बिलासपुर। पुलिस ने साधु बनकर गांजा तस्करी करने वाले को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के साथ मिलकर गांजा बेचता था। पुलिस ने दबिश देकर उसकी बाड़ी से गांजा भी बरामद किया है। वहीं, एक दूसरे मामले में पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। मामला सकरी और सरकंडा थाना क्षेत्र का है। टीआई प्रदीप आर्य को जानकारी मिली कि कबीरधाम जिला के कुंडा से आकर एक बुजुर्ग साधु बन गया है, जो यहां महिला के साथ गांजा बेचने का अवैध धंधा करता है। इस पर उन्होंने पुलिस की टीम को मुखबिर लगाकर जानकारी जुटाने कहा।
तब पता चला कि ईश्वर बरेठ (70) चोरभट्ठी में बाबा बनकर बैठा है। वह गांव की महिला कांति पांडेय पति स्व. लक्ष्मी प्रसाद पांडेय (46) के साथ मिलकर गांजा बेचता है। साधु बने बुजुर्ग के गांजा बेचने की पुष्टि होने पर पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान उसके घर की तलाशी ली गई। लेकिन, कुछ नहीं मिला। तब पुलिस ने बाड़ी में जांच की, जहां नीले रंग के ड्रम में गांजा छिपाकर रखा था। पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त किया। जिसकी कीमत करीब 17,700 रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
रायगढ़। व्यक्ति ने जहर खा लिया। उससे पहले उसने वीडियो बनाया। वीडियो में वह कह रहा है कि मुझे उधारी वाले बहुत परेशान कर रहे हैं। धीरे-धीरे दूंगा बोल रहा हूं तो कोई मान नहीं रहा है। कोई घर खाली करने को कह रहा तो कोई घर पर कब्जा कर लिया है। बहुत शौक से घर बनाया हूं। टेंशन नहीं झेल पार रहा हूं। मरना पड़ रहा है। इसके बाद शख्स ने जहर खा लिया। घटना शनिवार सुबह 10:30 बजे की है। जानकारी लगते ही परिजन शख्स को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक अतरमुड़ा क्षेत्र निवासी रूपेश दीवान (42) वहीं रहने वाले रिटायर्ड बैंककर्मी अरुण मिश्रा के यहां किराए से होटल चलाता था। रूपेश जरूरत पड़ने पर अक्सर अरुण मिश्रा से उधार में लेता था। पहले उसने उधार के रुपए लौटाए भी थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह रुपए नहीं लौटा सका। शुक्रवार की शाम अरुण मिश्रा, बेटे और अन्य 3-4 लोग रूपेश दीवान के घर पहुंचे। घर पर रूपेश नहीं था, इस दौरान उसकी पत्नी और बेटा ही घर मौजूद थे। रूपेश के रिश्तेदारों के अनुसार अरुण मिश्रा ने रूपेश की पत्नी से बदसलूकी की ब्याज के साथ 15 से 17 लाख लौटाने कहा। रुपए नहीं लौटाने पर उसने घर कब्जा करने की बात कही। डरी सहमी महिला घर छोड़कर थाने पहुंची। थाने में उसने मामले की जानकारी दी। चक्रधर नगर थाना टीआई महिला के साथ उसके घर पहुंचे। इस दौरान अरुण मिश्रा और उसका बेटा घर में ताला लगाकर निकल चुके थे। पुलिस ने रूपेश दीवान और उसकी पत्नी को शनिवार सुबह थाने आकर शिकायत दर्ज कराने कहा था।
रायपुर। कौशल्या विहार इलाके के बाद सरोना में भी सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला प्रकाश में आया है। बताया गया कि सरोना में करीब डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन पर निजी स्कूल केपीएस का कब्जा है। प्रशासन स्कूल प्रबंधन को नोटिस देकर कार्रवाई करने जा रही है। उक्त जमीन की कीमत करीब 2 करोड़ से अधिक की बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई की है। इसके बाद प्रदेश के एक बड़े निजी स्कूल समूह के खिलाफ भी सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत आई है। यह शिकायत सरोना में केपीएस स्कूल प्रबंधन के खिलाफ हुई है।
सूत्रों के मुताबिक शिकायतों पर जिला प्रशासन ने जांच करवाई है। तहसीलदार प्रकाश सोनी ने बताया कि अतिक्रमण के शिकायतों की जांच कराई गई। जांच में सरकारी जमीन पर कब्जे की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है, और विधिवत नोटिस जारी किया जा रहा है। दूसरी तरफ, केपीएस स्कूल प्रबंधन के प्रमुख आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि स्कूल की जमीन का ले आऊट एप्रूव है। इसके बाद ही जमीन की रजिस्ट्री हुई है। प्रशासन के किसी दूसरे नक्शे की वजह से कुछ बदलाव की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से इसको लेकर चर्चा चल रही है। मगर जमीन पर कब्जे जैसी कोई बात नहीं है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर के सेक्टर-21 में 2.65 लाख वर्गफीट में निर्मित छह मंजिला सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) देश के इस पहली स्मार्ट सिटी की नई पहचान बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। नवा रायपुर का नवनिर्मित रेल्वे स्टेशन इसके पास ही है, जिस वजह से यह सीबीडी रेल्वे स्टेशन के नाम से ही जाना जाता है। अभी सीबीडी में मिराज मल्टीप्लेक्स, आईपी क्लब रेस्टोरेंट और एएसपी कार्यालय संचालित हो रहे हैं। मनोरंजन के अद्वितीय अनुभव के लिए यहां जल्द ही इमर्सिव होलोग्राफिक एंटरटेनमेंट सेंटर प्रारंभ होने जा रहा है। हर तरह की खरीदारी के लिए गोकुल सुपर मार्केट भी शीघ्र शुरू होगा।
