बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • सीएम साय ने दक्षिण कोरिया के निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया

    29-Aug-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री साय ने गुरुवार को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन और निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्रो-एक्टिव एवं विकासोन्मुख औद्योगिक नीति 2024–30, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों और प्रशिक्षित जनशक्ति के बल पर वैश्विक निवेश और औद्योगिक सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोरियाई ब्रांड हर भारतीय घर का हिस्सा हैं। एलजी, सैमसंग, हुंडई जैसी कंपनियां गांव-गांव तक पहुंच चुकी हैं। छत्तीसगढ़ में प्रचुर मात्रा में जल, ऊर्जा, लौह अयस्क व स्टील और बेहतरीन कनेक्टिविटी उपलब्ध है। ये संसाधन दक्षिण कोरियाई निवेशकों के लिए अवसरों के नए द्वार खोलते हैं। 
     
    उन्होंने निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, व्यवसाय सुगमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों के माध्यम से प्रत्येक निवेशक को हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज खनिज, ऊर्जा, इस्पात, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और आईटी-स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में वैश्विक निवेश का स्वागत कर रहा है।
     
    मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को रोजगार, महिलाओं को स्वावलंबन और किसानों को उपज का बेहतर मूल्य दिलाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश के साथ-साथ सामाजिक सशक्तिकरण भी हमारी प्राथमिकता है।
     
     
     
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने भारत के राजदूत अमित कुमार से भारतीय दूतावास, सियोल में मुलाक़ात कर छत्तीसगढ़ में निवेश संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमने स्टील और खनिज से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स व फूड प्रोसेसिंग तक, मजबूत द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया है। 
     
    मुख्यमंत्री साय ने दक्षिण कोरिया और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक एवं कारोबारी रिश्तों को रेखांकित करते हुए कहा कि इन साझेदारियों से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान एवं नवाचार और उच्च मूल्य रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ेंगे। उन्होंने कोरियाई निवेशकों से आग्रह किया कि वे छत्तीसगढ़ को अपने नए औद्योगिक निवेश स्थल के रूप में चुनें और साझा समृद्धि की इस यात्रा का हिस्सा बनें।
     
     
     
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं निवेश संवर्धन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
  • दशलक्षण पर्यूषण महापर्व पर जिनालयों में आरंभ हुई अपूर्व प्रभावना

    29-Aug-2025

    रायपुर। जैन समाज के महापर्व दशलक्षण पर्यूषण का शुभारंभ गुरुवार को भाद्रपद शुक्ल पंचमी, ऋषि पंचमी के दिन राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर के दिगंबर जैन जिनालयों में हुआ। यह पर्व अनंत चतुर्दशी तक चलेगा

    महापर्व की शुरुआत उत्तम क्षमा धर्म से हुई। सुबह से ही मंदिरों में श्रावक-श्राविकाओं ने प्रभु की प्रतिमाओं का पाण्डुकशीला पर विराजमान कर शुद्ध प्रासुक जल से अभिषेक, शांतिधारा और दशलक्षण पूजन कर धर्मलाभ लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से जिनालयों का वातावरण भक्ति और साधना से सराबोर रहा।
     
    आज की शांतिधारा का सौभाग्य श्रेयश जैन बालू को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर उन्होंने क्षमा धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “क्रोध पर विजय पाने से ही क्षमा को आत्मसात किया जा सकता है। क्षमा का अभ्यास आत्मा को शुद्ध करता है और जीवन को धर्ममार्ग पर अग्रसर करता है।”
     
    राजधानी के श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ), फांफाड़ीह स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर, लाभांडी का श्री पद्मप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, टैगोर नगर का श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, शंकर नगर का श्री चंद्रप्रभु जैन मंदिर तथा डी.डी. नगर का श्री वासुपूज्य दिगंबर जैन मंदिर सहित विभिन्न जिनालयों में पर्व की आराधना प्रारंभ हुई।
     
     
     
    दिगंबर जैन पंचायत ट्रस्ट एवं समितियों द्वारा व्यवस्थाओं की देखरेख की जा रही है। श्रद्धालु त्याग, संयम और आत्मशुद्धि की साधना कर धर्ममार्ग पर अग्रसर हो रहे हैं।
  • गणेश चतुर्थी पर मुख्यमंत्री निवास में पधारे गणपति

