बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • स्पा सेंटरों पर रायपुर पुलिस का छापा, कई संचालक हिरासत में

    26-May-2025

    रायपुर : राजधानी रायपुर के विभिन्न स्पा सेंटरों में पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। शहर के चारों दिशाओं में फैले स्पा सेंटरों पर सरप्राइज़ रेड के तहत यह कार्रवाई की गई, जिससे हड़कंप मच गया।
    पुलिस ने स्पा सेंटरों में कार्यरत युवतियों की पहचान और दस्तावेजों की जांच करते हुए पूछताछ शुरू की है। कई सेंटरों से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की सूचना है, जिसके चलते कुछ संचालकों को हिरासत में लिया गया है।
    इस कार्रवाई का नेतृत्व CSP स्तर के अधिकारियों ने किया, जिनकी निगरानी में चार विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों में महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी ताकि पूछताछ के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
    पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ स्पा सेंटरों में ग़ैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह अचानक छापेमारी की गई। कई सेंटरों से दस्तावेजों को भी ज़ब्त किया गया है और जांच जारी है।
    पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि ग़लत गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और स्पा के नाम पर चल रही अवैध गतिविधियों को रोका जा सके।

  • रायपुर में 29 से 31 मई तक होगी अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक

    26-May-2025

    रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 29 से 31 मई, 2025 तक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम सभागार में आयोजित की जा रही है। इससे पूर्व 28 मई को विद्यार्थी परिषद के विभिन्न आयाम व गतिविधियों की बैठक रहेगी जिसमें 250 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे साथ ही इस तीन दिवसीय बैठक में देश के सभी राज्यों से आए 478 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा, पर्यावरण, आंतरिक सुरक्षा,  
    वैश्विक भारत के संबंध, और समसामयिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य देशभर में विद्यार्थी परिषद की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करना और राष्ट्रीय छात्र-युवा नीति में ठोस हस्तक्षेप की दिशा सुनिश्चित करना है। 27 मई 2025 (सांस्कृतिक प्रदर्शनी का उद्घाटन)— इस आयोजन की शुरुआत 27 मई की संध्या को एक भव्य प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह प्रदर्शनी दस प्रमुख विषयों पर केंद्रित रहेगी, जिनमें छत्तीसगढ़ का इतिहास, कला एवं लोक संस्कृति, भारतीय गणतंत्र के 75 वर्ष, ढोकरा आर्ट, मूर्ति कला और बस्तर आर्ट आदि विषयों को चित्रित किया जाएगा।  
    भगवान बिरसा मुंडा शार्ध शती वर्ष— भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में अभाविप उनकी जन्मस्थली उलिहातु से पीतल के पात्र में मिट्टी लेकर इस बैठक में रायपुर ला रही है। यहां से वह मिट्टी देश के सभी प्रांतों में स्मृतिस्वरूप भेजी जायेंगी। 28 मई 2025 (नागरिक अभिनंदन समारोह)— 28 मई को नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन में रायपुर के गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम परिषद की सामाजिक सहभागिता, संवाद की परंपरा और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ समरसता को दर्शायेगा।

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आलेख पीएमओ ने किया ट्वीट,कहा- इसको पढ़ना चाहिए

    26-May-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 'बदलता बस्तर' पर लिखा गया विशेष आलेख को प्रधानमंत्री कार्यालय ने सराहा है। श्री साय का यह आर्टिकल आज इंडियन एक्सप्रेस के संपादकीय पेज पर प्रकाशित हुआ है। पीएमओ ने इसे ट्वीट कर इसकी सराहना की है। ट्वीट में लिखा है कि 40 साल तक बस्तर ने वामपंथ उग्रवाद की मार झेली। आज यह बदलाव के मुहाने पर खड़ा है। सीएम विष्णु देव साय इस आलेख में बताते हैं कि कैसे आदिवासी कल्याण, सुरक्षा और विकास के साथ छत्तीसगढ़ के लिए एक नया अध्याय लिख रहे हैं। एक नया बस्तर बनाया जा रहा है - सम्मान, विकास और स्थायी शांति का बस्तर। इसे सभी को पढ़नी चाहिए।

