बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही

    18-Jun-2024

    कलेक्टर-एसपी ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

    बेमेतरा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाएं जाने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आज मंगलवार को समय सीमा की बैठक उपरांत कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में लोकनिर्माण विभाग और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जानकारी दी गई।
     
    इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ टेकचंद अग्रवाल, अपर कलेक्टर डा. अनिल वाजपेयी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री शर्मा ने जिले में सड़क-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जरूरी कार्यवाई करने के निर्देश दिए। जिले में जहां पर घुमावदार स्थान तथा ब्लाइंड स्पॉट है, वहां से सौ मीटर पूर्व में साइनेज लगाने के दिशा निर्देश दिया। स्कूली वाहन मानक के अनुरूप होने पर ही संचालित करने एवं सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके मार्ग पर जितने भी ब्लैक स्पॉट अवशेष हैं, उनका शीघ्र अति शीघ्र सुधारात्मक कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने ब्लैक स्पॉटवार सुधारीकरण कार्य की प्रगति जानी। लिंक मार्ग व मुख्य मार्गं को कनेक्ट करने वाले स्थानों के पास संकेतांक के साथ मानक के अनुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाए। जिलाधीश ने सड़क सुरक्षा के दृष्टि से की जाने वाली प्रवर्तन कार्यवाही जैसे वाहनों में बैकलाइट, हैडलाईट एवं इण्डीकेटर, दो पाहिया वाहनों में हैलमेट का प्रयोग, चार पाहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग तथा व्यवसायिक वाहनो / ट्रेक्टर ट्रालियों में रेफेटर के प्रयोग के सम्बन्ध में पुलिस परिवहन विभाग द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जाये।
     
    पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने जिले में घटित दुर्घटनाओ का विश्लेषण करते हुए नए ब्लैक स्पॉट एवं लोकेशन चिन्हित करने के निर्देश दिए। परिवहन-पुलिस को निर्देश दिया कि नियमित रूप से यातायात नियमों की जानकारी जन-जन तक पहुॅचाए जाने के उद्देश्य से वाल राईटिंग, हैण्डबिल्स, होर्डिंग्स व बैनर इत्यादि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करायें। बैठक में कलेक्टर एवं एसपी द्वारा जिले में घटित दुर्घटनाओं का विश्लेषण, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों स्कूली वाहनों के मानकों अनुरूप होने पर ही संचालन, सड़क सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न विभागों द्वारा प्री मानसून सड़कों की मरम्मत/गड्ढामुक्ति, वर्षा से पूर्व कास ड्रेनेज वर्क (पुल, पलिया, रपटा आदि) एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ईष्ट देवता की पूजा कर खेत में की धान की बुआई

    18-Jun-2024

    जशपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने खेत में धान की बुआई की. साय ने बगिया स्थित आवास में सीएम ने ग्राम देवता एवं ईष्ट देवता की पूजा के बाद खेती की शुरुआत की. इस मौके पर सीएम ने कहा, किसान सम्मान निधि से किसानों को फायदा होगा.

     
    सीएम साय ने कहा, छत्तीसगढ़ और देश के करोड़ों किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है. बता दें कि हर साल सीएम विष्णुदेव साय पूजा अर्चना के बाद खेती की शुरुआत करते हैं.
  • अवैधानिक, गैर कानूनी अथवा लोक शांति भंग करने वालों की जानकारी देने बलौदाबाजार प्रशासन ने जिलेवासियों से की अपील

    18-Jun-2024

    रायपुर बलौदाबाजार भाटापारा जिला प्रशासन ने सभी जिले वासियों से अवैधानिक, गैर कानूनी अथवा लोक शांति भंग करने वालों की जानकारी कंट्रोल रूम में देने की अपील  की है। अपील में कहा गया है कि ग्राम पंचायत, नगर पंचायत या नगर पालिका क्षेत्र में कोई भी समूह या संगठन अवैधानिक, गैरकानूनी या लोक शांति को भंग करने की दृष्टि से कोई रणनीति बना रहा हो या बैठक कर रहा हो तो उसकी जानकारी  तत्काल जिला कंट्रोल रूम नंबर +91-94791-90629 में देवें। ताकि उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाई की जा सके। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि आइए हम सब एक आदर्श नागरिक होने का परिचय देवे और अपने जिले को शांति,सद्भाव, सामाजिक समरसता और विकास की एक मिसाल  बनाएं।

  • बलौदाबाजार में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की हुई समीक्षा

    18-Jun-2024

    रायपुर बलौदाबाजार कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने संयुक्त जिला कार्यालय क़े सभाकक्ष स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग क़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को ईलाज में किसी प्रकार की समस्या न हो इस बात को सुनिश्चित  करने क़े निर्देश दिए।

     
     कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है तथा गरीब परिवार क़े सदस्यों को मुफ्त ईलाज की सुविधा प्रदान करती है। उन्होने कहा कि शासकीय अस्पतालों क़े साथ ही जिले में अनुबंधित कुल 13 निजी अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड से ईलाज कराने में समस्या न हो। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई बाधा ना आये। किसी क्षेत्र विशेष में कोई समस्या हो तो उसे दूर करने क़े लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होने कहा कि एसडीएम क़े द्वारा ली जाने वाली बैठको में विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को शामिल होकर स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कोई समस्या ही तो जरूर बतायें। उन्होने विगत दिवस जिला मुख्यालय में हुई अप्रिय घटना में पीड़ितों का निःशुल्क ईलाज कि व्यवस्था तथा दस्तावेजों का संधारण करने क़े निर्देश दिए।
     