स्मार्ट सिटी के अनुरूप सीबीडी में एक ही जगह पर विविध सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। स्थानीय व्यवसाईयों को 100 से अधिक रिटेल दुकानें आबंटित की गई हैं जो यहां तेजी से फुटफाल बढ़ाएंगी। सीबीडी नवा रायपुर के आर्थिक विकास को गति देने के साथ ही रोजगार, पर्यटन, सांस्कृतिक-तकनीकी केंद्र और नवाचार आधारित स्टार्ट-अप्स के लिए नया मंच प्रदान करेगा। स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को साकार करने वाला यह कॉम्प्लेक्स आने वाले वर्षों में नवा रायपुर की नई पहचान बनेगा जहां शिक्षा, मनोरंजन और दैनिक जरूरतें जैसी सभी चीजें एक ही स्थान पर सुलभ होंगे। इमर्सिव टेक्नोलॉजी, तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान और शॉपिंग की सहुलियतों से सुसज्जित यह भविष्य के नए आकर्षण का केंद्र है।
सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट का कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स चार विंग्स में फैला हुआ है, जिसका कुल कारपेट एरिया दो लाख 65 हजार वर्गफीट है। यहां हर तल की योजना नागरिकों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। भू-तल में लगभग पांच हजार वर्गफीट एरिया गोकुल सुपर मार्केट को आबंटित किया गया है जो शीघ्र ही प्रारंभ होने वाला है। इसी तल पर नवा रायपुर का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी संचालित है। भू-तल पर 100 से अधिक रिटेल दुकानें भी आबंटित की गई हैं।
इस तल पर आईपी क्लब रेस्टोरेंट भी संचालित है, जो लोगों को विभिन्न तरह के खानपान उपलब्ध कराता है। तृतीय तल पर पांच करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से इमर्सिव होलोग्राफिक एंटरटेनमेंट सेंटर बनाया जा रहा है। यह वीआर (VR), एआर (AR) और होलोग्राफिक तकनीकों के माध्यम से प्रदेशवासियों को मनोरंजन का अद्वितीय अनुभव प्रदान करेगा। चौथे व छटवें फ्लोर पर संचालित मिराज सिनेमा ने सीबीडी को नवा रायपुर में मनोरंजन के लोकप्रिय स्थल के रूप में स्थापित कर दिया है।
सीबीडी केवल शॉपिंग डेस्टिनेशन नहीं है। यह छत्तीसगढ़ की आधुनिक राजधानी नवा रायपुर को निकट भविष्य में आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से गहरे तक प्रभावित करेगा। देश की पहली स्मार्ट सिटी नवा रायपुर अटल नगर तेजी से भविष्य के शहर के रूप में उभर रहा है, जहां मुख्यमंत्री निवास, मंत्रालय, सचिवालय, विभागाध्यक्ष भवन और अन्य सरकारी कार्यालय संचालित हैं। विधानसभा का नया भवन भी यहां निर्माणाधीन है। शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी विकास और निवेश के क्षेत्र में भी नवा रायपुर नई ऊचांईयाँ छू रहा है। वर्ष 2018 में सीबीडी का निर्माण पूर्ण होने के बाद वर्तमान सरकार ने 2025 में ही गोकुल सुपर मार्केट, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जैसे कई स्थानों को आबंटित किया है। कॉम्प्लेक्स के अन्य बिल्ड-अप स्पेस के आबंटन की कार्यवाही भी तेजी से प्रक्रियाधीन है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। गौरेला के कल्याणिका स्कूल के पास एक छोटा हाथी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं जबकि 2 की हालत गंभीर है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि वाहन में 20 से भी अधिक लोग सवार थे। जो अमरैया टोला से बढ़ावनढांड गांव में एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, मेटाडोर तेज रफ्तार में था और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत 112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गौरेला के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गौरेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
कोरबा। शराब के नशे में धुत एक तेज़ रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना पाली थाना क्षेत्र के धौराभांठा मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय अक्षय कश्यप कसडीहा का रहने वाला था।
वह अपने दो दोस्तों के साथ पाली में काम करने आया था। शुक्रवार दोपहर काम खत्म करने के बाद तीनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अक्षय का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और ट्रक के पहिए में फंस गया। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रक चालक शराब के नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक अक्षय अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक के रिश्तेदार उत्तम पटेल ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना फोन पर मिली, जिसके बाद वे मृतक के पिता के साथ मौके पर पहुंचे। पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक मालिक की ओर से मृतक के परिवार को 1 लाख रुपए और प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए का मुआवजा दिया गया। मुआवजा मिलने के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ।
महासमुंद। विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2025 के अवसर पर महासमुंद जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विविध जागरूकता गतिविधियों एवं सघन प्रवर्तन कार्यवाहियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "अपील का पर्दाफाश: तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीति का खुलासा" रही, जिसके तहत जनजागरूकता और कानून पालन सुनिश्चित करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया के नेतृत्व, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू घृतलहरे के
मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी (एनटीपीसी) डॉ. छत्रपाल चंद्राकर के सहयोग से श्याम बालाजी कॉलेज एवं शासकीय जीएनएम कॉलेज में तंबाकू निषेध पर केंद्रित जागरूकता कार्यशालाएं एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यशालाओं के दौरान विद्यार्थियों को कोटपा एक्ट 2003 की प्रमुख धाराओं, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों के मानकों और तंबाकू एवं निकोटीन सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही, नशा मुक्ति केंद्रों की सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। प्रत्येक संस्था से दो-दो विद्यार्थियों को एंटी टोबैको वॉलंटियर के रूप में नामांकित किया गया तथा आईईसी सामग्री का वितरण भी किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तंबाकू विरोधी संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट चित्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने नशा उन्मूलन की शपथ ली। इसी कड़ी में 30 मई को जिले के विकासखण्ड सरायपाली एवं बागबाहरा में कोटपा एक्ट 2003 के तहत सघन चालानी कार्यवाही भी की गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धारा 04, 06(अ) एवं 06(ब) के उल्लंघन पर कुल 25 चालान जारी किए। इन धाराओं के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू बेचना तथा शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से तंबाकू का उपयोग न करने एवं अधिनियमों का पालन करने की अपील की है ताकि एक स्वस्थ, नशामुक्त एवं जागरूक समाज की स्थापना की जा सके।
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें 4 करोड़ 95 लाख रुपये की अवैध लेन-देन का प्रयास किया गया था। इंडसइंड बैंक एम.जी. रोड शाखा के पूर्व प्रबंधक मुन्ना सिंह की शिकायत पर थाना मौदहापारा पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस संगठित अपराध में मुख्य आरोपी आकाश नाई और उसका साथी कमल किशोर केशरवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
फर्जी डिमांड ड्राफ्ट के जरिए धोखाधड़ी का प्रयास मामले की शुरुआत तब हुई जब 27 फरवरी 2023 को आकाश नाई नामक व्यक्ति इंडसइंड बैंक की एम.जी. रोड शाखा पहुंचा और अपने श्याम ट्रेडिंग नामक फर्म के करंट अकाउंट में 4.95 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (DD) जमा किया। उक्त डीडी बंजारा हिल्स, हैदराबाद स्थित इंडसइंड बैंक शाखा से जारी होना बताया गया था, जो कि आर.आर. एनर्जीस प्राइवेट लिमिटेड के मालिक फनेन्द्र कुमार के नाम से उनके अकाउंटेंट के.एन.एस. कुमार द्वारा चेक के माध्यम से बनवाया गया था। हालांकि, डीडी की जांच के दौरान यह असली प्रतीत हुआ, और शाम तक उसे श्याम ट्रेडिंग के खाते में जमा कर दिया गया। 28 फरवरी को बंजारा हिल्स ब्रांच से रायपुर शाखा को फोन कर जानकारी दी गई कि के.एन.एस. कुमार डीडी को कैंसिल कराने आए हैं और उनके पास असली डीडी मौजूद है। इस पर रायपुर शाखा के प्रबंधक को शक हुआ और उन्होंने श्याम ट्रेडिंग के खाते में जमा डीडी की जांच की, जिसमें वह फर्जी निकला।
त्वरित बैंकिंग कार्रवाई से रुका बड़ा नुकसान जैसे ही फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई, शाखा प्रबंधक ने श्याम ट्रेडिंग के खाते की गहन जांच कराई, जिसमें पता चला कि 29,57,000 रुपये की राशि विभिन्न व्यक्तियों को ट्रांसफर की जा चुकी थी या एटीएम से निकाली जा चुकी थी। तत्काल शेष राशि 4.65 करोड़ रुपये को डेबिट फ्रीज कर लिया गया, जिससे बड़ी वित्तीय क्षति से बचा जा सका। प्रार्थी मुन्ना सिंह की रिपोर्ट के आधार पर मौदहापारा थाना में धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468, 471 (कूटरचना से संबंधित अपराध), एवं 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत अपराध क्रमांक 49/2023 दर्ज किया गया।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, दो गिरफ्तार घटना के बाद से ही आरोपी आकाश नाई और उसके साथी कमल किशोर केशरवानी फरार चल रहे थे। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और थाना प्रभारी मौदहापारा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पता साजी शुरू की। लगातार प्रयासों और संभावित ठिकानों पर रेड कार्रवाई के बाद पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी रायपुर में ही छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मिलकर यह फर्जीवाड़ा रचा और नकली डीडी के जरिए बैंक से मोटी रकम निकालने की साजिश की थी।
गिरफ्तार आरोपी आकाश नाई उर्फ करनीदान नाई (24 वर्ष) निवासी: बीदासर धुरू, थाना बीदासर, जिला चुरू, राजस्थान वर्तमान पता: सोफिक सोसायटी, चौबे कॉलोनी, थाना आजाद चौक, रायपुर कमल किशोर केशरवानी (65 वर्ष) निवासी: केशरवानी विला, टांक कॉलोनी, फाफाडीह, थाना गंज, रायपुर
