गढ़वा: झारखंड के गढ़वा में एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से आए एक इंजीनियर विकास विश्वकर्मा की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। वह बुधवार की रात बारात के दौरान लापता हो गए थे। उनकी लाश गुरुवार सुबह एक कुएं में पाई गई। बताया गया कि 32 वर्षीय विकास उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा में बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में पोस्टेड थे। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के गांधीनगर के रहने वाले थे। वह अपने भाई के दोस्त की बारात में गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड के महूडंड गांव आए थे। बारात इसी जिले के सिंहपुर मर्चवार गांव गई थी-
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विकास अपने दोस्तों के साथ रात में बारात में डांस कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए। उनके दोस्तों ने उन्हें फोन किया, पर संपर्क नहीं हो पाया। बाद में विकास के परिजनों को उनके लापता होने की जानकारी दी गई। बंशीधरनगर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने गांव के एक कुएं में एक व्यक्ति का शव देखा। शव की पहचान विकास के रूप में हुई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बंशीधर नगर अनुमंडल के डीएसपी सत्येंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। इस बात की जांच की जा रही है कि विकास किसी हादसे का शिकार हुए हैं या फिर उनकी हत्या की गई है। इस संबंध में विकास के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकता है।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सोमवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब लौह अयस्क से भरी एक मालगाड़ी के 37 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना किरंदुल-कोत्तावालसा रेललाइन (जिसे आमतौर पर केके लाइन के नाम से जाना जाता है) के टनल नंबर 5 के भीतर हुई। यह रेलगाड़ी बैलाडीला खदानों से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम बंदरगाह की ओर जा रही थी। घटना सुबह के समय घटित हुई जब मालगाड़ी चिमडीपल्ली और टाएडा स्टेशनों के बीच टनल नंबर 5 को पार कर रही थी। अचानक ट्रेन के डिब्बे असंतुलित होकर एक के बाद एक पटरी से उतरते चले गए। देखते ही देखते 37 डिब्बे सुरंग के भीतर ही पलट गए और एक-दूसरे पर चढ़ गए। दुर्घटना के कारण सुरंग के अंदर और बाहर मलबे का अंबार लग गया, जिससे इस रूट पर रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
राहत की बात: कोई जनहानि नहीं रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो कि अत्यंत राहत की बात है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र है और वहां आसपास कोई रिहायशी इलाका नहीं है। अगर यह हादसा किसी घनी आबादी वाले क्षेत्र में होता या मालगाड़ी की जगह यात्री ट्रेन होती, तो स्थिति कहीं अधिक भयावह हो सकती थी। हादसे के चलते जगदलपुर से विशाखापट्टनम की ओर जाने वाली नाइट एक्सप्रेस और कुछ अन्य पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। साथ ही, कुछ ट्रेनों को मार्ग परिवर्तन या आंशिक रद्दीकरण के साथ चलाया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व संबंधित स्टेशन या IRCTC की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव दल को मौके पर रवाना किया। भारी उपकरणों, क्रेनों और इंजीनियरिंग टीमों को मलबा हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए तैनात किया गया है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। रेलवे की ओर से यह जानकारी दी गई है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक दृष्टिकोण से यह संभावना जताई जा रही है कि तकनीकी खामी या ट्रैक में किसी प्रकार की गड़बड़ी के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पीएम मोदी के साथ चार राज्यों के सीएम की बैठक आज