     कलेक्टर ने जिले की वर्तमान परिस्थिति के मद्देनजर सभी अस्पतालों में जिला कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर +91-9479190629 तथा एम्बुलेंस  कॉल नंबर  को प्रदर्शित करने क़े निर्देश दिए. इसके साथ ही अस्पताओं से निकलने वाले जैव अपशिष्ट पदार्थों क़े उचित निपटान क़े लिए उपयुक्त व्यवस्था बनाने क़े निर्देश दिए। बरसात क़े मौसम में मौसमी बिमारियों  क़े रोकथाम क़े लिए शहरी एवं  मैदानी क्षेत्रों में बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने क़े निर्देश दिए।
  • सीजी व्यापमं ने पीपीटी परीक्षा की एग्जाम तिथि जारी की

    18-Jun-2024

    रायपुर। पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश परीक्षा की तयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी निकलकर सामने आई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापमंने पीपीटी  परीक्षा की तिथि जारी कर दी है। व्यापमं की ओर से पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश के लिए पीपीटी परीक्षा का आयोजन 32 जिला मुख्यालयों में होगा। यह परीक्षा 23 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए छात्रों का प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। छात्र अपनी प्रोफाइल में जाकर प्रवेश पत्र 17 जून से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी प्रवेश पत्र व्यापमं की वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in और https://vyapamaar.cgstate.gov.in/ एवं चिप्स की वेबसाइट http://cgstate.gov.in पर उपलब्ध लिंक में से किसी भी लिंक पर क्लिक करके अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज पर जा सकते हैं। अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्रूस् के माध्यम से एक संक्षिप्त यूआरएल भी भेजा जाएगा। अभ्यर्थी इस यूआरएल को क्लिक कर अपने मोबाइल पर सीधे प्रवेश पत्र प्राप्त कर उसका प्रिंट आउट ले सकते हैं। व्यापमं के मुताबिक, परीक्षा दिवस को सभी परीक्षार्थी लगभग एक घंटे पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र में उपस्थित होना है। उनके मूल पहचान पत्र से उनका पहचान किया जा सके एवं परीक्षा केंद्र में जाने के लिये अनुमति दी जा सके। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र के संबंध में कठिनाई होती है तो हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 एवं मोबाइल नंबर 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थी संपूर्ण प्रवेश पत्र डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट अवश्य निकालें। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केंद्र में जायें। परीक्षार्थियों को डाकघर के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। परीक्षार्थी परीक्षा दिवस से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केन्द्र की भौगोलिक स्थिति से भलीभांति परिचित हो जाएं।

  • भूखे हाथी घुस गए राशन दुकान में, जमकर तोड़फोड़…

    16-Jun-2024

    रायगढ़/धरमजयगढ़ :- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के एडूकला गांव में भूख से व्याकुल जंगली हाथी पीडीएस दुकान का चेनल गेट, शटर तोड़ दिया और अंदर घुस गए। अंदर जाकर वहां रखी चावल की बोरियों को चट कर गए। घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज की है।

    जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से जंगली हाथियों का दल एडूकला गांव के पास जंगल में डेरा जमाए हुए है। वहीं अनाज की खुशबू आज उन्हें पीडीएस दुकान तक खींच लाई। यहां पर उन्होंने दुकान का शटर तोड़ दिया और जमकर उत्पात मचाया। इस घटना के बाद वन विभाग ने गांव में मुनादी कर लोगों को हाथियों से दूर रहने की हिदायत दी है।
  • 5 दिनों तक चले नक्सल ऑपरेशन में 8 नक्सली ढेर, 6 नक्सलियों पर था 48 लाख का इनाम…

    16-Jun-2024

    नारायणपुर (नक्सली मुठभेड़) :- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस फोर्स के नक्सल विरोधी ऑपरेशन ‘नक्सलवाद से माड़ को बचाओ’ में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पांच दिनों तक तक चले अभियान में पुलिस फोर्स ने नक्सलियों के कोर इलाके में घुसकर आठ नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 4 महिला नक्सली भी शामिल हैं। मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। मारे गये सभी नक्सलियों के शव लेकर जवान नारायणपुर पहुंच गये हैं। इन 6 नक्सलियों पर 8-8 लाख यानी कुल 48 लाख का इनाम था। इस अभियान में महिला कमांडो की विशेष भूमिका रही।

     
    मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ का एक जवान बलिदान हो गया और दो जवान घायल हुए हैं। जिनका रायपुर के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है। सीएम और डिप्टी सीएम ने रविवार को उनसे मुलाकात भी की। वीरगति प्राप्त जवान को आज रायपुर और उसके गृह जिले जशपुर में नमन कर श्रद्धांजलि दी गई। फिर अंतिम संस्कार किया गया। फोर्स को ज्वॉइंट ऑपरेशन में नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाडा, कांकेर जिलों के एलिट फोर्सेस डीआरजी और एसटीएफ के साथ 53वी वाहिनी आईटीबीपी और बीएसएफ 135वीं वाहिनी के कुल 1400 जवान शमिल रहे। एक महीने के भीतर तीसरी बड़ी सफलता और 45 दिनों के भीतर चौथी बड़ी सफलता है। 30 अप्रैल काकुर में, 24 मई को रखवाया में, 8 जून को ईरपनार-भट्बेड़ा में इसी अभियान के तहत बड़ी कामयाबी मिली थी।
     
    मौके से ये हथियार बरामद :-
     
    1 नग इंसास रायफल
    2 नग 303 रायफल, 3 नग 315 बोर रायफल,
    1 नग बीजीएल लांचर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामान
    अन्य नक्सली दैनिक उपयोगी सामग्री
    मारे गये नक्सलियों के नाम और पद :-
     
    सुदरू, सीवायपीसी- पीएलजीए कंपनी नं. 01/डीव्हीसीएम, 8 लाख इनामी 
    वर्गेश, सीवायपीसी- पीएलजीए कंपनी नं. 01/डीव्हीसीएम, 8 लाख इनामी 
    ममता, सीवायपीसी- पीएलजीए कंपनी नं. 01/डीव्हीसीएम,  8 लाख इनामी 
    समीरा, पीपीसीएम- पीएलजीए कंपनी नं. 01,  8 लाख इनामी 
    कोसी, पीपीसीएम- पीएलजीए कंपनी नं. 01,  8 लाख इनामी 
    मोती, पीपीसीएम- पीएलजीए कंपनी नं. 01,  8 लाख इनामी 
    अन्य 2 नक्सलियों की पहचान की कार्यवाही जारी है.. 
     
