बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • हाईकोर्ट ने उठाए सवाल: रायपुर के सूदखोर तोमर बंधुओं पर दर्ज 7 FIR पर स्पष्टीकरण मांगा

    19-Aug-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में सूदखोरी और आर्गेनाइज क्राइम के मामले में फरार चल रहे कुख्यात तोमर बंधु—वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर—को लेकर बड़ा मोड़ सामने आया है। मंगलवार को इस मामले की सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने रायपुर पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए। कोर्ट ने रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह से यह स्पष्ट करने को कहा कि आखिरकार एक ही आरोपियों के खिलाफ एक साथ सात एफआईआर दर्ज करने की क्या आवश्यकता थी और यह कार्रवाई किस आधार पर की गई। हाईकोर्ट ने इस पर विस्तृत जवाब मांगा है और एसएसपी को निर्देश दिया है कि वे व्यक्तिगत शपथपत्र के साथ दो सप्ताह के भीतर अदालत में जवाब दाखिल करें।  
    फरार चल रहे तोमर बंधु, गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया याचिकाकर्ता वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पर रायपुर के तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थानों में सूदखोरी और एक्सटॉर्शन (उगाही) के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश दी थी, जहां से भारी मात्रा में कैश, चेक और जमीनों के दस्तावेज बरामद हुए। जांच के दौरान पुलिस को कई और अहम सबूत मिले, जिनके आधार पर यह मामला संगठित अपराध (ऑर्गेनाइज क्राइम) से जुड़ा हुआ माना गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ अलग-अलग 7 FIR दर्ज की और सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि, गिरफ्तारी के डर से दोनों आरोपी पिछले दो महीने से फरार चल रहे हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों भाइयों ने अपने वकील के माध्यम से हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। इसी याचिका की सुनवाई के दौरान पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए।
    पुलिस पर दबाव में कार्रवाई का आरोप याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि पुलिस ने दबाव और दुर्भावनापूर्ण तरीके से कार्रवाई की है। आरोप है कि पुलिस ने जानबूझकर दोनों भाइयों को संगठित अपराध जैसे गंभीर केस में फंसाने की कोशिश की है। वकील ने दलील दी कि पुलिस ने एक ही तरह के आरोपों पर सात एफआईआर दर्ज कर दी, जो कानूनन सही नहीं है। जांच निष्पक्ष नहीं है, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव में की जा रही है। तोमर बंधु को ‘हिस्ट्रीशीटर’ बताकर गलत छवि बनाई जा रही है। इन्हीं तर्कों के आधार पर वकील ने अग्रिम जमानत देने की मांग की, ताकि दोनों भाई न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सकें। हाईकोर्ट ने तलब की केस डायरी मामले की पिछली सुनवाई के दौरान ही हाईकोर्ट ने पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए केस डायरी तलब की थी। मंगलवार को जब सुनवाई हुई, तब अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस को यह बताना होगा कि किस कानूनी आधार पर सात अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। हाईकोर्ट ने एसएसपी रायपुर से कहा कि वे व्यक्तिगत शपथपत्र देकर दो सप्ताह में इसका स्पष्टीकरण दें। कोर्ट के रुख से यह साफ हो गया है कि पुलिस की कार्रवाई पर न्यायालय गंभीरता से सवाल उठा रहा है।  पुलिस के अनुसार कैसे चलता था सूदखोरी का नेटवर्क पुलिस की जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तोमर बंधु लंबे समय से रायपुर में सूदखोरी और उगाही के धंधे में सक्रिय थे। रोहित तोमर ने अपनी पत्नी भावना तोमर के नाम से एक ऑफिस खोला था।

    इसी ऑफिस से सूदखोरी का पूरा कारोबार संचालित होता था। लोगों को ऊंची ब्याज दर पर कर्ज दिया जाता था और समय पर रकम न लौटाने पर धमकी, मारपीट और संपत्ति कब्जाने तक की घटनाएं सामने आईं। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क संगठित अपराध के तौर पर काम करता था, जिसमें कई स्थानीय लोग भी शामिल थे। फरार आरोपियों पर इनाम घोषित पुलिस ने पिछले दो महीनों से वीरेंद्र और रोहित तोमर की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं आए। दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस के अनुसार लगातार ठिकाने बदलकर बचने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने इनाम की घोषणा भी की है। साथ ही उनके खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस और गिरफ्तारी वारंट भी प्रभावी हैं। हाईकोर्ट की सख्ती से बढ़ा तनाव हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब पुलिस प्रशासन के सामने यह चुनौती है कि वह अदालत में ठोस आधार पेश करे। यदि पुलिस यह साबित करने में असफल रहती है कि सात एफआईआर दर्ज करने की वैधता क्यों थी, तो यह पूरा मामला उलझ सकता है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सभी एफआईआर एक ही घटना और आरोपों पर आधारित हैं, तो यह ‘मल्टीपल एफआईआर’ की श्रेणी में आता है, जिसे उच्चतम न्यायालय ने कई मामलों में अवैध करार दिया है। लेकिन यदि हर एफआईआर अलग-अलग पीड़ितों और अलग-अलग लेन-देन से संबंधित है, तो पुलिस का पक्ष मजबूत हो सकता है। बड़ा सवाल: क्या बच पाएंगे तोमर बंधु? तोमर बंधुओं का आपराधिक रिकॉर्ड और सूदखोरी का कारोबार रायपुर पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ है। अब जबकि मामला हाईकोर्ट की निगरानी में है, पुलिस को अपने कदमों का कानूनी आधार मजबूत करना होगा। दूसरी ओर, तोमर बंधु इस कोशिश में हैं कि उन्हें अग्रिम जमानत मिल जाए और वे गिरफ्तारी से बच सकें। लेकिन पुलिस द्वारा बरामद कैश, चेक और जमीनों के दस्तावेज उनके खिलाफ गंभीर सबूत के तौर पर खड़े हैं।