  • रायपुर में रायफल साहू गिरफ्तार, शराब बेचते पुलिस ने पकड़ा

    26-May-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से कुल 93 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7440 बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, खमतराई थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गंगानगर रेलवे पटरी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री हेतु संग्रहित कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में एक पुलिस टीम गठित की गई, जिसने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम पप्पू उर्फ रायफल साहू, पिता बिसाहू राम साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ब्रह्मदेहीपारा, कबीर आदर्श स्कूल के पीछे, खमतराई रायपुर बताया।
    जब पुलिस ने बोरी की तलाशी ली, तो उसमें से 93 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई, जो कि बिक्री हेतु अवैध रूप से संग्रहित की गई थी। आरोपी से शराब के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने शराब जब्त करते हुए मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 521/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब आसपास के इलाकों में खपाने की तैयारी में था। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह अवैध शराब कहां से प्राप्त हुई, और क्या वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।  
    थाना खमतराई के थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी कड़ी का हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता लगातार बनी हुई है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि रायपुर और उसके आसपास के इलाकों में अवैध शराब तस्करी के कई मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। खासतौर पर रेलवे पटरी के आसपास और झुग्गी बस्तियों में इस तरह की गतिविधियाँ देखने को मिलती हैं। पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे अपराधियों को स्पष्ट संदेश देती है कि कानून की नजर से कोई भी बच नहीं सकता।

  • बाउंसरों की गुंडागर्दी पर पुलिस की सख्ती, चार आरोपी गिरफ्तार

    26-May-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को न सिर्फ गिरफ्तार किया, बल्कि उन्हें सार्वजनिक रूप से शर्मसार भी किया। सोमवार को पुलिस ने चार बाउंसरों को गिरफ्तार कर उनका सिर मुंडवाकर शहर में जुलूस निकाला। ये वही बाउंसर हैं, जिन्होंने रविवार देर रात अंबेडकर अस्पताल में रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ हाथापाई की थी। जानकारी के अनुसार, पत्रकार एक चाकूबाजी की घटना में घायल व्यक्ति से संबंधित खबर कवर करने अंबेडकर अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल में तैनात निजी बाउंसरों ने पत्रकारों को खबर बनाने से रोका और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रदेशभर में रोष फैल गया।  
    स्वास्थ्य मंत्री ने दी सख्त चेतावनी इस गंभीर मामले पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग पत्रकारों को धमकाने और मारने की कोशिश करेंगे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया जाएगा। मंत्री का यह बयान साफ संकेत है कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने इस मामले को लेकर कहा कि अस्पताल परिसर में पत्रकारों के साथ जो व्यवहार हुआ, वह निंदनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित बाउंसर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए बाउंसरों की पहचान निम्नानुसार है: वसीम अकरम ऊर्फ वसीम बाबू, पिता शेख सुल्तान, उम्र 37 वर्ष, निवासी नूरानी चौक, थाना सिविल लाइन, रायपुर। सूरज राजपूत, पिता धनराज सिंह राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी आमासिवनी, थाना विधानसभा, रायपुर। स्थायी पता – ग्राम सिरसिदा, थाना चारामा, जिला कांकेर। मोहन राव गौरी, पिता गोपाल राव गौरी, उम्र 38 वर्ष, निवासी अमर चौक, राजातालाब, थाना सिविल लाइन, रायपुर। जतीन गंजीर, पिता प्रकाश गंजीर, उम्र 28 वर्ष, निवासी काठाडीह, थाना टिकरापारा, रायपुर।

  • पत्रकारों के साथ गुंडागर्दी करने वाले बाउंसरों को रायपुर पुलिस ने आधा गंजा कर घुमाया शहर में…

    26-May-2025

    रायपुर। गंजा कर बाउंसरों का पुलिस ने जुलूस निकाला। रविवार देर रात अंबेडकर अस्पताल में बाउंसरों ने मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की थी। रिपोर्टर्स रायपुर में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल शख्स से जुड़ी रिपोर्टिंग करने पहुंचे थे। रिपोर्टर को न्यूज बनाने से रोकने के लिए बाउंसर हाथापाई पर उतर आए। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि पत्रकारों को धमकाने और व्यवहार करने वाले लोगों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने मारपीट करने वाले बाउंसर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
    बता दें कि 2 दिन पहले बिलासपुर में भी फोटो जर्नलिस्ट और उनके पिता पर बदमाशों ने घर-घुसकर जानलेवा हमला कर दिया था। मोहल्ले के बदमाश युवक शेखर गुप्ता घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे, मना करने पर नशेड़ियों ने उनके साथ मारपीट की थी। इस केस में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  • रेलवे अधिकारी फर्जी निकला, ठगी का हुआ खुलासा