    वीरगति को प्राप्त जवान :-
     
    एसटीएफ आरक्षक 606 नितेश एक्का उम्र 27 वर्ष निवासी जिला जशपुर
    घायल दो जवान :-
     
    एसटीएफ आरक्षक 1075 लेखराम नेताम उम्र 28 वर्ष निवासी जिला धमतरी।
    एसटीएफ आरक्षक 831 कैलाश नेताम उम्र 33 वर्ष निवासी जिला कोण्डागांव।
    अब तक 131 माओवादियों के शव बरामद :- बस्तर आईजी सुन्दरराज पी ने बताया कि वर्ष 2024 में अब तक बस्तर संभाग के अंतर्गत हुए एनकाउंटर्स में अब तक कुल 131 माओवादियों के शव बरामद की गई, जिसमें सर्वाधिक जिला बीजापुर- 51, कांकेर-34 एवं नारायणपुर- 26 माओवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है।
  • एआई एप से होगी हाथी दल की निगरानी, अब 1 हजार किलोमीटर तक मिलेगी सटीक लोकेशन

    16-Jun-2024

    गरियाबंद। उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट गरियाबंद के उपनिदेशक वरुण जैन ने अपनी आईटी टीम एफएमआईएस और नोएडा बेस्ड स्टार्टअप कंपनी कल्पतरु के साथ मिलकर हाथी अलर्ट ट्रैकर एप को पिछले 2 साल से मिले डाटा के आधार पर उपडेट किया है. इसके आधार पर ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में हाथी की उपस्थित की एकदम सटीक जानकरी मिल सकेगी. इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य सहित आसपास के राज्य के 1000 किलोमीटर की परिधि में आने वाले वन कर्मियों को भी हाथी की लोकेशन के अलावा उनके विचरण की नियर-रियर जानकारी मिल सकेगी.

     
    उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि पिछले 2 सालों से एप के माध्यम से हम हाथियों की लोकेशन के अलावा उनके विचरण करने के तौर तरीके का भी अध्ययन कर रहे हैं. इसमें कई सारी जानकारियां हमने एकत्र की है. जैसे किसी दल में अगर कोई हथनी प्रेग्नेंट होती है या कोई हाथी बीमार रहता है तो दल काफी धीरे-धीरे विचरण करता है. इसी तरह गर्मी के मौसम में तालाब और जलाशयों के आसपास विचरण करता है.। इन सब अध्यन के बाद अब हमने एप को उपडेट किया है. दल का कोई हाथी अगर बीमार है तो लोकेशन पर उस हाथी के ऊपर अलग से स्वास्थ्य चिन्ह दिखाई देगा. 
     हाथी अलर्ट एप के उपयोग से रोचक डाटा जनरेट
     
    उदंती सीतानदी टाइगर रिज़र्व के ग्रामीणों को 2 दिन पहले से हाथी का सटीक अलर्ट मिल सकेगा. हाथी ट्रैकरों एवं अलर्ट एप के प्रयास से विगत 16 माह में टाइगर रिज़र्व में वन्यप्राणी-मानव द्वन्द से कोई भी जनहानि नहीं हुई है. वही वन विभाग को पिछले 2 वर्षो से ODK एप एवं 1.5 वर्ष से हाथी अलर्ट एप के उपयोग से काफी रोचक डाटा जनरेट हुआ है, जिससे हाथियों के बर्ताव एवं विचरण की जानकारी एकत्रित हुई है. इस एप के माध्यम से अब 12 वनमंडलों में अलर्ट एप का उपयोग हो रहा है. 
     
    किया जा रहा अर्ली वार्निंग अलर्ट सिस्टम विकसित
     
    पिछले दो वर्षो की विभिन्न हाथी दलों के विचरण की प्रतिदिन की जिओ टैग्ड जानकारी, जिससे उनके कॉरिडोर का नक्शा तैयार हो गया है, विचरण का पैटर्न पता चल रहा है. सर्दी, गर्मी, बरसात में किस-किस जगह विचरण किया गया है. हाथी के वन क्षेत्रों में खाई गई वनस्पति (जिसमे प्रमुखतः बांस करील, माहुल बेल, मोयन छाल, साल जड़, सेंदुरी जड़, छिंद जड़ आदि) का जीपीएस टैगिंग एवं जंगलो में बिताया समय,फसल हानि, जनहानि एवं जन घायल के विगत 2 वर्षो के प्रकरणों की जीपीएसनमैपिंग, तालाबो, झरनों नदी, नालो एवं झिरिया का जीपीएस मैपिंग जिनका उपयोग हाथियों द्वारा किया गया है. 
     
    संभावित क्षेत्रों का सटीक पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा
     
    इस अपडेट को “हाथी-बॉट” नाम दिया गया है.अभी तक अलर्ट एप ए-आई का उपयोग कर हाथी लोकेशन से 10 किलोमीटर की परिधि में उपस्थित समस्त ग्रामीणों को ऑटोमेटेड मोबाइल कॉल, एसएमएस एवं व्हाट्सएप्प मेसेज भेजता था. अब इस नए प्रयोग के सफल होने पर और सटीक जानकारी अर्ली वार्निंग सिस्टम के माध्यम से भेजी जा सकेगी. इससे प्रशासन एवं ग्रामीण उचित कदम उठा सकेंगे और द्वन्द की स्तिथि कम होगी. एकत्रित हुए डाटा की मदद से हाथी रहवास स्थलों को चिन्हांकित कर तालाब, वृक्षारोपण एवं चारागाह बनाये जा सकेंगे. 
     
