बिलासपुर : जियो कंपनी के मालिक मुकेश अंबानी के नाम का सहारा लेकर ठगों ने एक नगर सैनिक को 65 लाख का चूना लगा दिया। बिलासपुर पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हरदाडीह निवासी जनकराम पटेल के मोबाइल पर 24 जनवरी को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को जियो कंपनी का मालिक मुकेश अंबानी बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ से जियो के लकी कस्टमर होने की वजह से उन्हें 25 लाख रुपए का विजेता घोषित किया गया है। इस रकम को पाने के लिए नगर सैनिक ने 12 हजार रुपए ठग के बताए बैंक खाते में जमा कर दिए। ठगों ने किसी विराट सिंह नाम के व्यक्ति का खाता नम्बर दिया था। नगर सैनिक ने 1 फरवरी को नेहरू चौक के पास की एक दुकान से विराट सिंह के खाते में नेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अलग अलग नंबरों से वाट्सअप कॉल और सामान्य कॉल आते रहे और नगर सैनिक से लक्की ड्रा की रकम पाने के एवज में रकम जमा करने के लिए कहा जाता रहा। कुछ दिन बाद ठगों ने नगर सैनिक को अपनी बातों में फंसाकर 2 करोड़ रुपये दिलाने का वादा कर दिया। बातों में आकर नगर सौनिक ने किश्तों में कुल 65 लाख रुपए ठगों को सौप दिए। अब जब नगर सैनिक को इनाम की रकम नहीं मिली तो उन्हें संदेह हुआ और अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन ठग गोलमोल जवाब देते रहे। यह भी कहते रहे कि किसी से कहा या ज्यादा सवाल किए तो उसे पैसे नही मिलेंगे, अब पुलिस सभी फोन नम्बर और खातों की जांच कर रही है।
Adv