रायपुर। आंध्रप्रदेश की सीमा पर बन रहे पोलावरम बांध के छत्तीसगढ़ में पड़ रहे व्यापक असर होगा। इस बांध की चलते सुकमा जिले के कोंटा सहित 9 गांवों में रहने वाले करीबन 40 हजार दोरला आदिवासियों की बसाहट उजड़ जाएगी। अब इस विवाद के निपटारे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 28 मई यानी बुधवार को छत्तीसगढ़ सहित चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक दिल्ली में होगी। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ राज्य के जल संसाधन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में छग के अलावा ओडिशा, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। साथ ही केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय, केंद्रीय जल आयोग और पोलावरम परियोजना प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारी भी भाग लेंगे। बैठक में भूमि डूब, आदिवासी विस्थापन और पुनर्वास जैसे मुद्दे पर बढ़ते अंतर-राज्यीय तनाव का सवर्मान्य समाधान खोजने में प्रधानमंत्री मोदी की सीधी मध्यस्थता निर्णायक साबित हो सकती है।
सूरजपुर/प्रतापपुर- जनपद पंचायत प्रतापपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बंशीपुर में रेत परिवहन के नाम पर की जा रही अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। खबर के प्रकाशन के बाद एसडीएम प्रतापपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए, जिसके तहत नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े के नेतृत्व में एक जांच दल का गठन किया गया।
सोमवार को नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े ने पटवारी के साथ बंशीपुर पहुंचकर मौके पर जांच की। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, समिति सदस्य, ट्रैक्टर मालिकों और स्थानीय ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। विशेष रूप से उस ग्राम समिति के सदस्यों से पूछताछ की गई, जिनके ऊपर रेत परिवहन करने वाले वाहनों से ₹200 प्रति ट्रैक्टर की अवैध वसूली का आरोप है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में हलचल मच गई। ग्राम पंचायत परिसर में तहसील प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों ने खुलकर बयान दिए और बताया कि यह वसूली किसके कहने पर और किस उद्देश्य से की जा रही थी। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह कार्य ग्राम पंचायत की जानकारी में होते हुए भी अनियमित रूप से संचालित किया जा रहा था।
नायब तहसीलदार ने समिति के सभी सदस्यों के बयान अलग-अलग दर्ज किए और पूरी प्रक्रिया का पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही रेत घाट से जुड़े ट्रैक्टर चालकों एवं मालिकों से भी पूछताछ कर उनका पक्ष जाना गया।
नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े ने बताया कि सभी बयानों एवं साक्ष्यों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अवैध वसूली की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम से यह साफ हो गया है कि क्षेत्रीय मीडिया की सजगता से शासन-प्रशासन सक्रिय हो रहा है और ग्रामीण स्तर पर हो रही अनियमितताओं पर अंकुश लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
अभिषेक गुड़ चना खिचड़ी नारियल तील का लड्डू भोग लगाकर भक्तों को वितरण किया गया
राजनांदगांव - वनचेतना मनगटा मार्ग ग्राम बघेरा स्थित बाबा मरस पोटा धाम में 27 मई दिन मंगलवार श्री शनिदेव जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया सुबह से शनि चालीसा का पाठ / सरसों तेल से अभिषेक एवं महा आरती के बाद चना गुड़ तील एवं नारियाल का लड्डू एवं खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया गया/राजनांदगांव शहर से 16 किलो मीटर दूर वनचेतना मनगटा मार्ग ग्राम बघेरा में स्थित बाबा मरस पोटा धाम में श्री मद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ एवं नवरात्रि नवदिन भंडारा हनुमान जन्मोत्सव कन्या विवाह आयोजन के बाद श्री शनिदेव जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया पुरे मंदिर प्रांगण को झंडा तोरण से सजाया जा रहा है बाबा मरस पोटा धाम में 21 फीट भव्य हनुमान जी/17 फीट जय मां महाकाली 18 फीट नंदी महाराज 12 ज्योतिलिंग/शनि देव/विशाल कछुआ/गणपति जी की मूर्ति आकर्षण का केंद्र बना हुआ है बढ़ी संख्या में भक्त रोजाना दर्शन करने दुर दुर से आते हैं/ बाबा मरस पोटा धाम के संरक्षक राकेश श्रीवास्तव/अनमोल पगारे / राजकुमार देवांगन/। /बेलीराम साहु//गौतम निर्मलकर /आरती यादव/ हेमु राम साहू /नीलकंठ यादव /संजय यादव/ रावेन्द्र कुमार दुबे दिलीप मेश्राम सहित बाबा मरस पोटा धाम समिति के सदस्यों एवं भक्त श्री शनिदेव जन्मोत्सव अवसर पर आ भक्ति मय कार्यक्रम में बढ़ी संख्या में भाग लिया
