भिलाई : नंदनी थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती सड़क पर पड़ी कराह रही थी। एक बुजुर्ग की खबर पर उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, नंदनी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे सड़क किनारे खड़ी गायों को कुछ खिलाने गए थे, तभी उनकी नजर वहां कराह रही युवती पर पड़ी। युवती की उम्र 25 साल की होगी। उन्होंने युवती को पानी पिलाया और नाम पूछा, लेकिन युवती बताने की हालत में नहीं थी। बुजुर्ग ने 108 और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रही थी, पर रास्ते में ही युवती की मौत हो गई। युवती के पास दो जोड़ी सूट का कपड़ा, पर्स में 100-200 रुपए मिले हैं। उसके सामान में ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे पहचान हो सके। युवती की कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। शरीर पर भी कहीं चोट के निशान नहीं मिले हैं।
Adv