    ऐसे काम करेगा अब नया अपग्रेड एप 
     
    हाथी-बॉट के माध्यम से अर्ली वार्निंग अलर्टस और हाथी दल की गति जान सकेंगे. सीमावर्ती झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना राज्य के पंजीकृत वन स्टाफ भी 1000 किलोमीटर की परिधि में हाथी लोकेट होंगे. उनके विचरण की नियर-रियल टाइम लोकेशन और कॉरिडोर को देख सकेंगे, जिससे अंतर-राज्ययीय समन्वय सुद्रढ़ होगा.
     
    सीतानदी टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट गरियाबंद के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि नए अपडेटेड एप के माध्यम से छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के आसपास के वन कर्मियों के अलावा स्थानीय ग्रामीणों को भी दो दिन पहले हाथी दल का सटीक लोकेशन मिल सकेगा. इस ऐप के माध्यम से पिछले 16 माह से किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है मगर अब इस ऐप को हाथियों के बर्ताव के आधार पर और अधिक अपडेट कर दिया गया है. इससे ओर भी कई तरह के लाभ आने वाले समय मे मिल सकेंगे.
  • छत्तीसगढ़ी पुस्तक 'कहिबे' का विमोचन: साहित्यकार डॉ. परदेशीराम बोले- 'छत्तीसगढ़ी माध्यम भाषा बनाने की हकदार'

    16-Jun-2024

    रायपुर। वैभव प्रकाशन और अगास दिया परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आज पत्रकार गुलाल वर्मा की छत्तीसगढ़ी पुस्तक ‘कहिबे’ का विमोचन हुआ. इस अवसर पर माध्यम भाषा छत्तीसगढ़ी विषय पर संगोष्ठी भी हुई. इसमें मुख्य अतिथि डॉ परदेशीराम वर्मा ने कहा छत्तीसगढ़ी के साथ निरंतर अन्याय हो रहा है और यह आज तक माध्यम भाषा नहीं बन पाई है. अध्यक्षता वरिष्ठ छत्तीसगढ़ी सेवी नंदकिशोर शुक्ल ने की.

     
    इस अवसर पर गुलाल वर्मा का सम्मान करते हुए उनकी पुस्तक के विमोचन के बाद अतिथियों ने कहा कि यह कृति छत्तीसगढ़ी गद्य को समृद्ध करती है. लेखक ने अपने समय के सभी सरोकारों पर चिंतन के साथ कार्य किया है. संयोजन करते हुए डॉ सुधीर शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद भी छत्तीसगढ़ी को प्राथमिक स्तर पर माध्यम भाषा नहीं मानना एक सामाजिक अपराध है. युवा पत्रकार और मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी के संयोजक डॉ वैभव पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ी को साहित्यकारों, पत्रकारों और कलाकारों ने समृद्ध किया है और आज वह राजभाषा है. छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन के अध्यक्ष ऋतुराज साहू ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ी राज्य की अस्मिता है इसके लिए समाज को आगे आना होगा. सवाल रोजगार के अलावा हमारी पहचान का भी है. छंद के छः के संयोजक अरूण कुमार निगम ने कहा कि पुस्तक कालजयी होती है और अनुसंधान के लिए बरसों तक काम आती है. गुलाल वर्मा ने सामयिक विषयों को चुनकर चिंतनपरक निबंध लिखा है. छत्तीसगढ़ी के अध्ययन में यह सहायक है. 
    छत्तीसगढ़ी को नहीं मिल पा रहा सम्मान 
     
    छत्तीसगढ़ी और हिंदी के साहित्यकार डॉ. परदेशीराम वर्मा ने कहा कि अन्य प्रदेशों की तरह छत्तीसगढ़ के लोग अपनी भाषा, संस्कृति और अस्मिता के प्रति उदासीन हैं इसीलिए छत्तीसगढ़ी को सम्मान नहीं मिल पा रहा है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति का पालन करते हुए इसे माध्यम भाषा बनाने में सरकार उदासीन है.
     
    छत्तीसगढ़ी को माध्यम भाषा बनाने के लिए संघर्षरत नंदकिशोर शुक्ल ने कहा कि अपनी मातृभाषा पर जब तक हमें भीतर से गर्व नहीं होगा, तब तक छत्तीसगढ़ी को सम्मान नहीं मिलेगा. मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करना बालक का मौलिक अधिकार है और प्रधानमंत्री भी यही संदेश देते हैं. संगोष्ठी में बंशीलाल कुर्रे, डॉ सोनाली चक्रवर्ती, भारती नेल्सन, खुशबू वर्मा, दिनेश चौहान, रत्ना पांडेय, शकुंतला तरार, स्वामी चित्रानंद, अरविंद मिश्रा, छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन के सदस्य और साहित्यकार उपस्थित थे. राजाराम रसिक ने आभार व्यक्त किया.
  • आईटीआर की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा: नेशनल हाईवे के दोनों तरफ बन चुके मकान और दुकान

    16-Jun-2024

    बीजापुर। सरकार जहां एक ओर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जाधारियों पर सख्ती से कार्रवाई करने का दावा करती हैं. वहीं बीजापुर नगर के तहसील चौक के पास जर्जर आईटीआर भवन के पीछे स्थित सरकारी जमीन पर शहर के रसूखदारों ने बिना डर के कब्जा कर रखा है. पूरी प्रक्रिया प्रशासन के नाक नीचे ही चल रही है और प्रशासन के अधिकारी ही नतमस्तक बन बैठे हैं.