  • 9 बड़े जुआरी पकड़े गए, सरकारी ठेकेदार और कारोबारी शामिल

    19-Aug-2025

    बिलासपुर। पुलिस ने रसूखदार जुआरियों के जुए के बड़े फड़ में छापेमारी की, और महापौर के जेठ, पीडब्ल्यूडी ठेकेदार और होटल कारोबारी समेत 9 रसूखदार जुआरियों को कैश और क्वाइन के साथ गिरफ्तार किया. ये जुआरी लाखों रुपए का दांव लगा रहे थे. मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है. दरअसल, एसएसपी रजनेश सिंह को सूचना मिली, कि सरकंडा थाना क्षेत्र के कोनी रोड स्थित महावीर अग्रवाल के बाड़ा में कारोबारी जुआ खेल रहे हैं. जहां कैश और क्वाइन पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है. एसएसपी के निर्देश पर टीआई नीलेश पांडेय समेत पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान जुआरियों को भागने का मौका न मिले, इसलिए पुलिस ने पहले चारों तरफ घेराबंदी की. जिसके बाद बाड़ा में दबिश दी. टीम अंदर पहुंची तब कैश और क्वाइन लेकर बैठे जुआरी बड़े दांव लगा रहे थे. पुलिस ने उनके पास से 41 हजार 500 रुपए, एक पेटी क्वाइन, ताश पत्ती और 11 मोबाइल बरामद किया. कार्रवाई के बाद रसूखदार जुआरियों ने अपने-अपने करीबी नेता और अफसरों को फोन लगाना शुरू किया. इस दौरान आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश भी की गई. लेकिन, एसएसपी रजनेश सिंह ने किसी की नहीं सुनी.

  • आरंग पुल से लापता महिला की लाश मिली

    19-Aug-2025

    रायपुर। आरंग के पारागांव में महानदी पुल से कूदने वाली विवाहित महिला स्वाति त्रिवेदी पति अजय त्रिवेदी (उम्र 27 वर्ष) की लाश आज सुबह नदी में तैरती मिली है. पुलिस ने शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बता दें कि आरंग पुलिस को सोमवार सुबह ग्राम पारागांव में नेशनल हाईवे 53 पर बने महानदी पुल में एक स्कूटी और दुपट्टा मिला था, जिसके आधार पर कूदने वाली महिला की पहचान स्वाति त्रिवेदी के रूप में की गई थी. गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश की जा रही थी लेकिन सफलता नहीं मिली.  मृतिका स्वाति त्रिवेदी के बारे में आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि मृतिका की शादी दो वर्ष पहले संतोषी नगर रायपुर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी, दोनों की ढाई माह की बच्ची भी है. मृतिका का मायका ग्राम पारागांव है और रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने मायके आई हुई थी. रविवार को मृतिका के पति और सास ससुर उनसे मिलने पारागांव आए थे. दोनों स्वाति और बच्ची से मिलने के बाद सभी उसी दिन वापस चले गए. अगले दिन यानी सोमवार सुबह लगभग 5 बजे स्वाति घर से स्कूटी लेकर निकलती थी. स्वाति की स्कूटी और दुपट्टा महानदी पुल पर मिला था, इसी के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही थी. स्वाति की लाश आज नदी में तैरेत हुए मिली.

