रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने दिनांक 12.02.2026 को पश्चिम जोन की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक का मुख्य फोकस थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण, प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण, लंबित प्रकरणों की शीघ्र विवेचना तथा रात्रिकालीन अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त आज़ाद चौक इशु अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर उपस्थित रहे। क्राइम मीटिंग में पश्चिम जोन अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख थाना प्रभारियों- आमानाका, आज़ाद चौक, टिकरापारा, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, कबीर नगर, सरस्वती नगर और मुजगहन ने भाग लिया। अधिकारियों के साथ क्षेत्र में अपराध की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और नियंत्रण उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त संदीप कुमार पटेल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में घटित होने वाले अपराधों एवं नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। संज्ञेय अपराधों के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी संदेश जाए। लंबित शिकायतों और प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए विवेचना में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान सघन पेट्रोलिंग और साथी गंभीर रात्रि गश्त को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि रात के समय अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विजिबल पुलिसिंग बढ़ाई जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम रहे। थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने को कहा गया। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त गांजा, सट्टा और अवैध शराब जैसे गैरकानूनी कार्यों पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए। सूखे नशे, नशीली टैबलेट एवं हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर तस्करों एवं अवैध कारोबारियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस उपायुक्त ने गुंडे-बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सतत निगरानी एवं सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक के अंत में सभी थाना प्रभारियों को आमजन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि पश्चिम जोन में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Adv