रायपुर : शहर के जय स्तम्भ चौक पर फुटपाथ में चश्मे के रेट को लेकर हुये विवाद पर कल जिस व्यापारी को चाकू मारकर घायल किया गया था उसकी मंगलवार की सुबह मौत हो गई। मामले में दो आरोपियों ने मंगलवार सुबह गोलबाजार थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि कोंडागांव निवासी इसरार अहमद अपने साथियों के साथ सोमवार देर शाम मालवीय रोड से खरीदारी करने के बाद कार से जयराम कॉॅम्प्लेक्स जा रहा था। इस दौरान सिग्नल नहीं होने के कारण रवि भवन की ओर रुक गया। सड़क किनारे फुटपाथ पर चश्मे की दुकान लगी हुई थी। इसमें गॉगल (धूप के चश्मे) भी बिक रहे थे। इसरार ने दुकान पर खड़े युवक से गॉगल का रेट पूछा तो उसने 700 रुपए बताया। इस पर इसरार ने कहा कि रोड छाप चश्मे का ज्यादा रेट लगा रहे हो। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बीच दुकान पर खड़े अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और इसरार को कार से बाहर निकाल लिया और एक युवक ने चाकू से पेट में दो बार हमला कर दिया। इसके बाद चारों युवक बांस टाल की ओर भाग निकले। इसरार को घायल देख उसके साथी मेकाहारा लेकर पहुंचे। वहां देर रात इसरार का ऑपरेशन किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। दो युवक शफीक अली (20) और मोहसिन अली (25) ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया जो चाकूबाजी में शामिल थे।
Adv