     
    दरअसल बीजापुर नगर के ह्रदय स्थल पर शहर के रसूखदारों की ओर से अवैध तरीके से कब्जा किया जा रहा है.बीते शनिवार को जर्जर आईटीआर भवन के पीछे स्थित सरकारी जमीन पर दो सागौन और एक आम की पेड़ों की कटाई कर दी. इसके बाद उस सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया. मीडिया की ओर से प्रशासन के अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद अधिकारी नतमस्तक बन बैठे हैं.
    नेशनल हाईवे की दोनों तरफ की सरकारी भूमि पर कब्जा,
     
    बीजापुर नगर के हाईवे के दोनों तरफ प्रशासन के नाक नीचे ही कब्जाधारियों ने पटवारी और अधिकारियों से सांठगांठ कर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके पूरे पेपर भी फ़र्जी तरीके तैयार कर लिए है. इन भूमि पर कब्जाधारियों ने घर का निर्माण किया तो किसी ने कॉम्प्लेक्स ही तैयार कर है. अब क्या प्रशासन कब्जाधारियों के जगहों को चिन्हित कर उन पर उचित कार्रवाई करेगी? या इस तरह से ही बाहरी व रसूखदारों के हाथों में बीजापुर की भूमि को दे देगी.
     
    बीजापुर तहसीलदार डीआर धुर्व ने कहा कि मीडिया के सूचना के बाद मौके पर पटवारी को भेजा गया था और कब्जा करने से रोका गया. आगे बीजापुर फॉरेस्ट विभाग को हम पत्र लिखेंगे.चूंकि उक्त भूमि फॉरेस्ट विभाग का है.
  • छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के कारण शाला प्रवेश उत्सव की तिथि बढ़ी, सीएम साय ने दिए निर्देश

    16-Jun-2024

    रायपुर। प्रदेश मेें भीषण गर्मी को देखते हुए शासन ने शाला प्रवेश उत्सव की तिथि को आगे बढ़ाने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीषण गर्मी में बच्चों की स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए शाला प्रवेश उत्सव की तिथि 18 जून से एक सप्ताह आगे बढ़ाने के निर्देश दिए है.

     
    सीएमओ के अधिकारिक एक्स हैंडल इस संबंध में जानकारी दी गई है. बता दें कि अब शाला प्रवेश उत्सव 26 जून से शुरू होगा. वहीं शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी गर्मी के कारण स्कूल के अवकाश को 25 जून तक बढ़ा देने की घोषणा की है. 
  • प्रदेश सचिव ताजूल अहमद (ताजूल) ने बकरीद पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

    16-Jun-2024

    रायपुर। पूरे देश में आज सोमवार को ईद-उल-अजहा यानि बकरीद का पर्व मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने त्योहार में बढ़-चढक़र भाग लिया। प्रदेश सचिव ताजूल अहमद (ताजूल) ने लोकजगत परिवार की तरफ से सभी प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। प्रदेश सचिव ताजूल अहमद ने ट्वीट के जरिए सभी को बधाई दी है। उन्होंने लिखा सभी प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद।.. यह पर्व समाज में प्रेम, भाईचारा एवं एकजुटता की भावना बढ़ाए, सबके जीवन में सुख और समृद्धि लाए, ऐसी कामना है।... परस्पर सद्भाव, एकता व भाईचारे की गौरवशाली परंपरा के अनुसार इस पर्व को मनाएं।

  • प्रत्यक्ष प्रणाली से हो सकता है महापौर और अध्यक्ष का चुनाव

    16-Jun-2024

    रायपुर। प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब नवंबर-दिसंबर 2024 में नगरीय निकाय के चुनाव होने हैं. इसके पहले राज्य सरकार ने अगले चुनाव में नियमों में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं. दरअसल, आज राजधानी में बीजेपी विधायक दल की बैठक में महापौर और अध्यक्ष के पद के लिए प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराये जाने को लेकर चर्चा हुई. इस दौरान ज्यादातर विधायक प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने पर सहमति जताई है.

     
    बता दें कि अविभाजित मध्यप्रदेश में 1999 में कांग्रेस की दिग्विजय सिंह सरकार ने राज्य में महापौर चुनने का अधिकार पार्षदों से छीनकर जनता के हाथ में दिया था. तब नगर निगम रायपुर में तरुण चटर्जी पहले महापौर बने थे. वह 2000 से 2003 तक महापौर रहे. इसके बाद हुए 3 चुनावों में भाजपा के सुनील सोनी, कांग्रेस से डॉ. किरणमयी नायक और फिर कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे महापौर बने. 
    भूपेश सरकार ने पार्षदों को दिया महापौर चुनने का अधिकार
     
    पांच साल पहले भूपेश सरकार ने दिग्जविजय के द्वारा दिए गए अधिकार देने वाले नियम में बदलाव करके जनता से अधिकारी छीन लिया और पार्षदों को महापौर चुनने का अधिकार दिया गया. इस नियम से रायपुर नगर निगम के एजाज ढेबर समेत अन्य निकायों में भी अप्रत्यक्ष अध्यक्ष और महापौर चुने गए थे. वहीं 5 साल बाद प्रदेश की सत्ता में वापसी के बाद अब बीजेपी एक बार फिर नियम में बदलाव करने जा रही हैं.
  • खाद्य मंत्री ने जेवरा में किया प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन

    16-Jun-2024

    रायपुर खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कल शनिवार को बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकास खंड के ग्राम जेवरा में 16 लाख 10 हजार की लागत से बनने वाले प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष भवन का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल ने की। स्कूल जतन योजना के अंतर्गत यह राशि स्वीकृत की गई है। खाद्य मंत्री श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 13 जून को 6 माह पूर्ण कर लिए हैं। प्रदेश सरकार अनुसूचित जातियों, जनजातियों सहित किसानों, मजदूरों समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। खाद्य मंत्री ने आगे कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 9 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लिए हैं। छत्तीसगढ़ में अब डबल इंजन की सरकार हैं। इससे देश एवं प्रदेश का सर्वांगीण विकास होगा। ग्राम जेवरा स्कूल के प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष निर्माण होने से भविष्य में बच्चों को पढ़ाई करने में सुविधा होगी। इस अवसर पर टार्जन साहू, अंजू बघेल, परस वर्मा, मनीष जायसवाल, लालन यादव सहित अन्य ग्रामीण जन उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री श्री साय अखिल भारतीय निर्धन दिव्यांग सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में शामिल हुए