    27-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में विधि-विधान से विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।   मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ट्वीट करते हुए संस्कृत श्लोक साझा किया। “गजाननं भूतगणादि सेवितं, कपित्थजम्बूफलचारुभक्षणम्। उमासुतं शोकविनाशकारणं, नमामि विघ्नेश्वरपादपङ्कजम्॥” उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि गणपति बप्पा छत्तीसगढ़ की जनता को निरंतर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दें। साथ ही राज्य विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचे, यही उनकी कामना है। गणेश चतुर्थी को लेकर राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है। विभिन्न मंदिरों और घरों में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक गणपति बप्पा की स्थापना कर भक्ति में लीन हैं। मुख्यमंत्री द्वारा किया गया यह पूजन प्रदेशवासियों को सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए राज्य की तरक्की और जनता की खुशहाली के लिए भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा।

  • निगरानी बदमाश प्रेमलाल चौहान उर्फ़ प्रेमा का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

    27-Aug-2025

    भिलाई। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र के कोहका इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने थाने के निगरानी बदमाश प्रेमलाल चौहान उर्फ़ प्रेमा का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी। प्रेमलाल चौहान का शव उसके घर के बाथरूम में पड़ा हुआ मिला। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर लिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि अभी मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। पुलिस विभिन्न कोणों से घटना की पड़ताल कर रही है। साथ ही मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड और आपसी रंजिश की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएँ हो रही हैं। प्रेमलाल चौहान का नाम इलाके में निगरानी बदमाशों की सूची में शामिल था और उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

  • रिकार्ड वर्षा, अफसरों और विधायकों की लापरवाही पर जनता नाराज़

    27-Aug-2025

    मेडक: भारतीय मौसम विभाग और अन्य मौसम एजेंसियों द्वारा मेडक जिले में 26 अगस्त से तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दिए जाने के बावजूद, अधिकारी स्थिति से निपटने के लिए तैयार नहीं दिखे। बुधवार को जब लोग विनायक चविथी मनाने की उम्मीद में उठे, तो लगातार बारिश और बाढ़ ने त्योहार के उत्साह को फीका कर दिया। हवेलीघनपुर मंडल के कई ग्रामीणों ने गणेश पंडाल लगाए थे, लेकिन मूसलाधार बारिश के कारण उन्हें घरों के अंदर ही रहना पड़ा। सरकारी विभागों में आधिकारिक अवकाश होने के कारण, प्रशासन इस आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार नहीं था।  मांगा कलेक्टर राहुल राज ने गुरुवार शाम को ही एक वीडियो संदेश जारी किया, जब बारिश ने पहले ही व्यापक नुकसान पहुँचाया था। हैरानी की बात यह है कि बाढ़ के कहर के बीच विधायक म्यानमपल्ली रोहित का अपने निर्वाचन क्षेत्र में कोई अता-पता नहीं था। जिले भर में कई सड़कें और झीलें टूट गईं, जबकि पोखरम जलाशय जैसी प्रमुख परियोजनाओं में अभूतपूर्व जलभराव हुआ। अधिकारी नागरिकों को पहले से सचेत करने में भी विफल रहे। मेडक में बुधवार रात और पूरे गुरुवार को इतिहास की सबसे भारी बारिश देखी गई।

  • खम्हारडीह पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान, नशेबाजों-चाकूबाजों पर शिकंजा, बाइक चोर गिरफ्तार