  • ट्रेलर लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

    19-Aug-2025

    रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के कुशल मार्गदर्शन में तमनार पुलिस ने ट्रेलर लूटपाट की घटना का महज़ 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चार ट्रेलर वाहन, एक कार और मोबाइल फोन समेत कुल डेढ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। प्रकरण में प्रार्थी संजय पटेल निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने मई 2025 में एसबीआई कोरबा शाखा से ऑक्शन में चार ट्रेलर वाहन CG 12 BQ 0369, CG 12 BQ 0371, CG 12 BQ 0372, CG 12 BQ 0373 खरीदे थे, जो वर्तमान में सुगोई ट्रांसपोर्ट में परिचालित थे। दिनांक 18 अगस्त की रात ट्रेलर क्रमांक CG 12 BQ 0371 को अज्ञात बदमाशों ने तमनार क्षेत्र के हुकराडीपा के पास से लूट लिया और चालक एम.डी. जुबेर व अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल भी छीन लिए। जांच में पाया गया कि घटना का मुख्य षड्यंत्रकारी पूर्व वाहन स्वामी अमन गोस्वामी ही था, थाना तमनार में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2025 धारा 309(4),309(6) BNS के तहत अपराध कायम कर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई ।
    पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने टीआई कमला पुसाम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल जिले में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की और ओडिशा तक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ओड़िशा हमीरपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास खेत में छिपाए गए चारों ट्रेलर बरामद कर लिये गए। पुलिस की दबिश में अमन गोस्वामी सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी स्विफ्ट कार और कैम्पर वाहन में सवार होकर आए थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की संख्या 5 से अधिक होने पर धारा 310 (2) BNS जोड़ी गई है। आरोपियों के मेमोरेन्डम पर चार ट्रेलर वाहन कीमत 1.5 करोड़ रुपये, चार मोबाइल कीमत 24 हजार रुपये और एक स्विफ्ट कार कीमत 6 लाख रुपये सहित कुल 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।  
    गिरफ्तार आरोपी 1. अमन गोस्वामी पिता नारद गोस्वामी, 28 वर्ष, निवासी कुसमुण्डा गेवरा बस्ती, कोरबा 2. नारद गोस्वामी पिता स्व. शंकर गोस्वामी, 57 वर्ष, निवासी कुसमुण्डा गेवरा बस्ती, कोरबा 3. जितेन्द्र गिरी पिता आनंद गिरी, 38 वर्ष, निवासी बाजीपाली, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) 4. मनीष प्रकाश केंवट पिता ओमप्रकाश केंवट, 28 वर्ष, निवासी शिलादेही, जिला जांजगीर-चांपा 5. लेखराम केंवट पिता छेदीलाल केंवट, 24 वर्ष, निवासी केशला, जिला जांजगीर-चांपा 6. रामरतन पटेल पिता मोनोलाल पटेल, 27 वर्ष, निवासी मोहाडीह, जिला जांजगीर-चांपा 7. कुंजराम पटेल पिता मकरम पटेल, 30 वर्ष, निवासी शिलादेही, जिला जांजगीर-चांपा दो अन्य फरार बरामद संपत्ति चार ट्रेलर वाहन (1,50,00,000 रुपये), चार मोबाइल फोन (24,000 रुपये), एक स्विफ्ट डिजायर कार CG 12 AP 1298 (6,00,000 रुपये), कुल मूल्य 1,56,24,000 रुपये।

  • रायपुर : अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर निगम ने चलाया बुलडोजर

    19-Aug-2025

    रायपुर। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश एवं नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर मंगलवार को नगर निगम जोन-5 द्वारा अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया. जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता नागेश्वर राव रामटेके, उप अभियंता अंकुर मिश्रा एवं टिकेन्द्र चंद्राकर की उपस्थिति में नगर निवेश विभाग की टीम ने नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़न दस्ते के साथ संयुक्त कार्रवाई की.  अभियान के तहत पासपोर्ट कार्यालय के पास नागरिक राम बहल सिंह द्वारा अनुमति के विपरीत किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया. वहीं, भाठागांव इंटेकवेल क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी निगम ने कड़ा कदम उठाया. मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से बनाई गई मुरूम रोड को काटकर मार्ग का आवागमन अवरुद्ध कर दिया, जिससे आगे किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लग सके. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

  • विधायकों को मिला राजभवन से पत्र, कल साय कैबिनेट का विस्तार कन्फर्म

    19-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर इंतजार खत्म हो गई है। मंत्रिमंडल के विस्तार की तारीख तय हो गई है। कल सुबह 11:00 बजे साय कैबिनेट में तीन नए मंत्री शपथ लेंगे। लेकिन इससे पहले बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल, सभी विधायकों को राजभवन से बुलावा आ गया है। कल सुबह 10:30 बजे सभी विधायक राजभवन जाएंगे। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने सभी विधायकों को पत्र भेजकर राजभवन बुलाया है।  आपको बता दें कि कल यानी बुधवार को मंत्रीमण्डल का विस्तार किया जाएगा। तीन नए विधायक साय कैबिनेट में शामिल होंगे। तीनों ही नए मंत्रियों को कल राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि अबतक यह तय नहीं हो सका है कि, किन तीन विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। मीडिया में कई नामों पर चर्चा जारी है। इनमें मुख्य रूप से राजेश अग्रवाल, खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव का नाम शामिल है।

  • टीचर ने पत्नी के ट्रांसफर का किया विरोध, अपने बड़े अधिकारी को हड़काया

    19-Aug-2025

    बलौदाबाजार। जिले के कसडोल विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अरविंद ध्रुव को कार्यालय में घुसकर धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शिक्षक नेता सुशील साहू अपनी पत्नी के युक्तियुक्तकरण के तहत हुए स्थानांतरण से नाराज़ होकर तमतमाते हुए देखे जा सकते हैं और “देख लेने” की धमकी देते सुने जा रहे हैं। यह वीडियो भले ही एक माह पुराना हो लेकिन इस पर अब प्रशासन ने संज्ञान लिया है और आज दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।  जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार ने एकल शिक्षक और शिक्षकविहीन विद्यालयों में बच्चों की संख्या के आधार पर युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की थी। इस प्रक्रिया के तहत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं अतिशेष घोषित किए गए जिन्हें ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से विद्यालय चयन का विकल्प दिया गया। इसी प्रक्रिया में प्राथमिक शाला अमलीडीह में पदस्थ शिक्षिका विनीता साहू का स्थानांतरण प्राथमिक शाला वीरनारायणपुर किया गया।  
    इस निर्णय से नाराज़ उनके पति सुशील साहू, जो स्वयं कर्मचारी नेता हैं अपने कुछ साथियों के साथ बीईओ कार्यालय पहुंचे और विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अरविंद ध्रुव से अभद्रता करते हुए उन्हें धमकाने लगे। इस घटना की शिकायत बीईओ अरविंद ध्रुव ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से की थी। शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दो विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों राजेंद्र टंडन और नरेंद्र वर्मा को जांच समिति का सदस्य नियुक्त किया है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और धमकी देने वाले शिक्षक नेता पर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है। यह भविष्य की कार्यवाही का विषय होगा।

