बिलासपुर। चोरों ने रिहायशी कॉलोनी के दो सूने मकानों को निशाना बनाया। खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोरों ने कमरों की तलाशी ली, फिर जेवर, कीमती सामान और कैश समेत लाखों का सामान पार कर दिया। घटना सरकंडा के पॉश कॉलोनी महावीर सिटी और गणेश वैली की है। नकाबपोश चोरों का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, 21 मई की रात चोर गिरोह ने सरकंडा के क्षेत्र के मोपका स्थित दो कॉलोनी के सूने मकानों पर धावा बोल दिया। यहां रहने वाले पंकज सुरेश पाणी परिवार समेत शादी में महाराष्ट्र गए थे। इस दौरान चोर उनके घर की खिड़की तोड़ कर अंदर घुस गए। ग्राउंड फ्लोर में पांच बेडरूम के दरवाजों का सेंट्रल लॉक तोड़ा। ड्रेसिंग में रखे पर्स से 10 हजार रुपए कैश, टाइटन की घड़ी और अन्य कीमती सामान ले गए। उन्होंने चोरी की जानकारी पुलिस को दी, जिस पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा गांव में एक शौचालय वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वाहन धू-धू कर जल उठा। दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग को काबू में कर लिया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह शौचालय वाहन लंबे समय से वहां खड़ा था। इसका उपयोग आम दिनों में और विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान किया जाता था। घटना के समय धीरे-धीरे धुआं निकलना शुरू हुआ और फिर आग की लपटें तेज हो गईं। आग लगने के कारणों की जांच चल रही है। ग्रामीणों का मानना है कि यह आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है। घटनास्थल पर कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं था, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना नकारी जा सकती है।
रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र से एक बार फिर सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। इस बार मामला वॉर्ड क्रमांक 13 का है, जहां रहने वाली महिला पदमा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि पदमा की लाश उसके घर में आपत्तिजनक स्थिति में मिली है और उसकी हत्या का आरोप पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पदमा (उम्र लगभग 30 वर्ष) अपने घर में अकेली रह रही थी। उसके पति की कुछ वर्षों पहले मृत्यु हो चुकी है और वह सिलाई का काम करके गुजर-बसर कर रही थी। पड़ोसियों ने बताया कि सोमवार की रात को पदमा के घर से तेज आवाजें और झगड़े की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य पारिवारिक विवाद समझकर ध्यान नहीं दिया। सुबह जब पदमा कई घंटों तक बाहर नहीं दिखी और उसका घर बंद रहा, तो एक पड़ोसी महिला उसे देखने पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, जहां पदमा की लाश आपत्तिजनक स्थिति में पाई गई। शरीर पर चोट के कई निशान थे और कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट या और कुछ गंभीर घटना हुई हो सकती है।
पुलिस को जांच के दौरान पदमा के मोबाइल फोन और घर से कुछ निजी सामान मिले हैं, जिससे यह संदेह और मजबूत हो गया है कि हत्या जान-पहचान के किसी व्यक्ति ने ही की है। पुलिस ने घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच करवाई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस बीच स्थानीय लोगों ने एक पड़ोसी युवक पर शक जताया है, जो अक्सर पदमा के घर आता-जाता रहता था। बताया जा रहा है कि उस युवक की हरकतें पहले भी संदिग्ध रही हैं और कुछ दिनों से पदमा से उसका विवाद चल रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। खरोरा थाना प्रभारी का कहना है कि मामला गंभीर है और सभी कोणों से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय महिलाओं में गुस्सा और डर दोनों व्याप्त हैं। वार्ड 13 के रहवासी पुलिस से आरोपी को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं और मोहल्ले की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जता रहे हैं। पदमा की मौत ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और अकेली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खरोरा थाना क्षेत्र में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है, बीते कुछ महीनों में यहां चोरी, झगड़ा और महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है। पुलिस इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने की कोशिश में जुटी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली/रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग के गवर्निंग काउंसिल की बैठक में दक्षिण भारत के तीन मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुए, जिनमें एनडीए शासित पुडुचेरी के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं. हालांकि, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी इस बैठक में शामिल हुए और अपने-अपने राज्यों से जुड़े मुद्दों को परिषद के समक्ष रखा. नीति आयोग की बैठक में सीएम साय भी शामिल हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तारीफ की।
बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि अगर केंद्र और राज्य मिलकर टीम इंडिया की तरह काम करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है. कांग्रेस शासित कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बैठक में भाग नहीं लिया. उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि वे 'राज्य में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम' में व्यस्त थे. उन्होंने अपना भाषण भेजा है, जिसे बैठक में पढ़ा जाना था. 'विकसित राज्य से विकसित भारत@2047' की थीम पर आयोजित नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई. नीति आयोग की इस शीर्ष परिषद में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं. प्रधानमंत्री इसके अध्यक्ष हैं. नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के विकास की रफ्तार को और तेज करना समय की जरूरत है. उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर केंद्र और सभी राज्य एकजुट होकर 'टीम इंडिया' की तरह मिलकर काम करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है.