    26-May-2025

    डोंगरगढ़। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक ने कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। आरोपी खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर लोगों को भरोसे में लेता था और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर पैसे ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश साहू के रूप में की है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। शुरूआती जांच में पता चला है कि राजेश साहू लंबे समय से युवाओं को रेलवे में नौकरी लगाने का लालच देकर ठगी कर रहा था। वह खुद को रेलवे में बड़े अधिकारी बताकर नकली पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था।

  • चौक पर मारपीट करने वाला युवक गिरफ्तार, हत्या का प्रयास और बलवा की धाराओं में जेल दाखिल

    26-May-2025

    रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनाईन चौक के पास युवकों के बीच हुए झगड़ा-विवाद मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी सज्जी फिलिप को गिरफ्तार कर उसे हत्या के प्रयास, बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिमांड पर भेजा है। घटना की सूचना पुलिस को बसंत दास (48 वर्ष) ने दी, जिसने बताया कि 24 मई की रात करीब 11:30 बजे उसके मित्र चंद्रजीत सिंह ने फोन पर बताया कि आमंत्रण होटल के सामने जमुनाईन चौक के पास झगड़ा हो गया है। बसंत दास जब राजेन्द्र ठाकुर और शिव पांडे के साथ वहां पहुंचा तो देखा कि कुछ युवक चंद्रजीत सिंह से विवाद कर रहे थे। बीच-बचाव के प्रयास में बसंत दास को भी गालियां दी गईं और तभी एक युवक ने उस पर रॉड से हमला कर दिया, जो उसकी आंख के ऊपर लगा। वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली।
    जांच में रॉड से हमला करने वाले युवक की पहचान सज्जी फिलिप निवासी लोचननगर के रूप में हुई। साथ ही मारपीट में सुमित इजारदादर निवासी विजयपुर, गौरव साहू और हर्षदीप सिंह निवासी बेलादुला के नाम भी सामने आए। पुलिस ने घटना के संबंध में अपराध क्रमांक 216/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। बाद में सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास व बलवा की धाराएं 109(1), 190, 190(2), 190(3) BNS जोड़ी गईं। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर सज्जी फिलिप (24 वर्ष), निवासी लोचननगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

  • बस्तर क्षेत्र के बच्चों में साइंस का पैशन, खेल में भी कर रहे हैं कमाल

    25-May-2025

    मन की बात में पीएम ने किया दंतेवाड़ा का जिक्र  
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात की 122वीं कड़ी में देश के सामने अपनी बातों को रखा। मन की बात की ये कड़ी छत्तीसगढ़ के लिए काफी खास रही। पीएम ने छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि जिस दंतेवाड़ा में कभी माओवाद चरम पर था, वहां  शिक्षा का परचम लहरा रहा है।
    प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों में साइंस का पैशन है और वो खेलों में भी कमाल कर रहे हैं। पीएम ने बस्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा है कि इस तरह के प्रयासों से पता चलता है कि इन इलाकों में रहने वाले लोग कितने साहसी होते हैं। इन लोगों ने तमाम चुनौतियों के बीच अपने जीवन को बेहतर बनाने की राह चुनी है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकार भी बहुत खुशी हुई कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में दंतेवाड़ा जिले के नतीजे बहुत शानदार रहे हैं। करीब 95 प्रतिशत रिजल्ट ये जिला 10वीं के नतीजों में टॉप पर रहा, वहीं 12वीं की परीक्षा में इस जिले ने छत्तीसगढ़ में छठा स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे बदलाव हम सभी को गर्व से भर देते हैं।


    सीएम साय ने जताया आभार

    मन की बात की 122वीं कड़ी में बस्तर क्षेत्र और दंतेवाड़ा का जिक्र करने पर सीएम साय ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के नक्शे कदम पर चल रही है और विकसित छग अभियान में महत्वपूर्ण योगदान निभाएगा।

  • महाराष्ट्र, ओडिशा को पीछे छोड़ आयुष्मान वय-वंदना कार्ड बनाने में छग 5वें स्थान पर

