कोरबा : पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर की मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने की घोषणा के बाद आखिरकार रामपुर पुलिस ने भाजपा नेता देवेंद्र पांडे और उसके पुत्र शुभम पांडे को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी को लेकर श्री कंवर ने पुलिस अधिकारियों से खूब आग्रह किया था, थक हार कर रायपुर आने के बाद करवाई को लेकर मुख्यमंत्री निवास में धरना देने की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष सेवक राम कंवर ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरोपियों के विरुद्ध अनुसूचित जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत गिरफ्तार करने की मांग की थी। इस भारी दबाव के चलते आज सुबह देवेंद्र पांडेय व उनके पुत्र को गिरफ्तार कर रामपुर पुलिस अपने साथ पुलिस सहायता केंद्र ले आई है। पिछले दिनों पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर व भाजपा नेता व सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय और पुत्र शुभम पांडेय के साथ रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान देवेंद्र पांडे ने अपने पुत्र शुभम पांडे के साथ मिलकर संदीप कंवर को बंधक बना लिया था और उसके साथ जातिगत गाली- गलौज और मारपीट की घटना की गई थी।
Adv