बड़ी खबर

Bastar

  • पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व जीएम और उनके दामाद के घर एसीबी का छापा; सुबह से कार्रवाई जारी

    06-Jul-2023
    जगदलपुर/कांकेर 06 जुलाई 2023। छत्तीसगढ़ के कांकेर और जगदलपुर में एसीबी की टीम ने गुरुवार सुबह एक साथ छापा मारा है। ये कार्रवाई छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व जीएम अशोक चतुर्वेदी और उनके बीईओ दामाद राजेश उपाध्याय के आवास पर चल रही है। ससुर-दामाद दोनों पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप है। इस मामले में आरोपी अशोक चतुर्वेदी लंबे समय से फरार चल रहे थे। एसीबी की टीम ने उन्हें आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से गिरफ्तार किया था। एसीबी के इंचार्ज एसपी यूलैनडन यॉर्क ने यह जानकारी दी है। एसीबी की टीम सुबह करीब 5 बजे जगदलपुर के धरमपुर स्थित राजेश उपाध्याय के घर पहुंची। राजेश उपाध्याय दरभा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हैं। टीम के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी है। अफसर उनके घर में दस्तावेज खंगाल रहे हैं। राजेश उपाध्याय पंडरीपानी स्कूल में व्याख्याता हैं, लेकिन उन्हें बीईओ का प्रभार दिया गया है। इसके पहले वे तोकापाल में बीआरसी के पद पर कार्य कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति मामले में की जा रही है। 
    वहीं एक दूसरी टीम दुर्गकोंदल में अशोक चतुर्वेदी के आवास पर पहुंची हैं। वहां भी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। रिटायरमेंट के बाद अशोक चतुर्वेदी पंचायत विभाग में प्रतिनियुक्ति पर थे. उनके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इसमें पाठ्य पुस्तक निगम में ग्रीन बोर्ड के टेंडर के नाम पर अपने बेटे को फायदा पहुंचाने, फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर टेंडर पास करवाने और कमेटी को गुमराह करके ठेकेदार को फ़ायदा पहुंचाने का आरोप है। इसके अलावा अनुपातहीन संपत्ति का भी आरोप है। 

Leave Comments

Top