रायपुर। अचानक हुई बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी है। कुछ घंटों की बारिश ने रायपुर की कई कॉलोनियों और मुख्य सड़कों को पानी से लबालब कर दिया। सिविल लाइन, मोतीबाग, प्रोफेसर कॉलोनी, तुलसी नगर, शीतला कॉलोनी, कैलाशपुर और सड्डू जैसे इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह पानी भर जाने के कारण सड़कें नजर नहीं आ रही हैं जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या हर साल बरसात के पहले ही झलकने लगती है, लेकिन नगर निगम समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न होती है। बरसात के पानी के साथ नालियों का गंदा पानी भी सड़कों पर बह रहा है जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ सकते हैं। छोटी गाड़ियों में पानी घुसने की शिकायतें भी सामने आई हैं। लोग अपनी गाड़ियों को धक्का लगाकर जलभराव से बाहर निकालते नजर आए। कई इलाकों में बच्चों और बुजुर्गों को पैदल चलने में भी काफी परेशानी हुई।
छत्तीसगढ़. रायपुर: राजधानी रायपुर में बदली और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत रही. प्रदेशभर में गरज-चमक और बारिश की गतिविधि जारी है. मौसम विभाग ने आज भी सरगुजा और बस्तर संभाग में मध्यम बारिश की संभावना जताई है. वहीं बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में भी वर्षा के आसार बने हुए हैं. अगले 1 सप्ताह तक बादल गरने, बिजली गिरने, तेज हवाएं और बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा गर्म रायगढ़ रहा, अधिकम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस समय दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कॉमरीन क्षेत्र, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में सक्रिय हो गया है. मानसून के अन्य भागों में भी आगे सक्रिय होने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है. पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर कर्नाटक और गोवा तट के पास एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है, जिसके असर से उसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है. यह प्रणाली अगले 24 घंटों में और भी मजबूत होकर अवदाब का रूप ले सकती है, जिससे चक्रवात बनने की संभावना है.
इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम दिशा में फैली द्रोणिका पंजाब से पूर्वी बांग्लादेश तक हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम से होती हुई 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है. बंगाल की खाड़ी से प्रदेश में निचले स्तर पर नमी आ रही है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. सरगुजा और बस्तर संभाग में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है. वहीं बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग ने आज रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है.
नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक में पहुंचे मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से किया जनसंवाद
रायपुर। सुशासन तिहार के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक स्थित ग्राम बासिंग में बीएसएफ कैम्प परिसर में चौपाल लगाकर जनसंवाद किया। नीम वृक्ष की छांव में खाट पर बैठकर मुख्यमंत्री ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि मौके पर ही एक करोड़ रुपए से अधिक की सौगातों की घोषणा कर लोगों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 8 अप्रैल से पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसंवाद और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वे स्वयं क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। चौपाल में मुख्यमंत्री साय के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक साफा और कलगी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समर कैम्प में प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों ने स्वहस्तनिर्मित गुलदस्ते भेंट किए। मुख्यमंत्री ने कक्षा 10वीं के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और हॉफ मैराथन विजेता छात्र को प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की समीक्षा की और कहा कि कोई भी पात्र महिला इस योजना से वंचित नहीं रहेगी। ग्रामवासी श्रीमती महेश्वरी दुग्गा और श्रीमती मनकाय ने योजना के लाभ साझा करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
नक्सलवाद को समाप्त करने का राष्ट्रीय संकल्प पूरा होगा :
मुख्यमंत्री ने नक्सल समस्या पर दो टूक कहा कि अबूझमाड़ क्षेत्र के लोगों के सहयोग से नक्सलवाद को समाप्त करने का राष्ट्रीय संकल्प मार्च 2026 तक पूरा होगा। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए बनी पुनर्वास नीति को देश की सर्वश्रेष्ठ नीति बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, नोनी सशक्तिकरण, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत हितग्राहियों को चाबियां, चेक और नकद सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने दिव्यांग हितग्राही को व्हीलचेयर भी सौंपी।
ये सौगातें दी गई :
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर मुरहापदर में पुलिया निर्माण के लिए 20 लाख रुपए, बासिंग में खेल मैदान और बालक आश्रम/शाला मरम्मत के लिए 20 लाख रुपए, मुरहापदर और एहनार में आंगनबाड़ी भवन के लिए 24 लाख रुपये, बासिंग में हाट बाजार से बस्ती तक सीसी सड़क लिए 25 लाख रुपये, कुंदला, बासिंग व मुरहापदर में नवीन घोटूल के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ओरछा में आदिवासी विकास विभाग द्वारा 8 करोड़ की लागत से निर्मित 250 सीटर छात्रावास भवन, जल आपूर्ति एवं विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।
रायपुर/बीजापुर। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में दो दिन पहले हुए सफल नक्सल विरोधी आॅपरेशन के बाद शुक्रवार को एक बार फिर सुरक्षाबलों के जवानों को सफलता हाथ लगी है। बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के सामने 87 लाख 50 हजार रुपए के इनामी 24 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों में से बीस पर 50 हजार से लेकर 10 लाख तक के इनाम घोषित थे। इन माओवादियों में पीएलजीए की कंपनी नंबर 2 के डिप्टी कमांडर राकेश, माड़ डिवीजन की कंपनी नंबर 7 के पीपीसीएम, केकेबीएन डिवीजन के सदस्य, सीएनएम व केएमएस के अध्यक्ष, भैरमगढ़ व गंगालूर एरिया कमेटी से जुड़े अन्य बड़े नक्सली सदस्य शामिल हैं। इस बारे स्वयं सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट करके जानकारी शेयर की है।
यह लिखा सीएम साय ने :
सीएम साय ने पोस्ट किया, ‘बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के समक्ष 87 लाख 50 हजार रुपए के इनामी 24 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों में से बीस पर 50 हजार से लेकर 10 लाख रुपए तक के इनाम घोषित थे। यह हमारी सरकार की नवीन आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति - 2025 एवं नियद नेल्ला नार योजना की सकारात्मक सफलता का प्रमाण है। अब नक्सली, उग्रवाद की राह छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास व पुनरुत्थान के लिए हम पूर्णत: प्रतिबद्ध हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप मार्च 2026 तक देश-प्रदेश से लाल आतंक का समूल नाश निश्चित है।’
सीएम साय ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को दिया कंधा :