    25-May-2025

    राज्य के 3.6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को मिली सुविधा
    पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई पीएम आयुष्मान वय-वंदना योजना से 70 वर्ष व अधिक आयु के नागरिकों को नि: शुल्क इलाज मिल रहा है। राज्य के 3.6 लाख से अधिक 70 वर्ष व अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय-वंदना कार्ड बन चुके हैं। इससे छत्तीसगढ़ देश में इस मामले में  पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इस मामले में राज्य ने राजस्थान, महाराष्ट्र , ओडिशा और बिहार जैसे राज्यों से आगे निकलकर कीर्तिमान रच दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान वय-वंदना कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिससे कि कोई पात्र वरिष्ठ नागरिक योजनांतर्गत नि:शुल्क इलाज लाभ पाने से वंचित ना रह जाए। जिलों में आयुष्मान वय-वंदना पंजीयन हेतु विभिन्न शासकीय विभागों के अतिरिक्त, सामाजिक संस्थाओं, पेंशनर संथाओं, शियान-सदन, वरिष्ठ-जन कल्याण संघों, वृद्धाश्रमों, निजी आवासीय सोसायटियों, इत्यादि से लगातार संपर्क कर शिविर लगाए जा रहे हैं।  

    ऐसे बनता है यह कार्ड
    कोई भी व्यक्ति जिसके माता-पिता या अन्य सदस्य 70 वर्ष व अधिक आयु के हैं एवं उनके पास आधार कार्ड है तो वे नजदीकी शासकीय चिकित्सालय, सीएमएचओ कार्यालय या शासकीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के माध्यम से नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं या टोल फ्री टेलीफोन नंबर 104 पर बात कर अधिक जानकारी ले सकते हैं। आयुष्मान भारत एप व आधार फेस आईडी एप से भी इसका पंजीयन हो सकता है।  आधार वेरीफिकेशन से अपना सामान्य आयुष्मान कार्ड या घर के वरिष्ठ सदस्य का आयुष्मान वय-वंदना कार्ड दोनों पंजीयन स्वयं भी कर सकता है। उल्लेखनीय है कि माह अक्टूबर 2024 से देश में प्रारंभ वय-वंदना कार्ड पंजीयन में राज्य में नवंबर के बाद तेजी से कार्य किया जा सका है।

    छह जिलों को वय-मित्र जिलों के रूप में कर रहे विकसित
    जानकारी के अनुसार, 6 जिलों 60 प्रतिशत से अधिक आयुष्मान वय-वंदना कार्ड पंजीयन कवरेज कर लिया गया है। राज्य शासन इन जिलों को वय-मित्र जिलों के रूप में विकसित कर रहा है। इसके तहत इन जिलों में वरिष्ठ नागरिकों को जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में वय-मित्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, आयुष्मान-आरोग्य मंदिर में टेली-मेडिसीन व मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग व प्रत्येक गुरुवार सियान-जतन शिविर का आयोजन, आयुष पद्धति से इलाज की सुविधा, मोतियाबिंद जांच, इत्यादि विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

  • मुख्यमंत्री साय ने बताया - कैसे बस्तर बना संस्कृति, सहभागिता और विकास का मॉडल

    25-May-2025

    नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में बस्तर के नवाचारों की हुई सराहना
    राजधानी दिल्ली स्थित अशोक होटल में आयोजित मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन मॉडल, नवाचारों और जनभागीदारी आधारित योजनाओं ने विशेष पहचान बनाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रस्तुत बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे अभिनव आयोजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों का ध्यान आकर्षित किया। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय ने अपने प्रस्तुतीकरण की शुरूआत राज्य में सुशासन की संस्थागत पहल से की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। अटल मॉनिटरिंग पोर्टल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से योजनाओं की निगरानी की जा रही है, जिससे शिकायतों का समाधान निर्धारित समय में संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर ईमानदारी व संवेदनशीलता से लागू करना है। बैठक में केंद्र की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को छत्तीसगढ़ में ग्रामसभा, जनसंवाद और तकनीक  से आमजन तक पहुँचाया गया है। बैठक का सबसे प्रेरक क्षण तब आया जब मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम पर विशेष प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खेलोगे इंडिया, जीतोगे इंडिया मंत्र को उद्धृत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने इसे धरातल पर साकार किया है। बस्तर ओलंपिक अब सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति बन चुका है — जिसने युवाओं के हाथों से बंदूकें छीनकर गेंद, भाला और तीर थमा दिए हैं।  