    27-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खम्हारडीह थाना पुलिस ने बुधवार देर रात विशेष सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने हुड़दंगबाजों, नशे में धुत युवकों और नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा। वहीं अभियान के दौरान पुलिस ने एक बाइक चोर को रंगे हाथ दबोच लिया, जिससे चोरी की बाइक बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ट्रिपल सवारी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई अभियान के तहत पुलिस ने ट्रिपल सवारी करने वाले बाइक चालकों को रोककर कड़ी चेतावनी दी। थाना प्रभारी परगनिहा ने स्पष्ट कहा कि दोबारा इस तरह की लापरवाही करते पकड़े गए तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस दौरान शराब भट्टियों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भी दबिश दी। वहां बेवजह खड़े होकर हुड़दंग मचाने वाले युवकों को कड़ी फटकार लगाई गई। गणेश पंडाल आयोजकों को मिले सख्त निर्देश  गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में होने वाले आयोजनों को लेकर पुलिस ने साफ हिदायत दी कि डीजे साउंड और लाउडस्पीकर केवल निर्धारित समय और मानकों के भीतर ही बजेंगे। नियम तोड़ने वाले आयोजकों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने आयोजकों से कहा कि पंडालों में शांति और मर्यादा बनाए रखें, अन्यथा पुलिस कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। बाइक चोर दबोचा गया चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब टीम ने एक बाइक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया। बाइक भी जब्त कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। अधिकारियों की विशेष निगरानी यह पूरी कार्रवाई रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई। अभियान का संचालन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर ने विशेष निगरानी रखी और नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम करेगी पुलिस थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कानून तोड़ने वालों और असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नशे में हुड़दंग करने वाले, चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले और चोरी जैसे अपराध करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा, “खम्हारडीह पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, किसी भी हाल में कानून तोड़ने वालों के साथ नरमी नहीं बरती जाएगी।” पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है। लगातार कार्रवाई से आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है।

  • ठगी के मामले में फरार आरोपी अंशु अग्रवाल गुमला से गिरफ्तार

    27-Aug-2025

    जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत ठगी के गंभीर प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई है। पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाते हुए झारखंड के गुमला जिले से आरोपी अंशु अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जशपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अंशु अग्रवाल ने जशपुर जिले के पत्थलगांव और सन्ना क्षेत्र के व्यापारियों को ठगी का शिकार बनाया था। आरोप है कि उसने पत्थलगांव के एक व्यापारी से 38 लाख रुपये और सन्ना के एक व्यापारी से 80 हजार रुपये ठगे। इस मामले में दोनों थानों में अपराध दर्ज किया गया था और तभी से आरोपी फरार चल रहा था।  पुलिस को लगातार उसकी तलाश थी। जिले के पुलिस अधीक्षक की विशेष टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी और सूचना तंत्र के जरिए पता लगाया कि वह झारखंड के गुमला इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद जशपुर पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्थिक अपराध और ठगी से जुड़े कई प्रकरणों की जांच भी चल रही है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि कहीं उसने और भी लोगों को इसी तरह धोखा तो नहीं दिया। जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पीड़ित व्यापारियों ने कहा कि पुलिस ने जिस तेजी और गंभीरता से आरोपी को गिरफ्तार किया है, उससे न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में किसी भी प्रकार की आर्थिक ठगी, साइबर अपराध या धोखाधड़ी के मामलों में ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • नकली एंकर उत्पाद बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज

    27-Aug-2025

    रायपुर। तेलीबांधा स्थित सुंदरानी इलेक्ट्रिकल पर एंकर कंपनी के नकली विद्युत उपकरण बेचने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक ओमप्रकाश सुंदरानी (पिता वरियल दास सुंदरानी, उम्र 42 वर्ष, निवासी आनंद नगर तेलीबांधा) के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया गया है।

     
    जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को पेनासोनिक लाइफ सोल्यूशन इंडिया प्रा. लि. के मैनेजर व टीम लीडर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि सुंदरानी इलेक्ट्रिकल में एंकर कंपनी के नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। शिकायत पर पुलिस टीम और कंपनी प्रतिनिधियों ने दुकान में छापा मारा।
     
     
     
    छापेमारी के दौरान दुकान से 41 नग थ्री पिन सॉकेट, 30 नग रेग्युलेटर (फैन), 25 नग थ्री पिन टॉप बरामद किए गए। कंपनी टीम की जांच में सभी उत्पाद नकली पाए गए। जब दुकानदार से खरीद-बिक्री से संबंधित रसीद और दस्तावेज मांगे गए, तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
     
    पुलिस ने समक्ष गवाह पंचनामा तैयार कर लगभग 12,000 रुपए मूल्य का नकली सामान जप्त किया। आरोपी दुकानदार ओमप्रकाश सुंदरानी के खिलाफ धारा 63 कॉपीराइट एक्ट एवं धारा 349 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 544/25 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
  • राज्य पुलिस सेवा के 7 अधिकारी बने आईपीएस