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बलिदान हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल सोलंकी मेहुल भाई नंदलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम साय ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर उनके गृह राज्य रवानगी से पूर्व अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री साय ने शुक्रवार को माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर पहुंचकर बलिदान जावन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री साय इस मौके पर बलिदान जावन के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिदान मेहुल भाई की वीरता और देशभक्ति हमेशा याद रखी जाएगी।
2025 में अब तक का आंकड़ा:
गिरफ्तार नक्सली 237
आत्मसमर्पित नक्सली 227
मुठभेड़ में मारे गए 119
इस वर्ष छग में हुए बड़े नक्सली आॅपरेशन :
4 जनवरी अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़, महिला नक्सली समेत 5 नक्सली ढेर, एक डीआरजी जवान शहीद
6 जनवरी आईईडी ब्लास्ट की चपेट में जवानों की गाड़ी आई, 8 जवान शहीद, एक ड्राइवर की मौत
9 जनवरी सुकमा-बीजापुर सीमा पर 3 नक्सलियों को मार गिराया
12 जनवरी बीजापुर के मद्देड़ इलाके में मुठभेड़ में 2 महिला नक्सली समेत 5 नक्सली मारे गए
16 जनवरी छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर कांकेर पुजारी गांव में 18 नक्सली ढेर
20-21 जनवरी गरियाबंद जिले में मुठभेड़ में 16 नक्सलियों के शव बरामद
2 फरवरी बीजापुर के गंगालूर में मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मारा
10 फरवरी बीजापुर जिले में 11 महिला नक्सलियों सहित 31 नक्सली ढेर
14 मई कुरेर्गुट्टा पहाड़ पर चलाए गए सबसे बड़ा आॅपरेशन में 31 नक्सली ढेर
21 मई नारायणपुर में बसवा राजू समेत 27 नक्सली ढेर
महाराष्ट्र के सी-60 कमांडोज ने की कार्रवाई
बीजापुर/रायपुर - छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली जिले के कवांडे और नेलगुंडा इलाके में शुक्रवार को महाराष्ट्र के सी-60 कमांडोज ने 4 नक्सलियों को एनकाउंटर में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ के 300 जवानों की टीम ने जंगल के बीच नक्सलियों को घेरकर मारा है। मारे गए नक्सलियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एडिशनल एसपी रमेश और 12 सी-60 पार्टियों (300 कमांडो) और सीआरपीएफ के एक घटक के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर को कवांडे और नेलगुंडा से इंद्रावती के तट की ओर भारी बारिश के बीच अभियान शुरू किया गया था। शुक्रवार सुबह गुंडा इलाके में नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। लगभग 2 घंटे से रुक-रुककर गोलीबारी जारी रही। सर्चिंग के दौरान 4 नक्सलियों के शव बरामद हुए।
भारी मात्रा में मिले हथियार :
सर्चिंग के दौरान एक सेल्फ लोडिंग राइफल, एक 303 राइफल और एक भरमार बंदूक बरामद की गई। इसके अलावा मौके से वॉकी-टॉकी और नक्सली साहित्य बरामद किया गया। शेष माओवादियों की तलाश के लिए इलाके में तलाशी और नक्सल विरोधी अभियान जारी है।
बुढ़ापारा के सप्रे शाला परिसर की बैडमिंटन एकेडमी में हर दिन खेलने आते थे हिमांशु
रायपुर। राजधानी रायपुर से मौत का लाईव वीडियो सामने आया है। वीडियो बैडमिंटन एकेडमी का है। जहां एक युवक की बैडमिंटन खेलने के दौरान मौत हो गई। अब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज जमकर वायरल हो रहा है। मृतक युवक का नाम हिमांशु श्रीवास्तव था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मीडिया से कहा, मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
बताया जा रहा है कि मूल रूप से भिलाई सेक्टर-4 निवासी हिमांशु श्रीवास्तव रायपुर के शंकर नगर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर पदस्थ थे। राजधानी में अमलीडीह स्थित खुशी इंक्लेव में निवास कर रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी भी रहती थी। हिमांशु श्रीवास्तव बुढ़ापारा के सप्रे शाला परिसर में स्थित बैडमिंटन एकेडमी में खेलने के लिए रोज आया करते थे। शुक्रवार सुबह वे यहां खेलने के लिए पहुंचे थे। बैडमिंटन खेलने के बाद वे बैठ कर अपने साथी खिलाड़ी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे जमीन पर मुंह के बल चक्कर खाकर गिर गए। उन्हें तत्काल वहां मौजूद युवकों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