गरियाबंद। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर कुगदा बांध में डूबने से रायपुर के एक युवक की मौत हो गई। आज सुबह 4 बजे रायपुर भनपुरी से आर्यन कुमार सिन्हा (18 वर्ष) अपने दस दोस्तों के साथ कुगदा बांध घूमने गया था। इस दौरान सभी दोस्त बांध में नहाने के लिए उतरे, बाकी सभी तो बांध से बाहर निकल गए, लेकिन आर्यन जब नहीं निकला तब आसपास के ग्रामीणों को खबर की गई। नगर सेनानी कुगदा बांध पहुंचे, और गोताखोरों की मदद से शव को कुछ घंटों में बाहर निकाला।
जशपुर। बगैर वीजा पासपोर्ट के अवैध रूप से जशपुर में घूम रहा नाइजीरियन मूल का नागरिक पुलिस की गिरफ्त में आया है। 29 मई की रात 8 बजे पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाइवे 43 में गम्हरिया गर्ग उद्यान के पास एक काले रंग की स्कूटी क्रमांक CG14MT7848 में दो व्यक्ति घूम रहे हैं, जिसमें से एक व्यक्ति नाइजीरियन मूल का प्रतीत होता है, जिस पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस के द्वारा सूचना की तस्दीक हेतु तत्काल रवाना होकर, गम्हरिया में गर्ग उद्यान के पास उक्त संदेहियों को रोककर पूछताछ किया गया, तो स्कूटी चालक ने अपना नाम राहुल खलखो उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम कस्तूरा खूंटीटोली थाना दुलदुला का होना बताया व दूसरा व्यक्ति जो कि अफ्रीकन मूल का प्रतीत हो रहा था, ने अपना नाम गैरी पिता इकवाबोर , उम्र 46 वर्ष, निवासी इंडम्बो ऑफ साकपोड़ा रोड, बैनी सिटी नाइजीरिया अफ्रीका का होना बताया, पुलिस के द्वारा जब उससे वीजा पासपोर्ट व अन्य पहचान सम्बन्धी दस्तावेजों की मांग करने पर, उसके द्वारा कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका, जिस पर पुलिस को संदेह होने पर उक्त विदेशी नाइजीरियन मूल के व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर वापस थाना लाया गया है।
पुलिस की पूछताछ पर उक्त नाइजीरियन व उसके साथ घुम रहे कस्तूरा खूंटीटोली निवासी ने बताया कि उक्त नाइजीरियन व उसकी एक महिला रिश्तेदार जो कि मुंबई में रहती है, दोनो मित्र हैं, व उसकी महिला रिश्तेदार के द्वारा ही उक्त नाइजीरियन मूल के निवासी को, गांव घुमाने के लिए लाया गया था। जिसके सम्बन्ध में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस के द्वारा अवैध रूप से बिना वीजा पासपोर्ट के भारत में घूमने के लिए, सिटी कोतवाली जशपुर में विदेशियों विषयक अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के द्वारा अवैध रूप से बिना वीजा पासपोर्ट के जशपुर में घूमने पर नाइजीरियन मूल के विदेशी नागरिक गैरी पिता इकवाबोर , उम्र 46 वर्ष, निवासी इंडम्बो ऑफ साकपोड़ा रोड, बैनी सिटी नाइजीरिया अफ्रीका को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर में विदेशी नागरिक पाए जाने से उसके खिलाफ संबंधित धारा कायम कर कार्यवाही किया गया है, लेकिन जिस परिवार में आकर वह रह रहा था, उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी थी। मै आम जनता से अपील करता हूं कि आपके पास या क्षेत्र में कोई भी विदेशी नागरिक आता है तो फार्म नंबर C भरकर पुलिस को अवश्य सूचित करें।
रायपुर। माधवराव सप्रे स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र से कॉमर्स एवं आर्ट्स का कोर्स भी प्रारंभ होगा। चूंकि शहर में संचालित हो रहे अन्य सभी आत्मानंद स्कूलों में यह संकाय था लेकिन सप्रे स्कूल में न होने से शाला समिति के अध्यक्ष हरख मालू व शाला विकास समिति के सदस्यों ने रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल से अनुरोध किया था कि यहां भी कॉमर्स एवं आर्ट्स का कोर्स प्रारंभ किया जाए जिसे शासन ने स्वीकार करते हुए सहमति प्रदान कर दी।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय खंडेलवाल के आदेश के अनुसार आगामी शिक्षण सत्र से यह कोर्स अब इस स्कूल में भी संचालित होने लगेगा। इस हेतु प्रवेश प्रारंभ हो चुका है शाला विकास समिति के सदस्य मुरली शर्मा, महादेव नायक संतोष सोनी, प्रमित नियोगी ने बताया कि प्रथम वर्ष में इन कक्षाओं में 50 छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। आने वाले सत्र में इसकी संख्या क्रमश: बढ़ते जायेगी। शाला प्रबंधन द्वारा इसमें प्रवेश के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और एल आर यादव, व्याख्याता प्रवेश प्रभारी बनाए गए हैं। स्कूल की प्राचार्य डॉक्टर अनुपमा श्रीवास्तव ने बताया कि शासकीय माधव सप्रे शाला में कॉमर्स एवं आर्ट्स का कोर्स प्रारंभ हो जाने से छात्र-छात्राओं को बहुत सुविधा मिलेगी। शाला विकास समिति ने इस पहल के लिए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और स्कूल शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया है।
जवानों को टारगेट करने के लिए नक्सलियों ने लगाई हैं आईईडी
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से एक नाबालिग समेत तीन ग्रामीण घायल हो गए। जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंदेपारा गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से गोटे जोगा, विवेक ढोड़ी और बड्डे सुनील घायल हो गए। प्रेशर बम में धमाके की जानकारी शुक्रवार को अधिकारियों ने दी। जो लोग घायल हुए हैं उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के दम्पाया और एरार्गुफा पारा गांव के रहने वाले लोग शुक्रवार सुबह पारिवारिक काम से बंदेपारा जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान सुबह के लगभग नौ बजे वे माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आ गए। इससे ग्रामीणों के पैर और चेहरे पर चोट आई।
