2013 में सिलेक्शन फिर मिला पुलिस मेडल
रायपुर के रहने वाले थे आकाश राव गिरीपुंजे
सुकमा में एएसपी शहीद, सीएम ने कहा- व्यर्थ नहीं जाएगी शहादत
सुकमा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार सुबह प्रेशर बम की चपेट में आने से कोंटा क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरीपुंजे शहीद हो गए। इस घटना में अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। 42 वर्षीय आकाश राव गिरीपुंजे 2013 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी थे। नक्सलियों ने 10 जून को बस्तर बंद आयोजित किया है। जिसके खिलाफ वह कार्रवाई करने के लिए गए थे। बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोंटा क्षेत्र के अंतर्गत कोंटा-एरार्बोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आकर एएसपी गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो ग। उन्होंने बताया कि गिरीपुंजे को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विस्फोट में एएसपी की मौत पर दुख जताया और कहा कि नक्सलियों को इस घटना के परिणाम भुगतने होंगे।
राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विस्फोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोंटा क्षेत्र) आकाश राव गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गिरीपुंजे 2013 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी थे। शर्मा ने कहा कि नक्सलियों को हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होना चाहिए और समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।
पैदल गश्त पर गए थे सभी पुलिस अधिकारी :
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोंटा क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरीपुंजे मंगलवार सुबह कोंटा—एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के करीब प्रेशर बम में हुए विस्फोट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए तथा इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एएसपी आकाश राव, कोंटा के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) भानुप्रताप चंद्राकर और निरीक्षक (थाना प्रभारी कोंटा) सोनल गवला अन्य पुलिस जवानों के साथ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा वाहन जलाने की घटना की जांच तथा गश्त के लिए पैदल गए थे। अधिकारियों ने बताया कि खोजी अभियान के दौरान प्रेशर बम (बारूदी सुरंग) में विस्फोट हुआ, जिससे एएसपी आकाश राव, चंद्राकर और गवला घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सभी घायलों को प्रारंभिक उपचार के लिए कोंटा अस्पताल लाया गया। आकाश राव गंभीर रूप से घायल हुए थे और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
रायपुर के रहने वाले थे आकाश गिरीपुंजे :
आकाश राव रायपुर के रहने वाले हैं। उनकी स्कूली शिक्षा रायपुर से ही हुई है। वह पूर्व कांग्रेस पार्षद के भतीजे हैं। 2013 बैच के अधिकारी हैं। आकाश का सिलेक्शन पीएससी में 2013 में हुआ था वे डीएसपी के लिए चुने गए थे। आकाश को 2019-20 में पुलिस मेडल दिया गया था। आकाश राव रायपुर के सीएसपी भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह महासमुंद, दुर्ग के एडिशनल एसपी रहे हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सुकमा जिले में थी।
शहीदों का सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा :
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस सुंदरराज पी ने कहा कि माओवादियों द्वारा किए गए इस कायराना हमले में एक ऐसे वीर योद्धा को खोना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जो हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करता था। यह बलिदान हमें भावुक करता है, और साथ ही हमारे कर्तव्य के प्रति हमारे संकल्प को और अधिक दृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में माओवादी संगठन पूरी तरह से हतोत्साहित और कमजोर हो चुका है, और उसमें अब सीधे सुरक्षा बलों से टकराने की भी हिम्मत नहीं बची है। इसी कारण वे हमारे जांबाज जवानों, वीर योद्धा और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट, ग्रामीणों की हत्या और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसे कायरतापूर्ण षड्यंत्र रच रहे हैं। सुंदरराज पी. ने स्पष्ट किया कि शहीद आकाश राव गिरीपुंजे का यह सर्वोच्च बलिदान हमें प्रेरित करता है, और यह संदेश देता है कि हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक बस्तर को पूरी तरह नक्सल मुक्त न कर दें। शत शत नमन उस अमर वीर को, जिन्होंने देश और समाज की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी। श्री आकाश राव तथा अन्य शहीदों का बस्तर क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास के उद्देश्य के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, यही हमारा संकल्प है।
सीएम ने जाने घायलों के हाल :
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुकमा जिले के कोंटा में हुए नक्सली हमले में घायल हुए जवान का हालचाल जानने मंगलवार को रामकृष्ण अस्पताल पहुँचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार और स्वास्थ्य सुविधा की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायल जवानों के इलाज में कोई कोताही न हो।
Adv