रायपुर : छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी द्वारा सोमवार को छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी वस्त्रों एवं ग्रामोद्योग सामग्रियों के विक्रय हेतु मोबाइल वैन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राजेश सिंह राणा प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड भी उपस्थित थे ।
श्री तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरुप छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में निवासरत ग्रामीणों को स्वरोजगार हेतु प्रेरित करने के लिए कुटीर उद्योगों की स्थापना का लक्ष्य है और इस हेतु विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करते हुए उनके द्वारा उत्पादित सामग्रियों को आम जनता तक पहुंचाने का ध्येय है, और इसी कड़ी में प्रचार-प्रसार हेतु मोबाइल वैन की शुरुआत की गई है । छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के उत्पादन केंद्रों द्वारा उत्पादित खादी वस्त्र तथा बोर्ड की विभागीय योजना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना अंतर्गत पंजीकृत वित्त पोषित स्व वित्त पोषित एवं महिला स्व-सहायता समूह द्वारा उत्पादित ग्रामोद्योग सामग्रियों का प्रचार-प्रसार एवं विक्रय खादी ग्रामोद्योग भंडार द्वारा किया जा रहा है। उक्त खादी ग्रामोद्योग भंडार तक आम जनता का पहुंचना सुलभ न होने के कारण खादी वस्त्र एवं ग्रामोद्योग सामग्रियों को आम जनता तक पहुंचाने में मोबाइल वैन सार्थक सिद्ध होगा तथा इससे जन-जन में खादी वस्त्रों एवं ग्रामोद्योग सामग्रियों के प्रति रूचि बढेगा। इस कार्य से अनेक बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार की प्राप्ति होगी |
Adv