बड़ी खबर

Bilaspur

  • बुजुर्ग महिला से लुटेरों ने लूटा चेन, केस दर्ज

    05-Mar-2024

    बिलासपुर। बिलासपुर में दिनदहाड़े व्यवसायी के घर में नकाबपोश युवक घुस गया और बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन लूटकर भाग निकला। मुंह पर गमछा लपेटा हुआ युवक स्कूटी से आया था। उसने पहले बुजुर्ग महिला से पूछा कि भैया कहां हैं। महिला ने कहा कि वो दुकान गए हैं, तभी मौका पाकर युवक ने झपट्‌टा मारकर गले से चेन लूट ली। घटना सिटी कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, जूना बिलासपुर के कृष्णा नगर में रहने वाले विशाल हरियानी व्यवसायी हैं। उनकी मेन रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। सोमवार की दोपहर वे दुकान में थे। इसी दौरान पड़ोसी लाल दुबे ने उन्हें फोन कर बताया कि कोई उनके घर में घुस गया और दादी सुलक्षणी देवी के गले से सोने की चेन लूटकर भाग गया। दादी के साथ लूट की घटना की जानकारी मिलते ही विशाल फौरन अपने घर पहुंचा। दादी ने बताया कि एक युवक चेहरे पर गमछा बांधकर आया था। उसने पहले आवाज दी और पूछा कि भैया कहां है, इस पर बुजुर्ग महिला ने उसके दुकान में होने की बात कही। इतने में मौका पाकर युवक उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। बुजुर्ग महिला ने बताया कि सोने की चेन के साथ लॉकेट भी जुड़ा था। घटना के दौरान उन्होंने चेन को बचाने की कोशिश की, जिसमें लॉकेट टूटकर जमीन पर गिर गया, उसे छोड़कर लुटेरा भाग निकला।इस घटना के बाद व्यवसायी विशाल ने पुलिस को लूट की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चेक किया। कैमरे से पता चला कि बदमाश की स्कूटी का नंबर CG 10 BL 1943 है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शहर में चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके साथ ही आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इधर पुलिस चोरों को पकड़ पाने में फिसड्डी साबित हो रही है। लगातार हो रही घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। शहर के बीच दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई लूट की घटना के बाद आसपास के लोग भी दहशत में हैं। 

Leave Comments

Top