    बस्तर पंडुम उत्सव में 7 जिलों के प्रतिभागी हुए शामिल
    मुख्यमंत्री साय ने दोरनापाल के पुनेन सन्ना का उदाहरण साझा किया, जो कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र से थे, पर आज व्हीलचेयर दौड़ में पदक जीतकर पूरे समाज के लिए प्रेरणास्तंभ बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर पंडुम उत्सव से छत्तीसगढ़ ने न केवल आदिवासी संस्कृति, लोककलाओं व परंपराओं को संरक्षित किया, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय मंच दिया। इस आयोजन में 7 जिलों के 32 विकासखंडों की 1,885 ग्राम पंचायतों के 1,743 सांस्कृतिक दलों और 47,000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।  लोकनृत्य, गीत-संगीत, हाट-बाजार, पकवान प्रतियोगिताएं जैसे विविध रंगों से सजा यह उत्सव बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक को जोड़ते हुए बस्तर की एकता, पहचान और विकास का प्रतीक बन गया। सरकार द्वारा 2.4 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस आयोजन ने उत्सव और खेल के माध्यम से सकारात्मक भविष्य की नई चेतना जगाई है।

    अन्य राज्य भी अपना सकते हैं छग का मॉडल :
    बैठक में जिन राज्यों को अपनी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवसर मिला, उनमें छत्तीसगढ़ का बस्तर मॉडल बेहद प्रभावशाली रहा। जनभागीदारी, संस्कृति और विकास के इस अनोखे मेल ने सभी को प्रभावित किया। बैठक में सुझाव दिया गया कि जनभागीदारी व सांस्कृतिक जुड़ाव पर आधारित ऐसे मॉडल्स को अन्य राज्यों में भी अपनाया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इन पहलों को अनुकरणीय बताते हुए सुझाव दिया कि ऐसे नवाचार, जो समाज की जड़ों से जुड़ते हों और विकास की दिशा तय करते हों, उन्हें विस्तार दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ के बस्तर मॉडल को जिस तरह सराहा गया, उसने यह स्पष्ट किया कि जनसहभागिता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और विकास के समन्वय से किस तरह दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।  

    11 पारंपरिक खेलों पर केंद्रित थी प्रतियोगिता    
    मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन चरणों —विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित यह प्रतियोगिता 11 पारंपरिक खेलों जैसे तीरंदाजी, खो-खो, कबड्डी, दौड़, रस्साकसी आदि पर केंद्रित थी। चार श्रेणियों — जूनियर, सीनियर, महिला और दिव्यांग में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

     

  • कोरी डेम में डूबने से JE की दर्दनाक मौत

    25-May-2025

    बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कोरी डेम में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सतेंद्र सिंह (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भारतीय रेलवे के बिलासपुर मंडल में जूनियर इंजीनियर (JE) के पद पर कार्यरत थे। मूल रूप से वे अंबिकापुर के रहने वाले थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को सतेंद्र सिंह अपने चार साथियों के साथ सप्ताहांत पर पिकनिक मनाने कोरी डेम पहुंचे थे। डेम के सुंदर वातावरण और गर्मी से राहत पाने की मंशा से सभी दोस्त नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान अचानक सतेंद्र गहराई की ओर बढ़ते चले गए और तेज बहाव में संतुलन खो बैठे। साथी मित्रों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में डूब गए।  
    घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) को भी सूचित किया, जिनकी टीम मौके पर रवाना हो चुकी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव बरामद नहीं हो सका है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटा पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और स्थानीय लोगों को डेम के किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस का कहना है कि जिस स्थान पर घटना हुई है, वह क्षेत्र गहरा और फिसलनभरा है। वहां किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। पुलिस ने मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। सतेंद्र सिंह के परिजन अंबिकापुर से बिलासपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, मृतक के साथ आए चार अन्य साथी पूरी तरह सदमे में हैं।