    27-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारी आईपीएस बने हैं। डीपीसी के बाद इन सभी के प्रमोशन को हरी झंडी मिली थी। इसको लेकर बाकायदा केंद्र सरकार द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी पंकज चंद्रा, भावना पाण्डेय, विमल कुमार बैस, हरीश राठौर, वेदव्रत सिरमौर, राजश्री मिश्रा और श्वेता सिन्हा को प्रमोशन मिला है। 

  • रायगढ़ में श्रीगणेश मेला और 40वें चक्रधर समारोह का भव्य शुभारंभ

    27-Aug-2025

    रायगढ़। शहर के ह्रदयस्थल श्रीरामलीला मैदान में आज 27 अगस्त से श्रीगणेश मेला एवं दस दिवसीय 40वें चक्रधर समारोह का भव्य आगाज़ हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे

    10 दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। समारोह के पहले दिन केन्द्रीय मंत्री भारत सरकार पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय गजेन्द्र सिंह शेखावत और केन्द्रीय राज्य मंत्री आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तोखन साहू शिरकत भी करेंगे।  
     
    प्रथम दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्व. वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों द्वारा गणेश वंदना से होगी। इसके बाद नई दिल्ली के राजेंद्र गंगानी कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
    आज की संध्या का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास का काव्यपाठ होगा, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होंगे।
     
    इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा की जा रही है, जो आने वाले दस दिनों तक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का केंद्र बनेगा।
    द्वितीय दिवस 28 अगस्त को श्रीमती पूजा जैन रायगढ़ द्वारा कथक, राजनंदिनी पटनायक रायगढ़ द्वारा ओडिशी, श्रीमती प्रियंका सलूजा बिलासपुर द्वारा कथक, डॉ.राखी रॉय भिलाई द्वारा भरतनाट्यम एवं देविका देवेन्द्र एस मंगलामुखी आगरा द्वारा कथक की प्रस्तुति दी जाएगी।
     
    तृतीय दिवस 29 अगस्त को राधिका शर्मा रायपुर एवं अंजली शर्मा पुणे द्वारा कथक, गुरू श्रीमती बाला विश्वनाथ बेंगलोर द्वारा भरतनाट्यम, आरू साहू धमतरी द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगीत एवं महाराष्ट्र के पं.योगेश शम्सी तबला पर प्रस्तुति देंगे। 30 अगस्त को प्रो.डॉ.लवली शर्मा खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय द्वारा सितार वादन, इशिका गिरी रायपुर द्वारा कथक, भूमिसुता मिश्रा एवं लिप्सा रानी बिस्वाल रायपुर द्वारा ओडिसी, श्रीमती श्वेता वर्मा लखनऊ द्वारा कथक, पद्मश्री राधेश्याम बारले भिलाई द्वारा पंथी एवं जनाब अनीस साबरी दिल्ली द्वारा कव्वाली की प्रस्तुति दी जाएगी। 31 अगस्त को आद्या पाण्डेय भिलाई द्वारा भरतनाट्यम, शैल्वी सहगल रायगढ़ द्वारा कथक, अन्विता विश्वकर्मा रायपुर द्वारा शास्त्रीय नृत्य शैली, डॉ.कृष्ण कुमार सिन्हा राजनांदगांव कथक पर प्रस्तुति देंगे। इसी दिन कवि सम्मेलन होगा जिसमें प्रदेश के प्रतिष्ठित कवियों द्वारा (चिराग जैन एंड कं.), दिल्ली एवं बंशीधर मिश्रा (हास्य कवि) बिलाईगढ़ द्वारा काव्य पाठ किया जाएगा।
     
     
     
    01 सितम्बर को डॉ.योगिता मांडलिक इंदौर द्वारा कथक, भूपेन्द्र बरेठ एवं ग्रुप बिलासपुर द्वारा कथक, डॉ.विपुल रॉय दिल्ली द्वारा संतूर वादन एवं नितिन दुबे एवं ग्रुप रायगढ़ लोक गायन पर प्रस्तुति देंगे। 02 सितम्बर को कुमारी काजल कौशिक बिलासपुर द्वारा कथक, नरेन्द्र गुप्ता रायगढ़ द्वारा काव्य पाठ, सचिन कुम्हरे कबीरधाम द्वारा कथक, श्रीमती छाया चंद्राकर एवं समूह रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक संगीत एवं खैरागढ़ के दीपक दास महंत तबला वादन पर प्रस्तुति देंगे। 03 सितम्बर को अर्नव चटर्जी मुंबई द्वारा गायन, श्रीमती वासंती वैष्णव एवं समूह बिलासपुर द्वारा कथक, श्रीमती अजीत कुमारी कुजूर रायपुर द्वारा भरतनाट्यम, श्रीमती निलांगी कालान्तरे जबलपुर मध्यप्रदेश द्वारा कथक एवं अबुझमाड़ के मनोज प्रसाद मलखम्ब का प्रदर्शन करेंगे।
  • 155 तस्कर गिरफ्तार, 7 महीने में दुर्ग पुलिस ने की ये कार्रवाई