लखनऊ/वाराणसी। उत्तर प्रदेश एटीएस (Anti-Terrorism Squad) को पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी मिली है। गिरफ्तार युवक की पहचान तुफैल के रूप में हुई है, जो वाराणसी का निवासी है। तुफैल पर पाकिस्तान को भारत की गोपनीय जानकारी और संवेदनशील तस्वीरें भेजने का आरोप है। यूपी एटीएस की कार्रवाई के दौरान यह खुलासा हुआ कि तुफैल भारत के कई महत्वपूर्ण स्थलों जैसे राजघाट, नमो घाट, ज्ञानवापी, रेलवे स्टेशन और लाल किला की तस्वीरें पाकिस्तान में मौजूद लोगों को भेजता था। इसके अलावा वह पाकिस्तानी व्हाट्सएप ग्रुपों से जुड़ा था और वाराणसी में इन ग्रुपों के लिंक शेयर कर रहा था, ताकि अन्य लोग भी पाकिस्तान से जुड़ सकें।
तुफैल के मोबाइल की जांच में सामने आया कि वह 600 से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में था, जिनमें से एक महिला नफीसा भी शामिल है, जिसके पति का संबंध पाकिस्तानी सेना से है। तुफैल नफीसा के ज़रिए पाकिस्तान में खुफिया जानकारी पहुंचा रहा था। इतना ही नहीं, तुफैल आतंकी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक के नेता मौलाना शाद रिज़वी के उत्तेजक वीडियो और भाषण व्हाट्सएप ग्रुपों में शेयर करता था। वह बाबरी मस्जिद का बदला लेने और शरीयत कानून लागू करने जैसे भड़काऊ संदेश भी सोशल मीडिया पर साझा करता था।
यूपी एटीएस ने तुफैल को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ देशद्रोह, आईटी एक्ट और गैरकानूनी गतिविधियों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में उसके कई संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी सामने आई है। प्रदेश सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, तुफैल से पूछताछ के बाद और भी गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है। यूपी एटीएस की यह कार्रवाई राज्य की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रायपुर। सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अवसर पर आज सिमगा के ग्राम नवापारा में आयोजित समाधान शिविर में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सहभागिता कर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। नवापारा क्लस्टर के अंतर्गत 12 गांव आते हैं यहां शौचालय निर्माण के करीब 7 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। शिविर में बड़ी संख्या में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए। सांसद ने वन विभाग को पर्यावरण संरक्षण के लिए स्कूल और कॉलेजों में पौधारोपण करने के निर्देश दिए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने 18 महीनों में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को धरातल पर उतारने का कार्य कर दिखाया है। महिलाओं को महतारी वंदन योजना, किसानों को धान पर ₹3100 प्रति क्विंटल, गरीबों को पक्का मकान, हर घर शौचालय और नल से जल जैसी योजनाओं से आमजन लाभान्वित हो रहा है। समाधान शिविर के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है और सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस अवसर पर युवाओं को स्पोर्ट्स किट, किसानों को बीज एवं उपकरण, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा की गई घोषणाएं– सिमगा महिला सदन निर्माण हेतु ₹16 लाख * बचेरा में महिला सदन निर्माण हेतु ₹16 लाख *नवापारा हाइस्कूल में सोलर पैनल हेतु ₹10 लाख * नवापारा मेन रोड से मुक्तिधाम तक सीसी रोड हेतु ₹5 लाख सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ग्राम पड़कीडीह में लगभग 33 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 15 किलोमीटर लंबी पड़कीडीह-रवेली-हिरमी मार्ग का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी ग्राम पड़कीडीह में महिला भवन निर्माण हेतु ₹25 लाख
मुक्तिधाम में अहाता निर्माण हेतु ₹5 लाख * सीसी रोड निर्माण हेतु ₹5 लाख इस अवसर पर प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद यादव, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जिला पंचायत सदस्य मोहन वर्मा, किसान प्रकोष्ठ संयोजक बबलू शर्मा, अतिथि परमार, शशिआनंद, गोपाल शुक्ला, दौलत, अनिल धुरंधर, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
रायगढ़ से दिल दहला देने वाली घटना आई सामने, पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के अंदर मां और दो बेटियों का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक की टीम पहुंची है। मौत का कारण क्या था? इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। दरअसल, ये पूरा मामला रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र का है। किदा गांव के एक घर के अंदर से तेज बदबू आ रही थी। घर पिछले दो दिनों से बंद था। बदबू के चलते आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना छाल थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर झांक के देखा तो पलंग पर तीन लाश पड़ी थी। शव की पहचान मृतिका सुकांती साहू और उसके दो बच्चे के रूप में की गई। तीनों का शव सड़ चुका था। फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई है। आत्महत्या थी या हत्या? इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