  • बाबा मरस पोटा धाम में श्री शनिदेव जन्मोत्सव की भव्य तैयारी

    25-May-2025

    जय मां महाकाली, भव्य हनुमान, विशाल नदी महाराज कछुआ बना आकर्षण का केंद्र  
    राजनांदगांव - वनचेतना मनगटा मार्ग ग्राम बघेरा स्थित बाबा मरस पोटा धाम  में 27 मई दिन मंगलवार श्री शनिदेव  जन्मोत्सव की तैयारी भव्य रूप की जा रही  सुबह से शनि चालीसा का पाठ / अभिषेक एवं महा आरती के बाद चना गुड़  तील का लड्डू एवं  खिचड़ी का प्रसाद वितरण भक्तों को किया जाएगा    राजनांदगांव शहर से 16 किलो मीटर दूर वनचेतना मनगटा मार्ग ग्राम बघेरा में स्थित बाबा मरस पोटा धाम में श्री मद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ एवं नवरात्रि नवदिन भंडारा हनुमान जन्मोत्सव कन्या विवाह आयोजन के बाद
      श्री शनिदेव जन्मोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है पुरे मंदिर प्रांगण को झंडा तोरण से सजाया जा रहा है
     बाबा मरस पोटा धाम में 21 फीट भव्य हनुमान जी/17 फीट जय मां महाकाली 18 फीट नंदी महाराज 12 ज्योतिलिंग/शनि देव/विशाल कछुआ/गणपति जी मूर्ति आकर्षण का केंद्र बना हुआ है बढ़ी संख्या में भक्त रोजाना दर्शन करने दुर दुर से आते हैं
    बाबा मरस पोटा धाम के संरक्षक राकेश श्रीवास्तव/अध्यक्ष दिलीप साहु/ राजकुमार देवांगन/रवि साहु/विकास लिमजा /अनमोल पगारे/नीलकंठ यादव /संजय यादव/ पुरषोत्तम साहु/ साहु/ थरवेतन/चंदा निषाद/अर्जुन/गांधी साहु   मुकेश निषाद दिलीप मेश्राम सहित बाबा मरस पोटा धाम समिति के सदस्यों श्री शनिदेव जन्मोत्सव अवसर पर आयोजित भक्ति मय कार्यक्रम में भाग लेने की अपील भक्तों से की है

  • ASP पोर्ते की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन तस्करी के अंतर्राज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़

    25-May-2025

    रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी में लिप्त एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में रायपुर से लेकर पंजाब तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो आरोपी रायपुर के हैं जबकि दो अन्य आरोपी पंजाब के मोगा जिले से पकड़े गए हैं। यह कार्रवाई थाना  
    आमानाका पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का नतीजा है। दिनांक 13 अप्रैल 2025 को थाना आमानाका को सूचना प्राप्त हुई कि केडिया बिजनेस पार्क के पास दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 पीजे 6814 में घूम रहे हैं और उनके पास मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) मौजूद है जिसे वे बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोह. सोहेल खान (उम्र 26 वर्ष), निवासी संजय नगर, टिकरापारा, रायपुर तथा तन्मय गोईन्दी (उम्र 27 वर्ष), निवासी महावीर नगर, गुलमोहर वाटिका के पास, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर इनके पास से कुल 14.29 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,42,900/- रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपी तन्मय गोईन्दी के पास से एक होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जप्त की गई, जिसकी कीमत ₹35,000/- बताई जा रही है। इस प्रकार कुल जप्ती की कीमत ₹1,77,900/- रुपये है। पुलिस ने इस मामले में तत्काल अपराध क्रमांक 109/25 धारा 21(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।  
    पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि यह मादक पदार्थ उन्हें पंजाब से भेजा गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर आगे की जांच तेज की। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि उक्त हेरोइन पंजाब के मोगा जिले से सिमरन जीतसिंग बत्रा उर्फ सीम्मा एवं जसकरण सिंह द्वारा भेजी गई थी। इन दोनों पर संगठित अपराध में संलिप्तता पाए जाने के कारण प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 को जोड़ा गया। इसके बाद विशेष टीम गठित कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने जिला मोगा, पंजाब में दबिश देकर सिमरन जीतसिंग बत्रा (उम्र 24 वर्ष), निवासी गली नंबर 6, कोटिशखां थाना क्षेत्र तथा जसकरण सिंह (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम शेरेवाल, थाना धर्मकोटा को गिरफ्तार किया और आज दिनांक 25 मई 2025 को रायपुर लाकर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।  
    गिरफ्तार आरोपी: सिमरन जीतसिंग बत्रा उर्फ सीम्मा, पिता मानसिंग बत्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी गली नं. 6, कोटिशखां, थाना कोटिशखां, जिला मोगा, पंजाब। जसकरण सिंह, पिता हरजिन्दर सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम शेरेवाल, थाना धर्मकोटा, जिला मोगा, पंजाब। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी: मोह. सोहेल खान, पिता मोह. इसराईल खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी संजय नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर। तन्मय गोईन्दी, पिता प्रमोद गोईन्दी, उम्र 27 वर्ष, निवासी महावीर नगर, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।
     वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। इस प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो सकता है, इसलिए पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के कारोबार या इसके उपयोग से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। यह सफलता रायपुर पुलिस की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, जो शहर को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  • शादी का झांसा देकर महिला के साथ किया रेप, गिरफ्तार