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री मानसून एक्टिविटी से प्रदेशभर में बारिश हो रही है। रायगढ़ में मंगलवार दोपहर को मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। प्रदेश के सभी जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट है। ये स्थिति अगले तीन से चार दिनों तक रह सकती है। प्रदेश में पिछले 4 दिनों में 2000 मिलीमीटर पानी बरस चुका है। रायपुर में भी बारिश शुरू हो गई है। बता दें कि केरल में तय समय से पहले मानसून पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में 8 जून तक इसकी एंट्री हो सकती है। ये पिछले पांच सालों में सबसे जल्दी है। बता दें कि प्रदेश में मानसून की एंट्री बस्तर के रास्ते होती है। नॉर्मल डेट्स की बात करें तो बस्तर में मानसून 13 जून तक पहुंचता है। लेकिन इस बार करीब 5 दिन पहले ही पहुंचने की संभावना है। वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में 350 मिमी से अधिक बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश जशपुर नगर में हुई है। तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 36.9°C बिलासपुर और कम 22.2°C तापमान दुर्ग का रहा।
कोरबा। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत हो गई। छुईडोडा सोल्वा में मंगलवार दोपहर मौसम खराब होने के दौरान यह घटना हुई। इससे 3 किसानों को नुकसान पहुंचा है।प्रभावित किसानों ने बताया कि पिछले दो दिनों से जिले में मौसम बदला हुआ है। सुबह से काली घटा, धूप, छांव और कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह से हल्की बारिश हो रही थी। किसान रोज की तरह बकरियों को गांव से लगे मैदान में चराने ले गए थे।
बकरियां करीब एक घंटे तक मैदान में चर रही थीं। इस दौरान हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। सभी बकरियां एक पेड़ के नीचे एकत्रित हो गईं। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से सभी बकरियों की मौत हो गई। किसान उस समय पास के एक दूसरे पेड़ के नीचे थे। इससे किसान रामलाल, दुलार और अमर सिंह को आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। राजस्व परिपत्र के तहत प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी है।
रायपुर। वन्यजीवों के अवैध व्यापार पर लगाम कसते हुए रायपुर वन विभाग और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विधानसभा रोड पर हिरण की खाल और सींग बेचने की फिराक में निकले तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रायपुर निवासी आनंद श्रीवास्तव, पीपरछेड़ी निवासी भागीरथी, और तुला राम पटेल के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी हिरण के अवशेषों, खाल और सींग को अवैध रूप से बेचने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलते ही रायपुर रेंज ऑफिस और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की टीम ने तत्काल संयुक्त रूप से कार्रवाई की और विधानसभा रोड पर घेराबंदी कर तस्करों को हिरण के अवशेषों के साथ पकड़ा। बरामद की गई सामग्री को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित माना जाता है।
रायपुर 26 मई 2025/छत्तीसगढ़ देश के डिजिटल परिदृश्य में बड़ा कदम रखने जा रहा है। रायपुर में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए टेक्नोलॉजी कंपनी ESDS Software Solution Ltd ने 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री से नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुलाकात के दौरान कंपनी के चेयरमैन श्री पीयूष सोमानी और उपाध्यक्ष श्री लोकेश शर्मा ने कहा कि यह सेंटर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे भारत के डिजिटल भविष्य को गति देगा। इस प्रस्ताव के माध्यम से छत्तीसगढ़ को AI, क्लाउड टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल स्टोरेज के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में ठोस पहल होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा, “डिजिटल इंडिया की भावना को छत्तीसगढ़ में धरातल पर उतारने के लिए यह निवेश मील का पत्थर साबित होगा। सरकार हरसंभव सहायता देगी ताकि यह परियोजना जल्द से जल्द मूर्तरूप ले।”
ESDS की यह पहल छत्तीसगढ़ को एक टेक्नोलॉजी हब बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए उच्च स्तरीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। यह सेंटर राज्य के IT इकोसिस्टम को मजबूती देगा और डिजिटल आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के इनवेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन भी उपस्थित थी ।
