बड़ी खबर

Raipur

  • हज यात्रा कराने का झांसा देकर 33 लाख से ज्यादा की ठगी

    27-Oct-2020

     रायपुर : राजधानी में धार्मिक यात्रा के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। मुम्बई की कंपनी ने रायपुर और उसके आसपास के डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों को हज व उमराह यात्रा कराने का झांसा देकर 33 लाख 53 हजार का चूना लगाया है। बताया जाता है कि कंपनी ने 2017-18 में पैसे लेने के बाद श्रद्धालुओं को यात्रा पर नहीं भेजा। तकनीकी कारण बताकर उनकी यात्रा कैंसिल कर दी। उसके बाद से अब तक पैसा लौटाने का आश्वासन देती रही, लेकिन आज तक रकम वापस नहीं की। पुलिस के मुताबिक मौदहापारा के इकराम खान का टूर एंड ट्रेवल का काम है। उनके पास 2017-2018 में डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों ने हज और उमराह की यात्रा पर जाने के लिए टिकट बुक कराया। उन्हें एडवांस में पैसा भी दे दिया। इकराम ने इसके लिए मुंबई की अल मोइन टूर एंड ट्रेवल कंपनी से संपर्क किया। कंपनी से हरी झंडी मिलने के बाद डेढ़ दर्जन लोगों का टिकट का भुगतान कर दिया। कंपनी ने पैसा लेने के बाद भी किसी की टिकट नहीं की। एक साल तक कंपनी वाले कोई न कोई तकनीकी कारण बताकर गुमराह करते रहे। दबाव बढ़ाने पर पैसा लौटाने का आश्वासन दिया। इस बीच आरोपियों ने कंपनी बंद कर दी और अल साबरी टूर एंड ट्रेवल के नाम से काम शुरू कर दिया। इस बीच कंपनी के जिम्मेदार पैसा वापस करने का आश्वासन देते रहे। इधर, स्थानीय एजेंट इकराम ने लोगों का पैसा लौटा दिया, लेकिन उनको मुंबई की कंपनी ने पैसा नहीं दिया। उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत की। मौदहापारा पुलिस ने कंपनी के मालिक फारूक खान, मोइन खान और नियाज अहमद के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया है।

Leave Comments

Top