    16-Jun-2024

    दुर्ग/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अखिल भारतीय निर्धन दिव्यांग सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। दुर्ग के अग्रसेन भवन में समाजसेवी संस्था आस्था  बहुउद्देशीय कल्याण संस्थान द्वारा आयोजित इस सामूहिक आदर्श विवाह में सभी समाज के 250 दिव्यांग जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समारोह में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, झारखंड के अलावा अन्य राज्यांे के दिव्यांगजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं अन्य अतिथियों ने परिणय सूत्र में बंधे दिव्यांग नव दंपत्तियों को उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिए। समारोह में सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री ललित चंद्राकर और नगर निगम दुर्ग के महापौर श्री धीरज बाकलीवाल भी मौजूद थे

    समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि दिव्यांगजन भाई बहनों के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने का मुझे अवसर मिला है। यह मेरे लिए सौभाग्य एवं बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि आस्था बहुउद्देशीय कल्याण संस्थान का यह आयोजन पुण्य का कार्य है। यह संस्था लगातार जनकल्याण का कार्य कर रही है। चाहे वह लावारिश लाशों को सद्गति देेने का कार्य हो, रक्तदान कार्य हो या दिव्यांग जनों का वैवाहिक कार्यक्रम हो। संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारी पुण्य के कार्य में लगे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शारीरिक रूप से विकृत लोगों को पहले विकलांग के नाम से जाना जाता था, जिसे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सम्मान-जनक नाम दिव्यांग दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न योजना संचालित कर हर संभव सहयोग का प्रयास कर रही है। उन्होंने आदर्श विवाह में सम्मिलित होने पहुंचे हुए नवदम्पत्तियों के परिजनों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने अपनी करकमलों से आस्था बहुउद्देशीय कल्याण संस्थान के विकास में उल्लेखनीय योगदान करने वालों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
    आस्था बहुउद्देशीय कल्याण संस्थान के संरक्षक सांसद श्री विजय बघेल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अवगत कराया कि यह संस्था विगत 19 वर्ष से दिव्यांग आदर्श विवाह करते आ रही हैं। अब तक 1890 दिव्यांग जोड़े का विवाह संपन्न करायी जा चुकी है। आज यहां पर लगभग 250 से अधिक जोड़ों का विवाह कार्यक्रम संपन्न होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह संस्था अब तक 1789 लावारिश लाशों को सद्गति प्रदान कर चुकी हैं। सांसद श्री बघेल ने संस्था के कार्यों को विस्तारपूर्वक रेखांकित करते हुए संस्था से जुड़े सभी लोगों कोे साधुवाद दिया। कार्यक्रम में आस्था संस्थान के अध्यक्ष श्री प्रकाश गेडाम और संयोजक प्रहलाद गुप्ता तथा विवाह आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री रामफल शर्मा और संयोजक श्री सुरेन्द्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक तथा दिव्यांगजनों के परिजन एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
     
    आस्था बहुउद्देशीय कल्याण संस्थान (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सेवा भारती से सम्बद्ध संस्था) द्वारा आज अखिल भारतीय निर्धन दिव्यांग सामूहिक आदर्श विवाह समारोह का आयोजन दुर्ग स्थित अग्रसेन भवन में किया गया। सर्व जाति व धर्म के 250 से अधिक दिव्यांग युवक-युवतियों ने निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए और शादी के पवित्र बंधन में बंधे। आस्था बुहुउद्देशीय संस्था द्वारा पिछले 20 वर्षों से लगातार सामाजिक सेवा कार्य किया जा रहा है। अब तक 1890 निर्धन दिव्यांग युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह कराया है, जो कि निरंतर प्रगति पर है। राजनांदगांव, कोरबा, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा जिलों से आए युवक-युवतियों ने संस्था द्वारा कराए जा रहे आदर्श सामूहिक विवाह को सराहा। विवाह करने आए नवदम्पत्तियों ने बताया कि घर की आर्थिक स्थित कमजोर होने के कारण विवाह मंे होने वाले खर्चे का वहन करने में परिवार वाले सक्षम नही थे। निःशुल्क सामूहिक आदर्श विवाह में हम बेटियों की शादी होने से घर वालों की चिंता अब दूर हो जाएगी। उन्होंने इस विवाह के लिए राज्य सरकार और संस्था को धन्यवाद दिया। सामूहिक विवाह में युवतियों को संस्था द्वारा गृहस्थी का सामान थाली, चम्मच, गिलास, पानी टंकी, लोटा, कटोरी उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। साथ ही मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, साड़ी उपहार के रूप में दिया गया।
  • रायपुर के श्री धाम सुमेरूमठ में अघोर महोत्सव 21 से 25 तक

    16-Jun-2024

    रायपुर. राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित श्री धाम सुमेरूमठ में 21 से 25 जून तक श्री धाम सुमेरूमठ में अघोर महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. इसमें महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम (अघोर मठ के) रूद्रानंद प्रचण्ड वेग संधीकाल में रोजाना सुबह 4 बजे, सुबह 10 बजे, अपरान्ह 4 बजे, रात्रि 10 बजे और रात 2 बजे 21 वर्षों से जल रही धुंनी में श्री यज्ञ करेंगे. इसमें कोई भी भक्तगण शामिल हो सकते है.

     
    अघोर साधक रूद्रानंद प्रचण्ड वेग ने बताया कि धाम में अखंड त्रिकोण धुनी 21 वर्षों से जल रही है उसी में पिछले 10 वर्षों से अघोर महोत्सव उक्त तिथि पर ही आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गरियाबंद जिले में (घटरानी-जतमई मार्ग में) महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम (अघोर मठ) बिहा झोला (मड़ेली) में उनके गुरू अघोरपीठाधीश्वर बाबा औघड़ नाथ के आदेश से भी मंदिर बनाया गया गया है. यहां भी अखंड धुनी प्रज्वल्लित होती है.
     
