रायगढ़। जिला में एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस आरक्षक उसे एसडीएम न्यायालय में पेश करने ले जा रहे थे। तभी मौका पाकर उसने आरक्षक को धक्का दिया और मौके से भाग गया। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को धरमजयगढ़ पुलिस ने हाथीदरहा का रहने वाला विशाल विश्वास 21 साल को किसी मामले में हिरासत में लिया था। इसके बाद धारा 151 के तहत उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। जहां आरक्षक लालजीत राठिया व आरक्षक अनेक्सियूस एक्का उसे SDM न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर गए थे।
तभी एसडीएम कार्यालय परिसर में उसने पानी पीने का बहाना बनाया। इस दौरान उसने आरक्षक लालजीत राठिया को जोरदार धक्का दिया और मौका पाकर वहां से भाग गया। पुलिस आरक्षकों ने उसे दौड़ा कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गया। आरोपी के धक्का देने से आरक्षक लालजीत राठिया के बाए हाथ की कोहनी व अंगुली में चोट पहुंची। इसके बाद आरक्षक ने मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी। जहां मामले में आरक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उसकी तालाश शुरू कर दी है।
Adv