घायलों को भेजा गया अस्पताल :
उन्होंने बताया कि जानकारी मिलने पर पुलिस दल को घटनास्थल के लिये रवाना किया गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया। घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी तरफ घायलों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई है। पुलिस ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
जवानों को टारगेट करते हैं नक्सली :
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगलों और सड़कों पर प्रेशर बम लगा देते है। कई बार इसकी चपेट में ग्रामीण भी आ जाते हैं। इसके साथ-साथ मवेशी भी नक्सलियों के द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आ जाते हैं, जिस कारण से ग्रामीणों को बड़ा नुकसान होता है।
सीसीटीवी वीडियो वायरल, मेकाहारा में इलाज जारी
रायपुर। रायपुर में पुलिस थाने के भीतर शुक्रवार को एक युवक ने ब्लेड से खुद का गला काट दिया। उसने पुलिसकर्मियों के सामने खुद के गले पर ब्लेड चलाकर आत्महत्या की कोशिश की है। इस घटना के बाद थाना प्रभारी समेत अन्य स्टाफ फौरन युवक को मेकाहारा अस्पताल ले गए। जहां युवक का इलाज जारी है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। यह पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि युवक का नाम सूरज नाथ जोगी(25) है। वह कुशालपुर इलाके का रहने वाला है। घटना 29 मई की शाम 8 बजे की है। सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि युवक मौदहापारा पुलिस थाने के भीतर एंट्री किया। फिर वहां पर पुलिस कर्मियों से उसने कहा उसे मरना है। फिर कुछ मिनटों में ही युवक ने अपने हाथ में पकड़े हुए ब्लेड से खुद का गला काट लिया। गला करते ही खून बहने लगा।
नशे का आदी था युवक :
थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने फौरन इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। फिर टी आईं समेत अन्य स्टाफ ने युवक को फौरन मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, युवक के भाई का कहना है कि वह नशे का आदी है। इस तरह की हरकत वह पहले भी कर चुका है। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि युवक अविवाहित है। घर वालों ने उसकी दो से तीन बार नौकरी लगवाई। लेकिन नौकरी में भी झगड़ा करके उसे छोड़ दिया। घटना के दिन वह अपने घर से घूमते हुए पैदल ही पुलिस थाने के भीतर आया था। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को कहा कि उसे मरना है फिर अपने गले पर ब्लड चला लिया।
रायपुर। राजधानी रायपुर के शक्तिनगर इलाके में आज दोपहर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक सराफा दुकान से तीन अज्ञात बदमाश चार तोले सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी कर दी है। क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्तिनगर क्षेत्र में स्थित सराफा कारोबारी पन्नालाल गोलछा की दुकान में आज दोपहर तीन युवक ग्राहक बनकर दाखिल हुए। युवकों ने दुकानदार से कहा कि वे सोने की चेन खरीदना चाहते हैं। इस पर दुकान संचालक ने तीन सोने की चेन उन्हें दिखाने के लिए काउंटर से बाहर निकाली।
जैसे ही चेन युवकों के हाथ में आई, उनमें से एक ने अचानक चेन को उठाकर बाहर की ओर दौड़ लगा दी। बाकी दो युवक भी उसके पीछे-पीछे तेजी से भाग निकले। इससे पहले कि पन्नालाल गोलछा कुछ समझ पाते, तीनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। लूटी गई चेन की कुल वजन लगभग चार तोला बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों में आंकी जा रही है। CCTV में कैद हुए आरोपी, पुलिस कर रही तलाश घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ कर दी। दुकान में लगे CCTV कैमरों में तीनों आरोपियों की तस्वीरें कैद हो चुकी हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
नाकेबंदी और चेकिंग तेज, आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने शहर के भीतर और बाहर के सभी मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और टोल नाकों पर भी जांच अभियान तेज कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पूर्व से योजना बनाकर आए थे और किसी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। खम्हारडीह थाना प्रभारी ने बताया कि लूट की घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है जो तकनीकी और मानव स्रोतों के माध्यम से आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ पुलिस ने आज 29 मई को ग्राम बायंग में पुलिस जन चौपाल का आयोजन कर महिला समिति का गठन किया। इस आयोजन में ग्राम की महिलाओं को ग्रामीण अपराध नियंत्रण में भागीदार बनाने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करने की पहल की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक डी.पी. चौहान और बीट आरक्षक राजेश खांडे ग्राम भ्रमण करते हुए बायंग पहुंचे। ग्राम सरपंच, पंचों और अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में महिला सदस्यों के सक्रिय आव्हान पर समिति का गठन किया गया।
उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने समिति की सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव में अवैध शराब के खिलाफ सशक्त कदम उठाना आवश्यक है और नवयुवकों को नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना समाज के लिए बेहद जरूरी है। समिति की सदस्यों को घरेलू हिंसा या किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु कोतरारोड़ थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों के निजी मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए। साथ ही महिलाओं को महिला अपराध, साइबर अपराध और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस जनचौपाल और महिला समिति गठन की पहल को गांववासियों ने सराहा और इसे सामाजिक बदलाव की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।
रायपुर। आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में सचिव सह परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश की अध्यक्षता में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के अनुबंधित कंपनियों के प्रतिनिधि एवं समस्त परिवहन अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। सचिव सह परिवहन आयुक्त द्वारा क्रमिक रूप से सभी बड़े शहरों जैसे- रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, रायगढ़, अंबिकापुर, जगदलपुर में हो रहे हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की प्रगति पर समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तर पर लग रहे मोबाईल कैम्प एवं मोबाईल नंबर अपडेटेशन एवं समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। सभी क्षेत्रीय एवं जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परिवहन विभाग द्वारा संचालित कैम्प तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट हेतु अनुबंधित कंपनी के फिटमेंट सेंटर में शासन द्वारा निर्धारित शुल्क लिये जायेंगे, इसके अतिरिक्त किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। डीलर प्वाईंट एवं घर पहुंच सेवा हेतु नियम अनुसार अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नंबर प्लेट केन्द्रीय मोटरयान नियम के तहत लगाया जाए, अर्थात् उसे वाहनों के दृश्य स्थानों पर स्थायी रूप से फिट किया जाए। जगदलपुर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के द्वारा जानकारी दी गई कि चेकिंग के दौरान कुछ वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट बिना फिट किए गए वाहन में पाए गए। जिसमें यह जानकारी मिली कि कुछ फिटमेंट सेंटर / डीलर प्वाईंट द्वारा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट बिना फिट किए हुए वाहन मालिक को दे दी गई है।
इस पर सचिव सह परिवहन आयुक्त ने इस संबंध में जांच कर सही पाए जाने पर फिटमेंट/डीलर प्वाईंट पर वैधानिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सचिव सह परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश ने अगले हफ्ते तक प्रत्येक जिले में फिटमेंट डबल करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने दोनों कंपनियों को पांच प्रमुख जिला रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर एवं सुकमा तथा बीजापुर व नारायणपुर नक्सल बाधित संवेदनशील जिला होने के कारण हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट फिटमेंट सेंटर के संबंध में कार्यायोजना तैयार करने हेतु निर्देश दिए। मोबाईल नंबर अपडेट की समस्या के निराकरण हेतु परिवहन अधिकारियों को पीएसके के साथ-साथ लोकल मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से मोबाइल नंबर अपडेटेशन के लिए आरटीओ कर्मचारियों के व्हाट्सअप नंबर शेयर करने हेतु बोला गया। बैठक में निर्देशित किया गया कि हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन
नंबर प्लेट के अधिक से अधिक इंस्टालेशन हेतु जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील स्तर में भी स्थायी रूप से फिटमेंट सेंटर की स्थापना की जाए। साथ ही साथ कार्यबल में वृद्धि सुनिश्चित करते हुए कार्यालय या कैम्प के माध्यम से आर्डर किए गए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट का फिटमेंट 1 सप्ताह के भीतर संबंधित परिसर या नजदीकी फिटमेंट सेंटर से किया जाए। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट फिटमेंट सेंटर में बैठक व्यवस्था एवं पीने का पानी का पर्याप्त व्यवस्था किये जाने हेतु निर्देश दिए गए। उक्त कार्यो के समीक्षा हेतु पुनः बैठक आयोजित की जाएगी।