    25-May-2025

    बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर पुलिस ने शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 25 मई 2025 को थाना रामचंद्रपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम रामचंद्रपुर निवासी मुकेश सिंह (22 वर्ष), पिता राजेंद्र सिंह से उसकी जान-पहचान थी और आरोपी का अक्सर गांव आना-जाना होता रहता था। आरोपी ने जनवरी 2021 से शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। वर्ष 2023 में जब वह गर्भवती हो गई।  
    आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। शादी का दबाव देने पर आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया ,इस पूरे घटनाक्रम से वह मानसिक और शारीरिक रूप से अत्यधिक परेशान चल रही थी। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 376(2-ढ), 313 और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

  • धमतरी नगर निगम ने चलाया नालियों की सफाई का विशेष अभियान

    25-May-2025

    धमतरी। गर्मी के इस मौसम में जब बारिश की आहट नजदीक है, धमतरी नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा 24 मई को शहर के प्रमुख पीड़ी नाले में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी और सुरक्षा मानकों के साथ नाले की गहराई में जाकर सफाई की। यह अभियान न केवल नगर निगम की जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि आम नागरिकों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की एक ठोस पहल भी है। नाले की सफाई के दौरान निगम कर्मचारियों ने सेफ्टी सूट, पीले हेलमेट और दस्ताने पहनकर पूरी सुरक्षा के साथ काम किया। यह कदम कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दृष्टि से काफी सराहनीय रहा।  
    जमी गंदगी को हटाने में झोंकी पूरी ताकत सफाई के दौरान नगर निगम की टीम ने नाले में वर्षों से जमी प्लास्टिक, पॉलिथीन, रैपर और अन्य ठोस कचरे को बाहर निकाला। गंदगी इतनी अधिक थी कि पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर इसे डंपिंग ग्राउंड तक ले जाना पड़ा। दमकल विभाग की सहायता से दमकल वाहन द्वारा नाले में पानी का छिड़काव कर जमी हुई गंदगी को ढीला किया गया, जिससे सफाई में सुविधा हो सके। निगम के मुताबिक, इस अभियान से नाले के जल निकासी की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नगर आयुक्त प्रिया गोयल ने इस मौके पर बताया कि नालियों की गंदगी का सबसे बड़ा कारण है आम लोगों द्वारा उनमें कचरा फेंकना। उन्होंने बताया कि एक दुकानदार को नाले में कचरा डालते हुए पकड़ा गया, जिस पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से नालियों का बहाव रुक जाता है, जिससे बारिश के मौसम में जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।  
    महापौर ने नागरिकों से की अपील नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी इस विशेष सफाई अभियान के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि "नालियां शहर की जीवन रेखा हैं। ये जल निकासी के लिए बनाई गई हैं, न कि कूड़ेदान के रूप में उपयोग करने के लिए।" उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घर और दुकानों से निकलने वाले कचरे को सीधे नालियों में न फेंकें, बल्कि कूड़ेदान में डालें। महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम अपने स्तर पर पूरी जिम्मेदारी निभा रहा है, लेकिन जब तक आम नागरिक साथ नहीं देंगे, तब तक स्वच्छता मिशन को पूरी तर
    सफल नहीं बनाया जा सकता। इस विशेष सफाई अभियान में कई जनप्रतिनिधि, पार्षद और निगम अधिकारी भी शामिल हुए। यह उनकी जिम्मेदारी का परिचायक है कि वे न केवल योजनाओं को लागू करवा रहे हैं, बल्कि स्वयं मैदान में उतरकर जनहित के कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने निगम की इस पहल की सराहना की और सफाई अभियान में सहयोग देने का भरोसा दिलाया। नगर निगम द्वारा यह जानकारी भी दी गई कि आने वाले हफ्तों में शहर के अन्य प्रमुख नालों और जल निकासी मार्गों की भी गहन सफाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक जोन में विशेष टीमें बनाई गई हैं। साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए मोहल्ला स्तर पर प्रचार-प्रसार, पोस्टर और नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों का सहारा लिया जाएगा।

  • तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिल रहा 5500 रुपये प्रति मानक बोरा का दाम