कांकेर। कांकेर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर माकड़ी क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब एक चलती हुई i20 कार का अचानक टायर फट गया। हादसा माकड़ी के समीप स्थित 750 ढाबा के पास हुआ। कार टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर कई बार पलटी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में लगे आधुनिक सुरक्षा फीचर्स, विशेषकर एयरबैग्स, ने इस दुर्घटना को जानलेवा होने से बचा लिया। घटना की जानकारी के अनुसार, रायपुर की ओर जा रही i20 कार जैसे ही माकड़ी के पास पहुंची, अचानक उसका एक टायर फट गया। टायर फटने के झटके से कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पलटती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार ने सड़क पर कई बार पलटी खाई और पल भर में मलबे के ढेर जैसी दिखने लगी। हादसे की आवाज सुनकर पास के ढाबे और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पेट्रोलिंग टीम ने पहले कार में फंसे यात्रियों की स्थिति की जांच की। सौभाग्य से, दोनों यात्री पूरी तरह सुरक्षित थे और उन्हें किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई। कार में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिसने चालक और यात्री की जान बचा ली। हाईवे पेट्रोलिंग अधिकारियों ने घटनास्थल को घेरते हुए अन्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की और सड़क पर बिखरे मलबे को हटाने की प्रक्रिया शुरू करवाई। इसके साथ ही दुर्घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई।
प्राथमिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि वाहन की गति सामान्य थी, लेकिन अचानक टायर फटने की वजह से हादसा हुआ। कार में सवार दोनों लोग रायपुर की ओर किसी निजी कार्य से जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, लेकिन टायर फटते ही संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। हादसे के बाद कुछ देर तक राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। हाइवे पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया गया और अन्य वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से निकाल दिया गया। घटना के बाद यात्री कुछ समय के लिए घटनास्थल पर ही रुके रहे, और फिर मानसिक रूप से स्थिर होने के बाद धीमी गति से अपनी क्षतिग्रस्त कार के साथ घर की ओर रवाना हो गए।
रायपुर : राजधानी रायपुर के विभिन्न स्पा सेंटरों में पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। शहर के चारों दिशाओं में फैले स्पा सेंटरों पर सरप्राइज़ रेड के तहत यह कार्रवाई की गई, जिससे हड़कंप मच गया।
पुलिस ने स्पा सेंटरों में कार्यरत युवतियों की पहचान और दस्तावेजों की जांच करते हुए पूछताछ शुरू की है। कई सेंटरों से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की सूचना है, जिसके चलते कुछ संचालकों को हिरासत में लिया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व CSP स्तर के अधिकारियों ने किया, जिनकी निगरानी में चार विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों में महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी ताकि पूछताछ के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ स्पा सेंटरों में ग़ैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह अचानक छापेमारी की गई। कई सेंटरों से दस्तावेजों को भी ज़ब्त किया गया है और जांच जारी है।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि ग़लत गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और स्पा के नाम पर चल रही अवैध गतिविधियों को रोका जा सके।
रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 29 से 31 मई, 2025 तक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम सभागार में आयोजित की जा रही है। इससे पूर्व 28 मई को विद्यार्थी परिषद के विभिन्न आयाम व गतिविधियों की बैठक रहेगी जिसमें 250 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे साथ ही इस तीन दिवसीय बैठक में देश के सभी राज्यों से आए 478 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा, पर्यावरण, आंतरिक सुरक्षा,