  • बीमार महिला से लूटपाट करने वाले गिरफ्तार, जीआरपी को मिली सफलता

    19-Aug-2025

    भिलाई। डायलिसिस कराकर लौट रही महिला से लूट की वारदात का जीआरपी ने खुलासा किया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी फरार है। वारदात 17 अगस्त की रात करीब 10 बजे की है। दरअसल, भिलाई-3 रेलवे कॉलोनी निवासी कुमुद पटेल (41) अपने भाई आकाश श्रीवास्तव के साथ मित्तल हॉस्पिटल से डायलिसिस कराकर घर लौट रही थीं। घर पहुंचते ही चार युवकों ने उनका काला बैग छीन लिया। बैग में 500 रुपए और डायलिसिस की पर्ची थी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से महिला के सिर पर वार किया। बचाव में आए भाई आकाश के साथ भी मारपीट की। लोगों के जमा होने पर आरोपी भाग निकले। जल्दबाजी में वे अपनी बाइक मौके पर छोड़ गए। पुलिस ने बाइक के आधार पर भूपेन्द्र कुमार भारद्वाज (35), अखिलेश उर्फ राजा गुप्ता (27) और दुष्यंत दास उर्फ बब्बू (24) को गिरफ्तार किया। चौथा आरोपी देवाशीश अभी फरार है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने बैग और रॉड को नाले में फेंक दिया और लूटे गए पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए। 18 अगस्त को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

  • स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंटीन में आग, बड़ा हादसा टला

    19-Aug-2025

    भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (SVTU) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कैंटीन में अचानक आग लग गई। यह घटना विश्वविद्यालय परिसर के विश्वेश्वरैया भवन, जिसे यूटिलिटी बिल्डिंग भी कहा जाता है, में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैंटीन में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव (लीकेज) होने के कारण आग भड़की। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया।
    सिलेंडर लीकेज से उठी लपटें सूत्रों के अनुसार, कैंटीन में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें उठने लगीं और कैंटीन धुएं से भर गया। कैंटीन कर्मचारी और वहां मौजूद लोग जैसे-तैसे बाहर निकले। घटना की सूचना तुरंत विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस को दी गई। थोड़ी ही देर में दमकल की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते ब्लॉक खाली कराया गया   घटना के समय विश्वेश्वरैया भवन के क्लासरूम में करीब 200 से अधिक इंजीनियरिंग छात्र मौजूद थे। आग की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए। ब्लॉक को खाली कराने में शिक्षकों और सुरक्षाकर्मियों ने मदद की। समय पर सतर्कता बरतने से कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। महिला कर्मचारी बेहोश, अस्पताल भेजा गया आगजनी के दौरान कैंटीन में काम कर रही एक महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि धुएं और घबराहट की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।  दमकल विभाग और पुलिस की कार्रवाई मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने तुरंत आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। कुछ ही देर की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित कर ली गई। पुलिस ने भी पूरे भवन को सील कर दिया और वहां मौजूद सिलेंडरों और अन्य सामान को बाहर निकलवाया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार यह आग सिलेंडर लीकेज के कारण लगी। हालांकि, विस्तृत जांच की जा रही है। छात्रों में दहशत, प्रशासन ने दिए निर्देश  अचानक लगी आग से छात्र काफी सहम गए। कई छात्र कैंपस से बाहर निकल आए और अपने परिवारजनों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बयान जारी करते हुए कहा कि सभी छात्र और कर्मचारी सुरक्षित हैं। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, कैंटीन को बंद रखा जाएगा और छात्रों को अन्य स्थानों पर खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बड़ी दुर्घटना से बचाव विश्वविद्यालय परिसर में आगजनी की यह घटना बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी, क्योंकि आग लगने के समय भवन में काफी संख्या में छात्र मौजूद थे। अगर समय रहते ब्लॉक खाली न कराया जाता और दमकल विभाग तुरंत मौके पर न पहुंचता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। मौके पर मौजूद छात्रों ने भी बताया कि आग लगने के बाद धुएं के कारण घबराहट बढ़ गई थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और सबको सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