    27-Aug-2025

    भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशा तस्करों के चेन को तोड़ते हुए अब तक 71 मामले में केस दर्ज कर कुल 155 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है. इसमें 21 महिलाएं भी शामिल है जो नशा बेचते हुए पकड़ायी है. पुलिस ने सबसे ज्यादा कार्रवाई सूखा नशा गांजे पर कार्रवाई की है. वहीं हेरोइन, ब्राउन शुगर, टेबलेट और सिरप भी जब्त की है। 

    दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी को रोकते हुए नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. अभियान के तहत 1 जनवरी से 31 जुलाई तक जिले में नशा तस्करों के खिलाफ 71 मामले दर्ज करते हुए 155 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है. उन्होंने बताया कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की है. मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में दुर्ग पुलिस की कार्रवाई अच्छी खासी रही.
     
    एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष मात्र 7 महीनों में बीते वर्ष की गिरफ्तारियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है. एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाया, जिसमें ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है. अग्रवाल के मुताबिक जिले के साथ-साथ बाहरी राज्यों के नशा कारोबारियों और तस्करों पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है. पुलिस थानों सहित क्राइम ब्रांच की टीम को भी इस दिशा में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश हैं.
  • तेलीबांधा चौक में बड़ा हादसा, ट्रेलर में घुसी बाइक

    27-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में आज शाम तेलीबांधा चौक में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर तेलीबांधा चौक से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सामने चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार में वह ट्रेलर के पिछले हिस्से (ट्राली) के बीच जा घुसी।

    हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि तीनों युवकों की जान पर भारी संकट आ गया है। गनीमत रही कि बाइक सवार सभी युवक सुरक्षित बच निकले। उन्हें मामूली खरोंच तक नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा पूरी तरह से युवकों की लापरवाही और तेज रफ्तार का नतीजा था। ट्रेलर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था, लेकिन ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सीधे पिछले हिस्से में जा टकराई।दुर्घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तुरंत युवकों को बाइक से बाहर निकाला और उनकी हालत देखी। सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। हालांकि हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि यदि ट्रेलर थोड़ी भी तेज रफ्तार से चल रहा होता तो तीनों युवकों की जान पर बन सकती थी।
     
    स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद फिर से सवाल उठाए हैं कि आखिर क्यों सड़क पर आए दिन इस तरह की लापरवाही होती है। कई लोगों ने पुलिस से मांग की है कि चौक-चौराहों पर यातायात नियमों के पालन के लिए कड़ी व्यवस्था की जाए और तेज रफ्तार व स्टंटबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल तेलीबांधा चौक पर हुई इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सड़क पर जरा सी असावधानी जीवन को खतरे में डाल सकती है। युवकों की सुरक्षित बचत को लोग ईश्वर का चमत्कार मान रहे हैं। यह घटना सभी वाहन चालकों के लिए सबक है कि सड़क पर कभी भी जल्दबाजी और लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
  • लव मैरिज करने वाली युवती की लाश बारी में मिली

    27-Aug-2025

    बिलासपुर। शिवनाथ नदी के किनारे बोरे में बंधी मिली महिला के शव की पहचान हो गई है। महिला भाटापारा क्षेत्र के मूड़ता गांव की रहने वाली 22 वर्षीय संगीता निषाद है। वह बीते चार दिनों से घर से लापता था। शव जब मिला तो बोरी के भीतर लोहे के तार से पत्थर बंधा हुआ था। महिला का पति संजू केंवट बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र स्थित धुर्राबंधा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने हत्या का संदेह महिला के पति पर व्यक्त किया है।