वैश्विक भारत के संबंध, और समसामयिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य देशभर में विद्यार्थी परिषद की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करना और राष्ट्रीय छात्र-युवा नीति में ठोस हस्तक्षेप की दिशा सुनिश्चित करना है। 27 मई 2025 (सांस्कृतिक प्रदर्शनी का उद्घाटन)— इस आयोजन की शुरुआत 27 मई की संध्या को एक भव्य प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह प्रदर्शनी दस प्रमुख विषयों पर केंद्रित रहेगी, जिनमें छत्तीसगढ़ का इतिहास, कला एवं लोक संस्कृति, भारतीय गणतंत्र के 75 वर्ष, ढोकरा आर्ट, मूर्ति कला और बस्तर आर्ट आदि विषयों को चित्रित किया जाएगा।
भगवान बिरसा मुंडा शार्ध शती वर्ष— भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में अभाविप उनकी जन्मस्थली उलिहातु से पीतल के पात्र में मिट्टी लेकर इस बैठक में रायपुर ला रही है। यहां से वह मिट्टी देश के सभी प्रांतों में स्मृतिस्वरूप भेजी जायेंगी। 28 मई 2025 (नागरिक अभिनंदन समारोह)— 28 मई को नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन में रायपुर के गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम परिषद की सामाजिक सहभागिता, संवाद की परंपरा और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ समरसता को दर्शायेगा।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 'बदलता बस्तर' पर लिखा गया विशेष आलेख को प्रधानमंत्री कार्यालय ने सराहा है। श्री साय का यह आर्टिकल आज इंडियन एक्सप्रेस के संपादकीय पेज पर प्रकाशित हुआ है। पीएमओ ने इसे ट्वीट कर इसकी सराहना की है। ट्वीट में लिखा है कि 40 साल तक बस्तर ने वामपंथ उग्रवाद की मार झेली। आज यह बदलाव के मुहाने पर खड़ा है। सीएम विष्णु देव साय इस आलेख में बताते हैं कि कैसे आदिवासी कल्याण, सुरक्षा और विकास के साथ छत्तीसगढ़ के लिए एक नया अध्याय लिख रहे हैं। एक नया बस्तर बनाया जा रहा है - सम्मान, विकास और स्थायी शांति का बस्तर। इसे सभी को पढ़नी चाहिए।
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से कुल 93 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7440 बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खमतराई थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गंगानगर रेलवे पटरी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री हेतु संग्रहित कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में एक पुलिस टीम गठित की गई, जिसने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम पप्पू उर्फ रायफल साहू, पिता बिसाहू राम साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ब्रह्मदेहीपारा, कबीर आदर्श स्कूल के पीछे, खमतराई रायपुर बताया।
जब पुलिस ने बोरी की तलाशी ली, तो उसमें से 93 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई, जो कि बिक्री हेतु अवैध रूप से संग्रहित की गई थी। आरोपी से शराब के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने शराब जब्त करते हुए मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 521/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब आसपास के इलाकों में खपाने की तैयारी में था। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह अवैध शराब कहां से प्राप्त हुई, और क्या वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
थाना खमतराई के थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी कड़ी का हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता लगातार बनी हुई है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि रायपुर और उसके आसपास के इलाकों में अवैध शराब तस्करी के कई मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। खासतौर पर रेलवे पटरी के आसपास और झुग्गी बस्तियों में इस तरह की गतिविधियाँ देखने को मिलती हैं। पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे अपराधियों को स्पष्ट संदेश देती है कि कानून की नजर से कोई भी बच नहीं सकता।
