मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी बैठक में रहे मौजूद
कुमारी सेलजा बोलीं- अगले चुनाव के लिए बनी रणनीति
रायपुर।छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बैठक के बाद कुमारी सेलजा ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई। जिसमें सीनियर लीडर्स को छत्तीसगढ़ की स्थिति के बारे में बताया और आगामी रणनीति को विस्तार से साझा किया। सेलजा ने कहा, संगठन की ओर से पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पार्टी की पूरी रूपरेखा व आगामी रणनीति को बैठक में वरिष्ठ नेताओं को बताया गया। मंत्रियों और नेताओं ने सरकार के साथ अपने कामकाज की रिपोर्ट बैठक में रखी। सचिवों ने भी अपने काम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी ने ये कहा कि पिछले चुनाव की तरह सब मिलकर काम करेंगे। कुमारी सेलजा ने कहा, जब सरकार बनती है, तब उम्मीदें सरकार से ही ज्यादा होती है। पार्टी कार्यकर्ता भी सरकार से ही उम्मीद लगाते हैं। जो उम्मीदें थी उस पर हमने काम किया है। उन्होंने बताया, कांग्रेस के कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियां ,शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन, बीजेपी की नकारात्मक सोच और कांग्रेस की लोगों को जोडऩे की विचारधारा लेकर जनता के पास जा रहे हैं। राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रुप से सभी नेताओं को गाइड किया। उन्होंने कहा, समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है। बीजेपी के ट्रैप में नहीं फंसना है। क्योंकि उनका ट्रैप शॉर्ट टर्म है और कांग्रेस की विचारधारा इन सबसे से उपर है। सभी नेताओं को निर्देश दिया गया कि सामाजिक और भौगोलिक रूप से जिसका जहां प्रतिनिधित्व है वे वहां काम करेंगे।
राज्य के ये सभी नेता बैठक में हुए शामिल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, कुमारी सेलजा, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया, मोहम्मद अकबर? कवासी लखमा, जयसिंह अग्रवाल, धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, चंदन यादव, सप्तगिरि शंकर उल्का, विजय जांगिड़।?
संगठन में चल रही खींचतान की जानकारी हाईकमान तक
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन में इन दिनों काफी खींचतान देखी जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा के बीच हाल ही में नियुक्तियों को लेकर टकराव की स्थिति देखने को मिली थी। 16 जून को मोहन मरकाम ने संगठन में बदलाव करते हुए 6 पदाधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी दे दी थी, लेकिन उनके इस फैसले से पार्टी के अंदर बवाल हो गया।
मंगलवार को रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में मीडिया से कहा था कि इससे पहले भी चुनाव जहां हो रहे हैं उन राज्यों की बैठक हुई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी की उपस्थिति में दो बैठकें हुई। बीच में राहुल गांधी विदेश यात्रा पर गए थे, अब आए हैं। अब बैठक फिर हो रही है। जबकि कुमारी सेलजा ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व की बैठक है, जिसमें कई अहम मुद्दों को लेकर चर्चा होगी।
Adv