नगरीय क्षेत्रों में अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क यूआईपीए का किया शुभारंभ, बिलासपुर,रतनपुर और तखतपुर में बनेगा पार्क
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय से शहरी योजनाओं का विस्तार करते हुए बिलासपुर सहित प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क (यूआईपीए) का शुभारंभ किया। इनमें बिलासपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र, तखतपुर नगर पालिका परिषद और रतनपुर नगर पालिका परिषद में बनने वाले महात्मा गांधी अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क (यूआईपीए) भी शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री मितान योजना का विस्तार किया। मितान योजना में श्रमिक कार्ड सहित 25 सेवाओं की घर बैठे डिलीवरी की जाएगी। स्व. लखीराम आडिटोरियम में वर्चुअली जुडक़र वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से इसमें संसदीय सचिव श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, महापौर रामशरण यादव, नगर निगम सभापति शेख नजरूद्दीन, मण्डी बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, रतनपुर नगर पालिका के अध्यक्ष घनश्याम रात्रे, कलेक्टर सौरभ कुमार, नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न योजनाओं के लाभान्वित हितग्राही आदि शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अपनी सुंदर संस्कृति और कृषि आधारित मजबूत अर्थव्यवस्था के कारण हमारा छत्तीसगढ़ पूरे देश में विख्यात है। पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान हमारी कोशिश रही है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के साथ-साथ राज्य की शहरी अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया जाए। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए हमने शहरी अधोसंरचना के विकास के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने और ऐसी योजनाएं संचालित कीं, जिनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा सके। शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने के लिए हमने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और धन्वंतरी जैनेरिक मेडिकल स्टोर्स योजना प्रारंभ की। शहरी क्षेत्रों में स्टार्टअप उद्यमियों तथा स्व-सहायता समूहों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की तर्ज पर अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क की शुरुआत हम करने जा रहे हैं। इसका वर्चुअल शिलान्यास आज किया गया है। सर्विस डिलेवरी को मजबूत करने, नागरिकों को घर बैठे प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री मितान योजना की शुरूआत की गई। मुझे आशा है कि इस अभिनव प्रयास से हमारे शहरों में रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे, साथ ही शहरी अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
Adv