रायपुर। राजधानी रायपुर में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को न सिर्फ गिरफ्तार किया, बल्कि उन्हें सार्वजनिक रूप से शर्मसार भी किया। सोमवार को पुलिस ने चार बाउंसरों को गिरफ्तार कर उनका सिर मुंडवाकर शहर में जुलूस निकाला। ये वही बाउंसर हैं, जिन्होंने रविवार देर रात अंबेडकर अस्पताल में रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ हाथापाई की थी। जानकारी के अनुसार, पत्रकार एक चाकूबाजी की घटना में घायल व्यक्ति से संबंधित खबर कवर करने अंबेडकर अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल में तैनात निजी बाउंसरों ने पत्रकारों को खबर बनाने से रोका और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रदेशभर में रोष फैल गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी सख्त चेतावनी इस गंभीर मामले पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग पत्रकारों को धमकाने और मारने की कोशिश करेंगे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया जाएगा। मंत्री का यह बयान साफ संकेत है कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने इस मामले को लेकर कहा कि अस्पताल परिसर में पत्रकारों के साथ जो व्यवहार हुआ, वह निंदनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित बाउंसर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए बाउंसरों की पहचान निम्नानुसार है: वसीम अकरम ऊर्फ वसीम बाबू, पिता शेख सुल्तान, उम्र 37 वर्ष, निवासी नूरानी चौक, थाना सिविल लाइन, रायपुर। सूरज राजपूत, पिता धनराज सिंह राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी आमासिवनी, थाना विधानसभा, रायपुर। स्थायी पता – ग्राम सिरसिदा, थाना चारामा, जिला कांकेर। मोहन राव गौरी, पिता गोपाल राव गौरी, उम्र 38 वर्ष, निवासी अमर चौक, राजातालाब, थाना सिविल लाइन, रायपुर। जतीन गंजीर, पिता प्रकाश गंजीर, उम्र 28 वर्ष, निवासी काठाडीह, थाना टिकरापारा, रायपुर।
रायपुर। गंजा कर बाउंसरों का पुलिस ने जुलूस निकाला। रविवार देर रात अंबेडकर अस्पताल में बाउंसरों ने मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की थी। रिपोर्टर्स रायपुर में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल शख्स से जुड़ी रिपोर्टिंग करने पहुंचे थे। रिपोर्टर को न्यूज बनाने से रोकने के लिए बाउंसर हाथापाई पर उतर आए। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि पत्रकारों को धमकाने और व्यवहार करने वाले लोगों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने मारपीट करने वाले बाउंसर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बता दें कि 2 दिन पहले बिलासपुर में भी फोटो जर्नलिस्ट और उनके पिता पर बदमाशों ने घर-घुसकर जानलेवा हमला कर दिया था। मोहल्ले के बदमाश युवक शेखर गुप्ता घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे, मना करने पर नशेड़ियों ने उनके साथ मारपीट की थी। इस केस में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डोंगरगढ़। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक ने कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। आरोपी खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर लोगों को भरोसे में लेता था और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर पैसे ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश साहू के रूप में की है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। शुरूआती जांच में पता चला है कि राजेश साहू लंबे समय से युवाओं को रेलवे में नौकरी लगाने का लालच देकर ठगी कर रहा था। वह खुद को रेलवे में बड़े अधिकारी बताकर नकली पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था।
रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनाईन चौक के पास युवकों के बीच हुए झगड़ा-विवाद मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी सज्जी फिलिप को गिरफ्तार कर उसे हत्या के प्रयास, बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिमांड पर भेजा है। घटना की सूचना पुलिस को बसंत दास (48 वर्ष) ने दी, जिसने बताया कि 24 मई की रात करीब 11:30 बजे उसके मित्र चंद्रजीत सिंह ने फोन पर बताया कि आमंत्रण होटल के सामने जमुनाईन चौक के पास झगड़ा हो गया है। बसंत दास जब राजेन्द्र ठाकुर और शिव पांडे के साथ वहां पहुंचा तो देखा कि कुछ युवक चंद्रजीत सिंह से विवाद कर रहे थे। बीच-बचाव के प्रयास में बसंत दास को भी गालियां दी गईं और तभी एक युवक ने उस पर रॉड से हमला कर दिया, जो उसकी आंख के ऊपर लगा। वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली।