    25-May-2025

    सरगुजा। सरगुजा अंचल में ‘तेंदू पान’ के नाम से विख्यात तेंदूपत्ता का संग्रहण ग्रामीण क्षेत्र में कृषि के बाद लघु वनोपज संग्रहण ग्रामीणों के लिए अतिरिक्त आय का एक पूरक स्रोत है। राज्य के लाखों ग्रामीण प्रतिवर्ष तेंदूपत्ता संग्रहण में करते हैं, जिससे उन्हें खेती के अलावा अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिलता है। सरकार की पहल बनी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा तेंदूपत्ता दर में की गई 1500 रुपये प्रति बोरा वृद्धि ने संग्राहकों को आर्थिक मजबूती दी है। पहले जहां प्रति मानक बोरा की दर 4000 रुपए मिलता था, अब इसे बढ़ाकर 5500 रुपए कर दिया गया है। इस 1500 रुपए की वृद्धि से संग्राहकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इससे वन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी और ग्रामीण परिवारों को खेती के अतिरिक्त आमदनी का सशक्त स्रोत मिला है।
    तेंदूपत्ता संकलन में सरगुजा जिला आगे, अब तक 97.28% लक्ष्य प्राप्त जिले में तेंदूपत्ता संग्रगण का कार्य तीव्र गति से जारी है। मिली रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कुल 36,200 मानक बोरा के लक्ष्य में से अब तक 35,217.129 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संकलन किया जा चुका है, जो कि कुल लक्ष्य का 97.28% है। दरिमा क्षेत्र के बरगवां समिति में तेंदूपत्ता बेचने आईं फूलेश्वरी ने बताया कि वे 2019 से तेंदूपत्ता संग्रहण कर रही हैं। उनका पूरा परिवार इस कार्य में सहभागी है। खेती-किसानी के साथ-साथ तेंदूपत्ता संग्रहण से उन्हें अच्छी आमदनी हो जाती है। फूलेश्वरी कहती हैं कि पहले की तुलना में अब काफी बेहतर मूल्य मिल रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और अन्य जरूरतों में आर्थिक सहायता मिल जाती है। तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत और सरकार की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि न केवल ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि राज्य की वानिकी अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य हर साल गर्मी के मौसम में होता है और इस दौरान हजारों ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, जंगलों से तेंदू पत्तों का संग्रहण कर समितियों को बेचती हैं। राज्य सरकार द्वारा तय की गई 5500 रुपए की नई दर ने न केवल तेंदूपत्ता संग्राहकों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाया है, बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाया है। तेंदूपत्ता जैसी लघु वनोपज को उचित मूल्य मिलने से वन क्षेत्र से जुड़े लोग आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं।

  • झीरम हमले की 12वीं बरसी पर ताजूल अहमद एवं कांग्रेसजनों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया

    25-May-2025

    रायपुर। झीरम हमले की 12वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर जिला महासचिव महोम्मद ताजूल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली अर्पित किया। शहीदों के लिये दो मिनिट का मौन रख कर नमन किया गया।

  • 1952 नग नशीली टेबलेट के साथ 3 तस्करों को दबोचा

    24-May-2025

    रायपुर- रायपुर पुलिस द्वारा थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत पारस नगर स्थित ओव्हरब्रीज पास बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ 02 अंतर्राज्यीय सहित कुल 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा प्रतिबंधित नशीली टेबलेट को उडीसा से लाकर रायपुर में खपाया जा रहा था। तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1952 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मो प्राक्सीवान प्लस एवं 02 नग मोबाईल फोन जप्त किया गया है। आरोपियों के विरूद्ध थाना देवेन्द्र नगर में नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

  • रायपुर में मिला कोरोना का पहला मरीज, निजी अस्पताल में प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा इलाज

    24-May-2025

    कोरोना कंट्रोल एवं डिमांड सेंटर के राज्य नोडल अधिकारी ने की पुष्टि
    रायपुर। राजधानी रायपुर में कोविड-19 का पहला मामला सामने आया है। रायपुर में कोरोना संक्रमित मरीज मिला है, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। जहां उसका इलाज कोरोना प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। मरीज को सिंगल वार्ड में रखा गया है और इलाज की अलग से विशेष व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार रायपुर के पचपेड़ी नाका लक्ष्मीनगर निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति कुछ दिन पहले सर्दी-खांसी के रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गया था।
    डॉक्टर्स ने मरीज के लक्षणों के आधार पर कोरोना की आशंका जताई। इस दौरान उस व्यक्ति का सैंपल लिया गया। रिपोर्ट पॉजिÞटिव आने के बाद तुरंत उसे आइसोलेट कर इलाज शुरू किया गया। अब तक मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आ आई है। कोरोना कंट्रोल एवं डिमांड सेंटर के राज्य नोडल अधिकारी खेमराज सोनवानी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। केरल से लेकर मुंबई और दिल्ली तक बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिले चुके हैं। इसे लेकर सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को कहा गया है कि वे बेड और आॅक्सीजन का पर्याप्त इंतजाम कर लें।

Top