बिलासपुर : बिलासपुर के मस्तूरी थाना इलाके में भनेसर मिशन के पास पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार देर शाम आधा दर्जन बदमाशों ने बाईक सवार तीन युवकों की जमकर पिटाई कर दी और एक युवक का अपहरण कर लिया। अपहृत युवक की लाठी-डंडों और बेल्ट से जमकर पिटाई की गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने युवक का पैर तोड़ दिया और फिर उसे अधमरा हालत में आईटीआई कोनी के पीछे फेंककर भाग निकले। युवक को गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि ग्राम पाराघाट, शंकर मोहल्ला निवासी सुरेश कुमार वस्त्रकार किराना दुकान चलाते हैं। उन्होंने शुक्रवार को अपने बेटे आशीष को जयरामनगर सामान खरीदने के लिए भेजा था। आशीष अपने दोस्त प्रियेश और एक अन्य के साथ निकला। तीनों शाम करीब 7 बजे लौट रहे थे। इसी दौरान अनुराग तिवारी अपने 6-7 साथियों के साथ दो बाइक में आए। भनेसर मिशन के सामने आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और बाइक पर बैठे आशीष को नीचे खींच कर उतार लिया। आरोपियों ने उससे कहा कि अपनी आदत से नहीं सुधरेगा और डंडा, बेल्ट, हाथ-मुक्का से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए प्रियेश व उसके एक अन्य साथी को भी पीटकर भगा दिया। जबकि आशीष को आरोपी अपनी बाइक में बिठाकर ले गए। प्रियेश ने गांव आकर आशीष के पिता सुरेश को घटना की जानकारी दी तो वह थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आशीष को ढूंढने निकली तो वह कोनी आईटीआई के पीछे सुनसान जगह पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने उसे सिम्स में भर्ती कराया। उसकी हालत काफी गंभीर है।
Adv