    रजस्वला स्त्री को भी मंदिर में आने की मनाही नहीं
     
    अघोर साधक रूद्रानंद प्रचण्ड वेग ने बताया कि रायपुर और बिहा झोला स्थित मंदिर में रजस्वला स्त्री को भी आने की मनाही नहीं है. उन्होंने कहा कि मंदिर में किसी भी प्रकार का कोई भी धुआ-छूत नहीं माना जाता है और सूतक काल में भी मंदिर खुला रहता है और प्रभु पर आस्था रखना वाला कोई भी कभी भी मंदिर आ सकता है. यहां हर महीने की कालाष्टमी तिथि पर विशेष पूजा होती है.
     
    अघोर साधक रूद्रानंद प्रचण्ड वेग
     
    लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में अघोर साधक रूद्रानंद प्रचण्ड वेग ने कहा कि वे जीव सेवा ही जग्दीश्वर सेवा के मार्ग पर आगे चल रहे है और लोगों को भी जागरूक कर रहे है. उन्होंने कहा कि रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मंदिर में रोजाना वास्तविक जरूरतमंदों के लिए भंडारा और हर जीव के लिए भोजन बनाया जाता है. उक्त मंदिर के गुंबद में श्री यंत्र मंदिर स्थापित है जो उनके दावे के अनुसार विश्व का एक मात्र ऐसा मंदिर है.
  • बलौदाबाजार हिंसा मामले में अमित जोगी की एंट्री, इन मांगों को लेकर 1 जुलाई से करेंगे आमरण अनशन...

    16-Jun-2024

    रायपुर. बलौदाबाजार हिंसा मामले में अमित जोगी ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने घोषणा की है कि वे 1 जुलाई से बलौदाबाजार में आमरण अनशन करेंगे. जोगी की इस अनशन की मुख्य दो मांगे हैं. उनकी (अमित जोगी) पहली मांग है कि नवनिर्मित जिला बलौदाबाजार का नाम “घासीदासधाम” किया जाए और दूसरी मांग है कि हाई कोर्ट के जज की विवेचना रिपोर्ट आने तक सभी बंदियों की निःशर्त रिहाई की जाए. उन्होंने अपने ट्वीट में यह भी लिखा है कि यही मेरे स्वर्गीय पिता (अजीत जोगी) जी को सही श्रद्धांजलि होगी.

     
    अमित जोगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कांग्रेस और बीजेपी ने सतनामियों को प्रताड़ित किया है, जिसके विरोध में वे आमरण अनशन करेंगे. वहीं उनके इस ऐलान से बलौदाबाजार हिंसा मामले में एक नया मोड़ आ गया है. उन्होंने 5 बिंदुओं में ट्वीट कर अपनी मांगे रखी है, जो इस प्रकार हैं:
     
    1. धर्मपुरा से लेकर अमर गुफा तक,विगत 6 सालों से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश सरकार और भाजपा की साय सरकार ने सतनाम पंथ के अनुयायियों को अपनी वोटबैंक पॉलिटिक्स के कारण प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.
     
    भूपेश सरकार ने उनका आरक्षण- 16 से 13%- कम कर दिया,उनके धर्म स्थलों को ध्वस्त कर दिया और उनकी जगह- 30,000 आरक्षित पदों में-अन्य वर्गों को रोज़गार दे दिया और इन सबके विरोध में लड़ाई लड़ने वाले समाज के युवाओं को जेल में डाल दिया.यही कारण है कि दिसंबर 2023 में सरकार को बदल दिया.
     
    2. बलौदा बाजार एसपी की 10 मई 2024 की अमर गुफा घटना की फर्जी विवेचना और जिला प्रशासन की 15 जून 2024 को अभूतपूर्व प्रशासनिक विफलता सिद्ध करती है कि भाजपा की साय सरकार भी भूपेश सरकार की राह में चल रही है.
     
    3. सतनामी समाज के गिरौधपुरी से लेकर भंडारपुरी धाम तक लगभग सभी गुरुओं ने सत्ता के साथ 1980 से अपनी-अपनी बदलती राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण सरकार न कि समाज का साथ दिया है.यही कारण है कि सदियों से ग़ुलामी के ख़िलाफ़ बग़ावत करने वाला सतनामी समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से पूर्णतः नेतृत्वविहीन हो चुका है और गुरुओं की जगह समाज के युवाओं ने ले ली है.
     
    उन्होंने (अमित जोगी) आगे लिखा कि  4. 10 मई 2024 की अमर गुफा एक अकेली घटना नहीं थी. इसे 22 जुलाई 2022 को धर्मपुरा के जैतख़ाम और भूपेश सरकार द्वारा बुलडोज़र से गुरुद्वारा के ध्वस्तीकरण के साथ जोड़ना आवश्यक इसलिए है क्योंकि दोनों राष्ट्रीय दलों भाजपा और कांग्रेस ने सतनामी समाज की ताक़त को ख़त्म करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.इसका ख़ामियाज़ा दोनों को भुगतना पड़ेगा. 
     
