बड़ी खबर

Raipur

  • 6 किलो गांजा के साथ महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार...

    08-Mar-2026

     

     रायपुर। राजधानी में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया गया दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3.57 लाख रुपये बताई जा रही है।
     
    यह कार्रवाई स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं साइबर) और उमेश प्रसाद गुप्ता, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) की संयुक्त निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम ने की।
     
    पुलिस को 7 मार्च को सूचना मिली थी कि एक एक्टिवा वाहन में सवार महिला और पुरुष अपने पास बैग में गांजा रखकर आरंग से रायपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र में किया कार शोरूम के सामने आरंग-रायपुर रिंग रोड पर नाकेबंदी कर दी।
     
    इसी दौरान संदिग्ध एक्टिवा को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम माधुरी जैन उर्फ डॉली और युवक ने कृष्ण साहू बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ।
     
    पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला माधुरी जैन, थाना खमतराई के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है, जो फिलहाल नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है।
     
    पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 3.07 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन (कीमत करीब 50 हजार रुपये) जब्त किया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
     
    पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave Comments

Top