कोरबा : मंगलवार को हसदेव नदी में बह गए सीतामढ़ी के दोनों बच्चों की तलाश में लगी टीम को बुधवार सुबह एक बच्चे का शव मिला। दूसरे बच्चे के शव की तलाश जारी है। पुलिस व गोताखोर को मंगलवार को रात हो जाने की वजह से उफनती हसदेव में बच्चों को तलाशना काफी मुश्किल जान पड़ रहा था। लिहाजा दूसरे दिन बुधवार को सुबह फिर बच्चों की तलाश नदी में शुरू की गई। काफी कोशिशों के बाद सुबह एक बच्चे का शव बरामद हुआ।
एक बच्चे आयुष का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तलाश में जुटे लोगों की भी आंखें छलक उठीं। शव को परिजनों के सुपुर्द करने पुलिस वैधानिक कार्यवही कर रही है।
ज्ञात हो कि सीतामणी हटरी के पास दीपांशु सोनी पिता जितेंद्र सोनी 11 वर्ष व आयुष केंवट पिता शिव केंवट पांच वर्ष व एक और किशोर मंगलवार को सीतामणी रेत घाट के पास हसदेव नदी में नहाने गए हुए थे। नहाते वक्त पानी के तेज बहाव में ये अपने आप को संभाल नहीं सके और बहने लगे। तीसरा बच्चा तैरकर किसी तरह बाहर निकल गया, लेकिन दीपांशु और आयुष बह गए। बचकर बाहर निकले बच्चे ने आसपास लोगों को इसकी जानकारी दी और देखते-देखते स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
Adv