    बिलासपुर के डीएसपी लालचंद मोहले ने बताया कि रविवार को पचपेड़ी क्षेत्र के शिवटिकारी गांव में शिवनाथ नदी के किनारे बोरे में बंधी महिला की लाश मिली थी। बोरे से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। आशंका है कि हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए नदी में फेंका गया था। बताया जा रहा है कि संगीता के गायब होने की शिकायत भी स्वजन ने भाटापारा ग्रामीण थाने में की थी। संजू केंवट फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस को आशंका है कि संजू ने पत्नी की हत्या के लाश ठिकाने लगाने के लिए नदी में फेंक दिया था। उन्होंने कहा कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद डायरी भाटापारा पुलिस के पास भेजी जाएगी। आगे की जांच भाटापारा पुलिस करेगी। आरोपित के गिरफ्तार होने पर हत्या के कारणों की जानकारी मिलने की बात कही जा रही है।
     
    जानकारी के अनुसार, संगीता सोशल मीडिया में बहुत सक्रिय रहती थी। उसी दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात संजू से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातें होने लगी। उसके बाद संगीता ने संजू के साथ प्रेम विवाह कर लिया। हत्या की परिस्थितियां अभी अस्पष्ट है। भाटापारा ग्रामीण थाना प्रभारी लाखेश केंवट ने बताया कि संदेही पति के मिलने के बाद ही बातें स्पष्ट हो पाएंगी। 
  • पेट्रोल के लिए हेलमेट अनिवार्य

    27-Aug-2025

    दुर्ग। जिले में अगर आप भी दो पहिया वाहन चला रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है. जिलेभर के पेट्रोल पंप पर बुधवार से बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा. ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान जिले में सख्ती के साथ लागू कर दिया गया है. केवल आकस्मिक सेवा, मेडिकल इमरजेंसी और धार्मिक पगड़ी पहनने वाले व्यक्तियों को राहत दी जाएगी.

    बता दें कि दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के उद्देश्य से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी किया है. इसी के साथ पेट्रोल पंप संचालकों को परिसर में नो हेलमेट नो पेट्रोल का बोर्ड या पोस्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं. आदेश के उल्लंघन पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
     
    एक ओर यह आदेश आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से फायदेमंद साबित हो सकता है. वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप संचालकों में बिक्री कम होने की चिंता बढ़ गई है.
  • जगदलपुर में 4 लोगों की मौत, बाढ़ में बह गई कार

    27-Aug-2025

    जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में एनएच 30 पर दरभा के पास एक दुखद हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं. हादसा उस समय हुआ जब परिवार की स्विफ्ट डिजायर कार बाढ़ के पानी में बह गई। 

    जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु का यह परिवार बस्तर घूमने आया था. कार में सवार ड्राइवर ने तैरकर अपनी जान बचाई, लेकिन परिवार के चार सदस्य पानी के तेज बहाव में फंस गए. एडिशनल एसपी महेश्वर नाग ने घटना की पुष्टि की है. SDRF की टीम ने देर रात कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला. सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
  • जिला बदर आरोपी मयंक यादव गिरफ्तार

    26-Aug-2025

    बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां वाड्रफनगर पुलिस ने 10 दिनों से फरार चल रहे जिला बदर आरोपी मयंक यादव (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। मयंक पर 15 अगस्त की रात गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। आरोपी पर पहले से ही 10 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामला 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे का है। पुलिस के अनुसार वाड्रफनगर निवासी प्रदीप कुमार देवांगन (33 वर्ष) ने आरोपी मयंक यादव से गुटखा मांगा था। इस पर मयंक अचानक भड़क गया और उसने प्रदीप के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं, आरोपी ने लोहे के कड़े से हमला कर प्रदीप को गंभीर चोट पहुंचाई। जान से मारने की धमकी भी दी वारदात के दौरान जब प्रदीप ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो मयंक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घायल प्रदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी चोट को शार्प ऑब्जेक्ट से लगी चोट बताया। घटना के बाद पीड़ित प्रदीप की शिकायत पर वाड्रफनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 155/25 के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। लेकिन वारदात के बाद से मयंक फरार हो गया। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। आखिरकार 25 अगस्त को आरोपी को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। Also Read - छत्तीसगढ़ के पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी जमशेदपुर प्रतियोगिता में लाए 16 मेडल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई आरोपी ने कबूला जुर्म, हथियार बरामद गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मयंक ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कड़ा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में रामानुजगंज जेल भेज दिया गया। आरोपी पर पहले से 10 केस दर्ज पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी मयंक यादव पर पहले से ही 10 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, अवैध गतिविधियों और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं, जो अभी अदालत में विचाराधीन हैं। वाड्रफनगर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पहले से ही जिला बदर था, इसके बावजूद वह लगातार क्षेत्र में घूमकर लोगों को धमकाता और विवाद करता था। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी फरारी के दौरान कहां-कहां छिपा रहा और क्या किसी अन्य वारदात में भी शामिल था। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

