धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मंदरौद मेघा नदी के किनारे हो रहे रेत के अवैध भंडारण का विरोध करने पहुंचे जिलापंचायत सभापति गोविंद साहू और उनके साथियों की रेत माफिया के गुर्गों ने बेदम पिटाई कर दी । हमलावरों ने लात-घूंसों और रॉड से पिटाई की है। सभापति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुरूद पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है।
बताया जाता है कि जिला पंचायत सभापति गोविंद साहू और जिला पंचायत सदस्य मीना बंजारे के पति यतींद्र बंजारे बुधवार देर रात निरीक्षण के लिए निकले थे। यतींद्र बंजारे ने पुलिस को बताया कि परेवाडीह, डमकादिह और कपालफोड़ी का निरीक्षण कर वे मंदरौद मेघा नदी के किनारे भंडारण के पास पहुंचे थे। वहां पर अवैध रूप से हाइवा से रेत निकाल कर भंडारण किया जा रहा था। इस पर उन्होंने टोका तो कुछ लोग सामने आ गए और उनके साथ गाली-गलौच करने लगे। इसके बाद कहने लगे कि बहुत नेतागिरी करते हो और हमला कर दिया। लात-घूंसों और रॉड से जमकर पीटा गया। इस दौरान गोविंद साहू के कपड़े भी फाड़ दिए। अवैध रेत खनन को देखते हुए बुधवार को जिला पंचायत में हुई बैठक में निरीक्षण का निर्णय लिया गया था। इस पर देर रात अलग-अलग टीमें जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, उपाध्यक्ष निशु चंद्राकर, सदस्य तारिणी चंद्राकर ,सुमन साहू, कुसुमलता, मनोज साक्षी, मीना बंजारे, गोविंद साहू सभी निरीक्षण के लिए निकले थे।
गौर तलब है कि करीब तीन माह पहले 18 जून को भी रेत खनन माफिया ने जिला पंचायत सदस्य खूबलाल और उनके साथियों को 3 घंटे तक बंधक बनाने के दौरान बेल्ट और डंडों से पीटा था। किसी तरह वहां से दरवाजा तोड़कर वे भागे और रुद्री थाने पहुंचे और वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़े थे। यह मामला पूरे प्रदेश में खूब गरमाया था। तब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सारे रेत खदानों को बंद करवा दिया था। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर रेत माफिया और उसके गुर्गों को पकड़ा था।
Adv