    5. 2001 में कबीर पंथ के गुरु प्रकाश मुनि नान साहेब के आग्रह पर पापा स्वर्गीय अजीत जोगी ने कवर्धा ज़िले का नाम कबीरधाम कर दिया था. इसी परंपरा का निर्वहन करके बाबा गुरु घासीदास की जन्मभूमि,मातृभूमि और कर्मभूमि,नवनिर्मित जिला बलौदाबाजार को घासीदास करने और हाई कोर्ट के जज की विवेचना रिपोर्ट आने तक सभी बंदियों की निःशर्त रिहाई की दो माँगों को लेकर मैं 1 जुलाई 2024 से बलौदा बाज़ार में आमरण अनशन करूँगा.
  • अनेक यात्राएं, साथ गुजारे दिन, राजदूत की सवारी और 90 के दशक के पुराने किस्से-कहानियों पर जमकर हुई बात

    16-Jun-2024

    रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज उनके रायपुर निवास में जशपुर जिले के श्री अनेर सिंह मिलने आए। इस खास मुलाकात ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को अपने विधायकी और संघर्ष के दिनों की याद दिला दी। अनेक यात्राएं, श्री अनेर सिंह के दुलदुला निवास में गुजारे दिन, राजदूत की सवारी, 90 के दशक के पुराने किस्से-कहानियां और घर-परिवार की जब बातें हुई, तो मानो सब कुछ मुख्यमंत्री के आंखों के सामने तैरने लगा। जशपुर जिले के ग्राम सिरिमकेला के रहने वाले श्री अनेर सिंह दरअसल पिछले 15-20 सालों से कान की समस्या से ग्रसित है और उन्हें सुनने में कठिनाई होती है। धीरे-धीरे उनकी श्रवण क्षमता कम हो गई। मुख्यमंत्री श्री साय को जब यह बात पता चली, उन्होंने तत्काल श्री अनेर सिंह को रायपुर मिलने बुलाया और स्वयं उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्री अनेर सिंह से ढेर सारी बाते की, उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने यंत्र लगाने के बाद पूछा आवाज आत हे, सुनात हे। श्री सिंह ने जवाब दिया अब अच्छे से आवाज आ रही है और इसे चलाना भी सीख गया हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पहले जैसा पाकर अपनी खुशी भी जाहिर की। मुख्यमंत्री ने कहा अपनों से मुलाकात हमेशा सुखद होता है। उन्होंने श्री सिंह से जशपुर आकर मिलने का वादा भी किया।
     इस दौरान श्री कृष्ण कुमार राय और समाज कल्याण विभाग के अपर संचालक श्री पंकज वर्मा भी उपस्थित थे।
  • डिजिटल क्रॉप सर्वे की जानकारी एग्री स्टैक पोर्टल में होगी दर्ज

    16-Jun-2024

    छत्तीसगढ़ में फसल आच्छादन का अब डिजिटल सर्वे होगा। सर्वे में किसानों की फसलों की सभी जानकारियां एग्री स्टैक पोर्टल में दर्ज होंगी। किसानों को फसल उत्पादकता के लिए जरूरी इनपुट जैसे फसल ऋण, विशेषज्ञो की सलाह से लेकर बाजार उपलब्ध कराने में भारत सरकार का एग्री स्टैक पोर्टल से मदद मिलेगी।

     
     कृषि विभाग दिल्ली से आये अधिकारियों ने नया रायपुर इंद्रावती भवन में राजस्व विभाग के मास्टर ट्रेनरों को डिजिटल क्रॉप सर्वे 2024 प्रशिक्षण देते हुए बताया कि जिओ रेफ्रेंसिंग तकनीक के माध्यम से इस वर्ष से डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जाना है। डिजिटल सर्वे की जानकारी एग्री स्टैक पोर्टल में ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। 
     एग्री स्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन होने के बाद उन्हें एक फार्मर आईडी दी जाएगी। इस पोर्टल में किसानों द्वारा लगाई गई फसल के साथ-साथ उन्हें आवश्यक खाद और पानी की मात्रा की भी जानकारी मिलेगी। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के किसानों को अब न केवल जमीन अपितु जमीन में लगाये फसल और उत्पादन के लिए आवश्यक बाज़ार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
    संचालक भू-अभिलेख श्री रमेश शर्मा ने प्रशिक्षण में कहा कि इस पोर्टल के जरिए किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इस पोर्टल का उद्देश्य कृषि उत्पादकों (किसानों) और नीति निर्माताओं-केंद्र सरकार और राज्य सरकार को एक डिजिटल छतरी के नीचे लाना है।
    अपर आयुक्त भू-अभिलेख डॉ. संतोष देवांगन ने बताया कि इस प्रशिक्षण से राज्य के किसानों को लाभ मिलेगा। एग्री स्टेक में किसान का पंजीयन हो जाने से उन्हें जरूरत का खाद और बीज मिल सकेगा। इसके साथ ही किसानों को आवश्यकतानुसार बैंक ऋण लेने की भी सुविधा मिलेगी। प्रशिक्षण में सभी जिलों के भू-अभिलेख अधिकारी और भू-अभिलेख अधीक्षक शामिल हुए।
  • दुर्ग के पास क्रेटा टकराई मालगाड़ी से RPF के पास आया मैसेज

    16-Jun-2024

    दुर्ग आरपीएफ के पास रेलवे कंट्रोल से रविवार को सूचना आई कि एक मालगाड़ी से क्रेटा टकरा गई है. आनन-फानन में दुर्ग आरपीएफ पोस्ट पूरी तरह एक्टिव हो गया और समस्त बल को बताए गए स्थल पर भेजा गया. आऱपीएफ सत्रों के मुताबिक कंट्रोल से उन्हें सूचना मिली थी कि 12:20 बजे सायरन बजा और पता करने पर पता चला कि एक मालगाड़ी नंबर बीडीसी 215 पावर नंबर 7073 7 मरौदा-रीसामा के मध्य एक क्रेटा कार टकरा गई है.  तत्काल उक्त घटना की सूचना निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल दुर्ग पुलिस कंट्रोल रायपुर पुलिस कंट्रोल दुर्ग रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बीएमआई को तत्काल ART में जाने हेतु कहा गया रेलवे सुरक्षा बल दुर्ग पोस्ट में भी उक्त घटना की सूचना दिया गया कि तत्काल जितना उपलब्ध बल सदस्यों के साथ और टीम में घटना स्थल पर रवाना होंगे. लेकिन जब टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि ये रेलवे का एक मॉकड्रिल था, जिसके बाद तमाम आरपीएफ स्टॉफ ने राहत की सास ली.

Top