बिलासपुर। तलाक के एक मामले में पति ने अपनी पत्नी पर मानसिक और शारीरिक क्रूरता का आरोप लगाया। जिसे फैमिली कोर्ट ने खारिज कर दिया। जिस पर रेलकर्मी पति ने हाईकोर्ट में अपील की है। हाईकोर्ट ने भी आरोप साबित नहीं होने पर फैमिली कोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए पति की अपील को खारिज कर दी है। दरअसल, इस केस में पति ने कहा था कि उसकी पत्नी उसे घरजमाई बनाकर रखना चाहती है, जो उसे मंजूर नहीं है। वहीं, पत्नी ने जवाब में कहा कि उसका पति शादी के बाद से ही उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। पूरा मामला राजनांदगांव जिले का है। दरअसल, राजनांदगांव निवासी युवक रेलवे में ट्रैकमेन है। उसकी शादी 14 जुलाई 2017 को राजनांदगांव जिले की युवती से हुई थी। रेलकर्मी पति का आरोप है कि, उसकी पत्नी उसे मायके में घरजमाई बनकर रहने को कहती थी। मना करने पर वो झगड़ा करती थी। वह बार-बार आत्महत्या करने की धमकी देती थी। वो मिट्टी तेल डालकर आग लगाने, जहर खाने और फांसी लगाने की कोशिश भी कर चुकी है। इसके साथ ही झूठे सुसाइड नोट लिखती थी और दहेज मांगने के नाम पर झूठे केस में फंसाने परेशान करती थी। घरेलू हिंसा के झूठा केस दर्ज कराने की धमकी देती थी। जिस पर उसने 17 नवंबर 2020 को हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(आई-डी) के तहत तलाक की मांग करते हुए फैमिली कोर्ट में आवेदन दिया था।
वहीं, पत्नी ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। जवाब में उसने कहा कि, शादी के एक हफ्ते बाद से पति और उसके परिवार वाले ताने मारते थे। गरीब कहकर अपमान करते थे। दहेज की मांग करते थे। मारपीट करते थे। पति शराब पीता था और अप्राकृतिक संबंध बनाने को मजबूर करता था। इसी कारण पहले बच्चे की मौत हुई। पति ने उसे बच्चा पैदा करने लायक नहीं बताया और मायके भेज दिया। माता-पिता की पहल पर सामाजिक बैठक हुई। पति ने गलती मानी और उसे वापस घर ले गया। लेकिन व्यवहार नहीं बदला। गर्भावस्था में भी अमानवीय व्यवहार किया, जिससे बच्चा 10 दिन में मर गया। फिर उसे घर से निकाल दिया गया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैमिली कोर्ट ने माना कि विवाह विच्छेद अधिनियम के तहत तलाक के लिए विवाह के दो साल से अधिक का समय होना चाहिए। इस केस में दो साल की अवधि पूरी नहीं हुई है। लिहाजा, पति के तलाक की अर्जी मंजूर नहीं की जा सकती। फैमिली कोर्ट के फैसले के खिलाफ पति ने हाईकोर्ट में अपील की। जिसमें बताया कि उसका पहला बच्चा 10 नवंबर 2017 को हुआ, जिसकी 10 दिन बाद ही मौत हो गई। इसके 6 महीने बाद पत्नी ने गर्भपात करा लिया। तीसरी बार में उसने गोलियां खाकर गर्भ गिरा दिया। 21 दिसंबर 2018 को उसकी पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। 1 जनवरी 2019 को पति ने थाने में इसकी सूचना दी। 14 मार्च 2020 को पत्नी ने सारा स्त्रीधन वापस ले लिया और वैवाहिक संबंध खत्म कर दिए। हाईकोर्ट ने भी फैमिली कोर्ट के फैसले को सही माना है। साथ ही कहा कि पति परित्याग का आधार भी नहीं ले सकता, क्योंकि पत्नी ने 21 दिसंबर 2018 को घर छोड़ा और तलाक की अर्जी 17 नवंबर 2020 को दी गई, जो दो साल पूरे होने से पहले थी। जिसके बाद हाईकोर्ट ने उसकी अपील खारिज कर दी है।
रायपुर। CM विष्णु देव साय आज रायपुर जिले के ग्राम भैंसा में आयोजित सुशासन शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 29 मई से 12 जून तक चलने वाले 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' के तहत 10 जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। शिविर में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 110 पक्के मकानों की चाबी हितग्राहियों को सौंपी, और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश का कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में न रहे। हमारी सरकार इस संकल्प को साकार करने हेतु छत्तीसगढ़ में 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर चुकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बचे हुए पात्र परिवारों को ‘आवास प्लस प्लस’ योजना के अंतर्गत जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ग्राम भैंसा और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत वाले विभिन्न कार्यों की घोषणा की। इसमें ग्राम भैंसा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 75 लाख रुपए, हाईस्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपए, पानी टंकी एवं पाइपलाइन विस्तार हेतु 55 लाख रुपए, हायर सेकेंडरी स्कूल निर्माण हेतु 50 लाख रुपए, अहाता एवं शेड निर्माण हेतु 20 लाख रुपए, ग्राम अमोड़ी में पाइपलाइन विस्तार हेतु 42 लाख रुपए, हायर सेकेंडरी स्कूल में तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु 24 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने भैंसा में नवीन पुलिस चौकी खोलने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने समाधान शिविर के दौरान विभिन्न हितग्राहियों से योजनाओं के फीडबैक भी लिए। चंदन ने 'महतारी वंदन योजना' के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि वे इस योजना की राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई और आवश्यक जरूरतों में करती हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तभी सार्थक होता है जब उसकी गूंज गांव-गांव और घर-घर तक सुनाई दे। आज प्रधानमंत्री आवास की चाबियाँ सिर्फ मकान की नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षित जीवन की चाबियाँ हैं।
