकोर्ट ने पत्नी की याचिका को निरस्त कर दिया और फैमिली कोर्ट के आदेश को सही ठहराया।
Top