  • रायपुर में सुकमा से आई महिला के साथ उठाईगिरी, 5 लाख के जेवरात गायब

    26-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी और उठाईगिरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सुकमा से इलाज कराने और बेटी से मिलने आई एक महिला के साथ ई-रिक्शा में उठाईगिरी हो गई। अज्ञात महिलाएं उसका जेवरों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गईं। चोरी गए गहनों की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार पीड़िता सुकमा जिले के शिक्षा विभाग में पदस्थ है। वह पचपेड़ी नाका से गोलबाजार आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ महिलाएं ई-रिक्शा में बैठीं।   मौका पाकर उन्होंने पीड़िता के पास रखे सोने के जेवरों से भरा डिब्बा चुरा लिया। डिब्बे में सोने की चेन, सोने का लॉकेट और दो सोने के टॉप्स रखे हुए थे।गोलबाजार पहुंचने पर जब महिला ने अपना सामान चेक किया तो उसे उठाईगिरी का पता चला। घबराई हुई पीड़िता तुरंत कोतवाली थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उठाईगिरी करने वाले गिरोह रायपुर में सक्रिय हैं और इन पर अंकुश लगाने के लिए टीम गठित की गई है। वहीं इस घटना से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।

  • आयुक्त नगर निगम ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

    26-Aug-2025

    रायगढ़। आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नालंदा परिसर, ऑक्सीजोन और निगम परिसर में निर्माणाधीन पानी टंकी का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त नगर निगम क्षत्रिय ने सर्वप्रथम वे नालंदा परिसर पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ईई को निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने के निर्देश दिए।  इसके बाद वे इतवारी बाजार स्थित ऑक्सीजोन पहुंचे और वहां बनने वाले ओपन एयर थिएटर, बच्चों का खेल क्षेत्र, जिम, साइंस पार्क, फूड कोर्ट के संबंध में योजना के अनुसार काम करने के निर्देश ठेकेदार को दिए। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तत्पश्चात उन्होंने नगर निगम परिसर में बन रही पानी टंकी का काम देखा और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश ठेका कंपनी को दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मियों की अटेंडेंस की भी जानकारी ली। इस दौरान ईई अमरेश लोहिया, एई अशोक सिंह सहित निगम अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • मुंशी की हत्या: साधारण विवाद ने ली भयावह शक्ल

