रायपुर : एम्स में भर्ती 65 वर्षीय कोरोना मरीज ने मंगलवार आधी रात के बाद 1:30 बजे तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी । पुलिस के मुताबिक लालपुर के बुजुर्ग को पॉजिटिव आने के बाद 8 अगस्त को एम्स में भर्ती किया गया था। देर रात बुजुर्ग ने बालकनी से छलांग लगा दी। उनकी गिरते ही मौत हो गई। बुजुर्ग के शव को एम्स की मरचुरी में रखा गया है। इधर, प्रदेश में भी कोरोना से पांच मौतों की खबर है। मंगलवार को रायपुर एडीएम समेत उनके परिजन भी पाजिटिव निकले हैं। स्वाथ्य मंत्री के बंगले से 10 केस मिले हैं। दुर्ग महापौर व बिलासपुर नगर निगम कमिश्नर भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। मंगलवार को राजधानी में 105 और प्रदेश में 360 केस आए। रायपुर, राजनांदगांव में दो-दो व दुर्ग में 1 समेत 5 की मौत भी हुई है। प्रदेश में कोरोना से मृतकों की संख्या 105 पहुंच गई है, जिनमें सर्वाधिक 47 रायपुर के हैं। राजधानी समेत अभी अलग-अलग अस्पतालों में 3615 लोग भर्ती हैं। प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 12985 हो गई है। राहत की बात ये है कि अब तक 9239 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। मंगलवार को 222 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में संक्रमण की सबसे तेज रफ्तार रायपुर में ही है।
Adv