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा किरंदुल से दंतेवाड़ा तक चार दिवसीय छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा आयोजित की गई। यात्रा के अंतिम दिन गुरुवार को कांग्रेसियों का काफिला दंतेवाड़ा पहुंचा। न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य बस्तर के जल जंगल और जमीन का संरक्षण करना है। इस यात्रा की दूरी 40 किलोमीटर है। बस्तर के संसाधनों की सुरक्षा के उद्देश्य से यह यात्रा शुरू की गई थी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी की रैली दोपहर को दंतेवाड़ा पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा नरेंद्र मोदी होश में आओ - साय सरकार होश में आओ और उद्योगपतियों को पहाड़ बेचना बंद करो के नारे लगाए जा रहे थे। इस रैली में हजारों कार्यकर्ता शामिल थे। पुलिस प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखना पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मुख्य द्वार पर अभेद्य बैरिकेडिंग की गई थी, वहीं बड़ी संख्या में पुलिस अफसर और जवान किए गए थे। जिससे किसी प्रकार की शांति भंग न हो सके।
रायपुर। डुमरतराई स्थित औषधि वाटिका के दुकान में लाखों रूपये चोरी की घटना को अंजाम देने वाला ’पूर्व कर्मचारी’ आरोपी विजय कश्यप उर्फ गुड्डा गिरफ्तार हो गया है, संजय आहूजा ने थाना माना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह माना क्षेत्रांतर्गत डुमरतराई स्थित औषधी वाटिका में अपनी संजय एजेंसी नामक शॉप का संचालन करता है। प्रार्थी दिनांक 27.05.25 के रात्रि 08.30 बजे दुकान का ताला बंद कर अपने घर श्याम नगर तेलीबांधा चला गया था, रात्रि 10.30 बजे प्रार्थी मेन गेट का लॉक करने गया तो देखा कि घर के बोर्ड में रखी कार की चाबी नही थी कार में देखा तो पाया कि कार में दुकान की चाबी भी नही थी। जिसके बाद प्रार्थी मार्केट से 12 नग नया ताला खरीद कर रात्रि में डुमरतराई औषधी वाटिका पहुचकर दुकान में लगे पुराने ताले को खोलकर नया ताला लगाकर वापस अपने घर श्याम नगर आ गया था। प्रार्थी दिनांक 28.05.25 को लगभग 12.00 बजे दुकान का ताला खोलकर दुकान के अंदर प्रवेश किया तो देखा कि उसके केबिन में लगा दराज खुला व टुटा हुआ था दराज में रखे नगदी रकम नही था एवं उसके पिता के केबिन का दराज भी खुला व टुटा हुआ था जिसमें रखे नगदी रकम भी नही थे। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के दुकान का ताला खोलकर दुकान अंदर प्रवेश कर दुकान के दराज में रखे नगदी रकम को चोरी कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात अरोपी के विरूद्ध थाना माना में अपराध क्रमांक 157/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना माना पुलिस की संयुक्त पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ घटना के संबंध में प्रार्थी तथा आस-पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ करते हुए आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास में लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही प्रकरण में मुखबीर लगाकर भी आरोपी को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों के अवलोकन के दौरान टीम के सदस्यों को घटना स्थल के आस-पास 01 व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा गया जिसके संबंध में पतासाजी करने पर जानकारी प्राप्त हुआ कि वह विजय कश्यप है जो प्रार्थी के यहां चालक का कार्य करता था तथा 05 माह पूर्व काम छोड़कर चला गया था।
जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा उसके ऊपर शक गहरा गया एवं उसके संबंध में जानकारी एकत्रित की गई जिसमें टीम के सदस्यों को जानकारी प्राप्त हुआ कि कुछ दिनों पूर्व से आरोपी विजय कश्यप अपने गांव मलदा कला सक्ती में रह रहा है एवं कहीं जाने में फिराक में है। जिस पर आरोपी के ग्राम मलदाकला भाग जाने के स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए एवं ग्राम मलदा कला, जिला जांजगीर एवं सक्ती के सरहद होने के कारण रायपुर पुलिस द्वारा जिला जांजगीर पुलिस एवं जिला सक्ती पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। जिसपर पुलिस अधीक्षक महोदय श्री विजय पाण्डेय जिला जांजगीर चांपा एवं पुलिस अधीक्षक महोदया श्रीमती अंकिता शर्मा(भा.पु.से) जिला सक्ती के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी बिर्रा तथा थाना प्रभारी हसौद के सहयोग से आरोपी विजय कश्यप के ग्राम मलदाकला में उनकी उपस्थिति में रेड कार्यवाही कर आरोपी को पकड़ा गया तथा विधि सम्मत कार्यवाही करते हुए रायपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पूछताछ में आरोपी विजय कश्यप द्वारा बताया गया कि उसे पैसो की आवश्यकता थी एवं पूर्व में प्रार्थी के यहां चालक का कार्य करने के कारण उसे प्रार्थी के पैसे रखने के जगह के संबंध में जानकारी थी, जिसके कारण उसके द्वारा दिनांक घटना को मौका पाकर उक्त लाखों रूपये चोरी की घटना को अंजाम देकर दोपहिया वाहन से अपने ग्राम मलदा कला फरार होना स्वीकार किया गया। जिस पर आरोपी विजय कश्यप उर्फ गुड्डा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सम्पूर्ण नगदी रकम 27,00,000/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 27,50,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपी विजय कश्यप उर्फ गुड्डा पिता गोसई कश्यप उम्र 26 साल निवासी ग्राम मलदा कला थाना हसौद जिला सक्त।
Adv