  • गौमाता को रौंदने वाले वाहन चालक पर शिव सेना ने अपराध दर्ज कराया

    19-Aug-2025

    राजनांदगांव_शिवसेना राजनांदगांव जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने बताया बीते रविवार की रात लगभग 2 बजे ट्रक चालक द्वारा लापरवाही तरीके से वाहन चला कर एक साथ 9 गौ माता को रौंदने वाले वाहन चालक के खिलाफ कार्यवाही हेतु जिला पुलिश अधीक्षक महोदय को शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी, चन्द्र शेखर शुक्ला, डिगम्बर साहू, टकेश्वर साहू की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुवे तत्काल कार्यवाही का आश्वाशन दिया। वहां से लालबाग थाना पहुंच शिव सैनिको ने अपराध पंजीबद्ध कराया शिव सेना पदाधिकारियों ने कहा कि जिस तरीके से एक साथ 9 गौ माता को रौंदा गया है कानून के जानकारों का कहना है कि यह बड़ा अपराध है जिलाध्यक्ष सोनी ने कहा की ये हमारे लिए बढ़ी दुर्भाग्य की बात है पूरे प्रदेश के सड़कों में एक के बाद एक वाहन चालक गौमाता को रौद रहे हैं और रिपोर्ट लिखवाने लोग सामने नहीं आ रहे जिससे ऐसे अपराध करने वालो पर कानूनी कार्यवाही हो और फिर ऐसी घटना में लगाम लग सके।
    जिलाध्यक्ष सोनी ने बताया छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के आदेशानुसार प्रदेश के पांचो संभागो में शिवसेना पार्टी द्वारा गौ माता को राज्य माता का दर्जा दिलाने, गौ हत्या करने वालो पर हत्या का मामला दर्ज करने, गौ तस्कर वाहनों को राजसात की कार्यवाही करने, घुमन्तु मवेशियों को गांव गांव में निर्मित गौठानो में रख कर उस क्षेत्र के दो लोगो को कलेक्टर दर पर रोजगार देकर गौ संरक्षण करने सहित गौ रक्षा की मांगों को लेकर पिछले 50 दिनों से महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी तरह दुर्ग संभाग में भी किसान सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी, प्रदेश सचिव दिनेश ताम्रकर, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम केशरवानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शोभा शंकर त्रिपाठी, महामंत्री मनीष तिवारी सहित प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में पिछले 50 दिनों से डोर टू डोर संपर्क कर और मुख्य बाजार एव चौराहो में स्टॉल लगाकर महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री जी ने गौ रक्षा के मामले को संज्ञान में लिया और गौ धाम बनाने की घोषणा कर दी। लेकिन धरातल में अब भी गौ रक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नजर नही आ रही है। सड़को पर विचरण करने मजबूर गौ माता अब भी लगातार दुर्घटना का शिकार बन रही है। जिलाध्यक्ष सोनी ने बताया हाल ही में बीती रविवार की रात करीब 2 बजे राजनांदगांव से नागपुर हाइवे में 1 ट्रक चालक द्वारा 9 गायों को बर्बरता पूर्ण तरीके से कुचल दिया। जिससे मौके पर ही सभी 9 गायों की मौत हो गयी।

  • पंडित रवि शंकर शुक्ल वि वि को A+ ग्रेड मिलने पर सभी वर्ग के कर्म चारियों में खुशी की लहर - प्रदीप मिश्र

    19-Aug-2025

    राजनांदगांव- छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप मिश्र और सचिव शिरिष त्रिवेदी ने बताया कि पंडित रवि शंकर शुक्ल वि वि को यू जी सी की नेक ग्रेडेशन समिति के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के स्टेप बाई स्टेप मूल्यांकन करते हुए A+ ग्रेड दिया है जोकि  छत्तीसगढ़ का सबसे पुराना और सबसे बड़ा वि वि है जिसने B++ से सीधे A + ग्रेड में आने वाला प्रदेश का पहला वि वि बना है l आज पेंशनर कल्याण समिति के सदस्यगण  वि वि कुलपति डा सच्चिदानंद शुक्ला जी  और कुलसचिव डा अम्बर ब्यास जी के साथ साथ विश्वविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की संचालक डा आरती परगनिहा मैडम जी अपने इस कार्य के अलावा विभागाध्यक्ष बायो साइंस विभाग  का दायित्व भी निभा रही हैं इन सभी को को बधाई देने गये l
    इस ग्रेडेशन श्रेय का वि वि के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, और
    कर्मचारियों के साथ साथ समस्त शोधर्थियों के अथक और निरंतर प्रयास को जाता है इसके लिए प्रदेश के माननीय राज्यपाल और हमारे विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आदरणीय रमेन डेका जी के द्वारा समय समय पर विश्वविद्यालय के कुलपतियों को अपने अपने विश्व विद्यालय की गुणवत्ता बढ़ाने और नेक टीम से मूल्यांकन कराने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहे हैं  उनके लगातार  निर्देशों का प्रतिफल है जो हमें A + ग्रेड मिला इसके लिए  राज्यपाल महोदय भी बधाई के पात्र है जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से वि वि की प्रतिष्ठा बढ़ी है l  
    इस ग्रेडेशन के बढ़ने के बाद से वि वि का ग्रांट अब बढ़ेगा जिससे वि वि अपने शोध आदि के कार्यो में इजाफा होगा नई नियुक्तियों के द्वार खुलेंगे  बधाई देने के लिए निम्न सदस्यगण गये थे  प्रदीप मिश्र शिरीश त्रिवेदी, राकेश शुक्ला, सुरेंद्र वर्मा, गणेश राम यादव सुनील सोनकर, अविरल धनगर , हेमंत यादव सुरेश सोनकर आदि थे/

  • सांसद बृजमोहन अग्रवाल संसद टीवी की विशेष परिचर्चा में हुए शामिल

    18-Aug-2025

    नई दिल्ली/रायपुर। लोकसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल संसद टीवी पर आयोजित एक विशेष परिचर्चा में शामिल हुए। इस परिचर्चा में उन्होंने केंद्र सरकार की विकासोन्मुख नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश की प्रगति में आम जनता की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि संसद में उठाए जा रहे मुद्दे केवल कानून बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह आम जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों से भी जुड़े हुए हैं।  अग्रवाल ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के विकास पर बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ राज्य की जनता तक पहुँचे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं, किसानों और महिलाओं को मजबूत बनाने वाली योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि संसद के जरिए उनकी आवाज को मजबूती से रखा जा रहा है। संसद टीवी की यह विशेष परिचर्चा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संसद की भूमिका को जनता तक पहुँचाने का एक अहम माध्यम माना जा रहा है। बृजमोहन अग्रवाल की मौजूदगी ने इस चर्चा को और भी महत्त्वपूर्ण बना दिया।

