महासमुंद। महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। यह रकम एक कार में सीट के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी।
चेकिंग के दौरान खुलासा
मामला कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका का है, जहां पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही एक सफेद रंग की होंडा कार (OD 05 PB 2122) को रोककर तलाशी ली गई।
बैग में मिले 150 बंडल
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट के नीचे रखे नीले बैग से 500-500 रुपये के 150 बंडल बरामद हुए। गिनती करने पर कुल रकम 75 लाख रुपये निकली।
दस्तावेज नहीं दिखा पाए आरोपी
कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान महाप्रज्ञ जैन और राजेंद्र महानंद निवासी जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में बताई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह रकम ज्वेलरी व्यापार के लिए कांटाबांजी से रायपुर लाई जा रही थी, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इनकम टैक्स विभाग जांच में जुटा
पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है। फिलहाल नगदी जब्त कर ली गई है और आयकर विभाग की टीम आगे की जांच में जुटी हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Adv