रायगढ़। जिले के घोघरा डेम में 18 हाथियों के नहाते हुए एक ड्रोन वीडियो सामने आया है। ये वीडियो धर्मजयगढ़ वन मंडल के छाल-रेंज का है। इससे कुछ दिन पहले इसी डेम में 36 हाथियों का नहाते हुए वीडियो सामने आया था। वन विभाग लगातार ड्रोन से हाथियों की निगरानी कर रहे हैं और उनके आने की सूचना ग्रामीणों को दे रहे हैं। हाथियों की निगरानी दिन में सामान्य ड्रोन और रात में थर्मल ड्रोन से की जाती है। गौरतलब है कि वर्ष 2023 से अब तक 27 हाथियों का दल गोमर्डा अभ्यारण में ठिकाना बनाए हुए है।
सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री ने सरगुजा संभाग के तीन जिलों की समीक्षा की
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सुशासन तिहार के अंतर्गत अम्बिकापुर में सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज और जशपुर जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहितकारी शासकीय योजनाओं को बेहतर तरीके से अमलीजामा पहनाने वाले जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों से टीम भावना से कार्य करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के पहले चरण में प्रदेशभर से लगभग 40 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनका समाधान दूसरे चरण में किया गया। अब तीसरे चरण में वे स्वयं जिलों का दौरा कर आम जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं।
जनता के प्रति जवाबदेह बनें अधिकारी :
मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों से कहा कि वे जनता के सेवक हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड का दौरा करें, जनता के सुख-दुख में शामिल हों और शिकायतों के निपटारे में पेशियों की अनावश्यक तारीखें देना बंद करें। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध रेत खनन के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाए।
बुनियादी जरूरतों पर विशेष ध्यान :
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि कहीं पेयजल संकट की स्थिति बनती है, तो इसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि तालाबों को सूखने से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले किसानों को खाद-बीज की कमी न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़कों, पीएम आवासों तथा जिलों में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों के निर्देश :
गर्मी और बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियों और सांप काटने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों और एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वनाधिकार पट्टों की समीक्षा राजस्व, आदिवासी विकास और वन विभाग संयुक्त रूप से करें और केवल पात्र हितग्राहियों को ही पट्टा प्रदान किया जाए। उन्होंने अवैध पट्टा धारकों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीमावर्ती जिलों में अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, राम कुमार टोप्पो, भैयालाल राजवाड़े, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा आईजी दीपक झा सहित सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज एवं जशपुर जिले के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली विश्वविद्यलय (डीयू) का दौरा किया और अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों के छात्रों के साथ बातचीत की। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) अध्यक्ष के कार्यालय में आयोजित संवाद सत्र में कई कॉलेजों और विभागों के छात्र शामिल हुए। डूसू के एक बयान में कहा गया है कि छात्रों के साथ बातचीत करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक भागीदारी और समावेशी शैक्षणिक स्थानों के महत्व पर प्रकाश डाला। कांग्रेस नेता ने छात्रों के साथ जाति-आधारित भेदभाव, संकाय पदों और शीर्ष प्रशासनिक पदों पर हाशिए पर रहने वाले समुदायों के प्रतिनिधित्व की कमी और शीर्ष बहुराष्ट्रीय निगमों में भर्ती से ‘उन्हें अलग रखे जाने’ पर चिंता जताई।
अमृत स्टेशनों में दिखेगी विकसित भारत की झलक: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
6 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किया गया अम्बिकापुर में अमृत स्टेशन