  • PM मोदी अगले महीने कोलकाता में शीर्ष सैन्य कमांडरों को करेंगे संबोधित

    18-Aug-2025

    कोलकाता : पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में बड़ी सफलता के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर के तीसरे सप्ताह में कोलकाता में आयोजित होने वाले संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन में शीर्ष सैन्य अधिकारियों को संबोधित कर सकते हैं। इस सम्मेलन में तीनों रक्षा बलों के शीर्ष कमांडरों के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय के नागरिक नौकरशाह भी भाग ले रहे हैं। रक्षा सूत्रों ने एएनआई को बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर शीर्ष कमांडरों को संबोधित करेंगे और भविष्य में सेनाओं के लिए अपना दृष्टिकोण बताएंगे। प्रधानमंत्री को उच्च रक्षा सुधारों के एक भाग के रूप में तीन थिएटर कमानों के सृजन पर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी जाएगी, ताकि सेनाएं भविष्य में संयुक्त रूप से और कुशलतापूर्वक युद्ध लड़ सकें। थिएटर कमांड्स के लिए बुनियादी कार्य चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के नेतृत्व में इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ द्वारा किया जा रहा है। आईडीएस अब ऑपरेशन सिंदूर से सीखे गए सबक को कमांड्स की संरचना में शामिल करने की दिशा में भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेना चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के नेतृत्व वाली चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी की परिचालन भूमिका को बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। थिएटर कमांड को जयपुर, प्रयागराज और कारवार सहित तीन स्थानों पर स्थापित करने की योजना थी। ये कमान क्रमशः पश्चिमी, उत्तरी और समुद्री सीमाओं के लिए जिम्मेदार होंगे। प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाने वाला एक अन्य प्रमुख प्रस्तुतीकरण देश में मेक इन इंडिया के तहत निर्मित स्वदेशी हथियार प्रणालियों और प्लेटफार्मों पर होगा।
    सेनाएं ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उपकरणों के प्रदर्शन के साथ-साथ इस क्षेत्र में भविष्य के कार्यक्रमों पर एक विस्तृत प्रस्तुति तैयार कर रही हैं। ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ नागास्त्र जैसे कई अन्य विस्फोटकों का इस्तेमाल पाकिस्तान में आतंकवादी और पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को नष्ट करने के लिए किया गया । कोलकाता में पहली बार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान कुछ स्वदेशी हथियार प्रणालियों का भी प्रदर्शन किया जा सकता है । पहले प्रधानमंत्री संयुक्त कमांडर सम्मेलन को प्रतिवर्ष संबोधित करते थे, लेकिन अब इसे हर दो वर्ष में एक बार कर दिया गया है।रक्षा मंत्री ने पिछले वर्ष लखनऊ में संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने बलों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अपने निर्देश और दृष्टिकोण बताए थे।

  • रायपुर में दो और ड्रग्स पेडलर्स गिरफ्तार

    18-Aug-2025

    रायपुर। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही की है। थाना टिकरापारा में दर्ज अपराध क्रमांक 600/25 धारा 21सी, 27, 27(क), 29 नारकोटिक एक्ट एवं 111 बी.एन.एस. के प्रकरण में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पाकिस्तान के थू्र पंजाब के रास्ते ड्रग्स सप्लाय नेटवर्क के पंजाब निवासी अंतर्राज्यीय तस्कर सहित स्थानीय नेटवर्क के कुल 20 आरोपियों के कब्जे से खुदरा मुल्य लगभग 01 करोड़ रूपये कीमत के 412.87 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), विभिन्न मोबाईल फोन, चारपहिया वाहन क्रेटा क्रमांक सी जी/04/क्यू एच/7491, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, हेरोईन पीने में उपयोग जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड एवं चेक बुक जप्त कर कार्यवाही किया गया था।  गिरफ्तार आरोपियों से हेरोईन (चिट्टा) सप्लाय नेटवर्क में लगे अन्य आरोपियों के संबंध में पतासाजी करने एवं उनसे जप्त दस्तावेजों का तकनीकी विशलेषण कर हेरोईन (चिट्टा) को कंज्यूम एवं उसकी बिक्री करने वालों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही करते हुए इस हेरोईन सप्लाय नेटवर्क में हेरोईन की बिक्री करने वाले अन्य 02 पेडलर को चिन्हांकित कर पतासाजी कर पकड़ा गया है। दोनों पेडलर्स को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग ए.टी.एम. कार्ड, 01 नग पासबुक एवं 02 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार पेडलर्स 01. फरहान रजा पिता शाहिद रजा उम्र 33 वर्ष निवासी मोमिन पारा छत्तीसगढ़ समाज पार्टी के सामने थाना टिकरापारा जिला रायपुर। 02 प्रदीप गेंडरे पिता देवलाल गेंडरे उम्र 31 वर्ष निवासी गायत्री दवाखाना के आगे पुरानी बस्ती गोगांव थाना गुढ़ियारी जिला रायपुर।

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहुंचे अमेरिका, ट्रंप से करेंगे मुलाकात

    18-Aug-2025

    वाशिंगटन। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की शांति वार्ता को गति देने के लिए अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंच चुके हैं। जेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा होगी।

