रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उड़ीसा के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गांजे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 09 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। पंडरी मटन मार्केट के पास दबोचा गया
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पंडरी मटन मार्केट अंडर ब्रीज के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह व सीएसपी सिविल लाइन अजय कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम ने सूचना के अनुसार हुलिया पहचानकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मधुसूदन दुर्गा (32) और बेनूधर नायक (23), निवासी ग्राम फाफसी, थाना केगांव, जिला कालाहांडी, उड़ीसा बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग में बड़ी मात्रा में गांजा मिला। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 312/25 धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद गांजा और तस्करी के अन्य साक्ष्यों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नशे के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों व एंटी क्राइम यूनिट को सक्रिय रूप से कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान, एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, उनि मुकेश सोरी, प्र.आर. अनुप मिश्रा, आर. संतोष सिन्हा, राहुल गौतम और आशीष राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Adv