छत्तीसगढ़ को मिली 5 अमृत स्टेशनों की सौगात
रायपुर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आज देशभर के 103 स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनमें छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर सहित 5 रेल्वे स्टेशन शामिल हैं। इन रेल्वे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है। यह भारतीय रेलवे के विकास की नई संस्कृति है, जिसमें चुनिंदा रेल्वे स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस वर्चुअल कार्यक्रम में अम्बिकापुर रेल्वे स्टेशन से जुड़े।
गौरतलब है कि भारतीय रेल और देश के प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि का परिणाम रहा है कि इन विकास कार्यों से स्थानीय यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। भारतीय रेलवे द्वारा 1337 स्टेशनों के कायाकल्प की शुरुआत की है, इनमें 103 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य पूर्ण हो चुका है। उनमें छत्तीसगढ़ राज्य के पांच स्टेशन बिलासपुर मंडल का अम्बिकापुर, रायपुर मंडल का उरकुरा, भिलाई, भानुप्रतापपुर तथा नागपुर मंडल का डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि सम्माननीय लरंग साय जी के प्रयासों के कारण ही अम्बिकापुर में रेलवे स्टेशन की स्थापना हुई है। देश के प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हुए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाना है। अमृत काल के तहत रेलवे स्टेशन का लगातार विकास किया जा रहा है। आज प्रदेश के जिन पांच स्थानों का लोकार्पण हुआ है, वह विकसित हो रहे भारत की झलक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जशपुर जिले को भी रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, शकुंतला पोर्ते, उद्देश्वरी पैकरा, राम कुमार टोप्पो, प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर मंजूषा भगत मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सरगुजा अंचल के नागरिक शामिल हुए।
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन
छत्तीसगढ़ की आदिवासी सांस्कृतिक विरासत का केंद्र रहा अम्बिकापुर का रेलवे स्टेशन देश की जीवनरेखा भारतीय रेल का एक अभिन्न अंग है। इस रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यात्रियों को पूरी तरह से सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इस नए स्टेशन भवन में कई नए प्रावधान भी किए गए हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में 6 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से उन्नयन तथा आधुनिकीकरण के कार्य किए गये हैं, जिसमें सर्कुलेटिंग क्षेत्र को बेहतर बनाते हुए रोड का चौड़ीकरण, यात्रियों के स्वागत के लिए सुसज्जित प्रवेशद्वार, 3900 वर्गमीटर सड़क, 3677 वर्गमीटर पर दोपहिया, तिपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी की गई है।
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में उन्नत व आधुनिक सुविधाओं से युक्त द्वितीय श्रेणी, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय एवं वीआईपी कक्ष, 6 नए आधुनिक छायादार प्लेटफार्म शेड, महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों हेतु आधुनिक शौचालय, वॉटर फाउंटेन, ट्रेन/कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, रैम्प एवं टैक्टाइल टाइल्स, 300 मीटर स्टेनलेस स्टील रेलिंग, 58 स्ट्रीट लाइट्स, बेहतर प्रकाश व्यवस्था हेतु हाई मास्ट लाइट, नवीनतम पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम का लाभ यहाँ के यात्रियों को मिलेगा।
रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर एक बड़ा तिरंगा झंडा लगाया गया है साथ ही स्टेशन में यात्रियों के लिए सरगुजा की प्रसिद्ध सीताबेंगरा गुफा की तर्ज पर सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक फसाड, हाई मास्ट लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, मॉर्डन टॉयलेट और दिव्यांगजन के लिए सुगम रैंप जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्लेटफॉर्म पर शेल्टर, कोच इंडिकेशन सिस्टम और सूचना के लिए डिजिटल डिस्प्ले लगाए गए हैं। सभी सुविधाओं को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। वहीं, हर स्टेशन पर स्थानीय लोक कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन उद्घाटन कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन सहित देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इन स्टेशनों का उन्नयन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के जिन अमृत स्टेशनों का उद्घाटन हुआ उनमें बिलासपुर मंडल का अम्बिकापुर स्टेशन, रायपुर मंडल का उरकुरा, भिलाई एवं भानुप्रतापपुर स्टेशन तथा नागपुर मंडल का डोंगरगढ़ स्टेशन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि आदिवासी बहुल सरगुजा जिले का मुख्यालय अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ के 05 रेल्वे स्टेशन अब रेल्वे मानचित्र में प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल हो गए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में अमृत स्टेशनों के सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, उद्धेश्वरी पेकरा, शंकुतला र्पोते, मुख्य सचिव अमिताभ जैन संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, आई.जी. दीपक झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में कुल 1337 स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिनमें से पूर्ण हुए 103 अमृत स्टेशनों का आज लोकार्पण किया गया हैं। इन स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। साथ ही स्थानीय लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को भी स्टेशन डिज़ाइन में स्थान दिया गया है। इन अमृत स्टेशनो में उपलब्ध सुविधाओं में भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक साज-सज्जा, हाई मास्ट लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, मॉर्डन टॉयलेट, दिव्यांगजन के लिए सुगम रैंप, प्लेटफॉर्म शेल्टर, कोच इंडिकेशन सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले आदि शामिल हैं।
बीजिंग। चीन और आसियान के सदस्य देशों के वाणिज्य मंत्रियों की विशेष बैठक ऑनलाइन आयोजित हुई। दोनों पक्षों ने एक साथ घोषणा की कि चीन-आसियान मुक्त व्यापार क्षेत्र 3.0 संस्करण की वार्ता संपन्न हो गई है। चीनी वाणिज्य मंत्रालय के जिम्मेदार व्यक्ति ने बताया कि 3.0 संस्करण मुक्त व्यापार और खुलेपन व सहयोग की मजबूत आवाज़ बुलंद करेगा। चीन और आसियान एक-दूसरे के सबसे बड़ा व्यापार साझेदार और महत्वपूर्ण निवेश साझेदार हैं। दोनों पक्ष आर्थिक भूमंडलीकरण और बहुपक्षवाद के दृढ़ समर्थक हैं। 3.0 संस्करण दोनों पक्षों द्वारा मुक्त व्यापार गहराने की प्रतीकात्मक उपलब्धि है।
जो क्षेत्रीय व वैश्विक व्यापार में अधिक निश्चितताएं डालेगा। परिचय के अनुसार 3.0 संस्करण में डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित अर्थव्यवस्था, सप्लाई चेन के पारस्परिक संपर्क, मानक तकनीक संबंधी कानून, कस्टम प्रक्रिया तथा व्यापार सरलीकरण समेत 9 नए अध्याय होंगे, जिससे दोनों पक्ष अधिक व्यापक क्षेत्रों पर गहराई से क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देंगे। अगले चरण में विभिन्न पक्ष अपने-अपने घरेलू अनुमोदन की प्रक्रिया बढ़ाएंगे ताकि इस साल के अंत से पहले चीन-आसियान मुक्त व्यापार क्षेत्र 3.0 संस्करण के समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएं।
भानुप्रतापपुर। ई-कार्ट डिलीवरी बॉय से लूटपाट कर फरार हुए चार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गए। इस घटना में आरोपियों ने पार्सल डिलीवरी के बहाने युवक से मारपीट कर 38 हजार 896 रुपये की सामग्री लूट ली थी। मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनोहर मातरम (उम्र 20 वर्ष), निवासी सुखई 20 मई को भानुप्रतापपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह इंस्टा कार्ड
प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता है। 20 मई को वह मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 19 BM 7787) से भानबेड़ा और भोड़िया की ओर ऑनलाइन पार्सल की डिलीवरी करने गया था। इस दौरान ग्राम मर्देल निवासी हरेश कुमार उयके ने कॉल कर पार्सल लेने की बात कही। कुछ देर बाद आरोपी हरेश अपने तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और प्रार्थी से पार्सल छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और ई-कार्ट कंपनी का पार्सल बैग लूट कर फरार हो गए, जिसमें कुल ₹38,896 की सामग्री थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 396, 115(1), 351(2), 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इन्दिरा कल्याण ऐलिसेला (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल (IPS) एवं एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की लोकेशन का पता चला, जहां से वे भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हरेश कुमार उयके (उम्र 28 वर्ष) अजय कुमार उयके (उम्र 25 वर्ष) लिलेश कुमार उयके महेंद्र कुमार कावड़े (उम्र 23 वर्ष) गिरफ्तार किये गए चारों आरोपी ग्राम मर्देल के निवासी हैं।
Adv