    जेलेंस्की ने अपने अमेरिका पहुंचने की जानकारी सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर दी है। उन्होंने कहा, मैं वाशिंगटन पहुंच चुका हूं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप से मिलूंगा। साथ ही, हम यूरोपीय नेताओं से भी बात करेंगे। मैं राष्ट्रपति का इस निमंत्रण के लिए धन्यवाद करता हूं। हम सभी चाहते हैं कि यह युद्ध जल्दी और भरोसेमंद तरीके से खत्म हो जाए और हमारी कोशिश है कि शांति हमेशा के लिए बनी रहे।
     
    उन्होंने आगे कहा, यह अब वैसा नहीं है जैसा कई साल पहले हुआ था, जब यूक्रेन को क्रीमिया और हमारे पूर्वी हिस्से डोनबास के एक हिस्से को छोड़ने के लिए मजबूर किया गया था। पुतिन ने इसे फिर से हमला करने के लिए आधार बनाया था, या जब 1994 में यूक्रेन को सुरक्षा की गारंटी दी गई थी। लेकिन, वह गारंटी प्रभावी साबित नहीं हुई।
     
    जेलेंस्की ने अपने पोस्ट में आगे बताया कि बेशक, क्रीमिया को उस समय नहीं छोड़ा जाना चाहिए था, जैसे कि यूक्रेन ने 2022 के बाद कीव, ओडेसा या खार्किव को नहीं छोड़ा। यूक्रेन के लोग अपनी जमीन और अपनी आज़ादी के लिए लड़ रहे हैं।
     
    उन्होंने कहा कि अब हमारे सैनिकों को डोनेट्स्क और सूमी इलाकों में कामयाबी मिली है। मुझे पूरा भरोसा है कि हम यूक्रेन की रक्षा करेंगे और उसे मजबूत सुरक्षा देंगे। हम हमेशा राष्ट्रपति ट्रंप, अमेरिका के सभी लोगों और हर एक साथी और सहयोगी के समर्थन और मदद के लिए आभारी रहेंगे।
     
    राष्ट्रपति ने कहा कि रूस को यह युद्ध समाप्त करना ही होगा, जिसकी शुरुआत उसने खुद की थी। मुझे उम्मीद है कि अमेरिका और हमारे यूरोपीय मित्रों के साथ हमारी संयुक्त शक्ति रूस को वास्तविक शांति की ओर आगे बढ़ाएगी।
     
     
  • युगांडा की संसद में माधव स्वामी का अभिनंदन

    18-Aug-2025

    नई दिल्ली। माधव स्वामी अपनी सनातन संस्कृति और हिंदू जीवनशैली को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए निरंतर यात्रा करते हैं। इसी क्रम में वे अफ्रीकी महाद्वीप की यात्रा पर युगांडा पहुंचे। यह यात्रा भारत और अफ्रीका के देशों के बीच आध्यात्मिकता, शिक्षा और संस्कृति का नया सात्विक सेतु निर्मित करेगी।

     
    युगांडा में बड़ी संख्या में गुजराती समुदाय निवास करता है। युगांडा की संसद में उपसभापति डॉ. थॉमस तैयेब्वा के विशेष निमंत्रण पर राजधानी कंपाला पहुंचे माधव स्वामी का स्वागत खुद उपसभापति डॉ. थॉमस समेत अन्य सांसदों ने किया। हार्दिक स्वागत के बाद उन्हें सम्मानित भी किया गया।
     
     
    युगांडा के सांसदों और सरकार के प्रतिनिधि उपसभापति महोदय के साथ माधव स्वामी ने इस विषय पर गहन चिंतन और चर्चा की कि गुरुकुल शिक्षा पद्धति के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को किस प्रकार और अधिक स्वाभिमानी, सशक्त और संस्कारी बनाकर समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए तैयार किया जा सकता है। उपसभापति ने माधव स्वामी को युगांडा संसद भवन का भ्रमण कराया तथा उसकी विशेषताओं से अवगत कराया।
     
    यह ऐतिहासिक यात्रा ऐसे समय में हुई है जब भगवान श्री स्वामीनारायण द्वारा लिखी गई सर्वजीव हितावह शिक्षापत्री के दो सौ वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। यह रचना समाज में मानवता के मूल्यों का बीज बोने वाली है। राजसत्ता और धर्मसत्ता की यह भेंट भारत और अफ्रीका के देशों के बीच आध्यात्मिकता, शिक्षा और संस्कृति का एक नया सात्विक सेतु स्थापित करेगी।
  • पीएम आवास: यह सिर्फ पक्का मकान ही नहीं है, बुढ़ापे का सहारा भी है

    18-Aug-2025

    रायपुर। जंगलों के बीच कच्चे मकान में बसर कर रही छेरकीन बाई को लगता था कि एक दिन वे लोग भी पक्के मकान में निवास करेंगे। घर की गरीबी और परिस्थितियों ने ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया कि पक्का आवास का सपना महज सपना ही रह गया। वक्त के साथ छेरकीन बाई अकेली ही अपनी झोपड़ी में रह गई। बच्चे भी नहीं थे। बुढ़ापे में बाल पक गए, उम्मीदें टूट गई और इन टूटे हुए उम्मीदों के बीच उन्हें बारिश के दिनों समस्याओं से जूझना पड़ता था। इस बीच प्रधनमंत्री आवास योजना में उनका नाम चयन होने के बाद जब पक्के मकान के लिए पहली किस्त मिली तो वृद्धा छेरकीन बाई ने अपने सगे संबंधियों की मदद से मकान तैयार करा लिया। अब जबकि बारिश का माहौल है, तब भी छेरकीन बाई को छत से पानी टपकने और खपरैल ठीक कराने की समस्याओं से दो चार होना नहीं पड़ता।