जांच में रॉड से हमला करने वाले युवक की पहचान सज्जी फिलिप निवासी लोचननगर के रूप में हुई। साथ ही मारपीट में सुमित इजारदादर निवासी विजयपुर, गौरव साहू और हर्षदीप सिंह निवासी बेलादुला के नाम भी सामने आए। पुलिस ने घटना के संबंध में अपराध क्रमांक 216/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। बाद में सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास व बलवा की धाराएं 109(1), 190, 190(2), 190(3) BNS जोड़ी गईं। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर सज्जी फिलिप (24 वर्ष), निवासी लोचननगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मन की बात में पीएम ने किया दंतेवाड़ा का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात की 122वीं कड़ी में देश के सामने अपनी बातों को रखा। मन की बात की ये कड़ी छत्तीसगढ़ के लिए काफी खास रही। पीएम ने छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि जिस दंतेवाड़ा में कभी माओवाद चरम पर था, वहां शिक्षा का परचम लहरा रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों में साइंस का पैशन है और वो खेलों में भी कमाल कर रहे हैं। पीएम ने बस्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा है कि इस तरह के प्रयासों से पता चलता है कि इन इलाकों में रहने वाले लोग कितने साहसी होते हैं। इन लोगों ने तमाम चुनौतियों के बीच अपने जीवन को बेहतर बनाने की राह चुनी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकार भी बहुत खुशी हुई कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में दंतेवाड़ा जिले के नतीजे बहुत शानदार रहे हैं। करीब 95 प्रतिशत रिजल्ट ये जिला 10वीं के नतीजों में टॉप पर रहा, वहीं 12वीं की परीक्षा में इस जिले ने छत्तीसगढ़ में छठा स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे बदलाव हम सभी को गर्व से भर देते हैं।
सीएम साय ने जताया आभार
मन की बात की 122वीं कड़ी में बस्तर क्षेत्र और दंतेवाड़ा का जिक्र करने पर सीएम साय ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के नक्शे कदम पर चल रही है और विकसित छग अभियान में महत्वपूर्ण योगदान निभाएगा।
राज्य के 3.6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को मिली सुविधा
पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई पीएम आयुष्मान वय-वंदना योजना से 70 वर्ष व अधिक आयु के नागरिकों को नि: शुल्क इलाज मिल रहा है। राज्य के 3.6 लाख से अधिक 70 वर्ष व अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय-वंदना कार्ड बन चुके हैं। इससे छत्तीसगढ़ देश में इस मामले में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इस मामले में राज्य ने राजस्थान, महाराष्ट्र , ओडिशा और बिहार जैसे राज्यों से आगे निकलकर कीर्तिमान रच दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान वय-वंदना कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिससे कि कोई पात्र वरिष्ठ नागरिक योजनांतर्गत नि:शुल्क इलाज लाभ पाने से वंचित ना रह जाए। जिलों में आयुष्मान वय-वंदना पंजीयन हेतु विभिन्न शासकीय विभागों के अतिरिक्त, सामाजिक संस्थाओं, पेंशनर संथाओं, शियान-सदन, वरिष्ठ-जन कल्याण संघों, वृद्धाश्रमों, निजी आवासीय सोसायटियों, इत्यादि से लगातार संपर्क कर शिविर लगाए जा रहे हैं।
ऐसे बनता है यह कार्ड
कोई भी व्यक्ति जिसके माता-पिता या अन्य सदस्य 70 वर्ष व अधिक आयु के हैं एवं उनके पास आधार कार्ड है तो वे नजदीकी शासकीय चिकित्सालय, सीएमएचओ कार्यालय या शासकीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के माध्यम से नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं या टोल फ्री टेलीफोन नंबर 104 पर बात कर अधिक जानकारी ले सकते हैं। आयुष्मान भारत एप व आधार फेस आईडी एप से भी इसका पंजीयन हो सकता है। आधार वेरीफिकेशन से अपना सामान्य आयुष्मान कार्ड या घर के वरिष्ठ सदस्य का आयुष्मान वय-वंदना कार्ड दोनों पंजीयन स्वयं भी कर सकता है। उल्लेखनीय है कि माह अक्टूबर 2024 से देश में प्रारंभ वय-वंदना कार्ड पंजीयन में राज्य में नवंबर के बाद तेजी से कार्य किया जा सका है।
छह जिलों को वय-मित्र जिलों के रूप में कर रहे विकसित
जानकारी के अनुसार, 6 जिलों 60 प्रतिशत से अधिक आयुष्मान वय-वंदना कार्ड पंजीयन कवरेज कर लिया गया है। राज्य शासन इन जिलों को वय-मित्र जिलों के रूप में विकसित कर रहा है। इसके तहत इन जिलों में वरिष्ठ नागरिकों को जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में वय-मित्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, आयुष्मान-आरोग्य मंदिर में टेली-मेडिसीन व मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग व प्रत्येक गुरुवार सियान-जतन शिविर का आयोजन, आयुष पद्धति से इलाज की सुविधा, मोतियाबिंद जांच, इत्यादि विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
Adv