    26-Aug-2025

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि तीन मजदूरों ने मिलकर ईंट भट्टा के मुंशी की बेरहमी से हत्या कर दी। मामला चंगोरी गांव के शिवलाल चक्रधारी के ईंट भट्टे का है, जहां 24 अगस्त की रात को शराबखोरी के बीच हुए विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान किशन लाल साहू (मुंशी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना बताया गया, लेकिन गहराई से पड़ताल करने पर यह संगठित हत्या का मामला निकला।  घटना कैसे हुई? 24 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे आरोपी मजदूर—काशीराम चौहान, धनसाय साहू और एक नाबालिग विधिविरुद्ध संघर्षरत बालक अपने क्वार्टर के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। उसी समय मृतक मुंशी किशन लाल साहू वहां आया और पुराने विवाद को लेकर उनसे झगड़ने लगा। वाद-विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बना ली। आरोपियों ने पहले किशन लाल को हाथ-मुक्कों से मारा और पकड़कर दबोचा, फिर काशीराम चौहान ने पास में रखे टंगिया से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह वहीं गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।  
    हादसा दिखाने की कोशिश हत्या के बाद आरोपी डर गए और उन्होंने इस वारदात को हादसा बताने की योजना बनाई। काशीराम चौहान ने मृतक के मोबाइल से भट्टा मालिक सुभाष चक्रधारी को फोन कर बताया कि शराब पीते समय मजाक-मजाक में किशन लाल गिर पड़ा और टंगिया से सिर में चोट लग गई। इस पर मालिक ने कार से किशन लाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां 25 अगस्त की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में खुला राज प्रारंभिक रूप से थाना दुर्ग में मर्ग दर्ज हुआ, लेकिन जांच अंजोरा चौकी पुलिस को सौंपी गई। जब मृतक के साथ मौजूद मजदूरों से सख्ती से पूछताछ हुई, तो सच्चाई सामने आई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पुराने विवाद और बार-बार के झगड़ों से परेशान होकर किशन लाल की हत्या की। पुलिस ने उनके मेमोरेंडम बयान दर्ज किए, जिसमें उन्होंने साफ किया कि वे सभी एक ही क्वार्टर में रहते-खाते थे और अक्सर खाने-पीने को लेकर झगड़ा होता था। घटना की रात भी इसी बात पर विवाद हुआ था।  
    बरामदगी और गिरफ्तारी आरोपियों ने हत्या के बाद घटनास्थल से टंगिया और शराब की बोतल खेत के मेढ़ किनारे फेंक दी थी। काशीराम का खून से सना टी-शर्ट भी क्वार्टर में छुपाया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टंगिया, कपड़े और शराब की बोतल बरामद कर लिए हैं। धनसाय साहू के पास से भी खून लगे कपड़े (हाफ पैंट और अंडरवियर) जप्त किए गए हैं। इसके बाद तीनों—काशीराम चौहान, धनसाय साहू और नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।  
    जांच में पुलिस की भूमिका इस पूरे मामले में चौकी प्रभारी अंजोरा संतोष कुमार साहू और उनकी टीम के साथ एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बारीकी से पूछताछ और घटनास्थल की गहन जांच के बाद ही यह हत्या का राज उजागर हो पाया। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मजदूरों के बीच हुई साधारण कहासुनी ने हत्या का रूप ले लिया, जिससे ईंट भट्टा संचालकों और मजदूरों में भय का माहौल है। यह घटना सामाजिक ताने-बाने को भी झकझोरने वाली है, क्योंकि आपसी विवाद और शराबखोरी की वजह से एक निर्दोष की जान चली गई।

  • ट्रक चालक ने ऑटो चालक पर किया जानलेवा हमला, FIR दर्ज

    26-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक ट्रक चालक ने ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना 25 अगस्त 2025 की रात करीब 9:15 बजे आमानाका स्थित अंडर ब्रिज के पास की है। इस हमले में ऑटो चालक घायल हो गया और उसकी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का विवरण  शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह ऑटो चलाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में ट्रक (क्रमांक CG 04 DT 1455) आ रहा था। ट्रक चालक ने अचानक जानलेवा इरादे से ऑटो को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे ऑटो सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित का आरोप है कि ट्रक से ठोकर मारने के बाद आरोपी चालक ने वहीं रुककर उसे गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, ट्रक चालक ने हाथ और डंडे से मारपीट करते हुए गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले से पीड़ित सड़क पर गिर पड़ा और राहगीरों की मदद से किसी तरह जान बचाकर पुलिस तक पहुंच सका।  पुलिस कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमला करने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।  प्रत्यक्षदर्शियों के बयान घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक ने जानबूझकर ऑटो को ठोकर मारी और बाद में आक्रामक तरीके से पीड़ित पर हमला किया। कई लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है ताकि केस को मजबूत बनाया जा सके। सड़क हादसे से जानलेवा हमले में बदली घटना यह मामला सड़क दुर्घटना से कहीं अधिक गंभीर साबित हुआ। आमतौर पर सड़क हादसे के बाद लोग विवाद में पड़ते हैं, लेकिन इस घटना में ट्रक चालक का आक्रामक रवैया और पीड़ित पर जानलेवा हमला करना मामले को और गंभीर बना देता है। यही वजह है कि पुलिस ने इसे सिर्फ सड़क दुर्घटना का मामला मानने के बजाय हत्या के प्रयास जैसी धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

Top