रायपुर : राजधानी के गंज इलाके में सोमवार की रात जिस युवक की हत्या हुई थी उसकी पहचान हो गई है। मृतक टिकरापारा का रहने वाला शंकर महानंद निकला। उसी के साथी निगरानी बदमाश महेश यादव ने कैची से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि टिकरापारा निवासी शंकर महानंद और महेश यादव दोनों पूर्व परिचित थे। शंकर ने दो-तीन दिन पहले महेश से गमछा उधार लिया था। सोमवार देर रात करीब 1 बजे दोनों शराब के नशे में थे। इस दौरान महेश ने अपना गमछा वापस मांगा। जिसे लौटाने से शंकर ने मना कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर महेश ने शंकर के पेट में कैंची से कई वार कर दिए। इसके चलते शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महेश वहां से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साइबर सेल ने आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया।
Adv