     
    कोरबा विकासखण्ड अंतर्गत वनांचल ग्राम केराकछार की रहने वाली छेरकीन बाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास में नाम आने के बाद उन्होंने अपने घर के पास रहने वाले अन्य रिश्तेदारों के साथ ही अपना भी मकान बनवा लिया है। बारिश की वजह से अभी प्लास्टर का काम शेष है। आने वाले दिनों में प्लास्टर का काम भी पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मकान बनकर तैयार है, और बारिश में वह इसी पक्के मकान में ही रह रही है। वृद्धा छेरकीन बाई ने बताया कि गरीबी की वजह से पक्का मकान बना पाना हमारे वश में नहीं था। घर में अकेली होने की वजह से कच्चे मकान में बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से जूझना पड़ता था। वह तो पक्के मकान का उम्मीद छोड़ भी चुकी थी, लेकिन पीएम आवास में नाम आने के बाद उनकी टूटी हुई उम्मीद पूरी हो गई। उन्होंने बताया कि अपने नाती को गोद ली है और अब वे ही उनका देख-रेख करते हैं। छेरकीन बाई ने पीएम आवास के रूप में पक्का मकान मिलने पर कहा कि यह योजना हम जैसी गरीब और बेसहाराओं के लिए वरदान से कम नहीं। यह पक्का मकान ही नहीं है, हमारा सहारा होने के साथ हमें अनेक मुसीबतों से बचाने और आने वाले दिनों में खुशियों का पल भी है, इसलिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद भी करना चाहती हूं।
  • राजधानीवासियों को लुभा रही जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी

    18-Aug-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्ष पर राजधानी के टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगायी गई छायाचित्र प्रदर्शनी राजधानीवासियों को लुभा रही है। इस प्रदर्शनी में केबीसी के तर्ज पर यहां क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। युवा इसमें उत्साह के साथ हिस्सा लें रहे हैं। छायाचित्र प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की परंपराओं, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, छत्तीसगढ़ के पुरोधाओं का जीवन परिचय और उनका स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान तथा राज्य निर्माण की यात्रा से जुड़ी कई दुर्लभ तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। साथ ही डिजिटल स्क्रीन पर स्लाइड शो भी के माध्यम से भी छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों प्रदर्शित की जा रही है।

     
     
    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रगति पथ पर छत्तीसगढ़, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, महतारी वंदन योजना, विष्णु का सुशासन-संवाद से समाधान तक, सुशासन तिहार छत्तीसगढ़ अंजोर, राज्य का प्रथम आदिवासी संग्रहालय, स्वर्णिम भविष्य की राह, औद्योगिक नीति, नई शिक्षा नीति से भविष्य उज्ज्वल, वनांचल मा समृद्धि के आधार हमर हरा सोना जैसी लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और छत्तीसगढ़ राज्य की उपलब्धियां को भी प्रदर्शित किया गया है। 21 अगस्त तक चलने वाली यह सात दिवसीय प्रदर्शनी प्रातः 10.30 से रात्रि 8 बजे तक आम लोगों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
     
     
    जे.आर. दानी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं के दल ने आज प्रदर्शनी का अवलोकन किया और क्विज में हिस्सा भी लिया। इस दौरान कु. सरिता यादव, कु. कशिश श्रीवास, कु. हेमा पटेल और कु. छाया लालवानी ने कहा कि प्रदर्शनी रोचक और ज्ञानवर्धक है। प्रदर्शनी में आगंतुकों के लिए छत्तीसगढ़ के इतिहास और सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें रायपुर के विभिन्न स्कूलों और छात्रावासों के बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और छत्तीसगढ़ के सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों का उत्तर दे रहे हैं और क्विज के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी देखने आए प्राचार्य डॉ. हितेश कुमार देवांगन, व्याख्याता श्रीमती योगिता चंद्रवंशी, संकुल समन्वयक खोमेश्वर राम देवांगन, व्याख्याता श्रीमती मीना भारद्वाज, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के डॉ. भीष्म सोनकर सहित अनेक लोगों ने भी इस आयोजन की सराहना की और विजिटर्स बुक में अपने अनुभव और सुझावों को साझा किया।
  • कौशल विकास प्रशिक्षण से युवाओं को मिला रोजगार के बेहतर अवसर

    18-Aug-2025

    जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश के छात्र-छात्राओं को कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला जशपुर के लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में संचालित नवगुरुकुल शिक्षण संस्थान के माध्यम से बारहवीं उत्तीर्ण छात्राओं तथा स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम से जुड़ने की इच्छुक युवतियों को बिजनेस एवं टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

    संस्थान में अध्ययनरत छात्राओं को हॉस्टल, भोजन एवं लैपटॉप जैसी आवश्यक सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियाँ भी आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकें।
  • स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारी हुए सम्मानित

    18-Aug-2025

    जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन जशपुर द्वारा कुपोषण की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आईआईटी मुंबई की टीम के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

     
    जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत स्तनपान के 45 बिंदु, पोषण आहार एवं पूरक आहार जैसे विषयों पर आधारित एक ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के लगभग 5,000 कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
     
     
    स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य विभाग के 5 एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के 5 कर्मचारियों को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
     
     
    इस अवसर पर विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में कुपोषण उन्मूलन हेतु निरंतर समर्पित प्रयास जारी रहेंगे। 
Top